Tuesday, June 23rd, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

15 हजार रुपये का इनामी बदमाश समेत तीन गिरफ्तार, दून पुलिस ने अवैध हथियार किए बरामद

Daily Archives: 23/06/2026

15 हजार रुपये का इनामी बदमाश समेत तीन गिरफ्तार, दून पुलिस ने अवैध हथियार किए बरामद

देहरादून। ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त फरहान बेग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहे बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में चंद्रबनी स्थित चोटिया बाबा मंदिर के पास निर्माणाधीन हाईवे के समीप तीन संदिग्धों के होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पुलिया के नीचे बैठे तीनों संदिग्धों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक पिस्टल 32 बोर, दो खाली मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, दो तमंचे 315 बोर और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ में सामने आया कि बरामद पिस्टल का संबंध कुछ दिन पूर्व भुड्डी गांव में हुई हत्या की घटना से भी है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की घटना में प्रयुक्त पिस्टल अभियुक्त फरहान बेग द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। इस मामले में फरहान वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

गिरफ्तार अभियुक्तों में फरमान बेग निवासी नूर इनक्लेव आजाद कॉलोनी पटेलनगर, जैद और फरहान निवासी लंढौरा हरिद्वार शामिल हैं। तीनों के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस टीम में कोतवाली पटेलनगर और एसओजी देहरादून की संयुक्त टीम शामिल रही।


मसूरी नगर पालिका कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

देहरादून। नगर पालिका परिषद मसूरी कार्यालय और नगर पालिका अध्यक्ष कार्यालय को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

आज मंगलवार को अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मसूरी गौरव भसीन ने कोतवाली मसूरी में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर नगर पालिका परिसर की गहन जांच कराई गई। पुलिस टीम ने मौके की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए।

पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली मसूरी में मुकदमा संख्या 21/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर लिया है। धमकी भरे ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए जांच की जा रही है।


सुरकंडा देवी मंदिर के पास निर्माणाधीन बहुस्तरीय पार्किंग की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी नाराज, कार्य में तेजी लाने के निर्देश

कद्दूखाल(टिहरी गढ़वाल )। मां सुरकंडा देवी मंदिर के निकट निर्माणाधीन बहुस्तरीय वाहन पार्किंग का जिलाधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कार्य की धीमी गति सामने आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ ने बताया कि परियोजना की स्वीकृत लागत 834.89 लाख रुपये तथा अनुबंधित लागत 794.28 लाख रुपये है। पार्किंग की क्षमता 106 वाहनों की होगी। परियोजना को पूर्ण करने की निर्धारित तिथि 14 नवंबर 2026 तय की गई है।

जिलाधिकारी ने पाया कि निर्माण स्थल पर मात्र 12 श्रमिक कार्य कर रहे हैं और परियोजना की भौतिक प्रगति करीब 20 प्रतिशत ही है, जो निर्धारित समयसीमा के अनुरूप संतोषजनक नहीं है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाते हुए पर्याप्त संख्या में श्रमिकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि ठेकेदार से कार्य में हुई देरी के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त की जाए और एक सप्ताह के भीतर आगामी छह माह की चरणबद्ध कार्ययोजना एवं मासिक प्रगति योजना प्रस्तुत की जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कार्य में अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिला पर्यटन विकास अधिकारी को प्रत्येक 15 दिन में परियोजना की मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।


सूबे में चलाया जायेगा ‘खेत बचाओ, जीवन बचाओ’ अभियानः डाॅ. धन सिंह रावत

नई दिल्ली/देहरादून: सूबे के सहकारिता मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने आज नई दिल्ली में इफको अध्यक्ष दिलीप संघानी से मुलाकात की। इफको मुख्यालय में हुई इस मुलाकात में डाॅ. रावत ने इफको के अध्यक्ष से उत्तराखंड में कृषि व सहकारिता क्षेत्र में इफको की भागीदारी को और बढ़ाने का आग्रह किया। मुलाकात के दौरान डाॅ. रावत ने किसानों के हित में प्रदेशभर में ‘खेत बचाओ, जीवन बचाओ’ अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने तथा इफको के सहयोग से किसानों के लिये व्यापक कार्ययोजना बनाने पर भी चर्चा की।

सहकारिता मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि उन्होंने नई दिल्ली में आज इफको के मुख्यालय का दौरा किया। जहां उन्होंने इफको के अध्यक्ष दिलीप संघानी से मुलाकात कर राज्य से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य सुधार, जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही राज्य के किसानों को वैज्ञानिक एवं सतत कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।

डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में प्राकृतिक खेती एवं किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों को आत्मनिर्भर एवं कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही है। डाॅ. रावत ने वार्ता के दौरान इफको अध्यक्ष से राज्य में कृषि एवं सहकारिता गतिविधियों में इफको की सहभागिता और बढ़ाने तथा किसानों के हित में प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर ‘खेत बचाओ, जीवन बचाओ’ अभियान संचालित करने का आग्रह किया।

इफको अध्यक्ष दिलीप संघानी ने सहकारिता मंत्री डाॅ. रावत के आग्रह को स्वीकार करते हुये कहा कि इफको शीघ्र ही उत्तराखंड में एक बड़े किसान सम्मेलन का आयोजन करेगा। जिसमें इफको की भागीदारी, किसानों के हित में संचालित की जाने वाली योजनाओं तथा कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ करने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

बैठक में इफको के प्रबंध निदेशक के. जे. पटेल, विपणन प्रबंधक योगेंद्र कुमार, उत्तराखंड से इफको निदेशक उमेश त्रिपाठी तथा प्रदीप चैधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 


77 वर्षीय महिला हत्याकांड का खुलासा, चोरी के इरादे से घुसे तीन आरोपी गिरफ्तार

शिमला/रोहड़ू: हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के रोहड़ू उपमंडल के तहत आने वाले शलाश डोगरी क्षेत्र में हुई 77 वर्षीय बुजुर्ग महिला की अंधाधुंध हत्या के मामले को शिमला पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस जघन्य अपराध में शामिल नेपाली मूल के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए तीनों आरोपी चिड़गांव और टिक्कर क्षेत्र के सेब के बगीचों में काम करते हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) शिमला, मेहर पंवर ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि 17 जून की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि गीता देवी (77) अपने घर में मृत अवस्था में पाई गई हैं। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, खुफिया सूत्रों और कड़े प्रयासों की मदद से जब संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी के इरादे से बुजुर्ग महिला के घर में दाखिल हुए थे। इसी दौरान महिला की आंख खुल गई और उन्होंने आरोपियों को देख लिया। अपनी पहचान उजागर होने के डर से आरोपियों ने बुजुर्ग महिला पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी मौके से ₹10,000 की नकदी और सोने का एक पेंडेंट चुराकर फरार हो गए थे।

आरोपियों की हुई पहचान, सामान बरामदगी की कोशिश जारी
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा बरामद कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

लाल बहादुर उर्फ लालू (28 वर्ष): निवासी नेपाल, वर्तमान में टिक्कर क्षेत्र।

नवीन (19 वर्ष): निवासी नेपाल, वर्तमान में चिड़गांव क्षेत्र।

संतोष (20 वर्ष): निवासी नेपाल, वर्तमान में टिक्कर क्षेत्र।

पुलिस ने रोहड़ू थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि चोरी की गई नकदी और सोने के पेंडेंट को बरामद किया जा सके।


एसएसपी दून की कुशल रणनीति से शातिर चोर आया दून पुलिस की गिरफ्त में

01 शातिर चोर को किया गिरफ्तार।

अभियुक्त के कब्जे से घटना में चोरी किये गये मोबाइल फोन व अन्य सामान बरामद

देहरादून- दिनाँक 21-06-2026 को वादी श्री संदीप वर्मा निवासी निरजनपुर चक्की टोला कोतवाली पटेलनगर देहरादून द्वारा कोतवाली पटेलनगर देहरादून पर आकर एक लिखित तहरीर दी गयी कि किसी अज्ञात चोर द्वारा उनके घर से उनके मोबाईल फोन, नगदी व अन्य सामान चोरी कर लिया है। तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेलनगर पर मु0अ0सं0-385/2026 धारा-305(ए) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया।

घटना के अनावरण तथा अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा कोतवाली पटेलनगर पर गठित पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिये गये। निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल तथा उसके आस-पास व आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से संदिग्धों के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारिंया एकत्रित करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। साथ ही सुरागरसी पतारसी करते हुए पूर्व में इस प्रकार के अभियोगों में प्रकाश में आये अभियुक्तों की वर्तमान स्थिती का भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस टीम द्वारा किये जा रहे प्रयासों के परिणाम स्वरूप दिनांक 22-06-26 को कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत सघन चैकिंग अभियान के दौरान बागडियों वाली गली निकट सब्जी मण्डी देहरादून के पास से एक अभियुक्त आकाश पुत्र राजपाल को उक्त घटना में चोरी किये गये 03 मोबाइल फोन तथा अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त द्वारा बताया गया कि वो नशे का आदी है तथा अपने नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिये उसके द्वारा उक्त चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।

विवरण गिरफ्तार अभियुक्त : आकाश पुत्र राजपाल निवासी मुजफ्फराबाद थाना फतेहपुर जिला स हारनपुर उ0प्र0 हाल पता: ब्रह्मपुरी चौक कोतवाली पटेलनगर देहरादून उम्र -25 वर्ष

बरामदगी:
01: घटना में चोरी किये गये अलग-अलग कम्पनियों के 03 मोबाइल फोन।

02: घटना में चोरी किया गया अन्य सामान।

पुलिस टीम
1-उ0नि0 प्रवीण पुण्डीर चौकी प्रभारी बाजार कोतवाली पटेलनगर देहरादून ।
2-अ0उ0नि0 मोहन सिंह नेगी
3-हे0का0 सुशील कुमार
4-का0 प्रवीण कुमार


अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरा डस्टर वाहन, दो लोगों की मौत

अल्मोड़ा। जनपद के रानीखेत क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। सोनी बिनसर के पास एक डस्टर वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, जिला आपदा नियंत्रण कक्ष (DCR) से 23 जून 2026 को सूचना मिली कि कोतवाली रानीखेत क्षेत्र के सोनी बिनसर के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया है। एसडीआरएफ पोस्ट भिकियासैंण से उप निरीक्षक पुष्कर जीना के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वाहन बीती रात दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। एसडीआरएफ टीम ने विषम परिस्थितियों और कठिन पहाड़ी भू-भाग में अभियान चलाकर दोनों शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला और जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

मृतकों की पहचान जीवन चंद्र जोशी पुत्र पूरन सिंह जोशी, निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


मैनपुरी साइबर पुलिस की बड़ी कामयाबी: ऑनलाइन ठगी के शिकार युवक के खाते से उड़े ₹99,500 कराए वापस

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के शिकार एक युवक की डूबी हुई पूरी रकम वापस कराने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की इस तत्परता के चलते पीड़ित के खाते से निकाले गए करीब एक लाख रुपये मंगलवार को सुरक्षित वापस आ गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के पुलिस लाइन के पास रहने वाले अवधेश सिंह के पास कुछ दिनों पहले एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले शातिर ठग ने उन्हें अपनी बातों के जाल में उलझा लिया और उनके बैंक खाते से जुड़ी बेहद संवेदनशील और गोपनीय जानकारी हासिल कर ली। जानकारी हाथ लगते ही ठग ने अवधेश के खाते से 99,500 रुपये की बड़ी धनराशि पार कर दी।

खाते से पैसे कटने का मैसेज मोबाइल पर आते ही पीड़ित अवधेश के होश उड़ गए। उन्होंने बिना समय गंवाए तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर ‘1930’ पर अपनी शिकायत दर्ज कराई और साथ ही संबंधित बैंक अधिकारियों को भी इस धोखाधड़ी की सूचना दी।

शिकायत मिलते ही साइबर थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और ठगों द्वारा ट्रांसफर की गई रकम को आगे जाने से रोकते हुए खाते को फ्रीज (Freeze) करा दिया। पुलिस के प्रयासों के बाद मंगलवार को अवधेश के खाते से निकाली गई पूरी की पूरी धनराशि वापस दिला दी गई, जिससे पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है।


समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने 1.14 करोड़ से अधिक विकास कार्यों का किया भूमि पूजन

 इन्द्रेश नगर में जल्द होगा 28.06 करोड़ से सीवर लाइनों का कायाकल्प

देहरादून। राजपुर विधानसभा क्षेत्र के इन्द्रेश नगर वार्डवासियों को बड़ी सौगात देते हुए समाज कल्याण मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक खजानदास ने आज विभिन्न स्थानों पर क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों के पुनर्निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में 1.14 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का शुभारंभ किया।

भूमि पूजन के तहत शिवा सेनेट्री कावली रोड, शिवा सेनेट्री मालवीय रोड, महन्त रोड, जाटव जी वाली गली, पानी की टंकी क्षेत्र, छोटा जटिया मोहल्ला और मुख्य मार्ग इन्द्रेश नगर समेत अन्य क्षेत्रों में सीवर लाइनों को बदला जाएगा। लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा सीवर व्यवस्था में सुधार की मांग की जा रही थी, जिस पर मंत्री खजानदास ने तत्काल संज्ञान लेते हुए यह स्वीकृति दिलाई।

मंत्री खजानदास ने बताया कि इन्द्रेश नगर वार्ड की सम्पूर्ण सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत जल संस्थान द्वारा 28.06 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शीघ्र ही इसकी स्वीकृति मिलने के बाद पूरे वार्ड की सीवर लाइनों का कायाकल्प किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।

मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की स्पष्ट नीति और पारदर्शी कार्यशैली के चलते प्रदेश में विकास योजनाओं को तेजी से स्वीकृति मिल रही है।

 


मानसून की संभावित देरी एवं वर्षा की कमी से निपटने के लिए राज्य सरकार तैयार: कृषि मंत्री गणेश जोशी

देहरादून। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार खरीफ सीजन-2026 के दौरान मानसून में संभावित विलंब अथवा वर्षा की कमी की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने यह बात केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित सभी राज्यों के कृषि मंत्रियों की वर्चुअल बैठक में कही।

बैठक में मानसून की संभावित देरी अथवा कम वर्षा की स्थिति में किसानों के हितों की सुरक्षा एवं कृषि उत्पादन को प्रभावित होने से बचाने के लिए आकस्मिक उपायों (कंटिन्जेंसी प्लान) की समीक्षा की गई। इस दौरान भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के अंतर्गत सेंट्रल रिसर्च इंस्टीट्यूट फॉर ड्राईलैंड एग्रीकल्चर द्वारा तैयार राष्ट्रीय कंटिन्जेंसी प्लान तथा कृषि विज्ञान केंद्रों द्वारा तैयार मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का प्रस्तुतीकरण किया गया। केंद्रीय कृषि मंत्री ने सभी राज्यों को निर्देश दिए कि संभावित परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।

 

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड कृषि विभाग ने वैज्ञानिक संस्थानों एवं कृषि विशेषज्ञों के सहयोग से सभी जनपदों के लिए विस्तृत कृषि आकस्मिकता योजना तैयार कर ली है। पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग रणनीति बनाई गई है, जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

 

उन्होंने बताया कि मानसून में देरी होने की स्थिति में किसानों को कम अवधि में तैयार होने वाली तथा सूखा सहनशील फसलों के गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। पर्वतीय क्षेत्रों में मंडुवा, झंगोरा, गहत, भट्ट, राजमा एवं तिल जैसी पारंपरिक फसलों को बढ़ावा दिया जाएगा, जबकि मैदानी क्षेत्रों में धान के विकल्प के रूप में मक्का, मूंग, उड़द, अरहर तथा चारा फसलों की खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कृषि विभाग के अधिकारी जनपद एवं विकासखंड स्तर पर लगातार मौसम एवं कृषि गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं। प्रदेशभर में संचालित श्खेत बचाओ अभियानश् के माध्यम से किसानों को वैज्ञानिक खेती, फसल प्रबंधन, मौसम आधारित कृषि सलाह, वैकल्पिक फसल प्रणाली तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

कृषि मंत्री ने प्रदेश के किसानों से अपील की कि वे कृषि विभाग द्वारा जारी वैज्ञानिक सलाह का पालन करें तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं। किसी भी समस्या की स्थिति में किसान अपने निकटतम कृषि कार्यालय से संपर्क करें अथवा कृषि विभाग के टोल फ्री नंबर 18001801551 पर जानकारी प्राप्त करें।

 

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों, कृषि वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन तथा किसानों की सक्रिय सहभागिता से मानसून संबंधी संभावित चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया जाएगा और प्रदेश के किसानों के हित पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे।

बैठक में कृषि निदेशक दिनेश कुमार, उद्यान निदेशक डॉ. आर.के. सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp