Sunday, June 21st, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

योग की छांव में विकास का संकल्प, एमडीडीए सिटी फॉरेस्ट पार्क बना स्वास्थ्य और प्रकृति का महाकुंभ

Daily Archives: 21/06/2026

योग की छांव में विकास का संकल्प, एमडीडीए सिटी फॉरेस्ट पार्क बना स्वास्थ्य और प्रकृति का महाकुंभ

मुख्य सचिव संग हजारों लोगों ने किया योग, प्रकृति की गोद से गूंजा स्वास्थ्य का संदेश

सिटी फॉरेस्ट पार्क में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जुटे 1000 से अधिक लोग, योग-प्राणायाम के साथ स्वस्थ उत्तराखंड का लिया संकल्प

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा योग को वैश्विक पहचान दिलाने व जन-जन तक पहुंचाने के अभियान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्तराखंड को योग, वेलनेस एवं प्राकृतिक चिकित्सा की राजधानी बनाने के प्रयासों के बीच अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देहरादून का सिटी फॉरेस्ट पार्क स्वास्थ्य, आध्यात्म और प्रकृति के अद्भुत संगम का साक्षी बना।

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण {एमडीडीए} द्वारा सिटी फॉरेस्ट पार्क में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राज्य के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने शिरकत की। इस दौरान मुख्य सचिव व अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया, प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रकृति की हरियाली और पहाड़ों की शांत वादियों के बीच एक हजार से अधिक लोगों ने सामूहिक योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने योग प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा योग जागरूकता के लिए उनके योगदान की सराहना की।

सुबह की ताजा हवा, वृक्षों की छांव और पक्षियों की मधुर आवाजों के बीच जब एक साथ हजारों हाथ योग मुद्राओं में उठे तो पूरा सिटी फॉरेस्ट पार्क मानो योगमय हो गया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

प्रकृति के बीच योग का अनूठा संदेश
इस वर्ष योग दिवस का आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि इसे प्रकृति संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जागरूकता से भी जोड़ा गया। एमडीडीए द्वारा विकसित सिटी फॉरेस्ट पार्क में आयोजित कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने का भी मार्ग है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को योग के वैज्ञानिक लाभों के बारे में जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योग तनाव को कम करने, मानसिक संतुलन बनाए रखने और विभिन्न जीवनशैली जनित बीमारियों से बचाव में प्रभावी भूमिका निभाता है। बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी ने यह भी दर्शाया कि योग अब केवल पारंपरिक अभ्यास नहीं बल्कि आधुनिक जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।

देवभूमि से दुनिया तक योग की गूंज
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि योग भारत की सनातन संस्कृति की वह अमूल्य धरोहर है जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली और आज विश्व के करोड़ों लोग इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और व्यस्त जीवनशैली के बीच योग मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। योग केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का विषय नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र को स्वस्थ बनाने का अभियान है।

उत्तराखंड बनेगा योग और वेलनेस की वैश्विक राजधानी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड सदियों से योग, तप और आध्यात्मिक साधना की भूमि रहा है। यहां का प्राकृतिक वातावरण और सांस्कृतिक विरासत लोगों को संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। चारधाम, हिमालय और प्राकृतिक संपदाओं से समृद्ध उत्तराखंड विश्वभर के योग साधकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

सिटी फॉरेस्ट पार्क बना स्वास्थ्य पर्यटन का नया केंद्र
योग दिवस कार्यक्रम ने यह भी साबित कर दिया कि एमडीडीए का सिटी फॉरेस्ट पार्क केवल मनोरंजन स्थल नहीं बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामुदायिक गतिविधियों का नया केंद्र बनकर उभर रहा है। पिछले कुछ वर्षों में पार्क में विकसित आधुनिक सुविधाओं ने इसे परिवारों, युवाओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना दिया है। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने पार्क की स्वच्छता, हरियाली और सुविधाओं की सराहना की। प्रतिभागियों ने कहा कि ऐसे प्राकृतिक वातावरण में योग करना किसी आध्यात्मिक अनुभव से कम नहीं है। पार्क में मौजूद ओपन स्पेस, ट्रैक और हरित क्षेत्र सामूहिक योग एवं वेलनेस गतिविधियों के लिए आदर्श वातावरण प्रदान करते हैं।

स्वस्थ समाज की ओर बढ़ता उत्तराखंड
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग दिवस का यह आयोजन केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं बल्कि स्वस्थ उत्तराखंड और स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में जनभागीदारी का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया। योग, प्रकृति और जनसहभागिता के इस अनूठे संगम ने यह स्पष्ट कर दिया कि उत्तराखंड न केवल आध्यात्मिक और धार्मिक दृष्टि से समृद्ध है, बल्कि स्वास्थ्य और वेलनेस के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

बॉक्स

मुख्य सचिव ने परखी सिटी फॉरेस्ट पार्क की धड़कन,
डिजिटल फीडबैक सिस्टम के दिए निर्देश

एमडीडीए के सिटी फॉरेस्ट पार्क को और अधिक आधुनिक, सुविधायुक्त और जनहितैषी बनाने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के बाद उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने 12 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित पार्क का विस्तृत निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिल्ड्रन पार्क, कैफेटेरिया, साइकिल ट्रैक, थ्री-डी मूवी थिएटर, सोलर प्लांट, नर्सरी, ओपन जिम, ओपन थिएटर, ईवी चार्जिंग स्टेशन तथा पूछताछ केंद्र सहित पार्क की प्रमुख सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने पार्क में मौजूद नागरिकों, पर्यटकों और कैफेटेरिया संचालकों से बातचीत कर सुविधाओं की गुणवत्ता और उपयोगिता के बारे में फीडबैक भी लिया।

मुख्य सचिव ने कहा कि किसी भी सार्वजनिक स्थल की सफलता उसकी जनस्वीकृति और उपयोगिता पर निर्भर करती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्क आने वाले लोगों की राय और सुझाव प्राप्त करने के लिए क्यूआर कोड आधारित ऑनलाइन फीडबैक सिस्टम विकसित किया जाए, जिससे नागरिक सीधे अपनी प्रतिक्रिया दर्ज करा सकें। उनका मानना था कि तकनीक और जनभागीदारी के समन्वय से सार्वजनिक सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने पार्क की स्वच्छता, हरित क्षेत्र, ऊर्जा संरक्षण व्यवस्थाओं और पर्यावरणीय पहलुओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सिटी फॉरेस्ट पार्क शहरी जीवन के बीच प्रकृति से जुड़ने का उत्कृष्ट माध्यम बनकर उभरा है। यहां उपलब्ध सुविधाएं इसे परिवारों, बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक आदर्श सार्वजनिक स्थल बनाती हैं।

मुख्य सचिव के निर्देशों के बाद एमडीडीए ने पार्क की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि निरीक्षण के दौरान प्राप्त सुझावों और निर्देशों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा। पार्क में डिजिटल सेवाओं, जनसुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा, ताकि सिटी फॉरेस्ट पार्क देहरादून के सबसे बेहतर सार्वजनिक स्थलों में अपनी पहचान और मजबूत कर सके।

बयान : मुख्य सचिव आनंद बर्धन
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन का उत्सव है। योग हमारी हजारों वर्षों पुरानी परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। आज पूरी दुनिया योग की शक्ति को स्वीकार कर रही है और इसका श्रेय भारत तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों को जाता है। वर्तमान समय में मानसिक तनाव, असंतुलित जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे समय में योग स्वस्थ और सकारात्मक जीवन का सबसे सरल माध्यम है। उत्तराखंड जैसी देवभूमि में योग का विशेष महत्व है, क्योंकि यहां की संस्कृति, प्रकृति और आध्यात्मिक परंपराएं योग के मूल भाव को मजबूत करती हैं। मेरा सभी प्रदेशवासियों से आग्रह है कि वे योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

बयान : उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी
देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग, तप और आध्यात्मिक साधना की भूमि रही है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सिटी फॉरेस्ट पार्क में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि समाज में योग के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है। राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रयास है कि एमडीडीए के सभी सार्वजनिक स्थलों को स्वास्थ्य और जनकल्याण से जोड़ते हुए लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए। योग को अपनाकर हम स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

बयान : सचिव एमडीडीए मोहन सिंह बर्निया
सिटी फॉरेस्ट पार्क में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में लोगों का उत्साह बेहद प्रेरणादायक रहा। एमडीडीए का प्रयास है कि शहरवासियों को ऐसे हरित और स्वस्थ वातावरण वाले सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराए जाएं, जहां वे प्रकृति के बीच समय बिता सकें। योग दिवस का आयोजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। भविष्य में भी पार्क में स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित हो सकें।


प्रेमनगर पुलिस ने जानलेवा हमले के आरोपी को किया गिरफ्तार, ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई

एसएसपी दून के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत प्रेमनगर पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में एक आरोपी को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।

पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 को कोतवाली प्रेमनगर में कुमार निशांत निवासी मुजफ्फरपुर बिहार ने तहरीर दी थी कि उसके भाई पर समीर त्यागी, एकलव्य और प्रियांशु राणा ने जान से मारने की नीयत से हमला किया और गाली-गलौज की। तहरीर के आधार पर प्रेमनगर कोतवाली में मुकदमा संख्या 97/2026 धारा 109/115(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को निर्देश दिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी प्रियांशु राणा को 28 मई 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

विवेचना के दौरान घटना में आर्यन पुत्र प्रवेश कवि की संलिप्तता सामने आई। पुलिस टीम ने सुरागरसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर 19 जून 2026 को आरोपी आर्यन को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान:

आर्यन पुत्र प्रवेश, निवासी ग्राम भूरा, थाना कैराना, जिला शामली (उत्तर प्रदेश), उम्र 22 वर्ष।

पुलिस के मुताबिक मामले में अन्य नामजद और प्रकाश में आए आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस टीम:

उ0नि0 विजय प्रताप

कां0 अनीश


पिस्टल के शो-ऑफ के दौरान गोली चलाने वाले अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार

अभियुक्त की लापरवाही से चली गोली से एक युवक हुआ था घायल

अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल को पुलिस ने किया बरामद

देहरादून- दिनाँक 19-06-2026 को वादी हंसराज सैनी पुत्र रोहताश सैनी निवासी भोगपुर थाना पथरी जिला हरिद्वार द्वारा कोतवाली पटेलनगर पर प्रार्थना पत्र दिया कि दिनांक – 19/6/2026 को सुबह समय करीब 2.30 बजे ओम सिटी स्थित किराये के मकान में वह अपने 02 अन्य साथियों 01: गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी तथा 02: शुभम अग्रवाल को अपने पास पूर्व से ही रखी एक पिस्टल को दिखा रहा था, इस दौरान गोपाल शर्मा उर्फ भिण्डी द्वारा उक्त पिस्टल को अपने पास लेकर चैक करने के दौरान अचानक चली गोली उसकी नाक की बराबर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। वादी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेलनगर पर मु0अ0सं0-382/2026 धारा 110 बीएनएस बनाम गोपाल शर्मा उर्फ भिन्डी पंजीकृत किया गया।

घटना की गम्भीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर तत्काल कोतवाली पटेलनगर पर पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों को चैक कर घटना में शामिल नामजद अभियुक्त की तलाश हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया तथा मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर दिनांक: 19-06-26 को अभियुक्त गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी पुत्र रूपलाल शर्मा को ओमसिटी के बाहर सडक से गिरफ्तार किया गया ।

पूछताछ का विवरण:-

पूछताछ में अभियुक्त गोपाल शर्मा उर्फ भिण्डी द्वारा बताया गया कि वो दिनांक: 18/19-06-26 की रात्रि में अपने दोस्त शुभम अग्रवाल के साथ घूम रहा था, इस दौरान उसके साथी हंसराज, जिसे वह पिछले 09-10 वर्षों से जानता है तथा उसके साथ प्रापर्टी डीलिंग का कार्य करता है, के द्वारा उसे फोन कर एक नया सामान (पिस्टल) खरीदने की जानकारी देते हुए रात्रि में अपने ओमसिटी स्थित फ्लैट में बुलाया गया। जहां देर रात्रि वे दोनों हंसराज के फ्लैट में पहुंचे, जहां उसके द्वारा उन्हें एक पिस्टल दिखाते हुए बताया कि वह उसे 65 हजार रूपये में खरीदकर लाया है। इस बीच उक्त पिस्टल को चैक करने के दौरान अचानक उसके हाथ से पिस्टल का ट्रिगर दब जाने से पिस्टल से निकली गोली हंसराज की नाक के बगल में लग गई और वह नीचे गिर गया।

घटना के बाद अभियुक्त द्वारा हंसराज को पिस्टल का लाइसेंस न होने तथा पुलिस द्वारा उसे भी अवैध पिस्टल रखने पर गिरफ्तार करने की बात कहते हुए डराया गया तथा छत में घूमने के दौरान अज्ञात व्यक्ति द्वारा चलाई गई गोली से घायल होने की झूठी कहानी गढने को कहा गया तथा योजना के मुताबिक हंसराज के चेहरे से निकल रहे खून की कुछ बूंदे छत पर गिराकर नीचे कमरे में फैले खून को साफ किया गया। इसके उपरान्त अभियुक्त गोपाल शर्मा अपने साथी शुभम अग्रवाल के साथ स्कूटी से घायल हसंराज को इन्द्रेश अस्पताल ले गये तथा इस दौरान गोपाल शर्मा द्वारा पिस्टल को ओम सिटी के पास झाडियों में फेंक दिया, जिसे पुलिस द्वारा अभियुक्त गोपाल शर्मा उर्फ भिन्डी की निशानदेही पर बरामद किया गया। अभियुक्त पर पूर्व में भी बलवे व मारपीट का अभियोग पंजीकृत है।

विवरण गिरफ्तार अभियुक्त :-

गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी पुत्र रूपलाल शर्मा निवासी 108 गुरूरोड, थाना पटेलनगर, देहरादून, उम्र- 28 वर्ष

बरामदगी:

1- 01 पिस्टल 32 बोर (घटना में प्रयुक्त)

आपराधिक इतिहास अभियुक्त गोपाल शर्मा उर्फ भिन्डी

मु0अ0सं0- 173/2024, धारा 147/279/323/352/427 भादवि, कोतवाली पटेलनगर, देहरादून

पुलिस टीम :-

1- निरी० विनोद सिंह गुंसाई, प्रभारी कोतवाली पटेलनगर
2- व0उ0नि0 प्रमोद शाह, कोतवाली पटेलनगर
3- उ0नि0 प्रवीण सिंह पुण्डीर, चौकी प्रभारी बाजार
4- उ0नि0 विनोद कुमार
5- का0 विपिन कुमार
6- का0 शिवराज सिंह
7- का0 बृजमोहन सिंह
8- का0 कैलाश पवाँर


मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को दी ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस‘ की शुभकामनाएं

तन, मन और आत्मा का समन्वय है योग- मुख्यमंत्री

देहरादून।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस‘ की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि योग भारत की सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। योग ने सम्पूर्ण विश्व को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त किया है। आज विश्व के अधिकतम देशों में करोड़ों लोग, योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना रहे हैं। योग अब सीमाओं से परे सशक्त समाज का आधार एवं मानवता के कल्याण का वैश्विक माध्यम बन चुका है।

अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि योग के द्वारा आज दुनिया में हमारी विशिष्ट पहचान बनी है। योग के लिये दुनिया भारत की ओर देख रही है। योग ने देश व दुनिया को स्वस्थता का भी संदेश दिया है। महान ऋषि पतंजलि ने योग के माध्यम से लोगों को जीने की राह दिखाई है। योग का अभ्यास शरीर, श्वास और मन को जोड़ता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नही, बल्कि तन, मन और आत्मा का समन्वय है। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास तनाव कम करने, जीवन को संतुलित बनाए रखने तथा असंभव लक्ष्य को पाने में विशेष भूमिका निभाता है। योग भारत की प्राचीनतम और समृद्ध परम्परा की एक पहचान है। पूरी मनुष्यता को हमारे ऋषि-मुनियों की यह महत्वपूर्ण देन है। योग साधना के द्वारा हम शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग, आध्यात्मिक साधना और ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है। यहां की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा और प्राकृतिक वातावरण मानवता को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवन का संदेश देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार, उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नई योग नीति के माध्यम से योग एवं ध्यान केंद्रों को प्रोत्साहन, योग प्रशिक्षकों को सहयोग तथा योग एवं वेलनेस आधारित रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग को अपनाने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने, नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने तथा योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के युवा योग को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा स्वस्थ, समृद्ध और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनेंगे।


यातायात पुलिस की सजगता से स्कूटी चोरी की घटना का हुआ खुलासा

घटना को अंजाम देने वाले 01 विधि विवादित किशोर को लिया संरक्षण में

देहरादून- दून चौक/बुद्धा चौक पर नियुक्त सीपीयू कर्मियों द्वारा ड्यूटी के दौरान दून चौक पर एक नाबालिग उम्र 12 वर्ष को खतरनाक तरीके से स्कूटी चलाने पर रोकते हुए चैक किया गया तो स्कूटी सवार नाबालिग स्कूटी संख्या: यू0के0-07- बीएन-5981 के सम्बन्ध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाया, जिस पर वाहन के पंजीकरण संख्या के आधार पर वाहन स्वामी से सम्पर्क किया गया तो वाहन स्वामी हरिओम पुत्र मथुरा प्रसाद निवासी मल्लूगंज, पलटन बाजार, देहरादून द्वारा बताया गया कि उक्त स्कूटी आज प्रातः लगभग 10ः00 बजे निरंजनपुर मंडी क्षेत्र से चोरी हो गई थी तथा वह इसकी प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु थाना जा रहे थे। उक्त प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सीपीयू कर्मियों द्वारा तत्काल यातायात कंट्रोल के माध्यम से सूचना प्रसारित की गई, तत्पश्चात चौकी धारा, थाना कोतवाली नगर को सूचित कर नाबालिग को स्कूटी सहित उनके सुपुर्द किया गया।

पुलिस टीम:-

1- हे०का० सहदीप
2- कां० अमरीश कुमार


कानों में सीटी या भनभनाहट को न करें नजरअंदाज, टिनिटस का हो सकता है संकेत

कानों में बार-बार सीटी, घंटी, भनभनाहट या किसी तरह की आवाज सुनाई देना आम बात नहीं है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यह समस्या टिनिटस (Tinnitus) का संकेत हो सकती है। बदलती जीवनशैली, तेज आवाज वाले माहौल और बढ़ते तनाव के कारण आजकल बड़ी संख्या में लोग इस परेशानी का सामना कर रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि समय रहते इसके लक्षणों को पहचानकर उचित उपचार कराया जाए तो समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

क्या है टिनिटस?

टिनिटस ऐसी स्थिति है, जिसमें व्यक्ति को बिना किसी बाहरी स्रोत के कानों में अलग-अलग तरह की आवाजें सुनाई देती हैं। कुछ लोगों को सीटी बजने जैसी ध्वनि सुनाई देती है, जबकि कुछ को भनभनाहट, सरसराहट या घंटी जैसी आवाज महसूस होती है। यह समस्या एक कान या दोनों कानों में हो सकती है और लंबे समय तक बने रहने पर मानसिक तनाव तथा नींद संबंधी परेशानियों का कारण बन सकती है।

किन कारणों से बढ़ सकता है खतरा?

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक लंबे समय तक तेज आवाज में संगीत सुनना या लगातार हेडफोन का उपयोग करना टिनिटस का प्रमुख कारण बन सकता है। इसके अलावा कान में मैल (वैक्स) का अधिक जमा होना, बढ़ती उम्र के साथ सुनने की क्षमता में कमी आना, रक्तचाप से जुड़ी समस्याएं और अत्यधिक मानसिक तनाव भी इस स्थिति को जन्म दे सकते हैं।

राहत पाने के लिए क्या करें?

विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि टिनिटस से परेशान लोगों को अपने खानपान और दिनचर्या पर विशेष ध्यान देना चाहिए। नमक का अधिक सेवन करने से बचना चाहिए क्योंकि यह रक्तचाप को प्रभावित कर सकता है। पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण नींद लेना भी जरूरी है, जिससे दिमाग और नसों को आराम मिलता है।

इसके साथ ही तेज आवाज से दूरी बनाए रखना, हेडफोन का सीमित इस्तेमाल करना और कम वॉल्यूम पर ऑडियो सुनना फायदेमंद माना जाता है। योग, ध्यान और अन्य तनाव कम करने वाली गतिविधियां भी टिनिटस के लक्षणों को कम करने में मदद कर सकती हैं। कुछ लोगों को हल्की भाप लेने से भी आराम महसूस होता है।

कब जरूरी है डॉक्टर की सलाह?

यदि कानों में आवाज लगातार बनी रहे, समय के साथ बढ़ने लगे या इसके साथ सुनने की क्षमता में कमी महसूस हो तो तुरंत ईएनटी विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। डॉक्टर की सलाह और समय पर जांच से समस्या के मूल कारण का पता लगाकर उचित उपचार शुरू किया जा सकता है।

नोट: यह जानकारी विभिन्न स्वास्थ्य विशेषज्ञों और मेडिकल रिपोर्ट्स के आधार पर तैयार की गई है। किसी भी समस्या की स्थिति में चिकित्सकीय सलाह अवश्य लें।

(साभार)


पासपोर्ट सत्यापन में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उत्तराखण्ड पुलिस को राष्ट्रीय सम्मान

एडीजी प्रशासन ने विदेश मंत्री से ग्रहण किया “Institutional Performance Award for State Police”

मुख्यमंत्री ने दी बधाई, कहा—नागरिकों को पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

देहरादून/ नई दिल्ली। उत्तराखण्ड पुलिस को वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पासपोर्ट आवेदनों के सत्यापन में उत्कृष्ट एवं प्रभावी कार्य निष्पादन के लिए भारत सरकार द्वारा “Institutional Performance Award for State Police” से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान देशभर में पासपोर्ट आवेदनों के पुलिस सत्यापन संबंधी प्रदर्शन के आधार पर प्रदान किया गया।

नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में आयोजित समारोह में माननीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर द्वारा उत्तराखण्ड पुलिस की ओर से ए. पी. अंशुमान, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन को यह सम्मान प्रदान किया गया।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि यह सम्मान उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित बनाने हेतु किए गए सतत प्रयासों का परिणाम है। पुलिस मुख्यालय द्वारा सभी जनपदों में पासपोर्ट सत्यापन कार्यों की नियमित समीक्षा, तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण सत्यापन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। जिसके फलस्वरूप उत्तराखण्ड पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड, पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह उपलब्धि उसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सफलता का प्रतीक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी उत्तराखण्ड पुलिस नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाती रहेगी।


मुख्यमंत्री ने बनबसा में किया सामूहिक योगाभ्यास, योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का किया आह्वान

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों लोगों के साथ मुख्यमंत्री ने किया योगाभ्यास

खटीमा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बनबसा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित योग साधकों, सशस्त्र सीमा बल के जवानों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, मातृशक्ति एवं वरिष्ठ नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ शारदा की पावन भूमि पर आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों के साथ योगाभ्यास करने का अवसर प्राप्त होना उनके लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है। उन्होंने योग दिवस के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी योग प्रशिक्षकों, साधकों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि योग मन को स्थिरता प्रदान करता है तथा व्यक्ति को सकारात्मक, संतुलित एवं सफल जीवन की ओर अग्रसर करता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनाव, अवसाद और अस्वस्थ जीवनशैली से उत्पन्न चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी प्राकृतिक उपचार प्रणाली के रूप में कार्य कर रहा है। योग और प्राणायाम के नियमित अभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक एकाग्रता मजबूत होती है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग ने विश्वभर में मानवता को जोड़ने का कार्य किया है तथा भारतीय संस्कृति के मूल मंत्र “वसुधैव कुटुम्बकम्” और “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” के संदेश को वैश्विक स्तर पर स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक पहचान मिली और आज विश्व के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग से जुड़ चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड योग, अध्यात्म और साधना की प्राचीन परंपराओं की भूमि है। राज्य सरकार उत्तराखंड को योग एवं वेलनेस की वैश्विक राजधानी के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा देश की पहली योग नीति लागू की गई है, जिसके अंतर्गत योग एवं ध्यान केंद्रों की स्थापना के लिए अधिकतम 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी तथा योग, ध्यान एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में शोध एवं अध्ययन को प्रोत्साहित करने के लिए 10 लाख रुपये तक के अनुदान का प्रावधान किया गया है। साथ ही प्रदेश में पांच नए योग हब विकसित किए जा रहे हैं तथा सभी आयुष हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों में योग सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बनबसा में राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य शारदा नदी तट पर भी योग एवं आध्यात्मिक साधना को व्यापक रूप से बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शारदा कॉरिडोर परियोजना के माध्यम से क्षेत्र को आध्यात्मिक एवं पर्यटन विकास की नई पहचान देने के लिए कार्य कर रही है। लगभग 3300 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही इस परियोजना के अंतर्गत टनकपुर से बनबसा तक शारदा रिवर फ्रंट सहित विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है। प्रथम चरण में 179 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास कार्यों का शुभारंभ किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेशवासी उत्तराखंड को योग का वैश्विक केंद्र बनाने के संकल्प को साकार करने में सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे।


कर्ज से बचने के लिए रची अपहरण की साजिश, पुलिस जांच में खुली पोल

औरेया: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के बिधूना क्षेत्र से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक व्यक्ति ने कर्ज के रुपये चुकाने से बचने के लिए खुद के ही अपहरण की झूठी कहानी रच डाली। शातिर शख्स ने अस्पताल के एक सुरक्षाकर्मी (चौकीदार) के जरिए यूपी-112 पर अपने किडनैपिंग की सूचना दिलवा दी। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और शुरुआती जांच में ही इस पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस अब झूठी सूचना देकर गुमराह करने के आरोप में विधिक कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि मथुरा जनपद के रहने वाले बृज प्रसाद से पश्चिम बंगाल के मूल निवासी शक्ति घोष ने कुछ साल पहले पैसे उधार लिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी शक्ति घोष उधारी के रुपये वापस नहीं कर रहा था। पीड़ित बृज प्रसाद ने पुलिस को बताया कि शक्ति घोष वर्तमान में दिल्ली में रहता है। हाल ही में शक्ति ने रुपये चुकाने का भरोसा दिया और बृज प्रसाद को अपने साथ कार से प्रयागराज चलने को कहा।

 बृज प्रसाद उसकी बातों में आ गया और दोनों कार से प्रयागराज के लिए रवाना हुए। गुरुवार की रात औरैया के चिचौली पहुंचते ही उनकी कार बीच रास्ते में खराब हो गई। रात अधिक होने के कारण दोनों को चिचौली स्थित ‘सौ शैया अस्पताल’ के परिसर में बने एक साथी डॉक्टर के घर पर पनाह लेनी पड़ी।

शुक्रवार की सुबह शक्ति घोष ने कर्जदार से पीछा छुड़ाने और लेनदेन से बचने के लिए एक खतरनाक पैंतरा आजमाया। उसने अस्पताल के चौकीदार को गुमराह कर यूपी-112 पर फोन करवाया कि उसका अपहरण हो गया है। अपहरण की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। जब पुलिस ने बारीकी से छानबीन की और दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की, तो अपहरण की बात पूरी तरह झूठी निकली।

सीओ बिधूना पी. पुनीत मिश्र ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि यह पूरी तरह से आपसी लेनदेन का विवाद है। पैसे न देने पड़े, इसलिए खुद के अपहरण की अफवाह फैलाई गई थी। झूठी सूचना देकर पुलिस को परेशान करने और सरकारी तंत्र का समय बर्बाद करने के मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


गुरुग्राम के ज्वेलरी शोरूम में दंपती बनकर पहुंचे शातिर, 4.5 लाख के सोने के झुमके लेकर फरार

गुरुग्राम: साइबर सिटी के व्यस्ततम इलाके सदर बाजार स्थित एक नामचीन ज्वेलरी शोरूम में चोरी की एक अनोखी और शातिर वारदात सामने आई है। यहाँ खुद को पति-पत्नी बताने वाले एक महिला और पुरुष ने सोने का झुमका खरीदने और उसे बुक करने के बहाने करीब साढ़े चार लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। शोरूम प्रबंधन की शिकायत पर गुरुग्राम की शहर थाना पुलिस ने शुक्रवार को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

 सदर बाजार के ‘श्रीराम ज्वेलर्स’ में सेल्सवूमेन के तौर पर कार्यरत शालू सिंह ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि बीते दिनों एक महिला और पुरुष ग्राहक बनकर दुकान पर आए थे। उन्होंने स्टाफ से सोने के झुमके दिखाने की मांग की। काफी देर तक आभूषण देखने के बाद दोनों ने एक जोड़ी झुमके पसंद किए। शातिर ठगों ने शोरूम के स्टाफ का विश्वास जीतने के लिए महज 500 रुपये की टोकन मनी दी और झुमके को बुक कराकर वहां से चले गए। जब तय तारीख बीतने के बाद भी दोनों वापस नहीं लौटे, तो शोरूम की तरफ से उनके दिए नंबर पर संपर्क किया गया, लेकिन वह स्विच ऑफ मिला।

 गुरुवार को जब शोरूम के कर्मचारी साप्ताहिक स्टॉक का मिलान कर रहे थे, तब सोने के झुमकों की एक जोड़ी कम पाई गई। इसके बाद जब शोरूम के भीतर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला गया, तो स्टाफ के होश उड़ गए। फुटेज में साफ नजर आया कि आभूषण देखने के बहाने उक्त महिला और पुरुष ने बड़ी ही चालाकी से साढ़े चार लाख रुपये के झुमके पार कर दिए थे।

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, चोरी हुए झुमके 22 कैरेट सोने के थे, जिनका कुल वजन लगभग 28.58 ग्राम था। अंतरराष्ट्रीय बाजार और मौजूदा दरों के हिसाब से इनकी कीमत करीब 4.5 लाख रुपये आंकी गई है। शहर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और फुटेज में दिख रहे संदिग्ध चेहरे के आधार पर आरोपियों को दबोचने के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp