Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

‘हनुमान अंश’ की साउथ में एंट्री, 18 सितंबर को आंध्र प्रदेश-तेलंगाना में रिलीज होगी फिल्म

Category Archives: मनोरंजन

‘हनुमान अंश’ की साउथ में एंट्री, 18 सितंबर को आंध्र प्रदेश-तेलंगाना में रिलीज होगी फिल्म

नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ सिनेमाघरों में लगातार दर्शकों का ध्यान खींच रही है। हिंदी में रिलीज के बाद फिल्म को मिल रही प्रतिक्रिया को देखते हुए अब मेकर्स ने इसे दक्षिण भारतीय दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी कर ली है। फिल्म का तेलुगु संस्करण जल्द ही आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।

18 सितंबर को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में दस्तक

हिंदी भक्तिमय ड्रामा फिल्म ‘हनुमान अंश’ का तेलुगु संस्करण 18 सितंबर 2026 को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में रिलीज होने जा रहा है। फिल्म की रिलीज के छह सप्ताह बाद भी बॉक्स ऑफिस पर कमाई जारी है। दुनियाभर में फिल्म अब तक 277.80 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है, जबकि भारत में इसका नेट कलेक्शन 222.88 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

फिल्म को मिल रही दर्शकों की प्रतिक्रिया और मौखिक प्रचार को इसकी कमाई के पीछे अहम वजह माना जा रहा है। शुरुआत में फिल्म को हिंदी बाजार में रिलीज किया गया था, जबकि 11 सितंबर को इसे दुनियाभर के दर्शकों के लिए रिलीज किया गया।

तेलुगु संस्करण की रिलीज की तैयारी पूरी

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में फिल्म का तेलुगु संस्करण मूल सबटाइटल के साथ रिलीज किया जाएगा। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों राज्यों में फिल्म के वितरण की जिम्मेदारी फॉर्च्यून फोर सिनेमाज संभालेगा। इसके अलावा सिनेपोलिस जैसी बड़ी थिएटर श्रृंखलाओं के साथ क्षेत्रीय वितरण साझेदार भी फिल्म की रिलीज से जुड़े हैं।

फिल्मकार त्रिविक्रम श्रीनिवास इस रिलीज को प्रस्तुत कर रहे हैं। दक्षिण भारत में फिल्म की पहुंच बढ़ाने में उनका जुड़ना भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। त्रिविक्रम श्रीनिवास तेलुगु सिनेमा के चर्चित फिल्मकार हैं और इससे पहले ‘अला वैकुंठपुरमलो’, ‘अत्तरीनतिकी दरेदी’ और ‘एस/ओ सत्यमूर्ति’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।

7 अगस्त को हुई थी फिल्म रिलीज

‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने शुरुआती दौर में 10 लाख रुपये की कमाई के साथ शुरुआत की थी। 24 दिनों के भीतर फिल्म ने भारत में 47.33 करोड़ रुपये का सकल कारोबार और 40.13 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। इसके बाद फिल्म की कमाई में लगातार इजाफा देखने को मिला।

अब तेलुगु भाषी दर्शकों के बीच फिल्म को कैसी प्रतिक्रिया मिलती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

फिल्म में ये कलाकार आए नजर

‘हनुमान अंश’ में शोभिनव सत्य ने नीम करौली बाबा की मुख्य भूमिका निभाई है। उनके साथ चंदन के. आनंद, अनिल रस्तोगी, पूर्णिमा तिवारी और विहान शेडगे भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म की कहानी नीम करौली बाबा के जीवन और उनके आध्यात्मिक प्रभाव से जुड़ी घटनाओं पर आधारित है।

(साभार)


‘रामायण’ का पहला गाना ‘जय जय राम’ हुआ रिलीज, रणबीर-साई की जोड़ी ने जीता दर्शकों का दिल

बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। फिल्म से जुड़ी हर नई झलक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन रही है। इसी कड़ी में मेकर्स ने फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ जारी कर दिया है। गाने में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आ रहे हैं। रिलीज के साथ ही यह भक्ति गीत दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

‘जय जय राम’ गाने का संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है। इसे अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है, जबकि गाने के बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। गाने में रणबीर कपूर और साई पल्लवी की जोड़ी बेहद आकर्षक नजर आ रही है। गीत का संगीत और भावपूर्ण प्रस्तुति दर्शकों को काफी पसंद आ रही है।

सोशल मीडिया पर मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रिया

गाना रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। यूजर्स कमेंट के जरिए गाने की शांति, मधुरता और भक्ति भाव की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

एक यूजर ने लिखा कि हर भक्ति गीत का प्रभाव भारी होना जरूरी नहीं है, यह गीत बेहद शांत और कोमल है। वहीं एक अन्य यूजर ने ‘जय जय राम’ को फिल्म की सबसे खूबसूरत चीजों में से एक बताया। एक अन्य टिप्पणी में यूजर ने कहा कि फिल्म को लेकर चाहे जैसी नकारात्मक प्रतिक्रियाएं हों, लेकिन यह गाना बेहद खूबसूरत है।

गाने के साथ जारी हुआ मोशन पोस्टर

मेकर्स ने सोमवार को ‘जय जय राम’ के साथ फिल्म का एक मोशन पोस्टर भी जारी किया। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता के रूप में दिखाई दे रही हैं। पोस्टर में दोनों का बेहद शांत और सुकून भरा रूप नजर आता है।

मोशन पोस्टर में चारों ओर प्राकृतिक सौंदर्य दिखाई देता है। हरे-भरे पेड़ों से घिरे जंगल के बीच शांत नदी बहती नजर आती है। नदी के किनारे पहाड़ी पर भगवान राम और माता सीता विराजमान हैं। पोस्टर का सबसे भावुक दृश्य वह है, जिसमें प्रभु श्री राम माता सीता के बालों में गुलाब का फूल सजाते नजर आते हैं।

दो हिस्सों में रिलीज होगी ‘रामायण’

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ को दो भागों में दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा। फिल्म का पहला भाग 8 नवंबर 2026 को रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग 2027 में दिवाली के अवसर पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा।

फिल्म में रणबीर कपूर और साई पल्लवी के अलावा सनी देओल, यश और रवि दुबे सहित कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच काफी उत्साह है और अब ‘जय जय राम’ की रिलीज के बाद इसकी चर्चा और तेज हो गई है।

(साभार)


अनुराग कश्यप लंबे समय बाद बच्चों के लिए ला रहे फिल्म ‘लिटिल थॉमस’, 23 अक्टूबर को होगी रिलीज

अनुराग कश्यप लंबे समय बाद बच्चों के लिए फिल्म ‘लिटिल थॉमस’ लेकर आ रहे हैं। यह फिल्म 2007 में आई उनकी एनिमेटेड फिल्म ‘रिटर्न ऑफ हनुमान’ के बाद बच्चों के सिनेमा से उनके जुड़ाव को दिखाती है।

फिल्म की कहानी 90 के दशक के गोवा में सेट है। इसमें थॉमस नाम का एक बच्चा है, जो अपने माता-पिता की इकलौती संतान है। उसकी सबसे बड़ी इच्छा एक छोटा भाई पाने की है। थॉमस को बताया जाता है कि छोटा भाई पाने के लिए उसके माता-पिता को एक-दूसरे को किस करना होगा। हालांकि, उसके माता-पिता के बीच अक्सर झगड़े होते रहते हैं और दोनों अब एक-दूसरे को किस नहीं करते।

ऐसे में छोटा थॉमस अपने माता-पिता को फिर से किस करवाने की कोशिश में जुट जाता है। फिल्म की कहानी एक बच्चे की मासूम सोच और अपने परिवार को लेकर उसकी छोटी-सी इच्छा के इर्द-गिर्द घूमती है।

फिल्म में गुलशन देवैया और रसिका दुग्गल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे, जबकि चाइल्ड आर्टिस्ट हृदांश पारेख छोटे थॉमस का किरदार निभा रहे हैं।

‘लिटिल थॉमस’ का निर्देशन कौशल ओझा ने किया है। फिल्म को लुमिनोसो पिक्चर्स, सिविक स्टूडियोज, गुड बैड फिल्म्स, रंजन सिंह की फ्लिप फिल्म्स और अनुराग कश्यप ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


अक्षय-सैफ की ‘हैवान’ की बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत, फिल्म ने पहले दिन कमाए इतने करोड़ रुपये

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हैवान’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन रिलीज के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक मजबूत नजर नहीं आई। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म पहले दिन कमाई के मामले में नई ऊंचाई हासिल करने में नाकाम रही।

पहले दिन नहीं चला ‘हैवान’ का जादू

रिलीज के बाद ‘हैवान’ को दर्शकों की ओर से मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। इसका असर फिल्म की शुरुआती कमाई पर भी दिखाई दिया। फिल्म ने पहले दिन करीब 3 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।

अक्षय कुमार और सैफ अली खान जैसे बड़े सितारों की मौजूदगी और प्रियदर्शन के निर्देशन के बावजूद फिल्म पहले दिन दो अंकों की कमाई तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में अब फिल्म की आगे की कमाई काफी हद तक दर्शकों की प्रतिक्रिया और सप्ताहांत के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी।

‘हनुमान अंश’ और ‘मिर्जापुर-द मूवी’ से मिली कड़ी चुनौती

बॉक्स ऑफिस पर ‘हैवान’ को पहले दिन ही कई फिल्मों से मुकाबला करना पड़ा। छठे सप्ताह में चल रही ‘हनुमान अंश’ ने नई रिलीज के बावजूद शानदार प्रदर्शन जारी रखा। फिल्म ने अपने छठे शुक्रवार को 5.71 करोड़ रुपये की कमाई की और शुक्रवार को रिलीज तीन प्रमुख फिल्मों में सबसे आगे रही।

वहीं ‘मिर्जापुर-द मूवी’ भी दूसरे सप्ताह में मजबूत पकड़ बनाए हुए है। फिल्म ने अपने दूसरे शुक्रवार यानी आठवें दिन 4.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

इन दोनों फिल्मों के अलावा ‘टॉक्सिक’ और ‘इरुमुडी’ भी सिनेमाघरों में दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं। ऐसे में ‘हैवान’ के सामने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत करने की चुनौती बनी हुई है।

18 साल बाद साथ नजर आए अक्षय-सैफ

‘हैवान’ की सबसे बड़ी खासियत अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी है। दोनों कलाकार करीब 18 साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आए हैं। इससे पहले दोनों को साल 2008 में रिलीज हुई ‘टशन’ में साथ देखा गया था।

फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है और यह साल 2016 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक है। फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के साथ सैयामी खेर और बोमन ईरानी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

अब सभी की नजरें फिल्म के शनिवार और रविवार के कलेक्शन पर हैं। अगर सप्ताहांत में दर्शकों की संख्या बढ़ती है तो ‘हैवान’ अपनी शुरुआती धीमी रफ्तार को काफी हद तक सुधार सकती है।

(साभार)


‘शक: ट्रस्ट नो वन’ का ट्रेलर हुआ जारी, जानिये कब और कहां देख सकेंगे वेब सीरीज

अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा अब अपनी पहली वेब सीरीज के जरिए दर्शकों को रोमांच और रहस्य से भरपूर कहानी दिखाने के लिए तैयार हैं। उनकी आगामी थ्रिलर सीरीज ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ का ट्रेलर गुरुवार को जारी कर दिया गया है। करीब दो मिनट आठ सेकंड के इस ट्रेलर में एक मां की अपने लापता बच्चे को खोजने की बेचैनी, मानसिक संघर्ष और कई अनसुलझे सवाल नजर आते हैं। सीरीज का प्रीमियर 24 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर होगा।

जन्म के बाद गायब हो जाती है बच्ची

ट्रेलर की शुरुआत परिणीति चोपड़ा के किरदार के मां बनने से होती है। बच्ची को जन्म देने के बाद वह बेहद खुश नजर आती हैं, लेकिन उनकी खुशी ज्यादा देर नहीं टिकती। कुछ समय बाद उनकी नवजात बच्ची रहस्यमय तरीके से गायब हो जाती है।

बच्ची को खोजने के लिए मां हर संभव कोशिश करती है। वह जगह-जगह उसकी गुमशुदगी के पोस्टर लगाती है और पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराती है। इसके बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिलता।

सपनों में दिखाई देती है बच्ची

कहानी उस समय और पेचीदा हो जाती है, जब परिणीति को सपनों में अपनी बच्ची दिखाई देने लगती है। इसके बाद वह आसपास मिलने वाली कई बच्चियों में अपनी बेटी को तलाशने लगती हैं। उनका व्यवहार देखकर परिवार चिंतित हो जाता है और पति उन्हें मनोचिकित्सक के पास ले जाते हैं।

मनोचिकित्सक उन्हें बताती हैं कि उनकी बच्ची की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद परिणीति का किरदार इस बात को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं होता। आखिर बच्ची के साथ वास्तव में क्या हुआ? क्या वह सच में मर चुकी है या इसके पीछे कोई गहरा रहस्य है? इन सवालों का जवाब सीरीज देखने के बाद ही सामने आएगा।

परिणीति ने बताया अपने किरदार से जुड़ाव

सीरीज को लेकर परिणीति चोपड़ा का कहना है कि ‘शक’ उनके अब तक के काम से बिल्कुल अलग है। कहानी एक मां की भावनाओं, उसकी सहज प्रवृत्ति और हार न मानने की जिद के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है। अभिनेत्री के मुताबिक, जैसे-जैसे वह अपने बच्चे की तलाश करती है, उसके आसपास मौजूद लोगों और रिश्तों को लेकर उसका भरोसा भी सवालों के घेरे में आने लगता है।

परिणीति ने यह भी कहा कि एक मां के तौर पर इस कहानी का भावनात्मक पक्ष उन्हें बेहद व्यक्तिगत लगा और वह इससे गहराई से जुड़ाव महसूस करती हैं।

24 सितंबर को रिलीज होगी सीरीज

‘शक: ट्रस्ट नो वन’ का निर्देशन रेंसिल डी’सिल्वा ने किया है। इसके निर्माता रेंसिल डी’सिल्वा और सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा हैं। सपना मल्होत्रा और सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने अल्केमी फिल्म्ज के बैनर तले इसका निर्माण किया है।

सीरीज में परिणीति चोपड़ा के साथ हरलीन सेठी, सुमीत व्यास और ध्रुव चौधरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ का प्रीमियर 24 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर होगा।

(साभार)


रफ लुक, जबरदस्त एक्शन और अंग्रेजों से टक्कर… ‘रणबाली’ का दमदार टीजर हुआ रिलीज़

विजय देवरकोंडा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रणबाली’ का टीजर जारी कर दिया गया है। करीब ढाई मिनट के इस टीजर में 19वीं सदी के ब्रिटिश शासनकाल की पृष्ठभूमि दिखाई गई है, जहां अत्याचार के खिलाफ एक योद्धा हथियार उठाता है। फिल्म में विजय देवरकोंडा इसी योद्धा के किरदार में नजर आएंगे, जबकि रश्मिका मंदाना उनकी पत्नी जयम्मा की भूमिका निभा रही हैं।

अंग्रेजों के खिलाफ बगावत की कहानी

टीजर की शुरुआत उस दौर की झलक से होती है, जब अंग्रेजी हुकूमत के दौरान भारतीयों पर अत्याचार किए जा रहे थे। इसी माहौल में रणबाली नाम का एक योद्धा अन्याय के खिलाफ खड़ा होता है और अंग्रेजों से मुकाबला शुरू कर देता है। टीजर में विजय का किरदार गुस्से, जुनून और बदले की भावना से भरा हुआ नजर आता है।

फिल्म में विजय देवरकोंडा के कई जबरदस्त एक्शन दृश्य देखने को मिलते हैं। कहीं वह खंजर के साथ दुश्मनों पर टूटते नजर आते हैं तो कहीं बंदूक हाथ में लेकर अंग्रेजों का सामना करते दिखाई देते हैं। उनका रफ और आक्रामक लुक टीजर को और प्रभावशाली बनाता है।

रश्मिका और हॉलीवुड अभिनेता की भी झलक

टीजर में रश्मिका मंदाना की भी झलक देखने को मिलती है। फिल्म में वह जयम्मा के किरदार में नजर आएंगी। विजय और रश्मिका की जोड़ी को एक बार फिर पर्दे पर देखने के लिए प्रशंसकों में खासा उत्साह है।

वहीं, फिल्म में अंतरराष्ट्रीय अभिनेता अर्नोल्ड वॉस्लू भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। ‘द ममी’ जैसी चर्चित फिल्म का हिस्सा रह चुके वॉस्लू टीजर में अंग्रेज अधिकारी के किरदार में दिखाई देते हैं। उनका खौफनाक अंदाज कहानी में संघर्ष को और दिलचस्प बनाता है।

दशहरे पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

बड़े बजट में तैयार की गई ‘रणबाली’ को लेकर निर्माताओं ने पहले ही इसकी रिलीज तारीख का ऐलान कर दिया था। फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। कहानी में अच्छाई और बुराई के बीच संघर्ष के साथ अन्याय के खिलाफ लड़ाई को प्रमुखता दी गई है। यही वजह है कि फिल्म की रिलीज के लिए दशहरे का खास मौका चुना गया है।

राहुल संकृत्यायन ने संभाली निर्देशन की कमान

‘रणबाली’ का निर्देशन राहुल संकृत्यायन ने किया है। टीजर से साफ है कि फिल्म में ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के साथ बड़े स्तर का एक्शन और भावनात्मक कहानी देखने को मिलेगी। विजय देवरकोंडा का नया अवतार फिल्म के प्रति उत्सुकता बढ़ा रहा है।

ये कलाकार आएंगे नजर

फिल्म में विजय देवरकोंडा मुख्य भूमिका में हैं और उनके साथ रश्मिका मंदाना महिला प्रधान किरदार निभा रही हैं। दोनों कलाकार इससे पहले भी साथ काम कर चुके हैं। इनके अलावा अर्नोल्ड वॉस्लू भी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगे। टीजर रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है।

(साभार)


‘हैवान’ को सेंसर बोर्ड की हरी झंडी, 11 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हैवान’ अब सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। फिल्म की रिलीज से पहले इसे सेंसर बोर्ड से भी हरी झंडी मिल गई है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस सस्पेंस थ्रिलर में अक्षय कुमार पहली बार एक खतरनाक विलेन के किरदार में नजर आने वाले हैं, जबकि सैफ अली खान ने दृष्टिबाधित व्यक्ति की भूमिका निभाई है।

‘हैवान’ को मिली U/A 16+ रेटिंग

फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने U/A 16+ सर्टिफिकेट दिया है। सेंसर बोर्ड ने 8 सितंबर 2026 को फिल्म को प्रमाणित किया। इसके साथ ही फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। अब दर्शकों की नजर 11 सितंबर को होने वाली थिएटर रिलीज पर है।

2 घंटे 44 मिनट की होगी फिल्म

‘हैवान’ की कहानी सस्पेंस और थ्रिल से भरपूर बताई जा रही है। फिल्म की अवधि भी काफी लंबी है। तरण आदर्श की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, फिल्म का रनटाइम 164 मिनट 7 सेकंड है। यानी दर्शकों को करीब 2 घंटे 44 मिनट तक फिल्म देखने को मिलेगी।

17 साल बाद साथ दिखेंगे अक्षय-सैफ

‘हैवान’ अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी के लिए भी खास है। दोनों कलाकार करीब 17 साल बाद एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। इससे पहले दोनों को 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘टशन’ में साथ देखा गया था। इससे पहले यह जोड़ी ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘ये दिल्लगी’, ‘तू चोर मैं सिपाही’ और ‘कीमत’ जैसी फिल्मों में भी काम कर चुकी है।

‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक है ‘हैवान’

प्रियदर्शन की ‘हैवान’ साल 2016 में आई मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक है। मूल फिल्म में मोहनलाल ने मुख्य भूमिका निभाई थी। हिंदी संस्करण में कहानी को अक्षय कुमार और सैफ अली खान के किरदारों के इर्द-गिर्द पेश किया गया है। फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

(साभार)


‘मिर्जापुर द मूवी’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका, 4 दिनों में पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा

सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से ही ‘मिर्जापुर द मूवी’ दर्शकों के बीच चर्चा में बनी हुई है। पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा स्टारर इस फिल्म ने शुरुआती दिनों में बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन किया। हालांकि, वीकएंड खत्म होते ही फिल्म की कमाई की रफ्तार में सोमवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

फिल्म ने रविवार को जहां करीब 36 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, वहीं सोमवार को इसकी कमाई घटकर लगभग 15.50 करोड़ रुपये रह गई। यानी एक ही दिन में फिल्म के कलेक्शन में आधे से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है।

109 करोड़ के पार पहुंची कमाई

सोमवार के आंकड़े सामने आने के बाद ‘मिर्जापुर द मूवी’ का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 109.26 करोड़ रुपये हो गया है। खास बात यह है कि फिल्म ने रिलीज के महज चार दिनों के भीतर ही 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। फिल्म ने 4 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी।

पहले दिन से ही रही मजबूत पकड़

‘मिर्जापुर द मूवी’ ने रिलीज के पहले दिन करीब 27.75 करोड़ रुपये की कमाई के साथ शुरुआत की थी। इसके बाद शनिवार और रविवार को फिल्म के कलेक्शन में बढ़ोतरी देखने को मिली। वीकएंड में दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया का फायदा फिल्म को मिला और इसने तेजी से 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली।

फिल्म की कहानी और ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी से जुड़े किरदारों को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्सुकता थी। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा और रवि किशन अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

हालांकि, अब सोमवार के कलेक्शन में आई गिरावट के बाद फिल्म के सामने सबसे बड़ी चुनौती वीकडेज में अपनी कमाई की रफ्तार बनाए रखना है। आने वाले दिनों के आंकड़े बताएंगे कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ बॉक्स ऑफिस पर कितनी लंबी पारी खेल पाती है।

(साभार)


‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान, 120 करोड़ के पार पहुंची कमाई

बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ का जलवा देखने को मिल रहा है। रिलीज के शुरुआती दिनों में धीमी शुरुआत करने वाली इस फिल्म ने तीसरे हफ्ते से ऐसी रफ्तार पकड़ी कि अब इसका कुल कलेक्शन 122 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। वहीं, यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ वीकेंड पर भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में खास कामयाब नहीं रही।

विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के पहले दिन सिर्फ 10 लाख रुपये का कारोबार किया था। दूसरे हफ्ते में भी फिल्म की कमाई महज 40 लाख रुपये रही। हालांकि, तीसरे हफ्ते से फिल्म की किस्मत बदली और बॉक्स ऑफिस पर कमाई का ग्राफ तेजी से ऊपर जाने लगा।

फिल्म ने तीसरे हफ्ते में 10.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जबकि चौथे हफ्ते इसकी कमाई बढ़कर 61 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इसके बाद भी फिल्म की रफ्तार कम नहीं हुई और वीकेंड पर शानदार कारोबार किया।

शुक्रवार को ‘हनुमान अंश’ ने 10 करोड़ रुपये कमाए। शनिवार को फिल्म के कलेक्शन में जबरदस्त उछाल आया और इसने 16.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। रविवार को फिल्म ने लगभग  22.75 करोड़ रुपये की कमाई की।

इन आंकड़ों के साथ फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब 122.13 करोड़ रुपये हो गया है। खास बात यह है कि धीमी शुरुआत के बावजूद फिल्म ने कुछ ही हफ्तों में 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली और अब 125 करोड़ के आंकड़े की ओर बढ़ रही है।

दूसरी ओर, यश की ‘टॉक्सिक’ की कमाई में वीकेंड के दौरान भी कोई बड़ा उछाल देखने को नहीं मिला। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर फिलहाल ‘हनुमान अंश’ की मजबूत पकड़ नजर आ रही है।

(साभार)


मोहनलाल की नई फिल्म के टाइटल का हुआ एलान, पोस्टर भी किया जारी

दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल की अगली फिल्म को लेकर चल रहा इंतजार अब खत्म हो गया है। लंबे समय से अस्थायी नाम ‘L367’ से चर्चा में रही इस फिल्म के मेकर्स ने शनिवार को इसके आधिकारिक टाइटल से पर्दा उठा दिया। फिल्म का नाम ‘ऑपरेशन गंगा’ रखा गया है। टाइटल सामने आने के साथ ही फिल्म की कहानी को लेकर भी दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ गई है।

मोहनलाल ने पोस्टर के साथ किया ऐलान

फिल्म के आधिकारिक शीर्षक की घोषणा खुद मोहनलाल ने सोशल मीडिया के जरिए की। अभिनेता ने फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए ‘ऑपरेशन गंगा’ के नाम का खुलासा किया। पोस्टर में किसी कलाकार का चेहरा नजर नहीं आता, बल्कि एक प्रभावशाली प्रतिमा, तलवार और ढाल के साथ फाइटर जेट की झलक दिखाई गई है।

पोस्टर के विजुअल्स से संकेत मिलता है कि फिल्म में देशभक्ति, सैन्य अभियान और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में किए गए मिशन को प्रमुखता दी जा सकती है।

मोहनलाल के साथ नजर आएंगे ये कलाकार

फिल्म का निर्देशन विष्णु मोहन कर रहे हैं। मोहनलाल के अलावा इसमें बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल और आदिल हुसैन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म की स्टारकास्ट में भाग्यश्री भोरसे का नाम भी शामिल है।

फिल्म का निर्माण गोकुलम गोपालन अपने बैनर श्री गोकुलम मूवीज के तहत कर रहे हैं। प्रोजेक्ट में मलयालम सिनेमा के साथ बॉलीवुड और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों व तकनीकी टीम की भागीदारी बताई जा रही है।

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच हुए रेस्क्यू मिशन से जुड़ी कहानी

‘ऑपरेशन गंगा’ के टाइटल से साफ संकेत मिलता है कि फिल्म की कहानी भारत सरकार द्वारा चलाए गए एक बड़े रेस्क्यू मिशन से प्रेरित हो सकती है। रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक और छात्र यूक्रेन में फंस गए थे। उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए केंद्र सरकार ने ऑपरेशन गंगा चलाया था।

ऐसे में फिल्म में युद्धग्रस्त क्षेत्र से भारतीयों को सुरक्षित निकालने के दौरान सामने आई चुनौतियों और रेस्क्यू अभियान के रोमांचक पहलुओं को सिनेमाई अंदाज में दिखाए जाने की उम्मीद है।

फिल्म के आधिकारिक ऐलान के बाद अब दर्शकों की नजर इसकी रिलीज डेट, कहानी और अन्य किरदारों से जुड़ी जानकारी पर टिकी है।

(साभार)


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp