Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

जनता दरबार में पहुंचे 22 जनप्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

Category Archives: राष्ट्रीय

जनता दरबार में पहुंचे 22 जनप्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

मौके पर निरीक्षण और विभागीय समन्वय से प्रकरणों के समाधान पर जोर

पौड़ी- अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जनता दरबार आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, वन, परिवहन, स्वास्थ्य, नगर निकाय सहित अन्य विभागों से संबंधित 22 प्रकरण रखे। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण करते हुए प्राथमिकता एवं समयबद्धता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में मौके पर जांच अथवा संयुक्त निरीक्षण की आवश्यकता है, उनमें संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्रवाई आगे बढ़ाएं। साथ ही पूर्व में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रमों में प्राप्त प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

जनता दर्शन में खिर्सू क्षेत्र के संपर्क मार्ग पर पेयजल लाइनों से संबंधित प्रकरण पर जल संस्थान को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई एवं रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। ग्वाड़ गांव में जर्जर विद्युत पोलों से संबंधित प्रकरण पर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को मौके का निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिए गए। ग्राम प्रधान ग्वाड़ महिपाल सिंह द्वारा हाईस्कूल के प्रमाणपत्र की मान्यता से संबंधित प्रकरण पर एडीपीआरओ ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के लिए शासन को पत्र प्रेषित किया जा चुका है। अपर जिलाधिकारी ने प्रकरण को आगे की कार्रवाई के साथ समयबद्ध रूप से निस्तारित करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में खिर्सू के सिंगोरी गांव में पशुधन से संबंधित मुआवजे के प्रकरण पर वन विभाग को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पौड़ी गांव में पेयजल आपूर्ति से संबंधित प्रकरण पर जल संस्थान को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत डांगी में प्रशासनिक व्यवस्था से संबंधित प्रकरण पर अपर जिलाधिकारी ने प्रशासक को रोस्टर के अनुसार गांव में उपस्थित रहकर विकास कार्यों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, कल्जीखाल क्षेत्र में शहीद मनीष पटवाल मोटर मार्ग पर बस संचालन से संबंधित प्रकरण में परिवहन विभाग एवं लोनिवि को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसी क्षेत्र में घंडियालधार-कुनकली सड़क की मरम्मत से संबंधित प्रकरण पर लोनिवि को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

एडीएम ने पौड़ी बस अड्डे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के आवेदन पर पुलिस विभाग को सर्वे कर आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी लगाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका पौड़ी के वार्ड संख्या पांच में रास्तों की मरम्मत तथा उरंडी में हर घर नल योजना से संबंधित प्रकरणों पर संबंधित विभागों को मौके का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सविता देवी द्वारा मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित आवेदन पर एडीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य रिपोर्ट के आधार पर आवश्यकता होने पर संबंधित मरीज को सेलाकुई स्थित मानसिक स्वास्थ्य केंद्र भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त प्रकरणों पर निरंतर फॉलोअप किया जाए तथा कार्रवाई की प्रगति से संबंधित आवेदकों को भी अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों के प्रकरणों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। प्राप्त प्रकरणों की नियमित समीक्षा के साथ उनके निस्तारण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।

इस अवसर पर डीएफओ महातिम यादव, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल, सीओ तपेश कुमार चन्द, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल, अधिशासी अभियंता जल संस्थान टीएस रावत, अधिशासी अभियंता जल निगम नवनीत कटारिया, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, विद्युत विभाग के अभिनव रावत, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, सहायक संख्याधिकारी रणजीत सिंह, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री धामी ने 332 नव नियुक्त कार्मिकों को सौंपे नियुक्ति पत्र

सीएम धामी ने नव नियुक्त कार्मिकों से सेवाभाव और संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाने का किया आह्वान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में आयुष विभाग के 271 और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारियों समेत कुल 332 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए सेवाभाव, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलना युवाओं के जीवन का अहम पड़ाव है। इसके साथ ही उनके सामने जनसेवा की नई जिम्मेदारी भी शुरू होती है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा को केवल नौकरी के तौर पर नहीं देखना चाहिए, बल्कि इसे समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनाना चाहिए। आयुष विभाग और कर्मचारी राज्य बीमा योजना से जुड़े कार्मिकों की जिम्मेदारी सीधे लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ी है।

उन्होंने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों से इलाज के लिए सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने वाले लोगों को व्यवस्था से काफी उम्मीदें होती हैं। ऐसे में कर्मचारियों की संवेदनशीलता, तत्परता और कार्यकुशलता लोगों के भरोसे को मजबूत करती है। मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त कार्मिकों से कहा कि वे जहां भी तैनात हों, अपनी कार्यशैली से बेहतर उदाहरण प्रस्तुत करें। अस्पताल पहुंचने वाला प्रत्येक व्यक्ति उम्मीद लेकर आता है और सही निर्णय के साथ किया गया ईमानदार प्रयास उसके जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है।

पारदर्शी भर्ती व्यवस्था पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए हैं। नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के युवाओं को उनकी योग्यता और मेहनत के आधार पर सरकारी सेवाओं में अवसर मिल रहे हैं। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।

उत्तराखंड को आयुष और वेलनेस का केंद्र बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ योग, आयुर्वेद और औषधीय जड़ी-बूटियों की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है। सरकार प्रदेश को मॉडल ‘आयुष प्रदेश’ और ‘ग्लोबल वेलनेस हब’ के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। सभी जनपदों में आयुष सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। पंचकर्म सेवाओं को आधुनिक बनाने के साथ आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र भी स्थापित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ई-संजीवनी के माध्यम से लोगों को घर बैठे विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिल रही है। वहीं, ‘आयुष सेतु पोर्टल’ को भी महत्वपूर्ण पहल के रूप में विकसित किया गया है। प्रदेश के कई होमस्टे को आसपास के आयुर्वेद चिकित्सालयों की वेलनेस सेवाओं से जोड़ा गया है, ताकि उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों को योग, आयुर्वेद और पंचकर्म के जरिए स्वास्थ्य और मानसिक शांति का बेहतर अनुभव मिल सके।

सभी 13 जिलों तक पहुंची ईएसआई योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा योजना की स्वास्थ्य सेवाओं का भी लगातार विस्तार किया जा रहा है। पहले यह योजना प्रदेश के छह जनपदों तक सीमित थी, लेकिन अब सभी 13 जनपदों में इसका विस्तार कर दिया गया है। रुद्रपुर में 100 बेड के ईएसआई अस्पताल का संचालन शुरू हो चुका है, जबकि हरिद्वार में 300 बेड के ईएसआई अस्पताल का निर्माण जारी है। काशीपुर में भी ईएसआई अस्पताल के लिए भूमि चिन्हित की गई है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए 47 नए चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।

इस अवसर पर आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने भी नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में आयुष सेवाओं को मजबूत और जनसुलभ बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। नए कार्मिकों की नियुक्ति से विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आयुष स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, सचिव श्रम श्रीधर बाबू अद्दांकी, सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा रंजना राजगुरू, अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे, आकांक्षा कोण्डे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


गोवंश संरक्षण को लेकर उत्तराखण्ड गो सेवा आयोग अध्यक्ष ने ली समीक्षा बैठक

15 दिन के भीतर गौसदनों के लिए भूमि चयन की कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश

पौड़ी- उत्तराखण्ड गो सेवा आयोग के अध्यक्ष पंडित डॉ. राजेंद्र अण्थवाल ने विकास भवन सभागार में जनपद में गोवंश संरक्षण एवं गौसदनों की व्यवस्थाओं को
लेकर समीक्षा बैठक ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौसदनों के लिए भूमि चयन की कार्यवाही 15 दिन के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। साथ ही ग्राम्य गौसेवकों, गौसदनों को दिए जा रहे राजकीय अनुदान एवं भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गयी।

अध्यक्ष ने गोवंश संरक्षण अधिनियम, 2007 की धारा 7 एवं 8 के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने गोवंश के जन्म-मरण की रिकॉर्डकीपिंग, डेयरियों का पंजीकरण एवं समय-समय पर उनकी जांच सुनिश्चित करने तथा गोवंश को निराश्रित छोड़ने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। जिन निकायों में गोवंश लिफ्टिंग वैन उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा ।

बैठक में जनपद में गोहत्या, गोकशी एवं गो तस्करी की घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गयी। अध्यक्ष ने सभी चौकी एवं थाना प्रभारियों को गोवंश से संबंधित अवैध गतिविधियों के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों के छात्रों के माध्यम से भी गोवंश संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। जनपद में कुल 25 गौसदन है जिसमें से 21 गैर सरकारी तथा 4 सरकारी है। इसमें कुल 2653 निराश्रित गौवंश को रखा गया है।

बैठक में जानकारी दी गयी कि जनपद में कुल 10 विकासखंडों में 32 ग्राम्य गोसेवक पंजीकृत है। पशुपालन विभाग द्वारा अब तक 2,76,076 गोवंश की ईयर टैगिंग की जा चुकी है वहीं 73.61% का टीकाकरण हो चुका है। इसके अलावा जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित, निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित गौसदनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए नए गौसदनों के लिए भूमि चयन तथा लंबित प्रस्तावों के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, पुलिस उपाधीक्षक दिव्येश उपाध्याय, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।


उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 6 से 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी

4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 6 से 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं, गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं, अधिकांश मैदानी इलाकों में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, 6 से 8 अक्टूबर के बीच 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 9 से 11 अक्टूबर के बीच करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी होने की संभावना है। ऐसे में ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने के आसार हैं।

इन जिलों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।

वहीं, 6 और 7 अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में तेज गर्जन और आकाशीय बिजली को लेकर भी मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है।

कुल मिलाकर अगले छह दिनों के दौरान प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते ठंड में इजाफा हो सकता है।


जनता की फरियाद पर प्रशासन सख्त, समाधान दिवस में 126 शिकायतें दर्ज

बुजुर्गों के उत्पीड़न पर कडा एक्शन, भरण-पोषण कानून में वाद दर्ज

अवैध कब्जों व क्षतिग्रस्त मार्गों की समस्याओं पर अधिकारियों को दिए गए कड़े निर्देश

देहरादून। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में सोमवार को आम जनता की समस्याओं के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से ‘समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के दिशा-निर्देशों के तहत अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित इस जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 126 शिकायतें दर्ज की गईं।

एडीएम के.के. मिश्रा ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की हिदायत दी। इस दौरान उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी गहन समीक्षा की और प्राथमिकता के आधार पर उनका जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बुजुर्गों के दर्द पर तत्काल कार्रवाई
पुत्र पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए 73 वर्षीय बुजुर्ग मदनलाल भल्ला ने बताया कि कारोबार स्थापित करने में मदद के बावजूद सफल होने पर बेटे ने बुढ़ापे में उन्हें बेसहारा छोड़ दिया। प्रशासन ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर ही भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। 74 वर्षीय विधवा रेणुका खनका द्वारा बहू पर पैतृक संपत्ति हड़पने, मारपीट और देखभाल न करने का आरोप लगाने पर सीओ रायपुर तथा महिला सेल को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अवैध कब्जे व निर्माण कार्य पर सख्ती
गायत्री विहार के एक बुजुर्ग दंपत्ति द्वारा वैध संपत्ति पर पड़ोसी के अवैध कब्जे और एमडीडीए के सीलिंग आदेशों का पालन न होने की शिकायत पर एमडीडीए को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सेवाकलां निवासी संजय कुमार की पुश्तैनी भूमि पर पड़ोसी द्वारा कब्जे और धमकी की शिकायत पर एसडीएम सदर को सख्त कदम उठाने को कहा गया।

रेसकोर्स निवासी आशीष बड़थ्वाल द्वारा पूर्व पार्षद पर नियम विरुद्ध तीन मंजिला व्यावसायिक भवन निर्माण व अवैध गतिविधियों का आरोप लगाने पर एसडीएम सदर व पुलिस क्षेत्राधिकारी को स्थलीय निरीक्षण के आदेश जारी किए गए।

सड़क, पेयजल एवं जनसुविधाएं
इंद्रलोक कॉलोनी में सीवर लाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत के लिए जल निगम तथा खुड़बुड़ा मोहल्ले में गंदे पानी की आपूर्ति सुधारने के लिए जल संस्थान को तत्काल कार्य करने को कहा गया। रानीपोखरी क्षेत्र में वर्ष 2024 से पूर्व के पेयजल कनेक्शनों एवं शुल्क में धांधली की जांच हेतु अधिशासी अभियंता जल संस्थान को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

आशारोड़ी-झाझरा हाईवे निर्माण में अनियमितता पर एनएचएआई, जबकि चकराता ब्लॉक के खारसी मोटर मार्ग व कोल्डपानी सत्तौर में भू-कटाव की रोकथाम के लिए पीडब्ल्यूडी व एसडीएम को जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा गया।

विकासखंड कालसी के कामला स्थित हड्डियागाड़ में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी की शिकायत पर एसडीएम कालसी को स्थलीय जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

आपदा राहत एवं जनहित की मांगें
कुडियाल ग्राम पंचायत में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त हाथी सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने तथा प्रकाश पंत मार्ग से एयरपोर्ट तक जंगली हाथियों से बचाव हेतु स्ट्रीट लाइट लगाने का जिम्मा बीडीओ को सौंपा गया।

गांधी रोड निवासी इल्मा, प्रेम बहादुर, सरस्वती व रणवीर सिंह द्वारा आर्थिक तंगी, बच्चों की शिक्षा व बीमारी के इलाज हेतु मांगी गई आर्थिक सहायता की जांच के निर्देश संबंधित एसडीएम को दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह, उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शशिकांत गिरी, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


प्रधानमंत्री के संकल्प को धरातल पर उतार रहा ‘आंगन का मिलन’ अभियान- रेखा आर्या

विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने 7 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के दिए निर्देश

देहरादून। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत मनाए जा रहे ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम को लेकर आज सचिवालय में विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ ही प्रदेश के विभिन्न जनपदों के जिला कार्यक्रम अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। अधिकारियों द्वारा अपने-अपने जनपदों में अभी तक आयोजित किए जा चुके ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट की जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में संचालित करीब 20 हजार आंगनवाड़ी केंद्रों में से 13 हजार से अधिक केंद्रों पर ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘ अंत्योदय के संकल्प के अनुसार सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे इसे सुनिश्चित कर लिया जाए।

विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से मातृशक्ति, किशोरियों और नन्हे-मुन्ने बच्चों को सरकार की योजनाओं से जोड़ने का माध्यम है। इसके माध्यम से सरकार और लाभार्थियों के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुंकि 7 अक्टूबर कार्यक्रम की अंतिम तिथि है ऐसे मे जिन भी जनपदों में आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किया जाना शेष रह गया है, वहां शत-प्रतिशत लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित कर कार्यक्रम को पूर्ण कर लिया जाए, साथ ही उन्होंने ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की गूगल मैपिंग भी शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम की प्रगति एवं आयोजन स्थलों का प्रभावी डिजिटल रिकॉर्ड सुनिश्चित किया जा सके।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा महिला एवं बाल विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।राज्य सरकार भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल तक पहुंचाने का काम कर रही है।

बैठक में अपर सचिव कर्मेंद्र सिंह जी, निदेशक बंसीलाल राणा जी सहित समस्त जनपदों के जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।


एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाले बॉक्सर कपिल पोखरिया ने मुख्यमंत्री धामी से की भेंट

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को नगला तराई, खटीमा स्थित उनके निजी आवास पर अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर एवं उत्तराखण्ड के प्रतिभावान खिलाड़ी कपिल पोखरिया ने भेंट की। कपिल पोखरिया ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स–2026 की पुरुष 90 किग्रा बॉक्सिंग स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक अपने नाम किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कपिल पोखरिया को इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता ने उत्तराखण्ड के साथ पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं द्वारा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हासिल की जा रही उपलब्धियां नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने कपिल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आगे भी अपनी प्रतिभा और परिश्रम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश एवं उत्तराखण्ड का नाम रोशन करते रहेंगे।

इस अवसर पर कपिल पोखरिया ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।


हरिद्वार में बेकाबू बस का कहर, पांच वाहनों को मारी टक्कर, ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल

ऑटो चालक का  एक हाथ कटकर हुआ अलग

हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार बस के अनियंत्रित होने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्गा चौक के पास बेकाबू हुई बस ने सड़क किनारे खड़े एक ऑटो और चार कारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनका एक हाथ कटकर अलग हो गया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जौलीग्रांट स्थित हायर सेंटर रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि हादसा दुर्गा चौक के पास एक निजी अस्पताल के बाहर हुआ। तेज रफ्तार बस अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। बस की टक्कर से एक ऑटो और चार कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। इस दौरान एक कुत्ता भी बस की चपेट में आ गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मची अफरातफरी

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों की मदद की। हादसे के चलते सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

बस चालक हिरासत में, जांच शुरू

पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त बस को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर बस किस वजह से अनियंत्रित हुई। प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार के कारण बस के नियंत्रण से बाहर होने की बात सामने आई है।

गंभीर रूप से घायल ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं को बेहतर उपचार के लिए जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


एड्स जागरूकता को लेकर देहरादून में हुआ ‘रेड रन’ मैराथन का आयोजन

खेल प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से एचआईवी/एड्स नियंत्रण एवं जागरूकता का दिया संदेश

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य एड्स नियंत्रण समिति, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, उत्तराखण्ड, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून तथा खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को एचआईवी/एड्स नियंत्रण एवं जागरूकता के उद्देश्य से राज्य स्तरीय ‘रेड रन’ मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 7 बजे फ्लैग ऑफ कर किया गया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ डॉ. अमित शुक्ला, संयुक्त निदेशक, बेसिक सर्विस अनुभाग, उत्तराखण्ड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के द्वारा करते हुये कहा कि एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए जागरूकता ही सबसे प्रभावी माध्यम है। युवाओं को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव और उपचार के संबंध में सही जानकारी प्राप्त कर समाज में भी जागरूकता फैलानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि उन्हें सम्मान और सहयोग मिलना चाहिए। ‘रेड रन’ जैसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली के साथ-साथ एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और ‘सही जानकारी अपनाएं, भेदभाव मिटाएं और एचआईवी/एड्स की रोकथाम में भागीदार बनें।’ उन्होंने कहा कि जागरूक युवा ही स्वस्थ, सुरक्षित और एड्स मुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। प्रतियोगिता में 17 से 25 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

‘रेड रन’ मैराथन यामाहा शोरूम के निकट पेट्रोल पंप, कैनाल रोड, एनआईईपीवीडी, बाला सुंदरी मंदिर, स्कॉलर होम बैक गेट, इंदरबाबा मार्ग एवं नियर पॉलिटेक्निक होते हुए पुनः यामाहा शोरूम पर समाप्त हुई।

प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज के अमरदीप, फैजान और मुकेश ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज की तनुशी चौहान, रितिका रावत एवं सोनाली डोडियाल ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 10 हजार, 7,500 तथा 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

मैराथन में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज की ओर से फुटबॉल प्रशिक्षक पंकज भट्ट, हॉकी प्रशिक्षक पंकज रावत, क्रिकेट प्रशिक्षक हरप्रीत सिंह, पंकज पोखरियाल, उमेश सिंह गढ़िया एवं करन प्रजापति सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभाग किया।

अन्त में धन्यवाद ज्ञापित करते हुये महेन्द्र कुमार, उप निदेषक, वित्त, वित कहा कि ‘रेड रन’ जैसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ एचआईवी/एड्स से बचाव, जागरूकता एवं समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।


सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नानकमत्ता पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, स्वच्छता अभियान में किया श्रमदान

मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब में मत्था टेक प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं, धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी- मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब परिसर में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में प्रतिभाग कर श्रमदान किया।

मुख्यमंत्री ने स्वयं साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने इससे पहले गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब में मत्था टेक प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को सरोपा एवं स्मृति चिह्न भेंट किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ ही अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है और यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक आते हैं। ऐसे में धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के साथ ही बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी की भावना को नई मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितम्बर से प्रदेश में प्रारंभ ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता किसी एक अभियान या कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसे निरंतर जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में योगदान देना चाहिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जोगेंद्र सिंह, महासचिव सरदार अमरजीत सिंह बोपराय, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp