Sunday, May 31st, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

आईपीएल 2026 फाइनल- आज खिताब के लिए भिड़ेगी आरसीबी और गुजरात टाइटंस

Monthly Archives: May 2026

आईपीएल 2026 फाइनल- आज खिताब के लिए भिड़ेगी आरसीबी और गुजरात टाइटंस

अहमदाबाद में होगा महामुकाबला

अहमदाबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का फाइनल मुकाबला आज यानि रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों ने पूरे सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई है और अब ट्रॉफी जीतने के लिए पूरी ताकत झोंकने को तैयार हैं।

आरसीबी लगातार दूसरे खिताब पर नजर लगाए हुए है, जबकि गुजरात टाइटंस पांच वर्षों में तीसरी बार फाइनल खेल रही है और दूसरी बार चैंपियन बनने का सपना देख रही है। दोनों टीमों की खेल शैली एक-दूसरे से बिल्कुल अलग रही है। आरसीबी ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक क्रिकेट खेलकर विपक्षी टीमों पर दबाव बनाया, जबकि गुजरात ने संतुलित और संयमित प्रदर्शन के दम पर फाइनल तक का सफर तय किया।

क्वालिफायर-1 में आरसीबी ने गुजरात को एकतरफा मुकाबले में हराया था, लेकिन फाइनल में मुकाबला पूरी तरह अलग होने की उम्मीद है। गुजरात अपने घरेलू मैदान पर खेलेगी, जिससे उसे परिस्थितियों का फायदा मिल सकता है।

आरसीबी की बल्लेबाजी में विराट कोहली सबसे बड़े हथियार होंगे। उनके साथ फिल सॉल्ट की उपलब्धता पर भी नजर रहेगी। यदि सॉल्ट पूरी तरह फिट नहीं होते हैं तो वेंकटेश अय्यर ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। कप्तान रजत पाटीदार, जितेश शर्मा और टिम डेविड जैसे बल्लेबाज टीम की बल्लेबाजी को मजबूती देते हैं।

गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की जोड़ी आरसीबी के लिए अहम भूमिका निभा सकती है। दोनों गेंदबाज नई गेंद से विकेट निकालने में सफल रहे हैं और गुजरात के मजबूत शीर्ष क्रम को शुरुआती झटके देने की क्षमता रखते हैं।

वहीं गुजरात टाइटंस की उम्मीदें कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन की सलामी जोड़ी पर टिकी होंगी। दोनों बल्लेबाज पूरे सीजन में शानदार फॉर्म में रहे हैं और टीम को कई मजबूत शुरुआत दिला चुके हैं। जोस बटलर, राहुल तेवतिया और राशिद खान भी मैच का रुख बदलने का दम रखते हैं।

गुजरात की गेंदबाजी इकाई में कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की तेज गेंदबाज तिकड़ी पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। यदि यह तिकड़ी आरसीबी के आक्रामक बल्लेबाजों को जल्दी रोकने में सफल रहती है तो गुजरात की जीत की संभावना बढ़ जाएगी।

फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसकी पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां बड़े स्कोर बनने की संभावना रहती है, हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को कुछ मदद मिल सकती है। शाम के समय ओस भी अहम भूमिका निभा सकती है, जिससे लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को फायदा मिल सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अहमदाबाद में बारिश की संभावना नहीं है और मौसम साफ रहने का अनुमान है। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को पूरे 40 ओवर का रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।

फाइनल मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7:00 बजे किया जाएगा। मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।


पेंचक सिलाट खेल में उत्तराखंड का भविष्य उज्जवल- रेखा आर्या

दो दिवसीय प्रतियोगिता में शामिल हुए ढाई सौ खिलाड़ी

देहरादून। आमवाला में स्थित मल्टीपरपज हॉल में खेल मंत्री रेखा आर्या ने सातवीं उत्तराखंड राज्य स्तरीय पेंचक सिलाट चैंपियनशिप का समापन किया। कैबिनेट मंत्री ने विभिन्न वर्गों में विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया। उत्तराखंड पेंचक सलाट संगठन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के कुल आठ जनपदों से 250 से ज्यादा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

समापन अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि पहले यह खेल उत्तराखंड की खेल नीति में शामिल नहीं था, लेकिन गोवा में आयोजित 37 वें राष्ट्रीय खेलों में जब प्रदेश के खिलाड़ियों ने इस खेल में मेडल जीते तो इसे खेल नीति का हिस्सा बनाया गया।

खेल मंत्री ने कहा कि अब प्रदेश के लगभग सभी जनपदों में इस खेल में नए खिलाड़ी उभर कर सामने आ रहे हैं और बीते 1 साल में प्रदेश के कई खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पदक जीत कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

उन्होंने कहा कि पेंचक सिलाट जैसा खेल हमें अनुशासन, परिश्रम और आत्मरक्षा का आत्मविश्वास देता है। अब युवा न सिर्फ इस खेल में कैरियर बना सकते हैं, साथ ही यह उनके लिए अपने आप को फिट रखने का भी शानदार जरिया है।

खेल मंत्री ने कहा कि अब अभिभावक अपने बच्चों को खेल के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करने लगे हैं, जो कि समाज में एक सकारात्मक बदलाव है। इसलिए खिलाड़ियों की भी यह जिम्मेदारी बनती है कि वह अपने माता-पिता की उम्मीदों पर खरे उतरें।

इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष केवल किशन भारतीय, महासचिव बबलू दिवाकर, कोषाध्यक्ष राहुल कुमार आदि उपस्थित रहे।


बोरियों में मिले पशु के सिर और मांस के मामले में 8 नामजद, 4 हिरासत में

खंडवा: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के सिंहाड़ा गांव में शुक्रवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में पशु के अवशेष मिलने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। गांव में एक मकान के बाहर रखी तीन बोरियों में पशु का सिर और मांस मिलने की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात कुछ ग्रामीणों को घर के बाहर रखी बोरियां संदिग्ध लगीं। जब लोगों ने उनकी जांच की तो एक बोरी में पशु का सिर और अन्य बोरियों में मांस मिला। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इस दौरान कुछ लोग घटनास्थल से भाग निकले, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और प्रारंभिक जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया है। इनमें से चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस ने बरामद अवशेषों के नमूने वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेज दिए हैं ताकि पशु की पहचान और मामले की सच्चाई का पता लगाया जा सके। साथ ही संदिग्ध मकान और आसपास के क्षेत्र की भी तलाशी ली गई है।

अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।


करिश्मा कपूर की सस्पेंस-थ्रिलर सीरीज ‘ब्राउन’ का ट्रेलर रिलीज

90 के दशक की सुपरस्टार करिश्मा कपूर एक बार फिर दर्शकों के बीच दमदार अंदाज में लौटने जा रही हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित सस्पेंस-थ्रिलर वेब सीरीज ‘ब्राउन’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसमें रहस्य, अपराध और मनोवैज्ञानिक संघर्ष की झलक देखने को मिलती है। ट्रेलर में करिश्मा एक ऐसे पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आ रही हैं, जो एक जटिल मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के साथ-साथ अपने निजी अतीत के जख्मों से भी जूझ रही है।

सीरीज ‘ब्राउन’ का ट्रेलर एक सनसनीखेज हत्या की घटना से शुरू होता है, जिसकी जांच की जिम्मेदारी पुलिस अधिकारी रीता ब्राउन को सौंपी जाती है। मामले की तह तक पहुंचना आसान नहीं है, क्योंकि हर सुराग एक नए रहस्य की ओर इशारा करता है। जांच के दौरान रीता को सिर्फ अपराधियों का ही नहीं, बल्कि अपने अतीत के दर्दनाक अनुभवों का भी सामना करना पड़ता है।

करिश्मा कपूर ने रीता ब्राउन के किरदार को कई भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक परतों के साथ निभाया है। वह एक काबिल और निडर पुलिस अधिकारी हैं, लेकिन निजी जीवन में अकेलेपन और शराब की लत जैसी चुनौतियों से जूझ रही हैं। यही संघर्ष उनके किरदार को और अधिक दिलचस्प बनाता है।

सीरीज में दिग्गज अभिनेत्री हेलन भी अहम भूमिका में दिखाई देंगी। लंबे समय बाद स्क्रीन पर उनकी मौजूदगी दर्शकों के लिए खास आकर्षण होगी। इसके अलावा सोनी राजदान, सूर्या शर्मा और बंगाली अभिनेता जीशु सेनगुप्ता भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आएंगे।

बंगाल की पृष्ठभूमि पर आधारित इस सीरीज की कहानी चर्चित उपन्यास ‘सिटी ऑफ डेथ’ से प्रेरित है, जिसे अभेक बरुआ ने लिखा है। रहस्य और रोमांच से भरपूर ‘ब्राउन’ का प्रीमियर 5 जून को ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर किया जाएगा। सीरीज के ट्रेलर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और इसके रिलीज का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।

(साभार)


चाबी बनाने के बहाने घरों में करते थे रेकी, अगले दिन लाखों की चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया

नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो चाबी बनाने के बहाने लोगों के घरों में पहुंचकर पहले रेकी करता था और फिर मौका मिलते ही लाखों रुपये के गहने व नकदी चोरी कर फरार हो जाता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक आरोपी और उसका नाबालिग रिश्तेदार शामिल है।

पुलिस के अनुसार, पालम गांव में हुई एक चोरी की वारदात की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ। शिकायतकर्ता ने बताया था कि दो व्यक्ति चाबी बनाने के नाम पर उसके घर आए थे। उन्होंने कुछ सामान लाने का बहाना बनाकर अगले दिन दोबारा आने की बात कही। इसके बाद आरोपी दोबारा घर पहुंचे और मौका पाकर अलमारी से कीमती गहने तथा नकदी लेकर फरार हो गए।

मामले की जांच के लिए पुलिस की विशेष टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान कर उसे सागरपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर इस तरह की वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह पहले घरों की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेता था, फिर सुनियोजित तरीके से चोरी करता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के गहनों का हिस्सा और उन्हें बेचकर प्राप्त नकदी भी बरामद की है।


लुधियाना में बंद मकान से बुजुर्ग दंपति के शव बरामद, इलाके में फैली सनसनी

लुधियाना: पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना के शिमलापुरी क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंद मकान के भीतर से बुजुर्ग दंपति के शव बरामद हुए। घटना का खुलासा तब हुआ जब आसपास रहने वाले लोगों ने घर से तेज दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। जांच के दौरान घर के भीतर 75 वर्षीय कुलदीप सिंह और उनकी पत्नी हरमीत कौर मृत अवस्था में मिले। दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, दंपति को दो दिन पहले तक सामान्य रूप से इलाके में देखा गया था। इसके बाद घर में कोई गतिविधि नजर नहीं आई। शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य बात समझा, लेकिन शनिवार को घर से तेज दुर्गंध आने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फॉरेंसिक विशेषज्ञ और डॉग स्क्वायड की टीमों को जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।

दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है।


उच्च शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला है- सीएम

राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाना है-  मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उच्च शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान और कौशल विकास के क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व परिवर्तन भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। शनिवार को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित “विकसित भारत 2047 के निर्माण में उच्च शिक्षा का महत्त्व” विषयक विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 भारतीय शिक्षा प्रणाली के प्राचीन गौरव को पुनर्स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। यह नीति विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नवाचार, अनुसंधान और व्यावहारिक कौशल को बढ़ावा देने के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर रही है।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों को केवल शिक्षण केंद्र नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के उत्कृष्ट केंद्रों के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व के प्रमुख स्टार्टअप हब के रूप में उभर रहा है तथा डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने देश की विकास यात्रा को नई गति प्रदान की है। आज भारत विज्ञान, प्रौद्योगिकी, रक्षा, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड शिक्षा, ज्ञान और अध्यात्म की समृद्ध परंपरा का केंद्र रहा है। राज्य सरकार शिक्षा में नवाचार, डिजिटल लर्निंग और भारतीय मूल्यों पर आधारित शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी और ऑनलाइन शिक्षण सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसे आधुनिक विषयों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दून विश्वविद्यालय में स्थापित सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज भारतीय ज्ञान परंपरा के अध्ययन और अनुसंधान को नई दिशा देगा। बदलते वैश्विक परिदृश्य में युवाओं को भविष्य के अनुरूप कौशल, नवाचार और नेतृत्व क्षमता से युक्त बनाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार उद्योगों एवं शैक्षणिक संस्थानों के बीच समन्वय, इंटर्नशिप, इंडस्ट्री-लिंक्ड पाठ्यक्रमों तथा स्टार्टअप एवं इन्क्यूबेशन सेंटरों को प्रोत्साहित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाना है। उन्होंने शिक्षाविदों, विशेषज्ञों और प्रबुद्धजनों से विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के अध्यक्ष सुनील कुमार, उपाध्यक्ष अजय कुमार, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, शिक्षाविद, विशेषज्ञ एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।


एसएसपी दून की सख्ती से भू- माफियाओं पर दून पुलिस का कसता शिंकजा

सम्पत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर 01 करोड़ 65 लाख रूपये की धोखाधडी करने वाले अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अभियुक्त द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पूर्व में बेची गयी समपत्ति के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसे दोबारा किसी अन्य को बेचकर की थी धोखाधडी
देहरादून- दिनांक 24-05-2026 को वादी  विनोद प्रकाश अग्रवाल पुत्र स्व0 श्री जे०पी० अग्रवाल निवासी बलवीर रोड, थाना डालनवाला, देहरादून द्वारा कोतवाली नगर पर लिखित तहरीर दी कि अभियुक्त संजय जैन आदि के द्वारा उनके साथ धोखाधड़ी करते हुए हरिद्वार रोड पर अरिहंत टावर में 5 वीं मंजिल में स्थित संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उक्त सम्पत्ति उन्हें बेचकर उनसे 01 करोड़ 65 लाख रूपये हडप लिये। सम्पत्ति के सम्बन्ध में वादी द्वारा जानकारी करने पर उन्हें ज्ञात हुआ कि संजय जैन व अन्य के द्वारा पूर्व में ही उक्त सम्पत्ति को निशांत गर्ग को बेचा जा चुका था। वादी द्वारा धोखाधड़ी से उक्त धनराशि हड़प लेने के सम्बन्ध में दिये गये प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना कोतवाली नगर पर मु0अ0सं0- 190/2026 धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2),61(2) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया।
प्रकरण की संवेदनशीलता के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून द्वारा धोखाधडी में लिप्त अभियुक्तों के विरूद्ध आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही करते हुए उनकी त्वरित गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिये गये थे,  जिस पर विवेचक द्वारा अभियोग में आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही करते हुए प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर दिनांक- 29-05-26 को अभियोग में नामजद अभियुक्त संजय जैन को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त से पूछताछ में प्रकरण में शामिल उसके अन्य सहयोगियों के नाम भी प्रकाश में आये हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।
पूछताछ का विवरण:-
पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि पूर्व में उसकी हरिद्वार में लगेज बैग बनाने की फैक्ट्री थी, जिसमें लगातार नुकसान होने के कारण उस पर लोगों का काफ़ी कर्जा हो गया था। कर्जे को चुकाने के लिए अभियुक्त की पत्नी रितु जैन द्वारा उनकी हरिद्वार रोड में अरिहंत टावर की पाँचवी मंजिल पर स्थित सम्पत्ति को वर्ष 2024 में निशांत गर्ग पुत्र नवीन गर्ग को 3 भागों में सेल डीड तैयार कर बेच दिया था। उक्त संपत्ति बेचने के उपरान्त भी जब वे सभी लोगों का पैसा नहीं लौटा सके तो उनके द्वारा उक्त संपत्ति के फर्जी दस्तावतेज तैयार करते हुए वर्ष 2025 में उसे दोबारा विनोद प्रकाश अग्रवाल को 1 करोड़ 65 लाख रूपये में बेच दिया।
विवरण गिरफ्तार अभियुक्त:-
 संजय जैन पुत्र स्व० गुणवन्त राय जैन निवासी अल्टीमा अपार्टमेंट 7जी फ्लोर, फ्लैट नंबर ई 705 इन्दर रोड, थाना डालनवाला, देहरादून, उम्र-  65 वर्ष
पुलिस टीम :-
1- प्रभारी निरीक्षक हरिओम चौहान, कोतवाली नगर
2- व0उ0नि0 विकास रावत
3- हे0का0 उमेश
4- म0का0 बिजली

गाजीपुर में होटल संचालक की गोली मारकर हत्या, रात में होटल के बाहर बरसाईं गोलियां

गाजीपुर: शहर कोतवाली क्षेत्र के फुल्लनपुर फत्तेहपुर सिकंदर स्थित एक होटल के बाहर शुक्रवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना में 26 वर्षीय होटल संचालक विनीत राय की मौत हो गई। बाइक सवार हमलावरों ने होटल के गेट पर घात लगाकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, विनीत राय रात करीब 11 बजे होटल से घर जाने के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान पहले से मौजूद हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। कई गोलियां लगने से विनीत गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतक के पिता और होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक राय की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी जोन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


फगवाड़ा में आरटीआई एक्टिविस्ट की गोली मारकर हत्या, हमलावर वारदात के बाद फरार

फगवाड़ा: पंजाब के फगवाड़ा में एक आरटीआई कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान जालंधर निवासी सिमरनजीत के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने सिमरनजीत को निशाना बनाते हुए उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए। इसी दौरान कार लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के नजदीक लावारिस अवस्था में खड़ी मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह वाहन घटना से जुड़ा हो सकता है। वाहन की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp