Sunday, May 3rd, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का असर, भूमि धोखाधड़ी पर प्रशासन ने कसा शिकंजा

Daily Archives: 03/05/2026

मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का असर, भूमि धोखाधड़ी पर प्रशासन ने कसा शिकंजा

भूमि फर्जीवाडे़ पर बडी कार्रवाई, आयुक्त ने 24 मामलों में एफआईआर दर्ज कराने के दिए निर्देश

खसरा हेरफेर कर दोहरी बिक्री, सुनवाई में भूमाफियों का बड़ा खेल उजागर

बडे भू-प्रकरणों में देरी पर आयुक्त सख्त, 15 दिन में प्रगति के निर्देश

आयुक्त का स्पष्ट संदेश- लंबित न रहे मामले, तुरंत करें कार्रवाई

देहरादून। गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में सर्वे चौक स्थित कैंप कार्यालय में लैंड फ्रॉड समन्वय समिति की उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में प्राप्त आख्या की समीक्षा की गई। इस दौरान समिति द्वारा लैंड फ्रॉड से संबंधित 20 लंबित एवं 105 नए मामलों सहित 125 मामलों सुनवाई की गई। इस दौरान समिति द्वारा कुल 45 प्रकरणों का निस्तारण के साथ ही 24 मामलों में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। लैंड फ्रॉड समिति में दर्ज नए मामलों में सबसे अधिक 74 मामले देहरादून जनपद के है, जबकि हरिद्वार के 15, पौडी के 13, टिहरी के 02 तथा चमोली का 01 प्रकरण भी इसमें शामिल है।

गढ़वाल आयुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत भूमि धोखाधड़ी के मामलों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रकरणों में संयुक्त निरीक्षण अपेक्षित है, उन्हें इसी सप्ताह पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि लैंड फ्रॉड कमेटी की बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि हर 15 दिनों के अंतराल में लैंड फ्रॉड मामलों की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में आयोजित ताजा बैठक में कुल 125 प्रकरणों पर विचार किया गया, जिनमें 20 लंबित और 105 नए मामले शामिल थे। इनमें से 24 प्रकरण अत्यंत गंभीर पाए गए, जिनमें तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इन 24 मामलों में उदय सिंह, सुचेता सेमवाल, राजीव जायलवाल, गुलाब सिंह, किरन बागड़ी, अजय कुमार, संजीव गर्ग, मिथलेश सिंघल, जगदंबा रावत, अर्जुन सिंह, सामरजी देवी समेत कुल 13 शिकायतें विशेष रूप से भूमि पर तारबाड़ कर कब्जा व जमीन को खुर्द-बुर्द करने से संबंधित हैं। आयुक्त ने कहा कि जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं-कहीं बिना जमीन के ही बिक्री, कहीं खसरा नंबर में हेरफेर कर अलग भूमि देना, तो कहीं 2 बीघा भूमि को 4 बीघा बताकर बेचना जैसे गंभीर फर्जीवाड़े उजागर हुए हैं। आयुक्त ने ऐसे मामलों में पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके अतिरिक्त भूमि धोखाधडी, अवैध कब्जा एवं गंभीरता वाले अन्य 11 मामलो पर भी आयुक्त ने एफआईआर दर्ज कराने के आदेश जारी किए है।

आयुक्त ने कहा कि 24 एफआईआर योग्य मामलों के अतिरिक्त 45 अन्य प्रकरणों का भी निस्तारण किया गया है। इनमें कुछ मामलों में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है। कुछ में लेन-देन की समस्या प्रशासनिक हस्तक्षेप से सुलझ गई और धनराशि वापस कर दी गई। वहीं, कुछ प्रकरण सिविल न्यायालय में लंबित पाए गए, जिनमें बेनामा निरस्तीकरण से संबंधित विवाद हैं और इनमें लैंड फ्रॉड नहीं पाया गया। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों का निस्तारण विधिवत न्यायालय के माध्यम से ही होगा।

आयुक्त ने विशेष रूप से बड़े भू-क्षेत्र से जुड़े मामलों में कार्रवाई में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे लंबित प्रकरणों में 15 दिनों के भीतर ठोस प्रगति लाना सुनिश्चित करें। ऐसे मामलें जिनमें अवैध निर्माण सिद्ध हो चुका है, उनमें तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए। स्पष्ट भूमि धोखाधड़ी के सभी मामलों में अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। जो मामले भूमि धोखाधडी से संबंधित नही है उनकी सूचना शिकायतकर्ता को भी दी जाए। आयुक्त ने निर्देश दिए कि भूमि से संबंधित मामलों में प्रारंभिक स्तर पर ही विवाद की पहचान कर आवश्यक प्रतिबंधात्मक कदम उठाए जाएं, जिससे भविष्य में जटिलताएं उत्पन्न न हों।

आयुक्त ने न्यायालय में लंबित मामलों को छोड़कर अन्य सभी प्रकरणों में विभागीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा किसी भी भूमि संबंधी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने के निर्देश दिए।

लैंड फ्रॉड समन्वय समिति की बैठक में पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान, अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी टिहरी शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसपी (ग्रामीण) जया बलूनी, डीजीसी नितिन वशिष्ट, एसडीएम डोईवाला अपर्णा ढौंडियाल, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम यमकेश्वर छत्तर सिंह चौहान, एसडीएम गैरसैंण अहमद अबरार, उप निबंधक स्टाम्प रामदत्त मिश्र सहित वर्चुअल माध्यम से सभी संबंधित तहसीलों के वरिष्ठ अधिकारी व तहसीलदार उपस्थित थे।


गर्मी के मौसम में ग्रीन-टी पीना सही या गलत? जानिए एक्सपर्ट की राय

भीषण गर्मी ने देश के कई हिस्सों में लोगों की दिनचर्या बदल दी है। 40 से 45 डिग्री के पार पहुंचता तापमान न सिर्फ असहजता बढ़ा रहा है, बल्कि सेहत पर भी सीधा असर डाल रहा है। ऐसे मौसम में शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखना सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि खानपान में जरा सी लापरवाही भी डिहाइड्रेशन, थकान और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याओं को जन्म दे सकती है।

गर्मियों में लोग ठंडक पाने के लिए तरह-तरह के पेय पदार्थों का सेवन करते हैं, लेकिन हर पेय शरीर के लिए फायदेमंद नहीं होता। खासकर कोल्ड ड्रिंक, ज्यादा चाय या कॉफी सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में एक आम सवाल उठता है कि क्या ग्रीन-टी जैसी हेल्दी मानी जाने वाली ड्रिंक गर्मियों में भी सुरक्षित है? विशेषज्ञों के मुताबिक, इसका जवाब ‘हां’ है, लेकिन कुछ जरूरी सावधानियों के साथ।

ग्रीन-टी के फायदे
ग्रीन-टी में पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर के लिए बेहद लाभकारी माने जाते हैं। इसमें मौजूद तत्व मेटाबॉलिज्म को तेज करने, वजन नियंत्रित रखने और दिल की सेहत सुधारने में मदद करते हैं। इसके नियमित सेवन से कोलेस्ट्रॉल स्तर को संतुलित रखने में भी सहायता मिल सकती है।

क्या गर्मियों में पी सकते हैं ग्रीन-टी?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मियों में भी ग्रीन-टी का सेवन किया जा सकता है, लेकिन इसकी मात्रा सीमित होनी चाहिए। दिनभर में 1 से 2 कप ग्रीन-टी लेना सुरक्षित माना जाता है। इससे शरीर को जरूरी एंटीऑक्सीडेंट्स मिलते हैं, बिना डिहाइड्रेशन के जोखिम के।

हालांकि, जरूरत से ज्यादा ग्रीन-टी पीना नुकसानदायक हो सकता है। अधिक मात्रा में सेवन करने से शरीर में पानी की कमी, सिरदर्द और थकान की समस्या हो सकती है, क्योंकि इसमें कैफीन मौजूद होता है।

शरीर को ठंडा रखने में मददगार
कुछ अध्ययनों के अनुसार, ग्रीन-टी शरीर के तापमान को संतुलित करने में मदद कर सकती है। यह शरीर की गर्मी के प्रति प्रतिक्रिया को बेहतर बनाती है, जिससे शरीर खुद को जल्दी ठंडा कर पाता है।

इन बातों का रखें ध्यान
ग्रीन-टी का सेवन खाली पेट न करें और न ही बहुत ज्यादा गर्म अवस्था में पिएं। इसे भोजन के 30 से 45 मिनट बाद लेना ज्यादा फायदेमंद होता है। साथ ही, दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।

जिन लोगों को लो ब्लड प्रेशर, एनीमिया या गर्मी ज्यादा लगने की समस्या है, उन्हें ग्रीन-टी का सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।

नोट: यह जानकारी विभिन्न मेडिकल रिपोर्ट्स और विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर तैयार की गई है।

(साभार)


आईपीएल 2026- कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला आज

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में आज कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। एक तरफ केकेआर इस सीजन में लगातार संघर्ष करती नजर आई है, तो वहीं हैदराबाद ने खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी कर प्लेऑफ की दौड़ में खुद को मजबूती से बनाए रखा है। ऐसे में यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

सनराइजर्स हैदराबाद इस समय बेहतरीन फॉर्म में है और टीम लगातार जीत दर्ज कर रही है। उसकी बल्लेबाजी इस सीजन में सबसे मजबूत कड़ी साबित हुई है। अभिषेक शर्मा और हेनरिख क्लासेन ने लगातार रन बनाए हैं, जबकि ईशान किशन और ट्रेविस हेड भी टीम को तेज शुरुआत देने में सफल रहे हैं।

गेंदबाजी की बात करें तो कप्तान पैट कमिंस की वापसी से टीम को मजबूती मिली है। उनके साथ अन्य गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है, जिससे टीम संतुलित नजर आ रही है।

दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रदर्शन इस सीजन में निराशाजनक रहा है। कप्तान अजिंक्य रहाणे टीम को जीत की राह पर नहीं ला सके हैं। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही विभागों में टीम जूझती दिखी है। वरुण चक्रवर्ती जैसे अनुभवी गेंदबाज भी अब तक प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं, जिससे टीम पर दबाव बढ़ गया है।

टीम संयोजन को लेकर भी केकेआर के सामने चुनौती है। प्लेइंग-11 में बदलाव की संभावना जताई जा रही है, ताकि टीम संतुलन बना सके और बेहतर प्रदर्शन कर सके।

संभावित प्लेइंग-11

सनराइजर्स हैदराबाद:
अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिख क्लासेन, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), हर्ष दुबे, प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा

कोलकाता नाइट राइडर्स:
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), सुनील नरेन, अंगकृष रघुवंशी, कैमरन ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, अनुकूल रॉय, रमनदीप सिंह, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती

मैच से जुड़ी अहम जानकारी

तारीख: 3 मई (रविवार)
समय: दोपहर 3:30 बजे (टॉस 3:00 बजे)
स्थान: राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, हैदराबाद

लाइव प्रसारण
मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स चैनलों पर किया जाएगा, जबकि इसकी लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगी।


बंद घर में खून से सने मिले चार मासूमों के शव, मां लापता

अंबेडकरनगर- उत्तर प्रदेश के अकबरपुर क्षेत्र के मीरानपुर मोहल्ले में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक घर के अंदर चार बच्चों के खून से सने शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के समय घर का दरवाजा अंदर से बंद था, जबकि बच्चों की मां मौके से गायब पाई गई।

जानकारी के मुताबिक, महरुआ निवासी नियाज की पत्नी अपने चार बच्चों—शफीक, सउद, उमर और बेटी बयान—के साथ मीरानपुर में रह रही थी। नियाज पिछले कई वर्षों से सऊदी अरब में नौकरी कर रहा है और वहीं दूसरी शादी करने की बात भी सामने आई है।

प्रारंभिक आशंका है कि पारिवारिक तनाव के चलते महिला मानसिक दबाव में थी। इसी वजह से उसने कथित रूप से ईंट से वार कर अपने बच्चों की हत्या कर दी और बाद में बालकनी से कूदकर फरार हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार महिला की तलाश जारी है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp