Wednesday, June 10th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

रंगदारी और फायरिंग कांड का खुलासा, आरोपी अमन अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार

Daily Archives: 10/06/2026

रंगदारी और फायरिंग कांड का खुलासा, आरोपी अमन अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार

रंगदारी और फायरिंग कांड का खुलासा, आरोपी अमन अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार

देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली प्रेमनगर पुलिस ने रंगदारी मांगने और जानलेवा फायरिंग की घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 25 मई 2026 को लक्ष्मीपुर प्रेमनगर निवासी सीमा राजपूत ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों द्वारा उनके पति संजय कुमार से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और पैसे न देने पर उनके घर पर फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने 9 जून को मुख्य आरोपी अमन (25 वर्ष), निवासी नालापानी, देहरादून को बिधौली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
जेल से रची गई थी रंगदारी की साजिश

पूछताछ में सामने आया कि अमन की मुलाकात जेल में हत्या के मामले में बंद अर्जुन और संजय राजपूत से हुई थी। बाद में अर्जुन ने अपने सहयोगियों विकास बलारा और दीपिका के साथ मिलकर संजय राजपूत से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की योजना बनाई। आरोप है कि रकम न मिलने पर 20 मई की सुबह संजय राजपूत के घर पर धमकी भरा पत्र फेंका गया और फायरिंग की गई।

आपराधिक इतिहास भी लंबा

गिरफ्तार आरोपी अमन के खिलाफ हत्या, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह पूर्व में दो हत्या के मामलों और मादक पदार्थ तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।
तीन आरोपी अभी भी वांछित

मामले में अर्जुन (वर्तमान में जिला कारागार देहरादून में निरुद्ध), विकास बलारा और दीपिका को भी नामजद किया गया है। पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

बरामदगी

01 देसी तमंचा (315 बोर)
02 जिंदा कारतूस (315 बोर)

पुलिस टीम

प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह, कांस्टेबल अरशद, पंकज, रविशंकर तथा एसओजी के हेड कांस्टेबल किरण कुमार की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

दून पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने की SIR अभियान की समीक्षा, तीन दिन में 19 लाख से अधिक फार्म वितरित

*निर्वाचन अधिकारी ने की SIR अभियान की समीक्षा, तीन दिन में 19 लाख से अधिक फार्म वितरित*

– कम प्रगति वाले जिलों को सीईओ ने दिए विस्तृत निर्देश 

– चम्पावत,अल्मोड़ा पिथौरागढ़ फार्म वितरण में अब्बल 

– देहरादून,नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में फार्म वितरण की धीमी प्रगति

 

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दृष्टिगत सचिवालय में सभी जनपदों जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक की। इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने गणना फार्म वितरण में देहरादून,नैनीताल और ऊधमसिंह नगर की धीमी प्रगति को लेकर नाराजगी जाहिर की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मुख्य रुप से इन तीनों जनपदों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सबसे अधिक गणना फार्म वितरित कर चुके शीर्ष तीन जनपदों चम्पावत, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ की सराहना की।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में मतदाताओं के लिए आवासीय कॉलोनी, सार्वजनिक स्थानों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर मतदाताओं तक पंहुच सुनिश्चित करें, उन्होंने बीएलओ के साथ तैनात आईटी वालिंटियर्स, बूथ अवेयरनेस ग्रुप और सक्रिय रुप भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराया गया कि उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तीसरे दिन बुधवार दोपहर तक प्रदेश में 19 लाख मतदाताओं को गणना फार्म वितरित कर दिए गए हैं। प्रदेश में लगभग 24 प्रतिशत मतदाताओं को फार्म वितरण का कार्य पूरा कर दिया गया है।


जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा घण्टाघर में “सडक सुरक्षा जीवन रक्षा” अभियान के अंतर्गत जागरूकता अभियान

देहरादून। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल एवं जिला न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल प्रेम सिंह खिमाल के निर्देशानुसार आज सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून सीमा डुँगराकोटी द्वारा घंटाघर चौक में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

उक्त अभियान 08 जून 2026 से 14 जून 2026 तक जिला देहरादून में व्यापक रूप से आयोजित किया जाएगा। सचिव द्वारा सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला गया और उपस्थित व्यक्तियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहते हुए यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। ओवरस्पीड में गाड़ी न चलाने और नशे में गाड़ी न चलाने की अपील की गई। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों एवं मिलने वाले निःशुल्क विधिक सहायताओं के बारे में जानकारी दी और नालसा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। यह भी बताया गया कि जरूरतमंद व्यक्तियों को कानूनी सहायता प्रदान करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यरत है तथा सड़क सुरक्षा अभियान की तरह विभिन्न आवश्यक विषयों पर जागरूकता अभियान आयोजित कर आमजन को जागरूक किया जाता है।

इस अवसर पर निरीक्षक यातायात देहरादून समरवीर सिंह रावत ने उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए कहा कि रोड पर चलते हुए अगर कही कोई दुर्घटना होती है तो दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को golden hour (दुर्घटना के 1 घंटे के अंदर) अस्पताल में भर्ती कराये, अच्छा मददगार व्यक्ति कहलाओगे (good Samaritan) जिसके लिए आपको सम्मानित किया जाएगा। साथ ही आमजन को पैदल चलते हुए फुटपाथ एवं जेबरा क्रासिंग का प्रयोग करना चाहिए, सीट बेल्ट एवं हेलमेट का प्रयोग करें। पराविधिक कार्यकर्ता उमेश्वर सिंह रावत द्वारा आमजन को बताया गया कि चौराहों पर हमेशा गाड़ी को स्टॉप लाइन से पहले रोके तथा लाल बत्ती का उल्लंघन न करे। एस०एल० होंडा के प्रबंधक मोनिका द्वारा भी लोगो को संबोधित किया गया। इस अभियान के तहत 200 से अधिक व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया।


परमपूज्य ब्रह्मलीन श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज के महानिर्वाण दिवस पर किया गुरु का सिमरन

संगतों ने रक्तदान कर निभाई सेवा की परंपरा, 101 यूनिट रक्त संग्रहित

परमपूज्य ब्रह्मलीन श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज के महानिर्वाण दिवस पर उमड़ा श्रद्धा का सागर

संगतों ने रक्तदान कर निभाई सेवा की परंपरा, 101 यूनिट रक्त संग्रहित

देहरादून। परमपूज्य ब्रह्मलीन श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज के महानिर्वाण दिवस (10 जून) के पावन अवसर पर श्री दरबार साहिब में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री दरबार साहिब के पूजनीय सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने श्री झण्डे जी पर विशेष पूजा-अर्चना कर समस्त मानव जाति के कल्याण, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की और अपने गुरु परमपूज्य ब्रह्मलीन श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज को याद किया। देश-विदेश से पहुंची हजारों संगतों ने अपने पूज्य गुरु महाराज को याद करते हुए श्री दरबार साहिब में मत्था टेका तथा उनके बताए सेवा, समर्पण और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर श्री दरबार साहिब परिसर में लंगर, प्रसाद एवम् शबील वितरित की गई।

महानिर्वाण दिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए श्री दरबार साहिब परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। 101 यूनिट रक्तदान हुआ। संगतों ने अपने पूज्य गुरु महाराज की स्मृति में उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। शिविर में कुल 101 यूनिट रक्तदान हुआ। श्रद्धालुओं का मानना था कि रक्तदान महादान है और जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा करना ही सच्ची गुरु सेवा है।

इस अवसर पर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड सहित देश-विदेश से पहुंची संगतों ने श्री गुरु महाराज के श्रीचरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए।
महानिर्वाण दिवस केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि गुरु की शिक्षाओं को आत्मसात करने का पर्व है। परमपूज्य ब्रह्मलीन श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज ने अपने जीवन में सेवा, परोपकार, प्रेम और मानवता का जो संदेश दिया, उसी प्रेरणा से संगतों ने इस दिन को सेवा, श्रद्धा और जनकल्याण के संकल्प के साथ मनाया। पूरे वातावरण में गुरु भक्ति, सेवा भावना और आध्यात्मिक उल्लास का दिव्य भाव व्याप्त रहा।


अधिकारियों की संपत्ति का ब्योरा नहीं होगा सार्वजनिक, सूचना आयोग ने माना सुरक्षा का मुद्दा

पूजा भट्ट

सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मांगी गई एक सरकारी अधिकारी की संपत्तियों की जानकारी को सार्वजनिक करने से राज्य सूचना आयोग ने इनकार को सही ठहराया है। आयोग ने माना कि अधिकारियों की संपत्ति से जुड़ी जानकारी उनके जीवन और परिवार की सुरक्षा से संबंधित हो सकती है, इसलिए इसे सार्वजनिक करना उचित नहीं है। मामला देहरादून के इंदिरा नगर निवासी विनय जायसवाल द्वारा सिंचाई विभाग के एक अधिकारी की संपत्तियों का ब्योरा मांगने से जुड़ा था। लोक सूचना अधिकारी ने जवाब में कहा कि यह सूचना अधिकारी की सुरक्षा और निजता से संबंधित है, इसलिए उपलब्ध नहीं कराई जा सकती।

इससे असंतुष्ट होकर अपीलकर्ता ने प्रथम और द्वितीय अपील दायर की। सुनवाई के दौरान संबंधित अधिकारी ने भी संपत्ति विवरण साझा करने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे उनकी निजता प्रभावित होगी और परिवार की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। वहीं अपीलकर्ता ने तर्क दिया कि 26 मार्च 2012 के राज्य शासनादेश के अनुसार सभी लोक अधिकारियों को अपनी संपत्तियों का विवरण स्वप्रकटन के तहत अपने विभाग को देना और हर वर्ष 31 मार्च तक विभागीय वेबसाइट पर प्रकाशित कराना अनिवार्य है, इसलिए इसे गोपनीय नहीं माना जा सकता। हालांकि आयोग के निर्देश पर लोक सूचना अधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी अधिकारी की संपत्ति का विवरण उसकी वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (ACR) का हिस्सा होता है, जिसे केवल अधिकृत विभागीय उच्च अधिकारी ही देख सकते हैं। आयोग ने इस तर्क को स्वीकार करते हुए माना कि ऐसे मामलों में सूचना न देना उचित है, भले ही संपत्ति विवरण के स्वप्रकटन से संबंधित शासनादेश मौजूद हो।


आपदा पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

शासन स्तर पर लंबित मामलों की नियमित पैरवी सुनिश्चित करें- मंडलायुक्त

मानसून से पूर्व कलवर्ट, नालियों एवं स्क्रबर की सफाई के निर्देश

पौड़ी। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान दैवीय आपदाओं से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को स्वीकृत कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) एवं आपदा न्यूनीकरण निधि के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों में प्रगति लायी जाय।

बुधवार को आयुक्त सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि शासन स्तर पर लंबित मामलों की नियमित पैरवी कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जल निगम को शासन स्तर पर स्वीकृति हेतु लंबित 98 योजनाओं की सूची उपलब्ध कराने तथा जल संस्थान को मुख्यालय को भेजे गए 97 आगणनों की नियमित मॉनिटरिंग एवं फॉलोअप करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने ग्रामीण निर्माण विभाग को 11 कार्यों में आवश्यक गति बनाए रखने तथा जिन कार्यों के लिए धनराशि प्राप्त हो चुकी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर प्रारम्भ करने के निर्देश दिए गए। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों से स्वीकृत योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट अद्यतन फोटोग्राफ सहित उपलब्ध कराने को कहा गया।

बैठक में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने स्वीकृत कार्यों एवं योजनाओं में प्रगति लाने पर बल दिया। उन्होंने आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभागों को कलवर्ट, नालियों एवं स्क्रबर की समय से सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे वर्षाकाल में जल निकासी सुचारु बनी रहे।

आयुक्त ने कहा कि शीघ्र ही अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर विभिन्न कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आवश्यक औपचारिकताएं प्राथमिकता से पूर्ण कर स्वीकृत परियोजनाओं का त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुनर्स्थापन कार्यों की नियमित निगरानी एवं गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग विवेक सेमवाल, अधिशासी अभियंता जल निगम नवनीत कटारिया, ग्रामीण निर्माण विभाग के विनोद जोशी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान त्रेपन सिंह रावत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग पाबौ शिवम मित्तल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


पीएम मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने दी बधाई

डॉ. नरेश बंसल ने देहरादून स्थित श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर की पूजा-अर्चना

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय सहकोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने उन्हें बधाई देते हुए इसे देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम काल बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और अनेक क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

बुधवार को इस अवसर पर डॉ. नरेश बंसल ने देहरादून स्थित श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र की निरंतर प्रगति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखा है।

डॉ. बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘प्रधानसेवक’ के रूप में अंत्योदय, सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को शासन की मूल भावना बनाकर कार्य किया है। जनधन योजना, डिजिटल इंडिया, आधारभूत संरचना के विस्तार, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और युवाओं के विकास जैसी पहलों ने देश को नई दिशा देने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ भारत आज विश्व मंच पर एक सशक्त, सक्षम और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने आर्थिक, सामाजिक और रणनीतिक क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छुआ है।

डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में बीते 12 वर्ष राष्ट्र निर्माण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री के राष्ट्र के प्रति समर्पण, अथक परिश्रम और दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


सुलतानपुर पुलिस का बड़ा खुलासा, मोबाइल टावरों से चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग के 5 सदस्य गिरफ्तार

सुलतानपुर: सुलतानपुर पुलिस को मोबाइल टावरों से बेशकीमती उपकरण उड़ाने वाले एक बड़े अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने मेरठ, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर के रहने वाले पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इस गैंग के पास से पुलिस ने 2 लाख रुपये नकद, अवैध तमंचा-कारतूस और चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की जाने वाली एक कार बरामद की है। पुलिस कप्तान ने इस शानदार कामयाबी के लिए पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है।

कार का नंबर बदल-बदल कर देते थे वारदात को अंजाम

सुलतानपुर की पुलिस अधीक्षक (SP) चारु निगम ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जिले में बीते अप्रैल और मई महीने के दौरान कई मोबाइल टावरों से कीमती डिवाइस और पैनल चोरी होने के मुकदमे दर्ज कराए गए थे। वारदातों को रोकने और खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगातार एक्टिव थीं। इसी कड़ी में अखंडनगर के कुंदा भैरोपुर सर्विस लेन के पास पुलिस ने एक संदिग्ध कार को घेराबंदी कर रोका। कार सवार युवकों से जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो मोबाइल टावर चोरी के इस बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हो गया।

दिल्ली भेजा जाता था चोरी का माल

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरफराज मलिक (लोनी, गाजियाबाद), अंकित कुमार (ककरौली, मुजफ्फरनगर), सुहेल मलिक, आमिर मलिक और मोहम्मद अयूब (तीनों निवासी हस्तिनापुर, मेरठ) के रूप में हुई है। पूछताछ में चोरों ने कुबूल किया कि वे लखनऊ को अपना बेस बनाकर रहते थे। सुबह के वक्त वे अपनी कार का नंबर बदल-बदल कर अलग-अलग जिलों के टावरों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही डिवाइस और पैनल चोरी कर उन्हें कार्टून में पैक करके दिल्ली भेज दिया करते थे। दिल्ली में बैठे उनके साथी सरफराज और अनस माल को ठिकाने लगाकर प्रति डिवाइस 20 से 40 हजार रुपये तक गैंग को देते थे।

दर्जनों आपराधिक मामलों में थे वांछित

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए सभी आरोपी बेहद शातिर हैं और उनके खिलाफ कई जिलों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सरफराज और अंकित पर अमेठी में एक-एक, जौनपुर में दो-दो तथा सुलतानपुर में चार-चार केस दर्ज हैं। वहीं सुहेल, आमिर और अयूब पर अमेठी में एक-एक, जौनपुर में दो-दो और सुलतानपुर में तीन-तीन केस दर्ज हैं। इस पूरे ऑपरेशन को एसओजी प्रभारी धीरेंद्र कुमार वर्मा, दारोगा कन्हैया कुमार पांडेय, अमित सिंह सहित पूरी टीम ने मुस्तैदी से अंजाम दिया।


अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले भारत को बड़ा झटका, हार्दिक पांड्या हुए बाहर

फिटनेस टेस्ट के दौरान चोटिल हुए हार्दिक, तीन सप्ताह रहेंगे क्रिकेट से दूर

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के प्रमुख ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोटिल होने के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। फिटनेस से जुड़ी नई समस्या सामने आने के बाद बीसीसीआई ने उनकी वापसी को फिलहाल टालने का फैसला किया है। ऐसे में तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले टीम प्रबंधन को अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है।

हार्दिक पांड्या हाल ही में पीठ की समस्या से उबरकर मैदान पर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी क्रम में बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उनका फिटनेस परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान गेंदबाजी करते समय उनकी जांघ की मांसपेशी (क्वाड्रिसेप्स) में खिंचाव आ गया, जिसके बाद मेडिकल टीम ने उन्हें आराम और पुनर्वास की सलाह दी है।

सूत्रों के अनुसार, हार्दिक को पूरी तरह फिट होने में करीब तीन सप्ताह का समय लग सकता है। ऐसे में 14 जून से शुरू होने वाली अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में उनका खेलना संभव नहीं होगा। इस घटनाक्रम ने क्रिकेट प्रशंसकों को भी हैरान कर दिया है, क्योंकि कुछ दिन पहले ही उनके फिट होने की खबरें सामने आई थीं।

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे श्रृंखला का पहला मुकाबला धर्मशाला में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच लखनऊ और अंतिम मुकाबला चेन्नई में आयोजित होगा। हार्दिक के बाहर होने से भारतीय टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलन बनाने की चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।

भारतीय टीम प्रबंधन हार्दिक को आगामी बड़े टूर्नामेंटों के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी मानता है। यही वजह है कि उनकी फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाया जा रहा है। चयनकर्ताओं की योजना उन्हें आगामी अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों, विशेषकर 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिए पूरी तरह फिट रखने की है।

मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर भी पहले स्पष्ट कर चुके हैं कि हार्दिक का कार्यभार सावधानी से प्रबंधित किया जाएगा, ताकि वह लंबे समय तक टीम के लिए उपलब्ध रह सकें। अफगानिस्तान सीरीज के बाद अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे श्रृंखला पर भी सभी की नजरें टिकी हैं। टीम इंडिया और प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि हार्दिक जल्द स्वस्थ होकर मैदान पर वापसी करें।


बारिश की राहत खत्म, फिर झुलसाने लगी गर्मी

आयुषी

कुछ दिन पहले तक बारिश, तेज आंधी और बादलों की आवाजाही ने उत्तराखंड के लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी थी। लोगों को लगने लगा था कि इस बार जून की तपिश शायद कुछ नरम रहेगी। लेकिन मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बीते तीन दिनों से प्रदेशभर में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। हालात यह हैं कि मैदानों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है और दिन के समय घर से बाहर निकलना चुनौती बनता जा रहा है।चटक धूप, गर्म हवाएं और लगातार बढ़ता तापमान लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रहा है। सुबह आठ बजे के बाद ही धूप का असर महसूस होने लगता है और दोपहर तक सड़कें लगभग सुनसान दिखाई देने लगती हैं। शाम ढलने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही।

पिछले सप्ताह हुई बारिश और आंधी-तूफान ने पूरे प्रदेश को गर्मी से राहत दी थी। कई दिनों तक मौसम सुहावना बना रहा और तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। लेकिन रविवार से आसमान साफ होते ही गर्मी ने फिर अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बादलों की कमी और लगातार साफ मौसम के कारण सूर्य की किरणें सीधे धरती तक पहुंच रही हैं, जिससे तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। यही कारण है कि पिछले तीन दिनों से प्रदेशभर में गर्मी लगातार बढ़ रही है।सबसे ज्यादा परेशानी दोपहर के समय देखने को मिल रही है। दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक गर्म हवाओं का असर इतना अधिक है कि लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।बाजारों में भी दोपहर के समय भीड़ कम दिखाई दे रही है। दफ्तरों से आने-जाने वाले कर्मचारी, डिलीवरी कर्मी, रिक्शा चालक, निर्माण कार्यों में लगे मजदूर और ट्रैफिक पुलिसकर्मी इस बढ़ती गर्मी का सबसे ज्यादा सामना कर रहे हैं।देहरादून के कई इलाकों में लोगों ने बताया कि पिछले सप्ताह की तुलना में गर्मी का असर अचानक बढ़ गया है और दिनभर कूलर-पंखों के बावजूद राहत महसूस नहीं हो रही।उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में आमतौर पर गर्मियों के दौरान मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहता है, लेकिन इस बार पहाड़ भी गर्मी की चपेट में आते दिखाई दे रहे हैं।

उत्तरकाशी, टिहरी, चमोली और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह और शाम की ठंडक अब पहले जैसी महसूस नहीं हो रही और दिन के समय धूप काफी तेज हो गई है।पर्यटन स्थलों पर पहुंचे कई पर्यटकों को भी इस बार उम्मीद के मुताबिक ठंडा मौसम नहीं मिल पा रहा है।मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा।तापमान के ये आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि प्रदेश में गर्मी का दौर अभी कमजोर पड़ने वाला नहीं है।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में विशेष गिरावट देखने को नहीं मिलेगी।हालांकि उत्तरकाशी, टिहरी और देहरादून के ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन इससे व्यापक स्तर पर गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं हुआ तो तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है|स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है

उत्तराखंड में गर्मी का यह दौर फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा। मौसम विभाग के संकेत बताते हैं कि आने वाले कुछ दिनों तक लोगों को तेज धूप, गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान का सामना करना पड़ सकता है।बारिश के बाद मिली राहत अब बीते दिनों की बात बन चुकी है और उत्तराखंड एक बार फिर जून की तपती गर्मी की गिरफ्त में आ गया है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने के साथ-साथ मौसम के अनुसार अपनी दिनचर्या को ढालना होगा, क्योंकि फिलहाल आसमान से राहत बरसने के संकेत बहुत कम दिखाई दे रहे हैं।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp