Monday, June 8th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

जौनपुर क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज निर्माण की घोषणा, प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान

Daily Archives: 08/06/2026

जौनपुर क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज निर्माण की घोषणा, प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान

टिहरी। प्रदेश के कृषि एवं जनपद टिहरी प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने आज जनपद भ्रमण के दौरान टिहरी के जौनपुर क्षेत्र स्थित सेन्दूल गांव पहुंचकर नाग देवता मंदिर स्थापना दिवस एवं ग्राम सेन्दूल के सामुदायिक वर्क शेड के शिलान्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सामुदायिक वर्क शेड का विधिवत शिलान्यास किया।

इससे पहले कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर नाग देवता का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। जौनपुर क्षेत्र आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने ग्रामीणों की मांग पर जौनपुर क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक कागजी कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को कृषकों की घेरबाड़, कृषि एवं अन्य विभागों से संबंधित मांगों का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कृषि मंत्री जोशी ने कहा कि राज्य की सभी न्याय पंचायतों में “खेत बचाओ अभियान” संचालित किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से धरती माता के संरक्षण के लिए प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग तथा जैविक एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।उन्होंने किसानों को मिलेट मिशन से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि इस वर्ष के लिए मिलेट का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5,209 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उन्होंने कृषकों से स्थानीय समूहों एवं एफपीओ के माध्यम से सहकारिता विभाग को अपना उत्पाद विक्रय कर योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह भी किया। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि डबल इंजन सरकार किसानों के कल्याण और उनकी आय दोगुनी करने की दिशा में लागतार प्रयासरत है।

इस अवसर पर प्रमुख सीता पँवार,मुख्य विकास अधिकारी टिहरी वरुणा अग्रवाल, राम दयाल सिंह, सुभाष रमोला, राजेश नौटियाल, राजेश सजवाण सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का घर-घर चरण शुरू, बीएलओ ने गणना प्रपत्रों का वितरण किया प्रारंभ

हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज करना हमारी प्राथमिकता : जिला निर्वाचन अधिकारी

प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए जनसहयोग की अपील

पौड़ी- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद पौड़ी गढ़वाल में 01 जुलाई, 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) के अंतर्गत सोमवार से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों के वितरण एवं सत्यापन कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है।

अभियान के तहत 08 जून से 07 जुलाई, 2026 तक बीएलओ प्रत्येक मतदान क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे तथा गणना प्रपत्र वितरित करेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में नए पात्र मतदाताओं को शामिल करने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा प्रविष्टियों में आवश्यक संशोधन के लिए आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस चरण में मतदाताओं से किसी प्रकार के दस्तावेज प्राप्त नहीं किए जाएंगे।

अभियान की प्रगति की निगरानी के क्रम में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एस एल शाह द्वारा पौड़ी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत मतदेय स्थल संख्या 121, 123 एवं 224 का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्रों के वितरण, बीएलओ एप में वितरण की स्थिति के अद्यतन तथा नेटवर्क कनेक्टिविटी की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्रों का वितरण एवं बीएलओ एप पर वितरण संबंधी विवरण का अद्यतन कार्य सुगमतापूर्वक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरण का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है तथा इसकी नियमित निगरानी भी की जा रही है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई, 2026 को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा, जबकि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया के उपरांत 15 सितम्बर, 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। उन्होंने कहा कि बीएलओ द्वारा वितरित किए जा रहे गणना प्रपत्रों को सही एवं पूर्ण जानकारी के साथ भरकर समय पर उपलब्ध कराया जाए, जिससे मतदाता सूची का अद्यतन कार्य प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।

उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य व्यक्तियों से अपील की कि वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का पंजीकरण अत्यंत आवश्यक है और यह अभियान उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


प्रेम संबंध के विवाद में 18 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या, दोस्त गंभीर घायल

नई टिहरी (लंबगांव): उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के प्रतापनगर स्थित खोलगढ़ गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक 18 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस जानलेवा हमले में युवक का एक दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में तनाव और भारी आक्रोश का माहौल है।

रातभर लहूलुहान हालत में पड़े रहे दोनों युवक

मृतक युवक की पहचान प्रतापनगर के देवल गांव निवासी कीर्तन के रूप में हुई है। पीड़ित पिता धनपाल लाल ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे उनके बेटे कीर्तन को खोलगढ़ गांव की एक युवती के फोन से कॉल करके बुलाया गया था। आरोप है कि प्रेम प्रसंग से नाराज युवती के पिता ने अपनी बेटी के साथ मिलकर कीर्तन और उसके दोस्त दिवाकर पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना खौफनाक था कि दोनों युवक रातभर लहूलुहान हालत में मौके पर ही पड़े रहे।

सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें देखा तो परिजनों को सूचित किया। परिजन आनन-फानन में कीर्तन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौंड ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दिवाकर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय बौराड़ी रेफर कर दिया गया है।

परिजनों ने शव उठाने से किया इन्कार

घटना से गुस्साए परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर मृतक कीर्तन का शव उठाने से साफ इन्कार कर दिया है। वर्तमान में शव को सीएचसी लंबगांव में रखा गया है। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऑनर किलिंग के इस मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


चारधाम यात्रा मार्गों पर एमआरपी से अधिक वसूली बर्दाश्त नहीं, होगी सख्त कार्रवाई : आयुक्त

यात्रियों को उचित मूल्य पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश, गुणवत्ता जांच एवं सैंपलिंग अभियान होगा तेज

पौड़ी- गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गढ़वाल मंडल के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा एवं आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में चारधाम यात्रा मार्गों पर खाद्य सुरक्षा, मूल्य नियंत्रण तथा प्रवर्तन संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गयी।

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा मार्गों पर स्थित सभी दुकानों, होटल-ढाबों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों में रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि यात्रियों को निर्धारित दरों पर खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एमआरपी अथवा निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि वसूलने वाले दुकानदारों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

समीक्षा के दौरान आयुक्त ने चारधाम यात्रा प्रारंभ होने के बाद अब तक की गई प्रवर्तन एवं निरीक्षण संबंधी कार्रवाइयों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी। उन्होंने निर्देशित किया कि भविष्य में निरीक्षण, सैंपलिंग तथा प्रवर्तन संबंधी समस्त सूचनाएं प्रतिदिन गूगल शीट के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएं, जिससे प्रभावी निगरानी और त्वरित समीक्षा सुनिश्चित हो सके।

आयुक्त ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सैंपलिंग अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर खाद्य सुरक्षा से जुड़े निरीक्षणों एवं जांच अभियानों को और अधिक सघन बनाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

बैठक में चारधाम यात्रा की सुगमता के लिए स्थापित ट्रांजिट कैंपों में खाद्य पदार्थों के लिए अधिक मूल्य वसूले जाने संबंधी प्राप्त फीडबैक का भी संज्ञान लिया गया। इस पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं आपूर्ति विभाग को अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त प्रवर्तन दल गठित करने तथा नियमित निरीक्षण अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि यात्रियों के हितों की रक्षा, उपभोक्ता अधिकारों के संरक्षण तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

समीक्षा बैठक में मंडल के सभी जनपदों के खाद्य सुरक्षा एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।


जौनसार की संस्कृति, परंपराएँ और प्रकृति के प्रति सम्मान, राज्य की समृद्ध विरासत है- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौनसार बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह-2026 में किया प्रतिभाग

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवर को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री केदार सिंह स्टेडियम, नागथात, देहरादून में आयोजित जौनसार बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह-2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. केदार सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान समरजेंस मोटर मार्ग का चौड़ीकरण और डामरीकरण का कार्य किए जाने, प्राथमिक विद्यालय नागथात को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित किए जाने, वि.ख. चकराता के बागी -खेड़ा -कोटा- तपलाड मार्ग में यमुना नदी पर 60 मी. स्पैन पुल का निर्माण कार्य किए जाने, चकराता के क्यारापुल – डामटा – म्यूँडा मोटर मार्ग के कि.मी. 22 से छामरी एवं जाखणी तक मोटर मार्ग का निर्माण कार्य, विकासखंड कालसी के अंतर्गत ग्राम सकरोल से ग्राम भोड़ा-भालनू एवं उटेल होते हुए द्वितीय सिद्ध पीठ श्री महासू महाराज थैना तक मोटर मार्ग का निर्माण कार्य , वि.ख. चकराता के अंतर्गत ग्राम खबऊ के अन्तर्गत खेड़ा रमारका- कुन्ना – बुराष्टी में यमुना नदी से पम्पिंग पेयजल योजना बनाए जाने, वि.ख चकराता के जगथान बुरायला मार्ग से ग्राम उदांवा तक सडक निर्माण को PMGSY में प्रस्तावित किए जाने एवं क्षेत्र की कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए द्वीना से बिसोई खुना अलमान तक नए संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य किए जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने श्री महासू देवता को नमन करते हुए कहा कि जौनसार बावर सांस्कृतिक पुनरूत्थान समिति पिछले 33 वर्षों से इस उत्सव के माध्यम से धरोहर को बचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा जौनसार भाबर प्राकृतिक सुंदरता के साथ अपनी मेहनतकश, सरल और स्वाभिमानी जनता के लिए जाना जाता है। यहां की लोक संस्कृति, एकता की भावना को बढ़ावा एवं भविष्य की पीढ़ियों को अपनी संस्कृति से जुड़े रहने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा जौनसार- बावर में उन्हें उत्तराखण्ड की मूल आत्मा के साक्षात दर्शन होते हैं। जौनसार की संस्कृति, परंपराएँ, सरलता, आत्मीयता और प्रकृति के प्रति सम्मान, राज्य की समृद्ध विरासत है।

मुख्यमंत्री ने कहा जौनसार के रासो की थाप, हारूल की गूंज और बौंद जैसी महान परंपराएं उत्तराखंड, के साथ पूरे देश का गौरव हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा और समग्र विकास के लिए कई ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। देश में जनजातीय समुदायों के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान, वन धन योजना, प्रधानमंत्री जनजातीय विकास मिशन जैसी अनेक योजनाएँ लागू की गईं हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आदिवासी समाज की नीतियां और नियति दोनों बदली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तराखंड जनजातीय महोत्सव के माध्यम से संस्कृति व विरासत को एक मंच देने का प्रयास किया है। सरकार ने प्रतिवर्ष जनजातीय खेल महोत्सव आयोजित करने का भी निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के अंतर्गत प्रदेश के 128 जनजातीय गांवों को चिन्हित किया है। जिसके तहत इन गांवों में सड़क, बिजली, पानी और इंटरनेट जैसी हर बुनियादी सुविधा पहुंचाकर इनका कायाकल्प करने का काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। जिसके माध्यम से जनजातीय बच्चों को निःशुल्क विश्वस्तरीय आवासीय शिक्षा की सुविधा मिल रही है। बाजपुर और चकराता में भी नए एकलव्य आवासीय विद्यालयों का निर्माण कार्य जारी है। जनजातीय समाज के बच्चों को पढ़ाई के लिए सरकार, प्राथमिक स्तर से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक छात्रवृत्ति भी प्रदान कर रही है। शैक्षिक विकास के लिए वर्तमान में 16 राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय भी संचालित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा जनजातीय समुदाय की बेटियों के विवाह के लिए ₹ 50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। जनजातीय शोध संस्थान के लिए 1 करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड की स्थापित की गई है जौनसार बावर क्षेत्र में सड़कों, पानी और बुनियादी ढांचे को सुधारने के लिए लगातार काम कर रही है। चकराता के विकास के लिए राज्य सरकार ने लगभग 39 करोड़ रुपये की 56 योजनाओं को मंजूरी दी थी। इनमें से 51 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। शेष 5 योजनाओ को भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। पूरे क्षेत्र की सड़कों को मजबूत करने के लिए 1,300 करोड़ रुपये से ज्यादा की योजनाओं पर काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 707 और 707A का चौड़ीकरण युद्धस्तर पर जारी है। कालसी-चकराता मार्ग पर जजरेड के पास भूस्खलन की समस्या का स्थायी समाधान किया जा रहा है। न्यू चकराता टाउनशिप हय्यो डांडा पंपिंग योजना पर लगभग 229 करोड़ रुपये की लागत से काम चल रहा है। जिससे भविष्य में पानी की कभी कमी नहीं होगी। श्री महासू देवता मंदिर परिसर के भव्य विकास के लिए 120 करोड़ रुपये के ऐतिहासिक मास्टर प्लान पर विकास कार्य भी गतिमान है।

इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, दायित्वधारी गीता राम गौड़, मेला समिति के अध्यक्ष नरेश चौहान, महासचिव मेला समिति नरेन्द्र तोमर, खुशीराम जोशी, जयपाल सिंह तोमर, शूरवीर सिंह तोमर, बलवीर सिंह नेगी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


AI से तस्वीरें मॉर्फ कर युवतियों को ब्लैकमेल करने वाला साइबर ठग गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तरी जिला की साइबर सेल थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर सक्रिय एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) टूल्स का गलत इस्तेमाल कर लड़कियों को ब्लैकमेल करता था। आरोपी लड़कियों को बड़ी कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था और फिर उनकी तस्वीरों को अश्लील बनाकर उनसे मोटी रकम वसूलता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरव के रूप में हुई है, जो भलस्वा डेरी इलाके का रहने वाला है।

वीडियो वेरिफिकेशन के बहाने लेता था स्क्रीनशॉट

डीसीपी (उत्तरी जिला) राजा बांठिया के मुताबिक, सौरव एक स्कूल ड्रॉपआउट है और फिलहाल एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में काम कर रहा था। वह खुद को फाइनेंस कंपनी का बड़ा कर्मचारी बताकर सोशल मीडिया पर लड़कियों से संपर्क करता था। नौकरी का झांसा देकर वह सबसे पहले लड़कियों का भरोसा जीतता और उनका रिज्यूम मंगवा लेता था। इसके बाद वह ‘वीडियो वेरिफिकेशन’ के बहाने लड़कियों से वीडियो कॉल पर बात करता था और कॉल के दौरान चुपके से स्क्रीनशॉट ले लेता था। इन स्क्रीनशॉट को वह एआई (AI) टूल्स की मदद से अश्लील तस्वीरों में बदल (मॉर्फ्ड) देता था। बाद में इन्हीं तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर जबरन वसूली करता था।

19 वर्षीय छात्रा की शिकायत पर हुआ भंडाफोड़

इस गिरोह का पर्दाफाश तब हुआ जब मल्कागंज की रहने वाली एक 19 वर्षीय छात्रा ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता को व्हाट्सएप पर उसकी एक मॉर्फ्ड तस्वीर भेजी गई थी और ‘लक्ष्य गर्ग’ नाम की स्नैपचैट प्रोफाइल से संपर्क कर फोटो डिलीट करने के बदले 30 हजार रुपये मांगे गए थे। डर के मारे पीड़िता के परिवार ने पैसे ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने दोबारा 10 हजार रुपये वसूले और पीड़िता पर उसकी अन्य सहेलियों के नंबर देने का दबाव बनाने लगा। धमकियों से परेशान होकर छात्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

तकनीकी सर्विलांस से दबोचा गया आदतन अपराधी

एसीपी ऑपरेशंस विशेष दतरवाल और साइबर थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर रोहित गहलोत की टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे भलस्वा डेरी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल, सिम कार्ड और वाई-फाई राउटर बरामद हुआ है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी सौरव एक आदतन अपराधी है, जो साल 2022 और 2023 में भी भारत नगर और शाहदरा के साइबर थानों में जबरन वसूली, यौन उत्पीड़न और पीछा करने (स्टॉकिंग) के मामलों में जेल जा चुका है।


अवैध संबंध के शक में पत्नी के सामने फल विक्रेता पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, आरोपी रायपुर से गिरफ्तार

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित तिफरा बाजार चौक पर सरेराह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक फल विक्रेता पर उसकी पत्नी के सामने ही धारदार चाकू से जानलेवा हमला किया गया। हमले के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया था। हालांकि, सिरगिट्टी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को रायपुर से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।

पीठ पीछे से आकर किया वार

घायल फल विक्रेता की पहचान मनीष गोस्वामी के रूप में हुई है। मनीष की पत्नी द्वारा सिरगिट्टी थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, मनीष बाजार चौक पर अपनी फल दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट वहाँ पहुँचा। उसने पीछे से मनीष को दबोच लिया और उस पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। गंभीर रूप से घायल मनीष को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।

अवैध संबंध बना हमले की वजह

पुलिस जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह हमला पुरानी रंजिश और अवैध संबंधों के चलते किया गया था। घायल मनीष गोस्वामी का आरोपी दुर्गेश साहू के परिवार की एक महिला के साथ कथित रूप से अवैध संबंध था और उसने उस महिला को ग्राम सैदा में रखा हुआ था। इस बात को लेकर आरोपी दुर्गेश के मन में मनीष के प्रति गहरा गुस्सा था। इसी आक्रोश के चलते उसने मनीष को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

रायपुर से दबोचा गया आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुर्गेश साहू बिलासपुर से भागकर रायपुर में छिप गया था। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर सिरगिट्टी थाने की एक विशेष टीम तुरंत रायपुर रवाना हुई और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हमले में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


​देवभूमि की शांति भंग करने वाले अपराधियों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शेगी सरकार- कुसुम कण्डवाल

उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ की बड़ी सफलता

​भट्टोवाला गोलीकांड के आरोपी गिरफ्तार, अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने ऋषिकेश पुलिस और कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट की मुस्तैदी को सराहा

​ऋषिकेश। ऋषिकेश के भट्टोवाला क्षेत्र में ग्रामीणों पर हुई गोलीबारी की दुस्साहसिक और दुर्भाग्यपूर्ण घटना में शामिल सभी फरार अपराधियों को पुलिस ने पूरी तरह दबोच लिया है। मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए ऋषिकेश कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट द्वारा बताया गया कि घटना में संलिप्त तीनों शातिर अपराधियों को पुलिस टीम द्वारा मुस्तैदी से गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इस गोलीकांड के फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों को देहरादून पुलिस ने एक साहसिक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया, संदिग्ध चेकिंग के दौरान बैरियर तोड़कर भाग रहे बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग झोंक दी थी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही दबोचकर उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

​सभी अपराधियों की गिरफ्तारी और पुलिस की इस जांबाजी पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने गहरा संतोष व्यक्त करते हुए ऋषिकेश कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट और उनकी पूरी पुलिस टीम को हृदय से धन्यवाद दिया है। स्वयं ऋषिकेश की निवासी होने के नाते स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बेहद संवेदनशील, अध्यक्ष ने कहा कि ऋषिकेश पुलिस ने जिस तत्परता और बहादुरी से अपराधियों का सामना कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा है, वह अत्यंत सराहनीय है। इस त्वरित कार्रवाई से न केवल ऋषिकेश बल्कि समस्त देवभूमि के नागरिकों में सुरक्षा और न्याय का विश्वास सुदृढ़ हुआ है।

​अध्यक्ष कुसुम कंडवाल उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ की इस बड़ी सफलता को सराहते हुए कहा कि देवभूमि की शांति और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पकड़े गए आरोपियों के आपराधिक इतिहास की गहनता से जांच की जाए और उनके खिलाफ ऐसी सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित हो जो नजीर बने।


जनता की शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें- जिलाधिकारी

जनता मिलन में 26 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर हुआ निस्तारण

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 26 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराते हुए शेष प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता मिलन, सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का गंभीरता, प्राथमिकता और संतोषजनक ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन, जनता दर्शन तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर उसका संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही निर्देश दिए कि संबंधित विभाग शिकायत पर की गई कार्रवाई एवं निस्तारण की जानकारी अनिवार्य रूप से शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराएं।

जनता मिलन कार्यक्रम में विनोद कुमार भण्डारी ने बुआखाल पंपिंग योजना से आच्छादित गहड़ गांव की पेयजल पाइपलाइन के सुचारु रूप से कार्य न करने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को अगले ही दिन मौके पर जाकर समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता से समाधान की पुष्टि संबंधी प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही शिकायत को निस्तारित माना जाएगा।

नागरिक कल्याण एवं जागरुक समिति पौड़ी के अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत ने शहर में अवैध जल संयोजनों की शिकायत की। जिसपर जिलाधिकारी ने जल संस्थान की सभी शाखाओं को समस्त निकाय क्षेत्रों में जल संयोजनों की गणना कराने के निर्देश दिए। साथ ही निराश्रित श्वानों एवं गोवंशीय पशुओं से शहर को मुक्त कराने के लिए निकाय अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। धारकोट निवासी जगदीश प्रसाद ने धारकोट-मेकस्या-घाघण-कपोलस्यूं मोटर मार्ग से प्रभावित होने के बावजूद लंबे समय से मुआवजा न मिलने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड को मुआवजे का तत्काल भुगतान करने को कहा साथ हीं विलंब के कारणों पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उखलेत गांव के निवासियों की सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग पर जिलाधिकारी ने परियोजना अधिकारी उरेडा को जिला योजना से सोलर स्ट्रीट लाइट लगवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा अन्य शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

जनता मिलन कार्यक्रम में दर्ज शिकायतों का जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों द्वारा त्वरित गति से निस्तारण किया जा रहा है। हाल ही में मंजेड़ा निवासी जयपाल सिंह बिष्ट की शिकायत का संज्ञान लेते हुए धनाऊ मल्ला में कराए गए निर्माण कार्यों की जांच कराई गई। जांच में अनियमितता की पुष्टि हुई है, और लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

इसी प्रकार केवर्स में दुग्ध डेयरी संचालक राहुल गुसाईं की शिकायत का त्वरित समाधान करते हुए दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ, श्रीनगर द्वारा दुग्ध उत्पादक समिति केवर्स को 50 बैग साइलेज उपलब्ध कराए गए, जिससे दुग्ध उत्पादन क्षमता में वृद्धि हुई है। ग्राम प्रधान पाबौ रचना की फरियाद पर प्राथमिक विद्यालय पाबौ के भवन निर्माण हेतु भूमि चयन की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की गई। वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज चाकीसैण के शिक्षक-अभिभावक संघ की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए किचन-कम-स्टोर की मरम्मत के लिए धनराशि उपलब्ध कराई गई। इसी प्रकार अन्य शिकायतों पर भी प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए उनका समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

बैठक में सीडीओ अशोक जोशी, डीएफओ महातिम यादव, एडीएम एफ आर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, एएसपी अनूप काला, सीएमओ शिवमोहन शुक्ला, अधीक्षण अभियंता जल निगम मो. मिशम, डीडीओ मनविंदर कौर, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता जल संस्थान के टी.एस. रावत, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण वर्मा, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय, सहकारिता निबंधक सौरभ कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ शैलेन्द्र पाण्डेय, जिला खनन अधिकारी अंकित मुयाल, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सचिन भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


मंत्री गणेश जोशी ने टिहरी में चारधाम यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण, दिए गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश

टिहरी। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को जनपद टिहरी भ्रमण के दौरान विगत वर्ष आपदा से क्षतिग्रस्त एवं वॉशआउट हुए चारधाम यात्रा मार्ग के गस्ती बैंड समीप एनएच-707ए तथा कैम्पटी – टिहरी मार्ग पर चल रहे सड़क ट्रीटमेंट एवं पुनर्स्थापना कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मौके पर उपस्थित जिला प्रशासन एवं एनएच के अधिका रियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चारधाम यात्रा मार्ग यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा किया जाए।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं की बहाली और सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम को देखते हुए संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि यात्रा मार्ग पर किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश की आस्था, संस्कृति और अर्थव्यवस्था से जुड़ी हुई है। यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी टिहरी वरुणा अग्रवाल स्थानीय जनप्रतिनिधिगण संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp