Sunday, June 7th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

क्या घंटों कुर्सी पर बैठे रहना बन रहा है हार्ट अटैक की वजह? जानिए क्या कहते हैं विशेषज्ञ

Daily Archives: 07/06/2026

क्या घंटों कुर्सी पर बैठे रहना बन रहा है हार्ट अटैक की वजह? जानिए क्या कहते हैं विशेषज्ञ

बदलती जीवनशैली और बढ़ते काम के दबाव के बीच हृदय रोगों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। चिंता की बात यह है कि अब कम उम्र के लोग भी हार्ट अटैक जैसी गंभीर समस्याओं का शिकार हो रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इसके पीछे सिर्फ खराब खानपान या तनाव ही नहीं, बल्कि घंटों तक लगातार बैठे रहने की आदत भी एक बड़ा कारण बनकर उभरी है।

साइलेंट खतरा बन रही है निष्क्रिय जीवनशैली

आज के दौर में बड़ी संख्या में लोग ऑफिस, घर या अन्य कार्यस्थलों पर कई घंटे लगातार बैठकर काम करते हैं। कंप्यूटर और लैपटॉप के सामने बिताया जाने वाला लंबा समय शरीर की गतिविधियों को सीमित कर देता है, जिसका सीधा असर हृदय स्वास्थ्य पर पड़ता है।

हृदय रोग विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक बैठे रहने से शरीर में रक्त संचार की गति धीमी हो जाती है। इससे ब्लड क्लॉट बनने, मोटापा बढ़ने और मेटाबॉलिज्म प्रभावित होने का खतरा बढ़ जाता है। समय के साथ ये समस्याएं धमनियों को नुकसान पहुंचाती हैं और हार्ट अटैक तथा स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों की आशंका बढ़ा देती हैं।

युवाओं में बढ़ रहा है जोखिम

विशेषज्ञ बताते हैं कि पिछले कुछ वर्षों में युवाओं में हृदय संबंधी समस्याओं के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इसका एक प्रमुख कारण शारीरिक गतिविधियों में कमी और लंबे समय तक निष्क्रिय रहना है।

कार्डियोलॉजिस्टों का कहना है कि स्वस्थ भोजन और धूम्रपान से दूरी बनाए रखना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी नियमित रूप से शरीर को सक्रिय रखना भी है। लगातार बैठे रहने से ब्लड शुगर का स्तर प्रभावित होता है और इंसुलिन रेजिस्टेंस बढ़ सकता है, जो हृदय रोगों का खतरा बढ़ाने वाले प्रमुख कारकों में शामिल है।

काम के दौरान अपनाएं ये आसान उपाय

विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि यदि आपका काम लंबे समय तक बैठकर करने वाला है, तो हर 30 से 40 मिनट में कुछ मिनट के लिए सीट से उठें और टहलें। सीढ़ियों का इस्तेमाल करें, हल्की स्ट्रेचिंग करें या कुछ स्क्वैट्स लगाएं। इससे शरीर में रक्त संचार बेहतर बना रहता है।

दिल को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें?

डॉक्टरों के मुताबिक हृदय को मजबूत बनाए रखने के लिए रोजाना कम से कम 30 से 45 मिनट तक वॉक, योग या हल्की एक्सरसाइज करनी चाहिए। इसके अलावा धूम्रपान और शराब से दूरी, पर्याप्त नींद और संतुलित आहार भी बेहद जरूरी हैं।

फल, सब्जियां, साबुत अनाज और फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभदायक माने जाते हैं। नियमित शारीरिक गतिविधि और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर हार्ट अटैक समेत कई गंभीर बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

नोट: यह लेख विभिन्न मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर तैयार किया गया है। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या के लिए चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लें।

(साभार)


‘बेबी डू डाई डू’ का धमाकेदार इंट्रो वीडियो रिलीज

अभिनेत्री हुमा कुरैशी एक बार फिर दमदार अंदाज में दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार हैं। उनकी आगामी एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ का पहला इंट्रोडक्शन वीडियो जारी कर दिया गया है, जिसने रिलीज होते ही फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। वीडियो में हुमा एक रहस्यमयी और खतरनाक किरदार में नजर आ रही हैं। साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है।

रहस्य और सस्पेंस से भरपूर है इंट्रोडक्शन वीडियो

फिल्म के नए इंट्रोडक्शन वीडियो में मुंबई शहर में हो रही सिलसिलेवार हत्याओं की झलक दिखाई गई है। इन वारदातों के पीछे कौन है, इसका पता लगाने में पुलिस और मीडिया जुटी हुई नजर आती है। इसी दौरान लाल छाते के साथ घूमती एक रहस्यमयी महिला कहानी का केंद्र बन जाती है।

वीडियो में एक संवाद सुनाई देता है, जिसमें एक महिला कहती है कि उसकी बहन ही इन हत्याओं के पीछे है, लेकिन वह यह राज किसी को बताना नहीं चाहती। जैसे-जैसे वीडियो आगे बढ़ता है, सस्पेंस गहराता जाता है और आखिर में खुलासा होता है कि यह खतरनाक किरदार हुमा कुरैशी निभा रही हैं। फिल्म में उनका नाम ‘बेबी कर मर कर’ रखा गया है, जिसे मेकर्स ने एक अनोखे और बोल्ड अंदाज में पेश किया है।

3 जुलाई को रिलीज होगी फिल्म

मेकर्स के मुताबिक, फिल्म का टीजर जल्द ही रिलीज किया जाएगा, जबकि फिल्म 3 जुलाई को आएगी। फिल्म में हुमा कुरैशी के अलावा सिकंदर खेर, चंकी पांडे, सीमा पाहवा, विद्या मालवड़े और हिमांशु मलिक भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म की कहानी जसमीत के. रीन और परवेज शेख ने तैयार की है, जबकि पटकथा गौरव शर्मा और निर्देशक नचिकेत सामंत ने लिखी है। यह सलीम सिब्लिंग्स के बैनर तले बनी पहली फिल्मों में से एक है, जिसे हुमा कुरैशी और उनके भाई साकिब सलीम ने शुरू किया था।

हुमा के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स

वर्कफ्रंट की बात करें तो हुमा कुरैशी हाल ही में चर्चित वेब सीरीज ‘दिल्ली क्राइम’ के तीसरे सीजन में नजर आई थीं। इसके अलावा उन्होंने राजनीतिक ड्रामा ‘महारानी’ में भी अपने अभिनय से खूब सराहना बटोरी। आने वाले समय में वह कन्नड़ एक्शन-थ्रिलर ‘टॉक्सिक’ में दिखाई देंगी, जिसमें यश, नयनतारा और कियारा आडवाणी भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

(साभार)


‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत 24 घंटे में 5 गिरफ्तार, भारी मात्रा में हेरोइन बरामद

जम्मू: देशव्यापी ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत जिला जम्मू पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों और नशे का सेवन करने वालों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पिछले 24 घंटों के भीतर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए विभिन्न इलाकों से पांच लोगों को धर-दबोचा। इन आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई है। पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर मुख्य सप्लायरों और उनके नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है।

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई गिरफ्तारियां:

  • नवाबाद थाना: पुलिस ने ज्वेल चौक क्षेत्र में गश्त के दौरान तालाब तिल्लो निवासी तरुण कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 4.22 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

  • बठिंडी पुलिस चौकी: पुलिस टीम ने बठिंडी मोड़ पर नाका चेकिंग के दौरान राजौरी निवासी आकाश शर्मा को दबोचा, जिसके पास से 6.66 ग्राम हेरोइन मिली।

  • घरोटा थाना: पुलिस ने रात की गश्त के दौरान ठाठी क्षेत्र से खौड़ निवासी शुभम वर्मा को गिरफ्तार कर उसके पास से 3 ग्राम हेरोइन जब्त की।

सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वाले भी दबोचे गए: पक्का डंगा थाना पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर नशा करते हुए पकड़ा। इनमें दिल्ली निवासी नवीन तलवार को रोटरी चौक से और तालाब तिल्लो निवासी पुष्प शर्मा को पंजतीर्थी सर्कुलर रोड स्थित व्यू प्वाइंट से गिरफ्तार किया गया। इन दोनों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जम्मू जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा ताकि युवाओं को इस दलदल से बचाया जा सके।


बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए रंगमंच और सांस्कृतिक गतिविधियां अत्यंत आवश्यक- जिलाधिकारी

नवांकुर नाट्य समूह के चार दिवसीय नाट्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ, बच्चों का किया उत्साहवर्धन

पौड़ी-  जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में नवांकुर नाट्य समूह द्वारा आयोजित चार दिवसीय नाट्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागी बच्चों, अभिभावकों एवं आयोजकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ रंगमंच, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

जिलाधिकारी ने कहा कि नवांकुर नाट्य समूह वर्षों से अपनी पहल पर बच्चों को रचनात्मक मंच उपलब्ध कराते हुए उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता को निखारने का सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सकारात्मक प्रयास समाज में नई ऊर्जा का संचार करते हैं तथा बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। जिला प्रशासन सदैव ऐसे रचनात्मक और जनहितकारी प्रयासों के साथ खड़ा है।

इस दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों द्वारा तैयार की गई कला प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया तथा उनकी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति बच्चों की सृजनात्मक क्षमता को विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं, जो उनके व्यक्तित्व को नई दिशा प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी बच्चे के भविष्य की मजबूत नींव है, लेकिन केवल शैक्षणिक उपलब्धियां ही पर्याप्त नहीं हैं। जीवन में सफल होने के लिए आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, रचनात्मक सोच और सकारात्मक व्यक्तित्व का विकास भी आवश्यक है। सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के भीतर इन गुणों को विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को जितनी कम आयु में ऐसे प्रेरणादायी और सृजनात्मक वातावरण से जोड़ने का अवसर मिलेगा, उनका मानसिक, बौद्धिक और सामाजिक विकास उतना ही बेहतर होगा। रंगमंच बच्चों की झिझक दूर करने, उनकी अभिव्यक्ति को सशक्त बनाने तथा सार्वजनिक मंचों पर आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने की क्षमता विकसित करता है।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक एवं नाट्य प्रस्तुतियों का अवलोकन किया तथा उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें अपनी रुचियों को निरंतर विकसित करने और ऐसे आयोजनों में सक्रिय सहभागिता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर सभासद अरविंद रावत, नवांकुर नाट्य समूह के सचिव यमुना राम, संरक्षक सुरेंद्र रावत, भारतेंदु नाट्य अकादमी के प्रशिक्षक अजीत बहादुर, मनोज दुर्बी सहित जनप्रतिनिधि, प्रतिभागी बालक-बालिकाएं, उनके अभिभावक तथा अन्य स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


सहेली के बर्थडे में जाने से मां ने किया मना, 9वीं की छात्रा ने दूसरी मंजिल से कूदकर दी जान

प्रयागराज (सोरांव): उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद के गंगापार इलाके से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मऊआइमा थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद मोहल्ले में रहने वाली एक 15 वर्षीय किशोरी ने सिर्फ इसलिए आत्मघाती कदम उठा लिया, क्योंकि उसके परिजनों ने उसे सहेली की जन्मदिन की पार्टी में जाने से मना कर दिया था।

मृतक किशोरी की पहचान अक्सा नूर (15) के रूप में हुई है, जो मऊआइमा स्थित अंसार गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा 9वीं की छात्रा थी। मिली जानकारी के अनुसार, अक्सा अपनी एक सहेली के जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होना चाहती थी, जिसके लिए उसने घर पर इजाजत मांगी। लेकिन उसकी मां ने पार्टी में जाने से साफ इनकार कर दिया।

आवेश में आकर उठाया आत्मघाती कदम

परिजनों के मुताबिक, मां के मना करने से अक्सा बेहद नाराज और क्षुब्ध हो गई। इसी आवेश में आकर उसने घर की दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

कानूनी कार्रवाई के डर से चुपचाप किया अंतिम संस्कार

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि कानूनी पचड़े और पुलिसिया कार्रवाई से बचने के लिए परिजनों ने इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को नहीं दी। उन्होंने आनन-फानन में किशोरी के शव को स्थानीय कब्रिस्तान ले जाकर दफना दिया। फिलहाल, इस पूरे मामले में पुलिस को कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp