Friday, June 12th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

4 दिन, 70 सीटें और भाजपा का मेगा जनसंपर्क अभियान

Daily Archives: 12/06/2026

4 दिन, 70 सीटें और भाजपा का मेगा जनसंपर्क अभियान

आयुषी

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए बड़ा जनसंपर्क अभियान शुरू करने का फैसला किया है। 13 से 16 जून के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य प्रदेश की विभिन्न विधानसभा सीटों पर दो दिवसीय प्रवास करेंगे। इस दौरान भाजपा नेता न केवल कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे, बल्कि आम जनता से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुनेंगे।पार्टी इस अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राष्ट्रव्यापी जनजागरण कार्यक्रम का हिस्सा मान रही है। भाजपा का लक्ष्य पिछले 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना है।

प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री के रूप में नया इतिहास रचने की दिशा में बढ़ रहे मोदी के नेतृत्व को लेकर जनता में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में पार्टी पूरे प्रदेश में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएगी।

भाजपा के इस विशेष अभियान के तहत मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद, प्रदेश पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में दो दिन तक प्रवास करेंगे। इस दौरान बूथ और मंडल स्तर के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित की जाएंगी। संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर जनता के बीच संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान के लिए प्रयास करने पर भी जोर दिया जाएगा।पार्टी नेतृत्व ने विधानसभा वार जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खटीमा विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और वरिष्ठ नेता सुरेश भट्ट बाजपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रवास करेंगे।भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा और दिनेश आर्य हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे। राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह और वरिष्ठ नेता राजेश शुक्ला किच्छा विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे।इसके अलावा सांसद अजय भट्ट नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र में और केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं और जनता के बीच पहुंचेंगे। पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं, सांसदों और विधायकों को भी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जिम्मेदारी सौंपी गई है।प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर यह पूरा कार्यक्रम तैयार किया गया है।

अभियान के दौरान पार्टी नेता जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देंगे, साथ ही संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी करेंगे।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा का यह अभियान केवल संगठनात्मक गतिविधि तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे आगामी राजनीतिक रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।

विधानसभा स्तर तक शीर्ष नेतृत्व की सक्रिय भागीदारी यह संकेत देती है कि पार्टी जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है।13 से 16 जून तक चलने वाला यह विशेष प्रवास कार्यक्रम उत्तराखंड की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्रियों तक का जनता के बीच पहुंचना न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाएगा, बल्कि सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद का भी एक बड़ा माध्यम बनेगा। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि भाजपा का यह जनसंपर्क अभियान जनता के बीच कितना प्रभाव छोड़ पाता है और संगठन को किस हद तक मजबूती प्रदान करता है।


विकसित उत्तराखंड का विजन: नीति आयोग में धामी ने रखा नॉलेज, वेलनेस और ग्रीन ग्रोथ का रोडमैप

पूजा भट्ट

नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विकास का विजन देश के सामने रखा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को नॉलेज बेस्ड इकोनॉमी, वेलनेस इकोनॉमी और सतत विकास के राष्ट्रीय मॉडल के रूप में स्थापित करने के लक्ष्य पर तेजी से काम कर रही है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, उत्तराखंड का विकास केवल पारंपरिक संसाधनों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्राकृतिक खेती, बागवानी, औषधीय पौधों, योग-वेलनेस, पर्यटन और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों को भविष्य की आर्थिक ताकत के रूप में विकसित किया जा रहा है। उनका कहना था कि ‘विकसित उत्तराखंड’ का विजन सीधे ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जुड़ा है।

धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को देश की पर्यावरणीय और आध्यात्मिक धरोहरों के संरक्षण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। हिमालय, गंगा, यमुना और राज्य के वन क्षेत्र केवल प्रदेश की नहीं, बल्कि पूरे देश की अमूल्य संपदा हैं।

उन्होंने हिमालयी राज्यों के लिए जलवायु परिवर्तन, पारिस्थितिकी संरक्षण, आपदा प्रबंधन, कार्बन न्यूट्रैलिटी, ग्रीन एनर्जी और पर्वतीय इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे विषयों पर विशेष नीति समर्थन और दीर्घकालिक वित्तीय सहयोग की आवश्यकता बताई।

बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की सुशासन और तकनीकी नवाचार से जुड़ी पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि देवभूमि परिवार पहचान योजना, खनन क्षेत्र में डिजिटल मॉनिटरिंग और भूमि उपयोग परिवर्तन प्रक्रिया के ऑनलाइन सरलीकरण जैसे कदमों से शासन व्यवस्था अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनी है।साथ ही महिला सशक्तीकरण और प्रशासनिक सुधारों को भी विकास मॉडल का अहम हिस्सा बताया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। इससे एक ओर पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिल रही है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अमृतकाल के लक्ष्यों को हासिल करते हुए वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति और मजबूत करेगा, और उत्तराखंड भी इस राष्ट्रीय लक्ष्य में अपनी पूरी क्षमता और प्रतिबद्धता के साथ योगदान देता रहेगा।


कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने गिनाई 12 साल की उपलब्धियां

पिथौरागढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल एवं ऐतिहासिक 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष कार्यालय के सभागार में एक भव्य ‘संकल्प सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश की खेल एवं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने शिरकत की।
सभागार में उपस्थित जनसमूह और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार ने देश की राजनीति की रीति-नीति को बदलते हुए विकास के एक नए युग की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सीधा लाभ मिला है।

अपने संबोधन में उन्होंने सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को रखते हुए कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत करोड़ों शौचालय बनाकर महिलाओं को सम्मान दिया गया है, तो वहीं आयुष्मान भारत योजना के जरिए हर गरीब परिवार को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया गया है। साथ ही, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन देकर खाद्य सुरक्षा की गारंटी दी गई है।

उन्होंने आगे कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों मुफ्त एलपीजी कनेक्शन देकर महिलाओं के जीवन को धुआं मुक्त बनाया गया है। देश के सांस्कृतिक गौरव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 का खात्मा और अयोध्या में प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण कराकर करोड़ों देशवासियों का सदियों पुराना सपना पूरा किया गया है।

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि डिजिटल इंडिया की बदौलत जनधन, आधार और मोबाइल की त्रिशक्ति से बिचौलियों को खत्म कर सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत पैसा सीधे गरीबों के बैंक खातों में भेजा जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि देश में रिकॉर्ड गति से बन रहे नेशनल हाईवे, वंदे भारत ट्रेनों और नए हवाई अड्डों का निर्माण देश की नई ताकत है और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनते हुए आज वैश्विक पटल पर भारत की आवाज को पूरी मजबूती से सुना जाता है।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, मेयर कल्पना देवलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, राज्य मंत्री गणेश भंडारी, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, प्रदेश मंत्री दीपिका बोहरा, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी, वीरेंद्र शाह, वीरेंद्र बोहरा, कमल मेहता, अक्षय शाह आदि उपस्थित रहे।


भारतीय सेना ने कसौली से ‘सूर्य ग्रीन – हिमालयन ओडिसी’ ईवी अभियान को हरी झंडी दिखाई

कसौली I लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, सेंट्रल कमांड, ने आज कसौली से ‘सूर्य ग्रीन – हिमालयन ओडिसी’ इलेक्ट्रिक वाहन अभियान को रवाना किया। टाटा के 10 इलेक्ट्रिक वाहनों का यह काफिला 11 दिनों में हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के सीमावर्ती एवं सुदूर क्षेत्रों से होते हुए 1,663 किलोमीटर की यात्रा पूरी करेगा और 22 जून 2026 को लेह स्थित हॉल ऑफ फेम में इसका समापन होगा।

टाटा ईवी के सहयोग से सूर्य कमांड के मार्गदर्शन में गोल्डन की डिवीजन द्वारा आयोजित इस अभियान में छह(06) टाटा हैरियर, तीन (03) टाटा कर्व और एक टाटा (01) पंच इलेक्ट्रिक वाहन शामिल हैं। अभियान का उद्देश्य हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना, राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करना, सैन्य-नागरिक संबंधों को मजबूत करना तथा भारतीय सेना के जवानों के शौर्य और समर्पण को उजागर करना है। यह अभियान युवाओं को साहस, जीवटता और राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरित करने का भी प्रयास करता है।

अभियान का नेतृत्व गोल्डन की डिवीजन के मेजर अमन सिंह यादव कर रहे हैं। दल में भारतीय सेना के 10 जवान, टाटा ईवी के पाँच प्रतिनिधि और दो डिजिटल कंटेंट क्रिएटर शामिल हैं। यह टीम परिचालन विशेषज्ञता, वाहन प्रौद्योगिकी और जन-जागरूकता को एक सुव्यवस्थित सैन्य-नागरिक सहयोग के अंतर्गत एकत्रित करती है।

यात्रा मार्ग स्पीति, लाहौल, हान्ले, चुशुल और तांग्त्से के रोमांचकारी एवं दुर्गम भू-भागों से होकर गुजरता है और दुनिया के कुछ सर्वोच्च मोटरयोग्य सङकों को पार करता है। इनमें सबसे उल्लेखनीय है उमलिंग ला, जो 19,024 फीट की ऊँचाई पर स्थित विश्व का सर्वोच्च मोटरयोग्य दर्रा है। इसके अलावा 17,590 फीट पर स्थित चांग ला भी इस यात्रा का हिस्सा है। ये दोनों दर्रे मनुष्य और मशीन दोनों की असाधारण सहनशक्ति की परीक्षा लेते हैं।

यात्रा के दौरान अभियान दल रेजांग ला युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करेगा, जहाँ 1962 की रेजांग ला की ऐतिहासिक लड़ाई में 13 कुमाऊँ के वीर जवानों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया जाएगा। दल पर्वतीय क्षेत्र की स्थानीय समुदायों, युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों से भी संवाद करेगा तथा पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार गतिशीलता के प्रति जागरूकता फैलाएगा।

यह अभियान स्वच्छ गतिशीलता और स्वदेशी हरित प्रौद्योगिकी को अपनाने के भारत सरकार के दृष्टिकोण के अनुरूप है तथा नवाचार के प्रति भारतीय सेना की प्रतिबद्धता और नाजुक हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण को रेखांकित करता है।


अक्षय-परेश-सुनील की तिकड़ी फिर करेगी धमाल, रिलीज हुआ ‘वेलकम टू द जंगल’ का ट्रेलर

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा का विषय बन गया है। करीब चार मिनट लंबे इस ट्रेलर में कॉमेडी, एक्शन और मनोरंजन का ऐसा मिश्रण देखने को मिला है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। फिल्म में कई बड़े सितारे एक साथ नजर आ रहे हैं, जिससे यह साल की सबसे चर्चित कॉमेडी फिल्मों में शामिल हो गई है।

ट्रेलर की शुरुआत फिल्म के प्रमुख किरदारों की झलक के साथ होती है। धीरे-धीरे पूरी स्टारकास्ट स्क्रीन पर दिखाई देती है और कहानी एक फिल्म की शूटिंग के इर्द-गिर्द घूमती नजर आती है। परेश रावल एक बड़े प्रोजेक्ट की योजना बनाते हैं, जिसके लिए कई कलाकारों को एक साथ जोड़ा जाता है। इसके बाद घटनाक्रम मजेदार मोड़ लेता है और दर्शकों को हंसी से भरपूर सफर पर ले जाता है।

कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब फिल्म की शूटिंग एक गांव में शुरू होती है। गांव के लोग कलाकारों को अपना मसीहा समझ बैठते हैं और उनसे स्थानीय बदमाशों से छुटकारा दिलाने की उम्मीद करते हैं। इसी बीच असली गुंडों की एंट्री हो जाती है, जिसके बाद शूटिंग सेट पर अफरा-तफरी और हास्य से भरपूर टकराव देखने को मिलता है। ट्रेलर में कई मजेदार संवाद और कॉमिक सिचुएशन दर्शकों को गुदगुदाने का काम करती हैं।

फिल्म में अक्षय कुमार, परेश रावल और सुनील शेट्टी की तिकड़ी एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। इनके अलावा अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी, दलेर मेहंदी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस और रवीना टंडन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

निर्देशक अहमद खान के निर्देशन में बनी ‘वेलकम टू द जंगल’ का निर्माण फिरोज नाडियाडवाला ने किया है। यह फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।


नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटर समेत चार बदमाश अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा: नोएडा कमिश्नरेट में अवैध हथियारों और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इकोटेक-3 कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर समेत चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से अत्याधुनिक अवैध हथियार, भारी मात्रा में कारतूस और एक बिना नंबर प्लेट की लग्जरी फॉर्च्यूनर कार जब्त की गई है।

मुखबिर की सूचना पर खेड़ी गोल चक्कर के पास घेराबंदी
एडीसीपी (ADCP) सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस टीम को मुखबिर से बदमाशों के मूवमेंट की सटीक सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने सादुल्लापुर सर्विस रोड स्थित खेड़ी गोल चक्कर के पास जाल बिछाया। नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध फॉर्च्यूनर कार को रोककर उसमें सवार चार युवकों को हिरासत में लिया।

आरोपियों की पहचान और हथियारों की बरामदगी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल यादव (निवासी होशियारपुर), यश नागर (निवासी सादुल्लापुर), अभिषेक उर्फ अन्नू (निवासी मिल्क लच्छी) और जोगेंद्र उर्फ हैप्पी (निवासी जलालपुर) के रूप में हुई है। जामा तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से निम्नलिखित बरामदगी हुई:

राहुल यादव: 01 अवैध पिस्टल और 03 जिंदा कारतूस

यश नागर: 01 अवैध पिस्टल और 02 जिंदा कारतूस

अभिषेक उर्फ अन्नू: 01 अवैध तमंचा और 02 जिंदा कारतूस

जोगेंद्र उर्फ हैप्पी: 01 अवैध तमंचा और 02 जिंदा कारतूस

वाहन: वारदात और आवाजाही में इस्तेमाल हो रही बिना नंबर प्लेट की फॉर्च्यूनर कार।

गिरफ्तार यश नागर है इलाके का हिस्ट्रीशीटर
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक, यश नागर, थाना इकोटेक-3 क्षेत्र का घोषित हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder), बलवा, जानलेवा मारपीट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे करीब 10 गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस पकड़े गए अन्य तीनों आरोपियों के भी आपराधिक इतिहास (Crime Record) को खंगाल रही है।

पुलिस का बयान: “चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। अब इस बात की गहनता से तफ्तीश की जा रही है कि बरामद इन अवैध पिस्टलों और तमंचों का इस्तेमाल हाल-फिलहाल में किसी बड़ी वारदात में तो नहीं किया गया। साथ ही इनके हथियारों की सप्लाई चेन और सिंडिकेट से जुड़े अन्य साथियों की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं।”


शिमला पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, 915 ग्राम अफीम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

शिमला (हिमाचल प्रदेश): जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी और ड्रग्स माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल सेल शिमला को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने 10 और 11 जून की मध्यरात्रि को एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को 915 ग्राम अफीम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को जब्त करने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

मध्यरात्रि को नाकेबंदी के दौरान पकड़े गए तस्कर
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, स्पेशल सेल शिमला की टीम क्षेत्र में यातायात जांच और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए छोटा शिमला, ढली, मशोबरा, बसंतपुर, सुन्नी, कधरघाट और जलोग क्षेत्रों में मुस्तैदी से गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को एक गुप्त इनपुट मिला कि एक वाहन में भारी मात्रा में नशा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी गहनता से तलाशी ली।

कार के डैशबोर्ड से बरामद हुई अफीम, आरोपियों की हुई पहचान
वाहन की तलाशी लेने पर उसके डैशबोर्ड के भीतर छुपाकर रखी गई करीब 915 ग्राम अफीम बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

दिनेश ठाकुर (45 वर्ष), निवासी गांव भोग (ठियोग, शिमला)

धर्मेंद्र हिमराल (33 वर्ष), निवासी गांव बनूना (सुन्नी, शिमला)

पूछताछ के दौरान आरोपी बरामद की गई अफीम के संबंध में कोई भी वैध कागजात या दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

पुलिस की कानूनी कार्रवाई: आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना सुन्नी में अभियोग संख्या 23/2026 के तहत एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम की धारा 18 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से तफ्तीश जारी है। अब इस बात का पता लगाया जा रहा है कि अफीम की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस पूरे नशा तस्करी नेटवर्क (बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज) को खंगालने में जुटी है ताकि इससे जुड़े अन्य लोगों को भी सलाखों के पीछे भेजा जा सके।


जसपाल राणा का निधन खेल जगत और पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति- मुख्यमंत्री

जसपाल राणा के निधन पर मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पद्मश्री से सम्मानित और भारतीय निशानेबाजी जगत के दिग्गज खिलाड़ी जसपाल राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने उनके आकस्मिक निधन को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि उत्तराखंड ने अपना एक गौरवशाली सपूत खो दिया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जसपाल राणा ने निशानेबाजी के क्षेत्र में अपने असाधारण प्रदर्शन, ऐतिहासिक उपलब्धियों और समर्पण से भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। उन्होंने न केवल देश का नाम रोशन किया, बल्कि युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा का व्यक्तित्व और उनके द्वारा खेल जगत में दिया गया योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनका निधन उत्तराखंड, खेल जगत और पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री धामी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों, शुभचिंतकों और उनके असंख्य प्रशंसकों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।


जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे बच्चों को मिलेगा निःशुल्क उपचार

गंभीर बीमारी से ग्रसित बच्चों के चिन्हीकरण अभियान में तेजी लाने के डीएम डॉ0 आशीष चौहान ने दिए निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने जनपद में गंभीर एवं जन्मजात बीमारियों से ग्रसित ऐसे बच्चों के चिन्हीकरण एवं उपचार की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं, जिनके परिजन आर्थिक रूप से उपचार का व्यय वहन करने में सक्षम नहीं हैं। जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास विभाग को 06 वर्ष तक की आयु के बच्चों तथा मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून को 06 वर्ष से 18 वर्ष तक की आयु के बच्चों एवं किशोरों के चिन्हीकरण हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में कोई भी बच्चा केवल आर्थिक अभाव के कारण उपचार से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन्मजात अथवा अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित बच्चों की पहचान कर उनकी जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें समयबद्ध उपचार प्रदान किया जा सके।
डीएम ने बताया कि चिन्हित बच्चों का उपचार भारत सरकार के राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत निःशुल्क कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिन गंभीर बीमारियों का उपचार आरबीएसके के तहत संभव नहीं होगा, उनके उपचार के लिए अन्य उपलब्ध वित्तीय संसाधनों एवं राइफल फंड का उपयोग किया जाएगा, जिससे बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में बाल विकास विभाग द्वारा जनपद में अब तक 06 वर्ष तक की आयु के 12 गंभीर रूप से बीमार बच्चों का चिन्हीकरण किया जा चुका है। इन बच्चों के उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा रही है।

डॉ0 चौहान ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य एवं भविष्य सुरक्षित करना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों तथा क्षेत्रीय स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के माध्यम से व्यापक सर्वेक्षण कर ऐसे बच्चों की पहचान में तेजी लाई जाए। साथ ही चिन्हित बच्चों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर उपचार हेतु अग्रसारित किया जाए।

जिला प्रशासन का यह अभियान केवल एक प्रशासनिक कार्यवाही नहीं, बल्कि समाज के सबसे संवेदनशील वर्ग के प्रति मानवीय दायित्व का निर्वहन है। जिला प्रशासन प्रत्येक जरूरतमंद बच्चे तक उपचार की सुविधा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी बच्चे का जीवन प्रभावित न हो।

जनपदवासियों से भी अपील की गई है कि यदि उनके संज्ञान में कोई ऐसा बच्चा है जो किसी गंभीर अथवा जन्मजात बीमारी से ग्रसित है और जिसका परिवार उपचार कराने में असमर्थ है, तो उसकी जानकारी निकटतम आंगनबाड़ी केन्द्र, विद्यालय, स्वास्थ्य केन्द्र अथवा संबंधित विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि उसे समय पर उपचार एवं सहायता प्रदान की जा सके।


चंदौली के स्कूल में खूनी वारदात, सहपाठी के चाकू हमले में 16 वर्षीय छात्र की मौत

चंदौली (उत्तर प्रदेश): चंदौली कोतवाली क्षेत्र के एक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ स्कूल परिसर में पढ़ाई के दौरान दो नाबालिग छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद इस कदर बढ़ा कि एक छात्र ने अपने ही सहपाठी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से जख्मी छात्र की जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हमलावर छात्र को मौके से ही हिरासत में ले लिया है।

गणित की क्लास में हुआ खूनी संघर्ष
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह स्कूल में 10वीं कक्षा के बच्चों को गणित पढ़ाया जा रहा था। इसी बीच क्लास में बैठे दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर तकरार शुरू हो गई। देखते ही देखते इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक छात्र ने अपने पास रखे चाकू से सहपाठी लवकुश यादव (16 वर्ष) पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

अस्पताल में छात्र ने तोड़ा दम, भाग रहा आरोपी दबोचा
लवकुश को गंभीर हालत में आनन-फानन में नजदीकी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना को अंजाम देकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी छात्र उत्कर्ष को पुलिस ने मौके से दबोच लिया। स्कूल के भीतर छात्र की हत्या की खबर आग की तरह फैल गई, जिससे स्कूल स्टाफ, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में दहशत का माहौल है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp