Tuesday, June 23rd, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

घर में मौजूद थे महिला और बच्चे, चोर बाहर से बंद कर लाखों के जेवर-नकदी ले उड़े

Daily Archives: 23/06/2026

घर में मौजूद थे महिला और बच्चे, चोर बाहर से बंद कर लाखों के जेवर-नकदी ले उड़े

धारूहेड़ा (हरियाणा): धारूहेड़ा थाना सेक्टर-6 के अंतर्गत आने वाली रिहायशी सोसायटियों में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलने वाली एक बेहद चौंकाने वाली चोरी की वारदात सामने आई है। आनंदम आवास सोसायटी में चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए घर के अंदर मौजूद महिला और बच्चों को कमरों में बाहर से बंद कर दिया और बड़ी आसानी से लाखों रुपये के सोने के जेवरात व नकदी लेकर रफूचक्कर हो गए।

शिकायतकर्ता छोटन यादव ने पुलिस को बताया कि 18 जून को वह अपने गोदाम पर गए हुए थे। उस दौरान उनकी पत्नी घर के बाथरूम में थीं और बच्चे दूसरे कमरे में टीवी देख रहे थे। इसी बीच अज्ञात चोरों ने सूझबूझ से घर में प्रवेश किया और दोनों कमरों के दरवाजों पर बाहर से सांकल (कुंडी) लगा दी। परिवार के सदस्य अंदर ही कैद रह गए और उन्हें भनक तक नहीं लगी। इसके बाद चोरों ने बेडरूम को आराम से खंगाला और वहां रखे करीब 40 हजार रुपये नकद व लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण (जिसमें लॉकेट, बालियां, अंगूठियां, नोज पिन, झुमके और हार शामिल हैं) समेटकर फरार हो गए।

जब महिला बाहर आने के लिए निकलीं तो दरवाजा बंद मिला। काफी मशक्कत के बाद जब दरवाजा खोला गया, तब घर में हुई इस बड़ी चोरी का खुलासा हुआ। दिनदहाड़े और परिवार की मौजूदगी में हुई इस वारदात ने आनंदम आवास सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह कटघरे में खड़ा कर दिया है। इस घटना के बाद से सोसायटी के अन्य निवासियों में भी दहशत का माहौल है।

मामले की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-6 धारूहेड़ा पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोसायटी और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


मुख्यमंत्री धामी ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति समर्पित जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत- धामी 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्य तिथि पर उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर भावपूर्ण स्मरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति समर्पित जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने देशहित को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्रीय एकीकरण के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा का आदर्श भावी पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को नमन करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।


जनभागीदारी से बनेगी देहरादून महायोजना-2041, एमडीडीए ने तय किया जनसुनवाई शेड्यूल

एमडीडीए ने जारी किया सेक्टरवार कार्यक्रम, 16 दिन चलेगी जनसुनवाई, नागरिकों से सहभागिता की अपील

नागरिकों, भू-स्वामियों और संस्थाओं को सुझाव व आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर

देहरादून। उपाध्यक्ष मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) बंशीधर तिवारी के निर्देशों के क्रम में देहरादून महायोजना-2041 (प्रारूप) पर प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों के निस्तारण हेतु सेक्टरवार जनसुनवाई कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। यह सुनवाई 6 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक विभिन्न स्थानों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें संबंधित सेक्टर के नागरिक, भू-स्वामी, संस्थाएं एवं हितधारक अपने सुझाव और आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे।

एमडीडीए द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक सेक्टर के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं। सभी सुनवाई पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 5 बजे तक आयोजित होंगी। जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों को देहरादून के भावी विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी राय रखने का अवसर मिलेगा।

महायोजना-2041 देहरादून के सुनियोजित, संतुलित और सतत विकास की आधारशिला है। इसमें आवासीय, व्यावसायिक, संस्थागत, औद्योगिक, हरित क्षेत्र, परिवहन व्यवस्था तथा आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े विभिन्न प्रावधान शामिल किए गए हैं। जनसुनवाई प्रक्रिया के माध्यम से प्राप्त सुझावों और आपत्तियों का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार महायोजना में संशोधन एवं परिमार्जन किया जाएगा। एमडीडीए प्रशासन ने सभी संबंधित नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने सेक्टर के लिए निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होकर रचनात्मक सुझाव एवं आपत्तियां प्रस्तुत करें, ताकि देहरादून की भावी विकास योजना को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाया जा सके।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान
उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 शहर के दीर्घकालिक विकास का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसकी सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि नागरिकों, विशेषज्ञों एवं विभिन्न संस्थाओं से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा और नियमानुसार उनका परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने सभी हितधारकों से निर्धारित तिथियों में आयोजित जनसुनवाई में सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया।

सचिव मोहन सिंह बर्निया का बयान
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि जनसुनवाई प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक सेक्टर में निर्धारित स्थल पर अधिकारियों की टीम उपस्थित रहेगी, जो प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों का अभिलेखीकरण करेगी। उन्होंने कहा कि महायोजना के संबंध में नागरिकों की सहभागिता शहर के बेहतर भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी सुझावों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।

क्रम संख्या दिनांक सेक्टर स्थान
1  06.07.2026 सेक्टर-1 राजकीय प्राथमिक विद्यालय, अजबपुर खुर्द
2  07.07.2026 सेक्टर-2 ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, देहरादून
3  08.07.2026 सेक्टर-3 दून यूनिवर्सिटी, कैम्पस
4  09.07.2026 सेक्टर-4 नगर निगम टाउन हॉल
5  10.07.2026 सेक्टर-5 महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज
6  13.07.2026 सेक्टर-6 आईटीआई पार्क
7  14.07.2026 सेक्टर-7 “जीआरडी यूनिवर्सिटी, राजपुर रोड, देहरादून”
8  15.07.2026 सेक्टर-8 सीएनआई गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजपुर रोड
9  17.07.2026 सेक्टर-9 ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी विद्यालय
10  18.07.2026 सेक्टर-10 तहसील देहरादून (मिनी टाउन हॉल)
11  20.07.2026 सेक्टर-11 पॉलीटेक्निक भवन, सुधोवाला
12  21.07.2026 सेक्टर-12 वाइल्ड लाइफ इंस्टिट्यूट, चंद्रबनी रोड


रात्रिकालीन कार्यों को मिली सशर्त अनुमति, लापरवाही पर डीएम का सख्त रुख

दो दिन के कार्य को छह माह तक लटकाना पडा भारी, डीएम ने सहायक अभियंता को दे दी प्रतिकूल प्रविष्टि

निर्धारित समय में कार्य पूर्ण न करने वाली एजेंसियों पर लगेगा भारी जुर्माना

जनता की सुविधा सर्वाेपरि, विकास कार्यों में नहीं होगी किसी प्रकार की ढिलाई-डीएम

परियोजना समन्वय समिति की अहम बैठक, 14 एजेंसियों के प्रस्तावों की समीक्षा

देहरादून – जनपद में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ आम जनता की सुविधाओं को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद स्तरीय परियोजना समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के भूमिगत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पेयजल निगम, जल संस्थान, विद्युत, गेल, वोडाफोन, टाटा कम्युनिकेशन, केएफडब्ल्यू, पीएसयू समेत 14 विभागों के प्रस्तावों पर विचार करते हुए उच्च प्राथमिकता वाले कुछ कार्यों को रात्रि 10 बजे से प्रातः 5 बजे तक सशर्त अनुमति प्रदान की गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्य आवश्यक हैं, लेकिन किसी भी स्थिति में आम जनता को असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में कार्य किया जाना है, वहां पूर्व सूचना देकर पर्याप्त मशीनरी एवं मानव संसाधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण किया जाए। मानसून को देखते हुए जिन स्थानों पर सड़क सतह का सुधारीकरण हो चुका है, वहां किसी भी प्रकार की खुदाई या रोड कटिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बैठक के दौरान ईसी रोड स्थित होटल रिजेंट के निकट सीवर चौंबर निर्माण एवं ट्रंक लाइन से इंटरकनेक्शन के मात्र दो-तीन दिन के कार्य के लिए दिसंबर माह से अनुमति लंबित रखने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने पीआईयू स्मार्ट सिट के संबंधित सहायक अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करते हुए स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब और लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

डीएम ने विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्ययोजना के लिए सभी सक्षम अधिकारियों का औपचारिक व्हाट्सएप समूह गठित करने के निर्देश दिए, जिससे नियमित मॉनिटरिंग और त्वरित संवाद सुनिश्चित किया जा सके और विभागों के बीच कम्यूनिकेशन गैप को दूर किया जा सके।

उन्होंने निर्माणदायी संस्थाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि अनुमति मिलने के बावजूद समय पर कार्य पूर्ण न करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए आरसी काटी जाएगी तथा भारी आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की विफलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि सिविल कार्यों के दौरान यदि किसी अन्य विभाग की परिसंपत्ति क्षतिग्रस्त होती है तो संबंधित एजेंसी तत्काल समन्वय स्थापित कर उसे ठीक कराए। उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों को पर्याप्त मैनपावर एवं मशीनरी लगाकर कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

मानकों से समझौता नहीं, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि अनुमति से अधिक रोड कटिंग, खुदाई अधूरी छोड़ने अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध प्रशासन जब्ती और मुकदमा दर्ज करने जैसी कठोर कार्रवाई करेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि रात्रि में की गई खुदाई के गड्ढों को सुबह तक भरना अनिवार्य होगा। साथ ही कार्यस्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक एवं साइनबोर्ड लगाए जाएं, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह, पिटकुल के अधीक्षण अभियंता विक्रम गौतम, गेल के महाप्रबंधक अम्बुज गौतम, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आशीष भट्ट, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, एडीबी के अधिशासी अभियंता अरुण कांत, यूयूएसडीए के अधिशासी अभियंता जतिन सिंह, एनएफएस डिफेंस ऑफिसर एल.एस. तोमर, विजेन्द्र तोमर सहित विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp