Thursday, June 25th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

निर्जला एकादशी पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी

Daily Archives: 25/06/2026

निर्जला एकादशी पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी

हरिद्वार। निर्जला एकादशी के पावन पर्व पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। गंगा तटों पर सुबह से ही भक्तों का आना-जाना लगा रहा और पूरे शहर में भक्ति, आस्था तथा धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की तथा दान-पुण्य कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

निर्जला एकादशी के अवसर पर हरकी पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे भक्तों ने मां गंगा में स्नान कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु का पूजन किया और सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।

पर्व के दौरान घाटों पर धार्मिक माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने जरूरतमंद लोगों को जल, फल, वस्त्र और अन्य उपयोगी सामग्री का दान किया। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार निर्जला एकादशी का व्रत सभी एकादशियों के समान फल प्रदान करने वाला माना जाता है। यही कारण है कि इस दिन व्रत, पूजा और दान-पुण्य का विशेष महत्व होता है। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ व्रत रखकर भगवान विष्णु की आराधना की।

वहीं, पर्व के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रमुख घाटों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए, जिससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


करनाल में नशे के लिए पैसों को लेकर विवाद, भाई ने सगे भाई की कर दी हत्या

करनाल (हरियाणा): करनाल के रास रेजिडेंसी इलाके में बुधवार आधी रात को नशे की लत के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां स्मैक के आदी एक युवक ने अपने ही सगे भाई से नशे के लिए पैसे मांगे। जब भाई ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने गुस्से में आकर कांच की टूटी बोतल से उसके गले पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

 मृतक की पहचान 28 वर्षीय कमल शर्मा के रूप में हुई है, जो खेती-बाड़ी करता था और शादीशुदा था। पुलिस के अनुसार, कमल का भाई कपिल लंबे समय से स्मैक के नशे का आदी है और कोई काम नहीं करता था। बुधवार रात करीब 12 बजे कपिल ने कमल से नशे के लिए पैसों की मांग की। कमल के मना करने पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

इसी दौरान कपिल ने घर में रखी कांच की एक बोतल तोड़ी और उसके नुकीले हिस्से से कमल के गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के वक्त दोनों की मां भी घर में ही मौजूद थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

 गंभीर रूप से घायल कमल को तुरंत कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद कमल की जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

 घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-32/33 थाना पुलिस और फोरेंसिक (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। FSL टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है।

 सेक्टर-32/33 थाना प्रभारी जगदीश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला नशे के लिए पैसे न मिलने पर सगे भाई की हत्या का है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी कपिल की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।


रिलीज से पहले ‘वेलकम टू द जंगल’ का क्रेज, एडवांस बुकिंग में बिके 39 हजार से ज्यादा टिकट

अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज में अब केवल एक दिन का समय बचा है। ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रिलीज से पहले शुरू हुई एडवांस बुकिंग को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है, जिससे फिल्म के शानदार ओपनिंग कलेक्शन की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

रिलीज से पहले दिखा दर्शकों का उत्साह

अहमद खान के निर्देशन में बनी इस मल्टीस्टारर फिल्म का 26 जून को देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शन होगा। फिल्म की रिलीज से पहले विशेष पेड प्रीव्यू शो आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके लिए दर्शक तेजी से टिकट बुक कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार अब तक 39 हजार से अधिक टिकटों की बिक्री हो चुकी है। देशभर में फिल्म को 3,200 से ज्यादा स्क्रीन पर रिलीज किया जा रहा है, जिससे इसकी पहुंच और कमाई दोनों को फायदा मिलने की संभावना है।

एडवांस बुकिंग के आंकड़े भी सकारात्मक संकेत दे रहे हैं। टिकट बिक्री के जरिए फिल्म लाखों रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है, जबकि ब्लॉक बुकिंग को शामिल करने पर यह आंकड़ा और बढ़ गया है। ट्रेड विशेषज्ञों का मानना है कि फिल्म पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत कर सकती है।

सेंसर बोर्ड ने सुझाए कुछ बदलाव

फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने यू/ए 16+ प्रमाणपत्र के साथ मंजूरी दी है। हालांकि, बोर्ड ने कुछ दृश्यों और संवादों में संशोधन की सलाह दी थी, जिनका पालन निर्माताओं ने किया है। बदलावों के बाद फिल्म की कुल अवधि 2 घंटे 44 मिनट निर्धारित की गई है। कुछ संवादों, दृश्य प्रस्तुतियों और संदर्भों में भी आवश्यक संशोधन किए गए हैं।

दमदार स्टारकास्ट से सजी फिल्म

‘वेलकम टू द जंगल’ की सबसे बड़ी खासियत इसकी विशाल स्टारकास्ट है। फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा रवीना टंडन, सुनील शेट्टी, संजय दत्त, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े और लारा दत्ता समेत कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण फिरोज ए. नाडियाडवाला ने किया है। कॉमेडी, एक्शन और मनोरंजन से भरपूर यह फिल्म दर्शकों को हंसाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

(साभार)


गुरु रंधावा से जुड़े जिम फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, लॉरेंस गैंग के दो और सहयोगी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा से जुड़े एक जिम के बाहर हुई गोलीबारी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली में हुई एक संक्षिप्त मुठभेड़ (Encounter) के बाद लॉरेंस बिश्नोई और अनिल पंडित गैंग के दो कथित शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है।

 पकड़े गए शूटरों की पहचान हकीकत और सागर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, ये दोनों बीती 11 जून को पश्चिम विहार इलाके में स्थित जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के बाद से ही फरार चल रहे थे।

स्पेशल सेल को पुख्ता जानकारी मिली थी कि दोनों आरोपी पश्चिमी दिल्ली में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने आने वाले हैं। आउटर रिंग रोड पर सुबह करीब 4 बजे जब पुलिस टीमों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जो दोनों के पैरों में लगीं। पुलिस ने मौके से इनके पास से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।

जांच में सामने आया है कि इस फायरिंग के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर अनिल पंडित का हाथ है, जो फिलहाल अमेरिका में बैठकर अपना नेटवर्क चला रहा है। वारदात के बाद अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। पोस्ट में दावा किया गया था कि सिंगर गुरु रंधावा की बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से कथित नजदीकी के कारण इस जिम को निशाना बनाया गया था।

जिम पर हुई इस फायरिंग के दौरान कुल 7 राउंड गोलियां चली थीं, हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई घायल नहीं हुआ था। मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच ने इससे पहले हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले दो अन्य आरोपियों, अरमान (19) और तुषार उर्फ ताशु (21) को बहादुरगढ़ से गिरफ्तार किया था। अब स्पेशल सेल इस बात की गहन जांच कर रही है कि इस पूरी साजिश के पीछे मुख्य मकसद और कौन-कौन से चेहरे शामिल हैं।


दिल्ली साइबर सेल का बड़ा एक्शन, निर्यातकों से ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने देश के निर्यातकों (Exporters) को निशाना बनाने वाले एक हाईटेक धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी कर उसके मालिक प्रदीप कुमार और मुख्य आरोपी सम्मी कुमार गिरी समेत 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में 14 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं।

नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर मिली लगातार शिकायतों के बाद जब पुलिस ने कड़ियां जोड़ीं, तो ‘INDIA2EXPORTS.COM’ नाम की एक फर्जी वेबसाइट का पता चला। यह गिरोह सीधे उन भारतीय व्यापारियों को निशाना बनाता था जो अपना सामान विदेशों में बेचना चाहते थे।

विश्वास जीतने के लिए आरोपी अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सएप (WhatsApp) नंबरों का इस्तेमाल करते थे और खुद विदेशी खरीदार (Foreign Buyers) बनकर पीड़ितों से नकली चैटिंग करते थे।

निर्यातकों को बड़े विदेशी ऑर्डर और एक्सपोर्ट सर्टिफिकेट दिलाने के नाम पर यह गिरोह अलग-अलग चरणों में पैसे ऐंठता था:

पंजीकरण शुल्क: ₹5,000

सर्विस पैकेज: ₹19,780

ग्लोबल GAP व अन्य सर्टिफिकेट: ₹41,300 अतिरिक्त

जैसे ही पीड़ित यह पूरी रकम ट्रांसफर कर देते, आरोपी तुरंत अपने सभी नंबर बंद कर गायब हो जाते थे। पुलिस के अनुसार, अब तक दर्ज हुई 19 शिकायतों में यह गिरोह करीब 10,57,780 रुपये की ठगी कर चुका है।

नई दिल्ली जिले के साइबर पुलिस स्टेशन की टीम ने जब कॉल सेंटर पर छापा मारा, तो वहां से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए। पुलिस ने मौके से 20 मोबाइल फोन, 35 सिम कार्ड, 6 लैपटॉप, 9 सीपीयू और एक डेबिट कार्ड जब्त किया है। फिलहाल बरामद डिजिटल डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है ताकि बाकी पीड़ितों का भी पता लगाया जा सके।

दिल्ली पुलिस की चेतावनी: सभी निर्यातक किसी भी ऑनलाइन सर्विस प्रोवाइडर को पेमेंट करने से पहले उनकी साख (Credibility) की ठीक से जांच कर लें। किसी भी तरह के साइबर फ्रॉड का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।


किच्छा में STF की बड़ी कार्रवाई, 15.70 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

किच्छा- STF की एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने नशा तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही करते हुए किच्छा कोतवाली क्षेत्र में किच्छा पुलिस के साथ संयुक्त कार्यवाही करते हुए एक अभियुक्त से लगभग 15.70 लाख अंतरराष्ट्रीय मूल्य की कुल 52.46 ग्राम हेरोइन बरामद की।

माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ द्वारा निर्गत निर्देशो के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस.टी.एफ.श्री अजय सिंह द्वारा राज्य को ड्रग्स फ्री बनाने के दृष्टिगत राज्य एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (A.N.T.F.) एस.टी.एफ. को युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृति, राज्य में नशे का कारोबार करने वाले अपराधियों को चिन्हित कर ड्रग्स के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही किये जाने हेतु उत्तराखण्ड के समस्त जनपदों में कड़ी निगरानी रखने हेतु निर्देशित किया है ।  इसी क्रम में उत्तराखण्ड STF की एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमायूँ टीम द्वारा तकनीकी व मैनुअल इनपुट विकसित कर सटीक कार्यवाही करते हुए कोतवाली किच्छा क्षेत्र में स्थानीय पुलिस को साथ लेकर एक अभियुक्त से कुल 52.46 ग्राम हीरोइन बरामद की जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 15.70 लाख रुपए है।

अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि वो बहेड़ी से सस्ते दामों में हेरोइन खरीदकर उसे लालपुर,किच्छा,रुद्रपुर क्षेत्र में ऊंची कीमत पर बेचा करता था।

STF द्वारा अभियुक्त के फारवर्ड व बैकवर्ड लिंकेज की जानकारी की जा रही है।।

गिरफ्तार अभियुक्त –

गुरमुख सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी गुरू द्वारा वाली गली लाल पुर किच्छा उधम सिंह नगर
उम्र लगभग 50 साल

बरामदगी –
1- 52.46 ग्राम हेरोइन
2- एक मोटरसाइकिल UK06J5873

STF  एंटी नार्कोटिक्स टीम –
1. निरीक्षक पावन स्वरुप
2. आरक्षी वीरेंद्र चौहान
3. आरक्षी इसरार अहमद

कोतवाली किच्छा पुलिस टीम

1- SHO रवि सैनी
2- SI बसंत कुमार
3- हे काo दीपक सिंह चौहान


देहरादून में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, स्कूटी सवार गिरफ्तार

देहरादून- आबकारी विभाग जनपदीय प्रवर्तन देहरादून टीम द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए ,श्रीमती प्रेरणा बिष्ट सहायक आबकारी आयुक्त जनपदीय प्रवर्तन देहरादून एवं जयबीर सिंह आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन दल देहरादून के नेतृत्व में  अवैध शराब की बिक्री की रोकथाम हेतु रायपुर रांझावाला वाला मार्ग अभिनन्दन वैडिंग प्वाइंट के समीप एक दुपहिया वाहन UK07 1320 को रोकने का प्रयास किया गया, रोके जाने पर स्कूटी की तलाशी लेने पर स्कूटी के पायदान पर रखे काले रंग के बैग और सफेद रंग के प्लास्टिक के कट्टटे से 24 पव्वे एमसीडी नम्बर व्हिस्की तथा 48 पव्वे रॉयल स्टैग, 48 पव्वे इपीरियल ब्लू व्हस्की तथा 72 केन beeyongh (500ml)बियर बरामद की गयी !बरामद शुदामाल व मौके में प्रयुक्त वाहन को कब्जे मे लेकर अभियुक्त सोनू S/O किसनपाल निवासी नरेंदरपुर थाना नरसाना हाल पता आयुद्ध विहार ,गढ़वाली कलोनी थाना रायपुर जिला देहरादून को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है


ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी ने की विकास कार्यों की समीक्षा, पशुपालन व मत्स्य पालन को बताया ‘गेम चेंजर’

नैनीताल – राज्य अतिथि गृह, नैनीताल में माननीय ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म उद्योग, खादी ग्रामोद्योग मंत्री, उत्तराखंड सरकार भरत चौधरी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मनरेगा, पीएमजीएसवाई, उद्योग, ग्राम्य विकास, खादी ग्रामोद्योग, पशुपालन, मत्स्य पालन सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान माननीय मंत्री ने पशुपालन एवं मत्स्य पालन को ‘गेम चेंजर’ बताया: और कहा कि उत्तराखंड की आर्थिकी को मजबूत करने में पशुपालन व मत्स्य पालन गेम चेंजर साबित हो सकते हैं। उन्होंने दुग्ध उत्पादन, विपणन तथा मत्स्य पालन को बढ़ावा देने हेतु अधिकारियों को ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग को पशु नश्ल सुधार सहित गोटवेल्ली को बढ़ाए जाने हेतु कार्य करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रमुख आधार है।

बैठक में मंत्री ने खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को विशेष प्रोत्साहन देने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगरों को प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक एवं बेहतर बाजार उपलब्ध कराकर खादी को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाए।
उन्होंने जनपद में लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार तथा नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु उद्योग विभाग सिंगल विंडो सिस्टम को और प्रभावी बनाए।

मनरेगा की समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्देश दिए कि 1 जुलाई से जीरामजी प्रारंभ होने से पूर्व मनरेगा के अंतर्गत सभी पुराने बकाया भुगतान तत्काल किए जाएं।
उन्होंने कहा कि मानसून काल में जल संरक्षण कार्यों को बढ़ावा देने हेतु ‘एक पेड़ माँ के नाम’ की तर्ज पर ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान चलाया जाय इसे जनांदोलन का रूप दिया जाय*

ग्राम्य विकास मंत्री ने कहा कि सभी योजना स्थलों पर बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाय। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विकास कार्यों के कार्यस्थल पर मानक के अनुरूप योजना संबंधी बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। बोर्ड न लगने पर कार्य को ‘लावारिस’ मानकर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

पीएम आवास योजना की समीक्षा करते हुए माननीय मंत्री ने कहा कि प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति को आवास उपलब्ध कराने की कार्यवाही हो, कोई भी जरूरतमंद आवास से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने पलायन रोकथाम हेतु ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि भूमि को बचाने हेतु प्रभावी ‘घेरबाड़ योजना’ संचालित करने के निर्देश। अधिकारियों को दिए गए।

ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा के दौरान माननीय मंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग एवं विपणन पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। लखपति दीदी’ योजना के अंतर्गत महिलाओं की संख्या 23 हजार वर्तमान में जो है उन्हें लखपति बनाए रखते हुए शेष 17 हजार महिला समूहों की सदस्यों को लखपति बनाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाए जाने हेतु उन्होंने विभिन्न रोजगार परख प्रशिक्षण दिया जाय। उन्होंने कहा कि सभी विकास खण्डों में अलग अलग क्लस्टर बनाए जाय।

पीएमजीएसवाई की समीक्षा के दौरान ग्राम्य विकास मंत्री ने कहा कि पीएमजीएसवाई के अंतर्गत जो भी सड़कें छूटी हैं, उनके प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। बैठक में अवगत कराया कि पीएमजीएसवाई-4 अंतर्गत 63 सड़कों में से भारत सरकार द्वारा बैच प्रथम में 17 सड़कें जिनकी कुल लंबाई 93 किलोमीटर है स्वीकृति प्रदान की गई थी 125 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इन सभी कार्यों
के टेंडर भी हो गए हैं। इसी प्रकार बैच द्वितीय अंतर्गत कुल 12 सड़कें कुल 92 किलोमीटर लंबाई जिसकी कुल लागत 114 करोड़ है की स्वीकृति मिली है। जिसका प्रस्ताव भेजा गया है।

इससे पूर्व जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने माननीय मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए जनपद में संचालित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अवगत कराया कि आगामी मानसून काल में जिले में जल संरक्षण के कार्यों को प्रमुखता से प्रस्तावित किया गया है। इस दौरान जिलाधिकारी ने माननीय मंत्री के सम्मुख जिले में घर बटवारे के कारण अलग परिवारों को सौचालय आवंटित कराए जाने का अनुरोध किया गया।

बैठक में विधायक नैनीताल सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्य, शांति मेहरा, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार,जिला विकास अधिकारी,गोपाल गिरी,एपीडी चंद्रा फर्त्याल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp