Wednesday, June 17th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

रिस्पना को नया जीवन देने की तैयारी, जिला प्रशासन-नगर निगम की संयुक्त मुहिम तेज

Daily Archives: 17/06/2026

रिस्पना को नया जीवन देने की तैयारी, जिला प्रशासन-नगर निगम की संयुक्त मुहिम तेज

नदी नहीं बनेगी कूड़ाघर, रिस्पना के पुनरुद्धार को लेकर प्रशासन सख्त; महापौर संग ग्राउण्ड जीरो पर पंहुचे डीएम एवं मुख्य नगर आयुक्त

शहर में नदी-नालों की सफाई युद्धस्तर पर संचालित; डीएम उतरे मैदान में

नदियों के सफाई अभियान में जुटा प्रशासन, 12 जेसीबी और 15 डम्परों से चल रहा सफाई अभियान

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आज राजीव नगर क्षेत्र से रिस्पना नदी में चल रहे सफाई एवं पुनरुद्धार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर सौरभ थपलियाल तथा मुख्य नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय भी उपस्थित रहे। महापौर एवं अधिकारियों ने मौके पर सफाई कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर सफाई अभियान की प्रगति का निरीक्षण किया तथा कार्यों की गुणवत्ता एवं गति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मानसून से पूर्व रिस्पना नदी की व्यापक सफाई सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे वर्षाकाल में जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे तथा नदी संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिल सके।

नगर निगम देहरादून द्वारा मार्च माह से नगर निगम क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक लगभग 17 हजार मीट्रिक टन कूड़े का उठान किया जा चुका है। नगर निगम द्वारा बिंदाल नदी के लगभग 8 किलोमीटर तथा रिस्पना नदी के लगभग 12 किलोमीटर क्षेत्र में व्यापक सफाई कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न नदी-नालों एवं जलधाराओं में भी अभियान के रूप में नियमित सफाई कार्य जारी है।

जिला प्रशासन एवं नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा रिस्पना नदी की सफाई एवं पुनरुद्धार का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। इस अभियान में नगर निगम द्वारा 12 जेसीबी मशीनें एवं 15 डम्पर लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से नदी क्षेत्र से कूड़ा, मलबा एवं अवरोधों को हटाया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि नमामि गंगे एवं जिला स्वच्छता समिति के माध्यम से नदी संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके अंतर्गत ऐसे स्थानों का चिन्हीकरण किया जा रहा है जहां कूड़े के ढेर लगे हुए हैं तथा उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाएगा। साथ ही, नदी में गिरने वाले बिना उपचारित (अनट्रीटेड) नालों के जल के उपचार की दिशा में भी प्रभावी कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने कहा कि रिस्पना नदी के पुनरुद्धार हेतु दीर्घकालिक एवं व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार कर चरणबद्ध ढंग से कार्य किया जाएगा। जिला प्रशासन, नगर निगम एवं संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों तथा दृढ़ इच्छाशक्ति से नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन का लक्ष्य प्राप्त किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने इस अभियान में नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए संसाधनों एवं सहयोग के लिए नगर निगम का आभार व्यक्त किया तथा सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों को और अधिक गति देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य नगर आयुक्त नगर निगम आलोक कुमार पाण्डेय, एसएनएस राजवीर सिंह, तनवीर सिंह सहित नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।


जालंधर में 25 राउंड फायरिंग से सनसनी, युवक के पेट में लगी गोली

जालंधर: पंजाब के जालंधर में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए सरेआम गैंगवार और गोलीबारी का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार सुबह करीब 6:00 बजे जालंधर के शहीद बाबू लाभ सिंह नगर इलाके में बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों द्वारा करीब 25 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे पूरा इलाका गोलियों की गूंज से दहल उठा।

 इस जानलेवा हमले में राहुल नाम के एक युवक के पेट में गोली लगी है। वारदात के तुरंत बाद उसे बेहद गंभीर हालत में जालंधर के सत्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम उसके इलाज में जुटी है। इस सरेआम हुई वारदात के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी डर और खौफ का माहौल बना हुआ है।

 शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस खूनी संघर्ष के तार कुछ समय पहले मकसूदां सब्जी मंडी में हुए ‘सत्ता’ नामक युवक के कत्ल से जुड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि अमरजीत नाम का युवक निहंग बाने (पारंपरिक पोशाक) में अपने कई साथियों के साथ हथियार लेकर मौके पर पहुंचा था। इन हमलावरों ने पुरानी रंजिश और बदले की नीयत से राहुल, गुल्ली और उनके साथियों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

 वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी अमरजीत अपने साथियों समेत मौके से बड़ी आसानी से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल भारी संख्या में मौके पर पहुंच गया है। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूसों के खोल बरामद किए हैं और हमलावरों की धरपकड़ के लिए इलाके की नाकेबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


पलटन बाजार में कपड़ों के गोदाम में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

दमकल की चार गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

देहरादून। शहर के व्यस्ततम कारोबारी क्षेत्र पलटन बाजार में बुधवार को एक कपड़ों के गोदाम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में कपड़ों का सामान जलकर नष्ट हो गया।

पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को कोतवाली नगर को सूचना मिली कि पलटन बाजार स्थित एक दुकान की तीसरी मंजिल पर आग लग गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस और फायर स्टेशन देहरादून से दमकल की चार गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। दमकल कर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए काफी प्रयासों के बाद आग को नियंत्रित कर लिया।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि पलटन बाजार स्थित ननकानी गारमेंट्स की तीसरी मंजिल पर लिफ्ट लगाने का कार्य चल रहा था। इस दौरान वेल्डिंग का काम भी किया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से कपड़ों के गोदाम में आग भड़क गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।

आग लगने से गोदाम में रखा अधिकांश कपड़ा और अन्य सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं पुलिस और फायर विभाग आग लगने के सटीक कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।


पिथौरागढ़ की मानसी कापड़ी ने ऐपन कला को बनाया स्वरोजगार का जरिया, युवा उद्यमिता की बनीं मिसाल

पिथौरागढ़। पहाड़ की पारंपरिक कला को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रही हैं पिथौरागढ़ की बीबीए छात्रा मानसी कापड़ी। लक्ष्मण सिंह महार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्रा मानसी ने अपनी रचनात्मकता और मेहनत के दम पर ऐपन कला को एक सफल उद्यम में बदल दिया है।

मानसी की उद्यमिता यात्रा वर्ष 2024 में शुरू हुई, जब उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड सरकार और भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII) अहमदाबाद के सहयोग से संचालित देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत आयोजित दो दिवसीय बूटकैंप में प्रतिभाग किया।

बचपन से ही उत्तराखंड की पारंपरिक ऐपन कला में रुचि रखने वाली मानसी पहले इसे केवल शौक के तौर पर करती थीं। लेकिन देवभूमि उद्यमिता योजना के प्रशिक्षण ने उन्हें अपनी कला को व्यवसायिक रूप देने की प्रेरणा दी। उन्होंने ऐपन कला को एक उद्यम के रूप में प्रस्तुत किया और बिजनेस मॉडल कैनवास के माध्यम से अपने विचार को बेहतर तरीके से रखा।

उनके हुनर और सोच को देखते हुए उनका चयन 12 दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) के लिए हुआ। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने ब्रांडिंग, पैकेजिंग, ऑनलाइन मार्केटिंग, उत्पाद प्रबंधन और व्यवसाय संचालन की बारीकियां सीखीं। इसके बाद उन्होंने अपने उद्यम का नाम ‘Homies Vibes’ रखा और पारंपरिक कला को आधुनिक बाजार से जोड़ने का काम शुरू किया।

फरवरी 2025 में आयोजित देवभूमि उद्यमिता स्टार्टअप मेगा इवेंट में मानसी के उद्यम को ₹75 हजार की सीड फंडिंग भी मिली। इस राशि का उपयोग उन्होंने उत्पादों के विकास और व्यवसाय के विस्तार में किया।

आज मानसी अपने ऐपन उत्पादों के माध्यम से हर साल करीब ₹80 हजार का कारोबार कर रही हैं और लगातार अपने ग्राहक बढ़ा रही हैं। उनका प्रयास यह साबित करता है कि अगर युवाओं को सही प्रशिक्षण और अवसर मिले तो पहाड़ की प्रतिभाएं स्थानीय संसाधनों से भी सफल उद्यम खड़े कर सकती हैं।

देवभूमि उद्यमिता योजना का उद्देश्य

उत्तराखंड सरकार की देवभूमि उद्यमिता योजना युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने और उन्हें रोजगार खोजने वाले के बजाय रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में काम कर रही है। योजना के तहत उच्च शिक्षण संस्थानों में नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है।

इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रशिक्षण, विशेषज्ञ मार्गदर्शन, बाजार से जुड़ने के अवसर, ब्रांडिंग-पैकेजिंग सहायता और सीड फंडिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाना है। स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक ज्ञान पर आधारित उद्यमों को बढ़ावा देकर स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।


‘श्रेक 5’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, 30 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

हॉलीवुड की लोकप्रिय एनिमेटेड फिल्म फ्रेंचाइजी ‘श्रेक’ एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार है। लंबे इंतजार के बाद मेकर्स ने ‘श्रेक 5’ का नया ट्रेलर जारी कर दिया है, जिसने रिलीज होते ही दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ा दिया है। ट्रेलर में पुराने किरदारों के साथ नई कहानी और कई दिलचस्प ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं। फिल्म 30 जून 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

नए अंदाज में लौटेगा श्रेक

ट्रेलर की शुरुआत फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म की यादों के साथ होती है, लेकिन जल्द ही कहानी नया मोड़ लेती दिखाई देती है। मेकर्स ने संकेत दिए हैं कि इस बार दर्शकों को पहले की फिल्मों से अलग और अधिक मनोरंजक कहानी देखने को मिलेगी। ट्रेलर में हास्य, रोमांच और पारिवारिक भावनाओं का संतुलित मिश्रण नजर आता है।

जादुई दुनिया में फिर शुरू होगा रोमांच

श्रेक, फियोना और डॉन्की एक बार फिर ‘फार, फार अवे’ की जादुई दुनिया में नए मिशन पर निकलते दिखाई देते हैं। इस दौरान उनका सामना कई नए किरदारों और चुनौतियों से होता है। ट्रेलर में एक विशाल दानव, रहस्यमयी ताकतों और बर्फीले किरदार की झलक दिखाई गई है, जो कहानी में नया रंग भरते नजर आते हैं।

श्रेक के बच्चों की भी अहम भूमिका

फिल्म में इस बार श्रेक और फियोना के बच्चों को भी प्रमुखता दी गई है। उनके किरदार कहानी को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते दिखाई देते हैं। पारिवारिक रिश्तों और नई पीढ़ी के रोमांच को भी फिल्म का अहम हिस्सा बनाया गया है।

कॉमेडी का तड़का लगाएंगे पुराने किरदार

फ्रेंचाइजी के सबसे लोकप्रिय किरदारों में शामिल गिंगी और डॉन्की एक बार फिर अपनी मजेदार हरकतों से दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे। ट्रेलर के अंतिम हिस्से में दिखाए गए हास्यपूर्ण दृश्यों ने सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा बटोरी है।

17 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी

‘श्रेक 5’ इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी की मुख्य श्रृंखला की वापसी है। इससे पहले 2010 में ‘श्रेक फॉरएवर आफ्टर’ रिलीज हुई थी। इसके बाद स्पिन-ऑफ फिल्मों के जरिए इस दुनिया को आगे बढ़ाया गया, लेकिन अब मूल कहानी के प्रमुख किरदारों के साथ नई फिल्म दर्शकों के सामने आने वाली है। ट्रेलर को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए फिल्म से बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं।

(साभार)


शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चिट्टा तस्करी मामले में मुख्य आरोपी करसोग से गिरफ्तार

शिमला- हिमाचल प्रदेश में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जिला शिमला पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 17 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामदगी के मामले में गहन तफ्तीश करते हुए मुख्य भूमिका निभाने वाले आरोपी जगत राम उर्फ जग्गू (34 वर्ष) को मंडी जिले के करसोग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी को नशा तस्करी के स्थानीय नेटवर्क पर पुलिस का एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला शिमला के सुन्नी पुलिस थाने में 13 मई 2026 को एनडीपीएस  एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत दर्ज किया गया था, जिसमें 17 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। इस केस में पुलिस ने पहले ही दो आरोपियों—महेश कुमार और मनोरमा देवी को गिरफ्तार कर लिया था, जो इस समय न्यायिक हिरासत  में जेल में बंद हैं।

शुरुआती गिरफ्तारियों के बाद पुलिस की जांच टीम ने मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े वित्तीय लेन-देन  कॉल डिटेल रिकॉर्ड ) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहराई से विश्लेषण किया। जांच में पाया गया कि करसोग के भथल का रहने वाला जगत राम उर्फ जग्गू लगातार महेश कुमार के संपर्क में था और दोनों के बीच पैसों का संदिग्ध लेन-देन भी हुआ था। साक्ष्यों से साफ हुआ कि जग्गू ने ही महेश और मनोरमा की मदद से चिट्टे की इस खेप की व्यवस्था की थी।

पुख्ता सबूत हाथ लगते ही शिमला पुलिस की टीम ने 16 जून को करसोग के सनारली इलाके में अचानक दबिश देकर आरोपी जगत राम को दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े नशा सप्लायरों के नामों का भी खुलासा होने की पूरी उम्मीद है।


स्टोर रूम में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, पुलिस को घरेलू कलह की आशंका, जांच शुरू

पंतनगर: ऊधमसिंह नगर जिले के पंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगला इलाके में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 27 वर्षीय विवाहिता का शव उसके घर के स्टोर रूम में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद से ही इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले को शुरुआती तौर पर घरेलू कलह से जोड़कर देख रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिहार की रहने वाली काजल (27 वर्ष) का विवाह साल 2020 में पवन कुमार से हुआ था। पवन पंतनगर विश्वविद्यालय के सामान्य खंड में संविदा पर बतौर जेई (JE) तैनात हैं और फिलहाल नगला में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच पवन और उनके पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे, जबकि घर में अन्य सदस्य मौजूद थे।

काफी देर तक जब काजल दिखाई नहीं दी, तो परिजनों ने उसे आवाज लगाई। कोई जवाब न मिलने पर जब तलाश शुरू की गई, तो स्टोर रूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। किसी तरह जब दरवाजा खोला गया, तो अंदर का मंजर देखकर सबके होश उड़ गए। काजल अंदर लाल रंग की रस्सी के सहारे एग्जॉस्ट फैन के कुंडे से लटकी हुई थी। परिजनों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारा और स्थानीय पुलिस को इस बात की इत्तला दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पंतनगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के लिए तत्काल उस स्टोर रूम को सील कर दिया। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। काजल को तुरंत रुद्रपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की डेढ़ साल की एक मासूम बेटी है, जिसके सिर से अब मां का साया उठ चुका है। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पंतनगर के थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन सुसाइड की असली वजह क्या थी, इसकी गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस मायके पक्ष और ससुराल पक्ष दोनों से पूछताछ कर हर पहलू को खंगाल रही है।


भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज

सीरीज पर कब्जे के इरादे से उतरेगा भारत

नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले वनडे में सात विकेट की जीत दर्ज कर भारतीय टीम सीरीज में 1-0 से आगे है और अब उसकी नजर मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम करने पर होगी। वहीं अफगानिस्तान के लिए यह मैच श्रृंखला में बने रहने की अंतिम उम्मीद साबित हो सकता है।

पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने हर विभाग में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। बल्लेबाजों ने लक्ष्य का पीछा करते हुए संयम दिखाया, जबकि गेंदबाजों ने अफगानिस्तान को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया। ऐसे में टीम प्रबंधन दूसरे मैच में भी जीत की लय बरकरार रखने की कोशिश करेगा। हालांकि आगामी वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम कुछ नए खिलाड़ियों को अवसर देने और संयोजन में बदलाव पर भी विचार कर सकती है।

कप्तान शुभमन गिल पहले ही संकेत दे चुके हैं कि टीम प्रबंधन अलग-अलग विकल्पों को परखना चाहता है। ऐसे में रोहित शर्मा की फिटनेस को देखते हुए यशस्वी जायसवाल को मौका मिल सकता है। रोहित पहले मैच के दौरान चोटिल हुए थे, हालांकि उन्होंने अपनी पारी पूरी की थी। यदि उन्हें आराम दिया जाता है तो युवा जायसवाल के लिए वनडे टीम में अपनी छाप छोड़ने का अच्छा अवसर होगा।

गेंदबाजी विभाग में भी बदलाव की संभावना बनी हुई है। पहले मैच में डेब्यू करने वाले हर्ष दुबे ने प्रभावित किया था, लेकिन अनुभवी स्पिनर कुलदीप यादव की वापसी पर भी नजर रहेगी। टीम प्रबंधन मध्य ओवरों में विकेट निकालने की उनकी क्षमता को ध्यान में रखते हुए उन्हें अंतिम एकादश में शामिल कर सकता है।

तेज गेंदबाजी आक्रमण में बदलाव की संभावना कम दिखाई दे रही है। पदार्पण मैच में तीन विकेट लेने वाले गुरनूर बराड़ ने शानदार प्रदर्शन किया था और उनके स्थान पर किसी अन्य गेंदबाज को मौका मिलना मुश्किल माना जा रहा है। अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा भी पहले मुकाबले में लय में नजर आए थे।

दूसरी ओर, अफगानिस्तान को दूसरे वनडे में बेहतर सामूहिक प्रदर्शन की जरूरत होगी। पहले मैच में रहमानुल्लाह गुरबाज ने शतक जड़ा था, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। टीम को कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी, इब्राहिम जादरान और अजमतुल्लाह ओमरजई से बड़ी पारियों की उम्मीद रहेगी।

अफगानिस्तान की ताकत मानी जाने वाली स्पिन तिकड़ी राशिद खान, मोहम्मद नबी और एएम गजनफर भी पहले मुकाबले में असर छोड़ने में नाकाम रही थी। हालांकि लखनऊ की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, जिससे अफगानिस्तान को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। ऐसे में दोनों टीमों के बीच एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है, जहां भारत सीरीज जीतने और अफगानिस्तान बराबरी की उम्मीदों को जिंदा रखने के इरादे से मैदान में उतरेगा।

मुकाबले से जुड़ी जानकारी-

समय- दोपहर 1:30 बजे (भारतीय समयानुसार)
टॉस- मैच शुरू होने से 30 मिनट पहले

टीवी पर लाइव प्रसारण- सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर देखा जा सकता है।
ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग- सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।

 


अपहरण और लूटकांड के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली

पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला में एक युवक के सनसनीखेज अपहरण और लूटपाट के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। बुधवार सुबह बरवाला इंडस्ट्रियलエリア (औद्योगिक क्षेत्र) के पास क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच हुई सीधी मुठभेड़ में दो मुख्य आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपेश (निवासी चरखी दादरी) और योगेश (निवासी भिवानी) के रूप में हुई है। दोनों घायल आरोपियों को इलाज के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध पिस्टल भी बरामद की है। सूत्रों के मुताबिक, इनमें से एक आरोपी का संबंध कुख्यात ‘रोहित गोदारा गैंग’ से बताया जा रहा है, जिसकी पुलिस प्रशासन द्वारा आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

क्या था पूरा मामला?

वारदात की तारीख: 15 जून की शाम पिंजौर के रहने वाले मनजिंदर सिंह का एचएमटी (HMT) क्षेत्र से चार युवकों ने कथित तौर पर अपहरण कर लिया था।

लूटपाट का तरीका: बदमाशों ने चाकू की नोक पर पीड़ित को स्कॉर्पियो गाड़ी में बंधक बनाया और हाईवे पर घुमाते रहे। इस दौरान आरोपियों ने उससे 12 हजार रुपये कैश, मोबाइल फोन और ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए मोटी रकम हड़प ली।

फरार होने की कोशिश: बदमाशों ने पीड़ित के ही मोबाइल का इस्तेमाल कर गाड़ी में पेट्रोल भी डलवाया और बाद में उसे बरवाला अनाज मंडी के पास छोड़कर फरार हो गए।

इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम कर रही थी। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मंगलवार देर रात ही दो आरोपियों को दबोच लिया था। अन्य आरोपियों की तलाश में जब बुधवार सुबह पुलिस टीम गुप्त सूचना के आधार पर बरवाला पहुंची, तो घिरे हुए बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।


NEET (UG)-2026 अभ्यर्थियों को उत्तराखंड रोडवेज बसों में मिलेगी निशुल्क यात्रा सुविधा

देहरादून: नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET UG 2026) की दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा में शामिल होने वाले उत्तराखंड के छात्र-छात्राओं के लिए धामी सरकार ने एक बड़ा और राहत भरा फैसला लिया है। उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, राज्य के भीतर होने वाली इस पुनः परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए उत्तराखंड राज्य परिवहन बसों में मुफ्त यात्रा  की सुविधा दी जाएगी।

मुफ्त यात्रा के लिए ये शर्तें होंगी लागू:

स्थायी निवासी: इस सुविधा का लाभ केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगा जो उत्तराखंड राज्य के स्थायी निवासी हैं।

एडमिट कार्ड: अभ्यर्थियों के पास चयन संस्था द्वारा जारी किया गया वैध प्रवेश पत्र (Admit Card) होना अनिवार्य है।

बस की श्रेणी: निःशुल्क यात्रा की यह सुविधा केवल उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित साधारण श्रेणी की बसों और निकटतम मार्ग (Shortest Route) के लिए ही मान्य होगी।

समय सीमा: अभ्यर्थी परीक्षा की तिथि से 2 दिन पहले से लेकर परीक्षा की तिथि तक परीक्षा केंद्र जाने के लिए और परीक्षा समाप्त होने के बाद अगले 2 दिनों के भीतर अपने घर वापस लौटने के लिए इस मुफ्त सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

अवधि: यह विशेष सुविधा दिनांक 19 जून 2026 (समय 00:00 बजे) से शुरू होकर 23 जून 2026 (रात 24:00 बजे) तक प्रभावी रहेगी। यह लाभ केवल एक बार (आने-जाने के लिए) ही मान्य होगा।

सॉफ्ट कॉपी (मोबाइल) दिखाना भी होगा मान्य
छात्रों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए सरकार ने एक और बड़ा डिजिटल कदम उठाया है। अब बसों में यात्रा के दौरान अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड की हार्ड कॉपी (प्रिंटआउट) ले जाना अनिवार्य नहीं होगा। यदि छात्र अपने मोबाइल फोन में एडमिट कार्ड की सॉफ्ट कॉपी (Soft Copy) भी बस परिचालक (कंडक्टर) को दिखाते हैं, तो उन्हें मुफ्त यात्रा का टिकट जारी कर दिया जाएगा।

परिचालक ई-टिकट मशीन में दिए गए विशेष ‘NEET (UG)- 2026’ विकल्प पर जाकर छात्र का रोल नंबर दर्ज करेंगे। यदि किसी कारणवश मशीन में यह विकल्प नहीं आता है, तो वे वे-बिल (Way bill) पर अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर और मोबाइल नंबर नोट कर उसे टिकट देंगे। परिवहन निगम ने सभी डिपो प्रबंधकों को यात्रियों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त बसें चलाने के भी निर्देश दिए हैं।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp