Tuesday, June 30th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

पति से 50 लाख की रंगदारी और सास की हत्या की साजिश, कारोबारी की पत्नी समेत दो गिरफ्तार

Daily Archives: 30/06/2026

पति से 50 लाख की रंगदारी और सास की हत्या की साजिश, कारोबारी की पत्नी समेत दो गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक ऐसे सनसनीखेज मामले का भंडाफोड़ किया है, जहाँ एक पत्नी ने अपने ही पति से 50 लाख रुपये की रंगदारी वसूलने और अपनी सास की हत्या कराने की खौफनाक साजिश रची। पुलिस ने इस मामले में कारोबारी की पत्नी सपना जैन और हरियाणा के सोनीपत निवासी रजत को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी रजत कुख्यात गोगी गैंग का सक्रिय गुर्गा बताया जा रहा है।

पुलिस उपायुक्त प्रवीणकुमार त्रिपाठी ने बताया कि बीते 14 जून को लक्ष्मी नगर के एक थोक कारोबारी को वर्चुअल (अमेरिका के) नंबर से धमकी भरे कॉल और मैसेज आ रहे थे। कॉल करने वाले ने खुद को गोगी गैंग का बदमाश बताते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। कारोबारी को डराने के लिए आरोपियों ने उनके घर की तस्वीरें और लोकेशन भी भेजी थीं। कारोबारी की शिकायत पर लक्ष्मी नगर थाने में मामला दर्ज होने के बाद तफ्तीश स्पेशल सेल को सौंपी गई थी।

 तकनीकी निगरानी और जांच के दौरान पुलिस को आरोपी रजत के मोबाइल से कारोबारी की पत्नी सपना और उसकी साली के बीच हुई बातचीत और चैट के सबूत मिले। दरअसल, सपना की छोटी बहन की दोस्ती रजत से थी। इसी का फायदा उठाकर सपना ने अपने वैवाहिक विवाद का बदला लेने, पति को सबक सिखाने और सास की हत्या कराने के लिए गोगी गैंग से संपर्क साधा।

 पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर 25 जून को रजत को धर दबोचा। पूछताछ में उसने कुख्यात गैंगस्टर रोहित मोई के लिए काम करने की बात कबूली। इस पूरी साजिश में अमेरिका में बैठे गैंगस्टर कर्मवीर पहलवान के नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी मांगी जा रही थी। सपना लगातार रजत को अपने ही घर की पल-पल की लोकेशन और तस्वीरें भेज रही थी। उसका मकसद पति से मोटी रकम वसूलने के साथ-साथ उन पर जानलेवा हमला करवाना भी था।

पुलिस के अनुसार, सपना और उसके कारोबारी पति के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है, जिसका मामला अदालत में भी विचाराधीन है। दोनों की शादी वर्ष 2006 में हुई थी और उनके 17 व 15 वर्ष के दो बच्चे भी हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।


लुधियाना में स्कूल संचालक की घर में घुसकर हत्या, बेटे को बंधक बनाकर बदमाशों ने किया हमला

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना स्थित जंडियाली गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ रविवार देर रात दो अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर 50 वर्षीय स्कूल संचालक और प्रिंसिपल इकबाल सिंह धालीवाल की उनके बेटे के सामने धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी।

वारदात के समय प्रिंसिपल इकबाल सिंह और उनका बेटा युवी घर पर अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी वकालत की परीक्षा देने भोपाल (मध्य प्रदेश) गई हुई थीं। बदमाशों ने घर में घुसते ही पहले बेटे युवी को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और फिर इकबाल सिंह की गर्दन और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। बदमाशों के भागने के बाद बेटे ने शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसी इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचित किया।

 थाना जमालपुर के प्रभारी प्रमोद राज ने बताया कि इकबाल सिंह अपने मकान की पहली मंजिल पर ही कक्षा आठवीं तक का धालीवाल स्कूल चलाते थे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपी शव को तिरपाल (tarpaulin) में लपेटकर नीचे ले जाने की फिराक में थे। घटनास्थल के बाहर एक स्कूटी चालू हालत में लाइट जलती हुई मिली है और पास ही एक कार भी खड़ी पाई गई है।

 एसीपी इंद्रजीत सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में लूटपाट की कोई पुष्टि नहीं हुई है, इसलिए पुलिस आपसी रंजिश समेत तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। फिलहाल मृतक के भाई के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पत्नी के भोपाल से लौटने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।


ले. जनरल लखेड़ा का निधन राष्ट्र, भारतीय सेना तथा उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति- गणेश जोशी

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने लेफ्टिनेंट जनरल एमएम लखेड़ा के निधन पर जताया गहरा शोक

देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने भारतीय सेना के पूर्व सैन्य अधिकारी एवं मिजोरम तथा पुडुचेरी के पूर्व राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल एमएम लखेड़ा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ले. जनरल लखेड़ा का निधन राष्ट्र, भारतीय सेना तथा उत्तराखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने लंबे सैन्य जीवन में उत्कृष्ट नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। भारतीय सेना में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए उन्होंने देश की सुरक्षा और गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि सेना से सेवानिवृत्ति के बाद मिजोरम एवं पुडुचेरी के राज्यपाल के रूप में भी ले. जनरल लखेड़ा ने संवैधानिक दायित्वों का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और दक्षता के साथ निर्वहन किया। उनका अनुशासित व्यक्तित्व, सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सहित पूरा देश उनके योगदान को सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण करेगा।


अवैध निर्माणकर्ताओं पर शिकंजा कसने मैदान में उतरे एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी

पछवादून क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण, नियम विरुद्ध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

देहरादून- मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों एवं अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्राधिकरण द्वारा विभिन्न सेक्टरों में प्राप्त शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में अवैध निर्माण गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के उद्देश्य से उपाध्यक्ष एमडीडीए के नेतृत्व में क्षेत्रवार निरीक्षण एवं कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से न केवल अवैध निर्माणों की पहचान की जा रही है, बल्कि स्वीकृत मानचित्रों के अनुरूप निर्माण कार्यों की भी नियमित निगरानी की जा रही है, जिससे सुनियोजित एवं नियमानुसार विकास को बढ़ावा मिल सके।

प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत प्राप्त अवैध निर्माणों, अवैध प्लॉटिंग एवं अन्य विकास संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु उपाध्यक्ष मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण की अध्यक्षता में क्षेत्रीय कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में उपाध्यक्ष द्वारा पछवादून क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में संचालित निर्माण गतिविधियों, अवैध निर्माणों एवं प्लॉटिंग से संबंधित शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी द्वारा संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र में प्राप्त शिकायतों, उन पर की गई कार्रवाई तथा लंबित मामलों की जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही स्वीकृत निर्माणाधीन भवनों एवं प्लॉटिंग परियोजनाओं के मानचित्रों का भी परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि जिन भवनों के मानचित्र स्वीकृत हैं, उनमें निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही किया जा रहा है अथवा नहीं। प्रत्येक निर्माण स्थल का गहनता से निरीक्षण कर नियमों के अनुपालन की समीक्षा की गई।

जहां कहीं भी निर्माण गतिविधियां विकास प्राधिकरण के नियमों एवं स्वीकृत मानचित्रों के विपरीत पाई गईं, वहां संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण एवं अवैध प्लॉटिंग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उक्त निरीक्षण एवं कार्रवाई के दौरान सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, क्षेत्रीय सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का कहना है कि हमारा उद्देश्य केवल अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि सुनियोजित एवं व्यवस्थित शहरी विकास को सुनिश्चित करना भी है। प्राधिकरण क्षेत्र में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण किया जा रहा है। आज पछवादून क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान निर्माण गतिविधियों एवं स्वीकृत मानचित्रों की स्थिति का विस्तृत अवलोकन किया गया। जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां बिना किसी भेदभाव के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी अपील है कि किसी भी निर्माण कार्य से पूर्व आवश्यक स्वीकृतियां अवश्य प्राप्त करें तथा विकास प्राधिकरण के नियमों का पालन करें।

सचिव मोहन सिंह बर्निया का बयान
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया का कहना है कि प्राधिकरण द्वारा अवैध निर्माण एवं अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्माण गतिविधियों की सतत निगरानी करें तथा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।


रील बनाना पड़ा भारी, देहरादून पुलिस ने स्कूटी चालक पर की कार्रवाई

ऑपरेशन प्रहार के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर दून पुलिस की कार्रवाई जारी

देहरादून। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए कोतवाली डालनवाला पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूटी चालक के खिलाफ कार्रवाई की है।

वायरल वीडियो में एक व्यक्ति राजपुर रोड पर स्कूटी संख्या UK07AU3095 को गलत दिशा में चलाते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो में स्कूटी पर पीछे बैठा व्यक्ति नशे की हालत में नजर आ रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने स्कूटी को ट्रैक कर चालक की पहचान की। पुलिस ने स्कूटी चालक शुभम गुलाटी पुत्र एस.के. गुलाटी, निवासी त्यागी रोड, देहरादून के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत कार्रवाई की।

वहीं स्कूटी पर पीछे बैठे व्यक्ति मो. नईम पुत्र स्व. मो. शमीम, निवासी रायपुर क्षेत्र, देहरादून के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

देहरादून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।


स्मैक तस्करी में युवक गिरफ्तार, 2 लाख रुपये से अधिक की अवैध स्मैक बरामद

देहरादून। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत दून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है।

कोतवाली रायवाला पुलिस ने लच्छीवाला फ्लाईओवर के पास चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर मोतीचूर फ्लाईओवर के नीचे से एक युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6.55 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत पुलिस ने करीब 2 लाख रुपये से अधिक बताई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गोविंद पुत्र हरपाल, निवासी कमलदास कुटिया, कोतवाली नगर हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली रायवाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

नाम-पता अभियुक्त
(1)- गोविन्द पुत्र हरपाल निवासी कमलदास कुटीया कोतवाली नगर हरिद्वार जनपद हरिद्वार उम्र 20 वर्ष

बरामदगी: 6.55 ग्राम अवैध स्मैक

 

पुलिस टीम 

उपनिरीक्षक कविन्द्र राणा, हेड कांस्टेबल कुलवीर और कांस्टेबल सुनील।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp