Tuesday, September 29th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

55 लाख की साइबर ठगी में STF की बड़ी कार्रवाई, पंजाब से एक आरोपी गिरफ्तार

Monthly Archives: September 2026

55 लाख की साइबर ठगी में STF की बड़ी कार्रवाई, पंजाब से एक आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। फर्जी ट्रेडिंग क्लासेज और खुद को SEBI रजिस्टर्ड सलाहकार बताकर 55.50 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में उत्तराखंड STF ने कार्रवाई करते हुए पंजाब से एक साइबर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम में से करीब 6 लाख रुपये जमा हुए थे।

पंडितवाड़ी, देहरादून निवासी चुन्नी लाल अग्निहोत्री ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात साइबर ठगों ने उन्हें “SBSBL Community / VIP Community” नामक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा। आरोपियों ने खुद को SEBI रजिस्टर्ड सलाहकार बताते हुए फर्जी ट्रेडिंग क्लासेज, डीमैट अकाउंट और नकली CDSL/NSDL दस्तावेज दिखाकर शिकायतकर्ता को विश्वास में लिया।

इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में कुल 55,50,000 रुपये जमा कराकर ठगी की गई। मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज कर विवेचना निरीक्षक अनिल कुमार को सौंपी गई थी।

विवेचना के दौरान ठगी की रकम के लाभार्थी बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच में सुखवीर सिंह उर्फ सूक्कू (26) की संलिप्तता सामने आई। उसके बैंक खाते में शिकायतकर्ता से ठगी गई रकम में से 6 लाख रुपये जमा हुए थे।

STF टीम ने पंजाब में दबिश देकर आरोपी को फाजिल्का क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के बैंक खाते के विरुद्ध साइबर अपराध से संबंधित अन्य 6 शिकायतें भी दर्ज पाई गई हैं।

गिरफ्तार आरोपी:

सुखवीर सिंह उर्फ सूक्कू पुत्र चिमन सिंह, निवासी शहीद भगत सिंह नगर, चक मन्नेवाला, थाना सिटी जलालाबाद, जिला फाजिल्का, पंजाब।

पुलिस टीम:

निरीक्षक अनिल कुमार

उपनिरीक्षक जगमोहन राणा

कांस्टेबल सोहन बडोनी


दून पुलिस की कार्रवाई: सब्जी मंडी के पास सट्टा लगाते युवक गिरफ्तार, 3,220 रुपये बरामद

देहरादून। अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटेलनगर थाना पुलिस ने सट्टा खिलाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से सट्टा पर्ची, सट्टा सामग्री और 3,220 रुपये की नकदी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 सितंबर 2026 की रात पटेलनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सब्जी मंडी के पास एक व्यक्ति लोगों को सट्टा खिला रहा है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और एक व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से सट्टा पर्ची और 3,220 रुपये नकद बरामद हुए।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सब्जी मंडी के पास सब्जी की ठेली लगाता है। जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने लोगों को सट्टा खिलाना शुरू किया था। वह लोगों से सट्टा लगवाता और जीतने वाले व्यक्ति की रकम में से अपना कमीशन काटकर बाकी राशि उसे दे देता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया है।

गिरफ्तार अभियुक्त: दानिश पुत्र लियाकत अली, निवासी निरंजनपुर सब्जी मंडी, थाना पटेलनगर, उम्र 30 वर्ष।

बरामदगी: सट्टा पर्ची और 3,220 रुपये नकद।


राम मंदिर चढ़ावा चोरी: चोरी की सूचना 4 जून को मिली, 25 जून को दर्ज हुई FIR; चार्जशीट ने उठाए नए सवाल

अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावे की रकम चोरी मामले में पुलिस की चार्जशीट सामने आने के बाद घटना की सूचना से लेकर प्राथमिकी दर्ज होने के बीच के समय को लेकर सवाल उठ रहे हैं। चार्जशीट में ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव चंपत राय का बयान गवाह के तौर पर दर्ज है और उन्हें आरोपी नहीं बनाया गया है। हालांकि, उनके बयान के अनुसार उन्हें चोरी की सूचना, वीडियो और करीब 2.25 लाख रुपये की रकम से संबंधित संदेश चार जून की रात ही मिल गया था।

चार्जशीट के मुताबिक, गणना कर्मी आनंद कुमार चौधरी ने चार जून की रात करीब पौने दस बजे चंपत राय के मोबाइल पर लिखित संदेश और वीडियो भेजा था। संदेश में चढ़ावे की रकम में करीब 2.25 लाख रुपये की चोरी की जानकारी दी गई थी। वीडियो में नोटों की गड्डियां दिखाई गई थीं। विवेचना में इस रकम के गणना कक्ष के बाथरूम से बरामद होने का भी उल्लेख किया गया है।

अगले दिन पांच जून को चंपत राय को चोरी से जुड़े वीडियो दिखाए गए। चार्जशीट के अनुसार, अयोध्या पहुंचने के बाद ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ उनकी मुलाकात हुई और उनके आवास पर लैपटॉप के जरिए गणना कक्ष की फुटेज देखी गई। फुटेज में चढ़ावे की रकम की गिनती के दौरान नोटों की गड्डियों से कथित तौर पर रकम निकालने की तस्वीरें सामने आईं।

इसके बावजूद मामले में एफआईआर 25 जून को दर्ज हुई। इस तरह शुरुआती सूचना मिलने और प्राथमिकी दर्ज होने के बीच करीब तीन सप्ताह का अंतर रहा। चार्जशीट में इसी घटनाक्रम के चलते यह सवाल सामने आया है कि सूचना मिलने के बाद पुलिस को कब जानकारी दी गई और कार्रवाई में इतना समय क्यों लगा।

पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल और सीडीआर के विश्लेषण के साथ बरामदगी को भी साक्ष्य के तौर पर शामिल किया है। चार्जशीट में आठ आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आरोप प्रमाणित पाए जाने की बात कही गई है।

वहीं, चंपत राय को मौजूदा चार्जशीट में आरोपी नहीं बनाया गया है। उनका बयान गवाह के तौर पर दर्ज है। चार्जशीट में उनके खिलाफ चोरी में सहयोग करने, किसी आरोपित को संरक्षण देने या जांच को प्रभावित करने का निष्कर्ष भी दर्ज नहीं है।

इधर, राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की एक यूनिट की स्थायी तैनाती की गई है। एनएसजी कमांडो राम मंदिर परिसर में पहुंचकर मौजूदा सुरक्षा इंतजामों का जायजा ले रहे हैं।

24 से 29 सितंबर तक एनएसजी टीम मंदिर की सुरक्षा में तैनात वरिष्ठ अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक कर रही है। इस दौरान परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, संभावित आपात स्थिति और त्वरित प्रतिक्रिया की तैयारियों का आकलन किया जा रहा है।

मंदिर परिसर में पिछले कुछ दिनों से सुरक्षा अभ्यास भी चल रहा है। इसमें आकस्मिक परिस्थितियों में सुरक्षा बलों की प्रतिक्रिया और मौजूदा व्यवस्था को परखा जा रहा है। एनएसजी कमांडो मंदिर परिसर के अलग-अलग हिस्सों में सुरक्षा इंतजामों की निगरानी कर रहे हैं।

एसपी सुरक्षा विजय शंकर मिश्र के अनुसार, राम मंदिर समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए एनएसजी की एक यूनिट स्थायी रूप से तैनात की गई है। अयोध्या में एनएसजी का हब बनने के बाद शहर के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा में भी इसकी त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का इस्तेमाल किया जा सकेगा।


छात्र संघ चुनावों में पुलिस के दुरुपयोग का कांग्रेस का आरोप, गणेश गोदियाल बोले- लोकतांत्रिक अधिकारों पर असर डालने की कोशिश

देहरादून। उत्तराखंड में चल रहे छात्र संघ चुनावों को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर पुलिस प्रशासन के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस समर्थित छात्र संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने तथा गिरफ्तार करने की कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।

गोदियाल ने जारी बयान में कहा कि विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र संघ चुनाव छात्रों की राजनीतिक भागीदारी, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े महत्वपूर्ण मंच हैं। उनका आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए पुलिस प्रशासन का इस्तेमाल किया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि चुनावी माहौल में कांग्रेस समर्थित छात्र संगठनों के नेताओं और प्रत्याशियों पर दबाव बनाने के लिए गिरफ्तारियां, पूछताछ और मुकदमों की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों के बीच भय का वातावरण पैदा होने की आशंका है।

गोदियाल ने कहा कि छात्र अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करते हैं। उन्होंने मांग की कि छात्र संघ चुनावों में पुलिस और प्रशासन की भूमिका निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने तक सीमित रहनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी मशीनरी के राजनीतिक इस्तेमाल की प्रवृत्ति अब विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र संघ चुनावों तक पहुंच गई है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए पुलिस एवं प्रशासन के दुरुपयोग के आरोप जारी रहे तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करेगी।

 


राजपुर रोड विधानसभा में विकास कार्यों की मंत्री खजान दास ने की समीक्षा, 15 दिन में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खजान दास ने विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में लम्बित एवं गतिमान विकास कार्यों को लेकर संयुक्त विभागीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल, जल संस्थान समेत विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।

मंत्री ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई, फॉगिंग और कूड़ा उठान की स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को लेकर बार-बार निर्देश देने के बावजूद अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है, जिसके कारण जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सफाई व्यवस्था को सुचारू करने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार 15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से शीघ्र निविदाएं आमंत्रित कर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने को कहा।

बैठक में यूपीसीएल की विद्युत लाइनों को भूमिगत करने, चौराहों के सौंदर्यीकरण, मॉडल कॉलोनी निर्माण, सीवर लाइन, हरिद्वार रोड पर फुटओवर ब्रिज, पेयजल कार्यों, परेड ग्राउंड और पलटन बाजार से जुड़े लंबित कार्यों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में शामिल नहीं होने वाले स्मार्ट सिटी और पेयजल निगम के अधिकारियों पर भी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी।

मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की शुरुआत घर, आसपास के क्षेत्र, शहर और राज्य से करनी होगी।

बैठक में नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डे सहित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल और जल संस्थान के अधिकारी मौजूद रहे।


भागलपुर औरंगजेब हत्याकांड में कोर्ट का फैसला, शाहरुख और सागर को उम्रकैद

भागलपुर। भागलपुर व्यवहार न्यायालय में सोमवार को तातारपुर थाना क्षेत्र के चर्चित मुहम्मद औरंगजेब हत्याकांड में फैसला सुनाया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अष्टम संजय प्रिया की अदालत ने मामले के मुख्य आरोपित मुहम्मद शाहरुख और मुहम्मद सागर को हत्या का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। जुर्माना जमा नहीं करने पर छह-छह महीने का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।

मामले में तीसरे आरोपित मुहम्मद अजहर को पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर अदालत ने बरी कर दिया। सरकार की ओर से अपर लोक अभियोजक दीप कुमार ने अभियोजन पक्ष की ओर से बहस की।

घटना 4 सितंबर 2021 की शाम करीब सवा सात बजे जब्बारचक स्थित हकीम अमीर हसन लेन में हुई थी। प्राथमिकी के अनुसार, मुहम्मद औरंगजेब अपने घर पर था। इसी दौरान मुहम्मद इरफान के सामने शाहरुख अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और बातचीत के बहाने औरंगजेब को घर से बाहर बुलाया। बाहर आने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और आरोप है कि औरंगजेब के सिर से पिस्टल सटाकर गोली मार दी गई। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस जांच और अदालत में हुई सुनवाई के दौरान घटना के पीछे मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और भंडारण से जुड़े वर्चस्व के विवाद की बात सामने आई।

मामले में 14 सितंबर को सजा सुनाई जानी थी, लेकिन तकनीकी कारणों से सुनवाई आगे बढ़ गई। इसी दौरान शाहरुख ने हाजत में सुरक्षाकर्मियों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। आरोप है कि उसने फर्श पर पड़े मार्बल के टुकड़े से हवलदार दिनेश प्रसाद के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद शाहरुख ने खुद का सिर भी फोड़ लिया था।

इस घटना को लेकर तिलकामांझी थाने में शाहरुख के खिलाफ अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत ने औरंगजेब हत्याकांड में शाहरुख और सागर को उम्रकैद की सजा सुनाई।

इसी दिन अदालत ने चोरी की संपत्ति छिपाने और उसे ठिकाने लगाने से जुड़े करीब 29 वर्ष पुराने मामले में सुनील तांती उर्फ सुनील शर्मा को दोषी ठहराया। अदालत ने उसे 20 महीने के कारावास के साथ 500 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। अभियोजन की ओर से अभियोजन पदाधिकारी मनीष कुमार ने पक्ष रखा।

कजरैली थाना क्षेत्र में 30 अगस्त 2023 को नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में भी सोमवार को फैसला आया। पॉक्सो मामलों की विशेष न्यायाधीश सुगंध प्रसाद की अदालत ने आरोपित छोटू कुमार को पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत दोषी करार दिया। अदालत ने सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए 30 सितंबर 2026 की तारीख तय की है।

मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने पीड़िता, चिकित्सक और अनुसंधानकर्ता समेत छह गवाहों के बयान दर्ज कराए। गवाहों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपित को दोषी माना। अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक शंकर जयकिशन मंडल ने बहस की।


विभिन्न राज्यों की संस्कृति, नवाचार और बेहतर कार्यप्रणालियों को जानें उत्तराखण्ड के युवा- मुख्यमंत्री

उत्तराखण्ड और अन्य राज्यों के युवाओं के बीच संवाद और अनुभवों के आदान-प्रदान को दिया जाएगा बढ़ावा

सेवा संकल्प अभियान की भावना के अनुरूप युवाओं को संस्कृति, पर्यटन और विकास की पहलों से जोड़ने का प्रयास

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में हरियाणा भ्रमण पर जा रहे उत्तराखण्ड के युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के अंतरराज्यीय भ्रमण युवाओं को देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, जीवनशैली, विकास कार्यों और नवाचारी पहलों को निकट से समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के युवा विभिन्न राज्यों में जाकर वहां की संस्कृति, स्थानीय विशेषताओं, विकास से जुड़ी पहलों और सरकारों द्वारा अपनाई जा रही अच्छी कार्यप्रणालियों को जानें तथा उपयोगी अनुभवों को उत्तराखण्ड के परिप्रेक्ष्य में भी साझा करें। इसी प्रकार अन्य राज्यों के युवाओं को भी उत्तराखण्ड आने और यहां की संस्कृति, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों तथा राज्य में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी पहलों को जानने के अवसर दिए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ हुए सेवा संकल्प अभियान की भावना भी समाज के विभिन्न वर्गों, विशेष रूप से युवाओं को सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने की है। युवाओं के बीच इस प्रकार का संवाद विभिन्न राज्यों की अच्छी पहलों को समझने और आपसी अनुभव साझा करने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा भ्रमण पर जा रहे युवाओं से कहा कि वे वहां की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास, खान-पान, खेल परंपरा, कृषि और स्थानीय जीवनशैली को करीब से देखें। स्थानीय युवाओं, खिलाड़ियों, किसानों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे लोगों से संवाद कर उनके अनुभवों को जानें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के युवा राज्य के प्रतिनिधि के रूप में अन्य प्रदेशों में जाते हैं। ऐसे में वे देवभूमि की समृद्ध संस्कृति, लोकपर्वों, स्थानीय खान-पान, पर्यटन स्थलों, होम-स्टे, स्थानीय उत्पादों, मिलेट्स और हस्तशिल्प के बारे में भी लोगों को जानकारी दें। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में चारधाम के साथ ही आदि कैलाश, जागेश्वर, कैंची धाम, शीतकालीन पर्यटन, साहसिक पर्यटन तथा अनेक ऐसे पर्यटन स्थल हैं, जिनकी जानकारी देश के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष रूप से महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की जानकारी भी अन्य राज्यों तक पहुंचाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम केवल भ्रमण तक सीमित न रहें, बल्कि विभिन्न राज्यों के युवाओं, संस्कृति, अनुभव और विचारों के आदान-प्रदान का माध्यम बनें। इससे युवाओं को देश की विविधता को समझने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे अच्छे कार्यों से सीखने का अवसर मिलेगा।


एशियन गेम्स 2026- नीरू ढांडा ने रचा इतिहास, महिलाओं की शॉटगन ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में जीता स्वर्ण पदक

28 अंक के साथ बनाया नया एशियन रिकॉर्ड

नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजी ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। नीरू ढांडा ने महिलाओं की शॉटगन ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। नीरू इस स्पर्धा में भारत के लिए पदक जीतने वाली पहली महिला निशानेबाज बन गई हैं। फाइनल में उन्होंने 30 में से 28 निशाने सटीक लगाए। चीन की सुन युनोंग ने 26 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया।

नीरू की इस जीत के साथ ही भारत का इस स्पर्धा में 36 साल पुराना इंतजार भी समाप्त हो गया। खास बात यह रही कि भारत को इस इवेंट में पहला पदक कांस्य या रजत के रूप में नहीं, बल्कि सीधे स्वर्ण पदक के रूप में मिला। इसके अलावा नीरू ने शानदार प्रदर्शन के दम पर एशियन रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

28 अंक के साथ बनाया नया एशियन रिकॉर्ड

फाइनल में 28 अंक हासिल करना नीरू की जीत को और खास बनाता है। महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में इससे पहले एशियन रिकॉर्ड 24 अंक का था। यह रिकॉर्ड चीनी ताइपे की वान यू लियू ने 19 जनवरी 2026 को बनाया था। नीरू ने 28 अंक के साथ पुराने रिकॉर्ड में चार अंकों का सुधार करते हुए नया एशियन रिकॉर्ड कायम किया।

1990 से भारत को था पदक का इंतजार

महिलाओं की शॉटगन ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा को पहली बार 1990 के बीजिंग एशियन गेम्स में शामिल किया गया था। इसके बाद चीन, जापान, उत्तर कोरिया, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड और लेबनान के खिलाड़ी इस स्पर्धा में पदक जीतते रहे, लेकिन भारतीय निशानेबाज पोडियम तक नहीं पहुंच सके।

2022 के हांगझोऊ एशियन गेम्स तक भारत इस इवेंट में पदक के लिए तरसता रहा। अब आइची-नागोया एशियन गेम्स में नीरू ढांडा ने इस लंबे इंतजार को खत्म कर दिया है।

महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा का एशियन गेम्स इतिहास

एशियन गेम्स स्वर्ण रजत कांस्य
1990 बीजिंग वांग युजिन (चीन) मिवाको इवाओ (जापान) री ह्ये-ग्योंग (उत्तर कोरिया)
2002 बुसान गाओ ई (चीन) पाक योंग-हुई (उत्तर कोरिया) री ह्ये-ग्योंग (उत्तर कोरिया)
2006 दोहा चेन ली (चीन) झू मेई (चीन) लिन यी-चुन (चीनी ताइपे)
2010 ग्वांगझोऊ युकी नाकायामा (जापान) गाओ ई (चीन) लियू यिंगजी (चीन)
2014 इंचियोन झू जिंग्यू (चीन) युकी नाकायामा (जापान) चट्टाया किचारोएन (थाईलैंड)
2018 जकार्ता-पालेमबांग झांग शिनछ्यू (चीन) कांग जी-उन (दक्षिण कोरिया) रे बासिल (लेबनान)
2022 हांगझोऊ झांग शिनछ्यू (चीन) वू कुइकुई (चीन) मारिया दिमित्रिएन्को (कजाकिस्तान)
2026 आइची-नागोया नीरू ढांडा (भारत) सुन युनोंग (चीन) हजर अब्दुलमलिक (कुवैत)

आइची-नागोया में भारत का पहला व्यक्तिगत स्वर्ण

नीरू का स्वर्ण पदक इस एशियाड में भारत के लिए एक और वजह से महत्वपूर्ण है। यह व्यक्तिगत स्पर्धा में देश का पहला स्वर्ण है। इससे पहले भारत के खाते में चार स्वर्ण पदक टीम या मिश्रित टीम स्पर्धाओं से आए थे।

महिला क्रिकेट टीम, पुरुष कबड्डी टीम, महिला कबड्डी टीम और शूटिंग की 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम ने भारत को स्वर्ण दिलाया था। अब नीरू ढांडा ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी भारत का खाता खोल दिया है।

एक प्रदर्शन और तीन बड़ी उपलब्धियां

नीरू ढांडा ने 30 में 28 निशाने लगाकर सिर्फ स्वर्ण पदक ही नहीं जीता, बल्कि भारत को इस स्पर्धा का पहला एशियन गेम्स पदक भी दिलाया। साथ ही उन्होंने नया एशियन रिकॉर्ड कायम किया और व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत के लिए आइची-नागोया एशियाड का पहला स्वर्ण पदक हासिल किया।

36 साल के इंतजार के बाद महिला ट्रैप के पदक विजेताओं की सूची में भारत का नाम जुड़ा और इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ नीरू ढांडा का नाम दर्ज हो गया।


मुड़िला में बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना,10 लाख के जेवर और 2 लाख नकदी चोरी

अंबा। कुटुंबा थाना क्षेत्र के मुड़िला गांव में एक बंद मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। परिवार के बोकारो जाने के बाद चोरों ने मकान का मुख्य गेट और कमरे का ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, दो लाख रुपये नकद समेत महंगे कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद गृहस्वामी ने करीब 20 से 22 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है।

मुड़िला निवासी अजय कुमार सिंह अपनी पत्नी अंजना सिंह का जन्मदिन मनाने के लिए 22 सितंबर को घर में ताला लगाकर बोकारो गए थे। 24 सितंबर को जन्मदिन मनाने के बाद सोमवार देर रात दोनों वापस गांव पहुंचे। मकान के बाहर पहुंचते ही उन्हें चोरी का पता चला।

चारदीवारी के भीतर कपड़े और अन्य सामान बिखरा पड़ा था। मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर पहुंचने पर कमरे का ताला भी टूटा मिला और अलमारी क्षतिग्रस्त थी। उसमें रखे आभूषण और नकदी गायब मिले।

चोरों ने घर में चोरी के साथ काफी तोड़फोड़ भी की। एलईडी टीवी खोलने का प्रयास किया गया, लेकिन सफल नहीं होने पर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। साउंड सिस्टम, पंखे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाया गया। कुछ सामान घर की बाउंड्री के बाहर फेंका हुआ मिला।

सूचना मिलने पर कुटुंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष चंद्रहास सिंह के अनुसार, गृहस्वामी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि मुड़िला में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। चार सितंबर को गांव के तीन मंदिरों से पीतल की घंटियां चोरी हुई थीं। इससे पहले बधार में सिंचाई के लिए लगाए गए मोटर की चोरी की घटना भी सामने आई थी।

ग्रामीणों के मुताबिक मंदिरों में चोरी के बाद तत्कालीन थानाध्यक्ष ने दो होमगार्ड जवानों की तैनाती की थी। कुछ समय तक चोरी की घटनाओं पर रोक लगी, लेकिन बाद में जवानों को हटा दिया गया। ग्रामीणों ने गांव में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


कालिंदी खाल से सभी 19 ट्रेकर्स का सकुशल रेस्क्यू, अभियान पूर्ण

बारिश और बर्फबारी के बीच चला रेस्क्यू अभियान

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के दुर्गम कालिंदी खाल ट्रेक में फंसे सभी 19 ट्रेकर्स को एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। खराब मौसम, लगातार बारिश और बर्फबारी के बीच चलाया गया रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो गया। सभी ट्रेकर्स को सुरक्षित हर्षिल पहुंचा दिया गया है।

सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। इस दौरान एसडीआरएफ की विशेषज्ञ हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीम ने दुर्गम क्षेत्र में पहुंचकर पहले स्थिति का जायजा लिया और फिर ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई शुरू की।

रेस्क्यू अभियान के दौरान लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण टीम को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। प्रतिकूल मौसम के चलते अभियान प्रभावित हुआ, लेकिन मौसम अनुकूल होने पर एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा रेस्क्यू कार्य शुरू किया। टीम की कड़ी मेहनत और सूझबूझ से सभी 19 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने में सफलता मिली।

सभी ट्रेकर्स के सुरक्षित बाहर निकलने के साथ ही कालिंदी खाल रेस्क्यू अभियान संपन्न हो गया है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp