Monday, September 14th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

ऋषिकेश में गांजा खपाने की फिराक में थे मेरठ के दो तस्कर, महिला समेत गिरफ्तार

Daily Archives: 14/09/2026

ऋषिकेश में गांजा खपाने की फिराक में थे मेरठ के दो तस्कर, महिला समेत गिरफ्तार

5 किलो 315 ग्राम गांजा बरामद, तस्करी में इस्तेमाल बाइक सीज

देहरादून:  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायवाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान महिला समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 315 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 को रायवाला पुलिस खाण्डगांव पुलिया से करीब 50 मीटर आगे चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल संख्या UP15EC-4286 पर सवार एक महिला समेत दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके कब्जे से 5 किलो 315 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान अंकित कश्यप (23) निवासी मेरठ और निशा जाटव (34) निवासी मेरठ के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजा मेरठ से खरीदकर ऋषिकेश ला रहे थे, जहां इसे नशे के आदी स्थानीय लोगों को ऊंचे दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की योजना थी। हालांकि, ऋषिकेश पहुंचने से पहले ही रायवाला पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आई अहम जानकारी

पूछताछ में आरोपी अंकित कश्यप ने बताया कि वह मेरठ स्थित DDS डांस स्टूडियो में बच्चों को डांस सिखाता है। गिरफ्तार महिला निशा के बच्चे भी उसके पास डांस सीखने आते थे। इसी संपर्क के चलते दोनों के बीच परिचय हुआ।

पुलिस के अनुसार, निशा के पति हिमांशु जाटव को भी पूर्व में मेरठ पुलिस द्वारा अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आरोपी अंकित ने बताया कि बरामद गांजा उसने मेरठ के एक स्थानीय नशा तस्कर से खरीदा था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रायवाला में मुकदमा अपराध संख्या 147/2026, धारा 8/20/60 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

गिरफ्तार आरोपी

अंकित कश्यप, पुत्र सूरजभान कश्यप, उम्र 23 वर्ष, निवासी अशोक नगर, दिल्ली, हाल निवासी कृष्णा कॉलोनी, रोहेटा रोड, फाजलपुर, मेरठ, उत्तर प्रदेश।

निशा जाटव, पत्नी हिमांशु जाटव, उम्र 34 वर्ष, निवासी गोलाबड़, रोहतास रोड, मेरठ, उत्तर प्रदेश।

बरामदगी

5 किलो 315 ग्राम अवैध गांजा

तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल UP15EC-4286

पुलिस टीम

उ0नि0 योगेश चन्द्र खुमरियाल

हे0का0 चन्द्रपाल

का0 धर्मालाल

का0 हंसराज

का0 विकास कुमार

म0का0 नीलम


सोशल मीडिया पर वायरल स्टंट का पुलिस ने लिया संज्ञान, युवक हिरासत में

देहरादून। सोशल मीडिया पर तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्टंट करने का वीडियो वायरल होने के बाद देहरादून पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वीडियो में एक युवक स्कॉर्पियो-एन की सनरूफ से बाहर निकलकर हुड़दंग करता नजर आ रहा था।

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने संबंधित युवक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में वीडियो क्लेमेनटाउन क्षेत्र के सुभाष रोड का पाया गया। इसके बाद थाना क्लेमेनटाउन पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन के नंबर के आधार पर चालक की पहचान की।

पुलिस ने उत्कर्ष पुत्र राकेश करनवाल, उम्र 24 वर्ष, निवासी कैपिटल हाइट्स, आईटीबीपी रोड, जीएमएस रोड, देहरादून को हिरासत में लेकर थाने लाकर उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है।

इसके साथ ही स्टंट में इस्तेमाल स्कार्पियो-एन वाहन संख्या UK07FX6050 को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया।


प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर होंगे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित, विभागीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी किया जाएगा सम्मानित-रेखा आर्या

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय में ली विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को वृहद स्तर पर मनाए जाने को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए

देहरादून:आज सचिवालय में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विभाग के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की।

बैठक में आगामी 17 सितंबर को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस को वृहद स्तर पर मनाए जाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विभागीय मंत्री ने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न रचनात्मक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही विभागीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।कार्यक्रमों की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं प्रचार-प्रसार के लिए सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। नोडल अधिकारी सभी कार्यक्रमों की फोटो एवं वीडियोग्राफी सुनिश्चित करने के साथ ही उन्हें विभागीय वेबसाइट पर अपलोड करेंगे।

विभागीय मंत्री ने सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस को यादगार बनाने को लेकर विभाग को पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षो कि यात्रा को हम सभी सेवा संकल्प के रूप में मनाएंगे। जिसमें उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘आशीर्वाद का दीया’ जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इस दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, और जन कल्याण से जुड़े विभिन्न सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा एक माह का देशव्यापी सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन से होगी। इस दौरान जनभागीदारी, जनसेवा और समर्पण के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सचिव चंद्रेश कुमार यादव जी, अपर सचिव कमेंद्र सिंह जी, प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा रूचि भट्ट जी, उपनिदेशक विक्रम सिंह जी, मोहित चौधरी जी व हिमानी वैष्णव जी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्त जनपदों के जिला कार्यक्रम अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।


प्रधानमंत्री मोदी ने खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए किए अभूतपूर्व कार्य -रेखा आर्या

खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया जूडो प्रतियोगिता का शुभारंभ, कहा खेल को लेकर समाज की सोच में आया बहुत सकारात्मक परिवर्तन

राज्य सरकार कर रही खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का काम -रेखा आर्या

देहरादून: आज खेल मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून युवा केंद्र आमवाला पहुंची जहाँ उन्होंने “मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी” के तहत जूडो प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। यहाँ खेल मंत्री ने विभिन्न जनपदों से आये हुए खिलाड़ियों से उनका परिचय जाना साथ ही सरकार कि और से खिलाड़ियों को प्रदान कि जा रही योजनाओं कि जानकारी ली।

खेल मंत्री ने कहा की मुझे यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि अभी तक “मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी” में 317988 खिलाड़ी अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैँ जो क़ि बीते 10 वर्षो में सबसे अधिक है। कहा की उन्हें उम्मीद है की जल्द ही यह आकड़ा और अधिक बढेगा को की इस बात का संकेत है कि अब हमारे बच्चे अपनी पढ़ाई के साथ अपने खेल को भी महत्व दे रहे है।

बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों आज समाज में खेल के प्रति धारणा पूरी तरह बदल चुकी है। जो लोग खेल को पहले निम्न स्तर का मानते थे आज वह अपने बच्चों को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैँ। उन्होंने कहा कि आज राज्य सरकार मुख्यमंत्री धामी जी के नेतृत्व में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए कई सारी योजनाएं संचालित कर रही है।

बीते दिनों ही कैबिनेट में राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए हमने आउट ऑफ़ टर्न जॉब के प्रस्ताव को संस्तुति दी है जो इस बात को परिलक्षित करता है की सरकार हमारे खिलाड़ियों के प्रति गंभीर है। मैं आप सभी बच्चों से यही कहना चाहती हूं कि प्यारे बच्चों आज खेल को लेकर समाज की सोच में बहुत परिवर्तन आया है क्योंकि जो समाज खेल को निम्न स्तर का समझते थे आज उनकी धारणा पूरी तरह बदल चुकी है।

खेल मंत्री ने कहा की राज्य सरकार की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों के भविष्य को सवांरने के लिए आउट ऑफ़ टर्न जॉब का प्रस्ताव भी कैबिनेट में पास किया जा चुका है साथ ही सरकारी नौकरी में 4 प्रतिशत का आरक्षण भी दिया जा रहा है। मूझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी आने वाले समय में अपने खेल के माध्यम से देश और प्रदेश के साथ अपने माता -पिता और समाज का नाम अवश्य रोशन करेंगे।इस दौरान खेल मंत्री ने सभी खिलाड़ियों को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनायें भी प्रेषित की।

इस अवसर पर संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल जी, उपनिदेशक शक्ति सिंह जी, एस. के.जयराज जी सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और सैकड़ो खिलाड़ी उपस्थित रहे।


उत्तराखंड पुलिस में बड़ा फेरबदल, 10 एएसपी अधिकारियों के तबादले

शासन ने जारी किए तबादला आदेश, कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) स्तर के अधिकारियों के तबादले किए हैं। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं पुलिस इकाइयों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

तबादला आदेश के अनुसार एएसपी प्रमोद कुमार का देहरादून से रुद्रपुर स्थानांतरण किया गया है। वहीं स्वतंत्र कुमार सिंह को एएसपी देहात-2, देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है। उनका स्थानांतरण सतर्कता सेक्टर से किया गया है।

मनोज कत्याल का हल्द्वानी से तबादला कर उन्हें 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर में एएसपी के पद पर तैनाती दी गई है। वहीं उत्तम सिंह नेगी को उधमसिंहनगर से स्थानांतरित कर एएसपी सतर्कता सेक्टर, देहरादून बनाया गया है।

हरबन्स सिंह को अल्मोड़ा से स्थानांतरित कर एएसपी हल्द्वानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में शेखर चंद्र सुयाल का हरिद्वार देहात से तबादला कर उन्हें देहरादून नगर में तैनाती दी गई है।

अनूपा बडोला को एटीसी हरिद्वार से स्थानांतरित कर एएसपी अपराध एवं यातायात, उधमसिंहनगर बनाया गया है। वहीं अमित कुमार का नैनीताल से तबादला कर उन्हें एएसपी टिहरी की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा राजेश कुमार मट्ट को एएसपी पुलिस मुख्यालय बनाया गया है, जबकि मिथिलेश कुमार सिंह को एएसपी सतर्कता की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अभय सिंह को एएसपी हरिद्वार ग्रामीण तथा दीपक सिंह को एएसपी हरिद्वार नगर की कमान सौंपी गई है।

शासन के इस फेरबदल के तहत अधिकारियों को नई तैनाती मिलने के साथ ही प्रदेश के विभिन्न जनपदों और पुलिस इकाइयों में प्रशासनिक एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े दायित्वों में बदलाव किया गया है।

 


देहरादून में 14 से 30 सितंबर तक चलेगा व्यापक नशामुक्ति शपथ अभियान

देहरादून। जनपद को नशामुक्त बनाने और नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ (एनएमबीए) का शुभारंभ किया गया। जिले में 14 से 30 सितंबर तक विशेष अभियान चलाकर बड़े स्तर पर ऑनलाइन और ऑफलाइन नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी।

सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) के.के. मिश्रा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर अभियान की शुरुआत की।

मुख्य शिक्षा अधिकारी और उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशन में जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 1 से 12 तक के छात्र-छात्राओं, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और हॉस्टलों में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए शपथ दिलाई जाएगी।

सरकारी और कॉर्पोरेट कार्यालयों के साथ ही शासकीय, अर्द्धशासकीय, निगम कार्यालयों, औद्योगिक इकाइयों और फैक्ट्रियों में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों को भी सामूहिक रूप से शपथ दिलाई जाएगी।

स्थानीय निकाय और ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों, नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के माध्यम से नागरिकों और महिला स्वयं सहायता समूहों को अभियान से जोड़ा जाएगा।

जिला क्रीड़ा अधिकारी के माध्यम से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज समेत विभिन्न खेल प्रशिक्षण केंद्रों में खिलाड़ियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। वहीं पर्यटन विभाग की ओर से हॉस्टल, होम-स्टे और होटलों में भी अभियान चलाया जाएगा।

अभियान के तहत ऑनलाइन शपथ लेकर प्रमाणपत्र डाउनलोड करना अनिवार्य किया गया है। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को शपथ कार्यक्रमों के फोटोग्राफ और निर्धारित प्रारूप में संकलित सूचना जिला समाज कल्याण अधिकारी के ई-मेल अथवा व्हाट्सएप नंबर 8126692409 पर तुरंत भेजने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने आमजन और सभी संस्थानों से नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

अभियान के शुभारंभ के अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा, नगर कर अधिकारी विजय चौहान समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


दो साल से मुंबई में छिपा 10 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, डेंटिंग की दुकान पर कर रहा था काम

नोएडा। नोएडा फेज-3 थाना क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज होने के बाद करीब दो साल से मुंबई में फरारी काट रहे 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश को सेक्टर-63 थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मुंबई के कुर्ला स्थित हनुमान नगर से दबोचा। आरोपी गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज होने के बाद नोएडा के बसई गांव से मुंबई भाग गया था और वहां डेंटिंग का काम कर रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान फिरोज अहमद, निवासी सुजिया गांव, बस्ती के रूप में हुई है। वह मुंबई में अपने भाई के घर के पास कमरा लेकर रह रहा था। आरोपी अनपढ़ है और एक दुकान पर डेंटिंग का काम करता था। शुरुआत में वह झुग्गी में रह रहा था, लेकिन करीब डेढ़ साल पहले झुग्गी बेचकर किराये के कमरे में रहने लगा था। उसका परिवार नोएडा के बसई गांव में ही रह रहा है।

पुलिस को आरोपी के एक जानकार के मोबाइल से मिले इनपुट के आधार पर उसके मुंबई में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद सेक्टर-63 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे कुर्ला के हनुमान नगर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर नोएडा लाकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

थाना प्रभारी अमित कुमार के अनुसार फिरोज ने अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाया था। गिरोह के सदस्य लूट और वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। फेज-3 थाना पुलिस ने गिरोह के सरगना आशीष और फिरोज को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से चोरी के दो वाहन बरामद हुए थे।

पुलिस के अनुसार गिरोह के खिलाफ वर्ष 2024 में फेज-3 थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरोह में आशीष सरगना था, जबकि फिरोज, फन्नू, अमित और दिनेश सक्रिय सदस्य बताए गए हैं। आरोपी पहले जेल भी जा चुके हैं।

गैंगस्टर एक्ट का केस दर्ज होने के बाद से फिरोज फरार चल रहा था। उसके खिलाफ कुल तीन मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

डीसीपी ग्रेटर नोएडा शैलेंद्र सिंह ने इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को सम्मानित करने की बात कही है।


जनता मिलन में जिलाधिकारी ने सुनीं 28 शिकायतें, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

जनता मिलन में जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता, प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई

पौड़ी- जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने 28 शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय परीक्षण करते हुए नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए।

जनता दर्शन में ग्राम कांडई निवासी विनोद कुमार ने सहकारी समिति रैदुल से ऋण स्वीकृत न होने की शिकायत रखी। जिलाधिकारी ने बताया कि संबंधित सोसाइटी की ऋण सीमा स्वीकृत हो चुकी है और आगामी दो दिनों में ऋण स्वीकृत कर दिया जाएगा। अपर चोपड़ा निवासी गिरीश चंद्र ने नगर पालिका द्वारा निर्मित नाली से अनुचित जल निकासी के कारण मकान को हो रही क्षति का मामला रखा। जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि आगणन तैयार होने के बावजूद कार्य नहीं किया जा रहा है तो संयुक्त मजिस्ट्रेट के माध्यम से मौके निरीक्षण कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

धौलीधार क्षेत्र में गुलदार एवं भालू के हमले से बचाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था की मांग पर जिलाधिकारी ने सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही वन विभाग को क्षेत्र में नियमित गश्त एवं जनजागरूकता अभियान चलाने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि जिला योजना में क्षेत्र के लिए तीन सोलर लाइटों को जल्द स्थापित किया जाएगा। ग्राम पल्ली मल्ली में आपदा से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की शिकायत पर जिलाधिकारी ने शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता को जल संस्थान के कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों की निस्तारण रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा और स्पष्ट किया कि संबंधित विभाग अपने स्तर पर ही शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

बमणगांव-केवर्स मोटर मार्ग क्षेत्र में मकान के समीप मलबा आने के संबंध में जिलाधिकारी ने संयुक्त मजिस्ट्रेट को मौके का निरीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए कहा। वहीं विकासखंड कोट की ग्राम सभा घीड़ी में जिला पंचायत पौड़ी द्वारा निर्मित लिंक रोड की स्थिति को देखते हुए अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा ग्राम डुंगरी में सिंचाई जल उपलब्ध कराने, परसुंडाखाल में ठेकेदार द्वारा विद्युत कार्य से संबंधित मानदेय का भुगतान न किए जाने, पुण्डरासु में सड़क के डामरीकरण एवं चौड़ीकरण तथा चैड़ तल्ला में सुरक्षा दीवार के लिए गूल निर्माण सहित अन्य शिकायतें भी प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मामले का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन कार्यक्रम में पूर्व में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी जानकारी दी गई। ग्राम ओडागाड़, विकासखंड पाबौ निवासी गिरीश चंद्र एवं लाजवन्ती देवी ने आपदा से मकान की दीवार क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की थी। जांच में दोनों शिकायतकर्ताओं का एक ही आवासीय भवन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पाया गया। नियमानुसार प्रपत्र पी-20 भरते हुए भवन एवं उसमें रखी सामग्री की क्षति के लिए 11,500 रुपये की राहत सहायता स्वीकृत कर वितरित की गयी।

ग्राम पंचायत कोट की प्रधान प्रियंका ने सारा योजना के अंतर्गत जल संवर्धन कार्य में ठेकेदार द्वारा लंबे समय से भुगतान न किए जाने की शिकायत की थी। मूल्यांकन के आधार पर 50 हजार रुपये के भुगतान पर सहमति बनी है तथा शेष कार्य ग्राम प्रधान एवं ठेकेदार के समन्वय से पूरा किया जाएगा।

जनता दर्शन में प्राप्त विभिन्न प्रकरणों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग-534 के चौड़ीकरण से संबंधित भवन प्रतिकर के प्रकरण में तहसील स्तर से स्थलीय जांच कराकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की गयी तथा संबंधित पक्षों का आपसी समन्वय से समाधान कराया गया। गैस आपूर्ति उपलब्ध न होने की शिकायत पर एलपीजी गैस सिलेंडर दिलाया गया। वाहन कर से संबंधित प्रकरण में वाहन स्वामी को कर की वर्तमान स्थिति एवं नियमानुसार प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध करायी गयी। वाहन स्वामी द्वारा देय कर जमा करने के उपरांत शेष प्रक्रिया पूर्ण कर वाहन का पंजीयन नियमानुसार निरस्त किया गया तथा वाहन स्वामी ने कार्रवाई पर संतुष्टि व्यक्त की।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीओ पुलिस तपेश कुमार, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र, अधीक्षण अभियंता पेयजल मो. मिशम, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, निर्माण खंड की अधिशासी अभियंता रीना नेगी, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, सैनिक कल्याण अधिकारी करन सिंह रावत, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्र प्रकाश उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


पटेलनगर में मोबाइल स्नेचिंग का खुलासा, नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में हुई मोबाइल स्नेचिंग की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद करने के साथ घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूपी-11-सीएक्स-4920 को सीज किया है।

पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को श्रीमती हिमानी पुत्री विनोद पांडेय, निवासी भानियावाला, सैनिक कॉलोनी, डोईवाला ने थाना पटेलनगर में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि ग्रास फार्म आईएसबीटी के पास मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर थाना पटेलनगर में मु0अ0सं0 625/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर पूर्व में इस तरह की घटनाओं में सामने आए आरोपियों की वर्तमान स्थिति की भी जानकारी जुटाई गई।

पुलिस के प्रयासों के बाद 13 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर आर्मी ग्राउंड, चंद्रबनी चौक, पटेलनगर के पास से दो आरोपियों रिहान और सलमान को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों नशे के आदी हैं और नशे की लत व अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उन्होंने मोबाइल स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी छीने गए मोबाइल फोन को बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी:

  • रिहान पुत्र नौशाद, निवासी मेहूंवाला माफी, तेलपुर चौक, पटेलनगर, देहरादून, उम्र 18 वर्ष
  • सलमान पुत्र जमील, निवासी मेहूंवाला, तेलपुर चौक, पटेलनगर, देहरादून, उम्र 19 वर्ष

बरामदगी:

  • घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूपी-11-सीएक्स-4920
  • घटना में छीना गया मोबाइल फोन

समाधान दिवस में 102 शिकायतें दर्ज, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

निवेश के नाम पर लाखों की ठगी और नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले भी पहुंचे

देहरादून। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में ‘समाधान दिवस’ आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में कुल 102 शिकायतें दर्ज की गईं। अपर जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों की जांच कर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में ऋषिकेश निवासी रेखा चतरथ, नीलम नेगी और ऋतु गर्ग ने दून स्मृद्धि लिमिटेड एवं सर्व माइक्रोफाइनेंस इंडिया एसोसिएशन पर निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। रेखा चतरथ ने बताया कि उनके साथ 18.95 लाख रुपये, नीलम नेगी के साथ 14.75 लाख रुपये तथा ऋतु गर्ग के साथ 4.25 लाख रुपये की निवेश के नाम पर धोखाधड़ी की गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी प्रशासन को जांच के निर्देश दिए गए।

नथुवाला निवासी अखिलेश उनियाल ने बताया कि उन्हें इंडिया ग्लोबल सर्विसेज की ओर से नौकरी का ऑफर लेटर दिया गया तथा कंपनी के कहने पर 1.75 लाख रुपये जमा कराए गए, लेकिन इसके बाद उन्हें नौकरी नहीं दी गई। फर्जी कंपनी के विरुद्ध धोखाधड़ी की जांच एवं उचित कानूनी कार्रवाई की मांग पर अपर जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी पुलिस को जांच के निर्देश दिए। वहीं, इंद्रेश नगर निवासी खेम चंद ने सचिवालय में चतुर्थ श्रेणी की नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये ठगे जाने की शिकायत की। मामले में सीओ पटेलनगर को जांच सौंपी गई।

नवादा मिनी मसूरी जन कल्याण समिति ने क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या रखते हुए मोबाइल टावर स्थापित किए जाने की मांग की। इस पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, चकराता विकासखंड के ग्राम पंचायत कावाखेड़ा अंतर्गत उरटेडा बस्ती में पेयजल लाइन जीर्ण-शीर्ण होने की शिकायत पर जल निगम को त्वरित कार्रवाई करते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए गए।

नेहरू कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय आशा कनौजिया ने बताया कि उन्होंने मातृ स्नेह के चलते अपनी संपत्ति पुत्र के नाम कर दी थी, लेकिन वृद्धावस्था में पुत्र एवं पुत्रवधू द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। इस पर अपर जिलाधिकारी ने भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम के तहत वाद दायर कर बुजुर्ग महिला को शीघ्र न्याय दिलाने के निर्देश दिए।

एमडीडीए कॉलोनी निवासी बुजुर्ग महिला जैनव ने आंखों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर संबंधित एसडीएम को आर्थिक सहायता के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

सहारनपुर निवासी प्रवेश उप्रेती ने धोखाधड़ी कर उनकी भूमि किसी अन्य व्यक्ति को विक्रय किए जाने तथा भूमि खुर्द-बुर्द करने की शिकायत की। मामले में एसडीएम विकासनगर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, गीत बिष्ट ने पड़ोसी द्वारा उनके स्वामित्व एवं कब्जे वाली संपत्ति में अतिक्रमण करने, साझा सीढ़ी पर ताला लगाने, रास्ता बंद करने तथा धमकी देने की शिकायत की। इस पर एसडीएम को जांच कर प्रकरण का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

लच्छीवाला निवासी माधवी गुरंग ने शिकायत की कि उनके जेठ ने प्रॉपर्टी डीलर से मिलीभगत कर उनके घर का रास्ता बंद कर दिया है। मामले में एसडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई एवं प्रकरण का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

नवादा निवासी दिनेश्वरी देवी ने बताया कि विगत 3 सितंबर को हुई भारी बारिश के कारण उनकी गौशाला की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने दीवार की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) को मौके की फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं, चुक्खूवाला निवासी गुड्डी देवी एवं रायपुर निवासी कमलेश ने बारिश के कारण निजी मकान क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। इस पर संबंधित एसडीएम को मौके का निरीक्षण कर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता न मानते हुए प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता को कार्रवाई से अवगत कराया जाए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा, नगर कर अधिकारी विजय चौहान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp