Monday, September 14th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मुख्यमंत्री धामी ने समस्त प्रदेशवासियों को दी हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं

Daily Archives: 14/09/2026

मुख्यमंत्री धामी ने समस्त प्रदेशवासियों को दी हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं

हिंदी हमारी संस्कृति और लोकचेतना की सशक्त पहचान- सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिंदी दिवस के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद और अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, परंपरा, लोकचेतना और आत्मीय भावनाओं की सशक्त पहचान भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदी हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत से गहराई से जुड़ी हुई है। हिंदी दिवस के अवसर पर सभी को हिंदी के सम्मान, संवर्धन और व्यापक प्रसार के लिए संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि हिंदी को वैश्विक मंच पर और अधिक सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाएं और इसके प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयास करें।


दोस्ती से इनकार पर छात्रा को खेत में ले जाकर पीटा, वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, चार लड़कियों पर केस दर्ज

भोपाल। मध्य प्रदेश के सतना में एक कॉलेज छात्रा पर एक छात्र से दोस्ती करने का दबाव डालने और इनकार करने पर उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार लड़कियां छात्रा को साजिश के तहत सुनसान जगह पर ले गईं और वहां उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर छात्रा पर उस लड़के से बात करने का दबाव बनाया।

घटना 6 अगस्त की बताई जा रही है। इसका खुलासा एक महीने से अधिक समय बाद तब हुआ, जब मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। इसके बाद 19 वर्षीय पीड़िता ने सतना के कोलगवां थाने पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, पीड़िता को उसकी एक परिचित लड़की ने किसी काम के बहाने बाजार बुलाया था। इसके बाद वह उसे स्कूटी से एक खेत में ले गई, जहां तीन अन्य लड़कियां पहले से मौजूद थीं।

पीड़िता के मुताबिक, वहां पहुंचते ही चारों ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि लड़कियां उस पर एक खास लड़के से बात करने और दोस्ती करने का दबाव बना रही थीं। इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई और वीडियो कॉल के जरिए उस लड़के से माफी मांगने के लिए भी मजबूर किया गया।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी थी कि अगर उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो मारपीट का वीडियो सार्वजनिक कर देंगे। आरोप है कि इसके बावजूद वीडियो को इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर वायरल कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद पीड़िता ने पुलिस से संपर्क किया।

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शनिवार को आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें धारा 296(बी), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।


महाराष्ट्र में गणेश उत्सव का आगाज, ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंजा मुंबई

मुंबई। महाराष्ट्र में सोमवार से 11 दिवसीय गणेश उत्सव की शुरुआत हो गई। मुंबई की गलियों से लेकर बड़े-बड़े पंडालों तक ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंज रहे हैं। अलग-अलग आकार की गणेश प्रतिमाओं के घरों और सार्वजनिक पंडालों में पहुंचने के साथ ही मायानगरी भक्ति के रंग में रंग गई है।

मुंबई का गणेशोत्सव आस्था के साथ-साथ सामुदायिक उत्साह का भी बड़ा पर्व है। लालबाग की संकरी गलियों से लेकर शहर के अलग-अलग इलाकों में सजे पंडालों तक उत्सव का माहौल नजर आ रहा है। गणेशोत्सव का समापन 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन होगा। इस दौरान श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और जुलूस के साथ गणपति प्रतिमाओं को समुद्र तटों तक ले जाकर विधि-विधान से विसर्जन करेंगे।

बड़े गणेश मंडलों ने अपनी विशाल प्रतिमाएं पहले ही स्थापित कर दी थीं। वहीं रविवार रात कई छोटे मंडलों और परिवारों ने भी गणपति की प्रतिमाओं को घरों और पंडालों तक पहुंचाया। इस दौरान सड़कों पर भक्ति गीत, ढोल-ताशे, जयकारे और गुलाल का रंग देखने को मिला।

उत्सव की शुरुआत प्राण प्रतिष्ठा की रस्मों के साथ हुई। घरों और सार्वजनिक मंडलों में विशेष पूजा, आरती और मंत्रोच्चार किए गए। लालबाग, परेल, गिरगांव, अंधेरी, चेंबूर और फोर्ट समेत प्रमुख इलाकों में रंग-बिरंगी रोशनी से सजावट की गई है।

गणेश उत्सव को लेकर मुंबई के प्रमुख बाजारों में भी चहल-पहल रही। दादर, क्रॉफर्ड मार्केट और लोहार चॉल में श्रद्धालु पूजा और सजावट का सामान खरीदते नजर आए। लोगों ने मखर सजावट, फूलों की मालाएं, मिठाइयां और पूजा सामग्री खरीदी।

लालबाग हमेशा की तरह गणेशोत्सव का प्रमुख आकर्षण बना हुआ है। यहां लालबागचा राजा, चिंचपोकली, गणेश गली और तेजुकाया जैसे प्रसिद्ध गणपति पंडालों में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

माटुंगा स्थित GSB सेवा मंडल ने भी गणपति की प्रतिमा को सोने के आभूषणों से सजाया है। इन कीमती आभूषणों और चढ़ावे की सुरक्षा के लिए करोड़ों रुपये की बीमा पॉलिसी ली गई है। यहां पूजा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें भी देखी जा रही हैं।

मुंबई के अन्य प्रमुख गणपति मंडलों में तिलक नगर का सह्याद्री मंडल, दक्षिण मुंबई का फोर्ट विभाग सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल, अंधेरी का आजाद नगर सार्वजनिक उत्सव समिति और गिरगांव का खेतवाड़ी गणपति मंडल शामिल हैं।

गणेश उत्सव के दौरान सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए मुंबई में 16,800 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें वरिष्ठ अधिकारी और क्विक रिस्पॉन्स यूनिट के जवान भी शामिल हैं। गणपति विसर्जन के दौरान भीड़ और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

पुलिस ने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संयम बरतने और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के साथ सहयोग करने की अपील की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विघ्नहर्ता के दर्शन और पूजन का यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे। उन्होंने आदि शंकराचार्य द्वारा रचित ‘गणेश पञ्चरत्नम्’ स्तोत्र का पहला श्लोक भी साझा किया।


महिला एशिया कप 2026- श्रीलंका को 72 रनों से हराकर भारत बना चैंपियन

भारत ने आठवीं बार जीता महिला एशिया कप

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एक बार फिर एशिया कप पर अपना दबदबा साबित करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 72 रनों से शिकस्त देकर आठवीं बार महिला एशिया कप की ट्रॉफी जीत ली। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा और टीम बिना कोई मुकाबला गंवाए चैंपियन बनी।

फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने भारतीय पारी की नींव मजबूत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रनों की बेहतरीन साझेदारी की। शेफाली ने 39 गेंदों में 68 रन बनाए, जबकि मंधाना ने 39 गेंदों पर 59 रनों की पारी खेली।

हालांकि, दोनों सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद भारतीय पारी की रफ्तार कुछ धीमी हुई। ऋचा घोष ने 17, हरमनप्रीत कौर ने 14 और दीप्ति शर्मा ने पांच रन बनाए। जी. कमालिनी 15 रन बनाकर नाबाद रहीं। श्रीलंका की ओर से मिताली अयोध्या, चामरी अट्टापट्टू और चामुदी प्रबोदा ने एक-एक विकेट लिया।

भारतीय गेंदबाजों के आगे श्रीलंकाई बल्लेबाज बेबस

184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम शुरुआत में ही दबाव में आ गई। क्रांति गौड़ ने इमिशा दुलानी को चार रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद कप्तान चामरी अट्टापट्टू और विश्मी गुणारत्ने ने पारी संभालने की कोशिश की और दूसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े।

दीप्ति शर्मा ने अट्टापट्टू को 36 रन पर आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाते हुए श्रीलंका को संभलने का मौका नहीं दिया। विश्मी 20, हर्षिता समरविक्रमा नौ और कविशा दिलहारी सात रन बनाकर पवेलियन लौटीं। नीलाक्षी सिल्वा ने 22 रन बनाए, लेकिन टीम को लक्ष्य तक नहीं पहुंचा सकीं।

श्रीलंका की पूरी टीम 20 ओवर में 111 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से श्री चरणी ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके, जबकि दीप्ति शर्मा को तीन सफलता मिली। क्रांति गौड़, शेफाली वर्मा और प्रेमा रावत ने एक-एक विकेट लिया।

एशिया कप में भारत का दबदबा कायम

इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एशिया कप में अपना दबदबा और मजबूत कर लिया है। भारत ने अब तक आठ बार एशिया कप का खिताब जीता है। टीम ने 2004, 2005, 2006 और 2008 में वनडे प्रारूप में, जबकि 2012, 2016, 2022 और 2026 में टी20 प्रारूप में ट्रॉफी अपने नाम की।

भारत को 2018 और 2024 में फाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन 2026 में टीम ने शानदार वापसी करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने श्रीलंका से पिछले मुकाबलों का हिसाब भी चुकता कर दिया।


हाथी बाजार में जनरल स्टोर की दुकान में चोरी, 10 हजार का सामान और नकदी ले गए चोर

वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के हाथी बाजार में किराए के मकान में रहने वाले दिनेश गुप्ता की जनरल स्टोर की दुकान में रविवार रात चोरी हो गई। चोर दुकान से करीब 10 हजार रुपये का सामान और लगभग दो हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6 बजे दिनेश गुप्ता किराए के मकान से दुकान पर पहुंचे। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की जानकारी होने पर उन्होंने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद जंसा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने दुकानदार को मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

हाथी राम बाबा मंदिर से कुछ कदम की दूरी पर हुई चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों और लोगों में चिंता का माहौल है।


दिल्ली के ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, 55 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रिंग रोड कॉरिडोर 6 फेज में होगा निर्माण

नई दिल्ली। दिल्ली में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए दिल्ली सरकार ने पैरलल रिंग रोड का मास्टर प्लान तैयार किया है। 2026-27 के बजट में परियोजना के व्यवहार्यता अध्ययन के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रस्तावित तीसरी रिंग रोड मौजूदा इनर और आउटर रिंग रोड के समानांतर होगी।

सरकार का लक्ष्य दिल्ली में बिना रुकावट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है। इसके तहत जलवायु अनुरूप और तकनीक आधारित सड़कों का निर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस दिशा में काम तेज कर दिया है। 55 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रिंग रोड कॉरिडोर की डीपीआर पूरी हो चुकी है। इसे छह फेज में बनाया जाएगा।

पहले फेज में मुकरबा चौक से आश्रम तक का हिस्सा शामिल होगा। इसके बाद आजादपुर फ्लाईओवर से आईएसबीटी हनुमान मंदिर तक 9.5 किलोमीटर, चांदगी राम अखाड़ा से मजनू का टीला तक 2.5 किलोमीटर और आईएसबीटी से डीएनडी फ्लाईओवर तक 11.5 किलोमीटर के हिस्सों को प्राथमिकता दी जाएगी।

पीडब्ल्यूडी ने ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर 10 बड़े चोक पॉइंट्स की पहचान की थी। इनमें रिंग रोड, मथुरा रोड, अरबिंदो मार्ग, महरौली-महिपालपुर रोड और रानी झांसी रोड शामिल हैं। विभाग का मानना है कि केवल फ्लाईओवर बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। पीक आवर में रिंग रोड पर 2.5 लाख से ज्यादा वाहन होने के कारण एक नई समानांतर रिंग रोड की जरूरत है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 24 मार्च 2026 को पेश बजट में लोक निर्माण विभाग के लिए 5,921 करोड़ रुपये का आवंटन किया था। यह पिछले साल के 3,843 करोड़ रुपये के मुकाबले 54 फीसदी अधिक था। ट्रांसपोर्ट विभाग का कुल बजट 8,374 करोड़ रुपये है। इसमें मेट्रो फेज-4/5 के लिए 2,885 करोड़, आरआरटीएस/एनसीआर कनेक्टिविटी के लिए 568 करोड़ और ई-बस व चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 1,200 करोड़ रुपये शामिल हैं।

कुल लंबाई: 55 किलोमीटर, मुकरबा चौक से डीएनडी होते हुए आश्रम तक

निर्माण लागत का अनुमान: 7,000 करोड़ रुपये

डीपीआर कंसल्टेंट: एईकॉम इंडिया

फायदा: उत्तर से दक्षिण दिल्ली का सफर 30 मिनट में पूरा होने का दावा

निर्माण: छह फेज में

हालांकि, परियोजना की राह में कई चुनौतियां भी हैं। 10 करोड़ रुपये का प्रावधान फिलहाल रिपोर्ट तैयार करने के लिए है। भूमि अधिग्रहण और पेड़ों की कटाई में करीब दो साल लग सकते हैं। मौजूदा रिंग रोड के ऊपर एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने में यूटिलिटी शिफ्टिंग भी बड़ी चुनौती होगी। पिछले 10 वर्षों में इसी तरह की रिंग रोड का प्रस्ताव तीन बार ठंडे बस्ते में जा चुका है।


जानकी सेतु के पास नदी के बीच टापू में फंसे 19 वर्षीय युवक का SDRF ने किया सकुशल रेस्क्यू

ऋषिकेश। जानकी सेतु के पास देर रात नदी के बीच बने टापू पर एक युवक के फंसने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ढालवाला पोस्ट से टीम तत्काल मौके पर पहुंची और विषम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार देर रात चौकी ढालवाला से एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला को सूचना मिली कि जानकी सेतु के समीप नदी के बीच बने एक टापू पर एक व्यक्ति फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने के बाद टीम ने नदी की स्थिति और परिस्थितियों का जायजा लेते हुए तत्काल रेस्क्यू कार्रवाई शुरू की। एसडीआरएफ जवानों ने जोखिम के बीच सुरक्षित रास्ता बनाकर टापू तक पहुंच बनाई और वहां फंसे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान आयुष भंडारी (19), पुत्र कुलदीप भंडारी, निवासी कर्णप्रयाग, जनपद चमोली के रूप में हुई है। रेस्क्यू के बाद युवक को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से नदी के बीच फंसे युवक को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।


मारपीट के बाद युवक की मौत, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले हुई मारपीट के मामले में घायल युवक की मौत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को लाडपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को शफीक पुत्र मौ. ईद्रीश निवासी रिंग रोड, होटल पर्ल एवेन्यू के पास, देहरादून ने रायपुर थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि 7 सितंबर को उनके साले जानिसार खान पुत्र शकील खान, निवासी राजीव नागलिया का प्लॉट, रायपुर के साथ विक्कू और उसके अन्य साथियों ने मारपीट की थी। घटना में जानिसार को गंभीर चोटें आई थीं।

मारपीट के बाद से जानिसार की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। 13 सितंबर की सुबह वह अपने कमरे में मृत अवस्था में मिला। शिकायत के आधार पर रायपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर रायपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को लाडपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई भी कराई है।

गिरफ्तार आरोपी

विकास साहनी उर्फ विक्कू, पुत्र भोटाई साहनी, निवासी ग्राम सनौली धमोली, थाना कटरा, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार, उम्र 22 वर्ष।
सोनू साहनी, पुत्र भोटाई साहनी, निवासी ग्राम सनौली धमोली, थाना कटरा, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार, उम्र 21 वर्ष। वर्तमान पता—झुग्गी-झोपड़ी, मंदिर के पास, थाना रायपुर, देहरादून।


देहरादून में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ प्रशासन की सख्ती, 532 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त

1776 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 550 के चालान; 1.96 लाख रुपये जुर्माना वसूला

देहरादून। शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र के सभी 100 वार्डों में सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने 50 सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की है। अधिकारियों की टीमों ने अब तक शहर के अलग-अलग इलाकों में 1776 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया है। इस दौरान 762 प्रतिष्ठानों में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग, भंडारण या वितरण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

प्रशासन के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान 550 प्रतिष्ठानों के चालान किए गए और 1.96 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अब तक 532 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त कर नष्ट किया जा चुका है।

जुर्माने के साथ जागरूकता पर भी जोर

जिला प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं है, बल्कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाना और लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। प्रवर्तन कार्रवाई के साथ नागरिकों और व्यापारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

प्रशासन ने लोगों और व्यापारियों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग, भंडारण और बिक्री नहीं करने तथा इसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की है।

अधिकारियों के अनुसार, स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त देहरादून का लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए आमजन की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। प्रशासन ने सामूहिक प्रयासों के जरिए देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने पर जोर दिया है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp