Monday, September 7th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मसूरी के रॉक स्टोन पर चला एमडीडीए का बुलडोजर, अपर माल रोड पर अनाधिकृत निर्माण ध्वस्त

Daily Archives: 07/09/2026

मसूरी के रॉक स्टोन पर चला एमडीडीए का बुलडोजर, अपर माल रोड पर अनाधिकृत निर्माण ध्वस्त

प्राधिकरण ने कहा- नियम तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी छूट

देहरादून।  मसूरी के अपर माल रोड स्थित रॉक स्टोन में अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण के अनुसार संजय मेहरोत्रा और राजीव मेहरोत्रा द्वारा किए गए अनाधिकृत निर्माण के मामले में नियमानुसार वाद दायर किया गया था। सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित पक्ष की ओर से प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

मसूरी के बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील अपर माल रोड क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई को एमडीडीए की ओर से अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि पर्वतीय क्षेत्रों में भवन निर्माण के लिए निर्धारित नियमों, स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमतियों का पालन अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी कर किए गए निर्माण के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। एमडीडीए के मुताबिक रॉक स्टोन स्थल पर अनाधिकृत निर्माण पाए जाने के बाद संबंधित पक्ष के खिलाफ उत्तराखण्ड (उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम, 1973) यथासंशोधित की सुसंगत धाराओं के तहत वाद योजित किया गया। कार्रवाई से पहले विपक्षी पक्ष को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया गया। सुनवाई के दौरान संबंधित पक्ष की ओर से प्रस्तुत प्रतिउत्तर का प्राधिकरण ने नियमानुसार परीक्षण किया। हालांकि, जवाब से निर्माण को नियमों के अनुरूप ठहराने के लिए पर्याप्त आधार नहीं मिला। इसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण के आदेश पर कार्रवाई की गई।

संवेदनशील क्षेत्र में निर्माण पर सख्ती

प्राधिकरण का कहना है कि मसूरी की भौगोलिक और पर्यावरणीय संवेदनशीलता को देखते हुए यहां अनियोजित और अनाधिकृत निर्माण गंभीर विषय है। पर्यटन नगरी में लगातार बढ़ते निर्माण दबाव के बीच भवन निर्माण से जुड़े नियमों और स्वीकृत मानचित्रों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है। प्राधिकरण का कहना है कि बिना अनुमति निर्माण अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए गए निर्माण को किसी भी स्थिति में प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा। एमडीडीए ने साफ कर दिया है कि मसूरी जैसे संवेदनशील क्षेत्र में नियमों से खिलवाड़ करने वालों को कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण की प्राथमिकता देहरादून और मसूरी क्षेत्र में नियोजित एवं नियमबद्ध विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक निर्माणकर्ता के लिए स्वीकृत मानचित्र, निर्धारित मानकों और प्रचलित नियमों का पालन करना आवश्यक है। रॉक स्टोन प्रकरण में संबंधित पक्ष को सुनवाई का पर्याप्त अवसर दिया गया और सुनवाई के बाद जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि एमडीडीए किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करता है। मसूरी की भौगोलिक एवं पर्यावरणीय संवेदनशीलता को देखते हुए अनाधिकृत निर्माण को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जा सकता। जहां भी निर्माण नियमों का उल्लंघन सामने आएगा, वहां प्रचलित अधिनियम और नियमों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

निष्पक्ष कार्रवाई रहेगी जारी

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि रॉक स्टोन, अपर माल रोड के मामले में उत्तराखण्ड (उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम, 1973) के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। संबंधित पक्ष को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया था, लेकिन सुनवाई के दौरान संतोषजनक प्रतिउत्तर प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य कानून के प्रावधानों का निष्पक्ष रूप से पालन कराना है। विकास क्षेत्र में बिना स्वीकृति अथवा नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों ने निर्माणकर्ताओं से अपील की है कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही निर्माण करें।


धुबनी में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का खुलासा, 62 पासपोर्ट के साथ चार गिरफ्तार

मधुबनी। घोघरडीहा थाना पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अलग-अलग राज्यों से जारी 62 मूल पासपोर्ट, एक बाइक, चार मोबाइल फोन और पांच डाक लिफाफे बरामद किए हैं। पुलिस अब गिरोह के पटना और कानपुर कनेक्शन की जांच कर रही है।

एसएसपी योगेन्द्र कुमार के अनुसार, छह-सात सितंबर की मध्य रात्रि हनुमान चौक के पास पुलिस वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार मो. इरशाद और रफी अहमद पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने दोनों को पकड़कर तलाशी ली तो उनके बैग से 62 पासपोर्ट बरामद हुए। इतनी बड़ी संख्या में पासपोर्ट मिलने के बाद पुलिस को किसी संगठित नेटवर्क के सक्रिय होने का संदेह हुआ।

पूछताछ के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर कथित गिरोह के मुख्य सरगना मो. आरजू और ग्रामीण डाक सेवक मो. अदनान हुसैन को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में विदेश भेजने के नाम पर चल रहे नेटवर्क से जुड़ी कई जानकारियां सामने आई हैं।

जांच में पता चला कि गिरोह रूस और खाड़ी देशों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से उनके पासपोर्ट मंगवाता था। इसके बाद करीब दो लाख रुपये प्रति व्यक्ति लेकर पर्यटक वीजा के जरिए विदेश भेजने की तैयारी की जाती थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क के तार पटना और कानपुर के एजेंटों से भी जुड़े होने की जानकारी मिली है। संबंधित एजेंटों की भूमिका की जांच की जा रही है और संभावित ठिकानों पर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

बरामद 62 पासपोर्ट के मालिकों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस उनसे संपर्क कर यह पता लगाएगी कि उनके पासपोर्ट आरोपितों तक कैसे पहुंचे। साथ ही मोबाइल फोन और डाक लिफाफों की जांच के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।


किशनगंज में विवाहिता की हत्या की कोशिश का आरोप, गला दबाकर फिनाइल पिलाने का दावा, केस दर्ज

किशनगंज। एक विवाहिता को ससुराल पक्ष द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित करने और गला दबाकर फिनाइल पिलाकर हत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता मुस्कान बेगम की शादी 10 फरवरी 2024 को पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के बगलबाड़ी धनतोला निवासी राहत मदनी से हुई थी। शादी के करीब नौ महीने बाद जब वह गर्भवती हुई तो उसे मायके भेज दिया गया। आरोप है कि मायके पहुंचने पर उसने परिजनों को पति द्वारा मारपीट करने और मायके से 10 लाख रुपये लाने का दबाव बनाने की जानकारी दी।

पीड़िता के पिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष से शिकायत करने के बावजूद दहेज की मांग जारी रही। इसके बाद पंचायत में मामला रखा गया। नवंबर 2025 में पति उसे अपने साथ मुंबई ले गया, लेकिन वहां भी कथित मारपीट के बाद उसे वापस मायके लाया गया। बाद में ससुराल पक्ष की ओर से आश्वासन दिए जाने के बाद अप्रैल में उसे दोबारा ससुराल भेजा गया।

आवेदन के मुताबिक, पांच सितंबर की रात मुस्कान ने अपने मायके वालों का फोन नहीं उठाया। अगले दिन भी संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने ससुराल पक्ष से जानकारी ली। पहले महिला के अस्पताल में भर्ती होने की बात बताई गई, लेकिन जब परिजन ससुराल पहुंचे तो वह बदहवास हालत में मिली।

पीड़िता ने कथित तौर पर मायके वालों को बताया कि उसके पति, सास-ससुर और देवर ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद उसका गला दबाकर हत्या का प्रयास किया गया और जबरन फिनाइल पिला दिया गया।

परिजन महिला को उपचार के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी।


संसाधनों और अवसरों की कमी किसी प्रतिभाशाली युवा के सपनों की राह में नहीं बनेगी बाधा- मुख्यमंत्री

उत्तराखण्ड में ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ शुरू

प्रथम चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ा जाएगा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ किया।
योजना के माध्यम से प्रदेश के राजकीय एवं शासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों तथा राज्य विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के प्रथम चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए मेहनत के साथ सही दिशा, बेहतर रणनीति, अच्छे शिक्षकों का मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास भी आवश्यक है। विशेष रूप से पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाशाली युवा आर्थिक परिस्थितियों, उचित मार्गदर्शन और संसाधनों की कमी के कारण अच्छे कोचिंग संस्थानों तक नहीं पहुंच पाते। राज्य सरकार ने तय किया है कि संसाधनों की कमी अथवा आर्थिक तंगीं किसी भी प्रतिभाशाली युवा के सपनों की राह में बाधा नहीं बनेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है। राज्य का युवा मेहनती, प्रतिभाशाली और चुनौतियों का सामना करने में सक्षम है। आवश्यकता उसकी प्रतिभा को सही दिशा, बेहतर मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है। बीते 5 वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराना नहीं है। सरकार चाहती है कि उत्तराखण्ड का युवा नौकरी मांगने वाला ही नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला भी बने। इसी दिशा में स्वरोजगार, स्टार्टअप, कौशल विकास, उद्यमिता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रिवर्स पलायन बढ़ा है। आज अनेक युवा गांवों की ओर लौटकर व्यवसाय, कृषि-बागवानी, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों से जुड़े उद्यमों के माध्यम से स्वरोजगार के साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को प्रदेश के भविष्य की दिशा तय करने में भी सक्रिय भागीदार बना रही है। इसी सोच के साथ प्रदेश के ढाई लाख से अधिक युवा विद्यार्थियों के साथ वैचारिक मंथन कर उनके विचार और सुझाव लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की आशाओं, आकांक्षाओं और रोजगार से जुड़े विषयों पर विशेष रूप से कार्य करने के लिए राज्य में अलग ‘युवा आयोग’ बनाया जाएगा। सरकार चाहती है कि युवा केवल सरकारी योजनाओं के लाभार्थी न बनें, बल्कि प्रदेश की नीति और विकास की दिशा तय करने में भी सक्रिय भागीदार बनें।

मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत और लगन से कार्य करें। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को अवसर, संसाधन, मार्गदर्शन और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के युवा अपनी मेहनत, प्रतिभा और संकल्प के बल पर नई ऊंचाइयां प्राप्त करेंगे तथा उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के ‘विकल्प रहित संकल्प’ को पूर्ण करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं के बीच जाकर उनसे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों, भविष्य के लक्ष्यों और आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके सपनों को साकार करने के लिए आवश्यक अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर छात्र-छात्राओं में भी विशेष उत्साह दिखाई दिया।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से विशेष रूप से पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और मार्गदर्शन सुलभ होगा। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों तक योजना की जानकारी पहुंचे और वे इसका लाभ उठा सकें।

उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षा में गुणवत्ता सुधार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष से छात्रसंघ चुनाव में छात्राओं के लिए 50 प्रतिशत पद आरक्षित किए जाएंगे। प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों में डिजिटल शिक्षा को भी लगातार विस्तार दिया जा रहा है और ई-ग्रंथालय के माध्यम से विद्यार्थियों को लगभग 20 लाख पुस्तकों तक डिजिटल पहुंच उपलब्ध कराई गई है।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने योजना से जुड़े कोचिंग संस्थानों से विद्यार्थियों की तैयारी पर विशेष ध्यान देने की अपेक्षा करते हुए कहा कि वे इसे केवल व्यावसायिक दायित्व न मानकर व्यक्तिगत एवं सामाजिक दायित्व के रूप में भी लें। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन, नियमित संवाद और प्रत्येक विद्यार्थी की आवश्यकता के अनुरूप सहयोग उनकी तैयारी और आत्मविश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्य सचिव ने युवाओं से उपलब्ध अवसर का पूरा लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प आवश्यक है। राज्य सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध कराए जा रहे संसाधनों और अवसरों का बेहतर उपयोग कर युवा अपने लक्ष्य की ओर मजबूती से आगे बढ़ें।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र भसीन, डॉ. जयपाल चौहान, सचिव उच्च शिक्षा डॉ.बी.वी.आर.सी. पुरूषोत्तम, सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक कुमार, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, अपर सचिव उच्च शिक्षा मनुज गोयल, महानिदेशक शिक्षा आकांक्षा कोण्डे, अपर सचिव मनमोहन मैनाली एवं उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।


‘श्रमिक अपने पसीने से प्रदेश के विकास की नई इबारत लिख रहे’- महाराज

पोखड़ा (पौड़ी)। कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने सोमवार को पोखड़ा विकासखंड मुख्यालय में आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को संबोधित करने के साथ जनसमस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके जल्द निस्तारण के निर्देश दिए।

श्रमिकों को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिक प्रदेश और देश के विकास की मजबूत कड़ी हैं। सड़क, भवन और औद्योगिक क्षेत्रों समेत विभिन्न निर्माण कार्यों में श्रमिकों के योगदान के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।

महाराज ने कहा कि श्रमिक केवल मेहनत नहीं करता, बल्कि अपने पसीने से प्रदेश के विकास की नई इबारत लिखता है। सरकार का प्रयास है कि श्रमिकों को उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिले। इसी उद्देश्य से श्रमिकों के पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलती है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे समय पर अपना पंजीकरण कराएं और जिनका पहले से पंजीकरण है, उसका नवीनीकरण जरूर कराएं।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शिविरों के माध्यम से श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। सरकार का उद्देश्य व्यवस्थाओं को केवल कार्यालयों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें जनता के द्वार तक पहुंचाना है।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में दी जाए। साथ ही पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और उन्हें किसी तरह की अनावश्यक परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में पोखड़ा मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र दर्शन, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत, जिला महामंत्री महिपाल सिंह नेगी, ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाईं, एसडीएम रेखा आर्य, खंड विकास अधिकारी एसपी शाह, विधायक प्रतिनिधि प्रभुशरण बुडाकोटी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने सतपाल महाराज का पुष्पगुच्छ और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।


संपत्ति विवाद में भतीजे ने चाचा की धारदार हथियार से हत्या की, वारदात के बाद फरार

होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर जिले में संपत्ति विवाद को लेकर एक व्यक्ति की उसके भतीजे ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी हथियार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान हाजीपुर निवासी महिंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह दोनों के बीच चल रहा संपत्ति विवाद सामने आया है। आरोपी की पहचान मृतक के भतीजे सरबजीत सिंह के रूप में हुई है।

वारदात रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, महिंदर सिंह स्कूटर से घर लौट रहे थे और उनके पास आटे का थैला था। घर के पास गली में पहुंचते ही सरबजीत सिंह ने कथित तौर पर उन्हें घेर लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया।

आरोप है कि सरबजीत ने महिंदर सिंह की गर्दन, सिर और बाजुओं समेत शरीर के कई हिस्सों पर लगातार वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और काफी खून बह गया। घटना की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य बाहर आए और शोर मचाया। इसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर जुटने लगे।

भीड़ बढ़ती देख आरोपी कथित तौर पर हथियार लेकर मौके से फरार हो गया। परिजन गंभीर रूप से घायल महिंदर सिंह को हाजीपुर के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। हाजीपुर थाने में सरबजीत सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


जनता मिलन में 19 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

सड़क, पेयजल, गैस आपूर्ति और बस सेवा से जुड़ी समस्याओं पर सीडीओ ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

सीएम हेल्पलाइन व लंबित शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा

पौड़ी- सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 19 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सड़क, राजस्व, पेयजल, खाद्य आपूर्ति, परिवहन और सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित मामले प्रमुख रहे।

भितांई मल्ली निवासी गिरीश चंद्र ने दाणोधार-खंडाह मोटर मार्ग का ऊपरी पुश्ता ढहने से मकान को खतरा होने तथा उज्याड़ी निवासी हरेन्द्र ने डांग-उज्याड़ी मोटर मार्ग पर पुश्ता क्षतिग्रस्त होने से आवासीय भवन को नुकसान पहुंचने की शिकायत की। सीडीओ ने लोनिवि प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता को तत्काल अवर अभियंता को मौके पर भेजकर निरीक्षण एवं आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ हु पाबौ क्षेत्र में सड़क से गौशाला एवं पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर भी संबंधित विभाग को मौका निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

गडोली-खंडाह मार्ग के सुधारीकरण की मांग पर पीएमजीएसवाई को मौके पर निरीक्षण कर सर्वे करने के निर्देश दिए गए। एकेश्वर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा पाटीसैंण मार्ग से पोखड़ा तक पूर्व की भांति प्रातः 8 बजे बस सेवा संचालित किए जाने की मांग उठाई गई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने परिवहन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एआरटीओ ने अवगत कराया कि बस संचालन के संबंध में जीएमओ को पत्र प्रेषित किया जाएगा।

पौड़ी के निकट दांदलधार क्षेत्र के ग्रामीणों ने गैस वितरण में कठिनाई की शिकायत करते हुए गांव तक छोटे वाहनों से गैस सिलेंडर पहुंचाने की मांग की। सीडीओ ने जिला पूर्ति अधिकारी को गैस एजेंसियों के माध्यम से माह में कम से कम दो बार गांवों तक गैस आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान धनाऊं ने ल्वाली बाजार में नालियों के सुधारीकरण, धनाऊं मल्ला में स्वतंत्रता सेनानी स्व. उमेद सिंह रावत की स्मृति में प्रवेश द्वार निर्माण, जीआईसी कालेश्वर के खेल मैदान की क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत तथा ल्वाली बाजार में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग रखी, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने पूर्व में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रमों में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण कर अद्यतन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी मुख्यमंत्री स्तर पर नियमित समीक्षा की जाती है। उन्होंने सभी विभागों को सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के क्रम में तहसील कोटद्वार के बल्ली गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत का समाधान किया गया। भारी वर्षा एवं अतिवृष्टि से मुख्य स्रोत से जुड़ी पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई थी। विभाग द्वारा लाइन की मरम्मत कराई जा रही है तथा तब तक ग्रामीणों को टैंकरों के माध्यम से नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता त्रिलोक सिंह रावत द्वारा फल-सब्जी विक्रेताओं एवं अन्य दुकानदारों के प्रतिष्ठानों पर रेट लिस्ट चस्पा न होने की शिकायत के क्रम में नगर पालिका परिषद, पौड़ी द्वारा संबंधित दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा कराई गई और निर्धारित मूल्य सूची का नियमित प्रदर्शन सुनिश्चित कराया गया।

इस अवसर पर डीएफओ महातिम यादव, एडीएम एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा, डीडीओ रमेश चंद्र, डीपीआरओ राम सलोने, सीओ तपेश कुमार चंद, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल, डीएसओ अरुण कुमार वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, एआरटीओ एनके ओझा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


सेब के कैरेट में छिपाकर बिहार ले जा रहे थे शराब, 240 लीटर से अधिक शराब-बीयर बरामद

देवरिया। अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सलेमपुर पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। मझौलीराज पुलिस चौकी के सामने चेकिंग के दौरान पुलिस ने सेब के कैरेट में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही 240.2 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की। पुलिस ने ऑटो सवार चार महिलाओं समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, छह सितंबर को मझौलीराज चौकी के सामने बैरिकेडिंग लगाकर संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान काले रंग के तीन पहिया ऑटो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सेब के कैरेट के बीच शराब और बीयर छिपाकर रखी मिली।

पुलिस ने ऑटो से 8 पीएम के 290 पाउच बरामद किए, जिनकी कुल मात्रा 52.20 लीटर है। इसके अलावा ऑफिसर्स च्वाइस के 50 पाउच से नौ लीटर शराब, किंगफिशर बीयर के 332 केन से 166 लीटर और बडवाइजर बीयर के 26 केन से 13 लीटर बीयर बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पूजा देवी (43), ललिता देवी (47), मीरा देवी (45), पूनम देवी (50) और पिंकू कुमार (25) के रूप में हुई है। सभी बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस ने मामले में सलेमपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 298/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों में शामिल मीरा देवी के खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे बिहार में किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


स्वस्थ बालिकाएं ही स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव रखती हैं- ऋतु खण्डूडी भूषण

बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं जागरूकता को लेकर आयोजित हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

कोटद्वार। बालिकाओं को किशोरावस्था में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोटद्वार-बद्रीनाथ मार्ग स्थित पी.एम. श्री राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। दर्पण वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित शिविर में विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित पोषण और दैनिक स्वास्थ्य देखभाल से जुड़ी जरूरी जानकारियां दीं। इसके साथ ही किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों, उनसे जुड़ी सावधानियों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सजग रहने के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि किशोरावस्था से ही बालिकाओं को अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूक किया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सही समय पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी मिलने से बालिकाएं न केवल बीमारियों से बचाव कर सकती हैं, बल्कि अपने स्वास्थ्य को लेकर सही निर्णय लेने में भी सक्षम बनती हैं।

उन्होंने दर्पण वेलफेयर सोसाइटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ बालिकाएं ही स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव रखती हैं। स्वास्थ्य जागरूकता से बालिकाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं।

इस दौरान छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच भी की गई। चिकित्सकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श दिया। छात्राओं ने स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न सवाल भी विशेषज्ञों के सामने रखे, जिनका समाधान किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य वनिता ध्यानी, दर्पण वेलफेयर सोसाइटी की सचिव किरण रावत, डॉ. हेमलता अग्रवाल, डॉ. नीलिमा उपाध्याय समेत शशि बुडाकोटी, नीलम नेगी, कौसर जहाँ अंसारी, सुरेखा बिष्ट, सुशीला बिष्ट, पूजा रावत और इन्दु उनियाल मौजूद रहीं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में दर्पण वेलफेयर सोसाइटी के फाउंडर दिलीप ने सहयोग दिया। मंच संचालन परीक्षा भंडारी ने किया।


रामपुर में गोकशी की तैयारी की सूचना पर पुलिस की मुठभेड़, एक आरोपी घायल होकर गिरफ्तार

रामपुर। शहजादनगर थाना पुलिस की सतर्कता से रविवार देर रात चमरपुरा गांव के जंगल में कथित गोकशी की वारदात होने से पहले ही कार्रवाई की गई। पुलिस और संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, थाना प्रभारी कुलदीप राणा टीम के साथ रात में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि दो संदिग्ध बाइक सवार चमरपुरा गांव के जंगल में गोकशी की तैयारी में हैं और उनके पास पशु काटने के उपकरण भी मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी।

पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्ध बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर एक आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुठिया गांव निवासी अखलाख के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका फरार साथी नौगवां गांव निवासी रिजवान बताया गया है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पशु काटने के उपकरण, प्लास्टिक का कट्टा, पाटल, चापड़, छुरी, लकड़ी का गुटका, काली पन्नी के तीन पैकेट, तमंचा और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, अखलाख के खिलाफ पहले से चार मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है, जिनमें चोरी और गुंडा अधिनियम के मामले भी शामिल हैं। वहीं फरार आरोपी रिजवान के खिलाफ गोकशी, गुंडा अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के तहत तीन मुकदमों की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp