Wednesday, September 9th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में विकास का रोडमैप तैयार, विकसित उत्तराखंड पर हुआ मंथन

Daily Archives: 09/09/2026

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में विकास का रोडमैप तैयार, विकसित उत्तराखंड पर हुआ मंथन

हल्द्वानी। हल्द्वानी में भाजपा की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का पहला सत्र ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प प्रस्ताव के अनुमोदन के साथ संपन्न हुआ। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और उत्तराखंड के विकास को लेकर पार्टी की आगामी दिशा पर विस्तार से चर्चा की गई।

रामपुर रोड स्थित एक निजी प्रतिष्ठान के हरि प्रसाद टम्टा सभागार में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मंच पर मौजूद रहे। इनमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, अल्मोड़ा सांसद अजय भट्ट, टिहरी सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और कल्पना सैनी सहित प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक शामिल रहे।

पीएम मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल पर चर्चा

कार्यसमिति के पहले राजनीतिक प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री और गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख किया गया। साथ ही इस दौरान भारत की विकास यात्रा और देश के लगातार आगे बढ़ने पर विस्तार से चर्चा हुई।

यह प्रस्ताव राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने प्रस्तुत किया। प्रस्ताव का अनुमोदन विधायक रेखा आर्य, सांसद अजय भट्ट, महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह और मदन कौशिक ने किया।

‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ पर जोर

बैठक में दूसरे राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से उत्तराखंड को विकसित बनाकर देश के विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने की दिशा पर मंथन किया गया। केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने यह प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसका अनुमोदन राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने किया।

बैठक के दौरान प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम और सह प्रभारी रेखा वर्मा ने भी पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। कार्यसमिति में प्रदेश के विकास, संगठन की भूमिका और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा हुई।


बेटी की बीमारी को बताया जादू-टोने का असर, देवरानी की गला घोंटकर कर दी हत्या

जबलपुर। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में अंधविश्वास से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सीधी थाना क्षेत्र के छत्ता गांव में बेटी की बीमारी के पीछे जादू-टोने का शक होने पर एक महिला ने अपनी ही देवरानी की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान सुखरानिया बाई के रूप में हुई है, जबकि आरोपित महिला मुन्नी बाई है। मुन्नी बाई की बेटी अक्सर बीमार रहती थी। उसे शक था कि उसकी देवरानी सुखरानिया परिवार पर जादू-टोना करती है और इसी वजह से बेटी की तबीयत खराब रहती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था।

बुधवार सुबह सुखरानिया अपने घर के पास मवेशियों को चारा खिला रही थीं। इसी दौरान मुन्नी बाई वहां पहुंची और कथित तौर पर चुन्नी से उनका गला घोंट दिया। दम घुटने से सुखरानिया की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपित मुन्नी बाई को हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


थाने के पास SBI ग्राहक सेवा केंद्र में चोरी, दो लैपटॉप और 17 हजार रुपये ले गए चोर

हसनपुर (अमरोहा)। रहरा थाना क्षेत्र के ग्राम रहरा में मंगलवार रात चोरों ने थाने के नजदीक स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के ग्राहक सेवा केंद्र को निशाना बनाया। चोर वेंटीलेटर तोड़कर केंद्र के अंदर दाखिल हुए और दो लैपटॉप तथा दराज में रखी 17 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

गांव निवासी संदीप कुमार त्यागी ने बैंक शाखा के सामने अपने मकान में एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित कर रखा है। बुधवार सुबह करीब आठ बजे कर्मचारी रवि केवट केंद्र खोलने पहुंचे। अंदर जाने पर उन्हें पीछे की तरफ लगा वेंटीलेटर टूटा मिला।

इसके बाद कर्मचारी ने सामान की जांच की तो दो लैपटॉप और दराज में रखी 17 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। चोरी की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

थाने के नजदीक ग्राहक सेवा केंद्र में चोरी की वारदात पुलिस के लिए भी चुनौती मानी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि ग्राहक सेवा केंद्र में हुई चोरी के मामले में जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति हैं श्रमिक- महाराज

महाराज ने शिविर में अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही के दिये निर्देश

चौबट्टाखाल विधानसभा में श्रम विभाग द्वारा आयोजित शिविर में हजारों श्रमिकों ने करवाया पंजीकरण

सतपुली (पौड़ी गढ़वाल)। श्रम विभाग द्वारा प्रदेश में चल रहा श्रमिक पंजीकरण और नवीनीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है।उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) के तहत सबसे पहले प्रदेश में विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल में यह शिविर आयोजित किया गया है। पिछले चार दिनों में सभी विकासखण्डों में अभी तक 2779 से अधिक श्रमिक कार्ड बनाये गये हैं। कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जब तक सभी श्रमिकों के कार्ड नहीं बन जाते तब तक आगे भी यह प्रक्रिया जारी रखी जाये।

प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने अपने क्षेत्र भ्रमण के चौथे दिन बुधवार को न्याय पंचायत सतपुली स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में श्रम विभाग द्वारा आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग करते हुए यह बात कही। उन्होंने श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में उपस्थित श्रमिक भाई-बहनों और स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार जगह-जगह शिविर लगा रही है ताकि श्रमिकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस समय मनरेगा के 9.5 लाख सक्रिय श्रमिकों को भी इसी बोर्ड में जोड़ा जा रहा है – 90 दिन काम करने वाले मनरेगा श्रमिक अब इन योजनाओं के पात्र होंगे। नियमित नवीनीकरण न कराने पर पंजीकरण निष्क्रिय हो जाता है। जिससे पात्र श्रमिक को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता। इसलिए श्रमिकों को पंजीकरण करवाना अनिवार्य है।

प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति मानती है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “श्रमेव जयते” मंत्र पर यह अभियान चल रह है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के निर्माण में श्रमिकों की भूमिका सर्वोपरि है। कोई भी श्रम साध्य कार्य श्रमिकों के बिना संभव नहीं है। सरकार का ध्येय केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक उन योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। ब्लॉक स्तर पर आयोजित किये जा रहे शिविर इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं जहाँ जनता की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है।

महाराज ने इस मौके पर मौजूद श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर का समय बढ़ा कर प्रत्येक श्रमिक का पंजीकरण एवं नवीनीकरण अनिवार्य है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी पात्र श्रमिक को अनावश्यक परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत संचालित कल्याणकारी योजनाओं जैसे-पुत्री विवाह अनुदान, पुत्र-पुत्री की शिक्षा हेतु छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, मातृत्व लाभ, औजार सहायता और दुर्घटना की स्थिति में सहायता राशि आदि का लाभ प्रत्येक पात्र श्रमिक को समयबद्ध रूप से मिलना चाहिए। उन्होंने सभी श्रमिकों के परिश्रम को नमन करते हुए कहा, “आपका श्रम ही हमारे प्रदेश की प्रगति की आधारशिला है। आपकी खुशहाली और समृद्धि के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।” इस दौरान उन्होंने भाजपा संगठन को सशक्त बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी से विस्तृत चर्चा करते हुए सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए सम्बंधित अधिकारियों के समक्ष क्षेत्रीय जनता की समस्या के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही के भी आदेश दिये।

कार्यक्रम के दौरान मण्डल अध्यक्ष सरवेन्द्र, जिला मंत्री वृजमोहन रावत, विधायक प्रतिनिधि सुरेन्द्र रावत, दिगम्बर रावत, वरिष्ठ भाजपा नेता वेद प्रकाश वर्मा, मनोनीत सदस्य अंकित कुमार, गंगा खन्तवाल, पूर्व चेयरमैन अंजना वर्मा, भागवन्ती देवी, जिला महामंत्री युवा मोर्चा पंकज कुमार, जिला महामंत्री महिपाल नेगी, मंडल अध्यक्ष महिला युवा मोर्चा पुष्पा असवाल, जिला मंत्री रेणु घिल्डियाल सहित सम्बंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


आभूषण दुकानदार को गोली मारकर लूट, तीन बदमाश अपाचे से फरार; पुलिस ने तेज की जांच

आरा (भोजपुर)। सिकरहटा थाना क्षेत्र के कायमनगर-चंदा के बीच सड़क पर आभूषण दुकानदार भोला साह को गोली मारकर लूटपाट की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस पुराने अपराधियों के साथ हाल के दिनों में सक्रिय हुए संदिग्धों की गतिविधियों को भी खंगाल रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना के तरीके, अपराधियों की संख्या और वारदात के आसपास की गतिविधियों को जांच का आधार बनाया गया है। पूर्व में लूट और छिनतई की घटनाओं में शामिल रहे अपराधियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

जांच में डीआइयू और एसटीएफ की टीम भी सहयोग कर रही है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र का टावर डंप भी लिया जा रहा है, ताकि वारदात के समय इलाके में सक्रिय मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई जा सके।

मामले में अपाचे बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बताया गया कि सोमवार देर शाम कुरमुरी निवासी भोला साह देव स्थित अपनी आभूषण दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया।

बदमाशों ने भोला साह को गोली मारने के बाद उनका बैग और आभूषण लूट लिया और कुरमुरी की ओर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अपराधियों ने वारदात से पहले दुकानदार की गतिविधियों और घटनास्थल की रेकी की थी या नहीं।

स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर लूटने की घटना को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार देर रात एसपी अवधेश दीक्षित घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।

एसपी ने आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संभावित साक्ष्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने पुलिस टीम को अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए।

एसपी ने मामले का जल्द से जल्द उद्भेदन करने को कहा है। पुलिस तकनीकी जांच के साथ स्थानीय स्तर पर संदिग्धों की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है। निरीक्षण के दौरान पीरो डीएसपी कन्हैया कुमार, पीरो सीआइ राजीव रंजन, सिकरहट्टा थानाध्यक्ष सनोज सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।


12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, समझौते से होगा मामलों का त्वरित निस्तारण

लंबित शमनीय आपराधिक, चेक बाउंस, बैंक ऋण, पारिवारिक एवं दीवानी मामलों की होगी सुनवाई

देहरादून। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के निर्देशों के अनुपालन में उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति द्वारा आगामी 12 सितंबर 2026 (शनिवार) को माननीय उच्च न्यायालय परिसर, नैनीताल में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत का उद्देश्य लंबित वादों एवं विवादों का आपसी सहमति, समझौते और सुलह के माध्यम से त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है।

राष्ट्रीय लोक अदालत में दीवानी तथा शमनीय आपराधिक मामलों सहित विभिन्न प्रकार के ऐसे प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी, जिनका आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण संभव है। इनमें शमनीय आपराधिक मामले, परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के अंतर्गत चेक बाउंस के मामले, बैंक ऋण एवं वित्तीय विवाद, श्रम एवं रोजगार संबंधी मामले, बिजली एवं पानी के बिलों से संबंधित विवाद, पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद तथा भूमि अधिग्रहण, प्रतिकर एवं अन्य दीवानी मामले प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त आपसी समझौते से निस्तारित किए जा सकने वाले अन्य दीवानी वाद भी लोक अदालत में रखे जाएंगे।

लोक अदालत के माध्यम से मामलों के निस्तारण से वादकारियों को समय एवं धन की बचत होती है तथा उन्हें लंबी न्यायिक प्रक्रिया और बार-बार होने वाली तारीखों से राहत मिलती है। दोनों पक्षों की सहमति से विवाद का समाधान होने के कारण आपसी सौहार्द भी कायम होता है। लोक अदालत में मामले के निस्तारण पर नियमानुसार जमा न्यायालय शुल्क की वापसी का भी प्रावधान है।

उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के अनुसार, जो पक्षकार अथवा अधिवक्ता शारीरिक रूप से उपस्थित होने में असमर्थ हैं, वे उच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से वर्चुअल माध्यम से भी राष्ट्रीय लोक अदालत की कार्यवाही में शामिल हो सकते हैं।

उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति ने अधिवक्ताओं एवं वादकारियों से अपील की है कि जो पक्षकार अपने मामलों का निस्तारण आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में कराना चाहते हैं, वे 11 सितंबर 2026 अथवा उससे पूर्व अपने प्रकरणों को संबंधित पीठ के समक्ष सूचीबद्ध करा लें, ताकि आवश्यक प्रक्रिया एवं तैयारियां समय से पूरी की जा सकें।

राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित अधिक जानकारी अथवा अपने मामले की सूची के संबंध में सहायता के लिए वादकारी उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। समिति ने अधिक से अधिक वादकारियों से इस अवसर का लाभ उठाते हुए आपसी सहमति से अपने मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने की अपील की है।


पौड़ी में पशुपालन योजनाओं से 1,726 ग्रामीणों को मिला स्वरोजगार, 8.64 करोड़ की सहायता

पौड़ी। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को स्वरोजगार का माध्यम बनाने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ जिले के 1,726 ग्रामीणों को मिला है। वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक पशुपालन विभाग की योजनाओं के तहत लाभार्थियों को कुल 8 करोड़ 64 लाख 90 हजार 506 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। विभाग का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और पात्र परिवारों को पशुपालन आधारित स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। आर्थिक सहायता के अलावा लाभार्थियों को पशुपालन इकाइयों के संचालन के लिए तकनीकी मार्गदर्शन और विभागीय सहयोग भी दिया जा रहा है।

पिछले पांच वर्षों में गौपालन योजना के तहत 361 लाभार्थियों को 1.30 करोड़ रुपये की सहायता मिली। वहीं सामान्य वर्ग बकरी पालन योजना के 162 लाभार्थियों को 1.02 करोड़ रुपये और एससीपी बकरी पालन योजना के 241 लाभार्थियों को 1.52 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।

इसी तरह महिला बकरी पालन योजना के तहत 82 लाभार्थियों को 28.70 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन के अंतर्गत 305 लाभार्थियों को 1.92 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए।

विभाग की ओर से गौपालन, बकरी पालन, महिला बकरी पालन, मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन, गोट वैली और ब्रायलर फार्म समेत कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनके जरिए ग्रामीणों को पशुपालन इकाइयां स्थापित करने और दूध, मांस व अंडा उत्पादन जैसी गतिविधियों से आय अर्जित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक पात्र ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को इन योजनाओं से जोड़ा जाए। इससे ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।


15 सितम्बर से 18 अक्टूबर तक आयोजित होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

स्वच्छता, स्वास्थ्य, नवाचार और जनभागीदारी से जुड़ी होंगी विभिन्न गतिविधियां

देहरादून। आगामी 15 सितंबर से 18 अक्टूबर, 2026 तक व्यापक स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। ‘सेवा संकल्प अभियान’ का मूल उदेश्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों के साथ आम नागरिकों को सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में रेखीय विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसमें स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और जनभागीदारी पर केंद्रित इस महत्वाकांक्षी अभियान की रूपरेखा तैयार कर रेखीय विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

विभिन्न थीमों के जरिए तय होंगे जनहित के लक्ष्य
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान ‘भारत 2047’, ‘सेवा और सपना’, ‘नमो 25 गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘25 साल-25 कहानियां’ और ‘जन कल्याण संवाद’ जैसे विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत शिक्षण संस्थानों में ‘विकसित भारत’ की थीम पर निबंध व चित्रकला प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि ‘नमो 25 गाथा’ के अंतर्गत प्रेरणादायी बहुभाषी नाटकों का मंचन किया जाएगा।

सार्वजनिक स्थलों पर चलेगा स्वच्छता का विशेष अभियान
अभियान के पहले चरण में सभी सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, नगर निकायों, अस्पतालों, धार्मिक स्थलों और ग्राम पंचायतों में सघन स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित करने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन एवं कृतित्व से जुड़ी पुस्तकों का वितरण भी सुनिश्चित किया जाएगा।

युवाओं के लिए नवाचार और खेलकूद प्रतियोगिताएं
युवा वर्ग को तकनीकी और नवाचार से जोड़ने के लिए हैकाथॉन, इनोवेशन चौलेंज और शॉर्ट फिल्म निर्माण जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा दिवस’ के अवसर पर भव्य रिले मैराथन निकाली जाएगी, जिसमें आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

उत्तराखंड की विकास गाथा का होगा प्रदर्शन
रंगोली राष्ट्र (17 सितंबर)-विशाल रंगोलियों के जरिए भारत और उत्तराखंड की सांस्कृतिक व विकास यात्रा को जीवंत किया जाएगा।

प्रगति के 25 स्तंभ (7 से 17 अक्टूबर)-प्रोजेक्शन मैपिंग, लाइट शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से केदारनाथ-बदरीनाथ पुनर्निर्माण, मानसखंड मंदिर माला मिशन, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, लखवाड़ और जमरानी बांध जैसी प्रमुख परियोजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

‘प्रोजेक्ट 25-25-25’ और स्वास्थ्य शिविरों पर रहेगा जोर
अभियान के तहत ‘प्रोजेक्ट 25-25-25’ के माध्यम से नागरिकों को हर दिन कम से कम 25 मिनट देश के नाम समर्पित करते हुए स्वच्छता, वृक्षारोपण और डिजिटल साक्षरता जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसके अतिरिक्त, बहुद्देशीय एवं चिकित्सा शिविरों में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरित किए जाएंगे, रक्तदान शिविर लगेंगे और अस्पतालों में मरीजों को फल बांटे जाएंगे।

गांधी जयंती पर स्वदेशी और ‘वोकल फॉर लोकल’ का संकल्प
दो अक्टूबर को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर नागरिकों को स्वदेशी एवं खादी अपनाने की शपथ दिलाई जाएगी। विद्यालयों में ‘फिट इंडिया’ गतिविधियों के साथ ही ‘वोकल फॉर लोकल’ के प्रति व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी करने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि इस आयोजन को एक सफल जन-अभियान का स्वरूप दिया जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


शादी के नाम पर ठगी-लूट का आरोप, बरवाअड्डा पुलिस ने 10 को दबोचा; 3 महिलाएं भी शामिल

बरवाअड्डा (धनबाद)। धनबाद के बरवाअड्डा थाना पुलिस ने शादी के नाम पर कथित तौर पर ठगी और लूट करने वाले लुटेरी दुल्हन गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 13 मोबाइल फोन और शादी में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्री बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में धनबाद के बरवाअड्डा और गिरिडीह जिले के लोग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान अजय दास, राजेश कुमार, मंतोष साहू, सुमन विश्वकर्मा, नीलम देवी, पूजा कुमारी, चंदन शर्मा, मकड़ी देवी, विशु कुमार यादव और राजेंद्र प्रसाद वर्मा के रूप में हुई है।

मामला राजस्थान के अलवर जिले के एक परिवार से जुड़ा है। परिवार अपने बेटे गुल्लू की शादी के लिए पत्नी और भाई के साथ बरवाअड्डा पहुंचा था। आरोप है कि लड़की पक्ष की एक महिला कई दिनों से शादी को लेकर बातचीत कर रही थी। रिश्ता तय होने के बाद सोमवार को परिवार बरवाअड्डा पहुंचा।

पीड़ित परिवार के मुताबिक, शादी तय होने के एवज में लड़की पक्ष के लोगों ने पहले 40 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर करवाए। इसके बाद एक स्थान पर सिंदूरदान की रस्म भी कराई गई। रस्म पूरी होने के बाद दूल्हे और उसके परिजनों को टुंडी रोड स्थित एक दुकान पर ले जाकर खरीदारी कराई गई।

परिजनों का आरोप है कि खरीदारी पूरी होने के बाद लड़की पक्ष के लोगों के व्यवहार में अचानक बदलाव आ गया। इसके बाद दूल्हे और उसके परिजनों को एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान दूल्हे के पिता का मोबाइल फोन भी कथित तौर पर छीन लिया गया।

घटना के बाद पीड़ित परिवार बरवाअड्डा थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में गिरोह का नेटवर्क धनबाद के अलावा गिरिडीह तक फैला होने की बात सामने आई है। आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन के साथ साड़ी, लहंगा, जींस पैंट, अंगवस्त्र, चूड़ी और शादी से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई ऐसी घटनाओं की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि शादी के नाम पर ठगी और लूट के इस कथित नेटवर्क का दायरा कितने इलाकों तक फैला हुआ है।


नौबतपुर में निगरानी की बड़ी कार्रवाई, 8 हजार रुपये रिश्वत लेते बीएसओ रंगे हाथ गिरफ्तार

नौबतपुर (पटना)। भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बुधवार को नौबतपुर प्रखंड कार्यालय में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ/बीएसओ) विनोद कुमार को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई अधिकारी के कार्यालय कक्ष में हुई। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी अधिकारी को पूछताछ के लिए पटना ले गई।

निगरानी विभाग के डीएसपी आदित्य राज के अनुसार, बारा गांव निवासी पीडीएस दुकानदार अवधेश शर्मा के भतीजे कृष्णकांत कुमार ने रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। आरोप था कि जनवितरण प्रणाली की दुकान के मासिक ऑडिट को पास करने और दुकान का संचालन सुचारू रखने के बदले बीएसओ ने आठ हजार रुपये की मांग की थी।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पहले मामले का गुप्त सत्यापन कराया। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। बुधवार को तय रणनीति के तहत निगरानी टीम सादे कपड़ों में नौबतपुर प्रखंड कार्यालय पहुंची।

योजना के तहत शिकायतकर्ता को निगरानी विभाग ने केमिकल लगे आठ हजार रुपये के नोट दिए। शिकायतकर्ता जब तय रकम लेकर बीएसओ के कार्यालय पहुंचा और विनोद कुमार ने पैसे अपने हाथ में लिए, तभी आसपास मौजूद निगरानी टीम ने उन्हें पकड़ लिया।

टीम ने रिश्वत की रकम बरामद करने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। आरोपी अधिकारी के हाथ धुलवाए गए, जिसके बाद पानी का रंग बदल गया। निगरानी विभाग के अनुसार, इससे रिश्वत की रकम छूने की पुष्टि हुई।

निगरानी विभाग की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही प्रखंड कार्यालय में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यालय से बाहर निकल आए। टीम काफी देर तक कार्यालय में मौजूद रही और संबंधित दस्तावेज व अन्य औपचारिकताएं पूरी कीं।

इसके बाद आरोपी बीएसओ विनोद कुमार को हिरासत में लेकर निगरानी टीम पटना रवाना हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, पटना में पूछताछ के बाद आरोपी को विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा।

स्थानीय स्तर पर पीडीएस दुकानदारों से ऑडिट के नाम पर कथित वसूली की शिकायतों की भी चर्चा है। हालांकि, इन शिकायतों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। बुधवार की कार्रवाई के बाद आपूर्ति विभाग से जुड़े कर्मचारियों में भी हड़कंप की स्थिति है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp