Tuesday, September 15th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

पत्नी की हत्या के लिए शिक्षक ने दी साढ़े तीन लाख की सुपारी, प्रिंटर देखने के बहाने घर में घुसे हमलावरों ने चलाईं छह गोलियां

Monthly Archives: September 2026

पत्नी की हत्या के लिए शिक्षक ने दी साढ़े तीन लाख की सुपारी, प्रिंटर देखने के बहाने घर में घुसे हमलावरों ने चलाईं छह गोलियां

दिल्ली। नंगली एक्सटेंशन की गली नंबर-1 में रविवार सुबह पत्नी की हत्या की साजिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि सरकारी स्कूल के टीजीटी कंप्यूटर शिक्षक संदीप ने अपनी पत्नी संध्या की हत्या के लिए अपने बचपन के दोस्त अरविंद को साढ़े तीन लाख रुपये की सुपारी दी। इसके बाद अरविंद ने अपने भाई दीपक और उसके दोस्त आकाश को वारदात के लिए भेजा।

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब छह बजे दीपक और आकाश प्रिंटर देखने के बहाने संध्या के घर में दाखिल हुए। दोनों करीब 40 मिनट तक प्रिंटर देखने और उसे खोलकर जांच करने के बहाने घर में रुके रहे। इसके बाद जब संध्या दोनों के लिए पानी लेकर आई तो उन्होंने उस पर गोलियां चला दीं। हमलावरों ने कुल छह गोलियां चलाईं, जिनमें से तीन संध्या को लगीं।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल संध्या को अस्पताल में भर्ती कराया। समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस ने जांच के दौरान हमलावरों की पहचान कर मंगलवार को दीपक और आकाश को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, संध्या के पति संदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, संदीप और संध्या की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और दोनों नंगली एक्सटेंशन की गली नंबर-1 में रहते हैं। संदीप सरकारी स्कूल में टीजीटी कंप्यूटर शिक्षक है।

पुलिस के अनुसार, साजिश में शामिल संदीप का बचपन का दोस्त अरविंद फरार है। आरोप है कि संदीप ने पत्नी की हत्या के लिए अरविंद को साढ़े तीन लाख रुपये की सुपारी दी थी, जिसके बाद अरविंद ने अपने भाई दीपक और उसके दोस्त आकाश को वारदात के लिए भेजा।

पुलिस अब संदीप और फरार अरविंद की भूमिका, सुपारी की रकम के लेनदेन और हत्या की साजिश तैयार करने से लेकर हमलावरों को भेजने तक की पूरी कड़ी की जांच कर रही है। अरविंद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


पटना में छात्रों का प्रदर्शन, अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे अभ्यर्थी

दरोगा भर्ती परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने और बीपीएससी 70वीं परीक्षा में कथित गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच की मांग

रोमित के परिजनों ने भी सरकार से लगाई न्याय की गुहार

बिहार। पटना में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी मांगों को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए। बिहार दरोगा भर्ती, बीपीएससी 70वीं परीक्षा और बीएसएससी समेत विभिन्न परीक्षाओं से जुड़ी 13 सूत्री मांगों को लेकर छात्रों ने गांधी मैदान से राजभवन की ओर मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन जेपी गोलंबर के पास पुलिस और सीआरपीएफ ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कुछ अभ्यर्थी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और पुलिस के साथ उनकी झड़प भी हुई।

जेपी गोलंबर पर पुलिस ने रोका मार्च

गांधी मैदान से निकला छात्रों का मार्च जेपी गोलंबर पहुंचा तो पुलिस ने आगे का रास्ता बंद कर दिया। मौके पर पटना पुलिस के साथ सीआरपीएफ के जवान भी तैनात किए गए थे। बैरिकेडिंग के बावजूद कुछ प्रदर्शनकारी उस पर चढ़कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इसके बाद कुछ छात्र एग्जीबिशन रोड होते हुए डाक बंगला चौराहे की तरफ बढ़ने लगे, लेकिन वहां भी पुलिस ने उन्हें रोक दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी।

दरोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने 1799 पदों के लिए आयोजित दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा में गड़बड़ी हुई है और मामले की जांच आर्थिक अपराध इकाई यानी ईओयू कर रही है। अभ्यर्थियों की मांग है कि जब परीक्षा की अनियमितताओं की जांच चल रही है तो इसे रद्द कर दोबारा परीक्षा आयोजित की जानी चाहिए।

छात्रों ने बीपीएससी 70वीं परीक्षा को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा में बड़े स्तर पर कथित गड़बड़ी हुई, लेकिन इसके बावजूद परीक्षा को रद्द नहीं किया गया। इसके अलावा बीएसएससी की परीक्षा से जुड़े मुद्दे भी प्रदर्शनकारियों की मांगों में शामिल रहे।

‘सिर्फ जांच का आश्वासन, कार्रवाई नहीं’

अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं पर सरकार की ओर से लगातार जांच का भरोसा दिया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। छात्रों का आरोप है कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और अनियमितताओं के मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी 13 सूत्री मांगों पर सरकार को जल्द निर्णय लेना चाहिए। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा और उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।

रोमित के परिजन भी आंदोलन में पहुंचे

दरोगा भर्ती के अभ्यर्थी रोमित की आत्महत्या के बाद उनके परिजन भी मंगलवार को छात्रों के आंदोलन में शामिल होने पटना पहुंचे। रोमित की मां और भाई ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से न्याय की गुहार लगाई। परिजनों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को खत्म करने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे।

परिजनों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर रोक लगाना जरूरी है, ताकि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो। उनका कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी तरीके से आयोजित की जानी चाहिए।

‘आज मैंने अपना बेटा खोया, कल बिहार कई बेटे न खो दे’

रोमित की मां ने भावुक अपील करते हुए कहा कि उन्होंने अपना बेटा खो दिया है, लेकिन वह नहीं चाहतीं कि बिहार के किसी दूसरे परिवार को भी ऐसा दर्द सहना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था में सुधार और कथित धांधली पर रोक लगाना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी और छात्र को इतना बड़ा कदम न उठाना पड़े।

परिजनों के मुताबिक रोमित पढ़ाई में काफी होनहार था और उसने नेट की परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी। उसका सपना दरोगा बनने का था। परिवार का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर लगातार तनाव और मानसिक दबाव के बीच रोमित ने अपनी जान दे दी।

परिवार के लिए एक करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी की मांग

आंदोलन कर रहे दरोगा भर्ती के अभ्यर्थियों ने रोमित के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई है। छात्रों का कहना है कि रोमित की मौत ने प्रतियोगी परीक्षाओं की मौजूदा व्यवस्था और भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की कि छात्रों की समस्याओं और भर्ती परीक्षाओं में सामने आ रही कथित गड़बड़ियों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी 13 सूत्री मांगों पर ठोस फैसला नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।


पीएम आवास के मकान का आवंटन कराने के नाम पर 6 हजार की रिश्वत लेते आउटसोर्सिंग कर्मचारी गिरफ्तार

मेरठ। प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान का आवंटन कराने के नाम पर रिश्वत मांगना आवास विकास के आउटसोर्सिंग कर्मचारी को भारी पड़ गया। मेरठ एंटीकरप्शन यूनिट की टीम ने छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए अभिनव शर्मा को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि अभिनव शर्मा प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान के आवंटन के बदले छह हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत मिलने के बाद एंटीकरप्शन टीम ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाया और रिश्वत लेते हुए अभिनव शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित की गिरफ्तारी के बाद एंटीकरप्शन यूनिट की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


मुख्यमंत्री धामी ने की चारधाम यात्रा-2026 की व्यवस्थाओं की समीक्षा

यात्रियों की सुरक्षा, सुगम यात्रा एवं बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश

14 सितम्बर तक 50.56 लाख श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन, 66.07 लाख यात्रियों का पंजीकरण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चारधाम यात्रा-2026 की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने यात्रा से जुड़े जनपदों के जिलाधिकारियों से यात्रा मार्गों, यातायात, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रा मार्गों पर मौसम एवं भूस्खलन की स्थिति की निरंतर निगरानी करने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों पर यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया में आवश्यक सुविधाएं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था ऐसी हो कि श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने यमुनोत्री धाम में भीड़ एवं आवागमन को देखते हुए धाम से लगभग 500 मीटर पहले दूसरा घोड़ा पड़ाव विकसित करने, डंडी-कंडी सेवाओं को व्यवस्थित करने तथा खरसाली से वैकल्पिक मार्ग के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पैदल मार्ग पर यात्रियों और घोड़े-खच्चरों की आवाजाही सुव्यवस्थित रखने तथा सूर्यकुंड क्षेत्र में प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने घोड़े-खच्चरों के संचालन में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। केदारनाथ पैदल मार्ग के चीरबासा एवं भैरव ग्लेशियर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर यात्रियों, घोड़े-खच्चरों एवं डंडी-कंडी की आवाजाही व्यवस्थित रखी जाए
आवश्यकता पड़ने पर तत्काल रेस्क्यू की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने यमुनोत्री पैदल मार्ग के चौड़ीकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा गंगोत्री मार्ग पर चौड़ीकरण एवं गड्ढामुक्त करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्गों के भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की निरंतर निगरानी करने तथा स्यानाचट्टी क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने ज्योतिर्मठ – मारवाड़ी मार्ग पर प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में उसे शीघ्र खोलने के लिए आवश्यक मशीनरी की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने चारों धामों में मौसम की स्थिति को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए अलाव सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से श्री केदारनाथ और श्री बदरीनाथ यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, ऑक्सीजन तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों पर स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था रखने तथा घोड़े-खच्चरों की लीद का समुचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन की व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने मोबाइल नेटवर्क की समस्या वाले क्षेत्रों में आपातकालीन संचार व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों एवं दूरसंचार कंपनियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्गों पर पर्याप्त शौचालय, पेयजल, विद्युत, प्रकाश एवं शटल सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा शौचालयों की नियमित सफाई और औचक निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं के टिकट निर्धारित दरों पर ही उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित दर से अधिक वसूली अथवा अनधिकृत टिकट बिक्री की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाए। मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर हेली सेवाओं का संचालन किया जाए।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। यात्रा मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों की निरंतर निगरानी करते हुए किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में बताया गया कि चारधाम यात्रा-2026 के लिए अब तक 66,07,749 यात्रियों का पंजीकरण हो चुका है। 14 सितम्बर 2026 की शाम 7 बजे तक 50,56,160 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें यमुनोत्री में 7,08,407, गंगोत्री में 7,89,773, श्री केदारनाथ में 14,98,544, श्री बदरीनाथ में 17,36,619 तथा श्री हेमकुंड साहिब में 3,22,817 श्रद्धालु शामिल हैं।

बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, गृह सचिव शैलेश बगौली सहित शासन, प्रशासन एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


पुरानी पेंशन प्रकरण को लेकर मातृ-शिशु एवं कल्याण संगठन का शिष्टमंडल मुख्यमंत्री से मिला

देहरादून। मातृ-शिशु एवं कल्याण संगठन की महिला कार्मिकों के पुरानी पेंशन योजना (OPS) से जुड़े प्रकरण को लेकर राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा (NOPRUF), उत्तराखंड के प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने करीब 86 एएनएम महिला कार्मिकों की पेंशन संबंधी समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी।

शिष्टमंडल ने बताया कि संबंधित महिला कार्मिकों की नियुक्ति वर्ष 2004 में जारी विज्ञप्ति के आधार पर वर्ष 2006 में हुई थी, लेकिन उन्हें पुरानी पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल पाया। वहीं समान नियुक्ति और सेवा परिस्थितियों में कार्यरत स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य विभागों के कार्मिकों को पुरानी पेंशन का लाभ मिल रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने इसे पेंशन से जुड़ी गंभीर विसंगति बताते हुए मामले का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र कार्मिकों को OPS का लाभ देने की मांग की।

शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष कहा कि कर्मचारियों की मांग केवल आर्थिक लाभ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सेवानिवृत्ति के बाद सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा विषय है। NOPRUF ने कहा कि वर्षों तक सरकारी सेवा करने वाले कर्मचारियों के लिए पेंशन केवल निवेश से मिलने वाला रिटर्न नहीं हो सकती।

संगठन ने कहा कि कर्मचारियों के बुढ़ापे की सुरक्षा बाजार के उतार-चढ़ाव या पेंशन कॉर्पस पर निर्भर नहीं होनी चाहिए। NOPRUF ने अपनी मांग दोहराते हुए कहा— “NPS नहीं, UPS नहीं, केवल OPS।”

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिष्टमंडल की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित सचिव को प्रकरण की तत्काल आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता को प्रतिनिधिमंडल ने सकारात्मक बताया।

शिष्टमंडल ने उम्मीद जताई कि करीब 86 महिला कार्मिकों की पेंशन संबंधी विसंगति का जल्द न्यायोचित समाधान होगा।

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर NOPRUF ने आगामी कार्यक्रम भी निर्धारित किए हैं। इसके तहत 1 अक्टूबर 2026 को रुद्रप्रयाग में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर रैली और 2 नवंबर 2026 को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच किया जाएगा।

NOPRUF ने प्रदेश के अधिकारी, शिक्षक और कार्मिकों से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।

शिष्टमंडल में हीरा ऐठानी, पार्वती खेतवाल, हरि बिष्ट, बिनाव बिष्ट, अमिता बिष्ट, लक्ष्मी बिष्ट, मधु रावत और सुजाता समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।


गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को टक्कर मारने का आरोपी गिरफ्तार, दौसा से दबोचा

गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर सिया की बाइक को कार से टक्कर मारने के मामले में फरार चल रहे आरोपी कार चालक कल्याण बैंसला को गुरुग्राम पुलिस ने राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। मामले में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

गुरुग्राम पुलिस ने मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए थाना सेक्टर-56 में अभियोग दर्ज किया था। शुरुआत में लापरवाही से वाहन चलाने के संबंध में बीएनएस की धारा 281 और 125 के तहत केस दर्ज किया गया था।

घटना से जुड़े वीडियो फुटेज का गहन विश्लेषण करने पर पुलिस के सामने आया कि कार चालक ने सिया की बाइक की तरफ जानबूझकर कार मोड़ी थी। इसके बाद मामले में बीएनएस की धारा 109 यानी हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई।

13 सितंबर को हुई घटना के बाद कल्याण बैंसला फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बड़े स्तर पर तलाश शुरू की और तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। अब राजस्थान के दौसा से गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से घटना को लेकर पूछताछ करेगी।

सिया अपनी Aprilia RS 457 बाइक से अन्य राइडरों के साथ जा रही थीं। घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर प्रसारित हुआ था। बाद में सिया ने भी वीडियो जारी कर कार चालक पर जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप लगाया था।

सिया के अनुसार, कार चालक ने पहले उन्हें रुकने का इशारा किया था। जब वह नहीं रुकीं तो चालक ने कार उनकी बाइक की तरफ मोड़कर टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार मामले में जोड़ी गई बीएनएस की धारा 109 में 10 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर घटना के पूरे क्रम और वीडियो फुटेज से सामने आए तथ्यों की जांच आगे बढ़ाएगी।


मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ, ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत

वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, महतोलियागांव-नदगल में मोटर मार्ग निर्माण शुरू

भीमताल। धारी ब्लॉक की ग्राम सभा महतोलियागांव-नदगल के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मोटर मार्ग की मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शुभारंभ मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। सड़क की सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव से मुख्य मार्ग तक सामान पहुंचाने के लिए उन्हें घोड़ों या कंधों का सहारा लेना पड़ता था। वहीं, बीमार मरीजों को भी इसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता था। किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में मिलने वाली आमदनी का बड़ा हिस्सा किराए-भाड़े में खर्च हो जाता था।

ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में कई जनप्रतिनिधियों के समक्ष सड़क निर्माण की मांग रखी गई, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया। इसके बाद ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा से मोटर मार्ग निर्माण की मांग की।

मंत्री कैड़ा ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पहले वन एवं पर्यावरण विभाग से सड़क निर्माण की स्वीकृति कराई। इसके बाद मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। मंत्री ने मुख्यमंत्री से सड़क निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया, जिसके बाद शासन से धनराशि स्वीकृत कराई गई।

निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मोटर मार्ग का निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और किसानों को अपनी उपज मंडी तक ले जाने में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र के हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जाए और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

मोटर मार्ग निर्माण शुरू होने पर ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत कर आभार जताया।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्य, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख जीवन बर्गली, ललित मोहन शर्मा, प्रकाश चंद्र नानू, निर्मल बर्गली, अनिल कुमार, विवेक डंगवाल सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


‘रामायण’ का पहला गाना ‘जय जय राम’ हुआ रिलीज, रणबीर-साई की जोड़ी ने जीता दर्शकों का दिल

बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। फिल्म से जुड़ी हर नई झलक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन रही है। इसी कड़ी में मेकर्स ने फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ जारी कर दिया है। गाने में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आ रहे हैं। रिलीज के साथ ही यह भक्ति गीत दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

‘जय जय राम’ गाने का संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है। इसे अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है, जबकि गाने के बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। गाने में रणबीर कपूर और साई पल्लवी की जोड़ी बेहद आकर्षक नजर आ रही है। गीत का संगीत और भावपूर्ण प्रस्तुति दर्शकों को काफी पसंद आ रही है।

सोशल मीडिया पर मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रिया

गाना रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। यूजर्स कमेंट के जरिए गाने की शांति, मधुरता और भक्ति भाव की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

एक यूजर ने लिखा कि हर भक्ति गीत का प्रभाव भारी होना जरूरी नहीं है, यह गीत बेहद शांत और कोमल है। वहीं एक अन्य यूजर ने ‘जय जय राम’ को फिल्म की सबसे खूबसूरत चीजों में से एक बताया। एक अन्य टिप्पणी में यूजर ने कहा कि फिल्म को लेकर चाहे जैसी नकारात्मक प्रतिक्रियाएं हों, लेकिन यह गाना बेहद खूबसूरत है।

गाने के साथ जारी हुआ मोशन पोस्टर

मेकर्स ने सोमवार को ‘जय जय राम’ के साथ फिल्म का एक मोशन पोस्टर भी जारी किया। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता के रूप में दिखाई दे रही हैं। पोस्टर में दोनों का बेहद शांत और सुकून भरा रूप नजर आता है।

मोशन पोस्टर में चारों ओर प्राकृतिक सौंदर्य दिखाई देता है। हरे-भरे पेड़ों से घिरे जंगल के बीच शांत नदी बहती नजर आती है। नदी के किनारे पहाड़ी पर भगवान राम और माता सीता विराजमान हैं। पोस्टर का सबसे भावुक दृश्य वह है, जिसमें प्रभु श्री राम माता सीता के बालों में गुलाब का फूल सजाते नजर आते हैं।

दो हिस्सों में रिलीज होगी ‘रामायण’

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ को दो भागों में दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा। फिल्म का पहला भाग 8 नवंबर 2026 को रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग 2027 में दिवाली के अवसर पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा।

फिल्म में रणबीर कपूर और साई पल्लवी के अलावा सनी देओल, यश और रवि दुबे सहित कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच काफी उत्साह है और अब ‘जय जय राम’ की रिलीज के बाद इसकी चर्चा और तेज हो गई है।

(साभार)


IND VS AFG- वरुण चक्रवर्ती चोटिल होने के कारण अफगानिस्तान सीरीज से बाहर

वरुण चक्रवर्ती के एशियाड खेलने पर भी मंडराया खतरा

नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच जारी तीन मैचों की टी20 सीरीज के बीच भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोटिल होने के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। दोनों टीमों के बीच दूसरा टी20 मुकाबला मंगलवार को नई दिल्ली में खेला जाना है, लेकिन उससे पहले वरुण की चोट ने टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वरुण ने रविवार को खेले गए सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में भारतीय प्लेइंग-11 में जगह बनाई थी।

एशियाई खेलों में खेलने पर भी संशय

वरुण चक्रवर्ती इस महीने होने वाले एशियाई खेलों के लिए भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं। ऐसे में ताजा चोट के बाद उनके एशियाई खेलों में हिस्सा लेने को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। इससे पहले जुलाई में इंग्लैंड दौरे के दौरान वरुण हैमस्ट्रिंग की चोट से परेशान हुए थे। वह हाल ही में पूरी तरह उबरकर मैदान पर लौटे थे।

अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में वरुण ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में महज 16 रन देकर एक विकेट हासिल किया था। हालांकि, अब चोट के कारण उन्हें पूरी सीरीज से बाहर होना पड़ा है।

लगातार चोटों से सीओई पर उठे सवाल

बीसीसीआई के एक सूत्र के मुताबिक, वरुण को ताजा चोट लगी है और इसी वजह से वह अफगानिस्तान के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज में आगे नहीं खेल पाएंगे। भारतीय खिलाड़ियों के लगातार चोटिल होने के बीच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस यानी सीओई की चोट प्रबंधन व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। वरुण की चोट को इसी कड़ी में एक और उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है।

एशियाई खेलों का आयोजन 19 सितंबर से होना है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वरुण समय रहते पूरी तरह फिट होकर एशियाई खेलों में भारतीय टीम का हिस्सा बन पाएंगे।

हर्षित राणा भी फिटनेस से जूझ रहे

एशियाई खेलों से पहले भारतीय टीम में फिटनेस को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज शुरू होने से पहले समय पर फिट नहीं हो सके थे। एशियाई खेलों में उनका खेलना भी उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। हर्षित की जगह अफगानिस्तान सीरीज के लिए यश ठाकुर को टीम में शामिल किया गया है।

भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर भी हाल ही में चोट से उबरकर वापसी कर चुके हैं। ऐसे में एशियाई खेलों से पहले खिलाड़ियों की फिटनेस टीम प्रबंधन के लिए बड़ी चिंता बनी हुई है।

भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला मंगलवार को खेला जाएगा, जबकि तीसरा और आखिरी मुकाबला गुरुवार को होगा। इसके बाद भारतीय टीम का ध्यान एशियाई खेलों की तैयारियों पर रहेगा। भारत 22 सितंबर को जापान के खिलाफ ऐतिहासिक टी20 मुकाबला खेलेगा और 28 सितंबर से एशियाई खेलों में अपने अभियान की शुरुआत करेगा।


कोसीकलां में सर्राफा शोरूम में बड़ी चोरी, सात घंटे में 10.50 किलो सोना और 15 लाख रुपये ले गया चोर

कोसीकलां (मथुरा)। कोसीकलां के सर्राफा बाजार स्थित एक सर्राफ के शोरूम में चोर ने करीब सात घंटे तक रहकर 10.50 किलो सोना और 15 लाख रुपये चोरी कर लिए। चोरी की इस वारदात में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पूरी घटना को एक ही चोर ने अंजाम दिया। पुलिस को शक है कि वारदात में सर्राफ के यहां करीब दो साल पहले काम छोड़ चुका कर्मचारी शामिल हो सकता है।

नगर के जुगलकिशोर निवासी अमित कुमार सर्राफ का सर्राफा बाजार में शोरूम है। वह बलदेवगंज में रहते हैं। चोर पीछे की दुकान के रास्ते छत पर पहुंचा और वहां से कूदकर सर्राफ के शोरूम की छत पर आ गया। इसके बाद रात करीब 9:57 बजे वह शोरूम के अंदर दाखिल हुआ।

पुलिस के अनुसार चोर को शोरूम में चाबी, सोना-चांदी और नकदी रखे होने की जगह की जानकारी थी। उसने काफी समय लगाकर सोना और नकदी एकत्र की। इस दौरान उसने शोरूम के अंदर पानी भी पिया। करीब सुबह सवा पांच बजे वह एक पीले रंग के थैले और कंधे पर लटके बैग के साथ बाहर निकला। पीले थैले पर शोरूम का नाम भी छपा था।

चोर ने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए कई बार रास्ता बदला। उसने चेहरे से लेकर कमर तक का हिस्सा काले कपड़े से ढक रखा था। शोरूम से निकलने के बाद भी वह कैमरों की जद से बचने के लिए इधर-उधर घूमता रहा।

वह कबाड़ी बाजार होते हुए बलदेवगंज बाजार पहुंचा। वहां उसे ई-रिक्शा मिला और वह उसमें बैठ गया। उसने किराये को लेकर ज्यादा बातचीत नहीं की और सिर्फ जाने की जगह बताई। पुलिस का अनुमान है कि वह पुलिस चौकी से पहले ही रिक्शे से उतर गया और गलियों के रास्ते रेलवे स्टेशन की ओर गया होगा। पुलिस रेलवे स्टेशन समेत आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।

पुलिस को शक है कि शोरूम में करीब दो साल पहले काम छोड़कर गया कर्मचारी चोरी में शामिल हो सकता है। पुलिस उसके घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। उसके माता-पिता और भाई ने बताया कि वह पत्नी और बच्चों के साथ उत्तराखंड में रहता है और काफी समय से घर नहीं आया है।

पुलिस का मानना है कि पूर्व कर्मचारी को शोरूम की पूरी जानकारी थी। उसे चाबी, महंगे सामान और नकदी की जगह का पता था। आशंका है कि वारदात से पहले उसने शोरूम और आसपास के क्षेत्र की रेकी भी की होगी।

पुलिस को संदिग्ध कर्मचारी का वर्तमान मोबाइल नंबर भी नहीं मिल पाया है। उसने पुराना नंबर छोड़ दिया है। परिजनों से नए नंबर के बारे में पूछताछ करने पर उन्होंने भी इसकी जानकारी होने से इनकार किया। इसके चलते पुलिस उसकी मोबाइल लोकेशन भी ट्रेस नहीं कर पा रही है।

इससे पहले 9 जून को वृंदावन में गुजरात के व्यापारी राकेश प्रजापति के फ्लैट से 2.90 करोड़ रुपये के आभूषण और नकदी चोरी हुई थी। पुलिस ने 14 जुलाई को इस मामले का पर्दाफाश किया था। मामले में गेस्ट हाउस मालिक और उसके साथी शामिल पाए गए थे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp