Tuesday, September 15th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

राष्ट्रीय इंजीनियर दिवस पर पीएम मोदी ने विश्वेश्वरैया को दी श्रद्धांजलि, इंजीनियरों के योगदान को सराहा

Monthly Archives: September 2026

राष्ट्रीय इंजीनियर दिवस पर पीएम मोदी ने विश्वेश्वरैया को दी श्रद्धांजलि, इंजीनियरों के योगदान को सराहा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रीय इंजीनियर दिवस के अवसर पर महान भारतीय इंजीनियर और राजनेता सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने देशभर के इंजीनियरों को बधाई देते हुए बेहतर भविष्य के निर्माण, नवाचार और समाधान तैयार करने में उनके योगदान की सराहना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि इंजीनियर बेहतर कल के लिए निर्माण करते हैं, नई चीजें बनाते हैं और समाधान देते हैं। उन्होंने सर एम. विश्वेश्वरैया की इंजीनियरिंग प्रतिभा और राष्ट्र निर्माण की सोच को आज भी प्रेरणादायक बताया।

पीएम मोदी ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्होंने इंजीनियरों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि इंजीनियर केवल मशीनें नहीं बनाते, बल्कि वे ऐसे कर्मयोगी हैं जो सपनों को हकीकत में बदलते हैं। उन्होंने कहा कि भारत के कई इंजीनियरों ने असंभव को संभव कर दिखाया और ऐसे काम किए जिन्हें इंजीनियरिंग की दुनिया में चमत्कार माना जाता है।

प्रधानमंत्री ने वीडियो में सर एम. विश्वेश्वरैया की विरासत और भारत की इंजीनियरिंग परंपरा में उनके योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि महान इंजीनियरों की गौरवशाली विरासत में विश्वेश्वरैया एक अनमोल रत्न थे। उनके कार्य आज भी लोगों को आश्चर्यचकित करते हैं। उनके नक्शेकदम पर चलते हुए भारतीय इंजीनियरों ने दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है।

देश में हर साल 15 सितंबर को राष्ट्रीय इंजीनियर दिवस मनाया जाता है। यह दिन प्रमुख सिविल इंजीनियर और राजनेता सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। उनका जन्म 15 सितंबर 1861 को हुआ था। उन्हें आधुनिक मैसूर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान के लिए जाना जाता है।

विश्वेश्वरैया ने सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं में योगदान दिया। उन्होंने मैसूर में कृष्ण राजा सागर बांध के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और बाढ़ से बचाव की प्रणालियों के विकास में भी योगदान दिया।

इंजीनियरिंग, सार्वजनिक परियोजनाओं और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के लिए उन्हें 1955 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। भारत सरकार ने उनके योगदान को सम्मान देते हुए 1968 में 15 सितंबर को आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय इंजीनियर्स डे घोषित किया था।


बाजार समिति के नवनिर्मित नाले में मिला बोरा कारोबारी का शव, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम की

बिहटा (पटना)। बिहटा के राघोपुर स्थित बाजार समिति के नवनिर्मित नाले में मंगलवार सुबह एक बोरा कारोबारी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राघोपुर निवासी बसंत महतो के 45 वर्षीय पुत्र कृष्णा महतो के रूप में हुई है।

शव मिलने की सूचना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और व्यवसायियों ने पटना-औरंगाबाद मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोगों ने टायर जलाकर हंगामा किया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रही है।

बताया गया कि कृष्णा महतो की बाजार समिति गेट के पास पुराने बोरे की खरीद-बिक्री की दुकान है। सोमवार शाम दुकान बंद करने के बाद से वह लापता था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने बाजार समिति के नवनिर्मित नाले में शव देखा। इसके बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाजार समिति क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था लचर है।

सूचना मिलने पर बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


नशे के लिए रुपये मांगने पर विवाद, बेटे ने कुदाल से हमला कर पिता की हत्या

समस्तीपुर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर में सोमवार देर रात नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में एक पुत्र ने कुदाल से हमला कर अपने पिता की हत्या कर दी। घटना में मृतक की पत्नी भी घायल हो गईं। मृतक की पहचान मोहनपुर निवासी मो. इस्लाम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पुत्र मो. अरमान को हिरासत में लिया है।

बताया गया कि देर रात अरमान नशे के लिए रुपये मांग रहा था। इसी बात को लेकर घर में विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कुदाल से अपने पिता पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मो. इस्लाम की मौत हो गई। बीच-बचाव करने के दौरान उनकी पत्नी भी घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की श्री केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा

द्वितीय चरण की यात्रा को लेकर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता

रुद्रप्रयाग: प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण तथा सैनिक कल्याण मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से श्री केदारनाथ धाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मानसून के पश्चात यात्रा के द्वितीय चरण में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की संख्या के दृष्टिगत विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि मानसून के बाद श्री केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग अभी से पूरी तैयारी के साथ कार्य करें और यात्रा मार्ग, पैदल मार्ग, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, खाद्य सामग्री, परिवहन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर कार्य करते हुए आपसी समन्वय के साथ यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जनपद में श्री केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी प्रभारी मंत्री को दी। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों द्वारा यात्रा मार्ग एवं पैदल मार्ग का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है तथा मानसून के कारण प्रभावित हुई व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा रहा है।

प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग एवं पैदल मार्ग का निरीक्षण करने वाली प्रत्येक विभागीय टीम अपने निरीक्षण के दौरान वहां स्थापित शौचालयों की साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था का भी अनिवार्य रूप से जायजा ले। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। शौचालयों में पर्याप्त पानी, सफाई सामग्री एवं नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने पूर्ति विभाग को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग एवं प्रमुख पड़ावों पर आवश्यक खाद्य सामग्री तथा गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रा के द्वितीय चरण में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर किसी प्रकार की कमी न हो। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति एवं उपलब्धता की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने चिकित्सा विभाग को यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सा केंद्रों एवं मेडिकल रिलीफ पोस्ट में आवश्यक दवाइयां, उपकरण एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए चिकित्सा टीमें पूरी तरह तैयार रहें।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा आस्था के साथ-साथ उत्तराखंड की पहचान और अर्थव्यवस्था से भी जुड़ी है। इसलिए यात्रा से जुड़े प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी है कि वह श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा का अनुभव उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग एवं पैदल मार्ग पर जहां भी व्यवस्थाओं में कमी अथवा सुधार की आवश्यकता है, उसे तत्काल चिह्नित कर निर्धारित समय सीमा के भीतर दूर किया जाए। मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों, पैदल मार्गों एवं अन्य सुविधाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि यात्रा के द्वितीय चरण में श्रद्धालुओं की संख्या में संभावित वृद्धि को देखते हुए सभी विभाग अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण करने तथा व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, राज्यमंत्री चण्डी प्रसाद भटट सहित जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


राज्य सरकार कर रही खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का काम -रेखा आर्या

खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया जूडो प्रतियोगिता का शुभारंभ, कहा खेल को लेकर समाज की सोच में आया बहुत सकारात्मक परिवर्तन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए किए अभूतपूर्व कार्य -रेखा आर्या

देहरादून। खेल मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून युवा केंद्र आमवाला पहुंची जहाँ उन्होंने “मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी” के तहत जूडो प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। यहाँ खेल मंत्री ने विभिन्न जनपदों से आये हुए खिलाड़ियों से उनका परिचय जाना साथ ही सरकार कि और से खिलाड़ियों को प्रदान कि जा रही योजनाओं कि जानकारी ली।

खेल मंत्री ने कहा की मुझे यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि अभी तक “मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी” में 317988 खिलाड़ी अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैँ जो क़ि बीते 10 वर्षो में सबसे अधिक है। कहा की उन्हें उम्मीद है की जल्द ही यह आकड़ा और अधिक बढेगा को की इस बात का संकेत है कि अब हमारे बच्चे अपनी पढ़ाई के साथ अपने खेल को भी महत्व दे रहे है।

बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों आज समाज में खेल के प्रति धारणा पूरी तरह बदल चुकी है। जो लोग खेल को पहले निम्न स्तर का मानते थे आज वह अपने बच्चों को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैँ। उन्होंने कहा कि आज राज्य सरकार मुख्यमंत्री धामी जी के नेतृत्व में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए कई सारी योजनाएं संचालित कर रही है। बीते दिनों ही कैबिनेट में राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए हमने आउट ऑफ़ टर्न जॉब के प्रस्ताव को संस्तुति दी है जो इस बात को परिलक्षित करता है की सरकार हमारे खिलाड़ियों के प्रति गंभीर है। मैं आप सभी बच्चों से यही कहना चाहती हूं कि प्यारे बच्चों आज खेल को लेकर समाज की सोच में बहुत परिवर्तन आया है क्योंकि जो समाज खेल को निम्न स्तर का समझते थे आज उनकी धारणा पूरी तरह बदल चुकी है।

खेल मंत्री ने कहा की राज्य सरकार की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों के भविष्य को सवांरने के लिए आउट ऑफ़ टर्न जॉब का प्रस्ताव भी कैबिनेट में पास किया जा चुका है साथ ही सरकारी नौकरी में 4 प्रतिशत का आरक्षण भी दिया जा रहा है। मूझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी आने वाले समय में अपने खेल के माध्यम से देश और प्रदेश के साथ अपने माता -पिता और समाज का नाम अवश्य रोशन करेंगे।इस दौरान खेल मंत्री ने सभी खिलाड़ियों को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनायें भी प्रेषित की।

इस अवसर पर संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल जी, उपनिदेशक शक्ति सिंह जी, एस. के.जयराज जी सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और सैकड़ो खिलाड़ी उपस्थित रहे।


एम्स बिलासपुर में तीमारदारों का बैग चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 43,340 रुपये और मोबाइल बरामद

बिलासपुर। एम्स बिलासपुर के ए-ब्लॉक में मरीजों का इलाज कराने पहुंचे तीमारदारों के सामान पर हाथ साफ करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया बैग, 43,340 रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार सोमवार को एम्स के ए-ब्लॉक में तीमारदारों के सोने का फायदा उठाकर दो युवकों ने उनका बैग चोरी कर लिया। बैग गायब होने का पता चलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और नाकाबंदी कर दोनों संदिग्धों को बैग समेत पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान शिवम और साहिल खान, निवासी लगमनवी व जाहू, तहसील भोरंज, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी किया गया बैग, 43,340 रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी साहिल खान आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ बिलासपुर जिले के थाना भराड़ी में 30 अगस्त को मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस के मुताबिक वह महज दो दिन पहले ही जबली जेल से जमानत पर बाहर आया था और इसके बाद फिर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।

पुलिस दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही क्षेत्र में हुई अन्य चोरियों के संबंध में भी उनसे पूछताछ की जा रही है।


चारधाम यात्रा के दूसरे चरण का आगाज आज, 50.50 लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके दर्शन

 देहरादून- चारधाम यात्रा के दूसरे चरण का आगाज मंगलवार, 15 सितंबर से हो रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की ओर से व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। हालांकि, खराब मौसम और यात्रा मार्गों पर भूस्खलन चुनौती बने हुए हैं। केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के पास रविवार देर शाम पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक घोड़ा संचालक और एक खच्चर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद जिला आपदा प्रबंधन और प्रशासन की टीम मौके पर तैनात है।

19 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा का पहला चरण पूरा हो चुका है। 15 सितंबर से दूसरे चरण में बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री समेत हेमकुंड साहिब में फिर से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण अनिवार्य है। ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है।

अब तक चारधाम यात्रा में 50.50 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या नया रिकॉर्ड बना चुकी है। यात्रा अभी करीब दो माह और चलेगी। सरकार को उम्मीद है कि इस बार श्रद्धालुओं की संख्या 60 लाख तक पहुंच सकती है।

चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में आने वाले वीआईपी अतिथियों को दर्शन के लिए शुल्क नहीं देना पड़ेगा। बीकेटीसी ने फिलहाल शुल्क व्यवस्था स्थगित करने का निर्णय लिया है। यात्रा की शुरुआत में वीआईपी अतिथियों की संख्या बढ़ने के बाद बीकेटीसी ने प्रोटोकॉल के तहत प्राथमिक दर्शन के लिए 1,100 रुपये प्रति यात्री शुल्क लागू किया था।

करीब सवा दो माह बाद 15 सितंबर से केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा भी शुरू हो रही है। गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलीपैड से नौ एविएशन कंपनियों के हेलिकॉप्टर उड़ान भरेंगे। खराब मौसम की स्थिति में उड़ान की अनुमति नहीं दी जाएगी। 30 सितंबर तक हेली सेवा के टिकट फुल हो चुके हैं।

वहीं, 1 से 15 अक्तूबर तक की यात्रा के लिए केदारनाथ और हेमकुंड साहिब हेली टिकट की बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट 22 सितंबर को खुलेगी। सोमवार को हेमकुंड साहिब की 15 से 30 सितंबर तक की हेली टिकट बुकिंग शुरू हुई, जिसमें पहले दिन 223 टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग हुई।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि केदारनाथ हेली सेवा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हेली ऑपरेटरों के हेलिकॉप्टर सिरसी, फाटा और गुप्तकाशी हेलीपैड पहुंच चुके हैं। डीजीसीए की टीम ने सहस्त्रधारा, केदारनाथ समेत अन्य हेलीपैड का सुरक्षा ऑडिट किया है। मौसम की जानकारी के लिए सहस्त्रधारा और केदार घाटी में सीतापुर के पास एटीएस संचालित है।

उन्होंने यात्रियों से हेली सेवा की ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट का ही इस्तेमाल करने की अपील की।

हेलीपैड प्रति यात्री आने-जाने का किराया
गुप्तकाशी-केदारनाथ ₹12,762
फाटा-केदारनाथ ₹10,164
सिरसी-केदारनाथ ₹6,390
गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब ₹11,834

चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्गों पर यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा रही है। संबंधित जिलों के जिलाधिकारी और विभाग आपसी समन्वय से यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे हैं। सरकार को इस बार भी यात्रा के नया रिकॉर्ड बनाने की उम्मीद है।


मसूरी में महिला नशा तस्कर गिरफ्तार, 2.630 किलो अवैध भांग पत्ती बरामद

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने मसूरी में एक महिला नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 2 किलो 630 ग्राम अवैध भांग पत्ती बरामद की है।

जानकारी के अनुसार 14 सितंबर 2026 को कोतवाली मसूरी पुलिस की टीम किक्रेग से बाहर कैंची, मसूरी की ओर जाने वाले मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्धता के आधार पर एक महिला को रोककर पूछताछ की गई। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद कट्टे से 2 किलो 630 ग्राम अवैध भांग पत्ती बरामद हुई। पुलिस ने महिला को मौके से गिरफ्तार कर भांग पत्ती कब्जे में ले ली।

पुलिस के अनुसार आरोपी महिला के खिलाफ कोतवाली मसूरी में मु0अ0सं0 53/2026, धारा 60(1)(c) उत्तर प्रदेश उत्पाद शुल्क/आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।

पूछताछ में अभियुक्ता ने पुलिस को बताया कि वह स्थानीय नशेड़ियों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में भांग पत्ती सस्ते दामों में खरीदकर लाई थी। इसके बाद वह इसे अन्य नशेड़ियों को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थी। इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार महिला की पहचान गोरी पत्नी रमेश, निवासी बाहर कैंची, मसूरी, जनपद देहरादून के रूप में हुई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिनेश राणा, कांस्टेबल विनोद चौहान और महिला कांस्टेबल सुनीता शाह शामिल रहे।


हिमालय केवल भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक चेतना का महत्वपूर्ण आधार है-मुख्यमंत्री

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिन्दी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में हिमालयी संस्कृति, परंपराओं और लोक जीवन को समर्पित पत्रिका ‘हिमालयन संस्कृति‘ के प्रवेशांक का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हिमालयन संस्कृति’ पत्रिका के माध्यम से हिमालयी राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, लोक आस्थाओं, रीति-रिवाजों, लोक कला, लोक साहित्य, इतिहास, विरासत तथा पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विविध आयामों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही हिमालय की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान से युवा पीढ़ी को परिचित कराने के प्रयास सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालय केवल भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक चेतना का महत्वपूर्ण आधार है। हिमालयी लोक परंपराओं और विरासत का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह विशेषांक हिमालयी समाज की जीवंत सांस्कृतिक विरासत का संदर्भ-स्रोत बनने के साथ संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ हिमालयी पर्यावरण के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता को भी नई दिशा प्रदान करने में भी सहायक होगा।

पत्रिका के संपादक कौंसवाल ने कहा कि इस विशेषांक में हिमालयी संस्कृति के विविध पक्षों को एक मंच पर लाने तथा हिमालय की लोक स्मृतियों, परंपरागत ज्ञान, लोक कलाओं, सामाजिक जनसरोकारों और पर्यावरणीय चेतना को दस्तावेज के रूप में संरक्षित करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किया है।

इस अवसर पर उपस्थित रायपुर विधायक उमेश शर्मा(काऊ), भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, विनोद खंडूरी, बद्री केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष प्रसाद सती, सदस्य राजपाल जड़धारी, विपिन, वरिष्ठ पत्रकार हरीश कोठारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों एवं संस्कृति प्रेमियों ने संपादक रजनीश कौंसवाल को इस अभिनव एवं सराहनीय पहल के लिए शुभकामनाएं दी।


युवाओं की भागीदारी से साकार होगा विकसित भारत-2047 का संकल्प: डॉ धन सिंह रावत

तकनीकी विश्वविद्यालय में विज्ञान सेतु-कनेक्टिंग स्टूडेंट्स कार्यक्रम में युवाओं ने ली नशामुक्त जीवन की शपथ

देहरादून: वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित “विज्ञान सेतु–कनेक्टिंग स्टूडेंट्स” कार्यक्रम में “युवाओं में वैज्ञानिक सोच विकसित करने व स्टेम (STEM) शिक्षा को बढ़ावा देने पर विचार रखे गये।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने सम्बोधन में कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच युवाओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान सेतु जैसे कार्यक्रमों में अधिकाधिक भागीदारी करने का आह्वान किया। डॉ रावत ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है।

डॉ. रावत ने नशामुक्त युवा और जागरूक समाज को विकसित भारत की आधारशिला बताते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थी विज्ञान आंदोलन एवं विद्यार्थी विज्ञान मंथन के माध्यम से वैज्ञानिक जिज्ञासा, प्रश्न करने की प्रवृत्ति, फिजिक्स ओलंपियाड, प्रयोगात्मक एवं हैंड्स-ऑन लर्निंग के महत्व पर अपने विचार रखे। साथ ही उन्होंने नशामुक्ति एवं विकसित भारत के संकल्प की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने विद्यार्थियों को मूलभूत विज्ञान की मजबूत समझ विकसित करने तथा विज्ञान को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया। हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों तथा उत्तराखण्ड में वैज्ञानिक एवं तकनीकी संस्थानों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं कौशल विकास की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को तकनीकी एवं कौशल आधारित गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में इंडिया स्मार्ट ग्रिड फोरम (ISGF) व वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मध्य समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर भी किए गए। समझौते का उद्देश्य प्रौद्योगिकी, नवाचार तथा भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं से जुड़े क्षेत्रों में दोनों संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत करना है। इससे विद्यार्थियों को उभरती तकनीकों, नवाचार एवं व्यावहारिक तकनीकी ज्ञान के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे।

कार्यक्रम में प्रो. दुर्गेश पंत, महानिदेशक, यूकॉस्ट; डॉ. डी.पी. उनियाल, संयुक्त निदेशक, यूकॉस्ट, डॉ. रेजी कुमार पिल्लई, चेयरमैन, आईएसजीएफ, डॉ. शिव कुमार शर्मा, राष्ट्रीय संगठन सचिव, वीआईबीएचए ; डॉ. के.डी. पुरोहित, अध्यक्ष, DBVS, VIBHA उत्तराखण्ड प्रान्त; डॉ. नरेंद्र सिंह, सचिव DBVS सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

 


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp