Saturday, September 19th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

आदमपुर हत्या मामले में छठा आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने जांच तेज की

Monthly Archives: September 2026

आदमपुर हत्या मामले में छठा आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने जांच तेज की

आदमपुर। हिसार के थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव खारा बरवाला में रजनीश की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील कुमार पुत्र आत्माराम, निवासी चक्की चोपता, सादुलपुर, हाल भादरा बाईपास आदमपुर के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के बाद मामले में अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में SC/ST एक्ट की संबंधित धारा भी जोड़ी है।

उप पुलिस अधीक्षक अग्रोहा किशोरी लाल के अनुसार, मामले में पहले जयराम, अक्षय जाजूदा, संदीप, उमेश और समीर को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब गिरफ्तार सुनील कुमार से पूछताछ कर रही है, ताकि वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा सके।

दूध लेकर घर लौटते समय हुआ था हमला

पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच गौतम और उसका भाई रजनीश मोटरसाइकिल से मंडी आदमपुर से दूध लेकर खारा बरवाला स्थित अपने घर जा रहे थे। मोटरसाइकिल में हवा कम होने के कारण दोनों पंवार फिलिंग स्टेशन के पास रुके थे। इसी दौरान आरोपियों और उनके साथियों ने दोनों पर हमला कर दिया, जिसमें रजनीश की मौत हो गई।

पुलिस ने गौतम के बयान के आधार पर थाना आदमपुर में मामला दर्ज किया था। शिकायत में रजनीश और विष्णु की गांव के जयराम और अक्षय जाजूदा के साथ पुरानी रंजिश होने की बात कही गई है।

चार टीमों ने शुरू की थी जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की थीं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू की।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर SC/ST एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है। मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों और तथ्यों की जांच जारी है।


कुमाऊं आयुक्त की जनसुनवाई में कई मामलों का मौके पर समाधान, अधिकारियों को सख्त निर्देश

हल्द्वानी। कुमाऊं आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, स्कूल में दाखिला, फीस माफी, भरण-पोषण, अतिक्रमण और सरकारी भूमि पर कब्जे समेत विभिन्न मामलों की सुनवाई की। उन्होंने कई शिकायतों का मौके पर समाधान कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्लॉट विवाद में क्रेता को वापस मिले 5 लाख रुपये

बनभूलपुरा निवासी अदनान अंसारी ने नवाड़ खेड़ा, गौलापार में सलीम सैफी से प्लॉट खरीदा था। रजिस्ट्री होने के बावजूद आपत्तियों के कारण दाखिल-खारिज नहीं हो पा रहा था। पूर्व जनसुनवाई में मामला सामने आने के बाद आयुक्त ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया। इसके तहत 4.50 लाख रुपये पहले और शेष 50 हजार रुपये शुक्रवार को वापस कराए गए। पूरी धनराशि मिलने पर शिकायतकर्ता ने आयुक्त का आभार जताया।

लिव-इन पार्टनर को 7 लाख रुपये लौटाने के निर्देश

एक युवती ने शिकायत की कि लिव-इन पार्टनर ने उससे करीब 7 लाख रुपये का सोना और नकद लिया है, जिसे वापस नहीं किया गया। दोनों पक्षों को कार्यालय बुलाकर सुनवाई की गई। युवक ने युवती द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों को सही माना। समझौते के तहत आयुक्त ने युवक को तीन माह के भीतर 7 लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए। निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

सफाई कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर सख्ती

वार्डों में सफाई कर्मचारियों के अनुपस्थित रहने और सफाई कार्य प्रभावित होने की शिकायत पर आयुक्त ने नगर आयुक्त को सभी वार्डों में बायोमेट्रिक मशीन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सुपरवाइजरों को नियमित निरीक्षण करने तथा अनुपस्थित कर्मचारियों और लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजरों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।

तुमड़िया डैम क्षेत्र में सरकारी भूमि से कब्जे हटाने के निर्देश

पूर्व प्रधान गुरमुख सिंह की शिकायत पर आयुक्त ने तुमड़िया डैम क्षेत्र में ग्राम समाज, बंजर और सिंचाई विभाग की भूमि पर अवैध कब्जे और जमीन की खरीद-फरोख्त के मामले का संज्ञान लिया। तहसीलदार, नायब तहसीलदार और संबंधित चकबंदी अधिकारी को क्षेत्र का निरीक्षण कर अवैध कब्जे हटाने तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को 5 दिन के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट देने को कहा गया। दस्तावेजों में छेड़छाड़ मिलने पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

स्कूल दाखिले की प्रक्रिया की जांच के आदेश

अनीता बिष्ट की शिकायत पर गुरु तेग बहादुर खालसा स्कूल में कक्षा 9 में दाखिले से जुड़े मामले की सुनवाई हुई। आयुक्त ने दाखिले की प्रक्रिया में पारदर्शिता, आवेदकों से संपर्क और चयन प्रक्रिया से संबंधित शिकायतों की जांच सीडीओ नैनीताल के माध्यम से 15 दिन में कराने के निर्देश दिए। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

जनसुनवाई में नाहिदा ने स्कूल फीस माफी, शांति भट्ट ने भरण-पोषण, किरण जोशी ने आर्थिक सहायता, हिमानी त्रिपाठी ने अतिक्रमण हटाने, फरहीन ने पारिवारिक खर्च दिलाने और राहुल लोहनी ने भूमि से कब्जा हटाने की मांग रखी। आयुक्त ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया और शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।


शादी से इनकार पर देवर पर जानलेवा हमले का आरोप, 11 महीने बाद भाभी गिरफ्तार

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के बरहन क्षेत्र में करीब 11 महीने पुराने जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने अपने देवर पर इसलिए हमला किया क्योंकि उसने उसकी बहन से शादी करने से इनकार कर दिया था।

पुलिस के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर 2025 की दीपावली की रात हुई थी। शिकायत के मुताबिक, पीड़ित युवक पूजा के बाद घर के बाहर सो रहा था। रात करीब दो बजे उसकी भाभी ने उसे कमरे में बुलाया, जहां उस पर ब्लेड से हमला किया गया।

चीख सुनकर जागे परिवार के लोग

हमले के बाद युवक की चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य जाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बाद में उसे दिल्ली एम्स रेफर किया गया था।

पीड़ित युवक हल्द्वानी की एक सीमेंट कंपनी में केमिकल असिस्टेंट इंजीनियर के तौर पर काम करता था और दीपावली पर घर आया था।

घटना के बाद से महिला थी फरार

प्राथमिकी परिवार की एक महिला सदस्य की शिकायत पर दर्ज की गई थी। घटना के अगले दिन आरोपी महिला का पति गांव पहुंचा और उसे एटा स्थित उसके मायके ले गया। इसके बाद से वह पुलिस की पकड़ से बाहर थी।

पुलिस ने अब उसे एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया है।

मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बढ़ाई गई गंभीर धारा

डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह के मुताबिक, मेडिकल रिपोर्ट में युवक को लगी चोटों को गंभीर और जानलेवा बताया गया था। इसके आधार पर मुकदमे में हत्या के प्रयास की धारा भी बढ़ाई गई। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


वन भूमि हस्तांतरण के लंबित प्रकरणों के निस्तारण में लाएं तेजी- जिलाधिकारी

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने वन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ की महत्वपूर्ण बैठक

रिजर्व लैंड बैंक को जल्द अपडेट करें- डीएम

देहरादून। परियोजनाओं के निर्माण के लिए वन भूमि हस्तांतरण के प्रकरणों में क्षतिपूर्ति वृक्षारोपण के लिए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने वन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि डिग्रेडेड फॉरेस्ट लैंड और नॉन-फॉरेस्ट लैंड का शीघ्र सर्वेक्षण कराते हुए रिजर्व लैंड बैंक को अद्यतन किया जाए।

जिलाधिकारी ने वन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित भूमि का डाटा तैयार कर उसकी केएमएल (ज्ञडस्) फाइल बनाई जाए तथा निर्धारित पोर्टल पर अपलोड किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में तकनीकी सहयोग के लिए लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के कनिष्ठ एवं सहायक अभियंताओं की सहायता ली जाए, ताकि प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो।

उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में राजस्व उप निरीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए नॉन-फॉरेस्ट लैंड का सर्वेक्षण प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। सर्वेक्षण के बाद उपलब्ध भूमि का विवरण निर्धारित पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपलोड करना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजनाओं के लिए वन भूमि हस्तांतरण से जुड़े प्रकरणों में क्षतिपूर्ति वृक्षारोपण हेतु भूमि की उपलब्धता महत्वपूर्ण है। ऐसे में रिजर्व लैंड बैंक को अद्यतन और व्यवस्थित रखना आवश्यक है, जिससे संबंधित प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाई जा सके।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी अमित कंवर, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश कुमकुम जोशी, उप जिलाधिकारी डोईवाला अपर्णा ढौडियाल सहित वन एवं राजस्व विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।


आंखों की जांच के बहाने महिला को घर बुलाने का आरोप, दिल्ली में 32 वर्षीय युवक गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के केशव पुरम इलाके में एक 43 वर्षीय महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में 32 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान त्रि नगर निवासी विकास के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि विकास ने उसे आंखों की जांच कराने के बहाने अपने घर बुलाया था। महिला के अनुसार, घर पहुंचने के बाद उसे कथित तौर पर बेहोश कर दिया गया और इसी दौरान उसके साथ यौन अपराध किया गया।

शिकायत के बाद दर्ज हुई प्राथमिकी

महिला की शिकायत मिलने के बाद केशव पुरम थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आरोपी की तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जुटा रही साक्ष्य

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने के साथ शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।


महिलाओं और बच्चों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें समस्त अधिकारी- रेखा आर्या

जनपद के 681 आंगनबाड़ी केन्द्रों में वृहद स्तर पर आयोजित होगी “आंगन का मिलन सेवा”, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया जाएगा सम्मानित- रेखा आर्या

25 सितम्बर से 07 अक्टूबर तक सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनसहभागिता का बनेगा व्यापक अभियान

चंपावत। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत 25 सितम्बर से 07 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली “आंगन का मिलन सेवा” की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिला सभागार चम्पावत मे विभागीय अधिकारियो के साथ बैठक की। यहाँ आगमन पर पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पौधयुक्त गमला भेंट कर उनका स्वागत किया।

समीक्षा बैठक में विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि “आंगन मिलन सेवा” का उद्देश्य केवल कार्यक्रमों का आयोजन करना नहीं, बल्कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं, बच्चों और परिवारों तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यक्रम निर्धारित समय पर सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने तथा प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्र पर अधिक से अधिक स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि जनपद के सभी 681 आंगनबाड़ी केन्द्रों में वृहद स्तर पर आयोजित होने वाली “आंगन मिलन सेवा” को सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनजागरूकता से जोड़ते हुए प्रभावी बनाया जाए। कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकत्रियों के योगदान को सम्मान देते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्मिकों को सम्मानित किया जाए। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ते हुए प्रत्येक कार्यक्रम को पूरे मनोयोग एवं जनसहभागिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।

विभागीय मंत्री ने कहा कि चूंकि यह आयोजन जिले की सभी आंगनबाड़ी केंद्रों मे होने है ऐसे मे वहाँ पर समुचित व्यवस्थाए पूर्व से कर ली जाएँ।साथ ही महत्वपूर्ण निर्देश यह दिए की आंगनबाड़ी केंद्र का समय प्रातः 9 बजे से अपराह्न 1 बजे तक होता है ऐसे मे इस समय अवधि मे ही कार्यक्रम संपादित हों।कहा की हमारा प्रयास है कि “आंगन का मिलन” कार्यक्रम मे हम विभागीय योजनाओं के साथ केंद्र और राज्य पोषित योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाए। साथ ही इस दौरान अच्छा कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्री, सहायिकाओ और आशा कार्यकत्रीयों को सम्मानित भी किया जाएगा।

जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश सिंह बृजवाल ने बताया कि 25 सितम्बर से 07 अक्टूबर 2026 तक जनपद के 681 आंगनबाड़ी केन्द्रों में “आंगन मिलन सेवा” आयोजित की जाएगी। इस दौरान पोषण आहार एवं टेक होम राशन वितरण, गोद भराई, जन्मोत्सव, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, बच्चों की वृद्धि निगरानी के साथ मातृ-शिशु स्वास्थ्य तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। अभियान में अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय समुदाय की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।

पिथौरागढ़ जनपद मे लगा बहुउद्देशीय शिविर, प्रभारी मंत्री ने सुनी समस्याए, मोके पर किया निराकरण

वही आज जनपद पिथौरागढ़ की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने “सेवा का संकल्प” महाभियान के अंतर्गत लगाए गए बहुउद्देशीय शिविर मे प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गई। बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न लोगों द्वारा अपनी समस्याओं से अवगत कराया गया जिनका त्वरित निस्तारण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

साथ प्रभारी मंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का अवलोकन कर उनकी जानकारी प्राप्त की।उन्होंने कह की “सेवा का संकल्प” का यह महाअभियान 27 अक्टूबर तक चलेगा जिसमें प्रत्येक ब्लॉक, तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन करते हुए लाभार्थियों को लाभ दिया जाएगा, साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से भी उन्हें आच्छादित किया जाएगा। राज्य सरकार का यह प्रयास है कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ज़ी का गरीब कल्याण को लेकर जो सपना है हम सभी मिलकर उसे पूरा करें और “विकसित भारत -2047” बनाने मे अपना अमूल्य योगदान दें।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गोविन्द सावंत,दर्जा राज्यमंत्री मंत्री हेमा जोशी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपा जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय , ब्लॉक प्रमुख अंचला बोरा ज़ी, जिलाधिकारी मनीष कुमार , प्रा. मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह , जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश सिंह बृजवाल , डीपीआरओ महेश कुमार सहित विभागीय अधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


ट्रंप ने रूस-ईरान पर नए प्रतिबंध कानून पर किए हस्ताक्षर, भारत-चीन पर 100% टैरिफ का रास्ता खुला

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाने वाले नए कानून ‘लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रूस एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026’ पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। 18 सितंबर 2026 को हस्ताक्षरित इस कानून के बाद अमेरिकी प्रशासन को रूस से ऊर्जा खरीद जारी रखने वाले कुछ देशों पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने की व्यापक शक्ति मिल गई है।

नए कानून का सबसे महत्वपूर्ण प्रावधान रूसी कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की खरीद करने वाले कुछ देशों से आने वाले सामान पर 100 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने की व्यवस्था है। इस प्रावधान के संभावित दायरे में रूस के बड़े ऊर्जा खरीदारों में शामिल भारत और चीन भी आ सकते हैं। हालांकि, दोनों देशों पर स्वतः 100 प्रतिशत शुल्क लागू नहीं होगा। टैरिफ लगाना है या नहीं और इसकी दर कितनी होगी, इसका फैसला अमेरिकी राष्ट्रपति करेंगे।

रूसी ऊर्जा खरीद पर बढ़ेगा अमेरिकी दबाव

कानून के तहत उन देशों पर कार्रवाई की जा सकती है, जो कानून लागू होने से पहले के 12 महीनों में कुल खरीद के आधार पर रूसी कच्चे तेल या प्राकृतिक गैस के शीर्ष पांच खरीदारों में शामिल रहे हों।

इस प्रावधान से अमेरिका को रूस के ऊर्जा कारोबार से जुड़े देशों पर आर्थिक दबाव बढ़ाने का अतिरिक्त अधिकार मिलेगा। कानून राष्ट्रपति को कुछ परिस्थितियों में निर्धारित प्रतिबंधों से छूट देने का अधिकार भी देता है।

गैस खरीद को लेकर विशेष छूट का प्रावधान

प्राकृतिक गैस से जुड़े टैरिफ के मामले में कानून में एक विशेष अपवाद रखा गया है। यदि किसी देश का रूसी गैस आयात संबंधित अवधि में रूस के कुल गैस निर्यात के 15 प्रतिशत से कम रहा हो और उस देश ने रूसी गैस की खरीद कम करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हों, तो उसे गैस संबंधी शुल्क से छूट मिल सकती है।

रूस की ‘शैडो फ्लीट’ भी कानून के निशाने पर

नए कानून में रूस की तथाकथित ‘शैडो फ्लीट’ से जुड़े लोगों और संस्थाओं पर भी कार्रवाई का प्रावधान है। इसमें ऐसे जहाजों और उनसे जुड़े नेटवर्क को निशाना बनाया जा सकता है, जिन पर रूसी ऊर्जा कारोबार को जारी रखने या अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों से बचने में मदद करने के आरोप हैं।

इसके अलावा रूस के रक्षा उद्योग से जुड़े सहयोगियों और प्रतिबंधों से बचने में सहायता करने वाले विदेशी पक्षों के खिलाफ भी कार्रवाई का रास्ता कानून में रखा गया है।

30 दिन के भीतर प्रभावी होगा कानून

व्हाइट हाउस के अनुसार, ट्रंप ने H.R. 5334 को कानून का रूप दिया है। यह कानून राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के 30 दिन के भीतर प्रभावी होगा।

नए प्रावधानों के लागू होने के बाद रूस से ऊर्जा खरीद जारी रखने वाले देशों के साथ अमेरिकी व्यापार पर संभावित अतिरिक्त शुल्क का असर देखने को मिल सकता है। हालांकि, भारत या चीन पर वास्तविक टैरिफ लगाया जाएगा या नहीं और यदि लगाया गया तो उसकी दर क्या होगी, यह अमेरिकी राष्ट्रपति के आगामी फैसले पर निर्भर करेगा।


हरिपुर का पुनरुत्थान: आचार्य प्रवेश शर्मा की 4 साल की तपस्या लाई रंग

₹7.3 करोड़ के भव्य घाटों के शिलान्यास पर सीएम धामी और स्वामी चिदानंद सरस्वती ने सराहा

​देहरादून/हरिपुर। देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत सदियों पुरानी है, लेकिन कालचक्र के प्रभाव में कई प्राचीन तीर्थ उपेक्षित रह गए। इन्हीं में से एक ऐतिहासिक तीर्थ ‘हरिपुर’ (कालसी) अब अपने खोए हुए प्राचीन वैभव को पुनः प्राप्त करने की दिशा में अग्रसर है। यमुना और अमलावा नदी के पावन संगम पर स्थित हरिपुर में ₹7.3 करोड़ की लागत से बनने वाले आधुनिक एवं सुसज्जित घाटों के शिलान्यास के साथ ही एक नया इतिहास रचा गया।

​इस ऐतिहासिक पल के केंद्र में रहे जौनसार-बावर की माटी के लाल और उत्तराखंड के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य आचार्य प्रवेश शर्मा। निरंतर चार वर्षों के कठिन परिश्रम, निस्वार्थ सेवा और जन-जागरण के दम पर हरिपुर को राष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाने वाले आचार्य प्रवेश शर्मा के प्रयासों की राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती (मुनि जी) ने मुक्तकंठ से सराहना की।

​मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बढ़ाया उत्साह

​शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण और संवर्धन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने आचार्य प्रवेश शर्मा के समर्पण का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी बड़े बदलाव की नींव में समाज के समर्पित व्यक्तियों का संकल्प होता है।

​मुख्यमंत्री ने आचार्य प्रवेश शर्मा को मुख्य आचार्य के रूप में सम्मानित करते हुए आश्वस्त किया:

​”हरिपुर के आध्यात्मिक उत्थान और यमुना आरती को निरंतर गति देने के लिए आप जिस निष्ठा से जुटे हैं, वह वंदनीय है। आप निरंतर लगे रहिए, सरकार और पूरा प्रदेश आपके साथ मजबूती से खड़ा है।”

​मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ₹7.3 करोड़ की लागत से बनने वाले ये घाट न केवल श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान व पूजा-अर्चना की सुविधा देंगे, बल्कि यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित होकर स्थानीय युवाओं के लिए आजीविका के नए मार्ग भी खोलेगा।

​संत समाज का मिला पूर्ण आशीर्वाद

​ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती जी ने हरिपुर घाटों के कायाकल्प को उत्तराखंड के धार्मिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि यमुना तटों की स्वच्छता और दिव्यता की पुनर्स्थापना के लिए स्थानीय नेतृत्व का आगे आना एक शुभ संकेत है।

​स्वामी जी ने आचार्य प्रवेश शर्मा के सेवा भाव को रेखांकित करते हुए कहा कि संतों का आशीर्वाद हमेशा उनके साथ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में हरिपुर घाट पर होने वाली दैनिक यमुना महाआरती हरिद्वार की गंगा आरती की भांति देश-विदेश के श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगी।

​4 वर्षों की मौन साधना और जीएसआर फाउंडेशन की भूमिका

​हरिपुर का इतिहास महाभारत काल और सम्राट अशोक के शिलालेखों से जुड़ा हुआ है, किंतु लंबे समय से यह संगम उपेक्षित था। ऐसे समय में आचार्य प्रवेश शर्मा ने इस पावन भूमि को उसका गौरव वापस दिलाने का बीड़ा उठाया।

​विगत 4 वर्षों से आचार्य प्रवेश शर्मा ने बिना किसी सरकारी या बड़े वित्तीय सहयोग के, शून्य से शुरुआत करते हुए हरिपुर घाट पर नियमित यमुना आरती की परंपरा शुरू की। उनके नेतृत्व में गठित जीएसआर फाउंडेशन और यमुना आरती सेवा समिति ने दिन-रात एक कर इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया।

​नियमित स्वच्छता अभियान: यमुना और अमलावा संगम को प्लास्टिक और कचरे से मुक्त रखने के लिए साप्ताहिक श्रमदान।

​सांस्कृतिक पुनर्जागरण: स्थानीय युवाओं और पुरोहितों को जोड़कर वैदिक विधि-विधान से दैनिक महाआरती का संचालन।

​जन-जागरण: जौनसार-बावर से लेकर देहरादून और राष्ट्रीय स्तर तक हरिपुर के ऐतिहासिक महत्व को स्थापित करना।

​जौनसार-बावर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक बधाई का तांता
​शिलान्यास समारोह के दौरान जब मंच से हरिपुर के पुनरुद्धार की चर्चा हुई, तो उपस्थित जनसमूह के मुख पर आचार्य प्रवेश शर्मा और उनकी समिति का ही नाम था। स्थानीय नागरिकों, ग्राम प्रधानों, सामाजिक संगठनों के साथ-साथ प्रदेश स्तर के प्रबुद्ध जनों ने आचार्य प्रवेश शर्मा को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

​क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि आचार्य प्रवेश शर्मा ने जौनसार-बावर की धरती का नाम रोशन किया है। उनका यह प्रयास साबित करता है कि यदि संकल्प दृढ़ हो, तो सदियों पुरानी उपेक्षित विरासत को भी नई संजीवनी दी जा सकती है।

​धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई उड़ान

​हरिपुर घाटों का कायाकल्प केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक ढांचे में भी बड़ा बदलाव लाएगा।

​चारधाम मार्ग पर प्रमुख पड़ाव: विकासनगर-कालसी क्षेत्र से होकर गुजरने वाले चारधाम यात्रियों और चकराता आने वाले पर्यटकों के लिए हरिपुर एक प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र बनेगा।

​रोजगार के अवसर: घाटों के आधुनिक निर्माण से पूजा सामग्री, होटल, होमस्टे और परिवहन से जुड़े स्थानीय व्यवसायों में तेजी आएगी।

​सांस्कृतिक संरक्षण: जौनसार-बावर की समृद्ध लोक संस्कृति और वैदिक सनातन परंपरा का अनूठा संगम यहां देखने को मिलेगा।

​हरिपुर की पावन धारा पर शुरू हुआ यह महायज्ञ अब सरकारी संकल्प और संत समाज के आशीर्वाद से पूर्णता की ओर बढ़ रहा है, जिसका श्रेय निश्चित तौर पर आचार्य प्रवेश शर्मा और उनकी टीम की निष्काम सेवा को जाता है।


कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर हरिद्वार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, एडीजी ने दिए समयबद्ध तैयारी के निर्देश

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने हरिद्वार पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। शुक्रवार को सीसीआर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।

बैठक में कुंभ मेला-2027 की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन, संचार व्यवस्था, डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल और पुलिस बल की चरणबद्ध तैनाती समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई।

एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने अधिकारियों को प्रभावी और ठोस कार्ययोजना के साथ सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उत्तराखंड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने जोन और सेक्टर स्तर पर पुलिस व्यवस्था निर्धारित करने, पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और चरणबद्ध तैनाती की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही मेला क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों और सीमावर्ती जनपदों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

समीक्षा बैठक के बाद एडीजी ने अधिकारियों के साथ कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद वे एटीसी पहुंचे, जहां कुंभ मेला ड्यूटी के लिए प्रशिक्षण ले रहे जवानों से मुलाकात की। उन्होंने प्रशिक्षण की प्रगति और जवानों की तैयारियों की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में आईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. नीलेश आनंद भरणे, आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, आईजी कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी कुंभ मेला आयुष अग्रवाल समेत पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे


अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा: डॉ. हरक सिंह रावत

अंकिता के न्याय की लड़ाई उत्तराखंड की हर बेटी के सम्मान और सुरक्षा की लड़ाई: डॉ. हरक सिंह रावत

अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर कैंडल मार्च, न्याय की मांग को लेकर उठी आवाज

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर उत्तराखंड महिला कांग्रेस द्वारा कांग्रेस भवन, देहरादून से घंटाघर तक आयोजित कैंडल मार्च में कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने शामिल होकर अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस मौके पर डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि अंकिता भंडारी और उनके माता-पिता को अभी तक पूर्ण न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ तब तक संघर्ष करता रहेगा, जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिलता तथा हत्या के दोषियों के साथ-साथ उन VVIP लोगों की भूमिका को लेकर उठे सवालों की भी निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई नहीं होती।

उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी का मामला केवल एक बेटी के साथ हुए अन्याय का विषय नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय से जुड़ा गंभीर सवाल है। प्रदेश की अनेक बेटियां आज महिला अपराध और अत्याचार के बीच सुरक्षा और न्याय की उम्मीद लगाए बैठी हैं।

डॉ. रावत ने कहा कि अंकिता के माता-पिता की न्याय की लड़ाई को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। यह संघर्ष उत्तराखंड की हर बेटी, हर बहन और हर महिला के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के लिए है।

उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक यह संघर्ष पूरी मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp