Wednesday, September 30th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

वाटिका समूह के CMD अनिल भल्ला और प्रमोटर गौतम भल्ला गिरफ्तार, 260 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप

Monthly Archives: September 2026

वाटिका समूह के CMD अनिल भल्ला और प्रमोटर गौतम भल्ला गिरफ्तार, 260 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप

गुरुग्राम। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वाटिका लिमिटेड यानी वैटिका समूह के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अनिल भल्ला और प्रमोटर गौतम भल्ला को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी सोमवार 28 सितंबर को हुई। ईडी के अनुसार, मामला आवासीय भूखंडों में कथित धोखाधड़ी और खरीदारों को भूखंड उपलब्ध नहीं कराने से जुड़ा है।

ईडी ने यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा में दर्ज कई प्राथमिकियों के आधार पर की। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को मंगलवार 29 सितंबर को गुरुग्राम स्थित विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को 3 अक्टूबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया।

जांच के मुताबिक, वर्ष 2010 से 2012 के बीच सात खरीदारों ने गुरुग्राम की वाटिका इंडिया नेक्स्ट और वाटिका इंडिया नेक्स्ट-2 परियोजनाओं में आवासीय भूखंड खरीदने के लिए वाटिका लिमिटेड को करीब 260 करोड़ रुपये का अग्रिम भुगतान किया था। वर्ष 2014 और 2015 में भूखंड-वार समझौते भी किए गए। इसके बाद परियोजनाओं के लेआउट में बदलाव किया गया और पहले आवंटित भूखंडों के नंबर बदले गए या उन्हें दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया।

ईडी के अनुसार, परियोजना की जमीन अलग-अलग खरीदारों को आवंटित और बेची जाती रही। वाटिका इंडिया नेक्स्ट-2 में करीब 1.10 लाख वर्ग गज के भूखंडों में से अब तक एक भी भूखंड वितरित नहीं किया गया। इनकी कीमत करीब 90 करोड़ रुपये बताई गई है। जांच एजेंसी के मुताबिक, करीब 14 साल बीतने के बाद भी इन भूखंडों का वितरण नहीं हुआ है। वहीं, वाटिका इंडिया नेक्स्ट में भी केवल आंशिक वितरण हुआ। इस तरह करीब 140.73 करोड़ रुपये मूल्य के भूखंडों का बड़ा हिस्सा अब तक वितरित नहीं हुआ है।

जांच में ईडी ने दावा किया कि अनिल भल्ला ने लेनदेन से जुड़े प्रमुख फैसलों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी की, जबकि गौतम भल्ला ने प्रमोटर के तौर पर महत्वपूर्ण समझौतों में भूमिका निभाई और जमीन की मालिक संस्थाओं को नियंत्रित किया। परियोजना की जमीन करीब 22 समूह कंपनियों के जरिए रखी गई थी। ईडी के मुताबिक, इन कंपनियों में कर्मचारी नहीं थे और न ही उनकी कोई अलग व्यावसायिक गतिविधि थी।

एजेंसी का आरोप है कि खरीदारों से प्राप्त रकम का इस्तेमाल केवल संबंधित परियोजनाओं के लिए नहीं किया गया, बल्कि धन को अन्य समूह कंपनियों और प्रमोटर से जुड़ी संस्थाओं में स्थानांतरित किया गया।

ईडी ने वर्ष 2024 के एक अलग लेनदेन का भी उल्लेख किया है। इसके तहत स्केलर वेंचर्स ने बिक्री और बाय-बैक समझौते के तहत 473.18 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। कुल 165 भूखंडों में से केवल 15 भूखंडों को वापस खरीदा गया। इसके बाद बचे 150 भूखंडों में से 14 को कथित तौर पर स्केलर वेंचर्स की जानकारी या सहमति के बिना करीब 13.62 करोड़ रुपये में तीसरे पक्ष को बेच दिया गया। ईडी ने इस मामले में अपराध की आय करीब 154.36 करोड़ रुपये आंकी है।

ईडी ने इससे पहले अगस्त में पीएमएलए की धारा 17 के तहत सात परिसरों में तलाशी ली थी। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के आवास से मर्सिडीज-बेंज जीएलसी 300 कार बरामद की गई। इसके अलावा 1.3 किलोग्राम से अधिक सोने और हीरे के आभूषण मिले, जिनकी कीमत करीब 1.55 करोड़ रुपये बताई गई है। एजेंसी ने बैंक खातों और सावधि जमा में मौजूद करीब 3.04 करोड़ रुपये भी बरामद कर जब्त किए थे।


26/11 हमले के बाद की कानूनी जंग, राजकुमार राव की ‘प्रहार’ का धांसू ट्रेलर हुआ रिलीज

अभिनेता राजकुमार राव की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘प्रहार’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। ट्रेलर में 26/11 मुंबई आतंकी हमले और उसके बाद आतंकवादी अजमल कसाब के खिलाफ चले मुकदमे की कहानी की झलक देखने को मिलती है। फिल्म में राजकुमार राव देश के चर्चित वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका निभा रहे हैं। ट्रेलर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।

26/11 हमले के बाद की कानूनी लड़ाई पर आधारित कहानी

फिल्म की कहानी 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद अजमल कसाब के खिलाफ चले मुकदमे के इर्द-गिर्द बुनी गई है। उस मामले में उज्ज्वल निकम ने सरकार की ओर से पैरवी की थी। ट्रेलर में आतंकी हमले के बाद की परिस्थितियों, अदालत में चल रही कानूनी प्रक्रिया और केस के दौरान सामने आई चुनौतियों को दिखाया गया है।

राजकुमार राव ट्रेलर में उज्ज्वल निकम के किरदार में नजर आ रहे हैं। उनके किरदार के जरिए उस कानूनी संघर्ष को पर्दे पर उतारने की कोशिश की गई है, जिसके चलते कसाब को फांसी की सजा तक पहुंचाया गया। फिल्म में इस पूरे घटनाक्रम को नाटकीय अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।

फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार

‘प्रहार’ में राजकुमार राव के अलावा कई प्रमुख कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। ललित प्रभाकर फिल्म में अजमल कसाब का किरदार निभा रहे हैं। वहीं वामिका गब्बी भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगी। जयदीप अहलावत फिल्म में एक वकील की भूमिका निभाते दिखाई देंगे।

16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

फिल्म ‘प्रहार’ को मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले दिनेश विजान ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में 26/11 हमले के बाद हुई कानूनी कार्रवाई और उज्ज्वल निकम की भूमिका को केंद्र में रखा गया है। यह फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

(साभार)


सरकारी अस्पतालों की लैबों को ठेके पर देने की तैयारी का विरोध, मेडिकल लैब तकनीशियन संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

देहरादून। सरकारी चिकित्सालयों की लैबों को फिर ठेके पर देने की तैयारी का मेडिकल लैब तकनीशियनों ने विरोध किया है। मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट संघ उत्तराखंड का आरोप है कि सरकार ने सरकारी लैबों का निजीकरण खत्म करने का आश्वासन दिया था, लेकिन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के माध्यम से दोबारा निविदा प्रक्रिया शुरू की जा रही है। संघ ने निविदा प्रक्रिया रोकने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

बुधवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता में संघ के प्रदेश अध्यक्ष आशीष चंद्र और प्रदेश महासचिव मयंक राणा ने कहा कि सरकारी लैबों को सुदृढ़ करने और सभी जांचें इन-हाउस कराने के लिए पहले समिति गठित की गई थी। इसके बावजूद प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के बजाय अब सरकारी लैबों को फिर निजी एजेंसियों के माध्यम से संचालित कराने की तैयारी की जा रही है। संघ ने सवाल उठाया कि जब सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की बात हो रही है तो नियमित पदों पर नियुक्तियां करने के बजाय लैबों को ठेके पर क्यों दिया जा रहा है। संघ के अनुसार, बेरोजगार डिग्रीधारी लैब तकनीशियन अपनी मांगों को लेकर एकता विहार धरना स्थल पर 135 दिन से धरना दे रहे हैं। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद भी शासन स्तर पर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए बैठक की तारीख तय होने के बाद बार-बार स्थगित की जा रही है। इससे तकनीशियनों में रोष बढ़ रहा है।

संघ की प्रमुख मांगें
आइपीएचएस मानकों के अनुसार मेडिकल लैब तकनीशियनों के आवश्यक और रिक्त पदों का शीघ्र सृजन किया जाए।

वर्षवार मेरिट के आधार पर सेवा नियमावली लागू कर पारदर्शी नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए।

भर्ती नहीं होने के कारण आयु सीमा पूरी कर चुके अथवा करने वाले अभ्यर्थियों को एकमुश्त आयु सीमा में छूट दी जाए।

सरकारी चिकित्सालयों और प्रयोगशालाओं के निजीकरण पर रोक लगाकर नियमित पदों पर नियुक्तियां की जाएं।
इस दौरान बेरोजगार मेडिकल लैब टैक्नोलॉजिस्ट संघ से उपाध्यक्ष रणवीर बिष्ट, अखिलेश भट्ट, कुलभूषण गुसाईं, राजमोहन नेगी, सिद्धार्थ कुकरेती, लोकेंद्र भट्ट, राहुल देव, मुकेश सजवान, शैलेन्द्र गौड़, रजत नौटियाल, मुसवीर अली, आदि लोग उपस्थित रहे


चित्रकूट में युवक की आत्महत्या मामले में नया मोड़, चार लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा

चित्रकूट –  मानिकपुर क्षेत्र के गढ़चपा पतेरिया गांव में 20 वर्षीय देवानंद द्विवेदी उर्फ देवा की आत्महत्या के मामले में परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों का आरोप है कि पहले से दर्ज एक मामले के बाद देवानंद को दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही थी। इसी दबाव और डर के कारण उसने आत्मघाती कदम उठाया।

देवानंद ने रविवार शाम अपने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी थी। घटना की सूचना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपितों पर कार्रवाई की मांग करते हुए करीब दो घंटे तक शव नहीं उठने दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल गांव पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

परिजनों के मुताबिक, जुलाई में देवानंद अपने साथी सुधीर यादव के साथ बाइक से ऐंचवारा की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव के संजय कुमार से रास्ते में विवाद हुआ था। संजय उस समय ई-रिक्शा से कुछ छात्राओं को कॉलेज छोड़ने जा रहा था। बाद में संजय की ओर से छात्राओं के साथ अश्लील टिप्पणी, गालीगलौज और मारपीट के आरोप लगाते हुए शिकायत दी गई थी। पुलिस ने देवानंद और सुधीर के खिलाफ एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

स्वजन का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद देवानंद डर के कारण पंजाब चला गया था और घटना से कुछ दिन पहले ही वापस गांव लौटा था। आरोप है कि लौटने के दौरान संजय और उसके साथियों ने उसे पहले दर्ज मुकदमे का हवाला देते हुए दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी। परिवार के अनुसार, इसके बाद वह काफी परेशान और भयभीत था।

मामले में मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी समेत सवर्ण आर्मी के पदाधिकारी और अन्य लोग भी गांव पहुंचे। उन्होंने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कांत राय और थाना प्रभारी अजीत पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के निर्देश पर संजय कुमार, शंकर दयाल, प्रेम प्रिंस और विजय के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में देवानंद की मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है। शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और नामजद आरोपितों की तलाश की जा रही है। मंगलवार को पुलिस ने आरोपितों के घरों पर भी दबिश दी, लेकिन वे वहां नहीं मिले।

घटना को लेकर इंटरनेट मीडिया पर भी अलग-अलग दावे और प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम और लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


मंत्री गणेश जोशी ने एमपीजी कॉलेज मसूरी के छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी के विजयी प्रत्याशियों को दी जीत की बधाई

मंत्री गणेश जोशी ने कहा, युवा देश और प्रदेश की शक्ति हैं

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से उनके कैंप कार्यालय में एमपीजी कॉलेज मसूरी के छात्रसंघ चुनाव 2026-27 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के विजयी प्रत्याशियों ने भेंट की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने नवनिर्वाचित छात्रसंघ अध्यक्ष विधांत थापली, महासचिव आशुतोष जोशी एवं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि करिश्मा डुमोगा को जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को मिठाई खिलाकर एवं माला पहनाकर उनका स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव में मिली जीत विद्यार्थियों के विश्वास और संगठन के प्रति उनकी जिम्मेदारी को दर्शाती है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान तथा कॉलेज के शैक्षणिक एवं रचनात्मक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि युवा देश और प्रदेश की शक्ति हैं। विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा के साथ-साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे सभी छात्रों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए कॉलेज हित में कार्य करें।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश रावत सहित एबीवीपी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज

कब और कहां देखें भारत-वेस्टइंडीज का मुकाबला?

नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले वनडे में आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम की निगाहें अब सीरीज अपने नाम करने पर टिकी हैं। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय खिलाड़ी एक बार फिर जीत के इरादे से मैदान पर उतरेंगे। वहीं, अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा के प्रदर्शन पर भी क्रिकेट प्रशंसकों की खास नजर रहेगी।

मुकाबले की शुरुआत भारतीय समयानुसार दोपहर दो बजे होगी, जबकि टॉस दोपहर 1:30 बजे किया जाएगा। भारतीय टीम ने सीरीज के पहले मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराया था। तिरुवनंतपुरम में खेले गए इस मैच में भारत ने 297 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया था। विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने भी शतकीय पारी खेलकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने चार विकेट लेकर वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी को झकझोर दिया था।

गुवाहाटी में कोहली और रोहित का शानदार रिकॉर्ड

बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम भारतीय टीम के लिए अब तक भाग्यशाली साबित हुआ है। यहां खेले गए दोनों वनडे मुकाबलों में भारत ने जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि विराट कोहली ने इस मैदान पर खेले गए दोनों मैचों में शतक लगाए हैं। वहीं, रोहित शर्मा के नाम भी यहां एक शतक और एक अर्धशतक दर्ज है।

ऐसे में दूसरे वनडे में भी इन दोनों अनुभवी बल्लेबाजों से बड़ी पारियों की उम्मीद की जा रही है। भारत के पास सीरीज जीतने का मौका है और टीम के प्रमुख बल्लेबाजों का प्रदर्शन इसमें निर्णायक साबित हो सकता है।

वेस्टइंडीज को लगा झटका, जस्टिन ग्रीव्स दूसरे वनडे से बाहर

दूसरे वनडे से पहले वेस्टइंडीज की टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स चोट के कारण मुकाबले से बाहर हो गए हैं। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की। पहले वनडे में शतक लगाने के दौरान ग्रीव्स की पिंडली में चोट लग गई थी।

ग्रीव्स ने पहले मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 108 गेंदों में 101 रन बनाए थे। उन्होंने जॉन कैंपबेल के साथ पहले विकेट के लिए 19 ओवर में 135 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई थी। कैंपबेल ने भी 60 गेंदों में 62 रन की पारी खेली थी। ऐसे में ग्रीव्स की गैरमौजूदगी वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन को प्रभावित कर सकती है।

भारत का पलड़ा भारी, पिछले पांच मुकाबलों में लगातार जीत

भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक कुल 143 वनडे मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 73 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि वेस्टइंडीज को 64 मुकाबलों में सफलता मिली है। दो मैच ड्रॉ रहे और चार मुकाबले बेनतीजा समाप्त हुए।

दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले पांच वनडे मुकाबलों में भारतीय टीम ने लगातार जीत हासिल की है। इस आंकड़े के साथ टीम इंडिया दूसरे वनडे में भी जीत की दावेदार के रूप में मैदान पर उतरेगी।

बल्लेबाजों के लिए मददगार है गुवाहाटी की पिच

गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में अब तक दो वनडे मुकाबले खेले गए हैं और दोनों ही मैचों में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला है। यहां खेले गए मुकाबलों में बड़े स्कोर बने हैं, जिससे दूसरे वनडे में भी रनों की बारिश होने की संभावना है।

इस मैदान पर 2018 में भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला वनडे खेला गया था। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 322 रन बनाए थे। जवाब में रोहित शर्मा और विराट कोहली के शतकों की बदौलत भारतीय टीम ने लक्ष्य हासिल कर लिया था।

इसके बाद भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए वनडे मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 367 रन बनाए थे और 67 रनों से जीत दर्ज की थी। गुवाहाटी में वनडे का औसत स्कोर लगभग 348 रन है। ऐसे में दोनों टीमों के गेंदबाजों के सामने रनों पर अंकुश लगाने की चुनौती होगी।

कब और कहां देखें भारत-वेस्टइंडीज का मुकाबला?

भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा वनडे मुकाबला बुधवार को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर दो बजे शुरू होगा और टॉस 1:30 बजे होगा।

मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, दर्शक जियोहॉटस्टार पर मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकेंगे। इसके अलावा मैच का प्रसारण दूरदर्शन के डीडी स्पोर्ट्स पर भी किया जाएगा।

भारत और वेस्टइंडीज की संभावित टीम

भारतीय टीम: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, रवींद्र जडेजा, नितीश कुमार रेड्डी, गुरनूर बरार, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, यशस्वी जायसवाल, आकिब नबी और ध्रुव जुरेल।

वेस्टइंडीज टीम: जॉन कैंपबेल, जस्टिन ग्रीव्स, कीसी कार्टी, शाई होप (कप्तान एवं विकेटकीपर), अमीर जांगू, ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोती, अल्जारी जोसेफ, जेडन सील्स, कीमो पॉल, शेरफेन रदरफोर्ड, शामार जोसेफ और विटेल लॉज।


घर के बाहर खड़े व्यक्ति को बनाया निशाना, चेन झपटकर फरार हुए बाइक सवार युवक-युवती

पटना – दीघा थाना क्षेत्र के कुर्जी इलाके में बुधवार सुबह चेन स्नैचिंग की वारदात सामने आई। घर के बाहर खड़े एक व्यक्ति के गले से बाइक सवार युवक-युवती चेन झपटकर फरार हो गए। पीड़ित ने चेन की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई है।

घटना सुबह करीब आठ बजे की बताई जा रही है। बताया गया कि पीड़ित अपने घर के बाहर खड़े थे, तभी बाइक पर सवार युवक और युवती वहां पहुंचे। मौका मिलते ही दोनों ने उनके गले से चेन झपटी और बाइक से फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में हलचल मच गई।

सूचना मिलने पर दीघा थानाध्यक्ष अवनीश कुमार मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार दोनों आरोपितों की पहचान की जा सके।

वहीं, थानाध्यक्ष ने पिस्टल दिखाकर चेन छीनने की बात से इनकार किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और पीड़ित के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कंकड़बाग पुलिस ने चेन स्नैचिंग से जुड़े बंटी-बबली समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया था। हालांकि, कुर्जी में हुई ताजा वारदात में गिरफ्तार किए गए इस गिरोह की संलिप्तता की पुलिस ने फिलहाल पुष्टि नहीं की है।


देहरादून में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार

143 पाउच और पव्वे बरामद

देहरादून। राजधानी देहरादून में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत कार्रवाई की। आबकारी विभाग की टीम ने बालावाला और नेहरूग्राम क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से देशी और अंग्रेजी शराब के कुल 143 पाउच और पव्वे बरामद किए गए।

आबकारी आयुक्त और संयुक्त आबकारी आयुक्त गढ़वाल मंडल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट और आबकारी निरीक्षक जयवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने पहली कार्रवाई बालावाला क्षेत्र में की। यहां एक दुकान पर छापेमारी के दौरान तलाशी लेने पर 56 पाउच माल्टा देशी शराब और अंग्रेजी शराब के 20 पव्वे बरामद हुए। टीम ने मौके से अवैध शराब बेचने के आरोप में राजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के फतेहपुर कला का निवासी है और वर्तमान में बालावाला के कंट्रोल चौक स्थित सुशील नेगी के यहां रह रहा था।

इसके बाद आबकारी विभाग की टीम ने नेहरूग्राम स्थित दुर्गा बेकरी के समीप नलकूप की पानी की टंकी पर छापा मारा। तलाशी के दौरान यहां से 67 पव्वे माल्टा टेट्रा पैक देशी शराब बरामद हुई। टीम ने मौके से शराब बेचने के आरोप में सागर कटारिया को गिरफ्तार किया। आरोपी उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र के पुसार गांव का निवासी है और वर्तमान में नेहरूग्राम की अपर गढ़वाली कॉलोनी में रह रहा था।

आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। सागर कटारिया के खिलाफ धारा 60 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। विभाग ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।


उत्तराखंड में सोलर बिजली महंगी करने की मांग खारिज, आयोग ने बरकरार रखा 19% सीयूएफ

यूपीसीएल और उरेडा ने जताई आपत्ति

देहरादून। उत्तराखंड में सोलर बिजली की दरें बढ़ाने की मांग को विद्युत नियामक आयोग ने खारिज कर दिया है। पहाड़ी क्षेत्रों में कम धूप और सोलर प्लांट से कम बिजली उत्पादन का हवाला देते हुए आरई पावर जनरेटर्स सोसाइटी ने सोलर बिजली का बेंचमार्क टैरिफ बढ़ाने की मांग की थी। हालांकि, उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग ने मौजूदा नियमों में बदलाव से इनकार करते हुए 19 प्रतिशत क्षमता उपयोग कारक (सीयूएफ) का मानक बरकरार रखा है।

पहाड़ी क्षेत्रों में कम उत्पादन का दिया था तर्क

आरई पावर जनरेटर्स सोसाइटी ने उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग में याचिका दायर कर वर्ष 2023 के नवीकरणीय ऊर्जा विनियमों के तहत निर्धारित 19 प्रतिशत सीयूएफ को घटाकर 17 प्रतिशत करने की मांग की थी। संस्था का तर्क था कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियां सौर ऊर्जा उत्पादन के अनुकूल नहीं हैं।

सोसाइटी के मुताबिक, पहाड़ी क्षेत्रों में ऊंचे पर्वतों और पहाड़ियों की वजह से सुबह और शाम के समय सोलर प्लांट तक पर्याप्त धूप नहीं पहुंच पाती। इसके अलावा, पहाड़ी ढलानों पर सोलर पैनलों को दक्षिण दिशा की ओर निर्धारित कोण पर स्थापित करना भी तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण है। इन परिस्थितियों के चलते राज्य में नए मोनोक्रिस्टलाइन सोलर प्लांट का औसत सीयूएफ 15 से 17 प्रतिशत के बीच रह रहा है।

संस्था ने दलील दी कि 19 प्रतिशत सीयूएफ के आधार पर 4.10 रुपये प्रति यूनिट की दर निर्धारित होने से सोलर परियोजनाओं का संचालन आर्थिक रूप से मुश्किल हो रहा है। कम बिजली उत्पादन के कारण परियोजना संचालक अपनी लागत तक नहीं निकाल पा रहे हैं। ऐसे में सीयूएफ का मानक घटाकर 17 प्रतिशत करने और इसके अनुरूप बिजली की दरों में वृद्धि करने की मांग की गई थी।

यूपीसीएल और उरेडा ने जताई आपत्ति

याचिका पर सुनवाई के दौरान उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) और उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) ने सोसाइटी की मांग का विरोध किया। दोनों संस्थाओं ने कहा कि सीयूएफ का मानक कम करने से सोलर बिजली की दरों में बढ़ोतरी होगी। इसका सीधा असर बिजली वितरण कंपनियों पर पड़ेगा और अंततः इसका आर्थिक बोझ आम उपभोक्ताओं को उठाना पड़ सकता है।

यूपीसीएल और उरेडा ने यह भी दलील दी कि आधुनिक तकनीक वाले मोनो-पर्क और बाइफेशियल सोलर पैनल पहले की तुलना में अधिक दक्ष हैं। राज्य में कई सोलर प्लांट कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद 19 प्रतिशत या इससे अधिक सीयूएफ हासिल कर रहे हैं।

यूपीसीएल ने यह भी कहा कि पांच साल की निर्धारित नियंत्रण अवधि के बीच सीयूएफ के मानक में बदलाव करने से नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में नियामक स्थिरता प्रभावित हो सकती है।

आयोग ने नियमों में बदलाव से किया इनकार

मामले की सुनवाई आयोग के अध्यक्ष एमएल प्रसाद, विधि सदस्य अनुराग शर्मा और तकनीकी सदस्य प्रभात किशोर डिमरी की पीठ ने की। सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आयोग ने आरई पावर जनरेटर्स सोसाइटी की याचिका खारिज कर दी।

आयोग ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि किसी विशेष मामले में व्यक्तिगत कठिनाई दूर करने के लिए नियमों में छूट देने का प्रावधान हो सकता है, लेकिन इसका इस्तेमाल पूरे राज्य में लागू सामान्य नियमों को बदलने के लिए नहीं किया जा सकता।

आयोग के अनुसार, सीयूएफ एक सामान्य तकनीकी मानक है। इसमें बदलाव करने के लिए नियामक आयोग को अपनी विधायी शक्तियों के तहत मसौदा अधिसूचना जारी करनी होगी। इसके बाद संबंधित पक्षों से आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

आयोग के इस फैसले के बाद उत्तराखंड में सोलर बिजली के लिए 19 प्रतिशत सीयूएफ का मौजूदा मानक बरकरार रहेगा। साथ ही, सोसाइटी की मांग के आधार पर फिलहाल सोलर बिजली की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी।

 


दिल्ली में INDIA गठबंधन की बैठक से पहले विपक्षी नेताओं के खिलाफ होर्डिंग, SIR पर रणनीति को लेकर मंथन

नई दिल्ली – नई दिल्ली में बुधवार को होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक से पहले मध्य दिल्ली में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाते हुए कई होर्डिंग लगाए गए हैं। इन होर्डिंग पर विपक्षी नेताओं को लेकर संदेश लिखे गए हैं। हालांकि, इन्हें किस संगठन या व्यक्ति ने लगाया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

INDIA गठबंधन की बैठक का प्रमुख मुद्दा चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर चल रहा विवाद है। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर अपनी आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे। बैठक नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने की जानकारी सामने आई है।

बैठक में विपक्षी दल SIR प्रक्रिया, मतदाता सूचियों से जुड़े मुद्दों और चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर संयुक्त रणनीति पर विचार कर सकते हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, विपक्ष की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ संसद में एक और हटाने संबंधी प्रस्ताव लाने की तैयारी पर भी चर्चा हो सकती है।

इस बीच चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर राजनीतिक विवाद भी जारी है। SIR से जुड़े कुछ फैसलों पर चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों की रिपोर्ट सामने आने के बाद आयोग ने कहा है कि संस्थागत विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग राय और टिप्पणियां सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं तथा उसके आदेश कानूनी प्रक्रिया के तहत लिए जाते हैं।

बैठक में कांग्रेस की ओर से मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी समेत कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी, आरजेडी के तेजस्वी यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला, पीडीपी की महबूबा मुफ्ती और एनसीपी (एसपी) की सुप्रिया सुले समेत अन्य विपक्षी नेताओं की भागीदारी भी प्रस्तावित है। कुछ दलों के प्रतिनिधियों के वर्चुअल माध्यम से जुड़ने की संभावना बताई गई है।

कांग्रेस कार्य समिति ने SIR को रोकने और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर कई मांगें उठाई हैं। वहीं, INDIA गठबंधन की बैठक में आगे के राजनीतिक और संसदीय कदमों के साथ संयुक्त विरोध कार्यक्रमों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

बैठक से ठीक पहले दिल्ली में लगाए गए होर्डिंग के कारण राजनीतिक हलचल और बढ़ गई है। फिलहाल इनके पीछे किसी राजनीतिक दल या संगठन की आधिकारिक भूमिका की पुष्टि नहीं हुई है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp