Wednesday, September 30th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मोगा में एक किलो हेरोइन के साथ चार गिरफ्तार, ट्रैक्टर के स्पीकर बॉक्स में छिपाई थी खेप

Monthly Archives: September 2026

मोगा में एक किलो हेरोइन के साथ चार गिरफ्तार, ट्रैक्टर के स्पीकर बॉक्स में छिपाई थी खेप

मोगा। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोगा पुलिस ने एक किलो हेरोइन बरामद कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सीआईए स्टाफ की टीम ने पहले तीन आरोपितों को नई दाना मंडी से ट्रैक्टर समेत पकड़ा। तलाशी के दौरान ट्रैक्टर की छतरी पर लगे स्पीकर बॉक्स में छिपाकर रखी गई हेरोइन बरामद हुई। मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने चौथे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है।

एसएसपी मोगा सरताज सिंह चहल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मानसा जिले के धलेवा गांव निवासी हरपाल सिंह उर्फ बब्बू अपने पिता जरनैल सिंह, बलराम कुमार उर्फ बब्बलू और हीरा लाल उर्फ हीरा के जरिए अलग-अलग जिलों में हेरोइन की सप्लाई करवा रहा है। सूचना के अनुसार तीन आरोपित हेरोइन की खेप लेकर मोगा पहुंचे थे और नई दाना मंडी में किसी व्यक्ति को इसकी सप्लाई देने का इंतजार कर रहे थे।

सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ की टीम ने नई दाना मंडी में कार्रवाई करते हुए जरनैल सिंह, बलराम कुमार उर्फ बब्बलू और हीरा लाल उर्फ हीरा को स्वराज 855 ट्रैक्टर नंबर PB-31-Z-310 सहित काबू कर लिया। ट्रैक्टर की तलाशी लेने पर उसकी छतरी में लगे स्पीकर बॉक्स से पारदर्शी मोमी लिफाफे में रखी एक किलो हेरोइन मिली।

पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ थाना सिटी मोगा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान सामने आए तथाकथित बैकवर्ड लिंक के आधार पर पुलिस ने हरपाल सिंह उर्फ बब्बू को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, हरपाल सिंह उर्फ बब्बू के खिलाफ पहले भी नशे से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपितों में हीरा लाल उर्फ हीरा की उम्र करीब 20 वर्ष और हरपाल सिंह उर्फ बब्बू की उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है।

चारों आरोपितों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब हेरोइन की खेप के स्रोत और इसकी संभावित सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान नशा तस्करी के नेटवर्क को लेकर और जानकारी सामने आ सकती है।


10 लाख की रंगदारी मांगने के आरोप में ग्राम प्रधान गिरफ्तार, मारपीट और फायरिंग की भी प्राथमिकी

बरेली। कैंट क्षेत्र के मोहनपुर गांव के ग्राम प्रधान जाकिर हुसैन को पुलिस ने 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ रंगदारी मांगने, मारपीट, धमकी देने और तमंचे से फायर करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, मोहनपुर निवासी वाजिद हुसैन ने एसएसपी से शिकायत कर जाकिर हुसैन, उसके भाई आसिफ हुसैन और आमिर हुसैन पर पैतृक संपत्ति, खेती, जिम और आइस फैक्ट्री पर कब्जा करने का आरोप लगाया था। शिकायत में तीनों पर घर में रहने के एवज में 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का भी आरोप लगाया गया।

वाजिद के मुताबिक, 22 अगस्त को आसिफ ने फोन कर उसे बुलाया था। वहां जाकिर तमंचा लेकर मौजूद था। आरोप है कि जाकिर ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा तमंचे से फायर किया, हालांकि गोली उसे नहीं लगी। इसके बाद 10 लाख रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया।

शिकायत के मुताबिक, 27 अगस्त को जाकिर, आसिफ और आमिर लाठी-डंडे व तमंचे लेकर पहुंचे और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान जाकिर ने वाजिद की पत्नी असमा के कान पर घूंसा मार दिया, जिससे वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई।

पुलिस ने मंगलवार रात जाकिर हुसैन को हिरासत में लिया। बुधवार को उसका जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।


योजनाओं की प्रगति के साथ आमजन को मिल रहे लाभ का भी करें आंकलन- मुख्य सचिव

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने 25 बिंदु कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में 25 बिंदु कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति के साथ उनके धरातल पर असर और आमजन को मिल रहे लाभ का भी आंकलन करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि पिरूल कलेक्षन से लाभार्भियों को अब तक कितनी मॉनेटाइजेशन हुई है और कितने लोगों को इसका लाभ मिला है, इसका पूरा आंकड़ा तैयार किया जाए। साथ ही इससे लोगों की आय में कितना इजाफा हुआ, इसका भी आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी योजना की सफलता केवल उसके तहत किए गए कार्यों से नहीं, बल्कि उससे लोगों को मिल रहे वास्तविक लाभ से तय होनी चाहिए। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन और सेग्रिगेशन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कचरे के संग्रहण से लेकर उसके पृथक्करण और निस्तारण तक पूरी व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए।

मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों एवं सचिव पेयजल को एसटीपी से सम्बन्धित कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की क्षमता के अनुरूप एसटीपी का पूरा उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी एसटीपी की रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए प्रभावी एवं केन्द्रीयकृत व्यवस्था तैयार की जाए। इससे एसटीपी के संचालन और निर्धारित मानकों के अनुपालन पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।

मुख्य सचिव ने उत्तराखण्ड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को बड़े कमर्शियल संस्थानों और ग्रुप हाउसिंग में उनके स्वयं के एसटीपी की व्यवस्था को गंभीरता से लागू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्बन्धित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए और मानकों की नियमित जांच की जाए। उन्होंने अतिक्रमण हटाने के साथ ही अतिक्रमण हटाने के बाद उन क्षेत्रों पर दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए जिलास्तर पर नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने जनपदों में पार्किंग विकसित करने से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान लंबित योजनाओं में तेजी लाने और आ रही बाधाओं का समयबद्ध समाधान करने को कहा।

मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि 25 पॉइंट कार्यक्रम की नियमित और मासिक समीक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समीक्षा में केवल आंकड़ों की प्रगति देखने के बजाय योजनाओं की जमीनी स्थिति, लाभार्थियों को मिल रहे लाभ और सामने आ रही समस्याओं पर भी ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन बिंदुओं पर प्रगति अपेक्षित स्तर पर नहीं है, वहां कारणों की पहचान कर समयबद्ध तरीके से सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, डॉ. आर. राजेश कुमार, विनोद कुमार सुमन, युगल किशोर पंत, धीराज सिंह गर्ब्याल, अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी, मनुज गोयल, रोहित मीणा, नवनीत पाण्डेय, सम्बन्धित विभागों के सचिव, अपर सचिव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


युवाओं में तेजी से बढ़ रहा हाई ब्लड प्रेशर का खतरा, ये शुरुआती लक्षण दिखें तो हो जाएं सावधान

आजकल बदलती जीवनशैली और खानपान की आदतों का असर लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। हाई ब्लड प्रेशर यानी उच्च रक्तचाप भी अब केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रह गया है। कम उम्र के युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। लंबे समय तक तनाव में रहना, पर्याप्त नींद न लेना, शारीरिक गतिविधियों की कमी और असंतुलित खानपान इसके प्रमुख कारण हो सकते हैं।

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि हाई ब्लड प्रेशर के शुरुआती दौर में अक्सर कोई खास लक्षण दिखाई नहीं देते। ऐसे में कई लोगों को लंबे समय तक इस समस्या का पता ही नहीं चलता। समय पर इसकी पहचान न होने पर हृदय और किडनी से जुड़ी गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में युवाओं के लिए इसके कारणों, संभावित लक्षणों और बचाव के उपायों को समझना बेहद जरूरी है।

युवाओं में हाई ब्लड प्रेशर बढ़ने के क्या हैं कारण?

1. लगातार तनाव में रहना: पढ़ाई, नौकरी और निजी जीवन से जुड़ी परेशानियां युवाओं में मानसिक तनाव बढ़ा सकती हैं। लंबे समय तक तनाव में रहने से ब्लड प्रेशर बढ़ने का जोखिम हो सकता है। तनाव के कारण लोग कई बार अस्वस्थ खानपान और अन्य खराब आदतें भी अपना लेते हैं।

2. पर्याप्त नींद न लेना: देर रात तक जागना और नियमित रूप से कम नींद लेना भी हाई ब्लड प्रेशर के जोखिम को बढ़ा सकता है। शरीर को पर्याप्त आराम न मिलने से स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

3. शारीरिक गतिविधियों की कमी: आजकल ज्यादातर युवा लंबे समय तक मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के सामने बैठे रहते हैं। शारीरिक मेहनत और व्यायाम की कमी से वजन बढ़ सकता है, जिससे हाई ब्लड प्रेशर का खतरा भी बढ़ जाता है।

4. अधिक नमक का सेवन: खाने में जरूरत से ज्यादा नमक का इस्तेमाल और चिप्स, पैकेटबंद स्नैक्स जैसे अधिक सोडियम वाले खाद्य पदार्थों का सेवन ब्लड प्रेशर बढ़ने की वजह बन सकता है।

5. मोटापा और बढ़ता वजन: शरीर में अतिरिक्त चर्बी जमा होने से हृदय को रक्त पंप करने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है। इससे उच्च रक्तचाप का खतरा बढ़ सकता है।

6. धूम्रपान और शराब का सेवन: सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचा सकते हैं। वहीं, अधिक मात्रा में शराब पीने से भी ब्लड प्रेशर बढ़ने की आशंका रहती है।

7. आनुवंशिक कारण: यदि परिवार में माता-पिता या अन्य करीबी सदस्यों को हाई ब्लड प्रेशर की समस्या रही है, तो युवाओं में भी इसका खतरा अधिक हो सकता है।

8. अन्य बीमारियां और दवाएं: किडनी से जुड़ी बीमारियां, हार्मोन संबंधी समस्याएं और कुछ दवाओं के सेवन से भी ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है।

हाई ब्लड प्रेशर के शुरुआती लक्षणों को न करें नजरअंदाज

हाई ब्लड प्रेशर को साइलेंट किलर भी कहा जाता है, क्योंकि अधिकतर मामलों में शुरुआत में इसके कोई स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाई देते। यही वजह है कि नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की जांच कराना जरूरी है। हालांकि, कुछ लोगों को निम्नलिखित परेशानियां हो सकती हैं।

बार-बार सिरदर्द होना।
चक्कर आना या सिर हल्का महसूस होना।
आंखों से धुंधला दिखाई देना।
बिना किसी स्पष्ट कारण के थकान महसूस होना।
कभी-कभी नाक से खून आना।
सांस लेने में परेशानी होना।

ध्यान रहे कि ये लक्षण केवल हाई ब्लड प्रेशर के कारण ही नहीं होते। इनकी दूसरी वजहें भी हो सकती हैं। इसलिए केवल लक्षणों के आधार पर हाई बीपी की पुष्टि नहीं की जा सकती।

यदि ब्लड प्रेशर बहुत अधिक हो और इसके साथ सीने में दर्द, सांस लेने में गंभीर परेशानी, शरीर के किसी हिस्से में अचानक कमजोरी या सुन्नपन, बोलने में दिक्कत अथवा अचानक नजर कमजोर होने जैसी समस्या हो, तो तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।

युवाओं को हाई बीपी से बचने के लिए क्या करना चाहिए?

हाई ब्लड प्रेशर के खतरे को कम करने के लिए युवाओं को अपनी दिनचर्या में कुछ जरूरी बदलाव करने चाहिए।

नियमित व्यायाम करें: रोजाना पैदल चलना, साइकिल चलाना या अन्य शारीरिक गतिविधियां करना फायदेमंद हो सकता है।
नमक का सेवन सीमित रखें: भोजन में अतिरिक्त नमक डालने से बचें और अधिक नमक वाले पैकेटबंद खाद्य पदार्थों का सेवन कम करें।
पर्याप्त नींद लें: हर दिन पर्याप्त और नियमित नींद लेने की आदत डालें।
तनाव को नियंत्रित करें: योग, ध्यान और अपनी पसंद की गतिविधियों के लिए समय निकालें।
वजन संतुलित रखें: संतुलित आहार और नियमित व्यायाम के जरिए स्वस्थ वजन बनाए रखने की कोशिश करें।
धूम्रपान से बचें: तंबाकू का सेवन छोड़ना हृदय और रक्त वाहिकाओं के स्वास्थ्य के लिए जरूरी है।
नियमित जांच कराएं: समय-समय पर ब्लड प्रेशर की जांच कराते रहें, भले ही किसी तरह की परेशानी महसूस न हो।

यदि बार-बार जांच में ब्लड प्रेशर सामान्य से अधिक आता है, तो डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए। चिकित्सक की सलाह के बिना दवाएं शुरू या बंद नहीं करनी चाहिए।

नोट: यह लेख स्वास्थ्य संबंधी सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। हाई ब्लड प्रेशर के लक्षण, जांच और उपचार के लिए डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।


सिंभावली हत्याकांड में फरार चल रहा मृतक का छोटा भाई गिरफ्तार

हापुड़। सिंभावली थाना क्षेत्र के अकबरपुर बुकलाना गांव में करीब दो माह पहले हुई भीम सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे उसके छोटे भाई सुभाष को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बुधवार को आरोपी को नवादा फाटक के पास से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीओ राहुल यादव के मुताबिक, अकबरपुर बुकलाना निवासी परविंदर नागर ने 23 जुलाई को घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, नेमपाल शराब के नशे में भीम सिंह के घर पहुंचा था और वहां गाली-गलौज के बाद मारपीट हुई थी।

बताया गया कि अगले दिन सुबह नेमपाल दोबारा ब्रह्मपाल, ओमपाल, सतेंद्र, सुभाष, धनपुरा निवासी प्रिंस, पप्पू समेत अन्य लोगों के साथ भीम सिंह के घर पहुंचा। आरोप है कि सभी लोग तमंचे, लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर घर में घुसे और फायरिंग करते हुए परिवार पर हमला कर दिया।

हमले में भीम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी बाद में मौत हो गई। घटना के बाद से पुलिस मामले में फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस ने हत्याकांड में वांछित सुभाष को नवादा फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया।


जालंधर में अमित शाह का ऐलान, भाजपा सरकार बनी तो 2029 तक पंजाब को नशा मुक्त करने का लक्ष्य

जालंधर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज जालंधर के परागपुर में आयोजित ‘नशा मुक्त महारैली’ को संबोधित करते हुए एक बड़ा राजनीतिक एलान किया। शाह ने मंच से वादा किया कि यदि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनती है, तो 31 दिसंबर 2029 से पहले पूरे राज्य को पूरी तरह से नशा मुक्त और ‘चिट्टा मुक्त’ बना दिया जाएगा।

जनसभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने राज्य की वर्तमान आम आदमी पार्टी सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में चिट्टे (नशे) का व्यापार खुलेआम चल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी चुनाव में भले ही किसानों, उद्योग, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा जैसे कई अहम मुद्दे हों, लेकिन भाजपा का मुख्य एजेंडा केवल और केवल ‘नशा मुक्त पंजाब’ रहेगा। शाह ने राज्य के युवाओं और माताओं से भाजपा का समर्थन करने की अपील की।

 पंजाब के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए अमित शाह ने कहा कि पंजाब देश में दो प्रमुख बातों के लिए जाना जाता है— पहला, देश का अन्न भंडार भरने वाले यहां के मेहनती किसान, और दूसरा, देश की सीमाओं की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले पंजाब के वीर जवान। उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन से लेकर सीमाओं की सुरक्षा तक, पंजाबियों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

 विपक्षी दलों के बयानों का जवाब देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा अपने वादों को पूरा करने के लिए जानी जाती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद, देश से नक्सलवाद और उत्तर-पूर्व (नॉर्थ ईस्ट) से उग्रवाद को समाप्त किया गया है, ठीक उसी तरह अब पंजाब को भी नशे की जाल से पूरी तरह आजाद कराया जाएगा।


नारनौल में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, दो कारतूस भी बरामद

नारनौल। नांगल चौधरी थाना पुलिस ने अपराध रोकथाम अभियान के दौरान एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कट्टा और दो कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान बामनवास की मीणा की ढाणी निवासी संजय मीणा के रूप में हुई है।

डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण के अनुसार, 29 सितंबर को नांगल चौधरी थाना पुलिस की टीम राव तुलाराम चौक पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संजय मीणा अवैध हथियार और कारतूस लेकर मीणा की ढाणी की एक गली में मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखकर युवक वहां से दूसरी गली की ओर मुड़ गया। इसी दौरान उसने अपनी जेब से एक वस्तु निकालकर पास में फेंक दी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को मौके पर ही पकड़ लिया।

तलाशी और मौके पर जांच के दौरान पुलिस ने फेंकी गई वस्तु को बरामद किया, जिसमें एक कट्टा और दो कारतूस मिले। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


खेत के रास्ते को लेकर विवाद में दो की हत्या, पांच दोषियों को उम्रकैद

लातूर। महाराष्ट्र के लातूर जिले में खेत तक जाने वाले रास्ते को लेकर हुए विवाद के दौरान दो लोगों की हत्या और चार अन्य पर जानलेवा हमला करने के मामले में अदालत ने पांच आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। नीलंगा के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एस.बी. पवार ने 29 सितंबर को मामले में फैसला सुनाया।

अभियोजन पक्ष के मुताबिक, 3 अक्टूबर 2019 को शिरूर अनंतपाल थाना क्षेत्र के डांगेवाड़ी में सुभाष दयानंद सुडे, दयानंद नामदेव सुडे और अन्य लोग अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में सुभाष सुडे और दयानंद सुडे की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए थे।

घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 307, 148, 147, 143, 149 और 504 के तहत मामला दर्ज किया। मामले की जांच तत्कालीन पुलिस निरीक्षक परमेश्वर बदाम ने की थी। जांच के दौरान पुलिस ने चश्मदीद और घायल गवाहों के बयान, मेडिकल साक्ष्य तथा जब्ती से जुड़े दस्तावेज जुटाने के बाद आरोपपत्र दाखिल किया।

मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने कुल 14 गवाह पेश किए। अदालत ने मेडिकल अधिकारी, प्रत्यक्षदर्शियों, घायल गवाहों और जब्ती के पंच गवाहों के बयानों को महत्वपूर्ण साक्ष्य माना। इसके आधार पर अदालत ने पांच आरोपियों को दोषी ठहराया।

दोषियों की पहचान ज्ञानोबा अंगद ओनामे, जगन्नाथ विश्वंभर ओनामे, राजकुमार विश्वंभर ओनामे, राम बाबूराव ओनामे और भागवत बाबूराव ओनामे के रूप में हुई है। सभी डांगेवाड़ी, शिरूर अनंतपाल तालुका के निवासी हैं।

अदालत ने आईपीसी की धारा 149 के साथ धारा 302 के तहत प्रत्येक दोषी को उम्रकैद और 5,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना जमा नहीं करने पर छह महीने की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। वहीं, धारा 307 के साथ धारा 149 के तहत पांच साल की सजा और 3,000 रुपये जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना नहीं देने पर तीन महीने की अतिरिक्त जेल होगी।

इसके अलावा धारा 148 के तहत तीन साल, धारा 147 के तहत दो साल और धारा 143 के तहत छह महीने की सजा सुनाई गई। अदालत ने सभी सजाओं को एक साथ चलाने का आदेश दिया। अभियोजन पक्ष की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक कपिल पंढरीकर ने पैरवी की।


सरकारी ट्यूबवेलों से केबल चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने सरकारी ट्यूबवेलों से बिजली की केबल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई केबल, उससे निकाला गया तांबा, केबल कटर और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

मामले में 28 सितंबर 2026 को उत्तराखंड जल संस्थान, सरस्वती विहार के सहायक अभियंता नीरज कुमार शर्मा ने नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने गणेश विहार कब्रिस्तान, अजबपुर और विष्णु विहार हरिद्वार बाइपास स्थित सरकारी ट्यूबवेलों से अज्ञात चोरों द्वारा केबल चोरी किए जाने और इसके चलते पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की जानकारी दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 402/2026 दर्ज कर धारा 303(2), 317(2) और 3(5) बीएनएस के तहत जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संदिग्धों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और इस तरह की पूर्व घटनाओं में सामने आए आरोपियों का सत्यापन भी किया गया।

पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल तीन आरोपी चोरी का सामान बेचने की फिराक में अजबपुर फ्लाईओवर के पास ई-रिक्शा में बैठे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई बिजली की केबल, केबल से निकाला गया तांबा और दो केबल कटर बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने गणेश विहार, विष्णु विहार, मोथोरोवाला, पटेल नगर और रायपुर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से बिजली की केबल चोरी की। चोरी की केबल से तांबा निकालकर उसे अलग-अलग इलाकों में कबाड़ियों को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बेचने और उससे मिले पैसों से नशे की जरूरत पूरी करने की बात आरोपियों ने बताई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित सिंह (26), निवासी नगर निगम कॉलोनी, ब्रह्मपुरी, देहरादून; विक्रम साहनी (22), निवासी नगर निगम कॉलोनी, ब्रह्मपुरी, देहरादून और अजय साहनी (22), निवासी ग्राम अरई नायटोला, जिला दरभंगा, बिहार, हाल निवासी नगर निगम कॉलोनी, ब्रह्मपुरी, देहरादून के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग घटनाओं में चोरी की गई करीब 4.300 किलोग्राम कटी हुई केबल, केबल से निकाला गया तांबा, दो केबल कटर, वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा संख्या UK-07-TE-9387 और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।


टॉपर छात्र-छात्राओं को सरकार देगी लैपटॉप, डिग्री कॉलेज में प्रवेश पर मिलेंगे 51 हजार

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “आंगन का मिलन” बनेगा सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनसहभागिता का व्यापक अभियान – डॉ. धन सिंह रावत

छात्र संघ चुनावों में पहली बार बेटियों को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व

देहरादून। प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को प्राथमिक विद्यालय तल्ली, हल्द्वानी में “सेवा संकल्प” अभियान के अंतर्गत आयोजित “आंगन का मिलन” कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम में भाजपा महिला युवा मोर्चा अध्यक्ष कंचन भट्ट द्वारा शिक्षा मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की शिक्षा और पोषण का केंद्र न रहें, बल्कि माताओं, बच्चों और परिवारों के लिए जागरूकता एवं संवाद का सशक्त मंच बनें। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर तक चलने वाला यह महाभियान सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनसहभागिता का व्यापक अभियान बनेगा।डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक टॉपर छात्र-छात्रा, चाहे वह लड़की हो या लड़का, को सरकार की ओर से लैपटॉप प्रदान किया जाएगा। साथ ही इंटरमीडिएट के बाद डिग्री कॉलेज में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को 51 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पहली बार छात्र संघ चुनावों में बेटियों को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम का गंभीरता से क्रियान्वयन करते हुए इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, फोटो-वीडियोग्राफी कर विभागीय वेबसाइट पर अपलोड की जाए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्तियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाए।कार्यक्रम के दौरान गौरा देवी कन्या धन योजना के अंतर्गत 2 लाभार्थियों को 51-51 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। गोद भराई कार्यक्रम के अंतर्गत 4 लाभार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत करते हुए फल वितरित किए गए तथा 4 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गई।

शिक्षा मंत्री ने प्राथमिक विद्यालय तल्ली हल्द्वानी को शीघ्र ही एक अतिरिक्त कक्ष स्वीकृत करने की घोषणा भी की।

इस अवसर पर निदेशक डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक निश्चल पांडे, भाजपा महिला युवा मोर्चा अध्यक्ष कंचन भट्ट, मंडल अध्यक्ष युगल शर्मा, पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष मनोज शाह दिनेश खुल्बे,बाल विकास परियोजना अधिकारी किरन जोशी जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी पुष्कर लाल टम्टा खण्ड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह, प्रधानाचार्य प्राथमिक विद्यालय मीनाआर्य डॉ. रिचा शुक्ला, डॉ. कृष्ण मुरारी गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट सुपरवाइजर पूनम गोस्वामी सहित विभागीय अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां, आशा कार्यकर्तियां, छात्र-छात्राएं एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp