Monday, September 21st, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

एशियन गेम्स 2026- भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया

Monthly Archives: September 2026

एशियन गेम्स 2026- भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया

क्वार्टर फाइनल में पहुंची भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम

नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में 3-0 से जीत हासिल की। भारत की ओर से सुतीर्था मुखर्जी, सिंड्रेला दास और श्रीजा अकुला ने अपने-अपने मुकाबलों में दमदार खेल दिखाया और टीम को सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया। तीनों भारतीय खिलाड़ियों ने अपने मुकाबले सीधे गेम में जीतकर पाकिस्तान को कोई मौका नहीं दिया।

सुतीर्था मुखर्जी ने दिलाई भारत को बढ़त

मुकाबले की शुरुआत सुतीर्था मुखर्जी और पाकिस्तान की अलीना खान के बीच मैच से हुई। सुतीर्था ने पहले ही गेम से आक्रामक रणनीति अपनाई और लगातार अंक हासिल करते हुए 11-3 से जीत दर्ज की। दूसरे गेम में भी भारतीय खिलाड़ी का दबदबा कायम रहा और उन्होंने 11-3 से बाजी मारी। तीसरे गेम में सुतीर्था ने 11-4 से जीत हासिल करते हुए भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।

सिंड्रेला दास ने स्कोर किया 2-0

दूसरे मुकाबले में सिंड्रेला दास के सामने पाकिस्तान की कुलसूम खान थीं। सिंड्रेला ने शुरुआत से ही तेज और आक्रामक खेल के जरिए विपक्षी खिलाड़ी पर दबाव बनाए रखा। उन्होंने पहला गेम 11-6 से अपने नाम किया। इसके बाद दूसरे गेम में 11-7 और तीसरे गेम में 11-5 से जीत दर्ज की। सिंड्रेला की शानदार जीत के साथ भारत ने मुकाबले में 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली।

श्रीजा अकुला ने दिलाई निर्णायक जीत

तीसरे मैच में भारत की श्रीजा अकुला का सामना पाकिस्तान की फातिमा खान से हुआ। श्रीजा ने मैच की शुरुआत से ही अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी। उन्होंने पहला गेम 11-4 और दूसरा गेम भी 11-4 से जीत लिया। तीसरे गेम में श्रीजा ने 11-5 से जीत दर्ज कर भारत की 3-0 से जीत पर मुहर लगा दी। इस जीत के साथ भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।

दूसरे दिन भारत की झोली में आए थे दो रजत पदक

एशियन गेम्स 2026 के दूसरे दिन भी भारत ने पदक तालिका में दो रजत पदक जोड़े थे। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारतीय टीम ने रजत पदक हासिल किया था। इसके बाद महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में इलावेनिल वलारिवान ने भी रजत पदक अपने नाम किया था।


मिशन-2027: पश्चिमी यूपी में संगठन की तैयारियों को परखेंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन

लखनऊ/मेरठ। उत्तर प्रदेश में मिशन-2027 को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में संगठन को चुनावी तैयारियों के लिए सक्रिय किए जाने के बाद अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पश्चिमी उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे। नवीन 21 और 22 सितंबर को मेरठ और सहारनपुर में रहेंगे।

दो दिवसीय दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष का फोकस केवल वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों तक सीमित नहीं रहेगा। वह शक्ति केंद्र संयोजकों और जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर संगठन की स्थिति, क्षेत्रीय मुद्दों और तैयारियों का फीडबैक लेंगे।

मेरठ में 21 सितंबर को नवीन युवा संवाद और शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा पश्चिमी यूपी के सांसदों और विधायकों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। इस दौरान करीब पांच हजार शक्ति केंद्र संयोजकों से संवाद प्रस्तावित है। इनके माध्यम से बूथ स्तर के संगठन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और क्षेत्रवार परिस्थितियों की जानकारी ली जाएगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा प्रदेश भाजपा में चल रही संगठनात्मक पुनर्संरचना के बीच हो रहा है। पार्टी ने हाल ही में सभी सांगठनिक जिलों के लिए नए प्रभारियों की नियुक्ति की है। ऐसे में नवीन का दौरा नए संगठनात्मक ढांचे की सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दौरे के दूसरे दिन 22 सितंबर को नितिन नवीन सहारनपुर पहुंचेंगे। मां शाकंभरी देवी के दर्शन के बाद वह पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न बैठकों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान पूर्व सांसदों, विधायकों और पूर्व पदाधिकारियों से भी संवाद किया जाएगा।


खेल के प्रति समाज की बदली है सोच, अभिवावक खेलों को लेकर बच्चों को कर रहे प्रोत्साहित- रेखा आर्या

सोमेश्वर में विधानसभा स्तरीय विधायक चैंपियंस ट्रॉफी के शुभारंभ समारोह में पहुंचीं खेल मंत्री रेखा आर्या,उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को किया सम्मानित

खेल मंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर दिया खेल में आगे बढ़ने का संदेश, कहा युवा है देश का भविष्य

सोमेश्वर(अल्मोड़ा)। प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य आज सोमेश्वर स्थित सोमनाथ ग्राउंड पहुंची जहां वह विधायक चैंपियंस ट्रॉफी कार्यक्रम के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुई।

इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम ही नहीं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण कार्य करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

खेल मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है जिसके लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और उनमें खेल के प्रति रुचि भी बढ़ती है।

मंत्री रेखा आर्या ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों, आयोजकों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का एक हिस्सा है ऐसे में हमें इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है बल्कि हमें अपनी दृढ़ इच्छा शक्ति कोमजबूत बनाते हुए आगे बढ़ना चाहिए।उन्होंने युवाओं से खेलों के साथ-साथ शिक्षा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया। यह आयोजन अंडर-14 बालक/बालिका और अंडर-19 बालक /बालिका के मध्य आयोजित होंगे जिसमें विभिन्न खेल सम्मलित है।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता मोहन दौसाद,मंडल अध्यक्ष सुन्दर राणा,विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी ,किसान मोर्चा मण्डल अध्यक्ष दलीप रौतेला , जिला युवा कल्याण अधिकारी डी. एन. कांडपाल ,क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी राजा यादव ,खंड विकास अधिकारी केसर सिंह बिष्ट ,ब्लॉक समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र कोहली ,पूर्व मण्डल महामंत्री केलाश बोरा ,पूर्व कॉपरेटिव अध्यक्ष प्रकाश भण्डारी ,पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपाल मेहरा , युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष शंकर बिष्ट ,मंडल महामंत्री कृष्णा भंडारी , पूर्व प्रदेश युवा मोची अध्यक्ष सुरेश बोरा ,पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कैलाश जोशी सहित विभागीय अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और खिलाडी उपस्थित रहे।


नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें युवा, काशीपुर में बोले सीएम धामी

काशीपुर में सीएम धामी का युवाओं से सीधा संवाद

काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए उनके विचार और सुझाव सुने तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की। कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प देश के सामने रखा है। इस लक्ष्य को पूरा करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के पास नया दृष्टिकोण, अलग तरह से सोचने की क्षमता और कुछ कर गुजरने का जुनून है। विद्यार्थियों से संवाद के दौरान उनके विचारों को जानने का अवसर मिलता है और इससे यह विश्वास मजबूत होता है कि देश का युवा जागरूक और भविष्य की चुनौतियों को समझने वाला है।

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ से मिले युवाओं के सुझाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में सरकार ने युवाओं से ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ को लेकर सुझाव मांगे थे। विद्यार्थियों ने राज्य के विभिन्न विषयों को लेकर उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचारों से उनका विश्वास और मजबूत हुआ है कि उत्तराखंड का भविष्य प्रतिभाशाली और सक्षम युवाओं के हाथों में सुरक्षित है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भले ही छोटा राज्य है, लेकिन यहां के युवाओं के सपने बड़े हैं। आज की पीढ़ी केवल सपने देखने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें पूरा करने का साहस भी रखती है। आने वाले समय में विद्यार्थी वैज्ञानिक, शिक्षक, खिलाड़ी और उद्यमी के रूप में प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

अवसरों के अभाव में पीछे नहीं छूटेगा कोई होनहार

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से उन्हें मुख्य सेवक के रूप में काम करने का अवसर मिला है, उनका संकल्प रहा है कि उत्तराखंड का कोई भी होनहार बेटा या बेटी अवसरों के अभाव में पीछे न छूटे। इसी दिशा में राज्य में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। वर्चुअल क्लासरूम नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है और प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हैं। सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम भी लागू किया गया है।

उन्होंने बताया कि छात्राओं को नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है। विद्यार्थियों को विज्ञान और नई तकनीक से जोड़ने के लिए देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है। इसके अलावा स्टेम लैब, विज्ञान एवं नवाचार गतिविधियों और बाल विज्ञान कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और व्यावहारिक सीख को बढ़ावा दिया जा रहा है।

युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि युवा नौकरी तलाशने के साथ रोजगार देने वाला बनने का भी सपना देखें। इसके लिए स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। युवाओं को बदलती जरूरतों के अनुरूप आधुनिक और मांग आधारित कौशल से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर अवसरों के लिए अपना घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो, इसके लिए प्रदेश में औद्योगिक और रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। खेलों को बढ़ावा देने के लिए विश्वस्तरीय खेल नीतियां और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार किए जा रहे हैं।

विद्यार्थियों के सवालों पर मुख्यमंत्री ने दिए जवाब

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने युवा आयोग, उत्तराखंड के विकास, अग्निवीर योजना, साइबर अपराध, भ्रष्टाचार और कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहित विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने शौर्य, दक्ष, चंद्रा, प्रभजोत, खुशी, सिमरन, कात्यायनी, आरती, वैष्णवी और आद्रिका के प्रश्नों का जवाब देते हुए सरकार की प्राथमिकताओं और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।

छात्र शौर्य के सवाल पर मुख्यमंत्री ने बताया कि युवा आयोग युवाओं की पढ़ाई पूरी होने के बाद उनके लिए रोजगार के अवसर पैदा करने और उन्हें सरकारी सेवाओं से जोड़ने की दिशा में काम करेगा। वहीं छात्र दक्ष के ‘सपनों का उत्तराखंड’ से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा उत्तराखंड बनाने की दिशा में काम कर रही है, जहां युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए पलायन न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा और बेहतर कनेक्टिविटी जैसी आधुनिक सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। किसानों को उनके उत्पादों का स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास भी किया जा रहा है, ताकि उन्हें फसलों का उचित मूल्य मिल सके।

अग्निवीरों के लिए बनेगा अग्निवीर सेल

छात्रा चंद्रा ने अग्निवीर सैनिकों के भविष्य को लेकर सवाल किया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अग्निवीरों के भविष्य को लेकर पूरी तरह सजग है और इसके लिए अग्निवीर सेल का गठन किया जा रहा है।

वहीं छात्रा खुशी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता और तकनीक को लेकर सवाल किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता चुनौती के साथ-साथ एक बड़ा अवसर भी है। आधुनिक तकनीक के दौर में युवाओं को इसके अनुरूप स्वयं को तैयार करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान और प्रौद्योगिकी के नए शोधों से परिचित रहने का आह्वान किया।

भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति

छात्रा प्रभजोत के भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने पारदर्शी, भ्रष्टाचार-मुक्त और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण के संकल्प को दोहराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति काम के बदले रिश्वत मांगता है या अनुचित दबाव बनाता है, तो नागरिक टोल-फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और शिकायतों की विशेष टीमों के माध्यम से जांच की जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां की कार्यप्रणाली पूरी तरह पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार-मुक्त होनी चाहिए।

युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने का संकल्प लेने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार के सपनों को भी नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने दोस्तों और साथियों को भी इससे बचाने के लिए प्रेरित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, सीखने की इच्छा और मेहनत के बल पर मंजिल हासिल की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा के युवा असली कर्णधार हैं। युवाओं की सोच, प्रतिभा और मेहनत ही प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। सरकार युवाओं को अवसर, संसाधन और मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जबकि इन अवसरों को सफलता में बदलने की जिम्मेदारी युवाओं की है।

कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, मनजीत सिंह राजू, सुरेंद्र सिंह नामधारी, मुकेश कुमार, जिलाध्यक्ष मनोजपाल, खिलेंद्र चौधरी, मोहनपाल, गुरविंदर सिंह चंडोक, एसएसपी अजय गणपति समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


“आंगन का मिलन” कार्यक्रम बनेगा सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनसहभागिता का व्यापक अभियान- रेखा आर्या

हल्द्वानी में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री ने ली “आंगन का मिलन” कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर बैठक, कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

हल्द्वानी। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने हल्द्वानी स्थित सर्किट हाउस में “सेवा संकल्प” अभियान के तहत आयोजित होने वाले “आंगन का मिलन” कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जनपद स्तरीय अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री रेखा आर्या ने कार्यक्रम की गंभीरता और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन-जिन विकासखंडों में “आंगन का मिलन” कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, वहां कार्यक्रम की फोटो और वीडियोग्राफी कराई जाए और इसे विभागीय वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाए।

उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर सराहनीय कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही गर्भवती महिलाओं को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने बताया कि प्रदेशभर में “आंगन का मिलन” कार्यक्रम 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनसहभागिता को केंद्र में रखकर व्यापक अभियान के रूप में चलाया जाएगा। नैनीताल जिले में 1,916 आंगनबाड़ी केंद्रों पर 13 दिनों तक विभिन्न विकासखंडों में कार्यक्रम आयोजित होंगे।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों, माताओं और अभिभावकों को पोषण, स्वास्थ्य तथा संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल बच्चों की शिक्षा और पोषण तक सीमित रखने के बजाय माताओं, बच्चों और परिवारों के लिए जागरूकता एवं संवाद का मजबूत मंच बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

रेखा आर्या ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य की नींव मजबूत करना और प्रत्येक परिवार तक पोषण एवं स्वास्थ्य का संदेश पहुंचाना “सेवा संकल्प” अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। 13 दिनों तक चलने वाला यह अभियान बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के साथ-साथ अभिभावकों को जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास साबित होगा।

बैठक में भाजपा महामंत्री रंजन सिंह बर्गली, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कंचन उप्रेती, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष रविंद्र बाली, महिला मोर्चा महामंत्री आभा गोस्वामी, राशि जैन, जिला पंचायत सदस्य यशपाल आर्य, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनु लेखा सहित विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


सार्वजनिक स्थान पर हुडदंग मचाने वालों की दून पुलिस ने उतारी खुमारी, 9 युवक हिरासत में

मसूरी। शहर में सार्वजनिक मार्ग पर हुड़दंग कर यातायात बाधित करने और स्थानीय दुकानदारों व राहगीरों से विवाद करने के मामले में मसूरी पुलिस ने 9 युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, सभी युवक हरियाणा सहित अन्य राज्यों से मसूरी घूमने आए थे।

शनिवार, 19 सितंबर 2026 को कोतवाली मसूरी पुलिस को सूचना मिली कि अंबेडकर चौक के पास कुछ युवक नगर पालिका की ओर से लगाए गए बैरियर के ऊपर चढ़कर और बैठकर बीच सड़क पर वीडियो बना रहे हैं। इस दौरान उनके द्वारा सार्वजनिक मार्ग पर आवागमन बाधित करते हुए हुड़दंग किया जा रहा था।

स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने जब युवकों को ऐसा करने से रोका तो आरोप है कि उन्होंने दुकानदारों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विवाद करने लगे। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस के पहुंचने के समय कुछ युवक स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों के साथ अभद्रता करते हुए लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे। मौके पर शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने हुड़दंग कर रहे 9 युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की है।

हिरासत में लिए गए युवकों का विवरण:

साहिल यादव, पुत्र जीतेन्द्र कुमार, निवासी गणेश नगर, जयपुर, राजस्थान।
अक्षय यादव, पुत्र पवन, निवासी रेवाड़ी, विद्यानगर, उम्र 22 वर्ष।
एकांश शर्मा, पुत्र सचिन शर्मा, निवासी जीरकपुर, जिला मोहाली, पंजाब, उम्र 21 वर्ष।
सात्विक, पुत्र संजीव कुमार, निवासी सिवानी, जिला भिवानी, हरियाणा, उम्र 21 वर्ष।
मोहित सांगवान, पुत्र आनंद सांगवान, निवासी एमसी कॉलोनी, चरखी दादरी, हरियाणा, उम्र 24 वर्ष।
नितिन, पुत्र जय सिंह, निवासी रामपुर, जिला रेवाड़ी, हरियाणा, उम्र 21 वर्ष।
मयंक, पुत्र मुकेश कुमार, निवासी राता कलां, महेंद्रगढ़, हरियाणा, उम्र 20 वर्ष।
अक्षय मुखिया, पुत्र यशवीर, निवासी लाडपुर, जिला झज्जर, हरियाणा, उम्र 23 वर्ष।
हर्ष, पुत्र अनूप कुमार, निवासी सुइयावल, तहसील व जिला भिवानी, हरियाणा, उम्र 22 वर्ष।


शिमला में पिता-पुत्री के अचानक गायब होने से हड़कंप, सड़क किनारे मिली पिकअप

छह दिन से दोनों का सुराग नहीं; पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन, मोबाइल कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में पिता और 18 वर्षीय बेटी के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। सुन्नी के ओगली क्षेत्र से गायब हुए दोनों का छह दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए संभावित इलाकों में सर्च अभियान चलाने के साथ मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी खंगालनी शुरू कर दी है।

परिवार के अनुसार, 12 सितंबर की शाम कुलदीप अपनी बेटी स्नेहा के साथ पिकअप वाहन में कुमारसैन की ओर निकले थे। देर रात करीब डेढ़ बजे कुलदीप ने फोन पर परिजनों को बताया था कि वे पंदोआ पहुंच चुके हैं और कुछ ही देर में घर पहुंच जाएंगे। इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया और दोनों से संपर्क नहीं हो सका।

काफी देर तक पिता-पुत्री के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन के दौरान ओगली गांव के पास उनकी पिकअप सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली। वाहन में दोनों के नहीं होने से परिवार की चिंता और बढ़ गई।

टूटा मिला पिकअप का शीशा

परिजनों के मुताबिक, पिकअप वाहन का कंडक्टर साइड का शीशा टूटा हुआ था। वाहन इस तरह लावारिस मिलने के बाद मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिवार ने आसपास के क्षेत्रों में भी दोनों की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों के संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड के जरिए उनके संपर्क में रहे लोगों और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

परिजनों ने दोनों के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए उनकी जल्द तलाश की मांग की है। परिवार की ओर से शिकायत में अपहरण या अवैध रूप से हिरासत में लिए जाने की आशंका भी व्यक्त की गई है। पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।


​अपराध का स्वरूप भले ही बदला हो, कानून अब और भी सख्त, बेटियां डरें नहीं, आवाज उठाएं- कुसुम कंडवाल

​मोदी-धामी के नेतृत्व में नारी शक्ति बन रही आत्मनिर्भर, डिजिटल सुरक्षा से ही संभव होगा विकसित भारत का संकल्प : कुसुम

​टनकपुर में राष्ट्रीय एवं राज्य महिला आयोग के संयुक्त तत्वावधान में स्टॉकिंग व साइबर स्टॉकिंग रोकथाम पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

​स्मार्टफोन के साथ ‘स्मार्ट बिहेवियर’ भी जरूरी”: महिला आयोग की कार्यशाला में विशेषज्ञों ने सिखाए साइबर सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और कानूनी संरक्षण के गुर

टनकपुर। राष्ट्रीय महिला आयोग के सहयोग से उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग द्वारा आज डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान, टनकपुर जनपद चम्पावत के सभागार में स्टॉकिंग एवं साइबर स्टॉकिंग से रोकथाम सम्बन्धी जागरूकता कार्यशाला विषयक एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन कल्पना आर्य द्वारा किया गया।

​कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यशाला नहीं, बल्कि नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और डिजिटल स्वाभिमान का जनसंकल्प है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकी युग में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हुई है, लेकिन डिजिटल दुनिया में अपराध का स्वरूप भी बदल गया है, पहले पीछा गलियों में होता था, आज मोबाइल की स्क्रीन पर होता है। पहले धमकी आमने-सामने दी जाती थी, आज फर्जी प्रोफाइल से दी जाती है। पहले बदनामी मोहल्ले तक सीमित थी, आज एक क्लिक में पूरी दुनिया तक पहुँच जाती है।

उन्होंने कहा कि अपराध का स्वरूप भले ही बदला हो, कानून अब और भी सख्त है, उन्होंने उपस्थित छात्राओं व मातृशक्ति का आह्वान करते हुए स्पष्ट कहा कि “न्याय का पहला कदम डर नहीं, बल्कि आवाज़ उठाना है।

​कुसुम कंडवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विज़न का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 का मार्ग नारी शक्ति से ही होकर गुजरता है। केंद्र सरकार द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला उद्यमिता, कौशल विकास और डिजिटल सशक्तिकरण के माध्यम से महिलाओं को केवल सहायता ही नहीं, बल्कि नेतृत्व के योग्य बनाया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और प्रशासनिक सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। राज्य में महिलाओं हेतु सरकारी सेवाओं में 30% क्षैतिज आरक्षण, सशक्त बहना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और 3 लाख से अधिक लखपति दीदियों का तैयार होना ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला स्वावलंबन का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिला आयोग हर पीड़ित बेटी और महिला के विश्वास का संबल बनकर उनके साथ हमेशा खड़ा है।

​संस्थान के निदेशक प्रो. हरिद्वारी लाल मंडोरिया ने महिला आयोग का इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तकनीकी युग में जहां डिजिटल प्लेटफॉर्म्स ने जीवन को सरल बनाया है, वहीं साइबर स्टॉकिंग और निजता का हनन एक गंभीर सामाजिक व डिजिटल चुनौती बन चुका है। उन्होंने तकनीकी युवाओं से अपील की कि वे तकनीक का उपयोग ज्ञान व नवाचार के लिए करें, न कि उत्पीड़न के लिए, और किसी भी गलत गतिविधि पर मूकदर्शक न बनकर तुरंत सहयोग करें।

​कार्यक्रम में उपस्थित राज्य मंत्री किरन देवी एवं राज्य मंत्री हेमा जोशी ने अपने संबोधन में महिला आयोग की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र टनकपुर में बेटियों को साइबर सुरक्षा, विधिक अधिकारों और डिजिटल सतर्कता के प्रति जागरूक करने के लिए यह एक अत्यंत प्रभावी, सामयिक और सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं बेटियों के भीतर आत्मविश्वास भरने और समाज में सुरक्षा की संस्कृति को सुदृढ़ करने का कार्य करती हैं।

​तकनीकी एवं मार्गदर्शन सत्रों में आमंत्रित विषय विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विभिन्न आयामों से जागरूक किया। ​साइबर स्टॉकिंग व तकनीकी रोकथाम सत्र में उपस्थित पुलिस उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट ने स्टॉकिंग एवं साइबर स्टॉकिंग के दुष्प्रभावों और तकनीकी रोकथाम पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने फर्जी अकाउंट्स, अनचाही ट्रैकिंग, ऑनलाइन पीछा करने से बचाव, सोशल मीडिया फ्रॉड तथा साइबर सेल व हेल्पलाइन के जरिए त्वरित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।

उप जिला चिकित्सालय, टनकपुर की सर्जन डॉ. प्रभा जोशी ने स्टॉकिंग, साइबर स्टॉकिंग और सोशल मीडिया के अत्यधिक दबाव से उत्पन्न होने वाले मानसिक तनाव, अवसाद व चिंता के प्रभाव पर चिकित्सकीय जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को डिजिटल डिटॉक्स, मानसिक स्वास्थ्य संरक्षण तथा संकट के समय बिना संकोच चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।

​महिला हेल्पलाइन प्रभारी, महिला उपनिरीक्षक सिमरन ने सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारियों, फोटो, लोकेशन व पासवर्ड को सुरक्षित रखने की व्यावहारिक तकनीकें साझा कीं। उन्होंने छात्राओं को प्राइवेसी सेटिंग्स, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और किसी भी तरह के डिजिटल उत्पीड़न पर बिना झिझक पुलिस व महिला हेल्पलाइन से संपर्क साधने का कि जानकारी उपलब्ध करायी।

वन स्टॉप सेण्टर, चम्पावत की केन्द्र प्रशासिका व अधिवक्ता ऋतु सिंह ने पीड़िता को त्वरित शिकायत दर्ज कराने हेतु उपलब्ध विधिक सहायता तंत्र, साइबर अपराध कानूनों और भारतीय न्याय प्रणाली के कानूनी प्रावधानों की संपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर द्वारा महिलाओं को एक ही छत के नीचे मिलने वाली चिकित्सीय, कानूनी, आश्रय व मनोवैज्ञानिक सहायता की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।

​कार्यक्रम का समापन उपाध्यक्ष सायरा बानो द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट भी वितरित की। कार्यशाला में प्रमुख रूप से उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग सदस्य रचना जोशी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजवाल प्रकाश, निजी सचिव आधार वर्मा, रुचि धस्माना, दीपा जोशी, सुनीता मुरारी, बबीता गोस्वामी, तुलसी कुंवर, रीता कुलकोड़िया, सरोज चंद, बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेंद्र बिष्ट एवं मोहन बिष्ट सहित संस्थान के शिक्षकगण, पुलिस-प्रशासन के अधिकारी तथा भारी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।


मोबाईल शॉप मे हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

अभियुक्तो के कब्जे से चोरी के 19 की-पैड व 05 स्मार्ट मोबाइल फोन हुए बरामद

देहरादून। जौलीग्रांट के हिमालयन चौक स्थित मोबाइल दुकान में हुई चोरी का डोईवाला पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 23 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें 18 कीपैड मोबाइल और पांच स्मार्टफोन शामिल हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल वर्ना कार को भी सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को मिस्सरवाला, डोईवाला निवासी गौरव राठौर ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोरों ने रात के समय जौलीग्रांट स्थित उनकी ग्लोबल मोबाइल स्टोर का ताला तोड़कर दुकान में रखे स्मार्ट फोन और जियो व इंटेल कंपनी के कीपैड मोबाइल चोरी कर लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 281/2026 के तहत धारा 305ए/331(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने प्रभारी निरीक्षक डोईवाला को चोरी का जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर पूर्व में नकबजनी और चोरी की घटनाओं में जेल जा चुके आरोपियों की जानकारी जुटाई गई। संदिग्धों का भौतिक सत्यापन करने के साथ ही स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।

इसी दौरान 18 सितंबर को डोईवाला पुलिस ने सौंग नदी पुल के पास हरिद्वार-भानियावाला मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान वर्ना कार संख्या एचआर 71 एफ 6756 को रोका। कार में सवार तीन युवकों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 18 कीपैड मोबाइल और पांच स्मार्टफोन समेत कुल 23 मोबाइल फोन बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने जौलीग्रांट स्थित मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर मोबाइल फोन चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने मौके से तीनों को गिरफ्तार कर लिया और बरामद मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए। वारदात में इस्तेमाल वर्ना कार को भी सीज कर दिया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी मूल रूप से खेलपुर नसरूलापुर, थाना भगवानपुर, हरिद्वार के रहने वाले हैं और वर्तमान में देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सैफुल ग्राफिक एरा के पास फास्ट फूड कैफे चलाता है। आरोपियों ने जौलीग्रांट क्षेत्र में पहले रेकी कर मोबाइल की दुकान को निशाना बनाया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहचान छिपाने और पकड़े जाने से बचने के लिए वारदात के दौरान अपनी वर्ना कार की आगे और पीछे की नंबर प्लेट भी हटा दी थी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी इजहार पहले भी भगवानपुर और गंगनहर रुड़की थाना क्षेत्रों में चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ संबंधित थानों में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी
शैफुल रहमान, पुत्र निसार अहमद, उम्र 22 वर्ष
फरीद, पुत्र मुस्तकीन, उम्र 19 वर्ष
इजहार, पुत्र ईनाम अली, उम्र 19 वर्ष

तीनों निवासी खेलपुर नसरूलापुर, थाना भगवानपुर, हरिद्वार तथा हाल निवासी मोहब्बेवाला, थाना क्लेमेन्टाउन, देहरादून हैं।

बरामदगी
जियो व इंटेल कंपनी के 18 कीपैड मोबाइल फोन
विवो के 2 स्मार्टफोन
टेक्नो का 1 स्मार्टफोन
पोको का 1 स्मार्टफोन
मोटोरोला का 1 स्मार्टफोन
वारदात में इस्तेमाल वर्ना कार संख्या एचआर 71 एफ 6756
बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये
इजहार का आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक इजहार के खिलाफ भगवानपुर और गंगनहर थानों में चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2025 और 2026 के मामले शामिल हैं। जौलीग्रांट चोरी के मामले में भी तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।


हरियाणा की युवती नदी के बहाव क्षेत्र में फंसी, SDRF ने बचाया

नीलकंठ मार्ग पर गरुड़ चट्टी से आगे नदी के बहाव क्षेत्र के पास फंसी थी महिला; रोप रेस्क्यू तकनीक से टीम ने बाहर निकाला

ऋषिकेश। लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र के नीलकंठ मार्ग पर गरुड़ चट्टी से आगे शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला पहाड़ी से नीचे नदी के बहाव क्षेत्र के पास फंस गई। सूचना मिलते ही SDRF ढालवाला की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटनास्थल पर पहुंचने पर SDRF जवानों ने देखा कि महिला पहाड़ी से काफी नीचे नदी के बहाव क्षेत्र के समीप फंसी हुई थी और काफी डरी हुई थी। स्थिति को देखते हुए टीम ने रोप रेस्क्यू तकनीक का इस्तेमाल किया और सुरक्षित तरीके से पहाड़ी से नीचे उतरकर महिला तक पहुंच बनाई।

SDRF कर्मियों ने महिला को ढांढस बंधाया और सुरक्षा उपायों के साथ उसे पहाड़ी से ऊपर लाकर नीलकंठ मार्ग की सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए महिला को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

रेस्क्यू की गई महिला की पहचान विदिशा (24), निवासी हिसार, हरियाणा के रूप में हुई है। SDRF टीम की तत्परता और कुशल रेस्क्यू तकनीक के चलते महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp