Wednesday, September 23rd, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

त्यूणी में टोंस नदी से 46 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद

Monthly Archives: September 2026

त्यूणी में टोंस नदी से 46 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद

SDRF टीम ने शव पुलिस को सौंपा

त्यूणी। उत्तराखंड के त्यूणी क्षेत्र में टोंस नदी से एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। बुधवार, 23 सितंबर 2026 को श्मशान घाट के पास नदी में शव दिखाई देने की सूचना चौकी त्यूणी को मिली। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट त्यूणी की टीम मौके के लिए रवाना हुई।

SDRF टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने टोंस नदी में रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को अग्रिम कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान विनोद लोकता (46 वर्ष), निवासी बलोत, त्यूणी के रूप में हुई है। मामले में पुलिस की ओर से अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।


देहरादून में MDMA तस्करी का खुलासा, दिल्ली के सिद्धू गैंग से जुड़े छह पैडलर गिरफ्तार

देहरादून। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देहरादून पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी दिल्ली के सिद्धू गैंग के पैडलर हैं और देहरादून में एमडीएमए की सप्लाई कर रहे थे। आरोपियों के कब्जे से कुल 44.61 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना राजपुर और एएनटीएफ की संयुक्त टीम नशे की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान 22 सितंबर 2026 की रात अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई।

शहंशाही रिजॉर्ट, ओल्ड मसूरी रोड के पास मुखबिर की सूचना पर एक कार में सवार चार आरोपियों वेदांत चौहान, रचित शर्मा, श्रीकांत ममगाई और चिराग रस्तोगी को पकड़ा गया। इनके पास से 27.12 ग्राम अवैध एमडीएमए बरामद हुई। वहीं, सहस्त्रधारा हेलीपैड के पास से अभिषेक थापा और वैभव ममगाई को 17.49 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ थाना राजपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। आरोपियों के पास से एमडीएमए के अलावा यूके 07 डीई 4167 नंबर की इग्निस कार और 12 पॉलिथीन पैकेट भी बरामद किए गए।

पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि सभी आरोपी देहरादून के अलग-अलग क्षेत्रों में रहते हैं और देहरादून समेत अन्य राज्यों के शिक्षण संस्थानों से तकनीकी कोर्स कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू के लिए काम करते थे और उसके गैंग के पैडलर थे।

पुलिस का कहना है कि सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू दिल्ली का रहने वाला है। वह या उसके एजेंट समय-समय पर देहरादून आकर आरोपियों को एमडीएमए उपलब्ध कराते थे। इसके अलावा आरोपी सिद्धू के कहने पर दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश जाकर भी ड्रग्स लेकर देहरादून आते थे।

आरोपियों पर कॉलेज छात्रों को एमडीएमए ऊंचे दामों पर बेचने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी अच्छे परिवारों से हैं और उच्च शिक्षा हासिल कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, महंगे शौक पूरे करने के लिए वे नशा तस्करी में शामिल हुए थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वेदांत चौहान (21), रचित शर्मा (21), श्रीकांत (22), चिराग रस्तोगी (24), अभिषेक थापा (21) और वैभव ममगाई (21) के रूप में हुई है।

कार्रवाई में थाना राजपुर पुलिस और एएनटीएफ की टीम शामिल रही।


15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त होंगी उत्तराखंड की सड़कें, जिलों में तेज हुआ मरम्मत अभियान

देहरादून। मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई उत्तराखंड की सड़कों को दुरुस्त करने के लिए प्रदेशभर में मरम्मत अभियान तेज कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य तय किया है। इसके बाद मुख्यमंत्री खुद सड़क मार्ग से विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर सकते हैं।

भारी बारिश और भूस्खलन के कारण पर्वतीय और मैदानी इलाकों में कई सड़कें प्रभावित हुई हैं। कहीं गड्ढे बने हैं तो कहीं सड़क के हिस्से क्षतिग्रस्त हुए हैं। अब बारिश का दौर कम होने के साथ ही संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुट गई हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सभी जिलों में क्षतिग्रस्त सड़कों और संपर्क मार्गों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर काम कराया जा रहा है। अधिकारियों को मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पर्वतीय क्षेत्रों में मुख्य मार्गों के साथ ग्रामीण और संपर्क सड़कों की मरम्मत पर भी फोकस किया जा रहा है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में बारिश और जलभराव से खराब हुई सड़कों को ठीक करने का काम चल रहा है। विभागीय टीमें सड़क की स्थिति का आकलन कर जरूरत के अनुसार पैचवर्क से लेकर अधिक क्षतिग्रस्त हिस्सों के पुनर्निर्माण तक का काम कर रही हैं।

सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सड़क मरम्मत केवल गड्ढे भरने तक सीमित नहीं रहेगी। काम निर्धारित मानकों के अनुरूप और टिकाऊ तरीके से कराने पर जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को 15 अक्टूबर तक सड़कें गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि इसके बाद वह सड़क मार्ग से यात्रा कर औचक निरीक्षण करेंगे। ऐसे में संबंधित विभागों के सामने निर्धारित समय में काम पूरा करने के साथ उसकी गुणवत्ता बनाए रखने की भी जिम्मेदारी है।

सरकार ने सड़क निर्माण और मरम्मत में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कार्यों की लगातार समीक्षा करने को कहा गया है, ताकि मानसून के बाद सड़क नेटवर्क को जल्द सामान्य किया जा सके और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन मिल सके।


छतरपुर में 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का खुलासा, 81 वर्षीय ससुर गिरफ्तार

छतरपुर। छतरपुर थाना क्षेत्र के बभंण्डी गांव में 20 सितंबर को हुई गांधी भुइयां (40) की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के 81 वर्षीय ससुर जगदेव भुइयां को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल टांगी भी बरामद कर जब्त कर ली है।

छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बुधवार को अपने कार्यालय में बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए 22 सितंबर को जगदेव भुइयां को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, गांधी भुइयां शराब के नशे में अपनी पत्नी निर्मला देवी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अक्सर मारपीट करता था। इससे परेशान होकर निर्मला करीब दो-तीन माह पहले अपने मायके चली गई थी।

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को गांधी ने ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों के सामने अपनी बेटी के साथ मारपीट और बदसलूकी शुरू कर दी। यह देखकर जगदेव आक्रोशित हो गया और उसने टांगी से गांधी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण गांधी की मौत हो गई।

घटना के दो दिन बाद पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी टीम में छतरपुर थाना प्रभारी सह अनुसंधानकर्ता सौरभ चौबे, पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय गोप समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।


हरिद्वार में प्रथम पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का किया शुभारंभ, CM धामी बोले- ज्ञान के साथ संस्कार जरूरी

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ग्राम औरंगाबाद स्थित पतंजलि वेलनेस योगग्राम में प्रथम पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और पतंजलि परिवार को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् की शुरुआत भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल परंपरा में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, चरित्र निर्माण और समाज के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराया जाता रहा है।

उन्होंने कहा कि गुरुकुलम् में आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ योग, आयुर्वेद, भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों को जोड़ा जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अपनी परंपराओं से जुड़ने के साथ आधुनिक समय की चुनौतियों के लिए तैयार होने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें कौशल, नवाचार, भारतीय ज्ञान परंपरा और विद्यार्थियों के समग्र विकास पर जोर दिया गया है। उत्तराखंड में भी इस नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता और परंपरा एक-दूसरे की विरोधी नहीं, बल्कि एक-दूसरे की पूरक हैं।

उन्होंने बताया कि भारतीय ज्ञान, दर्शन और संस्कृति के अध्ययन एवं शोध को बढ़ावा देने के लिए दून विश्वविद्यालय में हिंदू अध्ययन केंद्र स्थापित किया गया है। इसके साथ ही राज्य में विज्ञान, शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है। युवाओं के लिए स्टार्टअप, इनोवेशन और कौशल विकास के क्षेत्र में भी काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उनके अनुसार, पिछले करीब पांच वर्षों में लगभग 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार के अवसर मिले हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को पर्यटन के साथ ज्ञान, योग, आयुर्वेद और अध्यात्म के प्रमुख वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उनके मुताबिक, पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् इस दिशा में सहयोगी साबित हो सकता है और भविष्य में यहां देश-विदेश के विद्यार्थी ज्ञान, विज्ञान, योग और आयुर्वेद का अध्ययन कर सकेंगे।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, विधायक रवि बहादुर, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिस्वरानंद, विभिन्न जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र समेत बड़ी संख्या में संस्थान के छात्र-छात्राएं और अन्य लोग मौजूद रहे।


25 सूत्रीय कार्यक्रम के लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें अधिकारी : मुख्य विकास अधिकारी

सीडीओ ने विभागवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर शत-प्रतिशत उपलब्धि के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के दिए निर्देश

पौड़ी- जनपद मुख्यालय स्थित विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार जोशी की अध्यक्षता में 25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को सभी योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए सभी विभाग प्रभावी एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर उसके अनुरूप कार्यों में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की प्रगति निर्धारित लक्ष्य से अधिक है, वे आवश्यकतानुसार लक्ष्य संशोधन की कार्रवाई करें, ताकि योजनाओं की वास्तविक प्रगति स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो सके। उन्होंने प्रस्तावित ईको टूरिज्म योजनाओं की भौतिक प्रगति के साथ स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष किए गए व्यय की जानकारी ली। इसके अलावा जनपद में पार्किंग विकसित करने से संबंधित योजनाओं की भौतिक प्रगति की भी समीक्षा की।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने परिवहन विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई सहित अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्यों की नियमित निगरानी करें। जिन योजनाओं में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, उनमें आवश्यक गति लाते हुए कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ उपलब्ध बजट का भी समयबद्ध एवं समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, उप निबंधक सहकारिता सुमन कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्र प्रकाश उपाध्याय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


चलती ट्रेन में पैसे नहीं देने पर युवक को धक्का देने का आरोप, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

पटना। चलती ट्रेन से एक युवक को धक्का देकर उसकी जान लेने के मामले में रेल पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर आरा-जगजीवन हॉल्ट के बीच से युवक का शव भी बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बारिसवन निवासी 25 वर्षीय रोहित तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी के रूप में हुई है। मामले में वैशाली जिले के महिसौर थाना क्षेत्र के चांद सराय निवासी मुकेश राय ने बक्सर रेल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस के अनुसार, मुकेश राय का 21 वर्षीय बेटा नितिन कुमार हैदराबाद में मजदूरी करता था। 19 सितंबर को वह ट्रेन संख्या 07091 दानापुर स्पेशल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर कुछ लोगों ने उससे रुपये मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर उसे चलती ट्रेन से धक्का दिए जाने की बात सामने आई।

घटना को लेकर 21 सितंबर को बक्सर रेल थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार राय के निर्देश पर रेल पुलिस उपाधीक्षक दानापुर कंचन राज के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने बक्सर और बनारस के बीच मोहनसराय से रोहित तिवारी को पकड़ लिया।

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपित आरा-डीडीयू रेलखंड की पैसेंजर ट्रेनों में खुद को पुलिस, आरपीएफ या एसटीएफ का जवान बताकर यात्रियों से पैसे वसूलता था। वह टिकट जांच या धूम्रपान के नाम पर जुर्माना लगाने की बात कहकर रुपये मांगता था। पुलिस के मुताबिक, पैसे नहीं देने पर वह यात्रियों के साथ मारपीट भी करता था।

रेल पुलिस के अनुसार, रोहित तिवारी के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। दानापुर रेल थाना में 9 सितंबर 2026 को भी उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। वह पहले जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था।

आरोपित की निशानदेही पर बरामद पर्स से मृतक के नाम के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक का डेबिट कार्ड, पीएनबी और एसबीआई के एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, दिव्यांग कार्ड और वोटर आईडी समेत अन्य दस्तावेज मिले। पर्स से आरोपित के नाम का आधार कार्ड भी बरामद हुआ है। पुलिस ने मृतक की पहचान उसके पिता मुकेश राय से कराई।

रेल पुलिस ने मामले में स्पीडी ट्रायल की कार्रवाई की बात कही है। एसपी ने अभियान में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को नकद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देने के साथ राज्य स्तर पर सम्मानित करने की अनुशंसा की है। साथ ही पूरे रेल जिले में अपराधियों के खिलाफ छापेमारी जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।


बैद्यनाथ महतो हत्याकांड में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, ड्रोन से तलाशी के बाद मुख्य आरोपित त्रिभुवन गिरफ्तार

सीतामढ़ी। जिला पार्षद पति सह प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मंगलवार रात बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया। तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली थी कि नामजद आरोपित एजाज और त्रिभुवन केथरिया चौर के आसपास छिपे हुए हैं।

सूचना के बाद पुलिस की विशेष टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर दी। तलाशी के दौरान चौर क्षेत्र से आरोपितों की बाइक बरामद हुई। पुलिस की बढ़ती घेराबंदी के बीच दोनों आरोपित रात के अंधेरे और जंगल-झाड़ियों का फायदा उठाकर वहां से छिप गए।

इसके बाद पुलिस ने रातभर इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी रखा। चौर और आसपास के जंगल-झाड़ियों में पुलिस की टीमें लगातार तलाशी लेती रहीं। ड्रोन कैमरे की मदद से भी संभावित ठिकानों पर नजर रखी गई।

बुधवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य नामजद आरोपित त्रिभुवन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस उससे हत्या में उसकी कथित भूमिका और फरारी के दौरान उसके ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

वहीं, दूसरे नामजद आरोपित एजाज की तलाश अभी जारी है। पुलिस की कई टीमें जंगल-झाड़ियों और चौर के आसपास लगातार अभियान चला रही हैं। संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक अमित रंजन के अनुसार, फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई लगातार जारी है।

बैद्यनाथ महतो हत्याकांड के बाद से ही पुलिस नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। बाइक मिलने के बाद पुलिस को उनके आसपास छिपे होने की आशंका हुई, जिसके बाद रातभर घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया।


‘प्रेम कीटाणु’ का ट्रेलर रिलीज, प्यार और गलतफहमी के बीच उलझी वीर पहाड़िया-अपराशक्ति खुराना की कहानी

वीर पहाड़िया और अपारशक्ति खुराना की आगामी फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। करीब 2 मिनट 43 सेकेंड के ट्रेलर में कॉलेज की जिंदगी, दोस्ती, प्यार, मस्ती और गलतफहमियों का दिलचस्प मेल देखने को मिलता है। रोमांस के साथ कॉमेडी का तड़का कहानी को हल्का-फुल्का और मनोरंजक बनाने की कोशिश करता नजर आता है।

प्यार में पड़ते हैं वीर पहाड़िया

ट्रेलर में वीर पहाड़िया का किरदार एक लड़की आफिया सैयद के प्यार में पड़ जाता है। दोनों के बीच रोमांटिक रिश्ता आगे बढ़ता दिखाई देता है। कहानी में उस वक्त मोड़ आता है, जब अपारशक्ति खुराना की एंट्री होती है। वीर को शक होने लगता है कि आफिया और अपारशक्ति के किरदार के बीच कुछ चल रहा है। यही गलतफहमी दोनों दोस्तों के बीच तनाव की वजह बनती है।

कॉलेज लाइफ और दोस्ती का तड़का

फिल्म की कहानी कॉलेज के माहौल पर आधारित है। ट्रेलर में दोस्तों के साथ मौज-मस्ती, कैंपस की हलचल और युवाओं के बीच होने वाली नोकझोंक को जगह दी गई है। कहानी में पहला प्यार, दोस्ती और रिश्तों को लेकर पैदा होने वाली उलझनों को दिखाया गया है। शुरुआत में जहां माहौल काफी मजेदार नजर आता है, वहीं आगे चलकर कहानी भावनात्मक मोड़ लेती दिखाई देती है।

रोमांस के साथ कॉमेडी

‘प्रेम कीटाणु’ के ट्रेलर में रोमांटिक पलों के साथ कॉमेडी को भी प्रमुखता दी गई है। वीर पहाड़िया और अपारशक्ति खुराना की जोड़ी दोस्ती और आपसी टकराव वाले दृश्यों में नजर आती है। प्यार को लेकर पैदा होने वाली गलतफहमियां कहानी में हास्य के साथ-साथ भावनात्मक पहलू भी जोड़ती हैं।

संगीत और विजुअल्स ने खींचा ध्यान

ट्रेलर में फिल्म का संगीत भी खास आकर्षण नजर आता है। रोमांटिक दृश्यों के बीच सुनाई देने वाले गाने कहानी के माहौल को और बेहतर बनाते हैं। ट्रेलर के विजुअल्स में कॉलेज और युवाओं की दुनिया को रंगीन अंदाज में पेश किया गया है। हालांकि कहानी आगे किस मोड़ पर पहुंचेगी और रिश्तों की उलझन कैसे सुलझेगी, इसका खुलासा फिल्म देखने के बाद ही होगा।

2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

‘प्रेम कीटाणु’ का निर्देशन अपूर्व सिंह कार्की ने किया है। फिल्म का निर्माण गौरव वर्मा ने अवानिका फिल्म्स के बैनर तले किया है। फिल्म में वीर पहाड़िया, अपारशक्ति खुराना और आफिया सैयद अहम भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

(साभार)


मुख्य सचिव ने किया आईआईएम काशीपुर के देहरादून कैंपस का भूमिपूजन

विद्यार्थियों को मैनेजमेंट के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर होंगे प्राप्त- मुख्य सचिव

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को देहरादून में भारतीय प्रबन्धन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर के देहरादून कैंपस का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने आईआईएम काशीपुर का कैंपस देहरादून में स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस खुलने से प्रदेश के साथ ही इस क्षेत्र के विद्यार्थियों को मैनेजमेंट के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। इससे विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में मैनेजमेंट से सम्बन्धित विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन करने की सुविधा मिलेगी।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता से उन्हें अपनी क्षमताओं को विकसित करने तथा नए अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर निदेशक आईआईएम काशीपुर प्रो. नीरज द्विवेदी एवं कार्यदायी संस्था सीपीडब्ल्यूडी देहरादून के मुख्य अभियंता श्री देवेंद्र प्रकाश सहित संबंधित विभागों एवं आईआईएम काशीपुर के अधिकारी उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp