Wednesday, September 23rd, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

देहरादून में 29 सितंबर को लगेगा रोजगार मेला, 18 कंपनियां 904 पदों पर करेंगी भर्ती

Monthly Archives: September 2026

देहरादून में 29 सितंबर को लगेगा रोजगार मेला, 18 कंपनियां 904 पदों पर करेंगी भर्ती

देहरादून। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून की ओर से आगामी 29 सितंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग कर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा।

18 कंपनियां करेंगी प्रतिभाग, 904 पदों पर भर्ती

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि रोजगार मेले में 18 निजी क्षेत्र की कंपनियां शामिल होंगी। इस दौरान कुल 904 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियमित रूप से रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है।

देहरादून समेत अन्य जिलों के युवा भी ले सकेंगे हिस्सा

रोजगार मेले में देहरादून सहित प्रदेश के अन्य जनपदों के बेरोजगार युवा भी प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में पूर्व पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थी समय रहते अपना पंजीकरण करा सकते हैं। रोजगार मेले के दिन भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, मूल शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण-पत्र, उनकी छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड तथा वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। सेवायोजन विभाग ने अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील की है।

ये कंपनियां करेंगी प्रतिभाग

29 सितंबर को आयोजित रोजगार मेले में कैंप 108, स्काई विंग एडवाइजर प्राइवेट लिमिटेड, बजाज ऑटो लिमिटेड, बजाज कैपिटल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक, टाटा मोटर्स, आरएसपीएल मैनपॉवर, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा, बार्बीक्यूनेशन, अकल इनफॉरमेशन सिस्टम लिमिटेड गुरुग्राम, मेंटर वाटर एक्सपर्ट और नील मेटल हरिद्वार समेत अन्य कंपनियां शामिल रहेंगी।

दुबई में रोजगार का अवसर, आईटीआई धारकों से आवेदन का आह्वान

सेवायोजन विभाग, उत्तराखंड की ओर से संचालित मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत युवाओं को दुबई में निर्माण क्षेत्र में रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए आईटीआई या आईटीआई प्रमाण-पत्र धारक अभ्यर्थी पात्र होंगे। फ्रेशर अभ्यर्थियों के लिए छह माह का अनुभव तथा न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। योजना के माध्यम से युवाओं को विदेश में रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


कोटद्वार में लगा पोषण मेला, ऋतु खण्डूडी भूषण ने गर्भवती महिलाओं की कराई गोद भराई

‘जच्चा और बच्चा देश का भविष्य’, पोषण मेले में ऋतु खण्डूडी ने दिया संतुलित आहार का संदेश

कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने कोटद्वार–नजीबाबाद रोड स्थित रोटरी क्लब कोटद्वार के सभागार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग तथा रोटरी क्लब कोटद्वार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय पोषण माह अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल पोषण मेले में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मी किट वितरण, गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार सहित विभिन्न पोषण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं संतुलित आहार से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा बच्चों के पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि “जच्चा और बच्चा देश का भविष्य हैं।” मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए पोषण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज की मजबूत नींव रखते हैं। बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पौष्टिक एवं संतुलित आहार अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के साथ-साथ जन-जागरूकता बढ़ाना भी आवश्यक है।

विधानसभा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण को प्राथमिकता देते हुए किए जा रहे प्रयास एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने कहा कि हमारे स्थानीय एवं पारंपरिक खाद्य पदार्थ पोषक तत्वों से भरपूर हैं। इन्हें दैनिक आहार में शामिल कर महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी से पोषण के प्रति जागरूक रहने तथा अपने आसपास के परिवारों को भी संतुलित एवं पौष्टिक आहार के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा शशि बाला केष्टवाल , मंडल अध्यक्ष विकासदीप मित्तल, सीडीपीओ शशि भट्ट, संतोषी गोसाईं, सैला रतूड़ी एवं सरोजनी सहित महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा रोटरी क्लब कोटद्वार के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन उषा गोस्वामी द्वारा किया गया।


उत्तराखंड में वोटर लिस्ट को लेकर कांग्रेस का बड़ा ऐलान, वैध मतदाता का नाम कटा तो होगा सीधा ऐक्शन

देश के चुनाव आयोग को ज्ञानेश कुमार ने बना दिया पंगु- सूर्यकांत धस्माना

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चुनाव आयोग के अधिकारियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि प्रदेश में किसी भी वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाया गया तो पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस ने कहा कि ऐसी स्थिति में चुनाव आयोग के अधिकारियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से घेराव, प्रदर्शन और अन्य आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने यह बात कही। उन्होंने एक राष्ट्रीय समाचार पत्र में प्रकाशित चुनाव आयोग से जुड़ी खोजी रिपोर्ट का हवाला देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। धस्माना ने कहा कि रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों से कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य चुनाव आयुक्त व चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर उठाए गए सवालों को बल मिलता है।

धस्माना ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त केंद्र सरकार के प्रभाव में काम कर रहे हैं और भाजपा व आरएसएस के एजेंडे के अनुरूप लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के चुनावों का जिक्र करते हुए दावा किया कि बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे और बाद में कई नाम वापस जोड़े गए।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्रदेश कांग्रेस ने एसआईआर के दौरान कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं को लेकर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीआरसी पुरुषोत्तम को कई बार प्रमाणों के साथ शिकायतें दी हैं। कांग्रेस का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के चलते उसके पारंपरिक समर्थक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। धस्माना ने कहा कि यदि किसी वैध मतदाता का नाम हटाया गया तो कांग्रेस इसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी।

तिलक राज बेहड़ पर हमले को लेकर भी भाजपा पर निशाना

धस्माना ने ऊधमसिंह नगर के किच्छा में पूर्व मंत्री एवं किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ पर हुए हमले की घटना को भी गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पूर्व विधायक के नेतृत्व में भाजपा से जुड़े अराजक और आपराधिक तत्वों ने विधायक पर हमला किया।

धस्माना ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा उत्तराखंड को बिहार और उत्तर प्रदेश की तर्ज पर कथित ‘जंगल राज’ की ओर ले जाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह की घटनाओं को स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि किच्छा नगर निकाय चुनाव में संभावित हार को देखते हुए भाजपा बौखलाहट में इस तरह की कार्रवाई कर रही है। कांग्रेस नेता ने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था और लोकतांत्रिक व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।


दहेज के लिए महिला को पीटकर छत से फेंकने का आरोप, सात ससुरालियों पर केस

बरेली। कैंट क्षेत्र में दहेज को लेकर एक महिला के साथ मारपीट और जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल वालों ने महिला को कमरे में बंद कर पीटा, फिर छत पर ले जाकर गला दबाने का प्रयास किया और बाल काटने के बाद उसे छत से नीचे फेंक दिया। घटना में महिला का एक पैर टूट गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भरतौल निवासी संतोष कुमार ने कैंट पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने वर्ष 2020 में अपनी बेटी सलौनी की शादी शाहजहांपुर के कलान निवासी रामगोपाल से की थी। दंपती के दो बेटे हैं। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति रामगोपाल, ससुर तेजपाल, सास ऊषा देवी, देवर दीपक और अमन, ननद रचना तथा जेठ पप्पू दहेज की मांग को लेकर सलौनी को परेशान करते थे।

पिता के मुताबिक, 21 सितंबर की सुबह करीब नौ बजे सलौनी को ससुराल वालों ने कमरे में बंद कर दिया और उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। इसके बाद उसे छत पर ले जाया गया, जहां कथित तौर पर गला दबाने की कोशिश की गई। आरोप है कि महिला के बाल काटकर उसे अपमानित किया गया और फिर छत से नीचे फेंक दिया गया।

छत से गिरने के कारण सलौनी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका एक पैर टूट गया। इसके बाद पिता ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

शिकायत में संतोष कुमार ने यह भी आरोप लगाया है कि इससे पहले सलौनी का पति उसे मानसिक रूप से अस्वस्थ करने और जान से मारने के लिए दवाइयां तथा जहरीले इंजेक्शन देता था। कैंट पुलिस ने पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपितों की तलाश के साथ मामले की जांच कर रही है।


डरबन में घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग, 11 लोगों की मौत; तीन ने बचाई जान

केप टाउन। दक्षिण अफ्रीका के डरबन शहर में हथियारबंद हमलावरों ने एक घर में घुसकर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। इस हमले में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग किसी तरह बच निकलने में सफल रहे। घायलों का इलाज चल रहा है।

घटना डरबन के दक्षिण में स्थित क्वामाखुथा टाउनशिप में मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे से कुछ समय पहले कई लोग एक घर में मौजूद थे। इसी दौरान हथियारों से लैस हमलावर वहां पहुंचे और लोगों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

बताया गया है कि हमलावरों ने घर में मौजूद लोगों को एक कमरे में बंद कर दिया और इसके बाद फायरिंग की। मृतकों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है। वारदात के बाद हमलावरों ने पीड़ितों में से एक की कार में भी आग लगा दी।

क्वाजुलू-नेताल प्रांत के प्रीमियर थामसंखा न्तुली ने घटना में गर्भवती महिला की मौत की पुष्टि की है। वहीं तीन लोग हमले के दौरान जान बचाकर निकलने में सफल रहे, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

कार्यवाहक पुलिस प्रमुख पुलेंग डिम्पने के अनुसार, हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए 72 घंटे का विशेष अभियान शुरू किया गया है। पुलिस को मामले में कुछ सुराग मिलने की जानकारी दी गई है और इनके आधार पर आरोपितों की तलाश की जा रही है।


कोर्ट मैरिज के विवाद में खूनी संघर्ष, मारपीट में घायल युवक की मौत; सात गिरफ्तार

मथुरा। थाना जैंत क्षेत्र में कोर्ट मैरिज को लेकर दो परिवारों के बीच चल रहा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल बंटी की मंगलवार को मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी संजना के भाई महेंद्र समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, थाना जमुनापार क्षेत्र के गोसना निवासी बंटी ने मई में जैंत क्षेत्र के कुंज नगर निवासी संजना से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

इसी बीच सोमवार को बंटी और उसके भाई शंकर के साथ मारपीट की घटना सामने आई। आरोप है कि संजना के भाई महेंद्र समेत अन्य लोगों ने दोनों के साथ मारपीट की। घटना में बंटी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके भाई शंकर को भी चोटें आईं।

घटना के बाद बंटी की मां शीला की शिकायत पर जैंत पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार को बंटी की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दर्ज मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ा दीं।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संजना के भाई महेंद्र समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। जैंत थाना प्रभारी सोनू कुमार के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं, आरोपितों की भूमिका और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।


नौ माह का प्रशिक्षण पूरा कर पुलिस की मुख्यधारा में शामिल हुए 15 आरक्षी, पुलिस लाइन में पासिंग आउट सेरेमनी

देहरादून। पुलिस लाइन देहरादून में बुधवार को 15 प्रशिक्षु आरक्षियों की पासिंग आउट सेरेमनी आयोजित की गई। 17 नवंबर 2025 से शुरू हुए नौ माह के गहन प्रशिक्षण को पूरा करने के बाद सभी प्रशिक्षु पुलिस की मुख्यधारा में शामिल हुए। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन किया।

समारोह के दौरान एसएसपी देहरादून ने सभी उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने प्रशिक्षुओं को पूरी लगन, ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी आरक्षियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रशिक्षण के दौरान आरक्षियों को अंत:कक्ष और बाह्य कक्ष दोनों स्तरों पर विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। अंत:कक्ष में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम, विविध अधिनियम, भारतीय संविधान, पुलिस एवं समाज, मानव व्यवहार एवं मनोविज्ञान, व्यक्तित्व विकास, अपराध शास्त्र, थाना अभिलेख, पुलिस संगठन-प्रशासन और पुलिस रेगुलेशन जैसे विषय शामिल रहे।

वहीं बाह्य कक्ष प्रशिक्षण में पदादि प्रशिक्षण, शस्त्र प्रशिक्षण, फील्ड क्राफ्ट, पुलिस प्रशिक्षण पीटी/पीई, योग और यूएसी आदि का प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण और परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को एसएसपी देहरादून ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। अंत:कक्ष परीक्षा में रिक्रूट महिला आरक्षी अन्जुम निशा ने प्रथम स्थान हासिल किया। बाह्य कक्ष परीक्षा और पूरे प्रशिक्षण में रिक्रूट आरक्षी फैज आलम सर्वांग सर्वोत्तम रहे। फैज आलम को परेड कमांडर की जिम्मेदारी भी दी गई थी।

पासिंग आउट परेड के दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, आरटीसी स्टाफ और प्रशिक्षण पूरा करने वाले आरक्षियों के परिजन मौजूद रहे।


पारिवारिक परिस्थितियों के कारण कोई भी बालिका शिक्षा से न रहे वंचित- डीएम

जिला प्रशासन के प्रयासों से 112 ड्रॉपआउट छात्राओं को स्कूल में मिला दाखिला

बालिकाओं को स्कूल से जोड़ने के लिए डीएम के निर्देश पर जिला प्रशासन का विशेष अभियान

जिले में अब तक 444 ड्रॉपआउट छात्राओं का चिन्हीकरण, दूसरे चरण में 111 बालिकाओं को स्कूल से जोड़ने की तैयारी

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान के निर्देशों पर जिले में शिक्षा से वंचित एवं ड्रॉपआउट छात्राओं को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की पहल के परिणामस्वरूप जिले में अब तक 444 ड्रॉपआउट छात्राओं का चिन्हीकरण किया गया है। इनमें से पहले चरण में 112 छात्राओं का विद्यालयों में दाखिला कराया जा चुका है, जबकि दूसरे चरण में 111 ड्रॉपआउट छात्राओं को स्कूल में दाखिला दिलाने की प्रक्रिया की जा रही है।

जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पारिवारिक समस्याओं, आर्थिक कठिनाइयों व अन्य परिस्थितियों के कारण कोई भी बालिका शिक्षा से वंचित न रहे। ऐसी सभी बालिकाओं का प्राथमिकता के आधार पर चिन्हीकरण करते हुए उन्हें उनकी आयु एवं शैक्षणिक स्तर के अनुरूप विद्यालय में दाखिला दिलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि केवल चिन्हीकरण तक सीमित न रहते हुए प्रत्येक ड्रॉपआउट बालिका की स्थिति की जानकारी प्राप्त की जाए तथा उसके विद्यालय में पुनः प्रवेश की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से पूरा कराया जाए। आवश्यकता के अनुसार संबंधित परिवारों से समन्वय स्थापित कर बालिकाओं को शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित किया जाए।

जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य उन बालिकाओं को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है, जिनकी पढ़ाई किसी न किसी पारिवारिक अथवा सामाजिक परिस्थिति के कारण बीच में छूट गई है। पहले चरण में 112 छात्राओं का स्कूल में दाखिला कराया जाना इस दिशा में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है, वहीं दूसरे चरण में 111 और बालिकाओं को विद्यालय से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।

जिला प्रशासन की पहल से जहां ड्रॉपआउट बालिकाओं को अपनी पढ़ाई दोबारा शुरू करने का अवसर मिल रहा है, वहीं उन्हें शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को नई उड़ान देने का अवसर भी प्राप्त होगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शिक्षा से जुड़ी प्रत्येक बालिका को विद्यालय तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए शिक्षा विभाग एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।


जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने दिये परिसंपत्तियों की नियमित समीक्षा के निर्देश

साहसिक पर्यटन क्लब का होगा गठन, बैठक में पौड़ी पार्किंग का संचालन आरम्भ करने के निर्देश

पार्किंग को यातायात प्रबंधन से जोड़ने और वर्षभर साहसिक पर्यटन गतिविधियां संचालित करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश

पौड़ी- जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। बैठक में जनपद में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने, पर्यटन विभाग की परिसंपत्तियों के बेहतर संचालन एवं किराया वसूली, पार्किंग व्यवस्था, पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गयी।

बैठक में पर्यटन विभाग की ओर से किराए पर दी गई परिसंपत्तियों से प्राप्त होने वाले किराए की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के साथ उनसे संबंधित राजस्व की वसूली भी समयबद्ध ढंग से की जाए। उन्होंने पर्यटक आवास गृह बीरोंखाल एवं पोखड़ा तथा रैन बसेरा डांडा नागराजा सहित अन्य परिसंपत्तियों से लंबित किराया 30 सितंबर तक प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में किराया जमा न होने पर नियमानुसार अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने जिला पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिए कि भविष्य में किराए के भुगतान के लिए तीन माह से अधिक की अवधि न दी जाए तथा लंबित धनराशि की प्रभावी वसूली सुनिश्चित की जाए।

बैठक में सतपुली स्थित हट्स एवं मत्स्य केंद्र (एंगलर्स हट्स) के संचालन और किराया वसूली की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग की अन्य परिसंपत्तियों की भी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने को कहा, ताकि उनके उपयोग, संचालन और राजस्व प्राप्ति की स्थिति का समुचित आकलन किया जा सके। जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग की रिखणीखाल स्थित तहसील एवं आयुर्वेदिक चिकित्सालय तथा थलीसैंण में संचालित जिम सहित अन्य परिसंपत्तियों के संबंध में भी जानकारी ली।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि पौड़ी में पर्यटन आवास गृह के समीप निर्मित पार्किंग के संचालन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि पार्किंग का हस्तांतरण हो चुका है। जिलाधिकारी ने इसका संचालन शीघ्र आरम्भ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्किंग का प्रमुख उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित करना होना चाहिए। पार्किंग का संचालन इस प्रकार किया जाए कि यातायात दबाव कम हो और इसका उपयोग केवल स्थायी पार्किंग स्थल के रूप में सीमित न रह जाए। इसी क्रम में उन्होंने लैंसडाउन में पार्किंग से संबंधित समस्या का भी यातायात प्रबंधन की दृष्टि से समाधान करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जनपद में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिला स्तर पर साहसिक पर्यटन क्लब गठित करने की दिशा में कार्य करने को कहा। उन्होंने ट्रैकिंग, बर्ड वॉचिंग, वन्यजीव सफारी, कयाकिंग सहित विभिन्न साहसिक एवं प्रकृति आधारित गतिविधियों के लिए माहवार वार्षिक पर्यटन गतिविधि कैलेंडर तैयार करने के निर्देश जिला पर्यटन विकास अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि वर्षभर गतिविधियां आयोजित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और जनपद के पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिलेगी। साथ ही, स्थानीय युवाओं को साहसिक खेलों का प्रशिक्षण देने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में ताड़केश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं आवश्यक मरम्मत कार्यों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने डीएफओ गढ़वाल को मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं मरम्मत के लिए उपयुक्त डिजाइन तैयार करवाकर प्रस्तुत करने तथा संबंधित कार्यों का प्राक्कलन एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी, प्रशिक्षु उपजिलाधिकारी मीनाक्षी भाटिया, सहायक कोषाधिकारी अवधेश चंद्र, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


तकनीकी खराबी के बाद लंदन से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट वापस हीथ्रो एयरपोर्ट पर सुरक्षित लौटी

नई दिल्ली। लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर फ्लाइट तकनीकी समस्या के चलते बीच रास्ते से वापस लौट गई। करीब एक घंटे से अधिक समय तक हवा में रहने के बाद विमान ने हीथ्रो एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।

यह उड़ान 6E4 थी, जो लंदन हीथ्रो से नई दिल्ली के लिए संचालित होती है। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, उड़ान भरने के बाद विमान ने इंग्लिश चैनल के ऊपर अपनी चढ़ाई रोक दी। इसके बाद विमान ने दिशा बदली और वापस लंदन की ओर लौट गया।

सूत्रों के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी समस्या सामने आई। इसके बाद चालक दल ने एहतियात के तौर पर विमान को हीथ्रो एयरपोर्ट वापस ले जाने का फैसला किया। फ्लाइट ट्रैकिंग रिकॉर्ड के मुताबिक, विमान ने स्थानीय समयानुसार करीब रात 8 बजे उड़ान भरी और लगभग 78 मिनट बाद वापस हीथ्रो पहुंच गया। लैंडिंग के बाद विमान को एयरपोर्ट के एक अलग स्टैंड पर ले जाया गया।

विमान में किस तरह की तकनीकी समस्या आई, इसकी सटीक जानकारी तत्काल सामने नहीं आई है। इसके अलावा उस समय फ्लाइट में कितने यात्री और क्रू सदस्य मौजूद थे, इसकी भी जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी।

घटना को लेकर इंडिगो की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार, 6E4 लंदन से दिल्ली के बीच संचालित होने वाली उड़ान है और इसके लिए बोइंग 787-9 विमान का इस्तेमाल किया जाता है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp