Wednesday, September 16th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

कोरोनेशन अस्पताल में मारपीट का वीडियो वायरल, SSP के निर्देश पर दून पुलिस ने 10 युवकों को किया गिरफ्तार

Monthly Archives: September 2026

कोरोनेशन अस्पताल में मारपीट का वीडियो वायरल, SSP के निर्देश पर दून पुलिस ने 10 युवकों को किया गिरफ्तार

देहरादून। कोरोनेशन जिला अस्पताल में युवकों के बीच हुई मारपीट के मामले में दून पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 युवकों को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए मारपीट के वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी दून ने पुलिस को आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली डालनवाला क्षेत्र के कोरोनेशन अस्पताल में कुछ युवकों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले में शिकायतकर्ता हिमांशु चौहान निवासी बालावाला, देहरादून ने डालनवाला कोतवाली में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि वह अपने छह अन्य दोस्तों के साथ कोरोनेशन जिला अस्पताल में मेडिकल कराने पहुंचे थे।

आरोप है कि इसी दौरान 15 से 20 अज्ञात युवक वाहन संख्या UK07FG4494 से वहां पहुंचे और उनका पता पूछा। बालावाला बताए जाने के बाद आरोपितों ने अचानक उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने कांच की बोतलों और पत्थरों से हमला किया तथा जान से मारने की धमकी भी दी।

तहरीर के आधार पर कोतवाली डालनवाला में मु0अ0सं0-149/2026 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने घटना में शामिल युवकों के संबंध में जानकारी जुटाई और कार्रवाई करते हुए 10 युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पुलिस के अनुसार, सभी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार युवकों में वंश कोठियाल (20), कपिल वोहते उर्फ सन्नी (36), अंकित वासोत उर्फ कुसु (37), समीर ढिंगिया (23), मुकुल सोनकर (22), गुंजन कुमार (19), शुभ सिरोय (22), विवेक सैनी उर्फ विहान (22), हर्षित चौहान (20) और हिमांशु भट्ट (21) शामिल हैं। सभी देहरादून के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।


नेपाल में लगातार दो बार कांपी धरती, 4.5 और 4.2 तीव्रता के भूकंप से मची हलचल

लगातार दो भूकंप से मची दहशत

नेपाल। नेपाल के उत्तर-पश्चिमी इलाके में बुधवार तड़के लगातार दो बार धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई। कुछ घंटों के अंतराल में आए दोनों भूकंप का केंद्र मुगु जिले के कलाई क्षेत्र के आसपास बताया गया है। राहत की बात यह है कि जानकारी के मुताबिक, भूकंप के कारण अभी तक किसी तरह की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।

राष्ट्रीय भूकंपीय अनुसंधान केंद्र के मुताबिक, पहला भूकंप स्थानीय समयानुसार रात करीब 1:51 बजे आया। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.5 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र मुगु जिले के कलाई इलाके के पास बताया गया।

इसके बाद सुबह फिर महसूस हुए झटके

पहले भूकंप के करीब ढाई घंटे बाद एक बार फिर धरती कांपी। सुबह लगभग 4:28 बजे 4.2 तीव्रता का दूसरा भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र भी मुगु जिले के कलाई क्षेत्र के आसपास ही बताया गया है। कम समय के अंतराल में दो झटके महसूस होने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई।

डोल्पा और जुम्ला तक महसूस हुई हलचल

मुगु के अलावा दोनों भूकंप के झटके आसपास के डोल्पा और जुम्ला जिलों में भी महसूस किए गए। भूकंप के झटके महसूस होने के बाद कई इलाकों में लोग सतर्क हो गए। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार अभी तक किसी व्यक्ति के घायल होने या इमारतों को नुकसान पहुंचने की जानकारी नहीं मिली है।

संभावित नुकसान का लिया जा रहा जायजा

अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों की ओर से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। भूकंप के बाद संभावित आफ्टरशॉक्स की आशंका को देखते हुए भी निगरानी बढ़ाई गई है। दूरदराज के इलाकों से नुकसान की कोई सूचना देर से मिलने की स्थिति में भी अधिकारी जानकारी जुटा रहे हैं।

भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र है नेपाल

नेपाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। देश के अलग-अलग हिस्सों में समय-समय पर भूकंप के झटके महसूस होते रहे हैं। ताजा घटनाक्रम के बाद स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से किसी भी तरह की भूकंपीय गतिविधि होने पर सतर्क रहने तथा आधिकारिक सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।


जन्मदिन पर दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचे सीएम धामी, केक काटकर साझा कीं खुशियां

बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है —मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर अध्ययनरत बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के बीच केक काटा और उनके साथ खुशियां साझा कीं।

मुख्यमंत्री धामी ने बच्चों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और उनके बीच पहुंचकर बातचीत की। उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उनके साथ कुछ समय बिताया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित और खुश नजर आए। इस दौरान संस्थान का माहौल स्नेह और अपनत्व से भरा रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा और अपार संभावनाएं मौजूद हैं। जरूरत इस बात की है कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिले।

उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के बल पर जीवन की चुनौतियों को पार किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने लक्ष्यों की दिशा में पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके जन्मदिन का सबसे खास और यादगार उपहार है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक मौजूद रहे।


iPhone Duo भारत में इतना महंगा क्यों? अमेरिका के मुकाबले कीमत 63% तक ज्यादा

नई दिल्ली। एपल के नए फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo की कीमत को लेकर एक नई रिसर्च सामने आई है। टेकआर्क के 14 देशों के बाजारों के तुलनात्मक विश्लेषण के मुताबिक, अमेरिका जैसे विकसित देशों की तुलना में भारत, तुर्किये और फिलीपींस जैसे विकासशील देशों में iPhone Duo काफी महंगा बिक रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, कम और मध्यम आय वाले देशों में इसकी औसत कीमत अमीर देशों की तुलना में करीब 63 प्रतिशत अधिक है।

टेकआर्क ने भारत, नाइजीरिया, पाकिस्तान, केन्या, बांग्लादेश, फिलीपींस, वियतनाम और तुर्किये समेत आठ कम और मध्यम आय वाले देशों की तुलना अमेरिका, यूएई, हांगकांग, कनाडा, ब्रिटेन और जर्मनी समेत छह अधिक आय वाले देशों से की।

आंकड़ों के मुताबिक, कम आय वाले देशों में iPhone Duo की औसत कीमत करीब 3,669 डॉलर है, जबकि अधिक आय वाले देशों में यह औसतन 2,248 डॉलर है।

रिपोर्ट के अनुसार, तुर्किये में iPhone Duo की कीमत करीब 4,741 डॉलर है, जो अध्ययन में शामिल देशों में सबसे अधिक है। इसके बाद फिलीपींस में इसकी कीमत 4,519 डॉलर बताई गई है। रिपोर्ट में तुर्किये में स्थानीय मुद्रा की कमजोरी और आयातित या लग्जरी इलेक्ट्रॉनिक्स पर लगने वाले टैक्स को कीमत बढ़ने की प्रमुख वजहों में शामिल किया गया है।

भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और वियतनाम में फोन की कीमत करीब 2,950 से 3,590 डॉलर के बीच बताई गई है। वहीं अमेरिका में इसकी कीमत 1,999 डॉलर है, जो अध्ययन में शामिल देशों में सबसे कम है।

रिपोर्ट में भारत में iPhone Duo की ऊंची कीमत के पीछे आयात शुल्क, टैक्स, मुद्रा में उतार-चढ़ाव और कंपनी के मार्जिन जैसे कारणों का जिक्र किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, फोन भारत में पूरी तरह तैयार हालत में आयात किया जाता है, जिस पर कस्टम ड्यूटी और अन्य शुल्क लगते हैं। इसके अलावा स्मार्टफोन पर 18 प्रतिशत GST भी लागू होता है।

रुपये और डॉलर की विनिमय दर में उतार-चढ़ाव से बचने के लिए अतिरिक्त मार्जिन और बफर भी कीमत को प्रभावित कर सकते हैं।

रिपोर्ट में यह संभावना भी जताई गई है कि ऊंची कीमत एपल की रणनीति का हिस्सा हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, कंपनी विकासशील देशों में सीमित संख्या में ऐसे ग्राहकों को लक्ष्य कर सकती है, जो प्रीमियम कीमत चुकाने में सक्षम हैं। इससे iPhone Duo को फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में एक प्रीमियम डिवाइस के तौर पर पेश करने की रणनीति जुड़ी हो सकती है।


‘हनुमान अंश’ की साउथ में एंट्री, 18 सितंबर को आंध्र प्रदेश-तेलंगाना में रिलीज होगी फिल्म

नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ सिनेमाघरों में लगातार दर्शकों का ध्यान खींच रही है। हिंदी में रिलीज के बाद फिल्म को मिल रही प्रतिक्रिया को देखते हुए अब मेकर्स ने इसे दक्षिण भारतीय दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी कर ली है। फिल्म का तेलुगु संस्करण जल्द ही आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।

18 सितंबर को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में दस्तक

हिंदी भक्तिमय ड्रामा फिल्म ‘हनुमान अंश’ का तेलुगु संस्करण 18 सितंबर 2026 को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में रिलीज होने जा रहा है। फिल्म की रिलीज के छह सप्ताह बाद भी बॉक्स ऑफिस पर कमाई जारी है। दुनियाभर में फिल्म अब तक 277.80 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है, जबकि भारत में इसका नेट कलेक्शन 222.88 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

फिल्म को मिल रही दर्शकों की प्रतिक्रिया और मौखिक प्रचार को इसकी कमाई के पीछे अहम वजह माना जा रहा है। शुरुआत में फिल्म को हिंदी बाजार में रिलीज किया गया था, जबकि 11 सितंबर को इसे दुनियाभर के दर्शकों के लिए रिलीज किया गया।

तेलुगु संस्करण की रिलीज की तैयारी पूरी

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में फिल्म का तेलुगु संस्करण मूल सबटाइटल के साथ रिलीज किया जाएगा। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों राज्यों में फिल्म के वितरण की जिम्मेदारी फॉर्च्यून फोर सिनेमाज संभालेगा। इसके अलावा सिनेपोलिस जैसी बड़ी थिएटर श्रृंखलाओं के साथ क्षेत्रीय वितरण साझेदार भी फिल्म की रिलीज से जुड़े हैं।

फिल्मकार त्रिविक्रम श्रीनिवास इस रिलीज को प्रस्तुत कर रहे हैं। दक्षिण भारत में फिल्म की पहुंच बढ़ाने में उनका जुड़ना भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। त्रिविक्रम श्रीनिवास तेलुगु सिनेमा के चर्चित फिल्मकार हैं और इससे पहले ‘अला वैकुंठपुरमलो’, ‘अत्तरीनतिकी दरेदी’ और ‘एस/ओ सत्यमूर्ति’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।

7 अगस्त को हुई थी फिल्म रिलीज

‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने शुरुआती दौर में 10 लाख रुपये की कमाई के साथ शुरुआत की थी। 24 दिनों के भीतर फिल्म ने भारत में 47.33 करोड़ रुपये का सकल कारोबार और 40.13 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। इसके बाद फिल्म की कमाई में लगातार इजाफा देखने को मिला।

अब तेलुगु भाषी दर्शकों के बीच फिल्म को कैसी प्रतिक्रिया मिलती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

फिल्म में ये कलाकार आए नजर

‘हनुमान अंश’ में शोभिनव सत्य ने नीम करौली बाबा की मुख्य भूमिका निभाई है। उनके साथ चंदन के. आनंद, अनिल रस्तोगी, पूर्णिमा तिवारी और विहान शेडगे भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म की कहानी नीम करौली बाबा के जीवन और उनके आध्यात्मिक प्रभाव से जुड़ी घटनाओं पर आधारित है।

(साभार)


ऑटो में नर्स से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध करने पर मारपीट और चलते ऑटो से दिया धक्का

धौलाना। कपूरपुर थाना क्षेत्र में अस्पताल में नर्स के रूप में काम करने वाली महिला के साथ ऑटो चालक द्वारा कथित छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोध करने पर चालक ने महिला के दांत तोड़ दिए और सिरोधन बाईपास के पास चलते ऑटो से धक्का देकर फरार हो गया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात वह गुलावठी से अपने गांव लौट रही थी। घर जाने के लिए उसने रास्ते में एक ऑटो लिया था। आरोप है कि सिरोधन से निकलते ही ऑटो चालक ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने इसका विरोध किया तो चालक ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान महिला के दांत टूट गए।

आरोप है कि सिरोधन बाईपास के पास चालक ने महिला को चलते ऑटो से धक्का दे दिया। ऑटो से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद महिला ने पुलिस को सूचना दी और मामले में शिकायत दर्ज कराई।

कपूरपुर पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी ऑटो चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


बोधगया के इलरा गांव में चोरों का आतंक, दरवाजा-खिड़की तोड़कर पांच घरों में की चोरी

बोधगया। चेरकी थाना क्षेत्र के इलरा गांव में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक पांच घरों को निशाना बनाया। चोर कहीं दरवाजा तोड़कर तो कहीं खिड़की के रास्ते घर में दाखिल हुए और नगदी, सोने के जेवरात समेत जरूरी कागजात लेकर फरार हो गए। एक ही रात में पांच घरों में चोरी की घटना से गांव में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों के अनुसार, पांचों घरों से करीब छह लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की बात सामने आ रही है। चोरों ने इलरा गांव निवासी दुखन सिंह, संगीत सिंह, सुदीप साव, जुगेश पाल और रवि गुप्ता के घरों को निशाना बनाया।

बताया गया कि चोरों ने घरों में रखे सोने के जेवरात, नगदी और अन्य सामान पर हाथ साफ किया। ग्रामीणों के मुताबिक, सबसे अधिक चोरी दुखन सिंह के घर में हुई। चोरों ने सामान खंगालने के दौरान कपड़ों समेत अन्य सामान बाहर फेंक दिया।

घटना की सूचना मिलने पर चेरकी थानाध्यक्ष ट्विंकल सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

थानाध्यक्ष ने सभी पीड़ित परिवारों से चोरी के संबंध में लिखित आवेदन देने को कहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों तक पहुंचने के लिए संभावित सुराग तलाश रही है।


30 लाख के लेनदेन में दोस्त ने दोस्त की पिस्टल से किए सात फायर, पूर्व उप ब्लॉक प्रमुख की मौत

काशीपुर। पूर्व उप ब्लाक प्रमुख हरदीप सिंह की हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए उसके बचपन के दोस्त और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, लाखों रुपये के लेनदेन के विवाद में हत्या की साजिश रची गई थी। आरोपित ने हरदीप की ही लाइसेंसी पिस्टल से उस पर सात राउंड फायर किए, जिनमें से दो गोलियां उसके पेट में लगीं। उपचार के दौरान हरदीप की मौत हो गई थी।

मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि 13 सितंबर को गुलजारपुर निवासी रजविंदर कौर ने शिकायत दी थी कि उनके पुत्र हरदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। आरोप था कि संदीप सिंह ने अपनी पत्नी और मां की मौजूदगी में हरदीप को गोली मारी।

पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की मुख्य वजह रुपयों के लेनदेन को लेकर चला आ रहा पुराना विवाद सामने आया। पुलिस ने आरोपी संदीप सिंह उर्फ सोना (40) और उसकी पत्नी संदीप कौर (35), निवासी गौरा फार्म, कुंडा को सोमवार को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि घटना की रात हरदीप और संदीप ने ढाबे पर शराब पी और खाना खाने के बाद दोनों संदीप के घर पहुंचे। वहां दोनों ने साथ बैठकर कच्ची शराब पी। इसी दौरान रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो विवाद में बदल गई। आरोप है कि संदीप ने टेबल पर रखी हरदीप की लाइसेंसी पिस्टल उठाकर सात गोलियां चला दीं। इनमें से दो गोलियां हरदीप के पेट में लगीं।

पुलिस जांच में सामने आया कि संदीप को हरदीप के 30 लाख रुपये देने थे। इसके अलावा हरदीप ने संदीप के नाम पर हरिद्वार से आठ लाख रुपये का सेकेंड हैंड बुलडोजर खरीदवाया था। संदीप 15 एकड़ जमीन का मालिक किसान है और दोनों बचपन के दोस्त थे।

हत्या के बाद पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के लिए संदीप खुद घायल हरदीप को अस्पताल लेकर गया और उसके परिजनों को भी घटना की सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, ऐसा उसने खुद पर शक न होने देने के लिए किया।

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और नष्ट करने में संदीप की पत्नी संदीप कौर ने भी मदद की। उसने कमरे में फैले खून को साफ किया। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं, घटना के समय मौके पर मौजूद संदीप की मां की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कुंडा धीरेंद्र कुमार, एसआई सौरभ कुमार, गोविंद मेहता, मनोज देव, सोनू सिंह, नवीन जोशी और एएसआई रविश राम शामिल रहे। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, कारतूस और घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद की है।


ED की बड़ी कार्रवाई: कोलकाता-इंदौर में अमृत ग्रुप से जुड़े 17 ठिकानों पर छापेमारी

कोलकाता/इंदौर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को कोलकाता और मध्य प्रदेश के इंदौर में कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई निवेश से जुड़ी कथित धोखाधड़ी के मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की गई। अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में कई निवेशकों के साथ धोखाधड़ी किए जाने का आरोप है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत कोलकाता और इंदौर में अमृत ग्रुप की कंपनियों और उनके प्रमोटरों से जुड़े करीब 17 ठिकानों पर तलाशी ली गई।

अधिकारियों के मुताबिक, अमृत ग्रुप की कंपनियों और उनके निदेशकों पर आरोप है कि उन्होंने ज्यादा रिटर्न देने का वादा कर अलग-अलग डिपॉजिट स्कीम के नाम पर आम लोगों से पैसे जमा किए। आरोप है कि बाद में निवेशकों को वादा किया गया रिटर्न वापस नहीं किया गया।

फिलहाल, ईडी की कार्रवाई को लेकर कंपनी या उसके प्रमोटरों की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अधिकारियों के अनुसार, कंपनी या उसके प्रमोटरों से तत्काल टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका।


रुद्रप्रयाग पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, होटल-ढाबों में शराब पीने-पिलाने वालों पर सख्त कार्यवाही

रुद्रप्रयाग पुलिस ने 3 का किया चालान

रुद्रप्रयाग। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों के साथ होटल और ढाबों में सघन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 15 सितंबर 2026 को जिले के सभी कोतवाली क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने प्रभावी चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों, होटल और ढाबों में नियमों के उल्लंघन की जांच की गई।

संध्याकालीन चेकिंग के दौरान कोतवाली ऊखीमठ पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न होटल और ढाबों में आकस्मिक निरीक्षण किया। चेकिंग के दौरान शराब पीने-पिलाने से संबंधित अनियमितताएं सामने आने पर पुलिस ने तीन व्यक्तियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों, होटल और ढाबों में नियमों का उल्लंघन करने या अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान लगातार संचालित किया जाएगा।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर मदिरापान न करें और न ही ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp