Friday, September 11th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

महिला से दोस्ती के शक में युवक पर चाकू-डंडों से हमला, दो आरोपित गिरफ्तार

Daily Archives: 11/09/2026

महिला से दोस्ती के शक में युवक पर चाकू-डंडों से हमला, दो आरोपित गिरफ्तार

फरीदाबाद। सेक्टर-3 में महिला से दोस्ती होने के शक में 27 वर्षीय निपुन पटेल पर चाकू और डंडों से हमला कराने के मामले में क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपित अभी फरार है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।

क्राइम एसीपी अमन यादव ने बताया कि 7 सितंबर को सेक्टर-3 स्थित वाल्मीकि मंदिर के पास निपुन पटेल पर दो युवकों ने चाकू और डंडों से हमला किया था। मंदिर जाते समय हुए हमले में निपुन गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया कि डबुआ निवासी धर्मेंद्र के एक महिला से संबंध थे। कुछ समय से महिला डबुआ से सेक्टर-3 में आकर रहने लगी थी। धर्मेंद्र को शक था कि निपुन पटेल की महिला से दोस्ती हो गई है। इसी शक के चलते उसने निपुन पर हमला कराने की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, धर्मेंद्र ने अपने दोस्त मनीष और आशीष को हमले के लिए तैयार किया। 7 सितंबर को दोनों ने वाल्मीकि मंदिर के पास निपुन को घेर लिया और चाकू व डंडों से हमला कर दिया। घटना के दौरान धर्मेंद्र भी मंदिर के पास मौजूद था।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों का मुंडन कराने के बाद उन्हें घटनास्थल पर ले जाकर निशानदेही कराई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दोनों को घटनास्थल की निशानदेही कराने के लिए ले जाया गया था। मामले में तीसरे आरोपित की तलाश जारी है।


सोलर पैनल दिलाने के नाम पर 17.33 लाख की साइबर ठगी, फर्जी कंपनी कर्मचारियों ने लगाया चूना

बरेली। साइबर ठगों ने सोलर पैनल उपलब्ध कराने के नाम पर 17.33 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपितों ने गुजरात की एक कंपनी का कर्मचारी बनकर पीड़ित को झांसे में लिया और अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करा ली। ठगी का एहसास होने के बाद पीड़ित ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

कैंट के ठिरिया निजावत खां निवासी नवी खान ने पुलिस को बताया कि वह सोलर पैनल लगाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकृत वेंडर हैं। कुछ दिन पहले गुजरात की कंपनी सनरूट सोलर एनर्जी सोल्यूशन के मुंबई कार्यालय से कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया। आरोप है कि उन्होंने सोलर पैनल उपलब्ध कराने की बात कही।

इसके बाद समद शेख, आयुष और राम्या नाम की महिला ने नवी खान से बातचीत की और खुद को कंपनी का कर्मचारी बताया। आरोप है कि 18 मई को आरोपितों ने उन्हें अपने झांसे में लेकर अलग-अलग बैंक खातों में 17.33 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। रकम लेने के बाद भी सोलर पैनल की आपूर्ति नहीं की गई।

पीड़ित के अनुसार, जब वह कंपनी के बताए कार्यालय पहुंचे तो वहां कोई कर्मचारी नहीं मिला। कार्यालय के दरवाजे पर बाउंसर तैनात थे, जिन्होंने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। इसके बाद उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

क्योलड़िया थाने में तैनात सिपाही विकास कुमार भी साइबर ठगी का शिकार हो गए। मेरठ निवासी विकास कुमार वर्तमान में क्योलड़िया थाने में तैनात हैं। आरोप है कि साइबर ठगों ने उन्हें शेयर मार्केट में ट्रेडिंग का झांसा देकर 7.85 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए। मामले में पुलिस कार्रवाई की जा रही है।


आईआरसीटीसी मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 44.75 करोड़ की संपत्तियां जब्त

लालू-राबड़ी-तेजस्वी समेत 9 आरोपियों पर आरोप तय करने का निर्देश

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आईआरसीटीसी मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में 44.75 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की हैं। इसके साथ ही अदालत ने तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी प्रसाद यादव समेत मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का निर्देश दिया है।

ईडी ने सीबीआई की ओर से दर्ज एफआईआर के आधार पर प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए), 2002 के तहत मामले की जांच शुरू की थी। यह मामला आईपीसी और प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, पीसी गुप्ता और अन्य के खिलाफ दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान ईडी के अनुसार, रेल मंत्री के पद पर रहते हुए लालू प्रसाद यादव ने अपने अधिकारों का गलत इस्तेमाल किया। आरोप है कि पुरी और रांची स्थित रेलवे होटलों का कॉन्ट्रैक्ट सुजाता होटल प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया था। इसके बदले डिलाइट मार्केटिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड को करीब 2 एकड़ जमीन कम कीमत पर ट्रांसफर की गई।

ईडी के मुताबिक, डिलाइट मार्केटिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड प्रेम चंद गुप्ता के परिवार के नियंत्रण में थी। बाद में कम कीमत पर शेयर खरीद के जरिए कंपनी और जमीन का नियंत्रण राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव को ट्रांसफर कर दिया गया, जिससे जमीन का मालिकाना हक यादव परिवार के पास आ गया।

इस मामले में 24 अगस्त 2018 को दिल्ली के राउज एवेन्यू डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में सीबीआई की ओर से अभियोजन शिकायत दाखिल की गई थी। ईडी ने पीएमएलए की धारा 5 के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए जांच के दौरान 44,75,00,000 रुपये मूल्य की संपत्तियां जब्त कीं। इन संपत्तियों की जब्ती पर एडजुडिकेटिंग अथॉरिटी की भी मंजूरी मिल चुकी है।

अदालत ने राबड़ी देवी, तेजस्वी प्रसाद यादव, लालू प्रसाद यादव और छह अन्य आरोपियों के खिलाफ पीएमएलए की धारा 3 के साथ पढ़ी जाने वाली धारा 4 के तहत आरोप तय करने का निर्देश दिया है।


उत्तराखंड को खेल भूमि बनाने कि दिशा में आउट ऑफ़ टर्न जॉब होगा मील का पत्थर साबित- रेखा आर्या

38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को मिलेगी सरकारी नौकरी, आउट ऑफ़ टर्न जॉब के प्रस्ताव को मिली कैबिनेट कि मंजूरी

कैबिनेट ने पदों के सृजन के प्रस्ताव को दी मंजूरी, जल्द निकलेगी विज्ञप्ति

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश का नाम रोशन करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज हुई मंत्रिमंडल की बैठक में राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी देने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी गई है।

कैबिनेट द्वारा पारित किए गए इस फैसले पर सूबे की खेल मंत्री रेखा आर्या ने खुशी व्यक्त की हैं। खेल मंत्री ने कहा की यह अत्यंत प्रसन्नता की बात हैं कि हमारी सरकार ने खिलाड़ियों के हित के लिए जो निर्णय पूर्व में लिया था वह आज साकार हुआ हैं। कहा की राज्य सरकार का यह निर्णय हमारे ऐसे खिलाड़ियों और उनके भविष्य के लिए संजीवीनी का कार्य करेगा जो किसी कारणवश अपने भविष्य को लेकर चिंतित रहते थे ।

साथ ही कहा की सरकार के इस निर्णय से 38 वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति का अवसर मिलेगा।

खेल मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया की इन पदों पर खेल एवं युवा कल्याण, शिक्षा, पुलिस और परिवहन विभाग सहित विभिन्न विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी साथ ही खिलाड़ियों को उनके द्वारा प्राप्त पदक और संबंधित पद के अनुरूप ग्रेड-पे निर्धारित किया जाएगा जिसका जल्द शासनादेश जारी किया जाएगा।

खेल मंत्री ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज हमारी ओलंपिक 2036 संकल्प कावड़ यात्रा सफल हो रहीं हैं, भोले बाबा की असीम कृपा से एक ही महीने में खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास और आज 38वें राष्ट्रीय खेलों के 243 विजेताओं को आउट ऑफ टर्न नौकरी का ऐतिहासिक फैसला कैबिनेट द्वारा हो गया हैं, जल्द ही इस कावड़ यात्रा का संकल्प ओलंपिक 2036 की मेजबानी भी भारत को मिलेगी I

जल्द निकाली जाएगी विज्ञप्ति

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आज कैबिनेट में आउट ऑफ टर्न जॉब का प्रस्ताव पास होने के पश्चात अब जल्द ही खेल विभाग द्वारा 38 वें राष्ट्रीय खेलो में पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए जल्द ही विज्ञप्ति जारी कि जाएगी। इसके पश्चात ऐसे खिलाड़ी जो जिस विभाग में आवेदन करना चाहते हैं वह उसमें आवेदन कर सकेंगे। साथ ही खेल मंत्री ने बताया कि ऐसे खिलाडी जो खेल और युवा कल्याण विभाग से अलग अन्य विभाग में अपनी सेवाएं देंगे वह पांच वर्ष तक खेल और युवा कल्याण विभाग से जुड़े रहेंगे और अपनी सेवाएं प्रदान कर सकेंगे।

खेल मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्ताव के अनुसार स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के अनुरूप अलग-अलग श्रेणी के पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। सरकार के इस फैसले का उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें खेलों के साथ बेहतर रोजगार का अवसर उपलब्ध कराना है।


नितिन नवीन के बयान पर गणेश गोदियाल का पलटवार, बोले- भाजपा को कांग्रेस को ज्ञान देने का अधिकार नहीं

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा पर ध्रुवीकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता अब विभाजन और नफरत की राजनीति के झांसे में नहीं आएगी

देहरादून। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने हल्द्वानी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने भाजपा पर धर्म, जाति और संप्रदाय के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस को विभाजन की राजनीति पर ज्ञान देने का भाजपा नेताओं को कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

गोदियाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में आकर इस तरह की बयानबाजी करना भाजपा नेताओं की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने नफरत की राजनीति के खिलाफ देशभर में लंबी पदयात्राएं की हैं। कन्याकुमारी से कश्मीर और मणिपुर से मुंबई तक की यात्राओं के जरिए राहुल गांधी ने देश को जोड़ने और आपसी भाईचारा मजबूत करने का संदेश दिया है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी देश में ‘मोहब्बत की दुकान’ की बात करते हैं, जबकि भाजपा कथित तौर पर ‘नफरत का बाजार’ चला रही है। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों को उनका अधिकार दिलाने के लिए जातिगत जनगणना की मांग करते हैं, तब भाजपा को उसमें भी देश के बंटवारे की राजनीति दिखाई देती है।

गोदियाल ने आरोप लगाया कि नितिन नवीन हल्द्वानी में भाजपा सरकार की कथित विफलताओं से जनता का ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस और राहुल गांधी पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का युवा बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहा है, महिलाएं सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और अंकिता भंडारी मामले में न्याय की मांग अब भी उठ रही है।

उन्होंने कहा कि इन गंभीर मुद्दों पर जवाब देने के बजाय भाजपा नेता कांग्रेस पर आरोप लगाकर जनता का ध्यान मूल समस्याओं से हटाने का प्रयास कर रहे हैं। गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब विभाजन और ध्रुवीकरण की राजनीति के झांसे में आने वाली नहीं है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा नेताओं से अपील की कि देवभूमि उत्तराखंड के शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल को राजनीतिक बयानबाजी के जरिए दूषित करने से बचें।


पेट रोज साफ नहीं होता? कब्ज समझकर न करें नजरअंदाज, इन बीमारियों का हो सकता है संकेत

पेट से जुड़ी छोटी-सी परेशानी भी कई बार शरीर की किसी बड़ी समस्या का संकेत हो सकती है। अगर नियमित रूप से पेट साफ नहीं हो रहा है, मल त्याग के दौरान अधिक जोर लगाना पड़ रहा है या कई दिनों तक शौच नहीं हो पा रहा है, तो इसे केवल सामान्य कब्ज मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खानपान और जीवनशैली की गड़बड़ी के अलावा कुछ बीमारियां भी लंबे समय तक कब्ज की वजह बन सकती हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक, कम फाइबर वाला भोजन, पर्याप्त पानी न पीना और शारीरिक गतिविधि की कमी कब्ज के सामान्य कारणों में शामिल हैं। हालांकि, यदि इन आदतों में सुधार के बावजूद समस्या लगातार बनी रहती है, तो इसके पीछे किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या की संभावना को भी समझना जरूरी हो जाता है।

कैसे पहचानें कि कब्ज की समस्या है?

हर दिन मल त्याग न होना ही कब्ज का एकमात्र संकेत नहीं है। मल का कठोर या सूखा होना, शौच करते समय अधिक जोर लगाना, दर्द या परेशानी होना और मल त्याग के बाद भी पेट पूरी तरह साफ न होने का एहसास कब्ज की ओर इशारा कर सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, सप्ताह में तीन से कम बार मल त्याग होना भी कब्ज का संकेत माना जा सकता है। कई मामलों में खानपान और दिनचर्या में बदलाव से राहत मिल जाती है, लेकिन लंबे समय तक समस्या बने रहने पर इसके मूल कारण की जांच जरूरी हो सकती है।

डायबिटीज से भी जुड़ी हो सकती है समस्या

लगातार बढ़ा हुआ रक्त शर्करा स्तर शरीर की कई नसों को नुकसान पहुंचा सकता है। पाचन तंत्र को नियंत्रित करने वाली नसों पर इसका असर पड़ने से आंतों में भोजन और अपशिष्ट पदार्थों की गति धीमी हो सकती है। ऐसी स्थिति में व्यक्ति को कब्ज और पेट ठीक से साफ न होने जैसी परेशानियां हो सकती हैं।

इसीलिए यदि किसी व्यक्ति को लंबे समय से मधुमेह है और साथ ही लगातार कब्ज की शिकायत बनी हुई है, तो इसे सामान्य समस्या मानकर लंबे समय तक टालना ठीक नहीं है।

थायरॉइड कम होने पर भी हो सकती है कब्ज

हाइपोथायरायडिज्म यानी थायरॉइड हार्मोन का स्तर कम होने की स्थिति में शरीर की चयापचय प्रक्रिया धीमी हो जाती है। इसका असर पाचन तंत्र पर भी पड़ सकता है और आंतों की गतिविधि कम होने से कब्ज की शिकायत बढ़ सकती है।

इसके अलावा कुछ दवाओं और पोषक तत्वों की गोलियों के सेवन से भी कब्ज की समस्या हो सकती है। इसलिए लंबे समय से कब्ज रहने पर केवल घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लेना बेहतर होता है।

पेट को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें?

कब्ज से बचाव के लिए भोजन में फाइबर की मात्रा बढ़ाना, पर्याप्त पानी और अन्य तरल पदार्थ लेना तथा नियमित रूप से शारीरिक गतिविधि करना फायदेमंद हो सकता है। फल, सब्जियां, साबुत अनाज और अन्य फाइबर युक्त खाद्य पदार्थों को आहार का हिस्सा बनाया जा सकता है।

अगर इन उपायों के बावजूद कब्ज लंबे समय तक बनी रहती है, बार-बार होती है या इसके साथ अन्य असामान्य लक्षण दिखाई देते हैं, तो चिकित्सक से सलाह लेकर आवश्यक जांच कराना जरूरी है। इससे कब्ज के पीछे छिपे संभावित कारण का समय रहते पता लगाया जा सकता है।

नोट: यह लेख उपलब्ध चिकित्सकीय जानकारी और विशेषज्ञों की सामान्य सलाह के आधार पर तैयार किया गया है। किसी भी लगातार बनी स्वास्थ्य समस्या के लिए चिकित्सक की सलाह लेना उचित है।

(साभार)


13 सितंबर को देहरादून में होंगी सीडीएस, एनडीए एवं एनए की परीक्षाएं

54 परीक्षा केंद्रों पर 21,798 अभ्यर्थी होंगे शामिल, परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश

देहरादून। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से 13 सितंबर 2026 को कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (सीडीएस) तथा नेशनल डिफेंस एकेडमी एवं नेवल एकेडमी (एनडीए-एनए) की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। परीक्षा के लिए देहरादून जिले में कुल 54 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

परीक्षा की व्यवस्थाओं को लेकर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा ने सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को यूपीएससी की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा सामग्री के सीलबंद बॉक्स प्राप्त होने के बाद प्रत्येक केंद्र को बॉक्स की संख्या और विवरण निर्धारित समय के भीतर उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से एक दिन पहले केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर बिजली, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को जांचने के निर्देश दिए।

बैठक में आयोग के अधिकारियों ने परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, देहरादून में सीडीएस परीक्षा में 8,001 अभ्यर्थी, जबकि एनडीए एवं एनए परीक्षा में 13,797 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

तीन पालियों में होगी सीडीएस परीक्षा
सीडीएस परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9 से 11 बजे, दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे और तीसरी पाली शाम 4 से 6 बजे तक होगी।

वहीं, एनडीए एवं एनए परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 से 12:30 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2 से 4:30 बजे तक चलेगी।

अपर जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर यूपीएससी के मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।


सेलाकुई में नारियल पानी की ठेली पर ग्राहक से मारपीट, वीडियो वायरल होने पर आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने हुड़दंगियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। वीडियो में सेलाकुई बाजार में नारियल पानी की ठेली पर विवाद के बाद ठेली संचालक एक व्यक्ति के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठेली संचालक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो सेलाकुई बाजार का पाया गया। जांच में सामने आया कि नारियल पानी लेने को लेकर ठेली संचालक निजामुद्दीन का रफीक पुत्र खलील निवासी सेलाकुई के साथ विवाद हो गया था। विवाद के दौरान निजामुद्दीन ने ग्राहक के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की।

घटना से मौके पर शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने निजामुद्दीन को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। वहीं, पीड़ित रफीक की तहरीर के आधार पर थाना सेलाकुई में मुकदमा अपराध संख्या 139/2026, धारा 115(2), 352 और 351(3) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान निजामुद्दीन पुत्र स्व. विशालुद्दीन, निवासी कस्बा कलीनगर, थाना माधो टांडा, जिला पीलीभीत, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी पीठ वाली गली, सेलाकुई, देहरादून, उम्र 45 वर्ष के रूप में हुई है।


शादी के नाम पर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, दो महिलाओं समेत 7 गिरफ्तार

आजमगढ़। शादी के नाम पर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के सात सदस्यों को बरदह थाना की पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बजरंगी बिंद निवासी मलहज, शाहगंज, जौनपुर, राजन विश्वकर्मा निवासी रोचनपुर, सराय ख्वाजा, जौनपुर, बहादुर उर्फ राजू निवासी जमालपुर, सराय ख्वाजा, जौनपुर, रामबिलास निवासी मलहज, शाहगंज, आजमगढ़, जय किशन उर्फ अजीत पांडेय उर्फ पुरुषोत्तम, लाइन बाजार, जौनपुर तथा दो महिलाएं हैं।

पुलिस ने आरोपितों के पास से 19,650 रुपये, सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त दो बाइकें भी बरामद की है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन बताया कि दुल्हन, उसके पिता, भाई और रिश्तेदार बनकर शादी का नाटक रचते थे। शादी के बाद रुपये व आभूषण लेकर फरार हो जाते थे।

नौ सितंबर को हरदोई के बिलग्राम थाना क्षेत्र के छिबरामऊ गांव निवासी रामबिलाश ने बरदह थाने में तहरीर दी थी। दी गई तहरीर में बताया कि उसके पुत्र राजकुमार की शादी कराने के लिए वाट्सएप पर लड़की का फोटो भेजा गया था। इसके बाद उसे बंधवा महादेव मंदिर बुलाया गया। वहां राजकुमार की लड़की से शादी कराई गई। शादी के दौरान लड़की को नाक की कील और 80 हजार रुपये दिए गए।
आरोप है कि शादी के बाद राजकुमार लड़की को लेकर घर जा रहा था। बंधवा मोड़ के पास लड़की के नकली पिता, भाई और मनोज ने उसे गाड़ी से उतार दिया और लड़की व रुपये लेकर फरार हो गए। मामले में बरदह थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

शुक्रवार को उपनिरीक्षक मनीष सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपित कोदहरा चौराहा पर मौजूद हैं और कहीं भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर पांच पुरुषों और दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि गिरोह ऐसे लोगों की तलाश करता था, जिनकी शादी नहीं हो रही थी।

महिला सदस्य को दुल्हन बनाकर उसका फोटो दिखाया जाता था। शादी तय होने के बाद गिरोह के अन्य सदस्य दुल्हन के पिता, भाई और रिश्तेदार बनकर शादी में शामिल होते थे। शादी के दौरान रुपये व आभूषण लेने के बाद लड़के पक्ष को विवाद और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर वहां से भगा देते थे। बाद में सामान आपस में बांट लेते थे।

बजरंगी बिंद और बहादुर उर्फ राजू ने दुल्हन के भाई तथा राजन विश्वकर्मा पिता बनता था। रामबिलास और जय किशन उर्फ अजीत रिश्तेदार बनकर शादी में शामिल होते थे। बजरंगी बिंद के खिलाफ जौनपुर, देवरिया और आजमगढ़ में ठगी, धोखाधड़ी और गैंग्सटर एक्ट समेत पांच मुकदमे दर्ज हैं। जय किशन उर्फ अजीत के खिलाफ जौनपुर और आजमगढ़ में चार मुकदमे दर्ज हैं।


देहरादून बार एसोसिएशन को जल्द मिलेगा अपना प्रोफेशनल ऑफिस भवन

बार एसोसिएशन भवन की डिजाइन और निर्माण योजना पर डीएम ने दिए जरूरी निर्देश

देहरादून। देहरादून बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं के लिए प्रस्तावित प्रोफेशनल ऑफिस भवन के डिजाइन एवं निर्माण योजना को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) एवं बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रस्तावित भवन के सर्वे प्लान, की-प्लान, क्षेत्रफल, साइट प्लान, पार्किंग, प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में एमडीडीए की सीनियर आर्किटेक्ट दृष्टि जैन ने प्रस्तावित भवन की डिजाइन एवं निर्माण योजना की जानकारी देते हुए बताया कि भवन निर्माण के लिए 8,881.28 वर्ग मीटर भूमि का सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है। प्रस्तावित भवन में ग्राउंड फ्लोर के अतिरिक्त सात मंजिलों का निर्माण किया जाएगा। भवन में अधिवक्ताओं के लिए 10×10 आकार के चैंबर प्रस्तावित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि भवन के डिजाइन में अधिवक्ताओं एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश एवं निकासी के लिए समुचित व्यवस्था, वाहन पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को शामिल किया गया है। भवन के स्वरूप एवं उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तकनीकी पहलुओं का भी प्लान में समावेश किया गया है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन के डिजाइन एवं निर्माण योजना में फायर सेफ्टी प्लान, इमरजेंसी एग्जिट और लिफ्ट सिस्टम का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि भवन में अधिवक्ताओं के साथ ही आमजन का भी आवागमन रहेगा, इसलिए सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं और भवन निर्माण के फाइनल प्रस्ताव शीघ्र तैयार किया जाए।

बैठक में एमडीडीए के अधिशासी अभियंता एसएस रावत, सीनियर आर्किटेक्ट दृष्टि जैन, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुकरेती, सचिव अजय बिष्ट, सीनियर काउंसिल आरएस रावत, प्रेम चंद्र शर्मा, अनुराग गुप्ता एवं धर्मवीर नेगी उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp