Friday, September 25th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

दो साल से फरार आरोपी उत्तराखंड से गिरफ्तार, छठ व्रती महिला पर की थी फायरिंग

Daily Archives: 25/09/2026

दो साल से फरार आरोपी उत्तराखंड से गिरफ्तार, छठ व्रती महिला पर की थी फायरिंग

बेतिया (पश्चिम चंपारण)। मझौलिया थाना क्षेत्र में करीब दो साल पहले छठ व्रती महिला पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजन पडित के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह उत्तराखंड में मजदूरी कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे मझौलिया लाकर पूछताछ की जा रही है।

मामला मोहछी बनकटवा गांव का है। सात नवंबर 2024 की रात करीब सवा नौ बजे राम बहादुर सिंह की पत्नी इंदु देवी घर के आंगन में बर्तन धो रही थीं। इसी दौरान उन पर गोली चलाई गई थी। फायरिंग में इंदु देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घटना के बाद उनके बयान पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

पुलिस के अनुसार, वारदात के करीब पांच दिन बाद राजन ने इंदु देवी के पति राम बहादुर सिंह को फोन किया था। आरोप है कि फोन पर उसने महिला पर फायरिंग करने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन लंबे समय तक उसका पता नहीं चल सका।

मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि मामले के अनुसंधानक लवकांत शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने 30 सितंबर की देर रात उत्तराखंड के पुरैला थाना क्षेत्र के छानकी गुदियार से राजन को गिरफ्तार किया। वह वहां मजदूरी कर रहा था। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के मुताबिक, राजन पर अपने पिता की हत्या का भी आरोप है। 20 मई 2023 की रात उसके पिता रामा पडित की सोते समय हत्या कर दी गई थी। इस मामले में उसकी मां कलावती देवी ने गोपालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, राजन इस मामले में जेल भी जा चुका है।


एशियन गेम्स 2026- कमलजीत-सुरुचि की जोड़ी ने शूटिंग में भारत को दिलाया स्वर्ण पदक

10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कमलजीत और सुरुचि इंदर सिंह ने 484.6 अंक के साथ जीता स्वर्ण

नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग में भारत के स्वर्ण पदक का इंतजार खत्म हो गया है। कमलजीत और सुरुचि इंदर सिंह की भारतीय जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने शूटिंग में अब तक कुल 10 पदक अपने नाम कर लिए हैं।

भारत को शूटिंग में इसी दिन एक और पदक मिला। 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन पुरुष टीम स्पर्धा में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और रुद्रांक्ष पाटिल की तिकड़ी ने रजत पदक जीता। इस तरह शूटिंग में भारत के खाते में एक स्वर्ण और एक रजत समेत दो पदक आए।

भारत ने बनाया नया एशियन रिकॉर्ड

10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम के फाइनल में भारत ने 484.6 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान पर रहते हुए स्वर्ण पदक जीता। दक्षिण कोरिया ने 478.0 अंक के साथ रजत और ईरान ने 415.8 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। इंडोनेशिया 349.4 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहा।

भारत का 484.6 अंक का स्कोर नया एशियन रिकॉर्ड भी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड उज्बेकिस्तान के नाम था, जिसने इसी साल फरवरी में 481.3 अंक हासिल किए थे। अब कमलजीत और सुरुचि की जोड़ी ने इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है।

क्वालिफिकेशन में भी बनाया था रिकॉर्ड

कमलजीत और सुरुचि ने क्वालिफिकेशन दौर में भी शानदार प्रदर्शन किया था। भारतीय जोड़ी ने 587-29x का स्कोर करते हुए पहला स्थान हासिल किया और एशियन क्वालिफिकेशन रिकॉर्ड बनाया। ईरान 584-17x के साथ दूसरे, दक्षिण कोरिया 582-23x के साथ तीसरे और इंडोनेशिया 580-30x के साथ चौथे स्थान पर रहा।

शीर्ष चार टीमों ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। चीन और वियतनाम की जोड़ियां फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।

ऐसे जीता भारत ने स्वर्ण

फाइनल में भारत, इंडोनेशिया, ईरान और दक्षिण कोरिया की टीमें आमने-सामने थीं। शुरुआत में पांच-पांच शॉट की तीन सीरीज हुईं और 15 शॉट के बाद भारत शीर्ष पर बना रहा। इसके बाद हर दो शॉट के बाद एलिमिनेशन शुरू हुआ।

17वें शॉट के बाद इंडोनेशिया की टीम बाहर हो गई, जिससे भारत का पदक पक्का हो गया। इसके बाद 19वें शॉट के बाद ईरान के बाहर होने से भारत का कम से कम रजत पदक तय हो गया। हालांकि, कमलजीत और सुरुचि ने पूरे फाइनल में अपनी बढ़त बनाए रखी और भारत को दूसरे स्थान पर आने का मौका ही नहीं दिया।

21वें शॉट के बाद भारतीय जोड़ी ने 484.6 अंक के साथ एशियन रिकॉर्ड तोड़ दिया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया।

शूटिंग में भारत के अब तक 10 पदक

भारत ने एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग में अब तक एक स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य समेत कुल 10 पदक जीते हैं। इनमें कमलजीत और सुरुचि का 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्वर्ण, जबकि ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और रुद्रांक्ष पाटिल का 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम रजत भी शामिल है।

शूटिंग के अन्य पदकों में हिमांशु ढिल्लों, इलावेनिल वलारिवन और भारतीय पुरुष व महिला टीमों के रजत पदक तथा रुद्रांक्ष पाटिल और स्कीट टीमों के कांस्य पदक शामिल हैं।

एशियन गेम्स 2026 में भारत की पदक तालिका

भारत ने अब तक एशियन गेम्स 2026 में 2 स्वर्ण, 8 रजत और 9 कांस्य समेत कुल 19 पदक जीत लिए हैं। शूटिंग भारत के लिए सबसे ज्यादा पदक वाला खेल बना हुआ है, जिसमें अकेले 10 पदक भारत की झोली में आए हैं।


महाराष्ट्र में MPSC ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा पेपर लीक मामले में चार और गिरफ्तार

मुंबई। महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की ड्रग इंस्पेक्टर ग्रुप-बी स्क्रीनिंग परीक्षा के कथित प्रश्नपत्र लीक मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने चार और लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो परीक्षा अभ्यर्थी और दो कथित बिचौलिए शामिल हैं। इन गिरफ्तारियों के बाद मामले में हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, गिरफ्तार अभ्यर्थियों की पहचान सांगली निवासी साजिद सांडें और बुलढाणा निवासी विजय किंगर के रूप में हुई है। वहीं, नवी मुंबई निवासी संदीप खलाटे और भैरवनाथ कदम को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि साजिद और विजय ने कथित तौर पर प्रश्नपत्र अवैध तरीके से हासिल किया था।

इससे पहले नंदुरबार से ऋतुजा पाटिल को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने 22 मार्च को ड्रग इंस्पेक्टर स्क्रीनिंग परीक्षा दी थी और अस्थायी मेरिट सूची में सातवीं रैंक हासिल की थी। पुलिस के अनुसार, ऋतुजा को कथित तौर पर लीक हुआ प्रश्नपत्र मिला था। जांच में यह भी सामने आया कि उन्हें कुछ सवालों के जानबूझकर गलत जवाब देने की सलाह दी गई थी, ताकि उन पर शक न हो।

ऋतुजा की गिरफ्तारी के बाद क्राइम ब्रांच ने छह अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें MPSC के तीन अधिकारी भी शामिल हैं। पुलिस का आरोप है कि परीक्षा से पहले प्रश्नों तक पहुंच हासिल कर उनका अलग सेट तैयार किया गया और फिर उसे अनधिकृत लोगों तक पहुंचाया गया।

यह परीक्षा महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के तहत ड्रग इंस्पेक्टर ग्रुप-बी पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की गई थी। कथित गड़बड़ी की प्रारंभिक जांच के बाद MPSC ने भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी और दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की।

पुलिस के अनुसार, प्रश्नपत्र विशेषज्ञों ने कड़े गोपनीयता प्रोटोकॉल के तहत तैयार किए थे। मामले में भारतीय न्याय संहिता, महाराष्ट्र प्रतियोगी परीक्षाओं में कदाचार रोकथाम अधिनियम और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, आपराधिक साजिश और लोक सेवकों से जुड़े भ्रष्टाचार समेत कई आरोपों की जांच की जा रही है।


मेरठ में फैक्ट्री डकैती के तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में एक के पैर में लगी गोली

मेरठ। पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी की अल्लीपुर गांव स्थित बंद पड़ी अल फहीम मीटेक्स फैक्ट्री में गार्ड को बंधक बनाकर डकैती करने के मामले में लोहियानगर थाना पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हथियारों की बरामदगी के दौरान आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी।

एसपी सिटी विनायक भोसले के अनुसार, पुलिस ने सूचना के आधार पर दानिश उर्फ चाचा निवासी नाहल, मसूरी गाजियाबाद, शहजाद उर्फ भूरा निवासी नाहल और रियाजुद्दीन उर्फ रियाजू निवासी अमन कालोनी, घंटाघर कोतवाली गाजियाबाद को हापुड़ रोड स्थित खत्ता रोड से पकड़ा था।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल किए गए तमंचे हाजीपुर-अल्लीपुर निर्माणाधीन लिंक रोड के पास काली नदी पर छिपाए गए हैं। पुलिस तीनों को लेकर हथियार बरामद करने पहुंची। इसी दौरान आरोपितों ने छिपाए गए तमंचों से पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दानिश उर्फ चाचा के बाएं पैर में गोली लगी। उसे पीएल शर्मा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मौके से .315 बोर के तीन तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ अलग-अलग जनपदों में लूट और डकैती के कई मुकदमे दर्ज हैं।


थिएटर्स में रिलीज होते ही छा गई नानी की ‘द पैराडाइज’, फिल्म ने पहले दिन कमाए इतने करोड़ रुपये

साउथ सिनेमा के स्टार नानी की फिल्म ‘द पैराडाइज’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को लेकर रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा था। एडवांस बुकिंग में मजबूत प्रदर्शन के बाद अब फिल्म ने पहले दिन भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की है। शुरुआती आंकड़े सामने आने के बाद नानी के फैंस के बीच फिल्म के प्रदर्शन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत

श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी ‘द पैराडाइज’ में नानी मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। सिनेमाघरों में दस्तक देने के साथ ही फिल्म ने कमाई के मामले में अपना खाता तेजी से खोला है। फिल्म ने पहले दिन 34.65 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है।

रिलीज से पहले फिल्म की एडवांस बुकिंग को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। ऐसे में पहले दिन की कमाई को फिल्म के लिए सकारात्मक शुरुआत माना जा रहा है। आने वाले दिनों में वीकेंड पर इसकी कमाई में और इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

आठ भाषाओं में रिलीज हुई फिल्म

‘द पैराडाइज’ का निर्देशन श्रीकांत ओडेला ने किया है और इसे एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले रिलीज किया गया है। दर्शकों तक फिल्म को बड़े स्तर पर पहुंचाने के लिए इसे हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम समेत आठ भाषाओं में रिलीज किया गया है।

फिल्म में नानी के साथ राघव जुयाल भी अहम भूमिका में हैं। इसके अलावा मोहनलाल, सोनाली बेंद्रे और संपत राज जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी अनिरुद्ध रविचंदर ने संभाली है।

बॉक्स ऑफिस पर इन फिल्मों से मुकाबला

‘द पैराडाइज’ की रिलीज ऐसे समय हुई है, जब सिनेमाघरों में पहले से ही कई फिल्मों का दबदबा बना हुआ है। बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ और पंकज त्रिपाठी, अली फजल तथा दिव्येंदु स्टारर ‘मिर्जापुर द मूवी’ दर्शकों की पसंद बनी हुई हैं।

‘हनुमान अंश’ रिलीज के 49वें दिन भी कमाई कर रही है और फिल्म का कुल कलेक्शन 287.60 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। वहीं ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने अब तक 222.59 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।

इन दोनों फिल्मों के अलावा ‘दायरा’, ‘वाइब’ और ‘रेसिडेंट ईविल’ भी सिनेमाघरों में दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में ‘द पैराडाइज’ इन फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ कितनी मजबूत कर पाती है, यह देखना दिलचस्प होगा।

(साभार)


पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन दर्शन प्रत्येक जनसेवक के लिए प्रेरणास्रोत- मुख्यमंत्री

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर मुख्यमंत्री धामी ने किया भावपूर्ण स्मरण

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को महान विचारक एवं एकात्म मानववाद और अन्त्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन और विचारों का स्मरण करते हुए उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन दर्शन प्रत्येक जनसेवक के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और उत्थान को विकास का मूल आधार माना। उनका अन्त्योदय का विचार आज भी समाज के समग्र और समावेशी विकास के लिए मार्गदर्शक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय के विचार को आत्मसात करते हुए गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


नौकरी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म का आरोप, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने की शिकायत

दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में 41 वर्षीय महिला ने एक व्यक्ति पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने और बाद में कथित वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मी नगर निवासी महिला की करीब दो साल पहले गणेश नगर निवासी दीपक बंसल से दोस्ती हुई थी। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे नौकरी दिलाने में मदद करने का भरोसा दिया था।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने महिला को कथित तौर पर नशीला पदार्थ दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि इसके बाद घटना का वीडियो बना लिया गया और उसी के जरिए महिला को ब्लैकमेल किया जाने लगा।

मामले की शिकायत मिलने पर मंडावली थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है।


मुंबई में गणेश विसर्जन को लेकर उमड़ा आस्था का सैलाब, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मुंबई। अनंत चतुर्दशी के मौके पर शुक्रवार को मुंबई में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह से ही विभिन्न इलाकों से गणेश मंडलों के जुलूस निकलने लगे। ढोल-ताशों की गूंज और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश को विदाई दी। कई जुलूसों में श्रद्धालु नाचते-गाते और फूलों की पंखुड़ियां बरसाते नजर आए।

सार्वजनिक गणेश पंडालों में पूजा और आरती के बाद प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए रवाना किया गया। लालबाग क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग जुलूस देखने के लिए सड़कों पर जुटे। महिलाओं और बच्चों समेत श्रद्धालुओं ने विसर्जन यात्रा में हिस्सा लिया। कई मंडलों के जुलूस गिरगांव चौपाटी समेत शहर के अलग-अलग विसर्जन स्थलों की ओर बढ़े। कई अन्य जुलूस दिन में बाद में निकलने हैं और विसर्जन का कार्यक्रम देर रात तथा शनिवार तड़के तक जारी रहने की संभावना है।

गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर मुंबई पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस के अनुसार शहर में 24 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। इनमें छह संयुक्त पुलिस आयुक्त, नौ अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 38 पुलिस उपायुक्त और 66 सहायक पुलिस आयुक्त शामिल हैं।

संवेदनशील इलाकों में रैपिड एक्शन फोर्स, स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स, फोर्स वन, क्विक रिस्पॉन्स टीम, दंगा नियंत्रण दल और एंटी ड्रोन दस्तों को भी तैनात किया गया है। पुलिस ने लोगों से संदिग्ध या लावारिस वस्तु दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने और ड्यूटी पर तैनात जवानों के साथ सहयोग करने की अपील की है।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए हैं। जेवीएलआर, लालबाग और कालाचौकी समेत कई इलाकों में पार्किंग पर रोक लगाई गई है। जेवीएलआर पर कुछ हिस्सों में भारी वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी।

लालबाग और कालाचौकी में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख मार्गों पर चौबीसों घंटे पार्किंग प्रतिबंध लागू किया गया है। पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

विसर्जन व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए बीएमसी ने 25 हजार से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया है। नगर निकाय के मुताबिक, विसर्जन स्थलों पर 1,132 लाइफगार्ड, 6,052 फ्लडलाइट और सर्चलाइट, 85 एंबुलेंस तथा 10 मोटरबोट की व्यवस्था की गई है। भीड़ प्रबंधन के लिए 261 रिसेप्शन सेंटर, 228 कंट्रोल रूम और 75 ऑब्जर्वेशन टावर बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए 489 अस्थायी शौचालय भी उपलब्ध कराए गए हैं।

बीएमसी ने समुद्र में प्रतिमा विसर्जन के दौरान लोगों से सावधानी बरतने और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है। समुद्र किनारे ब्लू बटन जेलीफिश और स्टिंगरे की मौजूदगी को देखते हुए भी सतर्क रहने की अपील की गई है।

बीएमसी के अनुसार, इस वर्ष अब तक डेढ़ दिन, पांच दिन, छह दिन और सात दिन की अवधि वाली गणेश प्रतिमाओं समेत कुल 1,63,386 प्रतिमाओं का विसर्जन हो चुका है।

बीएमसी ने बताया कि बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत छह फीट तक ऊंची गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कृत्रिम तालाबों में किया जाना है। इसके लिए शहर में 387 कृत्रिम तालाब और 67 प्राकृतिक विसर्जन स्थल तैयार किए गए हैं। बीएमसी ने श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थानों पर ही प्रतिमा विसर्जित करने और इसके लिए किसी को पैसे नहीं देने की अपील की है।


‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत 26 सितम्बर से विद्यालयों में शुरू होंगी प्रतियोगिताएं

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने तैयारियों की समीक्षा की

देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के शिक्षण संस्थानों में विभिन्न कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह भी मौजूद रहे। शिक्षा मंत्री ने विभागीय तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर 26 सितंबर से विभिन्न प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। इनमें छात्र-छात्राएं ‘विकसित भारत के संकल्प’ और ‘25 वर्षों के कार्यों एवं उपलब्धियों’ जैसे विषयों पर निबंध लेखन, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताएं पहले विद्यालय स्तर पर आयोजित की जाएंगी। इसके बाद जनपद स्तर पर विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही चयनित चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

बैठक में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने नए और रचनात्मक विचार सामने रखने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि युवा विकसित भारत की कल्पना किस रूप में करते हैं और देश के विकास में अपनी भूमिका को कैसे देखते हैं।

वहीं, उच्च शिक्षण संस्थानों में महाविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के लिए संवाद, कला और कहानी लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के जरिए युवाओं को विकसित भारत को लेकर अपने विचार, सुझाव और रचनात्मक सोच साझा करने का अवसर मिलेगा।

शिक्षा मंत्री ने प्रतियोगिताओं की प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने और सभी शिक्षण संस्थानों तक कार्यक्रमों की जानकारी समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

शिक्षा विभाग ने प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने, विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं की स्पष्ट जानकारी देने और जनपद स्तरीय कार्यक्रम के लिए चयनित प्रविष्टियों का विवरण समय से तैयार करने के निर्देश दिए।


गिरिडीह में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस दारोगा का बेटा था मृतक

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले में देर रात एक युवक की कथित भीड़ द्वारा हमला कर हत्या कर दी गई। घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी की है। मृतक की पहचान राजेंद्रनगर निवासी 24 वर्षीय ऋतिक यादव के रूप में हुई है। उसके पिता मुसाफिर सिंह यादव झारखंड पुलिस में दारोगा हैं और बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना में तैनात हैं।

जानकारी के अनुसार, ऋतिक रात में अपने दो दोस्तों के साथ गिरिडीह-डुमरी रोड स्थित बंदरकुप्पी में मैगी खाने गया था। इसी दौरान कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में फोन पर कहासुनी के बाद विवाद बढ़ने की बात भी सामने आई है।

आरोप है कि विवाद के बाद करीब 10 से 15 युवकों ने ऋतिक को घेर लिया और लाठी-डंडे, फरसा व रड से हमला कर दिया। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। ऋतिक को देर रात सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही ऋतिक के परिजन अस्पताल पहुंचे। युवक की मौत की खबर फैलने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

मामले की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस घटनास्थल और सदर अस्पताल पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कुछ युवकों को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की है। प्रारंभिक जांच में पाल्मा और नावाडीह इलाके के कुछ युवकों से ऋतिक के विवाद की जानकारी सामने आई है।

पुलिस मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच जारी है। पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp