Friday, September 25th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

जनवरी तक तैयार हो जायेगा जीएनटीआई स्टेडियम- डाॅ. धन सिंह रावत

Daily Archives: 25/09/2026

जनवरी तक तैयार हो जायेगा जीएनटीआई स्टेडियम- डाॅ. धन सिंह रावत

श्रीकोट-स्वीत व डुंगरीपंथ क्षेत्र के लिये 3 करोड़ की विकास योजना स्वीकृत

कहा, धारी देवी रेलवे स्टेशन में बनेगा बहुउद्देशीय पार्किंग व आधुनिक पार्क

देहरादून। श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक जीएनटीआई स्टेडियम आगामी जनवरी माह तक नये व आधुनिक रूप में बनकर तैयार हो जायेगा। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तहत स्टेडियम का पुनर्निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। इसके अलावा श्रीकोट-स्वीत व डुंगरीपंथ क्षेत्र के लिये 3 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं को स्वीकृति दे दी गई है साथ ही विभागीय अधिकारियों को इन योजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिये गये हैं।

सूबे के कैबिनेट मंत्री व श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक डाॅ. धन सिंह रावत ने आज अपने शासकीय आवास से वर्चुअल माध्यम से अपने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। डाॅ. रावत ने ऐतिहासिक जीएनटीआई स्टेडियम के पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक को आगामी जनवरी माह तक जीएनटीआई स्टेडियम को पूरी तरह तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाय तक यह स्टेडियम पुनः स्थानीय सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों का एक मुख्य केंद्र बन सके। इसके अलावा उन्होंने धारी देवी रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के साथ ही बहुउद्देशीय पार्किंग व आधुनिक पार्क के निर्माण के निर्देश भी रेलवे आधिकारियों को दिये।

बैठक में श्रीकोट-स्वीत व डुंगरीपंथ क्षेत्र के विकास के लिये लगभग 3 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं को स्वीकृति दी गई। डाॅ. रावत ने स्थानीय प्रशासन व संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर इन योजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिये, उन्होंने कहा कि यदि अधिकारियों ने समय पर प्रस्ताव नहीं भेजे तो उनके विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी। बैठक में डाॅ रावत ने श्रीकोट स्थित सीडीएस जनरल विपिन रावत स्टेडियम में माॅडल पार्किंग के निर्माण के निर्देश स्थानीय प्रशासन को दिये। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में आने वाले लोगों के लिये बेहतर व आधुनिक पार्किंग व्यवस्था की जायेगी, जिसमें सैकड़ों वाहनों की पार्किंग क्षमता होगी। इसके अलावा उन्होंने श्रीनगर स्थित उद्यान विभाग के बगीचे व रीवर फ्रंट के सौन्दर्यीकरण के निर्देश भी जिला प्रशासन व विभागीय अधिकारियों को दिये।

वर्चुअल बैठक में कमिश्नर गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप, जिला अधिकारी पौड़ी स्वाती भदौरिया, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक हिमांशु बडोनी, एसडीएम श्रीनगर नुपुर वर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सामरिक और बुनियादी सुविधाओं का लिया जायजा

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने ‘सर्वशक्ति सी.एल.एफ. तुल्याड़ा’ के ग्राम मल्ली स्थित कलेक्शन सेंटर का किया उद्घाटन : समूह की महिलाओं के आत्मनिर्भरता प्रयासों को सराहा

पीएम श्री रा.ई. कॉलेज मातली पहुंचकर शिक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, छात्र-छात्राओं को दिया मार्गदर्शन

उत्तरकाशी। मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्द्धन ने अपने तीन दिवसीय सीमांत जनपद दौरे के पहले दिन शुक्रवार को जिले के सामरिक और नागरिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्त्वपूर्ण हवाई पट्टी चिन्यालीसौड़ की वर्तमान व्यवस्थाओं तथा विस्तार योजनाओं के दृष्टिगत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एप्रन, रनवे, टर्मिनल भवन सहित बुनियादी ढांचागत सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिये। चीन सीमा से निकटता के कारण यह हवाई पट्टी सीमांत क्षेत्र में भारतीय वायु सेना के सामरिक संचालन को गति प्रदान करने के साथ–साथ आपातकालीन रेस्क्यू, आपदा प्रबंधन एवं वीवीआईपी आवाजाही के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।

इसके बाद मुख्य सचिव ने विकासखंड चिन्यालीसौड़ के अंतर्गत ग्राम मल्ली पहुंचकर ‘सर्व शक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन ‘ तुल्याडा के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं व लखपति दीदीयों से सीधा संवाद कर उनके द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों, उत्पादन कार्यों एवं अनुभवों की जानकारी ली। महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों का अवलोकन करते हुए उनके आर्थिक स्वावलंबन तथा सामाजिक सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की।

क्लस्टर से जुड़ी महिलाओं ने अवगत कराया कि ‘सर्वशक्ति सी.एल.एफ. तुल्याड़ा द्वारा यूजीवीएस-रीप, आजीविका परियोजना एवं आईएफएडी के वित्तीय व तकनीकी सहयोग से ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने क्लस्टर द्वारा संचालित बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, कैटरिंग फार्मिंग, डेयरी, मुर्गी पालन तथा स्थानीय उत्पादों व अचार निर्माण जैसी बहुआयामी स्वरोजगार गतिविधियों की जानकारी दी।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख चिन्यालीसौड़ रणदेव सिंह महंत उपस्थित रहे।

इसके उपरांत मुख्य सचिव ने विकासखंड डुंडा के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य सचिव ने कक्षाओं में पहुंचकर अध्ययनरत विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का निडरता से सामना करने, उच्च लक्ष्य निर्धारित करने और अनुशासित जीवन शैली अपनाकर सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं, प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर कक्ष और पेयजल व्यवस्था का भी जायजा लिया।

मुख्य सचिव ने राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों में आधुनिक तकनीकी संसाधनों और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन का माहौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस दौरान मुख्य सचिव ने पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में पौधारोपण किया एवं विभिन्न शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर लंबी कूद में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर हेतु चयनित तथा कबड्डी में राज्य स्तर के लिए चयनित सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी राजीव (कक्षा 12), शुभम (कक्षा 11) सहित गृह परीक्षा सत्र 2025-26 के उत्कृष्ट छात्र लविश एवं अस्मित को सम्मानित कर बधाई दी। इसके साथ ही परिषदीय हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाली टॉपर निधि भट्ट एवं अनुष्का को उनकी शानदार शैक्षणिक उपलब्धि के लिए सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा अन्य छात्रों को निरंतर प्रेरणा लेकर कठिन परिश्रम व अनुशासन के साथ सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, एसडीएम देवानंद शर्मा, सीओ चंचल शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, ईई सिंचाई सचिन सिंहल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


सामान्य बीपी फिर भी चक्कर और शरीर कांपे तो नजरअंदाज न करें, इन वजहों से हो सकती है परेशानी

अचानक सिर घूमने लगे, शरीर में कंपकंपी महसूस हो या बिना किसी खास वजह के कमजोरी आने लगे तो व्यक्ति स्वाभाविक रूप से परेशान हो जाता है। ऐसे में कई लोग तुरंत ब्लड प्रेशर चेक करते हैं। अगर बीपी सामान्य निकलता है, तो अक्सर लगता है कि शायद कोई बड़ी समस्या नहीं है। हालांकि, चक्कर और शरीर कांपने के पीछे सिर्फ ब्लड प्रेशर ही जिम्मेदार नहीं होता। शरीर में पानी की कमी से लेकर लो ब्लड शुगर, तनाव, नींद की कमी और कान के संतुलन से जुड़ी समस्या तक कई कारण इसके पीछे हो सकते हैं।

डॉ. विनीत बंगा, डायरेक्टर एवं एचओडी-न्यूरोलॉजी के अनुसार, इन लक्षणों का कारण समझने के लिए केवल बीपी देखना पर्याप्त नहीं है। यह जानना भी जरूरी है कि चक्कर या कंपकंपी कब शुरू हुई, उस समय व्यक्ति क्या कर रहा था और इसके साथ कौन-कौन से दूसरे लक्षण दिखाई दे रहे थे। आइए जानते हैं सामान्य ब्लड प्रेशर होने के बावजूद चक्कर और शरीर कांपने की समस्या किन कारणों से हो सकती है।

सामान्य बीपी के बावजूद चक्कर और कंपकंपी क्यों होती है?

1. ब्लड शुगर कम होना

लंबे समय तक कुछ न खाने, जरूरत से ज्यादा एक्सरसाइज करने या डायबिटीज की स्थिति में ब्लड शुगर कम हो सकती है। लो ब्लड शुगर होने पर शरीर कांपने के साथ पसीना आना, भूख लगना, कमजोरी, दिल की धड़कन तेज होना और चक्कर जैसे लक्षण भी महसूस हो सकते हैं।

2. शरीर में पानी की कमी

पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पीने या ज्यादा पसीना निकलने से शरीर डिहाइड्रेट हो सकता है। उल्टी और दस्त जैसी स्थितियों में भी शरीर में पानी और जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो सकती है। इसके कारण कमजोरी, चक्कर और थकान महसूस हो सकती है।

3. तनाव और घबराहट

ज्यादा तनाव, एंग्जायटी या पैनिक की स्थिति में शरीर में कई तरह की शारीरिक प्रतिक्रियाएं होती हैं। इस दौरान हाथ-पैर कांपना, चक्कर आना, सांस तेज चलना और दिल की धड़कन बढ़ना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।

4. नींद पूरी न होना और ज्यादा चाय-कॉफी

लगातार नींद पूरी नहीं होने से शरीर और दिमाग पर असर पड़ सकता है। वहीं, जरूरत से ज्यादा कैफीन का सेवन कुछ लोगों में बेचैनी और कंपकंपी बढ़ा सकता है। ऐसी स्थिति में चक्कर या कमजोरी की शिकायत भी हो सकती है।

5. शरीर में खून की कमी

एनीमिया यानी शरीर में पर्याप्त हीमोग्लोबिन न होने की स्थिति में थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है। कुछ लोगों को इसके साथ चक्कर आने की शिकायत भी रहती है। आयरन की कमी एनीमिया का एक सामान्य कारण हो सकती है।

6. अचानक खड़े होने पर चक्कर

अगर लेटे या बैठे रहने के बाद अचानक खड़े होने पर चक्कर आता है, तो इसकी वजह कुछ समय के लिए ब्लड प्रेशर का नीचे गिरना हो सकती है। ऐसे में एक सामान्य बीपी रीडिंग पूरी स्थिति को नहीं दर्शाती। इसलिए यह ध्यान देना जरूरी है कि चक्कर किस परिस्थिति में आता है।

7. कान के अंदर संतुलन से जुड़ी समस्या

हर बार चक्कर का संबंध ब्लड प्रेशर या कमजोरी से नहीं होता। अंदरूनी कान शरीर का संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कान के संतुलन तंत्र में परेशानी होने पर घूमने जैसा महसूस होना या असंतुलन की समस्या हो सकती है।

किन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें?

अगर चक्कर या शरीर कांपने के साथ सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, बेहोशी, अचानक तेज सिरदर्द, शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी या सुन्नपन, बोलने में परेशानी, भ्रम की स्थिति या चलने में दिक्कत हो रही है, तो तुरंत चिकित्सकीय मदद लेनी चाहिए।

वहीं, अगर चक्कर और कंपकंपी की समस्या बार-बार हो रही है या लंबे समय तक बनी रहती है, तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है। समस्या का कारण समझने में यह जानकारी भी उपयोगी हो सकती है कि लक्षण कब शुरू हुए, उस समय आपने क्या खाया था, कितनी नींद ली थी, कौन-सी दवा ली थी और क्या कोई अन्य लक्षण भी मौजूद था।

नोट: यह लेख उपलब्ध मेडिकल जानकारी और विशेषज्ञ की सलाह के आधार पर तैयार किया गया है। लगातार या गंभीर लक्षण होने पर डॉक्टर से परामर्श लें।

(साभार)


जालंधर में कार से हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल, दो आरोपी गिरफ्तार

जालंधर। कादियां रोड पर कार में बैठकर कथित तौर पर शराब के नशे में हवाई फायरिंग करने के मामले में थाना डिवीजन नंबर पांच की पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बस्ती दानिशमंदा निवासी दीपू और उसके साथी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से लाइसेंसी हथियार और उसका लाइसेंस जब्त कर लिया है।

पुलिस को मामले की जानकारी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए वीडियो से मिली। वीडियो में कार में बैठे कुछ युवक हथियार से फायरिंग करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने फुटेज को आधार बनाकर जांच शुरू की और दोनों युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के दौरान कार में कितने लोग मौजूद थे और फायरिंग किस जगह तथा किन परिस्थितियों में की गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हथियार से कुल कितने राउंड फायर किए गए।

एडीसीपी माधवी शर्मा ने दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर हथियार का प्रदर्शन और हवाई फायरिंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने जब्त हथियार का लाइसेंस रद्द कराने के लिए संबंधित विभाग को कार्रवाई भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।


बालू लेने पहुंचे ट्रक चालक की पीट-पीटकर हत्या, आरोपितों की तलाश में दबिश

निरसा । धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र में बालू लेने पहुंचे पश्चिम बंगाल के एक ट्रक चालक की मारपीट के बाद मौत हो गई। आरोप है कि पोलकेरा घाट पर चालान और पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने चालक पर लाठी-डंडे और फावड़े से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चालक ने पश्चिम बंगाल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान 48 वर्षीय हसन मंडल के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के बागडांगा का रहने वाला था। हसन मंडल ट्रक संख्या डब्ल्यूबी 15 ई 0212 से बराकर नदी स्थित पोलकेरा घाट पर बालू लेने पहुंचा था।

ट्रक के खलासी विश्वनाथ दास के मुताबिक, बुधवार रात करीब 10:30 बजे चार-पांच लोग वहां पहुंचे और बिना कुछ कहे हसन मंडल के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल हालत में हसन मंडल ट्रक को करीब आधा किलोमीटर तक चलाकर ले गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गया।

खलासी ने इसकी सूचना बालू स्टॉकिस्ट सिकंदर अंसारी को दी। इसके बाद सिकंदर अंसारी कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और घायल चालक को धनबाद के अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर गुरुवार को उसे इलाज के लिए पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार को मृतक का भाई, ट्रक का खलासी और ट्रक मालिक निरसा थाना पहुंचे। टुंडी एसडीपीओ और निरसा एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम मृतक के परिजनों को लेकर घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच की।

पुलिस ने आसपास के इलाकों में छानबीन करने के साथ आरोपितों के घरों पर भी दबिश दी, लेकिन सभी आरोपी फरार मिले। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।


मुख्यमंत्री ने अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 15 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

मुख्यमंत्री के आह्वान पर ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन में सहयोग के लिए आगे आया कॉरपोरेट सेक्टर

नेस्ले इंडिया ने सीएसआर के तहत उपलब्ध कराए सात इलेक्ट्रिक कचरा कलेक्शन वाहन

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खटीमा में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 15 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें नेस्ले इंडिया द्वारा सीएसआर के तहत उपलब्ध कराए गए सात इलेक्ट्रिक कचरा कलेक्शन वाहन भी शामिल हैं।

नेस्ले इंडिया द्वारा धर्मपुर, छत्तरपुर, बिंदूखेड़ा (फौजी मटकोटा), कीरतपुर, बागवाला, दानपुर और नगला तराई के लिए एक-एक इलेक्ट्रिक कचरा कलेक्शन वाहन उपलब्ध कराया गया है। इस अवसर पर ब्रिटानिया की ओर से स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ठोस एवं तरल अपशिष्ट के बेहतर प्रबंधन में आधुनिक संसाधनों, जनभागीदारी और कॉरपोरेट सेक्टर के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर विकसित किया जा रहा सेल्फ-सस्टेनिंग मॉडल स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में कचरा संग्रहण एवं निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश सासनी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद ऊधम सिंह नगर की 373 ग्राम पंचायतों में 71 क्लस्टरों के माध्यम से ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार की गई है। नगर निकायों से लगे ग्रामीण क्षेत्रों तथा प्रमुख स्थानीय बाजारों में नियमित कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण के लिए संबंधित नगर निकायों के साथ एमओयू किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जनपद में अपशिष्ट प्रबंधन के लिए कुल 231 वाहनों का बेड़ा तैयार किया गया है। इनमें स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 134 ई-रिक्शा एवं 75 ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ ही सीएसआर एवं अन्य योजनाओं से उपलब्ध कराए गए वाहन शामिल हैं। विभिन्न विकासखंडों में जिला पंचायत द्वारा कॉम्पेक्टर का भी संचालन किया जा रहा है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश सासनी, अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं सदस्य सचिव सीएसआर मनमोहन मैनाली तथा नेस्ले इंडिया के कॉरपोरेट अफेयर्स एवं सस्टेनेबिलिटी डायरेक्टर कुंवर हिम्मत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।


पटेलनगर क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में वांछित ‌अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग कर एक युवक को घायल करने के मामले में दून पुलिस ने फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नमन पुत्र सुमित, निवासी ऊंचा गांव, थाना करना, जिला शामली, उत्तर प्रदेश को मुखबिर की सूचना पर शामली से पकड़ा। आरोपी की उम्र 19 वर्ष बताई गई है।

मामला 20 अगस्त 2026 का है। स्विफ्ट कार सवार युवकों द्वारा पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग किए जाने और एक युवक के घायल होने के बाद कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 544/26 के तहत धारा 109/3(5)/352 बीएनएस में केस दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आंतरिक मार्गों और सीमावर्ती चेकपोस्टों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया था।

पुलिस के मुताबिक, घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी रोहित को घटना में इस्तेमाल स्विफ्ट कार के साथ नया गांव बैरियर से गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी कार्रवाई के दौरान 24 सितंबर को नमन को शामली से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में नमन ने पुलिस को बताया कि उसके साथी गुरमीत का आदित्य, सुजल और उनके साथियों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते गुरमीत और उसके साथियों ने आईटीएस कॉलेज रोड पर आदित्य, सुजल व उनके साथियों पर फायरिंग की थी। हालांकि, इस दौरान किसी को चोट नहीं लगी। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने के बाद सभी आरोपी स्विफ्ट कार से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, आदित्य और उसके साथियों ने मोटरसाइकिल से आरोपियों का पीछा किया। शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूडस चौक के पास गुरमीत ने दोबारा फायरिंग की, जिसमें आदित्य का साथी साहिल गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

नमन के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में फायरिंग से संबंधित मुकदमे के अलावा एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।


प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का किया शुभारंभ

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और आशा बहनों का किया सम्मान

मातृशक्ति और बच्चों का सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता,हर पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना सरकार का लक्ष्य- रेखा आर्या

विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने 8 लाभार्थी बहनों को प्रदान की महालक्ष्मी किट ,4 बहनों को कराई गोदभराई की रस्म

पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने आज जनपद के आंगनबाड़ी केंद्र विण बगरैली में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं आशा बहनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर 8 लाभार्थी बहनों को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई, जबकि 4 बहनों की गोदभराई की रस्म भी पूर्ण कर उन्हें लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभागीय मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र में नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ सामूहिक भोजन कर उनके साथ संवाद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण और प्रारंभिक शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि माताओं, बहनों और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राज्य सरकार के प्रयासों से महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार का संकल्प है कि इन योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ अभियान के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को लोगों से अधिक जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के तहत माताओं, बहनों, बच्चों और आमजन को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं और आशा बहनें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके समर्पण और उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ अभियान आज से प्रारंभ होकर 7 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, मेयर कल्पना देवलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद, राज्यमंत्री गणेश भंडारी, प्रदेश मंत्री दीपिका बोहरा, जिला कार्यक्रम अधिकारी निर्मल बसेड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) हिमांशु, खंड शिक्षा अधिकारी नीरज अधिकारी, बीडीओ राजेंद्र अवस्थी, कार्यक्रम संयोजक राकेश देवलाल सहित विभागीय अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहे।


एसआईआर विवाद के बीच कांग्रेस का देशभर में प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी विवाद के बीच कांग्रेस ने शुक्रवार को देशभर में प्रदर्शन किया। दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, लखनऊ, कोलकाता, देहरादून और असम समेत कई जगहों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और हटाने की मांग की। दिल्ली में चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई थी।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों निजामुद्दीन भट, इरफान हाफिज लोन और इफ्तिखार अहमद ने प्रदर्शन किया। विधायकों ने बैनर दिखाकर चुनाव प्रक्रिया और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए। चंडीगढ़ में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च किया। पंजाब में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

असम में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और पार्टी के अन्य नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। उत्तराखंड के देहरादून, उत्तर प्रदेश के लखनऊ और पश्चिम बंगाल के कोलकाता में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस की ओर से अलग-अलग राज्यों में चुनाव आयोग के कार्यालयों तक मार्च का कार्यक्रम रखा गया था।

प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट है, जिसमें दावा किया गया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में एसआईआर से जुड़े कुछ फैसलों और आदेशों पर कम से कम 14 बार आपत्ति दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में फॉर्म-6 में बदलाव, मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया तथा मतदाता डेटाबेस के केंद्रीकृत नियंत्रण जैसे मुद्दों का उल्लेख किया गया है।

चुनाव आयोग ने इस विवाद पर कहा है कि संस्थागत विचार-विमर्श में अलग-अलग राय और टिप्पणियां सामने आना सामान्य प्रक्रिया है। आयोग ने एसआईआर से जुड़े अपने आदेशों को कानूनी और निर्धारित वैधानिक प्रक्रियाओं के तहत बताया है।

कांग्रेस ने एसआईआर से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन का आगे का कार्यक्रम भी घोषित किया है। पार्टी के अनुसार, 25 सितंबर को प्रदेश कांग्रेस समितियों को राज्य चुनाव आयोग कार्यालयों तक मार्च निकालने और 28 सितंबर को जिला कांग्रेस समितियों को जिला कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा कांग्रेस ने अन्य विपक्षी दलों से संपर्क कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए संसद के दोनों सदनों में नया महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी की है। विपक्षी दलों की ओर से इस संबंध में अगले दो सप्ताह में नोटिस दिए जाने की बात सामने आई है।


रुद्रपुर की शिव इन्कलेव कॉलोनी में नकाबपोश युवकों ने की फायरिंग, दो वाहनों के शीशे टूटे

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की शिव इन्कलेव कॉलोनी में गुरुवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब नकाबपोश युवकों ने कथित तौर पर करीब दस राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से कॉलोनी में अफरातफरी मच गई। फायरिंग के दौरान दो वाहनों के शीशे टूटने की भी जानकारी सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, एक युवती करीब डेढ़ महीने से कॉलोनी में किराये के मकान में रह रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उसके घर पर अक्सर युवकों का आना-जाना रहता था। गुरुवार रात भी एक युवक उसके घर पहुंचा, जिसका कुछ लोगों ने विरोध किया।

आरोप है कि विरोध के बाद युवक ने अपने साथियों को बुला लिया। कुछ देर बाद कई नकाबपोश युवक कार से वहां पहुंचे और हंगामा करने के बाद फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियां चलने से कॉलोनी के लोग अपने घरों में दुबक गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से निकल गए। यह भी आरोप है कि भागते समय कुत्तों के भौंकने पर युवकों ने एक कुत्ते पर भी गोली चलाई।

सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने लोगों से घटना की जानकारी लेने के साथ मौके पर मिली कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस कार के आधार पर आरोपितों की पहचान करने और फायरिंग की पूरी घटना की जांच में जुटी है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp