Thursday, September 24th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

लंबित वादों की अब होगी स्मार्ट मॉनिटरिंग, डीएम ने सॉफ्टवेयर सिस्टम विकसित करने के दिए निर्देश

Daily Archives: 24/09/2026

लंबित वादों की अब होगी स्मार्ट मॉनिटरिंग, डीएम ने सॉफ्टवेयर सिस्टम विकसित करने के दिए निर्देश

राजस्व न्यायालयों के लंबित वादों पर डीएम सख्त, स्मार्ट मॉनिटरिंग से तय होगी जवाबदेही

पुराने वादों पर विशेष फोकस, निर्विवाद विरासतन मामलों का युद्धस्तर पर निस्तारण के निर्देश

न्यायालय एवं शासन संदर्भित मामलों की सॉफ्टवेयर आधारित स्मार्ट मॉनिटरिंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में मासिक समीक्षा बैठक कर राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों, न्यायालयों से संबंधित मामलों और शासन स्तर से संदर्भित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी मामलों का नियमानुसार, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सामने आया कि जिले में 15,540 राजस्व वाद निस्तारण के लिए लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को नियमित रूप से न्यायालय लगाकर लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो प्रकरण निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारित किए जा सकते हैं, उन्हें बिना उचित कारण लंबित रखने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

पुराने वादों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश

समीक्षा के दौरान उप जिलाधिकारी और तहसीलदार न्यायालयों में धारा 166/167 के तहत 3 से 5 वर्ष पुराने 82 वाद लंबित पाए गए। डीएम ने इन मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण किया जाए।

इसी तरह धारा 229बी के तहत 841 वाद लंबित पाए गए। जिलाधिकारी ने इन मामलों का विभागवार और न्यायालयवार परीक्षण कर कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

धारा 176 के मामलों की समीक्षा में बताया गया कि अगस्त माह में 13 वादों का निस्तारण किया गया है, जबकि अभी 1,157 मामले लंबित हैं। इनमें 3 से 5 वर्ष पुराने 179 वाद भी शामिल हैं। डीएम ने अधिकारियों को पुराने मामलों के निस्तारण के लिए विशेष प्रयास करने और अगली समीक्षा बैठक में अद्यतन रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए।

निर्विवाद विरासतन मामलों के जल्द निस्तारण पर जोर

जिलाधिकारी ने निर्विवाद विरासतन वादों को भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में कोई विवाद नहीं है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित रखने का कोई औचित्य नहीं है। ऐसे मामलों का शीघ्र परीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण किया जाए, जिससे आमजन को राजस्व कार्यालयों और न्यायालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

न्यायालयों के आदेशों की अनुपालन रिपोर्ट भी होगी मॉनिटर

डीएम ने माननीय न्यायालयों में लंबित मामलों और संबंधित विभागों द्वारा किए जाने वाले अनुपालन की अद्यतन स्थिति तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने न्यायालयों के आदेशों के अनुपालन की नियमित निगरानी और संबंधित विभागों से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

इसके साथ ही मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर से संदर्भित मामलों में हुई कार्रवाई तथा अनुपालन की स्थिति को भी व्यवस्थित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

सॉफ्टवेयर से होगी लंबित मामलों की स्मार्ट मॉनिटरिंग

जिलाधिकारी ने लंबित वादों और उनके अनुपालन की स्थिति की निगरानी के लिए सॉफ्टवेयर आधारित स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक ही प्लेटफॉर्म पर प्रत्येक मामले की वर्तमान स्थिति, लंबित रहने का कारण, संबंधित अधिकारी और निस्तारण की निर्धारित समयसीमा जैसी जानकारी उपलब्ध होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को एक संगठित प्रबंधन प्रणाली के रूप में विकसित किया जाए, जिससे लंबित मामलों की नियमित निगरानी के साथ अधिकारियों की जवाबदेही भी तय हो सके। सॉफ्टवेयर आधारित व्यवस्था से प्रत्येक प्रकरण की वास्तविक स्थिति तत्काल सामने आएगी और लंबित रहने के कारणों की पहचान कर समयबद्ध कार्रवाई की जा सकेगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, उप जिलाधिकारी रविन्द्र ज्वांठा, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी डोईवाला अपर्णा ढौंडियाल, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश कुमकुम जोशी, संयुक्त निदेशक विधि गिरीश चन्द्र पंचौली, जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) गुरू प्रसाद रतूड़ी सहित संबंधित पटल के पटल सहायक मौजूद रहे।


कैंची धाम जा रहे यूपी के पर्यटकों को युवक ने लगाया चूना, मोबाइल-नगदी और चांदी की चेन लेकर फरार

नैनीताल। कैंची धाम दर्शन के लिए उत्तर प्रदेश से नैनीताल पहुंचे चार पर्यटकों के साथ ठगी और चोरी का मामला सामने आया है। ट्रेन में सफर के दौरान उनसे दोस्ती करने वाला एक युवक उनके साथ नैनीताल पहुंचा और रात में मौका पाकर मोबाइल, नकदी और चांदी की चेन लेकर फरार हो गया। युवक ने जाते समय कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।

शामली के हसनपुरी निवासी शिवम कुमार अपने दोस्तों मुकुल सैनी, चंकी कुमार और चेतन कुमार के साथ ट्रेन से कैंची धाम जा रहे थे। मुरादाबाद के पास ट्रेन में एक युवक सवार हुआ। बातचीत के दौरान उसने अपना नाम दीपक बताया और कैंची धाम दर्शन के लिए जाने की बात कही। सफर के दौरान चारों पर्यटकों की उससे दोस्ती हो गई।

काठगोदाम पहुंचने के बाद पांचों नैनीताल आ गए और सभी ने एक कमरा किराये पर लिया। चारों पर्यटकों ने अगले दिन कैंची धाम जाने की योजना बनाई। रात करीब एक बजे जब चारों सो रहे थे, तभी दीपक उनके मोबाइल फोन, मोबाइल कवर में रखे 3500 रुपये, बैग में रखी 10 हजार रुपये की नकदी और चांदी की चेन लेकर वहां से निकल गया।

सुबह पर्यटकों की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। होटल कर्मियों से जानकारी लेने के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद चारों ने तल्लीताल थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।


इमरान हाशमी की ‘गनमास्टर जी9’ का ‘अफसाना बनाया आपने’ सॉन्ग हुआ रिलीज

इमरान हाशमी और जेनेलिया डिसूजा की अपकमिंग फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ इन दिनों चर्चा में है। फिल्म के पहले गाने ‘अफसाना बनाया आपने’ ने रिलीज होते ही दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। रोमांटिक अंदाज से सजे इस गाने में इमरान हाशमी और जेनेलिया डिसूजा की केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। गाने को हिमेश रेशमिया और आसीस कौर ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल और संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किए हैं।

रिलीज होते ही छाया ‘अफसाना बनाया आपने’

फिल्म के गाने को लेकर मेकर्स ने पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी थी। इमरान हाशमी ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘अफसाना बनाया आपने’ का टीजर साझा करते हुए इसकी रिलीज की जानकारी दी थी। टीजर सामने आने के एक दिन बाद अब पूरा गाना जारी कर दिया गया है।

फिर साथ दिखे इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया

‘अफसाना बनाया आपने’ की सबसे खास बात इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया की जोड़ी की वापसी है। एक दौर में दोनों की जोड़ी ने संगीत और फिल्मों की दुनिया में खूब सुर्खियां बटोरी थीं। अब लंबे समय बाद दोनों फिर एक प्रोजेक्ट के लिए साथ आए हैं।

गाना सामने आने के बाद फैंस को इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया के उस दौर की याद आ रही है, जब 2005-2006 के आसपास दोनों की जोड़ी से जुड़े गाने काफी लोकप्रिय हुआ करते थे। यही वजह है कि नए गाने को लेकर दर्शकों के बीच पुरानी यादें भी ताजा हो रही हैं।

ऐसा था फिल्म का टीजर

इससे पहले 25 अगस्त को ‘गनमास्टर जी9’ का टीजर रिलीज किया गया था। करीब 1 मिनट 22 सेकंड के इस टीजर में इमरान हाशमी का अलग अंदाज देखने को मिला। फिल्म में वह रोमांस के साथ-साथ एक्शन करते हुए भी नजर आए। टीजर में उनकी भूमिका को लेकर भी दर्शकों के बीच उत्सुकता देखने को मिली।

कब रिलीज होगी ‘गनमास्टर जी9’?

‘गनमास्टर जी9’ का निर्देशन आदित्य दत्त ने किया है। फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी दीपक मुकुट, संगीता अहीर और हुनर मुकुट ने संभाली है।

फिल्म 29 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। ‘आवारापन 2’ के बाद इमरान हाशमी की इस फिल्म को लेकर भी दर्शकों के बीच दिलचस्पी बनी हुई है। अब देखना होगा कि फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।

(साभार)


यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा- चलती बस में लगी भीषण आग, नौ यात्रियों की मौत

कई लोग घायल

पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50  हजार रुपये की सहायता का किया ऐलान

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर एयरपोर्ट के पास एक स्लीपर बस में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से बिहार के राठ के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। रात करीब 11:30 बजे बस यमुना एक्सप्रेसवे पर नोएडा से आगरा की ओर किलोमीटर संख्या 33 के पास पहुंची। इसी दौरान यात्रियों को बस के केबिन से जलने की गंध महसूस हुई।

यात्री सुनील कुमार पुत्र बद्रीप्रसाद, निवासी मोहल्ला खुशीपुरा, थाना राठ, जिला हमीरपुर की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, यात्रियों ने चालक और परिचालक को बस से आ रही जलने की गंध के बारे में जानकारी दी थी। आरोप है कि इसके बावजूद बस को तत्काल रोककर जांच नहीं की गई।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ देर बाद चालक की सीट के पास से अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग फैलते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ यात्री किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, जबकि कई यात्री अंदर फंस गए।

भीषण आग में नौ यात्रियों की मौत हो गई। कई अन्य यात्री झुलस गए और घायल हुए हैं। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन चालकों में भी अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों में घिरी बस का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वाहन पूरी तरह जलता हुआ दिखाई दे रहा है।

सूचना मिलते ही जेवर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बस में आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी, इसका अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

ग्रेटर नोएडा में हुए इस दर्दनाक हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों से बात कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख

यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से हुई मौतों पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी गहरा दुख जताया। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हादसे में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

राजनाथ सिंह ने भी जताया शोक

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लगने से यात्रियों की मृत्यु अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं हादसे में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।


निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा- जिलाधिकारी

दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण में तेजी लाएं, गुणवत्ता से न हो समझौता- डीएम

मानकों पर सही पाए गए प्रस्तावों के लिए तत्काल धनराशि जारी करने के निर्देश

गलत आकलनों पर फटकार, सही प्रस्ताव उपलब्ध कराने की सख्त हिदायत

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आपदा से क्षतिग्रस्त विभिन्न विभागीय परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने ब्लॉक, तहसील व विभागीय स्तर से प्राप्त पुनर्निर्माण प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा में क्षतिग्रस्त हुई संपत्तियों के प्रस्तावों की प्राथमिकता तय की जाए। उन्होंने स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फंड (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुरूप पाए गए आगणनों (एस्टिमेट) के लिए तुरंत बजट जारी करने और पुनर्निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के आदेश दिए।

बैठक के दौरान कुछ विभागीय प्रस्तावों में कमियां मिलने और एसडीआरएफ मानकों के अनुकूल न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर पर आगणनों की पुनः जांच करें और संशोधित प्रस्ताव जल्द से जल्द प्रस्तुत करें ताकि धनराशि जारी की जा सके। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सख्त हिदायत दी कि संबंधित विभाग के अधिकारी इस आशय का प्रमाणपत्र भी संलग्न करेंगे कि प्रस्तुत किए गए सभी आंकड़े पूरी तरह मानकों के अनुरूप हैं।

समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कुमकुम जोशी, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, एसडीएम रविंद्र ज्वांठा सहित लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, लघु सिंचाई, पेयजल, विद्युत विभाग और अन्य कार्यदायी संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


देहरादून में शराब तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार, 70 से ज्यादा लीटर/पैक शराब बरामद

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में नेहरू कॉलोनी और पटेलनगर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 टेट्रा पैक मसालेदार देसी शराब और 18 लीटर कच्ची शराब बरामद की है।

नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने 22 सितंबर 2026 की रात चेकिंग के दौरान रंजीत पुत्र धर्म सिंह को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से 52 टेट्रा पैक मसालेदार देसी शराब बरामद हुई। आरोपी रंजीत लोअर नत्थनपुर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून का रहने वाला है और उसकी उम्र 42 वर्ष है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वहीं, पटेलनगर पुलिस ने 22 सितंबर की शाम नियमित चेकिंग के दौरान चोटियों वाला बाबा मंदिर के पीछे निर्माणाधीन हाईवे के पास से ललित कश्यप को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 18 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। आरोपी की पहचान ललित कश्यप पुत्र वीरेंद्र कश्यप, निवासी कश्यप कॉलोनी बड़ोवाला, थाना पटेलनगर, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp