Saturday, September 12th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

10 वर्षीय बच्ची के अपहरण-दुष्कर्म-हत्या मामले में 1,500 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल

Daily Archives: 12/09/2026

10 वर्षीय बच्ची के अपहरण-दुष्कर्म-हत्या मामले में 1,500 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल

दक्षिणी दिल्ली। महरौली थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने 1,500 से अधिक पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया है। आरोपपत्र में आरोपी कैब चालक बाशु कुमार सिंह की गतिविधियों का विस्तृत ब्योरा दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, बच्ची के शव को गुरुग्राम के जंगल में तीन बड़े पत्थरों के नीचे छिपाने की कोशिश के दौरान आरोपी का ड्राइविंग लाइसेंस वहां गिर गया था। बाद में यह लाइसेंस मामले में महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया।

आरोपपत्र के अनुसार, आरोपी बच्ची का अपहरण करने से करीब एक घंटे पहले छतरपुर एक्सटेंशन पहुंचा था। उसने उस फुटपाथ के पास से वाहन निकाला, जहां बच्ची अपने माता-पिता और तीन छोटे भाई-बहनों के साथ सो रही थी। इसके बाद वह कई घंटे इलाके में घूमता रहा और दो राइड भी रद कर दीं।

करीब तड़के 4:15 बजे आरोपी ने बच्ची को उठा लिया। बच्ची के मदद के लिए चिल्लाने पर उसके पिता की नींद खुल गई। उन्होंने कुछ दूरी तक वाहन का पीछा किया, लेकिन आरोपी को पकड़ नहीं सके।

पुलिस के मुताबिक, गुरुग्राम से आने के बाद आरोपी संगम विहार में एक यात्री को छोड़ चुका था। इसके बाद करीब ढाई घंटे में उसने दो अन्य राइड रद कीं और दूसरी सवारी लेने के बजाय उसी इलाके में घूमता रहा, जहां से बाद में बच्ची का अपहरण किया गया।

आरोपपत्र के अनुसार, मंडी गांव के पास वाहन में बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपी गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड की ओर गया और जंगल में बच्ची की हत्या कर शव को छिपाने की कोशिश की। आरोपपत्र में मौत का कारण गला घोंटना और मुंह दबाना बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गमछे से बच्ची का गला घोंटा था, जिसे बाद में घटनास्थल से बरामद किया गया।

आरोपपत्र में 89 पन्नों का मुख्य विवरण भी शामिल है। इसमें आरोपी की कार की तस्वीरें, बच्ची के परिवार के फुटपाथ पर सोने की तस्वीरें, आरोपी के आने-जाने के रास्ते और जंगल में शव मिलने वाली जगह की तस्वीरें शामिल हैं। इसके अलावा एएनपीआर कैमरों से मिली आरोपी की कार की तस्वीरें भी आरोपपत्र का हिस्सा हैं। इनमें दर्ज सटीक समय के आधार पर पुलिस ने अपराध से पहले और बाद में आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया।


कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने की तीन विभागों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

देहरादून। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने देहरादून में शहरी विकास, जलागम प्रबंधन और पर्यावरण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने जनहित से जुड़े कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री कैड़ा ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शहरी विकास विभाग को शहरों में पेयजल वितरण, सीवरेज लाइन, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को तय समय पर पूरा करने को कहा।

जलागम विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने जल संरक्षण और जल संवर्धन की योजनाओं को प्राथमिकता से धरातल पर उतारने तथा ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में जल स्रोतों के पुनरुद्धार के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।

वहीं पर्यावरण विभाग को पौधरोपण, प्लास्टिक उन्मूलन और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े अभियानों में तेजी लाने तथा पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

मंत्री ने सभी विभागों के अधिकारियों को नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और बजट का शत-प्रतिशत एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में तीनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


बड़ी खबर : पटेलनगर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, पैर में गोली लगने से शूटर घायल

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में 25 वर्षीय बदमाश अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर को बड़ोवाला क्षेत्र में बैंक कर्मचारी सत्यम कुमार पर जानलेवा फायरिंग की गई थी। मामले में पटेलनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फायरिंग की घटना में शामिल दोनों आरोपी दोबारा देहरादून आए हैं। शुक्रवार को गोरखपुर चौक पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। दोनों बाइक लेकर भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने चाय बागान की पगडंडी पर बाइक छोड़ दी और जंगल की ओर भाग गए।

पुलिस के अनुसार, जंगल में बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि अंकुर फरार हो गया। मौके से 315 बोर का देसी तमंचा, एक जिंदा और दो खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई।

₹5 लाख में हत्या की सुपारी का खुलासा

पूछताछ में घायल आरोपी अंकित ने कथित तौर पर बताया कि उसे और उसके साथी अंकुर को सत्यम कुमार की हत्या के लिए ₹5 लाख देने का सौदा किया गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को एडवांस के तौर पर ₹1.20 लाख दिए गए थे।

पुलिस के अनुसार, बैंक में काम के दौरान सत्यम कुमार और एक महिला की पहचान हुई थी। महिला ने अपने परिचित मोहित के माध्यम से अंकित से संपर्क किया और सत्यम को रास्ते से हटाने की बात कही। महिला ने कथित तौर पर अंकित को सत्यम की फोटो और देहरादून स्थित बैंक कार्यालय की जानकारी भी उपलब्ध कराई।

8 सितंबर को अंकित और अंकुर ने सत्यम का पीछा कर बड़ोवाला में उस पर फायर किया था। गोली लगने से सत्यम घायल हो गया था। घटना के बाद दोनों आरोपी दिल्ली और हरियाणा की ओर फरार हो गए थे। पुलिस के मुताबिक, बची हुई रकम लेने के लिए दोनों दोबारा देहरादून आए थे।

पुलिस अब फरार आरोपी अंकुर की तलाश में लगातार कॉम्बिंग और सर्च अभियान चला रही है। घायल आरोपी अंकित के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज होने और उसके जेल जाने की बात पुलिस ने बताई है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp