Wednesday, October 14th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

प्रमुख सचिव ने तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस सम्मेलन के आयोजन के सम्बन्ध में ली बैठक

Daily Archives: 14/10/2026

प्रमुख सचिव ने तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस सम्मेलन के आयोजन के सम्बन्ध में ली बैठक

सम्मेलन में प्रवासी उत्तराखण्ड वासियों से हो सार्थक संवाद-प्रमुख सचिव

13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में आयोजित होगा सम्मेलन

देहरादून : प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन-2026 की तैयारियों के संबंध में गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन के सफल आयोजन, व्यापक प्रचार-प्रसार तथा प्रवासी उत्तराखण्डियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

प्रमुख सचिव ने इस सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप, युवा-केंद्रित एवं नवाचारपूर्ण स्वरूप में आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि यह आयोजन अपनी विशिष्ट पहचान बना सके। उन्होंने देश के विभिन्न प्रांतों एवं शहरों में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों को चिह्नित कर सम्मेलन में आमंत्रित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करने तथा राज्य के विकास में उनके अनुभवों, सुझावों एवं योगदान का लाभ लेने के प्रयास किये जाएं।

बैठक में अवगत कराया गया कि तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस के लिए पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। सम्मेलन का आयोजन देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में किया जाएगा। प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा अंतिम रूप से तैयार करने तथा तैयारियों की प्रगति के संबंध में तीन-चार दिन में अपडेट देने के निर्देश दिए।

प्रमुख सचिव ने सम्मेलन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया, विज्ञापन, होर्डिंग्स एवं सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावी अभियान चलाने को कहा। उन्होंने स्थानीय स्तर पर आमंत्रित अतिथियों को चिह्नित करने के साथ ही उनके आवागमन, परिवहन, वाहनों, ठहरने एवं भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्घाटन सत्र से लेकर विभिन्न सत्रों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों आदि के आयोजन की व्यवस्थाओं को भी समयबद्ध रूप से पूरा करने को कहा।

उन्होंने आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पहुंच मार्गों को व्यवस्थित रखने तथा परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश दिए। सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार के विकास कार्यों, विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे प्रवासी उत्तराखण्डियों को राज्य में हो रहे विकास कार्यों एवं विभिन्न क्षेत्रों में संचालित पहलों की जानकारी मिल सके। प्रमुख सचिव ने इन सभी व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को पत्र प्रेषित कर आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में सचिव शैलेश बगोली, विनोद कुमार सुमन, सी. रविशंकर, राजेंद्र कुमार, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह, सदस्य उत्तराखण्ड प्रवासी प्रकोष्ठ सुधीर चन्द्र नौटियाल, उपनिदेशक सूचना बद्री चंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


नरेंद्र नगर में पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया तेज, ₹1.38 करोड़ की धनराशि शीघ्र जारी करने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा को धरातल पर उतारने की तैयारी, धनराशि मिलते ही शुरू होगा निर्माण कार्य

देहरादून:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में मोटरनाला/पुलिस थाने के समीप प्रस्तावित पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। बुधवार को राज्य सचिवालय में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित विभागीय वित्त समिति की बैठक में परियोजना के तकनीकी एवं वित्तीय पहलुओं की समीक्षा की गई। बैठक में पार्किंग निर्माण के लिए ₹1.38 करोड़ की आवश्यक धनराशि शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री की घोषणा संख्या 1097/2021 के अंतर्गत प्रस्तावित इस परियोजना की कुल अनुमोदित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) लागत ₹138.20 लाख है। बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक औपचारिकताएं तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि धनराशि उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जा सके।

स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को मिलेगी राहत

नरेंद्र नगर क्षेत्र में वाहनों की बढ़ती आवाजाही और पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए व्यवस्थित पार्किंग सुविधा की आवश्यकता लंबे समय से महत्वपूर्ण रही है। प्रस्तावित पार्किंग के निर्माण से स्थानीय नागरिकों और क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को वाहन खड़े करने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही, क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को अधिक सुगम बनाने में भी सहायता मिलने की उम्मीद है।

बैठक में परियोजना की प्रगति, लागत अनुमान, तकनीकी आवश्यकताओं और निर्माण कार्य के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। समिति ने निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने, गुणवत्ता बनाए रखने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ परियोजना को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर जोर

सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। नरेंद्र नगर में प्रस्तावित पार्किंग निर्माण परियोजना की विभागीय वित्त समिति में समीक्षा की गई है। परियोजना की कुल अनुमोदित डीपीआर लागत ₹138.20 लाख है और वित्त विभाग को आवश्यक धनराशि शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि धनराशि उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा। प्रयास रहेगा कि परियोजना निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरी हो, जिससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर पार्किंग सुविधा का लाभ मिल सके।

बैठक में आवास विभाग, संबंधित कार्यदायी संस्था और अन्य संबद्ध विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


इटावा में ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

इटावा: ऑनलाइन गेमिंग और हार-जीत की बाजी के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और लैपटॉप समेत कई अहम सामान बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों के सहारे बैंक खाते खुलवाकर ठगी की रकम का लेनदेन करते थे।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य आपस में तालमेल बनाकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते खुलवाते थे। ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे में जीत-हार के नाम पर ठगी से हासिल रकम इन खातों में मंगाई जाती थी। इसके बाद एटीएम और डेबिट कार्ड के साथ सिम कार्ड का इस्तेमाल करके पैसों का लेनदेन किया जाता था।

जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस तरीके से ठगी की रकम को अलग-अलग खातों के माध्यम से आगे भेजा जाता था, जिससे लेनदेन का पता लगाना मुश्किल हो सके। पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने इस मामले में अंशुल उर्फ अंशु तिवारी, निवासी ग्राम श्रीनगर बलोथ, थाना लवेदी, जो वर्तमान में इकदिल के मानिकपुर मोड़ क्षेत्र में रह रहा था; रांकी राणावत, निवासी किल्ली रोड, थाना बसरहर; अंकित मिश्रा उर्फ राहुल, निवासी विकास कॉलोनी, इकदिल; और मोहित उर्फ रोहित यादव, निवासी रूपपुर, थाना अछल्दा, जिला औरैया को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 16 मोबाइल फोन, 42 एटीएम और डेबिट कार्ड तथा छह सिम कार्ड बरामद किए हैं। इसके अलावा एक लैपटॉप, अलग-अलग बैंकों के खातों से संबंधित दस्तावेज, तीन रजिस्टर, शपथपत्र और फर्जी सिम कार्ड के इस्तेमाल से जुड़ी एक बायोमेट्रिक मशीन भी जब्त की गई है।

पुलिस इन बरामद वस्तुओं की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गिरोह ने कितने बैंक खातों का इस्तेमाल किया और ठगी की रकम किन-किन खातों में भेजी गई।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में शामिल रांकी राणावत और अंकित मिश्रा के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी, जालसाजी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह के आर्थिक लेनदेन


मेरठ सौरभ राजपूत हत्याकांड में बड़ा फैसला, साहिल शुक्ला और मुस्कान रस्तोगी को मृत्युदंड

मेरठ: चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में अदालत ने बुधवार को अहम फैसला सुनाते हुए दोषी साहिल शुक्ला और मुस्कान रस्तोगी को मृत्युदंड की सजा सुनाई। जिला जज अरविंद कुमार मिश्र की अदालत ने दोनों को 30 सितंबर को हत्या के मामले में दोषी ठहराया था। सजा सुनाए जाने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

बुधवार को दोनों दोषियों को जिला कारागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किया गया। सजा पर फैसला सुनाने से पहले न्यायाधीश ने दोनों के स्वास्थ्य और जेल में उनकी दिनचर्या के बारे में जानकारी ली। इसके बाद अदालत ने सजा के मुद्दे पर सुनवाई पूरी करते हुए दोनों को फांसी की सजा सुनाई।

मामले में सौरभ की मां रेणू और भाई बबलू ने अदालत से दोनों आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की थी। जिला शासकीय अधिवक्ता केके चौबे ने भी अदालत के सामने साक्ष्यों का हवाला देते हुए मृत्युदंड की मांग रखी थी। परिवार की ओर से पहले ही कहा गया था कि यदि फैसला उनकी मांग के अनुरूप नहीं आता, तो वे उच्च न्यायालय का रुख करेंगे।

मामले के अनुसार, मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र स्थित इंद्रानगर के रहने वाले सौरभ राजपूत ने वर्ष 2016 में गौरीपुरा निवासी मुस्कान रस्तोगी से प्रेम विवाह किया था। वर्ष 2019 में पारिवारिक विवाद के बाद दोनों अलग रहने लगे। इसी साल मुस्कान ने बेटी पीहू को जन्म दिया, जो फिलहाल अपने नाना-नानी के साथ रहती है।

इसी दौरान मुस्कान की मुलाकात अपने स्कूल के पुराने सहपाठी साहिल शुक्ला से हुई। साहिल भी इंद्रानगर का निवासी था। बताया गया कि सौरभ के विदेश जाने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, सौरभ की हत्या की साजिश फरवरी 2025 में रची गई थी। आरोप था कि तीन मार्च की रात उसकी हत्या कर शव के टुकड़े किए गए और उन्हें सीमेंट से भरे नीले ड्रम में छिपा दिया गया। इसके बाद साहिल और मुस्कान हिमाचल प्रदेश घूमने चले गए।

दोनों के लौटने के बाद 18 मार्च को हत्याकांड का खुलासा हुआ। पुलिस ने 19 मार्च को साहिल और मुस्कान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस के मुताबिक, उनकी निशानदेही पर ड्रम से सौरभ का शव बरामद किया गया।

पुलिस ने मामले की जांच पूरी करने के बाद आरोपपत्र अदालत में दाखिल किया था। मुकदमे की सुनवाई के दौरान पेश किए गए साक्ष्यों पर विचार करने के बाद जिला अदालत ने 30 सितंबर को दोनों को हत्या का दोषी करार दिया। बुधवार को सजा पर सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों को मृत्युदंड देने का फैसला सुनाया।


कुशीनगर में पानी पूरी बेचने वाले युवक पर महिला को ले जाने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक महिला को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है। महिला के ससुर ने झांसी निवासी पानी पूरी विक्रेता पर उसे बच्चे और नकदी-जेवरात के साथ ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद नेबुआ नौरंगिया थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, झांसी का रहने वाला राजेंद्र पिछले कई महीनों से क्षेत्र में ध्रुव शर्मा के मकान में किराये पर रह रहा था। वह आसपास के चौराहों पर पानी पूरी बेचकर अपना गुजारा करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात करीब 28 वर्षीय महिला से हुई, जो स्वयं सहायता समूह में मेट के रूप में काम करती है। महिला के पति की करीब तीन साल पहले मृत्यु हो चुकी है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, राजेंद्र और महिला के बीच पिछले करीब एक महीने से संपर्क था। आरोप है कि 11 अक्टूबर को राजेंद्र महिला को शादी करने का भरोसा देकर अपने साथ ले गया। महिला के छह वर्षीय बेटे सत्यप्रकाश को भी साथ ले जाने के अलावा ससुर ने नकदी और जेवरात ले जाने का आरोप लगाया है।

नेबुआ नौरंगिया थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि शिकायत के आधार पर मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों संबंधित व्यक्ति बालिग हैं और उनके बयान दर्ज किए जाने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस प्रकरण की जांच में जुटी है।


पाबौ क्षेत्र को मिली 16.18 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, सात किमी सड़क का होगा निर्माण

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण

पौड़ी- कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने अपने तीन दिवसीय क्षेत्र भ्रमण के अंतिम दिन पाबौ मंडल के सैंजी, बुरांसी, जगतेश्वर और नौठा क्षेत्र में 16 करोड़ 18 लाख 10 हजार रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों को बेहतर आवागमन एवं शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। विकास योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ ही शिक्षा और धार्मिक स्थलों के विकास को भी गति मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर में 23 लाख 80 हजार रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इस दौरान उन्होंने बुरांसी मुख्य मार्ग से राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर तक 08 लाख 21 हजार रुपये की लागत से निर्मित इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य का लोकार्पण भी किया। विद्यालय पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने उनका स्वागत किया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

कैबिनेट मंत्री ने नौठा-बुरांसी-कुल्याणी मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। करीब सात किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग के निर्माण पर नौ करोड़ 36 लाख 96 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही दैनिक जरूरतों और स्थानीय गतिविधियों को भी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने सैंजी-कुरगड़खाल से ग्वालखड़ा मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। इस सड़क के निर्माण पर 96 लाख 13 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।

कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए बुरांसी गांव स्थित पातुल्या पौराणिक मंदिर के स्थल विकास कार्य का भी शिलान्यास किया। इसके अलावा तीन लाख रुपये की लागत से प्राचीन बिंदेश्वर मंदिर के स्थल विकास कार्य की शुरुआत की गई। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण स्थानीय विरासत को सहेजने के लिए महत्वपूर्ण है। इन स्थलों का विकास होने से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सैंजी-चौलूसैंण, राजकीय इंटर कॉलेज तथा चपलौड़ी-फलदाड़ी सड़क से संबंधित इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं सड़क सुधारीकरण के कार्य भी शामिल हैं। क्षेत्र भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने फलद्वाड़ी, सैंजी, बुरांसी, बड़ैथ और पैलार के महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सामग्री भी वितरित की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में महिला मंगल दलों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए ऐसे समूहों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पाबौ लता रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रजनी रावत सहित विमल सिंह नेगी, विनोद नेगी, नरेंद्र भंडारी, गुलाब सिंह बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


प्रशासनिक प्रशिक्षण में कार्मिकों को दी गयी एसीपी और वेतन निर्धारण की जानकारी

तीन दिवसीय कार्यशाला के दूसरे दिन पदोन्नति, चयन वेतनमान और सेवा संबंधी नियमों पर हुआ प्रशिक्षण

पौड़ी- जनपद मुख्यालय स्थित विकास भवन सभागार में डॉ. रघुनंदन सिंह टोलिया प्रशासनिक अकादमी नैनीताल के सहयोग से तीन दिवसीय प्रशासनिक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यशाला के दूसरे दिन कार्मिकों को पदोन्नति, चयन वेतनमान, वेतन निर्धारण, समयमान वेतनमान, एसीपी और एमएसीपी समेत विभिन्न सेवा संबंधी नियमों की जानकारी दी गयी।

परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन और सेवा संबंधी प्रकरणों के सही निस्तारण के लिए प्रशिक्षण बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रशिक्षण में दी जा रही जानकारी को गंभीरता से समझने और नियमों का व्यवहारिक ज्ञान हासिल करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी विषय में कठिनाई या शंका होने पर खुलकर सवाल पूछें, ताकि विशेषज्ञों के माध्यम से उनका समाधान किया जा सके। इससे कार्मिकों को अपने कार्यों के निष्पादन में सुविधा मिलेगी और विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह ने कहा कि पदोन्नति, वेतन निर्धारण, एसीपी, एमएसीपी, आईएफएमएस और अवकाश नियम केवल कागजी प्रक्रियाएं नहीं हैं, बल्कि इनका सीधा संबंध कार्मिकों के मनोबल और विभागीय कार्यक्षमता से है। उन्होंने कहा कि वित्तीय एवं सेवा संबंधी प्रकरणों का निस्तारण आईएफएमएस पोर्टल के माध्यम से पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन नियमों की सही जानकारी से कार्यप्रणाली में आने वाली समस्याओं को दूर करने और कर्मचारियों के हितों का संरक्षण करने में मदद मिलेगी।

सहायक कोषाधिकारी आशीष गोस्वामी ने चयन वेतनमान, समयमान वेतनमान और एसीपी की व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्धारित शर्तों के अनुसार नियमित सेवा अवधि पूरी करने पर कार्मिकों को वित्तीय लाभ अनुमन्य होते हैं। इसके लिए निर्धारित सेवा अवधि, वार्षिक गोपनीय प्रविष्टियों और अन्य पात्रता शर्तों का पालन आवश्यक है। उन्होंने वेतनमान से संबंधित शासनादेशों और वित्तीय लाभों की प्रक्रिया की जानकारी भी दी।

इस अवसर पर एटीआई नैनीताल के अपर कार्यक्रम निदेशक अनूप बमोला, ईओ सतपुली पूनम, नाजिर तहसील पौड़ी सुबोध भट्ट, चौबट्टाखाल मनीष रावत, सतपुली निर्मला रावत, कोटद्वार अशोक चौहान, हबीबुर्रहमान, सहायक लेखाकार रजत रावत, अमित नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


राशन की गुणवत्ता से समझौता नहीं, गोदामों का निरीक्षण करेंगे एसडीएम

उचित दर दुकानों पर साफ-सफाई और गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करें अधिकारी-डीएम

देहरादून। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद के समस्त उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में उचित दर दुकानों की निगरानी के लिए स्थानीय अधिकारियों की तैनाती करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को दुकानों पर साफ-सफाई बनाए रखने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न वितरित कराना सुनिश्चित करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को राजकीय अन्न भंडारों का स्वयं निरीक्षण कर गोदामों से उचित दर दुकानों को निर्गत किए जाने वाले खाद्यान्न की गुणवत्ता जांचने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोदामों से केवल गुणवत्तायुक्त खाद्यान्न ही दुकानों को उपलब्ध कराया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निरीक्षण एवं कार्रवाई की आख्या एक सप्ताह के भीतर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा है।


उत्तराखंड कांग्रेस में शामिल हुए कई नेता, 2027 चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने की तैयारी

गणेश गोदियाल और प्रीतम सिंह ने किया नए नेताओं का स्वागत

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। बुधवार को देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने सभी नए सदस्यों का स्वागत किया।

कांग्रेस नेताओं ने पार्टी में शामिल हुए नेताओं को फूल-मालाएं पहनाकर सदस्यता दिलाई। इस दौरान पार्टी नेतृत्व ने विश्वास जताया कि नए सदस्यों के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को इसका लाभ मिलेगा।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता की विचारधारा के साथ देशहित में काम करती रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पलायन और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है।

गोदियाल ने आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार के लिए परेशान होना पड़ रहा है और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने उनके भविष्य पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा, किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों से जुड़े मुद्दे भी उठाए। उनका कहना था कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है और आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन चाहती है।

प्रीतम सिंह बोले- नए साथियों से संगठन को मिलेगी ऊर्जा

चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न दलों के नेताओं का कांग्रेस में शामिल होना पार्टी की विचारधारा के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि नए सदस्यों को संगठन में सम्मान दिया जाएगा और उनके अनुभवों का उपयोग पार्टी को मजबूत करने में किया जाएगा। प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड के गठन और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है तथा नए साथियों के आने से आगामी चुनाव की तैयारियों को गति मिलेगी।

हरक सिंह रावत ने भी भाजपा सरकार को घेरा

प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि भाजपा सरकार बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और पलायन जैसे मुद्दों पर ठोस समाधान देने में नाकाम रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब सरकार के वादों से निराश है और कांग्रेस की ओर उम्मीद से देख रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव पूरी एकजुटता के साथ लड़ेगी। नए नेताओं के पार्टी में शामिल होने से संगठन का जनाधार बढ़ेगा और सरकार के खिलाफ चल रहे जनसंघर्ष को मजबूती मिलेगी।

इन नेताओं ने ली कांग्रेस की सदस्यता

कांग्रेस में शामिल होने वालों में चकराता विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी दर्शन लाल डोभाल, सेवानिवृत्त पुलिस आईजी अनन्तराम चौहान, कैप्टन ताजवर सिंह नेगी, कैप्टन नारायण सिंह रावत, कैप्टन गंगा सिंह, कैप्टन हीरा बल्लभ पांडे, कैप्टन सोबन सिंह, जितेंद्र सिंह और शशांक भट्ट सहित अन्य नेता शामिल रहे।

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि आने वाले दिनों में अन्य राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग भी कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

कार्यक्रम में विधायक लखपत सिंह बुटोला, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचन्द शर्मा, महामंत्री अभिषेक सिंह, राजेन्द्र शाह, नवीन जोशी, विनोद चौहान, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, प्रदेश सचिव अमेन्द्र बिष्ट, अखिलेश उनियाल, प्रशांत खंडूरी और नरेशानन्द नौटियाल समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।


भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज

जीत के साथ सीरीज पर कब्जा करना चाहेगी टीम इंडिया

नई दिल्ली। भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में बुधवार को उतरेगी। लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे भारतीय बल्लेबाजों से एक बार फिर बड़ी पारियों की उम्मीद होगी। भारत के पास यह मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करने का मौका है। वहीं, सभी की नजरें इस बात पर रहेंगी कि टीम प्रबंधन कुलदीप यादव को प्लेइंग-11 में जगह देता है या नहीं। इसके अलावा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलने की संभावनाओं पर भी चर्चा है।

सीरीज में 2-1 से आगे है भारत

भारतीय टीम पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे चल रही है। ऐसे में चौथा मुकाबला जीतकर भारत सीरीज पर कब्जा करना चाहेगा। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। हार की स्थिति में टीम सीरीज गंवा देगी, इसलिए मेहमान टीम जीत दर्ज कर मुकाबले को पांचवें मैच तक ले जाने की कोशिश करेगी।

भारत के लिए संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने शीर्ष क्रम में शानदार बल्लेबाजी की है। इन खिलाड़ियों की आक्रामक पारियों के कारण मध्यक्रम को अब तक ज्यादा दबाव का सामना नहीं करना पड़ा है। हालांकि, अगर शुरुआती बल्लेबाज जल्दी आउट होते हैं तो तिलक वर्मा, नमन धीर और नीतीश कुमार रेड्डी को अहम भूमिका निभानी होगी।

मध्यक्रम और गेंदबाजी पर भी रहेगा ध्यान

भारतीय टीम के सामने मध्यक्रम को पर्याप्त मौका देने और गेंदबाजी में निरंतरता बनाए रखने की चुनौती होगी। बड़े लक्ष्य का पीछा करते समय या शुरुआती विकेट गिरने की स्थिति में मध्यक्रम के बल्लेबाजों की भूमिका निर्णायक हो सकती है।

वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने भी अपनी आक्रामक क्षमता दिखाई है। दूसरे टी20 में टीम ने 250 रन का लक्ष्य नौ गेंद शेष रहते हासिल कर लिया था। उस मुकाबले में शाई होप ने 45 गेंदों पर 102 रन की तूफानी पारी खेली थी। वहीं, इंदौर में शिमरॉन हेत्मायर, कामिल पूरन और शमार स्प्रिंगर ने भी उपयोगी पारियां खेलीं। भारतीय गेंदबाजों को कैरेबियाई बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने के लिए सही लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करनी होगी।

कुलदीप यादव को मिलेगा मौका?

इंदौर में भारत ने कुलदीप यादव की जगह अतिरिक्त तेज गेंदबाज को मैदान में उतारा था। यह रणनीति टीम के लिए सफल रही, इसलिए चौथे मुकाबले में भी उसी संयोजन को बरकरार रखा जा सकता है। ऐसा होने पर कुलदीप को एक बार फिर बाहर बैठना पड़ सकता है।

वहीं, युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अंतिम एकादश में शामिल किए जाने की संभावना भी कम मानी जा रही है। हालांकि, अंतिम फैसला पिच की परिस्थितियों और टीम की रणनीति के आधार पर लिया जाएगा।

चौथे टी20 में कैसी हो सकती है दोनों टीमों की प्लेइंग-11?

भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, मयंक यादव और अर्शदीप सिंह।

वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), कामिल पूरन, शिमरॉन हेत्मायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, रोस्टन चेज, शमार स्प्रिंगर, कीमो पॉल, शमार जोसेफ और गुडाकेश मोती।

भारत-वेस्टइंडीज चौथे टी20 मैच की लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी

मैच कब खेला जाएगा?

भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का चौथा टी20 मुकाबला 14 अक्टूबर को खेला जाएगा।

मैच कहां होगा?

यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा।

मैच कितने बजे शुरू होगा?

मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। टॉस शाम 6:30 बजे होगा।

मैच का सीधा प्रसारण कहां देख सकते हैं?

भारत और वेस्टइंडीज के बीच चौथे टी20 मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर किया जाएगा।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp