Saturday, October 3rd, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

सीडीओ अभिनव शाह ने विकासनगर के चार गांवों में पहुंचकर किया फसल का स्थलीय निरीक्षण, किसानों से संवाद कर जानीं समस्याएं

Daily Archives: 03/10/2026

सीडीओ अभिनव शाह ने विकासनगर के चार गांवों में पहुंचकर किया फसल का स्थलीय निरीक्षण, किसानों से संवाद कर जानीं समस्याएं

खेतों में लहलहाई दून बासमती की फसल, किसानों की बढ़ीं उम्मीदें

दून बासमती का उचित मूल्य तय करने और प्रमाणित बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सीडीओ ने दिए निर्देश

देहरादून: दून बासमती के पुनर्जीवन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत विकासनगर क्षेत्र के खेतों में लहलहाती दून बासमती की फसल किसानों के लिए नई उम्मीदें लेकर आई है। मुख्य विकास अधिकारी, अभिनव शाह, ने शनिवार को विकासनगर ब्लॉक के जस्सोवाला, ढकरानी, हरबर्टपुर और फतेहपुर ग्रांट गांवों का भ्रमण कर दून बासमती की फसल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने फसल की स्थिति, गुणवत्ता और उत्पादन की संभावनाओं का जायजा लेने के साथ ही किसानों से सीधे संवाद कर खेती में आ रही समस्याओं और उनकी अपेक्षाओं की जानकारी ली।

मुख्य विकास अधिकारी ने फसल कटाई से लगभग एक माह पूर्व खेतों में पहुंचकर फसल की प्रगति का आकलन किया। इस दौरान किसानों ने जैविक खेती में आ रही चुनौतियों, गुणवत्तापूर्ण बीज की समय पर उपलब्धता, फसल बीमा के दावों के निस्तारण में देरी तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से अवगत कराया। सीडीओ ने कृषि विभाग को किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, गोष्ठियों और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें वैज्ञानिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी मिल सके।

जस्सोवाला गांव में आठ बीघा भूमि पर दून बासमती की खेती कर रहे किसान दिनेश गौड़ ने बताया कि इस किस्म की खेती में अपेक्षाकृत कम लागत आने से किसानों में इसके प्रति उत्साह बढ़ रहा है। उन्होंने दून बासमती का बेहतर मूल्य निर्धारित कर किसानों से खरीद सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि उन्हें उपज का उचित लाभ मिल सके।

पिछले वर्ष 65 हेक्टेयर में हुई थी खेती, इस वर्ष 75 हेक्टेयर का लक्ष्य

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि दून बासमती के पुनर्जीवन के प्रयासों के तहत पिछले वर्ष 65 हेक्टेयर क्षेत्र में इसकी खेती कराई गई थी। ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (रीप) के माध्यम से किसानों से सीधे उपज की खरीद की गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। इसी उत्साहजनक अनुभव को देखते हुए इस वर्ष दून बासमती की खेती का क्षेत्रफल बढ़ाकर 75 हेक्टेयर किया गया है।

उन्होंने बताया कि फसल कटाई से पूर्व स्थलीय निरीक्षण का उद्देश्य उत्पादन की स्थिति का आकलन करने के साथ ही किसानों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाना है। रीप के माध्यम से दून बासमती की खरीद कर ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ की मांग को पूरा करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इससे किसानों को बाजार से जोड़ने और उनकी उपज के विपणन को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी।

उचित मूल्य निर्धारण और सीड बैंक बनाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान किसानों द्वारा उपज के उचित मूल्य और प्रमाणित बीज की उपलब्धता से संबंधित समस्याएं उठाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने रीप (ग्रामोत्थान) तथा कृषि विभाग के अधिकारियों को दून बासमती का मूल्य शीघ्र निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दून बासमती के प्रमाणित बीज की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तत्काल सीड बैंक तैयार करने को कहा। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए भी प्रभावी व्यवस्था की जाए।

अमूल्य निधि ऑर्गेनिक फार्म का भ्रमण कर जैविक खेती के प्रयासों को सराहा

विकासनगर क्षेत्र के हरबर्टपुर में दून बासमती की खेती कर रहे किसान सूर्य प्रकाश बहुगुणा ने मुख्य विकास अधिकारी को अपने अमूल्य निधि ऑर्गेनिक फार्म का भ्रमण कराया। इस दौरान सीडीओ ने फार्म में संचालित जैविक खेती की गतिविधियों का जायजा लिया और विभिन्न उत्पादों के उत्पादन एवं प्रसंस्करण से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने फार्म में उत्पादित जैविक सब्जियों एवं अन्य जैविक उत्पादों का निरीक्षण किया। साथ ही जैविक नर्सरी, जैविक कम्पोस्ट और अन्य गतिविधियों के माध्यम से अपनाई जा रही जैविक कृषि पद्धतियों की सराहना की।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा, खंड विकास अधिकारी विकासनगर सोनम गुप्ता, जिला परियोजना प्रबंधक अशोक चतुर्वेदी, प्रभारी अधिकारी वीबी-जी राम जी शक्ति प्रसाद भट्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और किसान उपस्थित रहे।


भूमियाधार में 70 मीटर गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो, एक की मौत; चार घायल

नैनीताल। भूमियाधार के पास शनिवार को एक महिंद्रा स्कॉर्पियो करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट नैनीताल से SI मनीष भाकुनी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची टीम ने गहरी खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

SDRF के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो HR36AP-2156 में सवार चार घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घायलों की स्थिति सामान्य बताई गई है।

हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। SDRF टीम ने शव को खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

घायलों का विवरण:

अभय, पुत्र अरविंद, थाना मधुबन, करनाल, उम्र 22 वर्ष

राहुल, पुत्र धर्मवीर, निवासी करनाल

सोनू, निवासी करनाल

विक्रम, पुत्र विजेंद्र, निवासी पानीपत, हरियाणा, उम्र 34 वर्ष


विकास के साथ अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर रहा उत्तराखण्डः सीएम धामी

आदर्श चम्पावत में विकास की योजनाओं से बदल रही तस्वीर, धार्मिक पर्यटन को मिल रहा नया विस्तारः मुख्यमंत्री

टनकपुर दशहरा महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी ने किया प्रतिभाग, श्रीमद्भागवत कथा का किया श्रवण

टनकपुर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से है। सरकार का प्रयास है कि विकास के साथ विरासत का संरक्षण हो और प्रदेश की आध्यात्मिक पहचान को आधुनिक सुविधाओं के साथ नई ऊंचाई दी जाए। उन्होंने कहा कि आदर्श चम्पावत के संकल्प के तहत जनपद की धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सुंदरता, लोक संस्कृति और पर्यटन संभावनाओं को आधुनिक विकास से जोड़कर एक प्रभावी विकास मॉडल तैयार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को टनकपुर में नवयुवक रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव में प्रतिभाग कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन अपने आप में अत्यंत दिव्य अवसर है। जहां श्रद्धा और आस्था के साथ भागवत कथा का आयोजन होता है, वहां भगवान की कृपा बनी रहती है। मां पूर्णागिरि एवं मां शारदा की पावन धरती पर ऐसे धार्मिक आयोजनों का महत्व और भी बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और परंपराओं से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। उत्तराखण्ड भी विकसित भारत के संकल्प में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास के साथ-साथ धार्मिक स्थलों, मंदिरों, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदर्श चम्पावत का संकल्प केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चम्पावत की पहचान और संभावनाओं को नई ऊंचाई देने का संकल्प है। टनकपुर में लगभग 237.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन आईएसबीटी, शारदा घाट का पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण, गोल्ज्यू कॉरिडोर, मां पूर्णागिरि क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार तथा विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य जनपद के विकास को नई गति प्रदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ककराली गेट से धाम की ओर लगभग 8.10 करोड़ रुपये की लागत से प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि मां पूर्णागिरि धाम सहित जनपद के अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही चम्पावत में सड़क, परिवहन, पर्यटन, खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। इन प्रयासों से जहां श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने स्पोर्ट्स हॉस्टल टनकपुर पहुंचकर वहां रह रहे खिलाड़ियों से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में आयोजित ‘मुख्य सेवक संवाद’ कार्यक्रम में प्रतिभाग कर आमजन से सीधा संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। चम्पावत की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और पर्यटन क्षमता को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए ऐसा विकास सुनिश्चित किया जा रहा है, जिसमें विकास की गति के साथ विरासत की गरिमा भी बनी रहे।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, दायित्वधारी मनोज कालाकोटी, दायित्वधारी हेमा जोशी, दायित्वधारी किरन देवी, विधायक प्रतिनिधि चम्पावत प्रकाश तिवारी, जिला अध्यक्ष महिला युवा मोर्चा दीपा जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, प्रदेश मंत्री भाजपा निर्मल माहरा, अध्यक्ष नगर मंडल चम्पावत सुनील पुनेठा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


लॉन्ग वीकेंड पर उमड़ी भारी भीड़, कैंची धाम और पहाड़ों की ओर जाने वाले वाहन चालकों के लिए विशेष निर्देश जारी

नैनीताल पुलिस का अपडेटेड ट्रैफिक प्लान:

सभी राजपत्रित अधिकारी, थानाध्यक्ष सहित पुलिस बल सड़कों पर सम्भाल रहे ट्रैफिक

पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं से निर्धारित रूट एवं शटल सेवा का उपयोग करने की अपील

लॉन्ग वीकेंड एवं मौसम साफ होने के बाद नैनीताल, कैंची धाम, भवाली, भीमताल, अल्मोड़ा एवं जागेश्वर आदि पर्यटन/धार्मिक स्थलों पर पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।

विगत दिवस 35,000 से अधिक वाहनों की आवाजाही पहाड़ी क्षेत्रों की ओर दर्ज की गई, जिसके दृष्टिगत नैनीताल पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु *विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।

1. कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं से अपील है कि मंदिर तक निजी वाहनों से जाने का प्रयास न करें। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन पार्क कर शटल सेवा का उपयोग करें।

2. भीमताल विकास भवन, भवाली चौराहा एवं सैनिटोरियम से शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं।

3. सैनिटोरियम, विकास भवन भीमताल तथा भवाली चौराहा से आगे निर्धारित व्यवस्था के अनुसार निजी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।

4. श्रद्धालु एवं पर्यटक निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा कर शटल सेवा से ही आगे जाएं, ताकि यातायात एवं दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

5.आज शाम 05:00 बजे के बाद यातायात को वन-वे व्यवस्था के तहत संचालित किया जाएगा, जिसमें भीमताल तिराहा की ओर से वाहनों को नीचे की ओर एग्जिट कराया जाएगा।

6.आज शाम 05:30 बजे के बाद नैनीताल की ओर जाने वाले यातायात को लगभग 03 घंटे के लिए नियंत्रित/रोककर मुख्य रूप से एग्जिट ट्रैफिक को सुचारु कराया जाएगा।

7.कल रविवार को शाम 04:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक हल्द्वानी/काठगोदाम (हाइडल तिराहा, नरीमन तिराहे, काठगोदाम थाने) से नैनीताल, भीमताल एवं भवाली की ओर जाने वाले यातायात को 06 घंटे के लिए रोका जाएगा।

8.उक्त अवधि में नैनीताल, कैंची धाम, भीमताल एवं भवाली की ओर से आने वाले वाहनों के एग्जिट को प्राथमिकता देते हुए यातायात सुचारु कराया जाएगा।

9.कल शाम 04:00 बजे के बाद नैनीताल, भीमताल एवं भवाली की ओर जाने वाले वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।

10. नैनीताल की ओर जाने वाले वाहन कालाढूंगी मार्ग से जा सकेंगे।

11. रुद्रपुर, बाजपुर, रामनगर, काशीपुर, मुखानी क्षेत्र से आने-जाने वाले वाहन मुखानी → फतेहपुर → पटवा डांगर मार्ग का प्रयोग करें।

12. आवश्यकतानुसार रामनगर, मुक्तेश्वर एवं फतेहपुर की ओर से जाने वाले वैकल्पिक मार्गों का भी प्रयोग किया जा सकता है।

13.स्थानीय नागरिकों से अपील है कि कल शाम 04:00 बजे से 10:00 बजे तक अनावश्यक रूप से काठगोदाम/हल्द्वानी से पहाड़ की ओर यात्रा करने से बचें और अपनी यात्रा पूर्व नियोजित करें।

14.यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस, यातायात पुलिस, आरटीओ एवं संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से व्यवस्था संभाली जा रही है।

15.कैंची धाम में भीड़ नियंत्रण हेतु वन-वे दर्शन व्यवस्था लागू की गई है। प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

16. नैनीताल पुलिस द्वारा पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम यातायात के लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर लगातार निगरानी एवं यातायात प्रबंधन किया जा रहा है।

नैनीताल पुलिस की आमजन से अपील:– निर्धारित यातायात प्लान का पालन करें, पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें तथा यात्रा से पूर्व अपने मार्ग की योजना बनाकर ही निकलें।


हथनी पर्वत की 80 मीटर गहरी खाई में गिरने से व्यक्ति की मृत्यु, SDRF ने बरामद किया शव

रुद्रप्रयाग: आज दिनांक 03/09/26 को जिला नियंत्रण कक्ष, रुद्रप्रयाग से SDRF पोस्ट श्री केदार को सूचना प्राप्त हुई कि घोड़ा पड़ाव के पास एक व्यक्ति खाई में गिर गया है। सूचना पर SI प्रेम सिंह के हमराह SDRF रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

रेस्क्यू टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर गहन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया गया। सर्च के दौरान बेस कैंप से लगभग 3 किलोमीटर ऊपर हथनी पर्वत क्षेत्र में करीब 80 मीटर गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया।

SDRF रेस्क्यू टीम ने विषम एवं दुर्गम परिस्थितियों में सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाते हुए गहरी खाई से शव को सुरक्षित बाहर निकाला। मृतक की पहचान *धन बहादुर, उम्र लगभग 52 वर्ष, निवासी हेमा गांव, नेपाल* के रूप में हुई।

रेस्क्यू टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई के उपरांत शव को सेक्टर मजिस्ट्रेट के समक्ष रुद्र पॉइंट स्थित राजकीय अस्पताल के सुपुर्द किया गया।


कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से भीमताल विधानसभा में विकास को मिली रफ्तार, 7 पुलों के लिए ₹8.74 करोड़ स्वीकृत

​नैनीताल : भीमताल विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं पुलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा के सतत प्रयासों से क्षेत्र में 7 प्रमुख मोटर मार्ग पुलों के नवनिर्माण, चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं क्लास-ए लोडिंग क्षमता में परिवर्तन के लिए कुल ₹8.74 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। मंत्री कैड़ा ने कहा ​राज्य योजना के अंतर्गत मंजूर इन परियोजनाओं से भीमताल, भवाली, चांफी, पदमपुरी, खनस्यूं और पतलोट सहित आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

​मंत्री कैड़ा ने कहा रानीबाग-भीमताल मार्ग के भीमताल बाजार थाने के पास स्थित पुराने क्लास-बी पुल के स्थान पर ₹180.28 लाख की लागत से नया क्लास-ए लोडिंग डबल लेन मोटर सेतु बनेगा।

​खुटानी-चांफी मार्ग के घिंघरानी गधेरा (चांफी) में पुराने सिंगल लेन क्लास-बी पुल की जगह ₹143.93 लाख से डबल लेन क्लास-ए मोटर सेतु का निर्माण होगा।

​धानाचूली-खनस्यूं-पतलोट मार्ग के ​काफली गधेरा (झड़गांव) के पास ₹140.82 लाख की लागत से 21 मीटर लंबा डबल लेन क्लास-ए मोटर सेतु बनेगा।

​अनरबन गधेरा (झड़गांव) के पास ₹126.71 लाख की लागत से पुराने पुल के स्थान पर नया डबल लेन क्लास-ए मोटर सेतु बनेगा।

​गोंगड़ा गधेरा (झड़गांव) के पास पुल को क्लास-ए लोडिंग में बदलने हेतु ₹57.97 लाख के तकनीकी कार्य किए जाएंगे।

​खुटानी-पदमपुरी मार्ग के पदमपुरी में मौजूदा पुल की क्षमता क्लास-बी से क्लास-ए करने के लिए ₹108 लाख की लागत से निरीक्षण, टेस्टिंग, स्ट्रक्चरल एनालिसिस एवं रीडिजाइन कार्य होगा।

​खुटानी-भवाली मार्ग पर खुटानी तिराहे के पास पुराने क्लास-बी पुल के स्थान पर ₹106.47 लाख से डबल लेन क्लास-ए मोटर सेतु का निर्माण किया जाएगा।

​अर्थव्यवस्था और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

​पुलों की भार वहन क्षमता (क्लास-ए) बढ़ने से भारी वाहनों की आवाजाही आसान होगी। इससे स्थानीय काश्तकारों, फल-सब्जी उत्पादकों और व्यापारियों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में बड़ी राहत मिलेगी।

​साथ ही, पर्यटन सीजन के दौरान भीमताल और भवाली क्षेत्र में लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से भी पर्यटकों व स्थानीय निवासियों को मुक्ति मिलेगी। क्षेत्रीय जनता ने इन विकास कार्यों की स्वीकृति दिलाने के लिए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त किया है।


गो पालन योजना का दायरा बढ़ा, अब सामान्य वर्ग के पशुपालक भी होंगे लाभान्वित

पहले अनुसूचित जाति/जनजाति के पशुपालकों तक सीमित थी योजना, संशोधन के बाद सामान्य वर्ग भी शामिल

पौड़ी- उत्तराखंड सरकार ने पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित गो पालन योजना के दायरे का विस्तार किया है। संशोधित व्यवस्था के तहत अब अनुसूचित जाति/जनजाति के साथ ही सामान्य वर्ग के पशुपालक भी योजना का लाभ ले सकेंगे।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि पूर्व में योजना का लाभ अनुसूचित जाति/जनजाति के पशुपालकों तक सीमित था। अब इसमें सामान्य वर्ग के पशुपालकों को भी शामिल किया गया है। योजना के तहत गो/भैंस की एक यूनिट के लिए अधिकतम 60 हजार रुपये तक की सहायता का प्रावधान है। अनुसूचित जाति/जनजाति के लाभार्थियों को यूनिट लागत का 90 प्रतिशत, अधिकतम 54 हजार रुपये अनुदान के रूप में तथा 10 प्रतिशत यानी 6 हजार रुपये लाभार्थी अंश के रूप में वहन करना होगा। वहीं सामान्य वर्ग के पशुपालकों को 75 प्रतिशत, अधिकतम 45 हजार रुपये अनुदान तथा 25 प्रतिशत यानी 15 हजार रुपये लाभार्थी अंश देना होगा।

उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य पशुपालकों को पशुपालन को स्वरोजगार के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही उनकी आय में वृद्धि करना और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना है। योजना का लाभ निर्धारित पात्रता एवं शर्तों के अनुसार दिया जाएगा।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि योजना के लाभार्थियों को पशुपालन विभाग एवं डेयरी विभाग की अन्य केंद्र पोषित तथा राज्य पोषित योजनाओं में डुप्लीकेशन से संबंधित प्रावधानों का अनुपालन करना होगा। योजना के तहत अनुदान का भुगतान आधार आधारित डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा।

उन्होंने जनपद के पात्र एवं इच्छुक पशुपालकों से योजना का लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य जानकारी के लिए अपने निकटतम पशु चिकित्सालय अथवा पशुपालन विभाग के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।


एसएसपी दून के निर्देशों पर प्रतिष्ठानों की सुरक्षा ऑडिट के लिए दून पुलिस ने चलाया अभियान

पुलिस तथा अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने पीजी/हॉस्टल आदि स्थानों में फायर सुरक्षा का ऑडिट कर की बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की करी कार्यवाही

किरायेदारो का सत्यापन न कराने वाले 12 प्रतिष्ठान स्वामियों के विरूद्ध 83 पुलिस एक्ट के अन्तर्गत चालान कर किया 1,20,000 रू0 का जुर्माना।

अग्नि सुरक्षा प्रबंधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही/अनियमितता बरतने पर दी कड़ी कार्यवाही की चेतावनी

देहरादून – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में निवासरत बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी देहरादून को सभी पीजी, हॉस्टल, होटलो आदि स्थानों पर अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से व्यवस्थाओं को चैक करते हुए लापरवाही बरतने वालो के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है।

उक्त निर्देशो के क्रम में  क्लेमेंट टाउन पुलिस द्वारा थाना क्षेत्रान्तर्गत स्थित पीजी, हॉस्टल व होटलो में अग्निशमन विभाग के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमो द्वारा थाना क्षेत्रान्तर्गत निवासरत बाहरी व्यक्तियों/किरायेदारों का सत्यापन करते हुए पीजी, हॉस्टल व होटलो आदि में अग्नि सुरक्षा हेतु किए गए प्रबंधों का ऑडिट किया गया।
इस दौरान सभी पीजी, हॉस्टल व होटलो आदि के प्रबंधकों/मालिकों व वहाँ नियुक्त कर्मचारियों को फायर सुरक्षा के संबंध जागरूक करते हुए उन्हें फायर उपकरणों की जानकारी दी गई।

चैकिंग के दौरान पुलिस द्वारा 178 व्यक्तियों का सत्यापन करते हुए अनियमितता मिलने एवं किरायेदारों का सत्यापन न कराने वाले 12 प्रतिष्ठान स्वामियों के पुलिस अधिनियम के अन्तर्गत चालान कर कुल 1,20,000/रूपये का जुर्माना किया गया। साथ ही प्रतिष्ठानो में अग्नि सुरक्षा हेतु किये गए प्रबंधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही/अनियमितता मिलने पर सख्त वैधानिक कार्यवाही की चेतावनी दी गई।


सेवा, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता, जन-जन तक पहुंच रही सरकार- हेमंत द्विवेदी

चारधाम यात्रा को मिली गति, रिकार्ड यात्री पहुंच रहे चारधाम

देहरादून। भाजपा वरिष्ठ नेता एवं बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन आम जनमानस तक पहुंचकर सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को गति दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण प्रदेश सरकार सरकार की प्राथमिकता है।

भाजपा नेता हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देश में प्रदेश सरकार उत्तराखंड के विकास को नयी गति देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं साथ ही प्रदेश सरकार तथा बीकेटीसी के कुशल प्रबंधन में 54 लाख रिकार्ड यात्री चारधाम पहुंच चुके है।कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से आम आदमी को विकास प्रक्रिया से जोड़ते हुए उसे विकास का भागीदार बनाया गया है।

भाजपा नेता एवं बीकेटीसी अध्यक्ष द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा और सुशासन की भावना को मजबूती मिली है। इसी भावना के अनुरूप प्रदेश में भी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाना है, ताकि उत्तराखंड का समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके।

हेमंत द्विवेदी ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मार्गदर्शन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया गया है। कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार जनसंपर्क करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचायी जा रही है।संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से भाजपा का जनाधार लगातार मजबूत हुआ है।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान ने सरकार और संगठन को समाज के विभिन्न वर्गों से सीधे संवाद का अवसर दिया है। सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और भाजपा संगठन की बूथ स्तर तक मजबूत सक्रियता के परिणामस्वरूप आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में भाजपा भारी बहुमत से विजय का परचम फहरायेगी।


देहरादून में अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। अवैध शराब की तस्करी और बिना अनुमति शराब पिलाने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पटेल नगर थाना पुलिस ने दोनों के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी और देशी शराब बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के साथ ही बिना वैध अनुमति प्रतिष्ठानों में शराब पिलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 2 अक्टूबर 2026 की शाम पटेल नगर पुलिस ने रूटीन चेकिंग के दौरान कार्रवाई की।

बाजार क्षेत्र में पुलिस ने सहदेव कुमार को उसके प्रतिष्ठान में बिना लाइसेंस शराब पिलाने के आरोप में पकड़ा। मौके की तलाशी में अलग-अलग ब्रांड की 37 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। वहीं, आईएसबीटी क्षेत्र से पुलिस ने सुरेश साहनी को 58 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ब्राह्मण वाला, लोहिया नगर निवासी 35 वर्षीय सहदेव कुमार पुत्र राकेश कुमार और ट्रांसपोर्ट नगर, पटेल नगर निवासी 30 वर्षीय सुरेश साहनी पुत्र अर्जुन साहनी के रूप में हुई है।

पुलिस ने सहदेव कुमार के कब्जे से 37 बोतल रॉयल स्टैग और ब्लेंडर्स शराब, जबकि सुरेश साहनी के पास से 58 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की है। कार्रवाई करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक विजय प्रताप सिंह, कांस्टेबल प्रदीप, कांस्टेबल विवेक राठी और कांस्टेबल पंकज रावत शामिल रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp