Tuesday, October 6th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

24 नवंबर से हल्द्वानी में राष्ट्रीय सरस मेला, सीडीओ ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारियों के निर्देश

Daily Archives: 06/10/2026

24 नवंबर से हल्द्वानी में राष्ट्रीय सरस मेला, सीडीओ ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारियों के निर्देश

हल्द्वानी। एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान में आगामी 24 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला 2026-27 की तैयारियों को लेकर विकास भवन भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मेले की सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा, अग्निशमन, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए, जिसमें विद्युत, लोनिवि, जल संस्थान, पुलिस, फायर और वन विभाग समेत संबंधित विभागों की तैनाती सुनिश्चित हो। उन्होंने 30 अक्टूबर से पहले सभी टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि सरस मेला जनपद का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन है, जिसमें देशभर से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। मेले में करीब 250 स्टॉल लगाए जाएंगे। संभावित भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से पूरी की जाएं।

पुलिस एवं परिवहन विभाग को सुरक्षा और पार्किंग की कार्ययोजना तैयार करने, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा शिविर एवं एंबुलेंस की व्यवस्था, जल संस्थान व विद्युत विभाग को निर्बाध पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति तथा नगर निगम हल्द्वानी को साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

वहीं पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला सूचना अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मेले की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी और सभी विभागों को सौंपे गए दायित्व निर्धारित समय सीमा में पूरे करने होंगे, ताकि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।


कैंचीधाम में वीकेंड पर यातायात व्यवस्था होगी चाक-चौबंद, ओवररेटिंग पर भी लगेगी रोक

नैनीताल। कैंचीधाम में वीकेंड के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आयुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार, नैनीताल में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम यातायात के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे होटल की अग्रिम बुकिंग कराने के बाद ही कैंचीधाम आएं, ताकि उन्हें ठहरने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने वीकेंड के दौरान सभी उपजिलाधिकारियों, सीओ, एआरटीओ एवं जिला पर्यटन अधिकारी को आपसी समन्वय से व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए।

परिवहन विभाग को टैक्सी बाइक की नियमित चेकिंग करने तथा विकास भवन पार्किंग और सेनिटोरियम में विभागीय बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए गए। कैंचीधाम क्षेत्र में ओवररेटिंग रोकने के लिए दुकानदारों को खाद्य एवं पेय पदार्थों की रेट लिस्ट प्रमुखता से प्रदर्शित करने को कहा गया।

आयुक्त ने शिप्रा नदी में श्रद्धालुओं के नहाने पर रोक लगाने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए। वहीं मंदिर समिति को वीकेंड पर श्रद्धालुओं की संख्या की निगरानी के लिए हेड काउंट कैमरे लगाने तथा मंदिर के गेटों को श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए 15 दिन के भीतर स्वचालित रूप से खोलने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

बैठक में नैनीताल के बारापत्थर क्षेत्र में वीकेंड पर लगने वाले जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि टोल पास की कम चौड़ाई के कारण जाम की स्थिति बनती है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वीकेंड पर जाम की स्थिति न बनने देने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

आयुक्त ने मंडल की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश भी दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि डामरीकरण एवं पैचवर्क का कार्य जारी है। मंडलायुक्त ने सभी सड़कों के कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में आईजी कुमाऊं नवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसई एनएच मनोहर सिंह, एसई लोनिवि राजेश पंत, आरटीओ (ई) अरविंद पांडे, एडीएम विवेक राय, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार सहित मंदिर समिति, व्यापारी संघ, टैक्सी यूनियन एवं केमू यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।


नैनीताल में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, 6.97 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत

हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के तहत मंगलवार को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी ने बताया कि जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई है। अंतिम सूची की एक-एक प्रति संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के पास उपलब्ध रहेगी।

अंतिम प्रकाशन के बाद नैनीताल जिले में कुल 6,97,547 मतदाता पंजीकृत हैं। नियमानुसार मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विधानसभा-वार मतदाता सूचियों की हार्ड कॉपी भी वितरित की गई।

सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि अंतिम प्रकाशन के बाद भी यदि कोई पात्र व्यक्ति 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुका है और उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह संबंधित BLO से संपर्क कर अथवा निर्वाचन आयोग के ऐप/पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर नाम दर्ज करा सकता है।

बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसादत्त पांडे सहित भाजपा से मनीष पाल एवं हरिमोहन अरोड़ा, कांग्रेस से संजू उप्रेती, बहुजन समाज पार्टी से जगदीश कुमार, आईएनसी से मनोज शर्मा, शिवसेना से रूपेन्द्र नागर सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


मुख्य सचिव ने शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में सभी जनपदों से संबंधित शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागाध्यक्षों को आपसी समन्वय से लंबित मामलों का समयबद्ध एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि जनपद स्तर पर किसी भी प्रकरण के निस्तारण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। जिलाधिकारी संबंधित विभागाध्यक्षों से सीधे संवाद कर समस्याओं का समाधान कराएं। आवश्यकता पड़ने पर विभागीय उच्चाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि जनपदों से संबंधित विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो। सड़क, पुल, भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र पूरा किया जाए। जिन मामलों में विभागीय स्तर पर निर्णय लिया जाना है, उनमें समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों से कहा कि वे लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और जिन मामलों में विभागाध्यक्ष स्तर पर समन्वय की आवश्यकता है, उनमें सीधे संबंधित विभागाध्यक्ष से वार्ता कर समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि शासन और जनपदों के बीच प्रभावी समन्वय से ही लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण संभव है।

उल्लेखनीय है कि जनपदों के शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के प्रथम मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में जिलाधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए बताया कि इसके माध्यम से जनपदों के वर्षों से लंबित अनेक प्रकरणों का समाधान संभव हुआ है। नियमित समीक्षा और विभागीय उच्चाधिकारियों के साथ सीधे समन्वय से लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आई है।

बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनाई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव नितेश कुमार झा, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, रविनाथ रमन, चंद्रेश कुमार यादव, बृजेश कुमार संत, डॉ. वी. षणमुगम, डॉ. आर. राजेश कुमार, विनय शंकर पाण्डेय, विनोद कुमार सुमन,  ज्योति यादव, रणवीर सिंह चौहान, धीराज सिंह गर्ब्याल एवं राजेंद्र कुमार सहित विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, कमिश्नर कुमाऊँ श्री दीपक रावत, कमिश्नर गढ़वाल आनन्द स्वरूप एवं जिलाधिकारी उपस्थित रहे।


रायपुर में बुजुर्ग दंपत्ति समेत तीन लोगों की हत्या का खुलासा, प्लंबर गिरफ्तार

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के विष्णुलोक कॉलोनी में बुजुर्ग दंपत्ति समेत तीन लोगों की हत्या के मामले में दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी इंद्रेश नगर, देहरादून के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी प्लंबर का काम करता है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपत्ति के घर पर प्लंबिंग का कार्य कर रहा था। घटना वाले दिन भी बुजुर्ग दंपत्ति ने उसे प्लंबिंग का काम करने के लिए अपने घर बुलाया था।

काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर आरोपी का बुजुर्ग दंपत्ति से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान राजकुमार ने अपने पास रखे पेचकस से बुजुर्ग दंपत्ति पर हमला कर दिया। इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला नौकरानी आवाज सुनकर मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया।

तीनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक एवं फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त पेचकस बरामद किया है।

सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में आरोपी बुजुर्ग दंपत्ति के घर की ओर अकेले जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस द्वारा अन्य सीसीटीवी फुटेज की भी गहनता से जांच की जा रही है।

मृतक महिला के परिजनों की तहरीर पर थाना रायपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी बरामद हुई है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच और आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

मृतकों का विवरण

रजनी कपूर, पत्नी रमेश चंद्र कपूर, उम्र 75 वर्ष

रमेश कपूर, पुत्र स्व. द्वारिका दास कपूर, उम्र 80 वर्ष

तिलया देवी उर्फ शीला, पत्नी स्व. पवन राम, उम्र 48 वर्ष — नौकरानी

गिरफ्तार आरोपी: राजकुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी इंद्रेश नगर, देहरादून। मूल निवासी बांदा, थाना किरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश।

बरामदगी: घटना में प्रयुक्त पेचकस।


होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाज पर हमला, 11 भारतीय नाविक घायल

भारत ने जताई कड़ी आपत्ति

दुबई। होर्मुज जलडमरूमध्य में पनामा के झंडे वाले वाणिज्यिक जहाज एमटी ऑन पीस को निशाना बनाए जाने की घटना से समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ओमान के तट के पास हुए इस हमले में जहाज के 19 सदस्यीय चालक दल में से 12 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 11 भारतीय नागरिक शामिल हैं। भारत ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों और नागरिक ढांचे को निशाना बनाने वाली घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

प्रोजेक्टाइल से किया गया जहाज पर हमला

विदेश मंत्रालय के अनुसार, एमटी ऑन पीस होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहा था, तभी उस पर एक प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया। जहाज पर कुल 19 सदस्य सवार थे, जिनमें 17 भारतीय नागरिक थे। हमले के बाद घायल चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

घायलों को ओमान के खसब ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। भारत ने राहत और बचाव अभियान में सहयोग करने तथा घायल नाविकों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ओमानी अधिकारियों का आभार जताया है।

भारत ने समुद्री हमलों पर जताई गंभीर चिंता

विदेश मंत्रालय ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों को निशाना बनाने वाली घटनाएं क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए गंभीर खतरा हैं। भारत ने स्पष्ट किया कि नागरिक जहाजों, चालक दल और बुनियादी ढांचे पर इस तरह के हमले तत्काल बंद होने चाहिए।

भारत ने अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर सुरक्षित नौवहन सुनिश्चित करने और वैश्विक व्यापार के लिए महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों को जल्द से जल्द सुरक्षित बनाए जाने पर भी जोर दिया है।

दूसरे टैंकर को भी दी गई थी चेतावनी

यह घटना ऐसे समय हुई है जब होर्मुज जलडमरूमध्य में एक अन्य वाणिज्यिक टैंकर को कथित तौर पर ईरानी बलों की ओर से चेतावनी दिए जाने की जानकारी सामने आई थी।

यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) के मुताबिक, सोमवार को जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक वाणिज्यिक टैंकर से ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के जवानों ने रेडियो के जरिए संपर्क किया था। कथित तौर पर टैंकर को रास्ता बदलने की चेतावनी दी गई और ऐसा नहीं करने पर उसे निशाना बनाए जाने की बात कही गई।

घटना ओमान के खसब से करीब 11 नॉटिकल मील उत्तर में हुई थी। जहाज के मास्टर ने निर्देशों का पालन करते हुए अपना मार्ग बदल लिया। मामले की जांच जारी है। यूकेएमटीओ ने क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की सलाह दी है।

समुद्री सुरक्षा पर पहले भी चिंता जता चुके हैं जयशंकर

समुद्री मार्गों की सुरक्षा और नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा विदेश मंत्री एस जयशंकर भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठा चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा में उन्होंने कहा था कि खाड़ी क्षेत्र से लेकर लाल सागर और काला सागर तक वाणिज्यिक जहाजों तथा नाविकों पर हो रहे हमले गंभीर चिंता का विषय हैं।

जयशंकर के मुताबिक, इन घटनाओं में भारतीय नाविकों समेत कई देशों के नागरिकों की जान जा चुकी है। उन्होंने ऐसी घटनाओं को पूरी तरह अस्वीकार्य बताते हुए समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया था।

भारत ने लाइबेरिया और 23 अन्य साझेदार देशों के साथ मिलकर वाणिज्यिक समुद्री मार्गों की सुरक्षा के समर्थन में वैश्विक स्तर पर प्रयासों में भी भागीदारी की है।

जयशंकर ने कहा था कि जहाजों और नाविकों की सुरक्षा से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानूनों के पालन और खाड़ी क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए संयम बरतने की अपील की थी, ताकि नागरिक चालक दल की सुरक्षा के साथ ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक व्यापार भी प्रभावित न हो।


राई में सड़क किनारे सो रहा था परिवार, चोर ने कार से लाखों का सामान उड़ाया; साथी बाइक लेकर थे तैयार

राई। सफर के दौरान थकान और नींद से बचने के लिए सड़क किनारे कार रोककर आराम करना एक परिवार को भारी पड़ गया। राई क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी कार में परिवार के सोते समय एक चोर ने कथित तौर पर वाहन से कीमती सामान निकाल लिया। पीड़ित की नींद खुलने पर उसकी नजर आरोपी पर पड़ गई, लेकिन वह उसे पकड़ पाता, इससे पहले ही आरोपी अपने दो साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।

मामले में मारूति कुंज निवासी विवेक ने राई थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 2.25 लाख रुपये बताई गई है।

विवेक ने पुलिस को बताया कि वह तड़के अपने परिवार के साथ कार से सफर कर रहा था। लगातार यात्रा के कारण काफी थकान और नींद महसूस होने लगी। किसी संभावित सड़क हादसे से बचने के लिए उसने राई से पहले सड़क किनारे कार रोक दी।

इसके बाद कार को लॉक कर परिवार के सभी सदस्य उसमें सो गए। कुछ समय बाद अचानक विवेक की नींद खुली तो उसने देखा कि कार के पास एक व्यक्ति खड़ा है और वाहन से सामान निकाल रहा है। उसे देखकर विवेक को पता चला कि कार खुली हुई थी, जबकि सोने से पहले उसने वाहन को लॉक किया था।

विवेक ने जैसे ही आरोपी को देखा, वह उसे पकड़ने के लिए तुरंत कार से बाहर निकला और उसकी ओर दौड़ा। खुद को घिरता देख आरोपी सड़क के दूसरी तरफ लगी लोहे की रेलिंग पार कर गया।

शिकायत के अनुसार रेलिंग के दूसरी ओर उसके दो साथी पहले से बाइक स्टार्ट कर खड़े थे। आरोपी अपने साथियों के साथ बाइक पर सवार हुआ और तीनों मौके से फरार हो गए।

पीड़ित के मुताबिक चोर कार से बैग, लैपटॉप, मोबाइल फोन, ईयरबड और चार्जर समेत अन्य सामान ले गया। चोरी किए गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 2.25 लाख रुपये बताई गई है।

विवेक ने पुलिस से चोरी का सामान बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। राई थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी व उसके साथियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


शादी से इनकार पर बेटी ने प्रेमी संग रची मां की हत्या की साजिश, करंट लगने का रचा झूठा नाटक

सोनीपत। सेक्टर-15 में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच के बाद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शुरुआती तौर पर महिला की मौत बिजली का करंट लगने से बताई गई थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह दम घुटना सामने आई। पुलिस जांच के मुताबिक महिला की हत्या करने के बाद घटना को बिजली हादसे का रूप देने की कोशिश की गई थी। मामले में पुलिस ने मृतका की बेटी के दोस्त विशाल को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान रामेश्वरी के रूप में हुई है। 3 अक्टूबर को बीपीएस खानपुर अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-15 स्थित मकान में रहने वाली रामेश्वरी की करंट लगने से मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां मृतका की बेटी जानवी, उसका दोस्त विशाल और अन्य लोग मौजूद थे।

पुलिस के मुताबिक अस्पताल पहुंचने पर जानवी लगातार अपनी मां का पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कह रही थी। बाद में उसने और विशाल ने दावा किया कि महिला के बाएं हाथ में करंट लगा था और केवल उसी हाथ का पोस्टमार्टम कराने की बात कही।

पुलिस की समझाइश के बाद शव के पोस्टमार्टम के लिए सहमति बनी। समय अधिक हो जाने के कारण शव को सुरक्षित रखने के लिए फ्रिजर में रखवा दिया गया। अगले दिन पोस्टमार्टम हुआ तो चिकित्सकों की रिपोर्ट ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।

चिकित्सक ने पुलिस को बताया कि महिला की मृत्यु बिजली का झटका लगने से नहीं हुई थी। रिपोर्ट में मुंह दबाने और हाथों से गला दबाने के कारण दम घुटने को मौत की वजह बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले को हादसे के बजाय हत्या के एंगल से जांचना शुरू किया।

एफएसएल टीम की मौजूदगी में घटनास्थल की जांच की गई। पुलिस के मुताबिक कमरे से खून के निशान वाली डबल बेड की चादर और एक एक्सटेंशन बोर्ड बरामद हुआ। इन साक्ष्यों को जांच में शामिल कर पुलिस ने पूछताछ आगे बढ़ाई।

पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि जानवी और विशाल के बीच प्रेम संबंध थे और दोनों रामेश्वरी के साथ किराये के मकान में रह रहे थे। पुलिस का दावा है कि रामेश्वरी दोनों के रिश्ते और शादी के पक्ष में नहीं थीं। इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में विशाल ने बताया कि 3 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े पांच बजे रामेश्वरी कमरे में सो रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान उसने उनका मुंह दबाया और गला दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार महिला की मौत के बाद घटना को बिजली दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया। जांच में सामने आया कि एक्सटेंशन बोर्ड की तार को काटकर महिला के बाएं हाथ को बिजली के संपर्क में लाने की कोशिश की गई, ताकि मौत की वजह करंट लगना लगे।

हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट से मौत की पुष्टि नहीं होने के बाद पुलिस को पूरे घटनाक्रम पर संदेह हुआ। इसके बाद घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आरोपी से पूछताछ के आधार पर हत्या की जांच आगे बढ़ाई गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर सेक्टर-27 थाने में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच के लिए एएसआई संजीव को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। पुलिस घटनास्थल से बरामद सामान, फोरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ से सामने आई जानकारी को जोड़कर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


कुरुक्षेत्र में पांच दिन से लापता तीन बेटियों के पिता का नहर में मिला शव, परिजनों ने कपड़ों से की पहचान

कुरुक्षेत्र। इस्माईलाबाद से पांच दिन पहले अचानक लापता हुए 36 वर्षीय मजदूर का शव मंगलवार को गांव किरमिच के पास भाखड़ा-नरवाना ब्रांच नहर से बरामद हुआ। मृतक की पहचान इस्माईलाबाद निवासी धर्मबीर उर्फ बबलू के रूप में हुई है। वह तीन बेटियों का पिता था और दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था।

जानकारी के मुताबिक, गांव किरमिच में साइफन के नजदीक ग्रामीणों ने नहर के पानी में एक युवक का शव देखा। इसकी सूचना गोताखोर प्रगट सिंह को दी गई। उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकाला। इसके बाद आसपास के इलाकों से लापता लोगों की जानकारी जुटाकर शव की पहचान करने का प्रयास किया गया।

गोताखोरों की टीम ने सोशल मीडिया और वॉट्सऐप ग्रुपों में उपलब्ध लापता युवकों की तस्वीरों से शव के चेहरे और कपड़ों का मिलान किया। इसके बाद थाना केयूके पुलिस से संपर्क किया गया और इस्माईलाबाद में लापता युवक के परिजनों को भी सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर मृतक के पिता लाल चंद और उसका भाई मौके पर पहुंचे। दोनों ने शव की पहचान धर्मबीर उर्फ बबलू के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल भेज दिया है।

परिजनों के अनुसार, धर्मबीर एक अक्टूबर की दोपहर घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद इस्माईलाबाद थाना पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी गई थी।

मृतक के पिता ने बताया कि धर्मबीर पिछले कुछ समय से परेशान चल रहा था। वह दिहाड़ी मजदूरी करता था और अक्सर काम की वजह से हाथों में परेशानी होने की बात कहता था। परिवार में उसकी तीन बेटियां हैं, जिनमें सबसे छोटी करीब डेढ़ साल और बड़ी बेटी 12 साल की है। वह अपने परिवार के साथ भाइयों से अलग रहता था। परिजनों ने किसी से दुश्मनी होने से भी इनकार किया है।

थाना केयूके के उपनिरीक्षक सुधीर कुमार ने बताया कि नहर में शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर परिजनों से पहचान कराई गई। पोस्टमार्टम के लिए शव लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की ओर से आवश्यक जांच की जा रही है।


अंतिम मतदाता सूची एवं प्रथम स्तरीय जांच को लेकर जिलाधिकारी ने की राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक

अंतिम मतदाता सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध, 23 अक्टूबर से होगी ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच

पौड़ी- विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) तथा ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन की जानकारी देने के साथ ही अंतिम मतदाता सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करायी गई। जिलाधिकारी ने प्रतिनिधियों से मतदाता सूची का परीक्षण करने तथा इस संबंध में प्राप्त सुझाव एवं फीडबैक साझा करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि अंतिम मतदाता सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराने का उद्देश्य सूची का व्यापक परीक्षण सुनिश्चित करना है, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने अथवा किसी मतदाता का नाम गलत स्थान पर दर्ज होने जैसी स्थिति की जानकारी समय पर प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उनकी उपस्थिति और सक्रिय भागीदारी से निर्वाचन संबंधी कार्यों की निगरानी के साथ ही पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहती है। उन्होंने अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

03 अक्टूबर 2026 को अंतिम रूप से प्रकाशित विधानसभा निर्वाचक नामावली के अनुसार जनपद के छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1,008 मतदान केंद्रों पर 5,07,135 सामान्य मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2,64,235 पुरुष, 2,42,890 महिला तथा 10 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 14,570 सर्विस मतदाता हैं, जिनमें 14,319 पुरुष एवं 251 महिला सर्विस मतदाता शामिल हैं। इस प्रकार जनपद में सामान्य एवं सर्विस मतदाताओं को मिलाकर कुल 5,21,705 मतदाता पंजीकृत हैं।

बैठक में ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) के संबंध में भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विस्तृत जानकारी दी गई। जनपद में FLC का कार्य 23 अक्टूबर 2026 से ईवीएम गोदाम, वेयर हाउस छतरीधार, कोटद्वार रोड, पौड़ी गढ़वाल में प्रारंभ किया जाएगा। प्रथम स्तरीय जांच का कार्य प्रतिदिन प्रातः 09:00 बजे से सायं 07:00 बजे तक किया जाएगा तथा सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी प्रक्रिया जारी रहेगी। जांच कार्य इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड द्वारा नामित इंजीनियरों के माध्यम से किया जाएगा।

एफएलसी की प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निगरानी के लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक राजनीतिक दल से प्रतिदिन दो अधिकृत प्रतिनिधि एफएलसी प्रक्रिया में उपस्थित रह सकेंगे। एफएलसी पूर्ण होने के बाद यादृच्छिक रूप से चयनित 5 प्रतिशत मशीनों पर मॉक पोल भी कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने एफएलसी के लिए अधिकृत प्रतिनिधियों के नाम एवं आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के अनुसार पूरी की जाएं। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आवश्यक समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया जाए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी एस एल शाह, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श, राजनीतिक दलों से एसएस रावत, भरत रावत, राजेंद्र सिंह रावत, महादेव प्रसाद बहुगुणा, क्रांति किशोर, संतोष चंदोला सहित अन्य उपस्थित थे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp