Tuesday, October 6th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

राई में सड़क किनारे सो रहा था परिवार, चोर ने कार से लाखों का सामान उड़ाया; साथी बाइक लेकर थे तैयार

राई में सड़क किनारे सो रहा था परिवार, चोर ने कार से लाखों का सामान उड़ाया; साथी बाइक लेकर थे तैयार

राई में सड़क किनारे सो रहा था परिवार, चोर ने कार से लाखों का सामान उड़ाया; साथी बाइक लेकर थे तैयार

राई। सफर के दौरान थकान और नींद से बचने के लिए सड़क किनारे कार रोककर आराम करना एक परिवार को भारी पड़ गया। राई क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी कार में परिवार के सोते समय एक चोर ने कथित तौर पर वाहन से कीमती सामान निकाल लिया। पीड़ित की नींद खुलने पर उसकी नजर आरोपी पर पड़ गई, लेकिन वह उसे पकड़ पाता, इससे पहले ही आरोपी अपने दो साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।

मामले में मारूति कुंज निवासी विवेक ने राई थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 2.25 लाख रुपये बताई गई है।

विवेक ने पुलिस को बताया कि वह तड़के अपने परिवार के साथ कार से सफर कर रहा था। लगातार यात्रा के कारण काफी थकान और नींद महसूस होने लगी। किसी संभावित सड़क हादसे से बचने के लिए उसने राई से पहले सड़क किनारे कार रोक दी।

इसके बाद कार को लॉक कर परिवार के सभी सदस्य उसमें सो गए। कुछ समय बाद अचानक विवेक की नींद खुली तो उसने देखा कि कार के पास एक व्यक्ति खड़ा है और वाहन से सामान निकाल रहा है। उसे देखकर विवेक को पता चला कि कार खुली हुई थी, जबकि सोने से पहले उसने वाहन को लॉक किया था।

विवेक ने जैसे ही आरोपी को देखा, वह उसे पकड़ने के लिए तुरंत कार से बाहर निकला और उसकी ओर दौड़ा। खुद को घिरता देख आरोपी सड़क के दूसरी तरफ लगी लोहे की रेलिंग पार कर गया।

शिकायत के अनुसार रेलिंग के दूसरी ओर उसके दो साथी पहले से बाइक स्टार्ट कर खड़े थे। आरोपी अपने साथियों के साथ बाइक पर सवार हुआ और तीनों मौके से फरार हो गए।

पीड़ित के मुताबिक चोर कार से बैग, लैपटॉप, मोबाइल फोन, ईयरबड और चार्जर समेत अन्य सामान ले गया। चोरी किए गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 2.25 लाख रुपये बताई गई है।

विवेक ने पुलिस से चोरी का सामान बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। राई थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी व उसके साथियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp