Monday, October 5th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

प्रशिक्षण तक सीमित नहीं, युवाओं को रोजगार से जोड़ें अधिकारी: डीएम

Daily Archives: 05/10/2026

प्रशिक्षण तक सीमित नहीं, युवाओं को रोजगार से जोड़ें अधिकारी: डीएम

उत्तरकाशी : जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में ‘प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड आईटीआई’ (PM-SETU) तथा ‘प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम’ (PM-NAPS) के संचालन व समीक्षा हेतु संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ली। इस दौरान राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को आधुनिक तकनीक, स्मार्ट क्लासरूम और उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण केंद्रों के रूप में विकसित करने पर विस्तृत चर्चा की गई। योजना के अंतर्गत आईटीआई उत्तरकाशी को स्पोक आईटीआई के तौर पर प्रस्तावित किया गया है।

समीक्षा के दौरान आईटीआई में अध्ययनरत युवाओं को कौशल विकास के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ने के विभिन्न पहलुओं का मूल्यांकन किया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनपद में कार्यरत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों तथा सरकारी व अर्द्ध-सरकारी संस्थानों को अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर पंजीकृत करते हुए युवाओं को ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग प्रदान की जाए।

जिलाधिकारी ने शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को करियर काउंसलिंग और मार्गदर्शन कार्यक्रमों से समन्वित करने के निर्देश दिये। इन योजनाओं का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण या पोर्टल पर पंजीकरण तक सीमित न रहकर युवाओं को ठोस रोजगार के अवसर प्रदान करना है। इसके लिए स्थानीय उद्योगों, संविदात्मक पदों, आउटसोर्सिंग माध्यमों और विभिन्न विभागों में तकनीकी प्रकृति के कार्यों में आईटीआई प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने की संभावनाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीडीओ जय भारत सिंह, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला सेवायोजन अधिकारी विनायक श्रीवास्तव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अतुल आनंद, जिला शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र अमोली, मुख्य कृषि अधिकारी एसएस वर्मा, अग्रणी बैंक प्रबंधक ब्रह्मानंद सिंह, डीटीडीओ खुशाल नेगी, निदेशक आरसेटी अमित लाल, राजकीय स्नाकोत्तर विद्यालय के प्राचार्य पंकज पंत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


जज फार्म में गंदे पानी की शिकायत पर सांसद अजय भट्ट ने डीएम को लिखा पत्र

वार्ड-52 में दूषित और झागयुक्त पानी की आपूर्ति से बढ़ी लोगों की चिंता, टैंकरों से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश

हल्द्वानी। शहर के वार्ड-52 स्थित जज फार्म क्षेत्र में घरों में नलों के माध्यम से दूषित एवं झागयुक्त पानी पहुंचने का मामला सामने आने के बाद पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल को पत्र भेजकर मामले में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।

सांसद अजय भट्ट ने अपने पत्र में कहा कि 4 अक्टूबर को प्रकाशित समाचार पत्रों के माध्यम से उन्हें जज फार्म क्षेत्र में घरों में नलों से गंदा एवं झागयुक्त पानी आने की जानकारी मिली। स्थानीय निवासियों के अनुसार क्षेत्र के कई घरों में पानी पीने योग्य नहीं है तथा उसमें गंदगी और झाग की शिकायत सामने आई है।

पत्र में बताया गया कि क्षेत्र में गौला नदी और ट्यूबवेल दोनों की पाइपलाइनों के मौजूद होने के बावजूद समस्या बनी हुई है। इसके अलावा शीशमहल फिल्टर प्लांट में सिल्ट जमा होने से भी पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की बात सामने आई है।

सांसद ने पत्र में ज्योलिकोट में गंदे पानी के कारण लोगों के बीमार होने की घटनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि दूषित पानी से जलजनित बीमारियों और महामारी फैलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।

अजय भट्ट ने जिलाधिकारी से जल संस्थान एवं संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र की पाइपलाइनों की जांच कराने, पानी के स्रोत और गुणवत्ता की जांच कराने तथा पेयजल व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश देने का आग्रह किया है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक क्षेत्रवासियों को टैंकरों के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।


सीएम हेल्पलाइन की डीएम ने की समीक्षा, 92 लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में आमजन की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं संतोषजनक समाधान को लेकर सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सीएम हेल्पलाइन की विस्तृत समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभागवार लंबित शिकायतों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वर्तमान में सीएम हेल्पलाइन पर विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 92 शिकायतें लंबित हैं। इनमें एल-1 स्तर पर 83 और एल-2 स्तर पर 9 शिकायतें शामिल हैं।

विभागवार लंबित मामलों में पुलिस विभाग के 17, राजस्व विभाग के 7, नगर पालिका के 6, यूपीसीएल, लघु सिंचाई एवं सिंचाई विभाग के 5-5, वन विभाग के 4, जबकि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा उत्तराखंड पेयजल निगम के 3-3 प्रकरण शामिल हैं। जिलाधिकारी ने अधिक लंबित प्रकरण वाले विभागों को विशेष प्राथमिकता के साथ शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि एल-1 स्तर की शिकायतों का समयसीमा के भीतर प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि मामले अनावश्यक रूप से एल-2 स्तर तक न पहुंचें। उन्होंने एल-2 स्तर पर लंबित प्रत्येक शिकायत की संबंधित अधिकारियों को स्वयं समीक्षा करने तथा वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के साथ शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित करने को भी कहा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासन, प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसका उद्देश्य केवल शिकायतों का औपचारिक निस्तारण करना नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं का वास्तविक, प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों की संख्या न्यूनतम रखने और शिकायतों पर संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, एसडीएम बी.सी. पंत, एएमए जिला पंचायत अनिल जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, पुलिस विभाग से अपर उपनिरीक्षक सुभाष सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


33 समस्याओं में 13 का मौके पर निस्तारण, सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों की भी समीक्षा

रुद्रप्रयाग। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने सोमवार को एक दिवसीय रुद्रप्रयाग भ्रमण के दौरान जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन/जन संवाद कार्यक्रम में जनपदवासियों की समस्याएं सुनीं। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, आवास, मुआवजा सहित अन्य समस्याएं और मांगें आयुक्त के समक्ष रखीं।

जन संवाद में कुल 33 समस्याएं एवं मांगें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया। वहीं दो मांगों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आयुक्त ने संबंधित लोगों को मौके पर ही तिरपाल सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई।

भगत सिंह चौहान ने जवाड़ी पार्क में आपदा से क्षतिग्रस्त सुरक्षात्मक कार्य कराने, पेयजल लाइन सुचारू करने तथा सुमाड़ी-जखोली-मुसाढुंग मोटर मार्ग पर पैचवर्क की मांग रखी। सुनीता देवी ने नाप भूमि को खाता-खतौनी में दर्ज कराने, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश तिवारी ने देवली भणीग्राम के मुख्य मोटर मार्ग की स्थिति सुधारने तथा नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों पर तैनाती की मांग की।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा

आयुक्त ने सीएम हेल्पलाइन-1905 पर लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा भी की। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से फोन पर वार्ता कर मामलों की प्रगति जानी और आंशिक रूप से क्लोज किए गए प्रकरणों को दोबारा रिविजिट कर पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

आयुक्त ने टीबी मरीज को लिया गोद

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने एक टीबी मरीज को गोद लेकर पहल में योगदान दिया। उन्होंने मरीज के उपचार एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई, ताकि मरीज को गुणवत्तापूर्ण भोजन, दवाइयां एवं जरूरी सुविधाएं मिल सकें।

जन संवाद कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जहां लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, उप वन संरक्षक विनीत कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनमानस मौजूद रहे।


आदि कैलाश क्षेत्र में 24 से 26 अक्टूबर तक होगी अल्ट्रा मैराथन

डीएम आशीष भटगांई ने तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

पिथौरागढ़। आदि कैलाश क्षेत्र में आगामी 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली अल्ट्रा मैराथन को लेकर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने आयोजन से जुड़ी विभिन्न तैयारियों, व्यवस्थाओं और व्यवस्थापन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अल्ट्रा मैराथन के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं। उन्होंने प्रतिभागियों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चिकित्सा सुविधा, आवागमन, पेयजल, मार्ग व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आदि कैलाश क्षेत्र में आयोजित होने वाली यह अल्ट्रा मैराथन जनपद में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, उप निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


06 साल से फरार चल रहा वारण्टी गिरफ्तार, चेक बाउंस मामले में कोटद्वार पुलिस की कार्रवाई

पौड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा न्यायालयों से जारी गैर-जमानती वारंटों (N.B.W.) की शत-प्रतिशत तामील और वांछित वारण्टी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में कोतवाली कोटद्वार पुलिस ने चेक बाउंस के मामले में पिछले 06 वर्षों से फरार चल रहे वारण्टी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, माननीय न्यायालय एसीजेएम, कोटद्वार से जारी गैर-जमानती वारंट, वाद संख्या 1338/19, धारा 138 चेक बाउंस के मामले में वारण्टी अभियुक्त प्रदीप बड़थ्वाल निवासी ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 05 अक्टूबर 2026 को अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार वारण्टी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।


जनसुनवाई में डीएम अपूर्वा पाण्डे ने सुनीं 07 शिकायतें, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सड़क, बिजली, पेयजल, मुआवजा सहित विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 07 शिकायतें प्राप्त हुईं।

जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कांडा में पेयजल समस्या के मामले में जिलाधिकारी ने जल निगम को पाइपलाइन दुरुस्त कर विद्यालय में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। वहीं ढालन-खुनौली सड़क की कटिंग से प्रभावित व्यक्ति को मुआवजा दिए जाने के प्रकरण में अधिशासी अभियंता लोनिवि कपकोट को स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

सिरकोट-व्हील-कुलवान सड़क बंद होने की शिकायत पर लोनिवि बागेश्वर को स्थलीय निरीक्षण कर सड़क को शीघ्र यातायात के लिए सुचारू करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन एवं हेलो बागेश्वर पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर संपर्क कर शिकायत के निस्तारण की स्थिति की जानकारी देने तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


दून में शराब तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, तीन अलग-अलग मामलों में तीन गिरफ्तार

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पटेलनगर, रायवाला और ऋषिकेश क्षेत्र में पुलिस टीमों ने चेकिंग और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 136 टेट्रा पैक देसी शराब बरामद की है।

पटेलनगर पुलिस ने 5 अक्टूबर 2026 की शाम चेकिंग के दौरान बाजार क्षेत्र से सुरेंद्र नाम के व्यक्ति को पकड़ा। उसके पास से देसी शराब के टेट्रा पैक बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी की पहचान 44 वर्षीय सुरेंद्र पुत्र केयर सिंह, निवासी भूडपुर नयागांव, थाना पटेलनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से 54 टेट्रा पैक देसी शराब बरामद हुई।

इसी तरह रायवाला पुलिस ने 4 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर सत्यनारायण मंदिर से नेपाली फार्म की ओर सोंग नदी पुल के पास चेकिंग की। इस दौरान उमेश कुमार को 51 टेट्रा पैक देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली रायवाला में मुकदमा संख्या 164/26, धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी 38 वर्षीय उमेश कुमार पुत्र स्वर्गीय बालचन्द प्रसाद, निवासी कुम्हारवाड़ा ऋषिकेश, देहरादून बताया गया है।

वहीं, ऋषिकेश पुलिस ने 4 अक्टूबर को गोविंद नगर झुग्गी-झोपड़ी के पास से मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए हैप्पी नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 28 टेट्रा पैक देसी शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 508/26, धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक तीनों मामलों में अवैध शराब की बरामदगी के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।


चाईबासा में महिलाओं से बैंक खातों के जरिए लाखों की ठगी, व्यवसाय का झांसा देकर निकाले 12.57 लाख

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में महिलाओं को स्वरोजगार शुरू कराने का भरोसा देकर उनके बैंक खातों से लाखों रुपये की निकासी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिलाओं को व्यवसाय शुरू कराने का झांसा दिया गया और बाद में बैंक खातों से बड़ी रकम निकाल ली गई। मामला कुमारडुंगी प्रखंड के बड़ा रायेकमन के साथ-साथ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के परमपंचो और नरसंडा गांव से जुड़ा है।

मामले को लेकर अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के जिला सचिव साधुचरण सिंह कुंटिया ने सोमवार को उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में बड़ा रायेकमन, अंधारी निवासी रीता हेम्ब्रम और राजेंद्र कुमार हेम्ब्रम को मुख्य आरोपी बताया गया है। आरोप है कि दोनों ने महिलाओं को व्यवसाय शुरू कराने का भरोसा दिया और बैंक कर्मियों की कथित मिलीभगत से उनके खातों से रकम निकलवा ली। इसके बदले पीड़ित महिलाओं को महज 500-500 रुपये दिए गए। कई महिलाओं को उनकी बैंक पासबुक भी नहीं दी गई।

शिकायत के अनुसार, कुल 14 खाताधारकों के बैंक खातों से 12 लाख 57 हजार रुपये निकाले गए। इनमें निकिता हेम्ब्रम के खाते से 2.35 लाख, सुनीका हेम्ब्रम के खाते से 1.90 लाख, सूर्यमुनी महाराणा के खाते से 1.50 लाख और कुनी हेम्ब्रम के खाते से 1.20 लाख रुपये की निकासी शामिल है।

बताया गया है कि अलग-अलग बैंकों और वित्तीय संस्थानों से रकम निकाले जाने के बाद अब महिलाओं से लोन की वसूली के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इससे पीड़ित परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। मानवाधिकार संगठन ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और पीड़ित महिलाओं की रकम वापस दिलाने की मांग की है।


जनता दरबार में पहुंचे 22 जनप्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

मौके पर निरीक्षण और विभागीय समन्वय से प्रकरणों के समाधान पर जोर

पौड़ी- अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जनता दरबार आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, वन, परिवहन, स्वास्थ्य, नगर निकाय सहित अन्य विभागों से संबंधित 22 प्रकरण रखे। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण करते हुए प्राथमिकता एवं समयबद्धता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में मौके पर जांच अथवा संयुक्त निरीक्षण की आवश्यकता है, उनमें संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्रवाई आगे बढ़ाएं। साथ ही पूर्व में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रमों में प्राप्त प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

जनता दर्शन में खिर्सू क्षेत्र के संपर्क मार्ग पर पेयजल लाइनों से संबंधित प्रकरण पर जल संस्थान को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई एवं रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। ग्वाड़ गांव में जर्जर विद्युत पोलों से संबंधित प्रकरण पर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को मौके का निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिए गए। ग्राम प्रधान ग्वाड़ महिपाल सिंह द्वारा हाईस्कूल के प्रमाणपत्र की मान्यता से संबंधित प्रकरण पर एडीपीआरओ ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के लिए शासन को पत्र प्रेषित किया जा चुका है। अपर जिलाधिकारी ने प्रकरण को आगे की कार्रवाई के साथ समयबद्ध रूप से निस्तारित करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में खिर्सू के सिंगोरी गांव में पशुधन से संबंधित मुआवजे के प्रकरण पर वन विभाग को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पौड़ी गांव में पेयजल आपूर्ति से संबंधित प्रकरण पर जल संस्थान को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत डांगी में प्रशासनिक व्यवस्था से संबंधित प्रकरण पर अपर जिलाधिकारी ने प्रशासक को रोस्टर के अनुसार गांव में उपस्थित रहकर विकास कार्यों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, कल्जीखाल क्षेत्र में शहीद मनीष पटवाल मोटर मार्ग पर बस संचालन से संबंधित प्रकरण में परिवहन विभाग एवं लोनिवि को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसी क्षेत्र में घंडियालधार-कुनकली सड़क की मरम्मत से संबंधित प्रकरण पर लोनिवि को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

एडीएम ने पौड़ी बस अड्डे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के आवेदन पर पुलिस विभाग को सर्वे कर आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी लगाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका पौड़ी के वार्ड संख्या पांच में रास्तों की मरम्मत तथा उरंडी में हर घर नल योजना से संबंधित प्रकरणों पर संबंधित विभागों को मौके का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सविता देवी द्वारा मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित आवेदन पर एडीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य रिपोर्ट के आधार पर आवश्यकता होने पर संबंधित मरीज को सेलाकुई स्थित मानसिक स्वास्थ्य केंद्र भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त प्रकरणों पर निरंतर फॉलोअप किया जाए तथा कार्रवाई की प्रगति से संबंधित आवेदकों को भी अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों के प्रकरणों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। प्राप्त प्रकरणों की नियमित समीक्षा के साथ उनके निस्तारण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।

इस अवसर पर डीएफओ महातिम यादव, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल, सीओ तपेश कुमार चन्द, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल, अधिशासी अभियंता जल संस्थान टीएस रावत, अधिशासी अभियंता जल निगम नवनीत कटारिया, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, विद्युत विभाग के अभिनव रावत, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, सहायक संख्याधिकारी रणजीत सिंह, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp