Friday, February 13th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

औली में नेशनल हिमक्रीड़ा स्कीइंग विंटर कार्निवल-2026 का भव्य शुभारंभ

Daily Archives: 13/02/2026

औली में नेशनल हिमक्रीड़ा स्कीइंग विंटर कार्निवल-2026 का भव्य शुभारंभ

सतपाल महाराज ने किया विंटर कार्निवल का उद्घाटन

उत्तराखंड को विंटर स्पोर्ट्स हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम- सतपाल महाराज

औली। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने औली की पावन और मनोहारी धरती पर ‘विश्व प्रसिद्ध नेशनल हिमक्रीड़ा स्कीइंग विंटर कार्निवल-2026’ का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समुद्र तल से हजारों मीटर की ऊंचाई पर स्थित औली अपनी विशिष्ट भौगोलिक संरचना के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर की विंटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं के लिए एक आदर्श स्थल बन चुका है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार उत्तराखंड को एक स्थायी ‘विंटर स्पोर्ट्स हब’ और विश्वस्तरीय पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि 13 से 16 फरवरी तक आयोजित होने वाला यह विंटर कार्निवल न केवल साहसिक खेलों को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय लोककलाओं, होमस्टे व्यवस्था और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि राज्य सरकार आने वाले महीनों में पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कई बड़े आयोजनों की तैयारी कर रही है। अप्रैल माह में भारतीय सेना के सहयोग से ‘सूर्य देवभूमि चैलेंज’, मई में नीति घाटी में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ और जून में बद्रीनाथ-माणा क्षेत्र में ‘देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल’ के आयोजन का प्रस्ताव है।

इसके साथ ही 80 के दशक की ऐतिहासिक ‘हिमालयन कार रैली’ को पुनः शुरू करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। वहीं, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में रोपवे निर्माण जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को भी गति दी जा रही है।

कैबिनेट मंत्री ने विश्वास जताया कि ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ की भावना से प्रेरित यह विंटर कार्निवल राज्य के पर्यटन और आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने देश-विदेश के पर्यटकों से देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और साहसिक खेलों का अनुभव लेने का आह्वान किया।


बोर्ड परीक्षाएं नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हो- डीएम

शान्तिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित परीक्षा संचालन हेतु विभागों में समन्वय के निर्देश

परीक्षा संचालन में पूरी गंभीरता बरतें, किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होगी क्षम्य- जिलाधिकारी

23 फरवरी से 18 मार्च तक परीक्षाएं, 125 परीक्षा केन्द्रों पर 12,605 छात्र-छात्रा होंगे शामिल

पौड़ी। आगामी हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राजकीय इण्टर कॉलेज पौड़ी में जनपद के शिक्षाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में परीक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी तैयारियों को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिये, ताकि विद्यार्थियों को निष्पक्ष एवं अनुकूल परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

जिलाधिकारी ने सभी खण्ड शिक्षाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विकासखण्ड स्तर पर शीघ्र बैठक आयोजित कर परीक्षा संबंधी सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन बनाने हेतु शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। परीक्षा केन्द्रों के आसपास अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही पर रोक, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित अभिरक्षा, सीसीटीवी की कार्यशीलता, सभी केन्द्रों पर निगरानी तथा उड़नदस्तों की सक्रियता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये गये। साथ ही उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में लगे कार्मिकों को समय से तैनाती, प्रशिक्षण एवं उत्तरपुस्तिकाओं के सुरक्षित संकलन एवं मूल्यांकन केन्द्रों तक सुरक्षित प्रेषण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्यों को परीक्षार्थियों के हितों पर ध्यान केंद्रित करते हुए निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षाओं से पूर्व छात्रों के लिए ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किए जाएं। इन सत्रों में परीक्षा संबंधी दिशा- निर्देश, उत्तर पुस्तिका नामांकन की प्रक्रिया, समय प्रबंधन, निर्देश, परीक्षा केंद्र की आचार संहिता और तनाव प्रबंधन से संबंधित आवश्यक जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल को सकारात्मक एवं अभिनव वातावरण प्रदान करना भी विद्यालय प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेय सयाना को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी 125 परीक्षा केन्द्रों पर मूलभूत सुविधाएं पेयजल, विद्युत, पर्याप्त फर्नीचर, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा प्राथमिक उपचार की व्यवस्था पूर्व से सुनिश्चित कर ली जाए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुगम व्यवस्था, परीक्षा कक्षों में बैठने की समुचित योजना, प्रश्नपत्र वितरण की गोपनीयता तथा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने हेतु वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश भी दिये।

मुख्य शिक्षाधिकारी ने बताया कि 23 फरवरी से 18 मार्च 2026 तक संचालित होने वाली इन बोर्ड परीक्षाओं के लिए जनपद में कुल 125 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। इनमें से 124 परीक्षा केन्द्रों पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं दोनों की परीक्षाएं आयोजित होंगी, जबकि राजकीय इण्टर कॉलेज देवीखाल में केवल कक्षा 10वीं की परीक्षा आयोजित की जाएगी। जनपद में कुल 12,605 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जिनमें 6,185 छात्र हाईस्कूल तथा 6420 छात्र-छात्राएं इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे।

बैठक में प्रधानाचार्य जी.आई.सी. मोहन चंद्र घिल्डियाल, जिला खेल समन्वयक योगंबर नेगी, उप-निरीक्षक पुलिस विभाग मेहराजुद्दीन सहित जनपद के सभी खण्ड शिक्षाधिकारी तथा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।


पेट की अनदेखी बन सकती है जानलेवा, तेजी से बढ़ रहा बाउल कैंसर का खतरा

आज की तेज़ रफ्तार ज़िंदगी में लोग अक्सर पेट की समस्याओं को मामूली समझकर नज़रअंदाज़ कर देते हैं, लेकिन विशेषज्ञों की मानें तो यही लापरवाही आगे चलकर जानलेवा साबित हो सकती है। हाल के वर्षों में पाचन तंत्र से जुड़े कैंसर, खासतौर पर कोलोरेक्टल यानी बाउल कैंसर के मामलों में दुनिया भर में चिंताजनक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसका सीधा असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ रहा है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के मुताबिक, कोलोरेक्टल कैंसर दुनिया में तीसरा सबसे आम कैंसर बन चुका है और कैंसर से होने वाली मौतों के मामलों में यह दूसरे स्थान पर है। कुल कैंसर मामलों में इसकी हिस्सेदारी करीब 10 प्रतिशत बताई जाती है। पहले यह बीमारी मुख्य रूप से 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में देखी जाती थी, लेकिन अब कम उम्र के लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं।

आंतों की पुरानी बीमारी बढ़ा सकती है कैंसर का जोखिम

कोलन या कोलोरेक्टल कैंसर बड़ी आंत या मलाशय में विकसित होता है। शौच की आदतों में बदलाव, मल में खून, पेट में लगातार दर्द या ऐंठन जैसे लक्षण इसके शुरुआती संकेत माने जाते हैं। विशेषज्ञों ने हाल ही में चेतावनी दी है कि आंतों से जुड़ी एक आम लेकिन गंभीर बीमारी इस कैंसर के खतरे को कई गुना बढ़ा सकती है।

वैज्ञानिकों के अनुसार, इंफ्लेमेटरी बाउल डिजीज (IBD) से पीड़ित लोगों में आगे चलकर बाउल कैंसर का खतरा सामान्य लोगों की तुलना में करीब 600 प्रतिशत तक अधिक हो सकता है। IBD के मरीजों में लंबे समय तक आंतों में सूजन बनी रहती है, जो कैंसर के लिए अनुकूल स्थिति बना देती है।

अगर किसी व्यक्ति को बार-बार दस्त या कब्ज, पेट में तेज दर्द, बार-बार शौच जाने की जरूरत या बिना कारण वजन घटने जैसी समस्याएं हो रही हैं, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। ये IBD के संकेत हो सकते हैं।

विशेषज्ञों की चेतावनी

ब्रिटेन के किंग्स कॉलेज लंदन की न्यूट्रिशन साइंटिस्ट प्रोफेसर सारा बेरी का कहना है कि IBD से पीड़ित लोगों में कम उम्र में ही कोलोरेक्टल कैंसर विकसित होने का खतरा ज्यादा रहता है। उनके अनुसार, आंतों में लंबे समय तक बनी रहने वाली सूजन कैंसर को ट्रिगर कर सकती है।

उन्होंने बताया कि IBD एक अम्ब्रेला टर्म है, जिसके अंतर्गत क्रोहन रोग और अल्सरेटिव कोलाइटिस जैसी बीमारियां आती हैं। ये दोनों ही आंतों को गंभीर नुकसान पहुंचाती हैं और समय के साथ कैंसर का खतरा बढ़ा देती हैं।

भारत में भी बढ़ रहे मामले

भारत में भी बाउल कैंसर के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। यह देश के टॉप-पांच कैंसर में शामिल हो चुका है। शहरी क्षेत्रों में इसके मामले अधिक सामने आ रहे हैं। वर्ष 2022 में भारत में कोलन कैंसर के 64 हजार से ज्यादा नए मामले दर्ज किए गए, जिनमें 15 से 20 प्रतिशत मरीज 50 साल से कम उम्र के थे।

विशेषज्ञों के अनुसार, मोटापा, शारीरिक गतिविधि की कमी, शराब का सेवन और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड्स का अधिक उपयोग इस बीमारी के जोखिम को बढ़ाने वाले प्रमुख कारण हैं।

बचाव ही सबसे बेहतर उपाय

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर बाउल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। प्रोसेस्ड फूड्स और मीठे पेय पदार्थों से दूरी बनाना, पेट से जुड़ी समस्याओं को समय रहते गंभीरता से लेना और नियमित जांच कराना इस जानलेवा बीमारी से बचाव में अहम भूमिका निभा सकता है।

(साभार)


मुख्यमंत्री धामी ने बॉडी बिल्डर प्रतिभा थपलियाल को किया सम्मानित

मातृशक्ति के उत्कर्ष और महिला सशक्तिकरण की प्रेरक मिसाल बनीं प्रतिभा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की बेटी एवं अंतरराष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डर प्रतिभा थपलियाल को बॉडीबिल्डिंग क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं गमला भेंट कर सम्मान प्रदान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिभा थपलियाल की उपलब्धियों को उत्तराखंड की मातृशक्ति के गौरव तथा महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त और प्रेरणादायक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा की सफलता से प्रदेश, विशेषकर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाली बेटियों को खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। मातृशक्ति अब खेलों के साथ-साथ अन्य विविध क्षेत्रों में भी अपने कैरियर की संभावनाएं तलाश रही हैं, जो प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भूमि मातृप्रधान रही है तथा पहाड़ की महिलाएं कृषि, सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन की धुरी रही हैं। समय-समय पर उत्तराखंड की महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा, खेल और सुशासन के क्षेत्र में देश-दुनिया का मार्गदर्शन किया है। हमें अपनी मातृशक्ति पर गर्व है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की ऐसी प्रतिभाशाली महिलाएं जो विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित कर रही हैं, उन्हें राजकीय सेवा में अवसर प्रदान करने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि वे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकें।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा का परचम

43 वर्षीय प्रतिभा थपलियाल की प्रमुख उपलब्धियां (पिछले चार वर्षों में):
वर्ष 2023 में राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक।
एशियाई बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक।
9 फरवरी 2026 को तेलंगाना के करीमनगर में आयोजित राष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक।
प्रतिभा थपलियाल बॉडीबिल्डिंग क्षेत्र में महिला विश्व चैंपियनशिप एवं एशिया चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली महिला बॉडीबिल्डर हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल राज्य बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

प्रदेश सरकार महिला खिलाड़ियों को हर संभव प्रोत्साहन एवं सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि उत्तराखंड की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर निरंतर सफलता का परचम लहराती रहें।

इस दौरान राज्य आंदोलनकारी रविंद्र जुगरान भी उपस्थित थे।


सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया 10 लाख का योगदान

आपदा पीड़ितों और वंचित बच्चों के लिए पूर्व सैनिक का अनुकरणीय सहयोग

देहरादून। लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनने और समाज के प्रति दायित्व निभाने वालों की आज भी कोई कमी नहीं है। इसी भावना का परिचय देते हुए सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हरीश चंद्र जोशी, निवासी वसंत विहार, देहरादून एवं मूल निवासी जहरिखाल, पौड़ी गढ़वाल, ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये की धनराशि दान की।

ब्रिगेडियर जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर चेक सौंपा। यह सहयोग पूर्व में आई दैवीय आपदाओं के दौरान राहत-बचाव कार्यों तथा आपदा से प्रभावित गरीब एवं वंचित बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका में सहायता के उद्देश्य से दिया गया है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि एक अनुभवी सैन्य अधिकारी होने के नाते ब्रिगेडियर जोशी की यह पहल राज्य और समाज के समग्र विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है तथा समाज के अन्य लोगों को भी सेवा और सहयोग के लिए प्रेरित करती है।

इस अवसर पर ब्रिगेडियर एच. के. जोशी की पुत्री सुश्री शानू जोशी भी उपस्थित थीं।


वेब सीरीज ‘संगमरमर’ का टीज़र जारी, जियो हॉटस्टार पर होगी स्ट्रीम

सूरज बड़जात्या के बैनर राजश्री प्रोडक्शंस की नई वेब सीरीज ‘संगमरमर’ का टीज़र दर्शकों के बीच जारी कर दिया गया है। पारिवारिक मूल्यों और भावनात्मक रिश्तों को केंद्र में रखती यह सीरीज प्रेम, जिम्मेदारी और इंतजार की संवेदनशील कहानी कहती नजर आती है। सीरीज को ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जाएगा।

रिश्तों की मजबूती पर केंद्रित कहानी

टीज़र में एक ऐसे दंपती की झलक दिखाई गई है, जो प्यार के साथ-साथ जीवन की जिम्मेदारियों को भी समान रूप से निभाते नजर आते हैं। राजश्री प्रोडक्शंस की परंपरागत पारिवारिक सोच को आगे बढ़ाती यह सीरीज रिश्तों की उस अनकही शक्ति को दर्शाती है, जो समय और दूरी की परीक्षा में भी कायम रहती है। जियो हॉटस्टार ने टीज़र को इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा— “ये कहानी प्यार की नहीं, जिम्मेदारी और इंतजार की है।”

दमदार कलाकारों की मौजूदगी

सीरीज का निर्देशन विक्रम घई ने किया है। मुख्य भूमिकाओं में शीन सविता दास और सौरभ राज जैन नजर आएंगे। इनके अलावा स्मिता बंसल, खालिद सिद्दीकी, फारूक सईद, जया ओझा और अविनाश वधवानी भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे।

भावनाओं और मौन की कहानी

मेकर्स के अनुसार, ‘संगमरमर’ एक महिला के आत्मिक और भावनात्मक सफर को दर्शाती है, जहां प्रेम सिर्फ शब्दों से नहीं बल्कि त्याग, धैर्य और खामोशी से परिभाषित होता है। टीज़र से साफ है कि कहानी अनकहे जज़्बातों और गहरे रिश्तों के इर्द-गिर्द बुनी गई है। हालांकि, सीरीज की रिलीज डेट अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन यह जल्द ही जियो हॉटस्टार पर दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी।

(साभार)


तीनधारा क्षेत्र में बड़ा हादसा, पिकअप वाहन नदी में गिरा, सर्च ऑपरेशन जारी

टिहरी। टिहरी गढ़वाल में एक बड़ा हादसा हो गया है। तीनधारा सैनिक होटल के पास एक पिकअप लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन में संभावित रूप से तीन लोग सवार बताए जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही SDRF ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना की गई। एसआई सावर सिंह के नेतृत्व में पहुंची रेस्क्यू टीम ने देखा कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन नदी में समा चुका है और सतह पर दिखाई नहीं दे रहा है।

ढालवाला पोस्ट से अतिरिक्त टीम रवाना

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ढालवाला पोस्ट से भी एसआई दीपक जोशी के नेतृत्व में एक और एसडीआरएफ टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दोनों टीमों द्वारा समन्वय के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

राफ्ट और डीप डाइविंग से सघन तलाशी

घटनास्थल पर एसडीआरएफ की टीमें राफ्ट और डीप डाइविंग तकनीक की मदद से नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। नदी के तेज बहाव और गहराई के चलते रेस्क्यू कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। फिलहाल लापता लोगों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।


जिम से बाहर निकल रहे युवक की गोली मारकर हत्या, राजधानी में दहशत का माहौल

लगातार अपराधों से सहमा दून, लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी

देहरादून। देहरादून में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स का है, जहां सुबह जिम से बाहर निकल रहे एक युवक को अज्ञात हमलावरों ने सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल है।

राजधानी में लगातार गोलीकांड, पुलिस पर बढ़ा दबाव

राजधानी में यह कोई पहली घटना नहीं है। महज कुछ दिन पहले तिब्बती मार्केट के बाहर दिनदहाड़े कारोबारी अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सरेआम हुई इस वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेखौफ बदमाशों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में वारदात को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी।

गुंजन हत्याकांड से पहले ही सहमा था शहर

इससे पहले 2 फरवरी को दून शहर गुंजन हत्याकांड से दहल उठा था। दूल्हा बाजार में दिनदहाड़े चापड़ से हत्या की इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। हालांकि इस मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष जांच टीम के जरिए रिकॉर्ड समय में चार्जशीट दाखिल की थी, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं से लोगों की चिंता कम नहीं हो सकी।

ऋषिकेश और विकासनगर में भी हत्या की वारदातें

राजधानी के साथ-साथ ऋषिकेश और विकासनगर क्षेत्र भी आपराधिक घटनाओं से अछूते नहीं रहे। ऋषिकेश में प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या और विकासनगर में 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर की धारदार हथियार से हत्या ने आमजन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

नहर किनारे मिला था छात्रा का शव

29 जनवरी को विकासनगर क्षेत्र की 18 वर्षीय छात्रा मनीषा तोमर का शव ढालीपुर स्थित शक्ति नहर के किनारे झाड़ियों में मिला था। इस निर्मम हत्या ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


टी20 विश्व कप 2026- भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराया

टी20 विश्व कप में लगातार 10 मुकाबले जीतने वाली पहली टीम बनी भारत 

नई दिल्ली। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप के ग्रुप मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने एकतरफा अंदाज़ में नामीबिया क्रिकेट टीम को 93 रन से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में नामीबिया की पूरी टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। यह जीत रनों के अंतर से टी20 विश्व कप इतिहास में भारत की सबसे बड़ी जीत साबित हुई।

रिकॉर्ड जीत, भारत ने रचा नया इतिहास

इस मुकाबले के साथ भारत ने टी20 विश्व कप में रनों के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इससे पहले यह रिकॉर्ड वर्ष 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ 90 रन की जीत के नाम था। इतना ही नहीं, भारतीय टीम टी20 विश्व कप में लगातार 10 मुकाबले जीतने वाली पहली टीम भी बन गई है।

ग्रुप ए में भारत शीर्ष पर

मौजूदा टूर्नामेंट में यह भारत की लगातार दूसरी जीत रही। पहले मैच में टीम ने अमेरिका को हराया था। इस जीत के साथ भारत ग्रुप ए की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है, जबकि पाकिस्तान दूसरे स्थान पर खिसक गया। अब भारतीय टीम की नजरें रविवार (15 फरवरी) को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं।

ईशान किशन की विस्फोटक बल्लेबाजी

भारत की पारी के असली नायक ईशान किशन रहे, जिन्होंने सिर्फ 24 गेंदों में 61 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने महज 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उनकी पारी में 5 छक्के और 6 चौके शामिल रहे। किशन की आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई और बड़े स्कोर की नींव रखी।

संजू सैमसन ने 8 गेंदों में 22 रन बनाए, लेकिन अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव 12 गेंदों में सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए। तिलक वर्मा ने 25 रन जोड़े, लेकिन बीच के ओवरों में रनगति अपेक्षित नहीं रह सकी।

इरेस्मस की शानदार गेंदबाजी

नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरेस्मस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट झटके। उनकी विविधतापूर्ण गेंदबाजी ने भारतीय बल्लेबाजों को कुछ समय के लिए दबाव में जरूर रखा।

हार्दिक पांड्या का दमदार फिनिश

पारी के अंतिम ओवरों में हार्दिक पांड्या ने आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में 52 रन बनाए। उनकी पारी में 4 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। शिवम दुबे के साथ उनकी 81 रन की साझेदारी ने भारत को 200 के पार पहुंचाया।

गेंदबाजों ने नामीबिया की कमर तोड़ी

210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की शुरुआत ठीक रही, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने जल्द ही मैच पर शिकंजा कस लिया। वरुण चक्रवर्ती ने 3 विकेट झटके, जबकि हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को 2-2 सफलताएं मिलीं। अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह ने भी एक-एक विकेट लेकर नामीबिया की पारी को बिखेर दिया।


पूर्व सैनिकों के सम्मान और उनके हितों की रक्षा के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध- गणेश जोशी

लैन्सडाउन विधानसभा में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं पर शासनादेश जारी, मंत्री जोशी ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से पूर्व सैनिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों के सम्मान और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि लैन्सडाउन विधानसभा, जनपद पौड़ी के अंतर्गत दिनांक 05 अक्टूबर, 2025 को मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं पर शासनादेश (जीओ) जारी कर दिया गया है। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार भी जताया।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जयहरीखाल का उच्चीकरण किया जाएगा। रा०इ०का० कर्तिया का नाम शहीद कमल रावत के नाम पर रखा जाएगा। हाई स्कूल डोबरियासार का नाम शहीद अनुज नेगी के नाम पर किया जाएगा। गोडला–चिणौँ मार्ग का नाम शहीद किशवानन्द ध्यानी के नाम पर रखा जाएगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जयहरीखाल का नाम शहीद हरीश जोशी के नाम पर किया जाएगा तथा जयहरीखाल–गूमखाल मार्ग का नाम शहीद खुशाल सिंह नेगी के नाम पर किया जाएगा।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार शहीदों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और उनके नाम पर संस्थानों एवं मार्गों का नामकरण कर नई पीढ़ी को उनके बलिदान से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व सैनिकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान हेतु सरकार निरंतर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य कर रही है।

इस अवसर पर रि.कर्नल रघुवीरसिंह भंडारी, कर्नल आर. एस रांगडा, कर्नल नवीन थापा, कैप्टन रमेश सिंह, अशोक सिंह सहित अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp