Thursday, February 12th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई ‘व्यय वित्त समिति’ की बैठक, कई विकास योजनाओं को मिली वित्तीय मंजूरी

Daily Archives: 12/02/2026

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई ‘व्यय वित्त समिति’ की बैठक, कई विकास योजनाओं को मिली वित्तीय मंजूरी

चम्पावत में 64.94 करोड़ से बनेगा ‘सिटी सेंटर’, स्टोरी पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लैक्स को हरी झंडी

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित हुई बैठक में विभिन्न विभागों के योजना प्रस्तावों को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागीय उच्च अधिकारियों को निर्देश दिये कि निर्माण कार्यों के साथ ही अन्य संबंधित प्रस्तावों के क्रियान्वयन की समय सीमा निर्धारित करते हुए कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराना सुनिश्ति किया जाये।

मुख्य सचिव ने जनपद चम्पावत के अन्तर्गत रोडवेज स्टेशन चम्पावत में आधुनिक सुसज्जित स्टोरी पार्किंग व शॉपिंग कॉम्प्लैक्स के निर्माण लागत रू 64.94 करोड़ के प्रस्तावों को संस्तुति प्रदान करते हुए इसका नाम सिटी सेंटर चम्पावत रखे जाने के निर्देश दिये। उन्होने इसमें यात्रियों एवं स्थानीय जनता को बेहतर सुविधायें उपलब्ध कराने, स्थानीय उत्पादों के विपणन की व्यवस्था तथा पार्किंग स्थल पर रोडवेज की बसों के साथ ही टैक्सी पार्किंग की भी व्यवस्था करने को कहा ताकि इससे आम जनता को और अधिक सुविधा हो सके।

मुख्य सचिव ने जनपद टिहरी गढ़वाल के अन्तर्गत टिहरी मुख्यालय के माल रोड़ में फसाड कार्य रेलिंग्स, पाथ, स्ट्रीट लाइट, शौचालय निर्माण किये जाने आदि के प्रस्तावित कार्याें हेतु 11.25 करोड कि संस्तुति प्रदान करते हुए कहा कि टिहरी नगर में फसाड़ कार्य, रेलिंग्स, पाथ, स्ट्रीट लाईट एवं शौचालय का निर्माण से आम जनमानस/पर्यटकों को सुविधा प्राप्त हो सकेगी।

इसके अतिरिक्त व्यय वित्त समिति की बैठक में मुख्य सचिव द्वारा शैक्षिक सत्र 2025-26 में राज्य के राजकीय एवं राजकीय सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक अध्ययनरत समस्त छात्र-छात्राओं को निःशुल्क नोटबुक उपलब्ध कराये जाने हेतु माध्यमिक शिक्षा विभाग हेतु 52.84 करोड़, जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट में किमतोली से रौशाल मोटर मार्ग में हॉट मिक्स का कार्य हेतु 12.15 करोड, जनपद ऊधम सिंह नगर के विधानसभा क्षेत्र किच्छा के अन्तर्गत एन०एच०109 में पं० राम सुमेर शुक्ला राजकीय मेडिकल कॉलेज से अटरिया माता मन्दिर मोड, सिडकुल एवं आनंदपुर होते हुए एस0एच044 तक मार्ग के कि०मी०. 5.000 से 12.255 तक पुनः निर्माण कार्य हेतु लोक निर्माण विभाग को 23.12 करोड़ जनपद ऊधमसिंह नगर के विधानसभा क्षेत्र क्षेत्र किच्छा के शिमला पिस्तौर कुरैया मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण एवं सुधार कार्य हेतु लोक निर्माण विभाग को 20.17 करोड़ की संस्तुति प्रदान की गई।

मुख्य सचिव द्वारा कुम्भ मेला-2027 की व्यवस्थाओं के अन्तर्गत खड़खड़ी शमशान घाट जाने वाले मार्ग पर सूखी नदी पर स्थित कॉजवे के स्थान पर डबल लेन सेतु का निर्माण हेतु शहरी विकास विभाग को 13.22 करोड, कुम्भ मेला-2027 के अन्तर्गत जनपद हरिद्वार में मायापुर स्क्रैप चैनल पर दक्षद्वीप एवं बैरागी कैम्प को जोडने वाले पूर्व निर्मित सेतु के डाउनस्ट्रीम में 60 मी० स्पान स्टील गर्डर डबल लेन सेतु के निर्माण हेतु शहरी विकास विभाग को 12.46 करोड की भी संस्तुति प्रदान की गई।

इस अवसर पर सचिव नितेश झा, डॉ पंकज कुमार पाण्डे, डॉ आर. राजेश कुमार, वी. षणमुगम, विषेश सचिव अजय मिश्रा, मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका सहित विभिन्न विभागों के अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित थे।


मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में पिटकुल की समीक्षा बैठक, परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत मंथन

विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर मुख्यमंत्री का सख्त रुख, वितरण लॉस व विद्युत चोरी पर जीरो टॉलरेंस

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय सभागार में पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गत वर्षों में पूर्ण की गई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की उपलब्धियों, एडीबी पोषित एवं नॉन-एडीबी पोषित गतिमान परियोजनाओं, मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई परियोजनाओं, मुख्यमंत्री घोषणा से संबंधित कार्यों तथा आरईसी/पीएफसी पोषित योजनाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके साथ ही वर्ष 2025-26 में अतिरिक्त अंश पूंजी (राज्य सेक्टर एवं SASCI), प्रस्तावित परियोजनाओं हेतु वर्षवार अंश पूंजी की आवश्यकता, पिटकुल के रिसोर्स एडीक्वेसी प्लान/मास्टर प्लान, आपदा मद में क्षतिपूर्ति हेतु धनराशि एवं मानव शक्ति की आवश्यकता जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश: समयबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर

मुख्यमंत्री ने विद्युत वितरण लॉस को न्यूनतम करने, विद्युत चोरी पर सख्ती से रोक लगाने तथा वितरण लॉस में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
आगामी ग्रीष्मकालीन सीजन को देखते हुए यूजेवीएनएल, पिटकुल एवं यूपीसीएल को अभी से समस्त तैयारियां सुनिश्चित करने, सभी औपचारिकताओं को मार्च तक पूर्ण कर अप्रैल तक परियोजनाओं के शुभारंभ हेतु प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

सीएसआर मद में प्राप्त धनराशि के लिए पृथक खाता खोलकर उसका अधिकतम एवं बहु-रचनात्मक उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया। विभिन्न जनपदों में एडीबी पोषित उपकेंद्रों से संबंधित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। एडीबी पोषित द्वितीय चरण के अंतर्गत बहादराबाद (हरिद्वार), कोटद्वार (पौड़ी), भिकियासैंण (अल्मोड़ा), कपकोट (बागेश्वर) एवं नंदप्रयाग (चमोली) में भूमि आवंटन एवं स्थानांतरण की प्रक्रिया एक सप्ताह में पूर्ण करने हेतु संबंधित जिला अधिकारियों को निर्देशित किया गया। मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत शिलान्यास की गई सभी परियोजनाओं को तत्काल प्रभाव से पूर्ण करने हेतु निरंतर निगरानी एवं प्रभावी प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

पिटकुल की उल्लेखनीय उपलब्धियां और वित्तीय सुदृढ़ता
पिटकुल के प्रबंध निदेशक पी सी. ध्यानी ने विगत चार वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि आरईसी द्वारा पिटकुल की क्रेडिट रेटिंग को A+ से A++ किए जाने से परियोजना क्रियान्वयन हेतु प्राप्त ऋणों पर 0.5 प्रतिशत अतिरिक्त छूट मिलेगी, जिसका सीधा लाभ प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं को कम टैरिफ के रूप में प्राप्त होगा।

उन्होंने अवगत कराया कि अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पावर लाइन पत्रिका द्वारा पिटकुल को “पावर लाइन ट्रांस टेक इंडिया अवार्ड-2025” से सम्मानित किया गया है, जो ऊर्जा क्षेत्र के पारेषण क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं वित्तीय वर्ष 2024-25 में न्यूनतम लाइन लॉस के लिए प्रदान किया गया। कुशल प्रबंधन एवं सतत लाभ वृद्धि के परिणामस्वरूप पिटकुल द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में अब तक का सर्वाधिक ₹1243 करोड़ का लाभांश उत्तराखंड सरकार को दिया गया है। विगत चार वर्षों में कुल 22

परियोजनाएं पूर्ण की गई हैं, जिनमें से 12 परियोजनाएं क्षमता वृद्धि से संबंधित हैं।

एडीबी एवं नॉन-एडीबी पोषित परियोजनाओं में तीव्र प्रगति
वर्तमान में एशियाई विकास बैंक (ADB) पोषित 220 एवं 120 केवी उप संस्थानों की परियोजनाएं मंगलौर, सेलाकुई, आराघर, खटीमा, धौलाखेड़ा, लोहाघाट एवं सरवरखेड़ा में गतिमान हैं। इसके अतिरिक्त नॉन-एडीबी पोषित 400, 220 एवं 132 केवी उप संस्थानों की परियोजनाएं पीपलकोटी, घनसाली, बनबसा, रानीहाट, ऋषिकेश, अल्ट्राटेक एवं सिमली में प्रगति पर हैं।

बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्धन, प्रमुख सचिव आर के सुधांशु व आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव पंकज पांडेय, सी रवि शंकर, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, विनय शंकर पाण्डेय, प्रबंध निदेशक उत्तराखंड जल विद्युत निगम डॉ. संदीप सिंघल, प्रबंध निदेशक यूपीसीएल अनिल कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


धुंधली नजर को न करें नजरअंदाज, गंभीर बीमारी का हो सकता है संकेत

आंखों से धुंधला दिखना अक्सर लोग थकान, मोबाइल स्क्रीन के ज्यादा इस्तेमाल या उम्र बढ़ने का सामान्य असर मानकर टाल देते हैं। कई लोग सीधे चश्मा लगवाने को ही इसका समाधान समझ लेते हैं। लेकिन चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, अचानक या लगातार धुंधला दिखना सिर्फ आंखों की कमजोरी नहीं, बल्कि शरीर में छिपी किसी गंभीर बीमारी का शुरुआती संकेत भी हो सकता है।

डॉक्टरों का कहना है कि आंखें सीधे तौर पर मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र से जुड़ी होती हैं। ऐसे में शरीर के अंदर चल रही कई बीमारियों का असर सबसे पहले आंखों की रोशनी पर दिखाई देता है। खासकर जब बिना किसी स्पष्ट कारण के नजर कमजोर होने लगे, तो यह चेतावनी का संकेत हो सकता है।

डायबिटीज से जुड़ी आंखों की बीमारियां

विशेषज्ञों के अनुसार, धुंधली नजर का एक बड़ा कारण अनियंत्रित डायबिटीज हो सकती है। खून में शुगर का स्तर बढ़ने पर आंखों के लेंस में सूजन आ जाती है, जिससे दिखाई देना धुंधला हो जाता है। लंबे समय तक शुगर कंट्रोल में न रहने पर डायबिटिक रेटिनोपैथी की आशंका बढ़ जाती है। इस स्थिति में रेटिना की बारीक रक्त वाहिकाएं क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, जो आगे चलकर स्थायी अंधेपन का कारण बन सकती हैं।

हाई ब्लड प्रेशर और स्ट्रोक का खतरा

हाई ब्लड प्रेशर का असर भी आंखों की नसों पर पड़ता है। डॉक्टर बताते हैं कि अचानक नजर का कम होना, एक आंख से दिखाई न देना या दोहरी छवि दिखना स्ट्रोक का लक्षण हो सकता है। मस्तिष्क के जिस हिस्से से दृष्टि नियंत्रित होती है, वहां रक्त प्रवाह बाधित होने पर यह समस्या सामने आती है। ऐसी स्थिति को मेडिकल इमरजेंसी मानते हुए तुरंत इलाज जरूरी है।

ब्रेन ट्यूमर और तंत्रिका तंत्र की समस्याएं

मस्तिष्क में ट्यूमर या किसी असामान्य वृद्धि के कारण भी आंखों की नसों पर दबाव बन सकता है। इसके चलते धुंधली नजर के साथ तेज सिरदर्द, उलझन, चक्कर आना या उल्टी जैसी शिकायतें हो सकती हैं। इसके अलावा मल्टीपल स्केलेरोसिस जैसी न्यूरोलॉजिकल बीमारियां भी दृष्टि को प्रभावित कर सकती हैं। समय रहते इलाज न मिलने पर नुकसान स्थायी हो सकता है।

डॉक्टरों की सलाह

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि दृष्टि में किसी भी तरह का अचानक बदलाव गंभीरता से लिया जाना चाहिए। नियमित रूप से आंखों की जांच कराने के साथ-साथ ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की भी निगरानी जरूरी है। संतुलित आहार, विटामिन-ए और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर भोजन आंखों की सेहत के लिए लाभकारी माना जाता है। अगर धुंधली नजर के साथ आंखों में दर्द, जलन या लालिमा हो, तो तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए।

नोट: यह रिपोर्ट विभिन्न मेडिकल रिसर्च और विशेषज्ञों की सलाह पर आधारित है।

(साभार)


सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से मिले ब्रिगेडियर सुधीर मलिक

ब्रिगेडियर सुधीर मलिक ने गणेश जोशी को गढ़ी कैंट में आयोजित होने वाले पूर्व सैनिक रोजगार मेला कार्यक्रम के लिए किया आमंत्रित

देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से आज उनके कैंप कार्यालय में अतिरिक्त महानिदेशक, पुनर्वास निदेशालय (पश्चिमी क्षेत्र) के ब्रिगेडियर सुधीर मलिक ने शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान ब्रिगेडियर सुधीर मलिक ने सैनिक कल्याण मंत्री को महानिदेशालय पुनर्वास, रक्षा मंत्रालय द्वारा देहरादून के जसवंत ग्राउंड, गढ़ी कैंट में 13 से 26 फरवरी तक आयोजित होने वाले पूर्व सैनिकों (ईएसएम) के लिए रोजगार मेला कार्यक्रम हेतु औपचारिक आमंत्रण दिया।

मुलाकात के दौरान पूर्व सैनिकों के पुनर्वास, कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे आयोजनों से पूर्व सैनिकों को सम्मानजनक रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने रोजगार मेले के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।


वात्सल्य योजना के तहत 3 करोड़ 5 लाख खातों में ट्रांसफर

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने डीबीटी किया 2 महीने का पैसा

देहरादून । गुरुवार को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत लाभार्थियों को 3 करोड़ 5 लाख रुपए से ज्यादा की धनराशि जारी की।

कैंप कार्यालय पर धनराशि लाभार्थियों की खातों में डीबीटी करने के बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि इस योजना में प्रदेश सरकार 2020 से ही कोरोना महामारी के समय अभिभावकों को खो देने वाले बेसहारा बच्चों को प्रति माह ₹3000 की सहायता राशि देती है। इस योजना के तहत नवंबर 25 तक का धन पहले ही जारी कर दिया गया था।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि दिसंबर में 5114 लाभार्थियों को कुल 1 करोड़ 53 लाख 42 हजार रुपए गुरुवार को जारी किए गए हैं। जबकि जनवरी महीने के लिए कुल 5078 लाभार्थियों के 1 करोड़ 52 लाख 34 हजार रुपए की धनराशि जारी की गई है।

इस योजना के तहत लाभार्थी के 21 वर्ष के हो जाने या बालिका लाभार्थियों के विवाह या लाभार्थी के सेवायोजित हो जाने के बाद वह योजना से बाहर हो जाते हैं।

इस अवसर पर सीपीओ अंजना गुप्ता और डिप्टी सीपीओ राजीव नयन आदि उपस्थित रहे।


टी20 विश्व कप 2026- भारत और नामीबिया के बीच मुकाबला आज

जसप्रीत बुमराह की वापसी संभव, भारतीय गेंदबाजी को मिलेगी धार

नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 में मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम आज यानि गुरुवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ अपने दूसरे लीग मुकाबले में उतरेगी। अमेरिका के खिलाफ पहला मैच जीतकर आत्मविश्वास से भरी भारतीय टीम का पलड़ा इस मुकाबले में भारी माना जा रहा है, हालांकि कुछ खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर टीम प्रबंधन की चिंताएं बढ़ी हुई हैं।

भारत ने अपने पहले मैच में अमेरिका को हराया था, जबकि नामीबिया को नीदरलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में आंकड़ों और फॉर्म के लिहाज से यह मुकाबला भारत के पक्ष में नजर आ रहा है। बावजूद इसके, सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की तबीयत और ईशान किशन की चोट ने टीम मैनेजमेंट की तैयारियों पर असर डाला है।

अभिषेक शर्मा की तबीयत पर नजर

सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पेट में संक्रमण और वायरल बुखार के कारण दो दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहे थे। हालांकि अब उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है, लेकिन नामीबिया के खिलाफ उन्हें मैदान पर उतारने को लेकर टीम प्रबंधन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। खासकर पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले को देखते हुए उन्हें पूरी तरह फिट होने का समय दिया जा सकता है।

ईशान किशन को अभ्यास के दौरान चोट

बुधवार को अभ्यास सत्र के दौरान ईशान किशन को जसप्रीत बुमराह की तेज यॉर्कर बाएं पैर के अंगूठे पर लग गई, जिससे वह कुछ देर के लिए असहज नजर आए। फिजियो की जांच के बाद उन्होंने दोबारा अभ्यास शुरू किया, हालांकि बाद में वह एहतियातन नेट्स छोड़कर ड्रेसिंग रूम लौट गए। टीम प्रबंधन का मानना है कि चोट गंभीर नहीं है, लेकिन अंतिम फैसला मैच से पहले लिया जाएगा।

संजू सैमसन को मिल सकता है मौका

अगर अभिषेक शर्मा और ईशान किशन दोनों ही उपलब्ध नहीं रहते हैं, तो संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। सहायक कोच रेयान टेन डेशकाटे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि संजू अच्छी तरह अभ्यास कर रहे हैं और टीम की जरूरत के अनुसार अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। ऐसे में संजू सैमसन और वॉशिंगटन सुंदर की जोड़ी ओपनिंग करती नजर आ सकती है।

बुमराह की वापसी से गेंदबाजी मजबूत

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की इस मैच में वापसी संभव है। वायरल बुखार के कारण वह पिछले मुकाबले में नहीं खेल पाए थे। उनके लौटने से भारत का गेंदबाजी आक्रमण और धारदार हो जाएगा। बुमराह की वापसी की स्थिति में मोहम्मद सिराज को बाहर बैठना पड़ सकता है।

नामीबिया के लिए कड़ी चुनौती

भारत की मजबूत बल्लेबाजी और अनुभवी गेंदबाजी आक्रमण को रोकना नामीबिया के लिए बड़ी चुनौती होगी। जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या के सामने नामीबिया के बल्लेबाजों की परीक्षा होगी। आंकड़े भी भारत के पक्ष में हैं—अभ्यास मैच में भारत ए ने नामीबिया को 100 रन से कम पर समेट दिया था।

मैच से जुड़ी अहम जानकारी

मैच स्थान: अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली

मैच शुरू: शाम 7:00 बजे

टॉस: शाम 6:30 बजे

लाइव प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क

लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट

भारत के लिए यह मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले बड़े मैच से पहले लय हासिल करने का सुनहरा अवसर माना जा रहा है, जबकि नामीबिया के सामने खुद को साबित करने की कठिन चुनौती होगी।


सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से पूर्व सैनिकों ने की मुलाकात

पूर्व सैनिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को रखा सैनिक कल्याण मंत्री के समक्ष 

देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से उनके कैंप कार्यालय में पूर्व सैनिकों ने मुलाकात की। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को सैनिक कल्याण मंत्री के समक्ष रखा। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व सैनिकों को उनकी समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया।

इस दौरान पूर्व सैनिकों ने सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी का पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए किए जा रहे के लिए आभार भी जताया।

इस अवसर पर पीबीओआर अध्यक्ष शमशेर बिष्ट सहित अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।


यूनिवर्सल पिक्चर्स ने की ‘द ममी 4’ की आधिकारिक घोषणा, रिलीज डेट का भी किया ऐलान

करीब दो दशक के लंबे इंतजार के बाद हॉलीवुड की मशहूर एडवेंचर-हॉरर फ्रेंचाइज़ी ‘द ममी’ एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने को तैयार है। यूनिवर्सल पिक्चर्स ने ‘द ममी 4’ के निर्माण की आधिकारिक घोषणा कर दी है। खास बात यह है कि फिल्म में ब्रेंडन फ्रेजर और राहेल वीज की वापसी होने जा रही है, जिससे फैंस की उत्सुकता और भी बढ़ गई है। मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म पुरानी सीरीज की रोमांचक भावना और मनोरंजक केमिस्ट्री को नए अंदाज में पेश करेगी।

‘द ममी’ फ्रेंचाइज़ी का सफर

‘द ममी’ सीरीज की शुरुआत वर्ष 1932 में हुई थी, लेकिन 1999 में आई ब्रेंडन फ्रेजर और राहेल वीज अभिनीत फिल्म ने इसे वैश्विक पहचान दिलाई। एक्शन, रोमांच, हल्की कॉमेडी और हॉरर के अनोखे मिश्रण ने इस फिल्म को दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया।

1999: द ममी – एवलिन की एक गलती प्राचीन पुजारी इम्होतेप को जगा देती है, जिससे तबाही का सिलसिला शुरू होता है।

2001: द ममी रिटर्न्स – इम्होतेप की वापसी और पहले से कहीं बड़े खतरे का सामना।

2008: द ममी: टॉम्ब ऑफ द ड्रैगन एम्परर – इस बार कहानी चीन पहुंचती है, जहां एक शक्तिशाली सम्राट नई चुनौती बनकर सामने आता है।

‘द ममी 4’ से क्या है उम्मीद

नई फिल्म ‘द ममी 4’ का निर्देशन रेडियो साइलेंस के निर्देशक मैट बेटिनेली-ओल्पिन और टायलर गिलेट कर रहे हैं, जबकि पटकथा डेविड कॉगेशल ने लिखी है। ब्रेंडन फ्रेजर इस प्रोजेक्ट से बतौर एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर भी जुड़े हुए हैं।

‘द ममी’ फिल्म की चौथी किस्त 19 मई 2028 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में ब्रेंडन फ्रेजर फिर से रिक ओ’कोनेल का रोल निभाएंगे और राहेल वीज एवलिन कार्नाहन (एवी) का किरदार करेंगी। इससे फैंस को बहुत खुशी हो रही है और पुरानी यादें ताजा हो रही हैं। फिल्म की कहानी के बारे में अभी कोई डिटेल नहीं बताई गई है, लेकिन पिछली फिल्मों की जबरदस्त पॉपुलैरिटी को देखते हुए सभी फैंस बहुत उत्साहित हैं।

मेकर्स के अनुसार, फिल्म में जबरदस्त एक्शन, रोमांचक कहानी और पुराने किरदारों की वही लोकप्रिय केमिस्ट्री देखने को मिलेगी, जिसने ‘द ममी’ को दर्शकों के दिलों में खास जगह दिलाई थी। अब फैंस को इसकी रिलीज डेट और ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार है।

(साभार)


एनएचएम के तहत केन्द्र सरकार को भेजी जायेगी एक हजार करोड़ की पीआईपी

विभागीय मंत्री डा. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों के साथ की मंत्रणा

कहा, कार्ययोजना में नवीन योजनाओं को भी करें शामिल

देहरादून। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं संवर्धन के लिये केन्द्र सरकार को वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु करीब एक हजार करोड़ की प्रोग्राम इम्पलीमेंटेशन प्लान (पीआईपी) भेजी जायेगी। जिसमें राज्य की वर्तमान आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुये आधा दर्जन नई योजनाओं को भी शामिल किया जायेगा।

सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु केन्द्र सरकार को भेजी जाने वाली पीआईपी को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। जिसमें उन्होंने एनएचएम के अंतर्गत पूर्व से संचालित कार्यक्रमों के आलावा आशाओं का मानदेय बढ़ाये जाने, वैक्सीन स्टोरेज हेतु आवश्यक उपकरण, कोल्ड चेन उपकरण, माॅडल इम्युनाइजेशन सेंटर की स्थापना, चारधाम हेतु मोबाइल वैक्सीनेशन वैन, पर्वतीय क्षेत्रों में सेफ्टी पिट्स व वीपीडी सर्विलांस आदि को प्रमुखता से पीआईपी में शामिल करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये।

इसके अलावा उन्होंने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिये राज्य के सभी सांसदगणों से भी सुझाव आमंत्रित कर पीआइपी में शामिल करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश के कुछ विकासखण्डों का चयन कर मोतियाबिंद संभावित मरीजों की शतप्रतिशत जांच करने के निर्देश भी बैठक में दिये। डाॅ. रावत ने प्रत्येक ब्लाॅकों में चिकित्सकों के लिये आवश्यकतानुसार ट्रांजिट हाॅस्टल के निर्माण, वृहद स्तर पर टीकाकरण अभियान का संचालन के निर्देश भी अधिकारियों को दिये।

इस अवसर पर मिशन निदेशक एनएचएम मनुज गोयल ने बताया कि राज्य की आवश्यकताओं के अनुसार पीआईपी तैयार कर शीघ्र केन्द्र सरकार को भेजी दी जायेगी। जिसमें प्रदेश के सांसदगणों के सुझावों को भी शामिल किया जायेगा।


तिब्बती मार्केट हत्याकांड में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, शूटर और सहयोगी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

दोनों आरोपियों के पैर में लगी गोली 

आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद

देहरादून। राजधानी देहरादून में हाल ही में हुए हत्याकांड के खुलासे के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य शूटर और उसके एक सहयोगी को अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ों के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हत्याकांड के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही थी। इसी अभियान के दौरान तड़के सुबह रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में पुलिस टीम ने एक संदिग्ध को घेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इसी क्रम में लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर वह एक खंडर फैक्ट्री में घुस गया और वहां से पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp