Monday, October 12th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

जनता दर्शन में सीडीओ ने सुनीं आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश

जनता दर्शन में सीडीओ ने सुनीं आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश

जनता दर्शन में सीडीओ ने सुनीं आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश

पेयजल, सड़क, पेंशन और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी 20 शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश

पौड़ी- मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आमजन की विभिन्न समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान पेयजल, सड़क, विद्युत, पेंशन, किसान सम्मान निधि और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित 20 शिकायतें सामने आईं। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनता दर्शन में पूर्व में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

जनता दर्शन में विकासखंड दुगड्डा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पंजीकरण नहीं होने की शिकायत पर संबंधित स्तर से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। सीडीओ ने कांडई गांव में सीवर के गंदे पानी के अत्यधिक बहाव की शिकायत पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को नाली निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। वहीं, दोमटखाल मोटर मार्ग पर क्षतिग्रस्त स्कपर की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड को दुर्घटना की आशंका के मद्देनजर शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।

जनता दर्शन में मुख्य विकास अधिकारी ने पेयजल से संबंधित शिकायतों पर ग्राम नौली में पेयजल कनेक्शनों में जलापूर्ति बाधित होने के मामले में जल निगम के अधिशासी अभियंता को स्थलीय निरीक्षण कर प्राक्कलन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही जामणाखाल पेयजल योजना से जुड़े दुर्गाकोट, कमेड़ा आदि गांवों में पानी की आपूर्ति सुचारू नहीं होने पर जल संस्थान को मौके पर जाकर स्थिति का आकलन करने और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने विधवा पेंशन नहीं मिलने की शिकायतों पर संबंधित विभाग को प्रकरणों का परीक्षण कर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहकारी समितियों के सेवानिवृत्त सचिवों की ग्रेच्युटी एवं अन्य सेवानिवृत्ति लाभों से संबंधित शिकायत पर भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही उन्होंने किसान सम्मान निधि की राशि प्राप्त नहीं होने के मामलों में संबंधित विकासखंड से जांच कराकर लाभार्थियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में यमकेश्वर क्षेत्र में जंगली जानवरों के आतंक से संबंधित शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी ने वन विभाग को आवश्यक स्थानों पर पिंजरे लगाने और नियमित गश्त करने के निर्देश दिए। पट्टी कफोलस्यूं में ग्रामीण सड़कों पर झाड़ी कटान के संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारी ने अवगत कराया कि सर्वे के बाद आगामी सप्ताह से कार्य शुरू किया जाएगा। वहीं, पयासू गांव में ट्रांसफार्मर स्थापित करने के मामले में विद्युत विभाग के अधिकारी ने बताया कि इसके लिए प्रस्ताव भेजा गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने संगलाकोटी सड़क निर्माण के कारण भूधंसाव से क्षतिग्रस्त पुश्ते और क्षतिग्रस्त पुलिया से संबंधित मामलों में भी स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत की कार्रवाई करने को कहा गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरतें। शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो तथा प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, डीडीओ रमेश चंद, सीएमओ डॉ मेघना असवाल, सीवीओ डॉ विशाल शर्मा, डीएसटीओ राम सलोने, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल, अधिशासी अभियंता जल निगम नवनीत कटारिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, परियोजना प्रबंधक उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय, एआरटीओ मंगल सिंह, एई जल संस्थान अंकित चमोली, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, ईओ नगरपालिका संजय कुमार, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp