Tuesday, October 13th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

‘दृश्यम 3’ ने दुनियाभर में मचाया धमाल, 500 करोड़ के करीब पहुंचा वर्ल्डवाइड कलेक्शन

Daily Archives: 13/10/2026

‘दृश्यम 3’ ने दुनियाभर में मचाया धमाल, 500 करोड़ के करीब पहुंचा वर्ल्डवाइड कलेक्शन

वीकएंड पर शानदार कमाई करने के बाद अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ की रफ्तार अब धीमी पड़ती नजर आ रही है। रविवार को करोड़ों रुपये का कारोबार करने वाली इस फिल्म की कमाई में सोमवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। वहीं, दूसरी ओर ‘द वन’ की कमाई लाखों में सिमट गई है, जबकि ‘हनुमान अंश’ लंबे समय बाद भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। आइए जानते हैं कि इन फिल्मों ने अब तक कितना कारोबार किया है।

सोमवार को ‘दृश्यम 3’ की कमाई में आई गिरावट

अजय देवगन, तब्बू, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज अभिनीत फिल्म ‘दृश्यम 3’ ने वीकएंड पर बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। रविवार को फिल्म ने 22.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी। हालांकि, सोमवार को दर्शकों की संख्या में कमी के साथ इसके कलेक्शन में भी गिरावट देखने को मिली।

फिल्म ने रिलीज के 11वें दिन 6.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही इसका कुल घरेलू नेट कलेक्शन 312.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फिल्म की लोकप्रियता को देखते हुए इसे बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करने वाली फिल्मों में गिना जा रहा है।

दुनियाभर में भी शानदार प्रदर्शन

‘दृश्यम 3’ को भारतीय बाजार के साथ-साथ विदेशी दर्शकों से भी अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 378.24 करोड़ रुपये हो चुका है। वहीं, रिलीज के 11वें दिन फिल्म ने विदेशी बाजारों से 2.50 करोड़ रुपये की कमाई की।

इन आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 489.74 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई की रफ्तार कितनी बढ़ती है और क्या यह दुनियाभर में 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर पाती है।

‘द वन’ की कमाई में लगातार गिरावट

सिद्धार्थ मल्होत्रा, तमन्ना भाटिया, सुनील ग्रोवर, श्वेता तिवारी और अनुप सोनी की फिल्म ‘द वन’ बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है। 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म की कमाई अब लाखों रुपये तक सिमट गई है।

रविवार को फिल्म ने 1 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, लेकिन सोमवार को इसकी कमाई घटकर महज 35 लाख रुपये रह गई। इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 68.59 करोड़ रुपये हो गया है। वीकएंड के बाद आई इस गिरावट ने फिल्म के कारोबार की रफ्तार पर असर डाला है।

‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा बरकरार

7 अगस्त को रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ दो महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी सिनेमाघरों में कमाई कर रही है। फिल्म ने वीकएंड पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए रविवार को 2.80 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।

हालांकि, सोमवार को इसकी कमाई में गिरावट दर्ज की गई। फिल्म ने रिलीज के 67वें दिन 1.25 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही इसका कुल घरेलू नेट कलेक्शन 335.74 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। लंबे समय से सिनेमाघरों में मौजूद रहने के बावजूद फिल्म का कारोबार जारी रहना इसके लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

कुल मिलाकर, जहां ‘दृश्यम 3’ और ‘द वन’ की कमाई में सोमवार को गिरावट दर्ज की गई, वहीं ‘हनुमान अंश’ लंबे समय बाद भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी मौजूदगी बनाए हुए है।


सरस फूड फेस्टिवल बना ग्रामीण महिलाओं की आजीविका का सशक्त मंच

स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने की 1 करोड़ से अधिक की बिक्री, स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां

लखपति के बाद करोड़पति दीदी बनने की और अग्रसर हो रही महिलाएं- नोडल अनीता पंवार

देहरादून। राजधानी देहरादून में आयोजित सरस फूड फेस्टिवल 2026 ग्रामीण महिलाओं की आजीविका और स्वरोजगार का सशक्त मंच बनकर उभरा है। फेस्टिवल में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने करीब 1 करोड़ से अधिक की बिक्री की। इस आयोजन ने ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन और उन्हें उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का बेहतर अवसर दिया। साथ ही, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल हुई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे सरस फूड फेस्टिवल जैसे मेलों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और आय अर्जित करने के नए अवसर मिल रहे हैं। इन आयोजनों में महिलाएं अपने पारंपरिक व्यंजनों, पहाड़ी उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय वस्तुओं का प्रदर्शन एवं बिक्री कर रही हैं। इससे न केवल उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार में पहचान दिलाने का अवसर भी मिल रहा है।

सरस फूड फेस्टिवल में देश के विभिन्न राज्यों से आए स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। विभिन्न राज्यों के पारंपरिक उत्पादों, व्यंजनों और हस्तशिल्प ने लोगों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराया। ऐसे आयोजन ग्रामीण महिलाओं के हुनर को पहचान दिलाने के साथ उन्हें बाजार की संभावनाओं से जोड़ने में भी सहायक बन रहे हैं। मुख्यमंत्री की ग्रामीण आजीविका को प्रोत्साहित करने की पहल के अनुरूप यह आयोजन महिला सशक्तीकरण और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम बना।

सरस फूड फेस्टिवल की नोडल अधिकारी अनीता पंवार ने बताया कि ग्राम्य विकास विभाग और जिला प्रशासन देहरादून के तत्वाधान में आयोजित सात दिवसीय सरस फूड फेस्टिवल में ग्रामीण समूह की महिलाओं के लिए आर्थिक रूप से बेहतर मंच बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि इस सात दिवसीय फूड फेस्टिवल में 200 से अधिक स्टाल लगे और प्रदेश के 13 जनपदों के साथ मिलकर देश के 17 राज्यों की समूह की महिलाओं ने इस मेले में प्रतिभा किया। अनीता पंवार ने बताया कि आजीविका की दृष्टिकोण से समूह की महिलाओं ने इन सात दिवसीय मेले में 1,01,00,692 रुपए का टर्नओवर अर्जित किया है। उन्होंने बताया कि अब समूह की महिलाएं लखपति दीदी से अब सीधे करोड़पति दीदी बनने की ओर अग्रसर हो रही है।


हल्द्वानी में STF की बड़ी कार्रवाई, 190 नशीले इंजेक्शनों के साथ युवक गिरफ्तार

STF और बनभूलपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच जारी

हल्द्वानी/देहरादून:: उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊँ यूनिट ने बड़ी कार्रवाई की है। STF और कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने हल्द्वानी के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 190 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। पुलिस अब इंजेक्शनों की आपूर्ति के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

STF की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अदनान कुरैशी (23 वर्ष), निवासी लाइन नंबर-17, लाल मस्जिद के सामने, वार्ड नंबर-25, बनभूलपुरा, नैनीताल के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से बरामद इंजेक्शनों में 95 बुप्रेनॉरफिन (Buprenorphine) और 95 एविल (Avil) इंजेक्शन शामिल हैं।

संयुक्त टीम ने इनपुट के आधार पर की कार्रवाई

STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स प्रदेश में मादक पदार्थों और नशीली दवाओं की अवैध तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में STF की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊँ यूनिट ने इनपुट विकसित करते हुए बनभूलपुरा पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।

सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही STF

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर नशीले इंजेक्शनों की आपूर्ति के स्रोत और उनके वितरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। STF आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि नशीली दवाओं की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

STF ने आमजन से की अपील

STF उत्तराखंड ने युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आमजन से सहयोग की अपील की है। STF ने कहा कि नशीले पदार्थों और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री या तस्करी से संबंधित जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

बरामदगी का विवरण:

बुप्रेनॉरफिन इंजेक्शन: 95

एविल इंजेक्शन: 95

कुल बरामद इंजेक्शन: 190


महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने सखी वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण, सहायता व्यवस्था की समीक्षा

देहरादून। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने देहरादून स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का अचानक दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और महिलाओं से जुड़े मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीड़ित महिलाओं को मिलने वाली कानूनी सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श और अन्य जरूरी सेवाओं की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

केंद्र में आने वाली महिलाओं की समस्याओं और शिकायतों के समाधान को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान केंद्र की प्रशासिका माया नेगी ने बताया कि यहां हर महीने करीब 60 से 70 मामले सामने आते हैं। इनमें अधिकतर शिकायतें घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों से जुड़ी होती हैं।

उन्होंने बताया कि कई मामलों में आपसी बातचीत, समझाइश और मध्यस्थता के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया जाता है। वहीं, जिन मामलों में तत्काल समाधान नहीं निकल पाता, उनमें विशेषज्ञों की मदद से लगातार काउंसिलिंग की जाती है, ताकि संबंधित महिलाओं को उचित सहायता मिल सके।

निरीक्षण के दौरान महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने केंद्र के कामकाज की समीक्षा करते हुए कर्मचारियों को निर्देश दिए कि यहां मदद के लिए पहुंचने वाली महिलाओं के साथ संवेदनशीलता और सम्मान के साथ व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि संकट की स्थिति में आने वाली महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं पर समय रहते कार्रवाई करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने परामर्श व्यवस्था को और मजबूत बनाने की आवश्यकता भी जताई। उनके अनुसार, प्रभावी काउंसिलिंग और उचित मार्गदर्शन से कई पारिवारिक विवादों का समाधान संभव हो सकता है। साथ ही, महिलाओं को उनकी परिस्थितियों के अनुसार जरूरी सहायता और न्याय दिलाने की दिशा में भी गंभीरता से काम किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर केंद्र प्रशासिका माया नेगी, काउंसलर मीनाक्षी, केस वर्कर शिवांशी डबराल, आधार वर्मा सहित केंद्र के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


देहरादून: सपेरा बस्ती में पुलिस की छापेमारी, 800 ग्राम गांजे के साथ महिला गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने नशा तस्करों के ठिकानों पर की औचक कार्रवाई, चार संदिग्ध हिरासत में

देहरादून। देहरादून में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर रायपुर थाना पुलिस ने सोमवार को सपेरा बस्ती में औचक छापेमारी कर 800 ग्राम अवैध गांजे के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया। वहीं, छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में रायपुर थाना क्षेत्र में गठित अलग-अलग पुलिस टीमों ने सपेरा बस्ती में पूर्व में नशा तस्करी के मामलों में सामने आए लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुलदीप पत्नी सोमवीर, निवासी सपेरा बस्ती, थाना रायपुर, देहरादून को 800 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया। इसके अलावा, पूर्व में मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहे या पुलिस की जांच में सामने आए लोगों का भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ की जा रही है। उनके विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

छह माह में 10 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस के मुताबिक, पिछले छह महीनों के दौरान सपेरा बस्ती और चूना भट्टा क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से अवैध मादक पदार्थ भी बरामद किए गए।

वर्ष 2026 में अब तक 21 गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक रायपुर थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त 21 आरोपियों को अवैध मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 


आज का राशिफल: मेष से मीन तक जानें सभी 12 राशियों का भविष्य

मेष राशि: मेष राशि के जातकों के लिए आज का दिन आर्थिक मामलों में नई संभावनाएं लेकर आ सकता है। कार्यक्षेत्र में बढ़ती जिम्मेदारियों के बावजूद आप अपनी मेहनत और आत्मविश्वास से बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। कोई नया काम शुरू करने की योजना बन सकती है, जो भविष्य में लाभदायक साबित हो सकती है। घर में मेहमानों के आगमन से खुशियों का माहौल रहेगा। विद्यार्थियों को पढ़ाई में अच्छे परिणाम पाने के लिए प्रेरणा मिलेगी। नौकरी करने वाले लोगों को अपने काम में सतर्कता बनाए रखनी होगी।

वृषभ राशि: वृषभ राशि वालों के मान-सम्मान में वृद्धि होने के संकेत हैं। आपके काम और व्यवहार की सराहना हो सकती है। सामाजिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को कोई खास उपलब्धि मिल सकती है। छोटी दूरी की यात्रा भविष्य में नए अवसरों का रास्ता खोल सकती है। अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए दिन अनुकूल रह सकता है। हालांकि, किसी दूसरे व्यक्ति की बात सुनकर बिना पुष्टि किए कोई निर्णय लेने से बचें।

मिथुन राशि: मिथुन राशि के जातकों को आज अपनी आर्थिक स्थिति और दैनिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाकर चलना होगा। कुछ परिस्थितियां आपकी योजनाओं को प्रभावित कर सकती हैं, लेकिन विवेक से काम लेने पर समाधान मिल सकता है। यात्रा के दौरान कोई उपयोगी जानकारी प्राप्त होने की संभावना है। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को नजरअंदाज न करें। कामकाज से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण फैसला लेने से पहले सभी पहलुओं पर विचार करें। पिछली गलतियों से सीख लेना आपके लिए फायदेमंद रहेगा।

कर्क राशि: कर्क राशि वालों को कार्यक्षेत्र में प्रगति के अवसर मिल सकते हैं। कोई उपलब्धि आपके आत्मविश्वास को मजबूत करेगी, लेकिन सेहत के प्रति लापरवाही भारी पड़ सकती है। बदलते मौसम में अपनी दिनचर्या और खानपान का ध्यान रखें। आर्थिक मामलों में ईमानदारी से काम करना लाभकारी रहेगा। कोई जरूरी काम अंतिम समय पर अटक सकता है, इसलिए धैर्य बनाए रखें। विदेश में पढ़ाई करने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों को अच्छी खबर मिल सकती है। पुराना बकाया पैसा मिलने से भी राहत मिलने के संकेत हैं।

सिंह राशि: सिंह राशि के जातकों को आज निजी और पारिवारिक मामलों में धैर्य रखने की जरूरत होगी। घर में किसी विषय को लेकर मतभेद हो सकते हैं, जिन्हें बातचीत से सुलझाया जा सकता है। किसी को वचन देने या बड़ा फैसला लेने से पहले अपनी परिस्थितियों का आकलन जरूर करें। जरूरी कामों को टालने से परेशानी बढ़ सकती है। आर्थिक लेन-देन में सावधानी रखें, क्योंकि उधार दिया गया पैसा वापस मिलने में समय लग सकता है। धार्मिक गतिविधियों में मन लगाने से मानसिक शांति मिल सकती है।

कन्या राशि: कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन सोच-समझकर आगे बढ़ने का है। जोखिम भरे कामों में जल्दबाजी करने से बचना बेहतर रहेगा। लंबे समय से लंबित सरकारी काम में प्रगति होने की संभावना है, हालांकि कुछ कार्यों में देरी भी हो सकती है। अनजान लोगों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। परिवार में किसी शुभ आयोजन की योजना बनने से उत्साह बढ़ सकता है। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों को अपनी पहचान मजबूत करने का अवसर मिल सकता है।

तुला राशि: तुला राशि के जातकों को योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। संपत्ति और रियल एस्टेट से जुड़े लोगों के लिए नए अवसर सामने आ सकते हैं। आत्मविश्वास बढ़ने से महत्वपूर्ण निर्णय लेने में मदद मिलेगी। किसी योजना में निवेश करने से पहले उसकी शर्तों और संभावित जोखिमों को अच्छी तरह समझ लें। वाहन की मरम्मत या रखरखाव पर अचानक खर्च हो सकता है, इसलिए बजट का ध्यान रखें। ससुराल पक्ष से कोई सुखद समाचार मिलने की संभावना है।

वृश्चिक राशि: वृश्चिक राशि वालों को आज विरोध या प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में भावनाओं में बहने के बजाय समझदारी से कदम उठाना जरूरी होगा। आपका प्रभावशाली व्यक्तित्व कार्यक्षेत्र में पहचान दिला सकता है। लंबे समय से चल रही किसी परेशानी में राहत मिलने के संकेत हैं। संतान की शिक्षा या भविष्य को लेकर कुछ चिंता हो सकती है। आंखों की सेहत का ध्यान रखें और आर्थिक लेन-देन में पारदर्शिता बनाए रखें। किसी भी महत्वपूर्ण वित्तीय फैसले से पहले पूरी जानकारी जुटाएं।

धनु राशि: धनु राशि के जातकों को आज अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने की जरूरत है। कामकाज में प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है, लेकिन सकारात्मक सोच और मेहनत से आप परिस्थितियों का सामना कर सकते हैं। व्यक्तित्व और कार्यशैली के कारण लोगों के बीच आपकी अलग पहचान बन सकती है। पहले से चली आ रही किसी समस्या का समाधान मिलने से राहत महसूस होगी। संतान से जुड़े मामलों में धैर्य रखें। स्वास्थ्य के मामले में आंखों की देखभाल करें और पैसों से संबंधित फैसले जल्दबाजी में न लें।

मकर राशि: मकर राशि के कारोबारियों के लिए आज नए अवसर मिलने की संभावना है। आपके काम की सराहना हो सकती है और व्यावसायिक संबंध मजबूत हो सकते हैं। हालांकि, किसी महत्वपूर्ण सौदे में अंतिम समय पर अड़चन आने की आशंका है। ऐसे में जल्दबाजी करने के बजाय धैर्य से काम लें। समय और धन का सही इस्तेमाल करना जरूरी होगा। अपने परिचितों पर भरोसा करते समय विवेक बनाए रखें। परिवार से जुड़ी कोई खबर चिंता बढ़ा सकती है, लेकिन शांत रहकर स्थिति को संभालना बेहतर रहेगा।

कुंभ राशि: कुंभ राशि के जातकों के लिए दिन उत्साह और सकारात्मकता से भरा रह सकता है। कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत और कुशलता की प्रशंसा होने की संभावना है। ऑनलाइन कारोबार या डिजिटल माध्यमों से काम करने वालों को नए संपर्क और अवसर मिल सकते हैं। व्यापार में लंबे समय से रुका कोई सौदा आगे बढ़ने से आर्थिक स्थिति को मजबूती मिल सकती है। परिवार और बच्चों के साथ समय बिताने से मन प्रसन्न रहेगा। वाहन चलाते समय नियमों का पालन करें और अतिरिक्त सावधानी बरतें।

मीन राशि: मीन राशि के जातकों के दिन की शुरुआत सकारात्मक घटनाओं और अच्छी खबरों के साथ हो सकती है। हालांकि, परिवार के वरिष्ठ सदस्य या पिता के साथ किसी मुद्दे पर विचारों का अंतर सामने आ सकता है। बातचीत में संयम रखने से स्थिति बिगड़ने से बच सकती है। वैवाहिक जीवन में भी एक-दूसरे की भावनाओं को समझना जरूरी होगा। अपनी गलती का एहसास होने पर उसे स्वीकार करने में संकोच न करें। विनम्र व्यवहार और स्पष्ट संवाद से रिश्तों में मधुरता बनाए रखने में मदद मिलेगी।


छह राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त, उत्तराखंड के राज्यपाल बने ढाल सिंह बिसेन, दुष्यंत गौतम को सिक्किम की जिम्मेदारी

नई दिल्ली : राष्ट्रपति ने छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। सोमवार शाम राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, ओम प्रकाश माथुर, राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, ब्रज मोहन राम, डॉ. सुधा यादव, डॉ. ढाल सिंह बिसेन और दुष्यंत गौतम को अलग-अलग राज्यों में राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जारी सूची के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे ओम प्रकाश माथुर को केरल का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले सिक्किम के राज्यपाल के रूप में कार्यरत थे। वहीं, केरल के राज्यपाल रहे राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु का राज्यपाल बनाया गया है। दुष्यंत गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, ब्रज मोहन राम को ओडिशा, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक और डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के साथ छह राज्यों के राजभवनों में नई जिम्मेदारियों को लेकर बदलाव किया गया है।

छह राज्यों के नए राज्यपालों की सूची

ओम प्रकाश माथुर — केरल
राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर — तमिलनाडु
ब्रज मोहन राम — ओडिशा
डॉ. सुधा यादव — कर्नाटक
डॉ. ढाल सिंह बिसेन — उत्तराखंड
दुष्यंत गौतम — सिक्किम


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp