Thursday, February 26th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

आगामी बजट बैठक में यात्री सुविधाओं हेतु बजट प्रावधान किये जायेंगे- हेमंत द्विवेदी

Daily Archives: 26/02/2026

आगामी बजट बैठक में यात्री सुविधाओं हेतु बजट प्रावधान किये जायेंगे- हेमंत द्विवेदी

श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में यात्रा पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक

देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ( बीकेटीसी )अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने आगामी श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ धाम यात्रा पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। केनाल रोड स्थित बीकेटीसी कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक का समापन हो गया। देर शाम तक चली समीक्षा बैठक में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मंदिर समिति की बजट बैठक जल्द आयोजित होगी जिसमें तीर्थयात्रियों की सुविधाओं यात्रा पूर्व व्यवस्थाओं हेतु बजट प्रावधान किये जायेंगे।श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा इंतजामों पर विस्तार से चर्चा हुई । बीकेटीसी अध्यक्ष ने अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक से पहले वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित तथा बीकेटीसी सदस्य दिवंगत श्रीनिवास पोस्ती श्रद्धांजलि दी गयी तथा दो मिनट का मौन रखा गया।

समीक्षा बैठक में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि चारधाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल अक्षय तृतीया से हो रहा है परंपराअनुसार इसी दिन श्री यमुनोत्री तथा श्री गंगोत्री धाम के कपाट खुलते है।इस यात्रा वर्ष श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल तथा श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुल रहे है इससे पहले श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति का कार्यालय आईएसबीटी ऋषिकेश के समीप पर्यटन विभाग के रजिस्ट्रेशन भवन में स्थापित हो जायेगा।

बैठक में आगामी यात्रा के दौरान यात्रियों को धामों में सरल सुगम दर्शन व्यवस्था, पूजा व्यवस्था, मंदिर परिसरों के सौंदर्यीकरण, रंग-रोगन यात्री विश्रामगृहों का रखरखाव आवास, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, की व्यवस्थाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। अध्यक्ष ने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन से समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से धामों में सुरक्षा इंतजाम,दर्शंन व्यवस्था, विश्राम गृहों में तीर्थयात्रियों के लिए उचित आवासीय सुविधा,पार्किंग व्यवस्था और आपदा प्रबंधन पर जोर दिया कहा कि धामों में निर्धारित सीमा के अंतर्गत मोबाइल फोन तथा वीडियो फोटो रील बनाना प्रतिबंधित रहेंगा।

समिति के उपाध्यक्ष विजय कपरवाण सहित सदस्यगण एवं मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल बैठक में उपस्थित रहे। मुख्यकार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि बीकेटीसी अधिकारियों ने विगत 16 फरवरी को श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर की यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अब तक की गई तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा तैयारियों के अधिकांश कार्य अंतिम चरण में हैं और शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिए जाएंगे।
अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि मंदिर समिति की वेबसाइट के उच्चीकरण,मंदिर परिसर, दर्शन पंक्ति, पूजा कार्यालय , आनलाइन पूजा बुकिंग व्यवस्था को दुरुस्त कर लिया जाये। मंदिर के निकट प्राथमिक चिकित्सा, सूचना केंद्र और सहायता डेस्क प्रभावी रूप से संचालित किए जाएं। साथ ही धामों में पालीथिन पर प्रभावी रोक रहेगी,स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक के अंत में अध्यक्ष ने सभी संबंधित अधिकारियों को टीम भावना से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि समुचित तैयारियों से इस वर्ष की यात्रा का शुभारंभ होगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

बैठक में बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरवाण, सदस्य महेन्द्र शर्मा, धीरज मोनू पंचभैया, प्रह्लाद पुष्पवान, देवी प्रसाद देवली, राजेंद्र प्रसाद डिमरी, डा. विनीत पोस्ती,नीलम पुरी, दिनेश डोभाल, अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी,विधि अधिकारी एस एस बर्त्वाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी एवं गिरीश चौहान, निजी सचिव प्रमोद नौटियाल, अतुल डिमरी संजय भट्ट आदि मौजूद रहे।


मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर ऋषिकेश में बहुमंजिला भवन को किया सील

सेलाकुई में 10 बीघा अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, अवैध व्यावसायिक निर्माण सील

देहरादून- मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण का प्राधिकरण क्षेत्रों में अवैध निर्माण, अवैध प्लाटिंग के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। एमडीडीए ने नियमों की अनदेखी कर की जा रही प्लाटिंग और व्यावसायिक निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थलों पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्यवाही की। प्राधिकरण का कहना है कि मास्टर प्लान के विपरीत किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।

सेलाकुई में 10 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त
प्राधिकरण की टीम ने शेरपुर क्षेत्र में श्रीराम सेंटेनियल स्कूल के पीछे, नया हाईवे सेलाकुई के निकट लगभग 10 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया। भू-स्वामी श्री प्रवीन विज द्वारा बिना स्वीकृत लेआउट और आवश्यक अनुमति के भूखंडों का विभाजन किया जा रहा था। शिकायतों और निरीक्षण के बाद प्राधिकरण ने मौके पर पहुंचकर प्लाटिंग से जुड़े निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित पक्ष को पूर्व में नोटिस भी जारी किया गया था।

अवैध व्यावसायिक निर्माण पर सीलिंग
इसी क्षेत्र में सावेज द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को भी सील किया गया। यह निर्माण बिना मानचित्र स्वीकृति और भूमि उपयोग परिवर्तन के किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता सशांक सक्सेना, अवर अभियंता नीतेश राणा, सुपरवाइजर ललित तथा पुलिस बल की मौजूदगी में सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि व्यावसायिक गतिविधियों के नाम पर अनधिकृत निर्माण कतई स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

ऋषिकेश में बहुमंजिला भवन पर शिकंजा
हरिपुर कला, ऋषिकेश में आदिनाथ अखाड़ा के निकट अशोक मित्तल द्वारा किए जा रहे अवैध बहुमंजिला निर्माण पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। जांच में पाया गया कि भवन का निर्माण स्वीकृत मानचित्र के बिना किया जा रहा था। सुरक्षा मानकों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण ने तत्काल प्रभाव से निर्माण को सील कर दिया। इस कार्रवाई में सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता मनीष डिमरी, सुपरवाइजर एवं पुलिस बल उपस्थित रहे।

उपाध्यक्ष का सख्त संदेश
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। उन्होंने बताया कि कई मामलों में नोटिस के बावजूद नियमों का पालन नहीं किया गया, जिसके चलते कठोर कदम उठाने पड़े। उनका कहना है कि सुनियोजित शहरी विकास और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी भूखंड या भवन की खरीद से पहले उसकी विधिक स्थिति की पुष्टि अवश्य करें।

नियमित निगरानी और आगे भी अभियान
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में निरंतर निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध निर्माण गतिविधियों की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा ताकि मास्टर प्लान के अनुरूप सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित किया जा सके।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp