Thursday, October 8th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

जनपद में चिन्हित 12,127 परिसंपत्तियों में से 6,219 की मैपिंग पूरी

Daily Archives: 08/10/2026

जनपद में चिन्हित 12,127 परिसंपत्तियों में से 6,219 की मैपिंग पूरी

राजकीय भूमि एवं परिसंपत्तियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त

एडीएम प्रशासन ने विभागों को तेजी से Geo Referencing एवं Verification कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

देहरादून। विभिन्न विभागों की राजकीय/शासकीय भूमि एवं परिसंपत्तियों की सुरक्षा एवं संरक्षा सुनिश्चित करने तथा उन पर होने वाले अतिक्रमण को प्रभावी रूप से रोकने एवं हटाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान के निर्देशानुसार जनपद में विभिन्न विभागों से संबंधित भूमि एवं परिसंपत्तियों की Geo Referencing, मैपिंग एवं Verification का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

इस संबंध में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की राजकीय/शासकीय भूमि एवं परिसंपत्तियों की वर्तमान स्थिति, Geo Referencing एवं मैपिंग कार्य की प्रगति तथा Verification की स्थिति की समीक्षा की गई।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग अपने-अपने अधीन आने वाली समस्त राजकीय भूमि एवं परिसंपत्तियों का Geo Referencing एवं Verification कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि राजकीय भूमि एवं परिसंपत्तियों का सटीक डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होने से इनके सीमांकन, निगरानी एवं संरक्षण में प्रभावी मदद मिलेगी तथा भविष्य में अतिक्रमण की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में विभिन्न विभागों की कुल 12,127 चिन्हित परिसंपत्तियों के सापेक्ष अब तक 6,219 परिसंपत्तियों की मैपिंग का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इस प्रकार जनपद में कुल चिन्हित परिसंपत्तियों के सापेक्ष लगभग 51 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूर्ण हो चुका है।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने शेष परिसंपत्तियों की मैपिंग एवं Geo Referencing कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने विभागवार प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा जिन परिसंपत्तियों का मैपिंग एवं Verification कार्य अभी लंबित है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि राजकीय/शासकीय भूमि एवं परिसंपत्तियां सरकार की महत्वपूर्ण परिसंपत्तियां हैं। इनकी सुरक्षा एवं संरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। परिसंपत्तियों का अद्यतन डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध होने से उनकी वास्तविक स्थिति, सीमाएं एवं स्थान संबंधी जानकारी सुरक्षित रहेगी और अतिक्रमण जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी एस.के. गिरी सहित नगर निगम एवं विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


घर से शौच के लिए निकला 18 वर्षीय युवक नहीं लौटा, रात में मिला शव; गले पर थे निशान

साहिबगंज। तालझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तालबन्ना गांव में बुधवार रात 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विपोल मंडल के रूप में हुई है। युवक का शव घर से कुछ दूरी पर मिला। उसके गले पर निशान पाए जाने के बाद परिजनों ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार, विपोल बुधवार रात करीब आठ बजे घर से शौच जाने की बात कहकर निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। रात करीब 12 बजे तक जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार के लोगों ने आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान परिजनों को विपोल घर से कुछ दूरी पर जमीन पर पड़ा मिला। उसे उठाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक के गले पर बने निशान देखकर परिवार के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल भेज दिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

परिजनों के अनुसार, विपोल की शादी करीब दो महीने पहले ही हुई थी। बताया जा रहा है कि गांव के ही कुछ लोगों के साथ उसका विवाद भी चल रहा था। इसी वजह से परिजन घटना को हत्या से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के कारण या किसी आरोपी के संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया भी चल रही है।


आज का राशिफल: मेष से मीन तक जानें कैसा रहेगा आपका दिन

मेष राशि: दिन की शुरुआत सकारात्मक माहौल के साथ हो सकती है। आर्थिक लाभ के साथ कोई अच्छी खबर मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। कार्यस्थल पर सहयोगियों का साथ मिलने से काम आसानी से पूरे होंगे। संतान के साथ घूमने जाने का अवसर मिल सकता है। विरोधियों से निपटने में आपका आत्मविश्वास काम आएगा। हालांकि जरूरी कामों के लिए दूसरों पर अधिक निर्भर रहने से बचें। घर में किसी शुभ आयोजन की तैयारी शुरू होने से परिवार में उत्साह रहेगा।

वृष राशि: आज नई शुरुआत करने और अपनी योग्यता दिखाने का मौका मिल सकता है। आत्मविश्वास और ऊर्जा बनी रहेगी। हालांकि बिना मांगे किसी को सलाह देने से बचना बेहतर होगा। विद्यार्थियों को पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए, खासकर परीक्षा नजदीक होने पर। अचानक आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है। अविवाहित लोगों के जीवन में किसी खास व्यक्ति की एंट्री हो सकती है।

मिथुन राशि: करियर में आगे बढ़ने के नए अवसर सामने आ सकते हैं। दोस्तों और करीबियों का सहयोग आपको चुनौतियों से निपटने में मदद करेगा। स्वास्थ्य से जुड़ी छोटी परेशानी हो सकती है, लेकिन जल्द राहत मिलने के संकेत हैं। कारोबार में अड़चनें आएंगी, जिन्हें आपकी समझदारी दूर कर सकती है। शेयर बाजार में निवेश करने से पहले पूरी जानकारी जुटाना जरूरी होगा। किसी अच्छे काम के लिए प्रशंसा और सम्मान मिल सकता है। भाई-बहनों के साथ संबंध मधुर रहेंगे।

कर्क राशि: आज किसी भी बड़े फैसले में जल्दबाजी से बचना जरूरी होगा। खासकर आर्थिक मामलों में सावधानी रखें और अनजान लोगों पर तुरंत भरोसा न करें। वरिष्ठ अधिकारी की सलाह आपके काम को नई दिशा दे सकती है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लोगों को अच्छी खबर मिलने की उम्मीद है। जीवनसाथी के साथ किसी बात को लेकर मतभेद हो सकता है, जिसे बातचीत और धैर्य से सुलझाना बेहतर रहेगा।

सिंह राशि: परिवार से जुड़ी कोई पुरानी चिंता आज फिर परेशान कर सकती है। नौकरी के सिलसिले में यात्रा करनी पड़ सकती है। राजनीति या सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को पद, जिम्मेदारी या सम्मान मिलने की खबर मिल सकती है। सफलता मिलने के बाद भी विनम्रता बनाए रखें और विरोधियों की गतिविधियों पर नजर रखें। संपत्ति से जुड़ा मामला कानूनी विवाद का रूप ले सकता है, जिससे भागदौड़ बढ़ सकती है।

कन्या राशि: आज आपकी बातचीत का असर रिश्तों पर पड़ सकता है, इसलिए शब्दों का इस्तेमाल सोच-समझकर करें। परिवार में किसी करीबी को आपकी बात बुरी लग सकती है। प्रेम जीवन में कोई अच्छी खबर मिल सकती है। विद्यार्थियों को पढ़ाई की समस्या दूर करने के लिए गुरुजनों की मदद लेनी चाहिए। लंबे समय से गुम कोई प्रिय वस्तु वापस मिल सकती है, जिससे पुरानी यादें ताजा होंगी।

तुला राशि: वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, छोटी लापरवाही परेशानी का कारण बन सकती है। पुरानी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करें। किसी पुराने मित्र की याद भावुक कर सकती है। भाई-बहनों के साथ पुराना विवाद बातचीत से खत्म होने की संभावना है। संपत्ति के बंटवारे से जुड़ा मामला कानूनी उलझन में पड़ सकता है। दूसरों के निजी मामलों में हस्तक्षेप करने से बचना बेहतर होगा।

वृश्चिक राशि: आज जिम्मेदारियां अधिक रहेंगी और काम में अनुशासन बनाए रखना जरूरी होगा। छोटी गलती भी परेशानी बढ़ा सकती है। किसी मित्र की ओर से निवेश का प्रस्ताव मिल सकता है, लेकिन बिना जांच-पड़ताल फैसला न लें। आमदनी बढ़ने के साथ खर्च भी बढ़ सकते हैं। शेयर बाजार या बड़े निवेश से पहले अनुभवी व्यक्ति की सलाह लेना उचित रहेगा।

धनु राशि: दिन उत्साह और सकारात्मकता के साथ बीत सकता है। नौकरी या कारोबार में काम करने का जोश बढ़ेगा। हालांकि संतान की संगति और उसके आसपास के लोगों पर नजर रखना जरूरी होगा। पुरानी गलतियों को दोहराने से बचें। घर में पूजा-पाठ या शुभ कार्यक्रम होने की संभावना है। परिवार के सदस्यों का सहयोग आपके साथ बना रहेगा।

मकर राशि: आर्थिक स्थिति बेहतर रहने के संकेत हैं। आय के अतिरिक्त स्रोत से लाभ मिल सकता है, हालांकि खर्च बढ़ने की भी संभावना है। घर में धार्मिक आयोजन होने से वातावरण सकारात्मक रहेगा और परिवार में आपसी एकता मजबूत होगी। जीवनसाथी के साथ चल रही नाराजगी कम हो सकती है। स्वास्थ्य के मामले में लापरवाही न करें और खान-पान पर विशेष ध्यान दें।

कुंभ राशि: संपत्ति से जुड़े लेन-देन के लिए दिन अनुकूल हो सकता है, लेकिन दस्तावेजों की जांच में पूरी सावधानी रखें। कोई व्यक्ति गलत जानकारी देकर नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकता है। परिवार में पुराने मतभेद दूर करने का अवसर मिलेगा। अपनों के साथ समय बिताने और स्वादिष्ट भोजन का आनंद लेने का मौका मिल सकता है। किसी रिश्तेदार से मिलने की योजना बन सकती है। बातचीत के दौरान ऐसे शब्दों से बचें जो किसी को ठेस पहुंचा सकते हैं।

मीन राशि: आज कई अच्छी खबरें मिल सकती हैं, जिससे मन प्रसन्न रहेगा। संतान की उपलब्धि पर गर्व महसूस होगा। परिवार के साथ बातचीत कर पुराने मतभेद खत्म करने का अवसर मिलेगा। परिवार में किसी सदस्य के विवाह से जुड़ी अड़चन दूर करने में मित्र की सलाह काम आ सकती है। यात्रा के दौरान कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिलने के संकेत हैं। कारोबार में साझेदारी को लेकर भी विचार आगे बढ़ सकता है।


बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का निधन, इंडस्ट्री में शोक की लहर

मुंबई/गोवा। फिल्म इंडस्ट्री से इस वक्त की बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से बॉलीवुड और मराठी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाना पाटेकर गोवा के डोना पाउला स्थित अपने घर पर बेहोशी की हालत में मिले थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने करीब 45 मिनट तक उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें होश में नहीं लाया जा सका। अस्पताल में सुबह करीब 5:20 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट के चलते हुई।

नाना पाटेकर के निधन की पुष्टि उनके बेटे मल्हार पाटेकर की ओर से किए जाने की रिपोर्ट सामने आई है। निधन की विस्तृत परिस्थितियों को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।

अभिनय की दुनिया में छोड़ी अमिट छाप

नाना पाटेकर ने हिंदी और मराठी सिनेमा में अपने दमदार अभिनय से अलग पहचान बनाई। वर्ष 1978 में फिल्म ‘गमन’ से उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा। ‘परिंदा’, ‘प्रहार’, ‘तिरंगा’, ‘क्रांतिवीर’, ‘खामोशी’, ‘अब तक छप्पन’ और ‘वेलकम’ जैसी फिल्मों में उनके यादगार किरदार आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं।

उनके अभिनय के लिए उन्हें कई राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर पुरस्कार मिले। वर्ष 2013 में उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया था।

नाना पाटेकर का जाना भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। अपनी दमदार आवाज, संवाद अदायगी और सशक्त अभिनय के लिए वे हमेशा याद किए जाएंगे।

 


8 अक्टूबर से शुरू होगा मतदाता पंजीकरण का विशेष अभियान

पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में नाम जोड़ने पर रहेगा विशेष फोकस

देहरादून : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर 8 अक्टूबर से शुरू होने वाले विशेष अभियान की जानकारी दी।

इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की। विशेष अभियान के तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 की प्रक्रिया पर भी ध्यान दिया जाएगा।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित भाजपा, कांग्रेस, बसपा, आम आदमी पार्टी और सीपीआई (एम) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


विकासनगर में सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग मचाने वाले चार युवक गिरफ्तार

एसएसपी दून की सख्ती का असर, शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर पुलिस की कार्रवाई

देहरादून। विकासनगर में पेट्रोल पंप के पास सार्वजनिक स्थान पर आपस में झगड़ा कर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर रहे चार युवकों को कोतवाली विकासनगर पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ मारपीट करने पर उतारू हो गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और चारों युवकों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार, 7 अक्टूबर को विकासनगर पुलिस को पेट्रोल पंप के पास कुछ व्यक्तियों के बीच विवाद होने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शांत होने के बजाय और अधिक उग्र हो गए। विवाद बढ़ने तथा किसी संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए गए युवकों का विवरण

साहिल (21 वर्ष) पुत्र समीम, निवासी धर्मावाला, थाना सहसपुर, देहरादून।

मोहिन (25 वर्ष) पुत्र अकरम, निवासी भट्टा रोड, मुस्लिम बस्ती, विकासनगर, देहरादून।

गंभीर चौहान (35 वर्ष) पुत्र कुंवर सिंह चौहान, निवासी व्यास नहरी।

हारून (26 वर्ष) पुत्र इस्लाम, निवासी सराय गली, भट्टा रोड, विकासनगर, देहरादून।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp