Monday, March 16th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

जनरल बिपिन रावत की जयंती पर उन्हें पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि देते सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी

Monthly Archives: March 2026

जनरल बिपिन रावत की जयंती पर उन्हें पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि देते सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी

देहरादून-  सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने देश के प्रथम सीडीएस स्व. जनरल बिपिन रावत की जयंती के अवसर पर देहरादून के कनक चौक स्थित जनरल बिपिन रावत पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने जनरल बिपिन रावत को स्मरण करते हुए कहा कि वे हमेशा पहाड़ और वहां के युवाओं के हितों के प्रति संवेदनशील रहे। उन्होंने कहा कि जब वे जनरल बिपिन रावत से पहाड़ के युवाओं को सेना में भर्ती के दौरान लंबाई में छूट देने के संबंध में मिले थे, तब उन्होंने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए स्वीकृति प्रदान की। इसके परिणामस्वरूप उत्तराखंड के युवाओं को सेना भर्ती में लंबाई में 5 सेंटीमीटर की छूट मिलना संभव हो पाया।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए भी जनरल बिपिन रावत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।उनके प्रयासों से पिथौरागढ़ और जोशीमठ में सेना की दो ब्रिगेडों के माध्यम से सीमावर्ती गांवों के विकास और उन्हें संवारने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनरल बिपिन रावत की स्मृतियों को सहेजने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा देहरादून के गुनियाल गांव में निर्माणाधीन भव्य सैन्य धाम के मुख्य द्वार का नाम स्व. सीडीएस जनरल बिपिन रावत के नाम पर रखा गया है। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित शहीद सीडीएस जनरल बिपिन रावत का योगदान देश हमेशा स्मरण रखेगा और उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बना रहेगा।

इस अवसर पर कैंट विधायक सविता कपूर, सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत, मेजर जनरल गुलाब सिंह रावत (सेनि), निदेशक सैनिक कल्याण श्याम सिंह, जनरल बिपिन रावत के परिवारजन, ब्रिगेडियर केजी बहल (सेनि), मण्डलाध्यक्ष प्रदीप रावत, राजीव गुरुंग सहित सैकड़ों पूर्व सैनिक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट मार्से पेड्रोजो का निधन, फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर

फिल्म और फैशन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। जाने-माने हेयर स्टाइलिस्ट मार्से पेड्रोजो का निधन हो गया है। उनके अचानक निधन की खबर से मनोरंजन जगत में शोक का माहौल है। कई फिल्मी सितारों और करीबी साथियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके साथ बिताए पलों को याद किया।

अभिनेता वरुण धवन ने सोशल मीडिया पर उनके साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि मार्से बेहद सरल स्वभाव और अच्छे दिल के इंसान थे और उनके साथ काम करना हमेशा यादगार रहा।

अभिनेत्री नोरा फतेही ने भी भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि मार्से उनके लिए सिर्फ एक सहकर्मी नहीं बल्कि परिवार के सदस्य जैसे थे। उन्होंने बताया कि अपने करियर के शुरुआती दौर से ही मार्से उनके साथ जुड़े रहे और हर मौके पर उनका हौसला बढ़ाते रहे।

वहीं अभिनेत्री तारा सुतारिया  ने भी उन्हें याद करते हुए कहा कि उनके साथ काम करने का अनुभव बेहद खास रहा। उन्होंने कहा कि मार्से की ऊर्जा, उनका हुनर और उनकी सकारात्मकता हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगी।

मार्से पेड्रोजो फिल्म और फैशन इंडस्ट्री में कई नामी कलाकारों के साथ काम कर चुके थे। इनमें जाह्नवी कपूर, खुशी कपूर, जैकलीन फर्नांडिस, मलाइका अरोड़ा, तृप्ति डिमरी, सुहाना खान और भूमि पेडनेकर जैसे कई कलाकार शामिल हैं। फिलहाल उनके निधन के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।


उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और बर्फबारी से फिर लौटी ठंड

 देहरादून- उत्तराखंड में मार्च के तीसरे सप्ताह की शुरुआत मौसम के अचानक बदले मिजाज के साथ हुई। रविवार को राजधानी Dehradun समेत कई क्षेत्रों में तेज बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंड का असर फिर से महसूस होने लगा। दिनभर बादल छाए रहने के बाद शाम के समय बारिश का दौर तेज हो गया, जिसके चलते मौसम पूरी तरह बदल गया।

राज्य के पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ ठंडी हवाओं ने ठंड को और बढ़ा दिया। मसूरी, चकराता और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान में खास गिरावट देखी गई। वहीं मैदानी क्षेत्रों में भी तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से लोगों को पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी से राहत मिली।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हुई। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे वहां का तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया। इसके अलावा हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी क्षेत्र में भी हिमपात हुआ। वहीं मैदानी इलाकों जैसे ऋषिकेश, विकासनगर, मसूरी, रुड़की, हरिद्वार, ज्योतिर्मठ, गोपेश्वर, पीपलकोटी, चमोली, पोखरी में बारिश के साथ मौसम सुहावना हो गया।

बारिश के बाद पहाड़ों की वादियां साफ और सुंदर नजर आईं। मौसम में आए बदलाव के कारण लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा और बर्फबारी हुई है, और आने वाले दिनों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

इस बीच बारिश का सकारात्मक असर पर्यावरण पर भी देखने को मिला। बारिश के बाद  देहरादून की वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ और वायु गुणवत्ता सूचकांक 100 से नीचे आकर 87 दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रदेश के कई शहरों में प्रदूषण स्तर में कमी आई, जिससे वातावरण अधिक साफ नजर आया।

वहीं जंगलों में लगी आग की घटनाओं पर भी बारिश ने राहत दी है। हाल के दिनों में वनाग्नि की कई घटनाएं सामने आई थीं, लेकिन ताजा बारिश के बाद अधिकांश स्थानों पर आग बुझ गई है और फिलहाल किसी भी क्षेत्र में सक्रिय वनाग्नि की सूचना नहीं है।


कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लगी आग से 11 लोग घायल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया गहरा शोक

नई दिल्ली- ओडिशा के कटक शहर में सोमवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जब एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में अचानक आग लग गई। आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग झुलसकर घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के साथ ही मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री तुरंत अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और घटना की जांच के निर्देश दिए।

इस दुखद हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के माध्यम से शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। राष्ट्रपति ने कहा कि इस घटना से उन्हें गहरा दुःख पहुंचा है।

वहीं ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी कटक के अस्पताल में आग लगने की घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही राज्य सरकार से सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की अपील भी की।


जनरल बिपिन रावत की जयंती पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया भावपूर्ण स्मरण

देहरादून- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, पद्म विभूषण से अलंकृत तथा उत्तराखंड के गौरव, जनरल बिपिन रावत की जयंती पर मुख्यमंत्री आवास में उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर भावपूर्ण स्मरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ भारती की सेवा में अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित करने वाले जनरल बिपिन रावत अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा के प्रति जनरल बिपिन रावत का समर्पण हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनका नेतृत्व, दूरदर्शिता और देश के प्रति अटूट निष्ठा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।


बूथ जीता, चुनाव जीता के मूलमंत्र पर चुनाव तैयारी मे जुटे कार्यकर्ता: चुग

आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप राज्य का निर्माण कर रहे हैं धामी: गौतम

देहरादून-  भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने बूथ जीता, चुनाव जीता के मूलमंत्र पर चुनाव तैयारी का आह्वाहन किया। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को 4 वर्ष पूरे करने वाले पार्टी के पहले सीएम बनने पर बधाई देते हुए कहा कि वह आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप राज्य निर्माण कर रहे हैं। धामी जनता के मन को भी जीत रहे हैं और पीएम मोदी के कथनानुसार उत्तराखंड का दशक बनाने में भी जुटे हैं।

देहरादून में कुआंवाला स्थित एक निजी संस्थान में हुई आयोजित बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री चुघ की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यन्त गौतम, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट समेत सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए। मुख्य वक्ता के रूप में अपने संबोधन में  तरुण चुघ ने कहा कि देशभर की तरह प्रदेश में भी पार्टी का प्रशिक्षण अभियान जारी है जिसमें हमें सर्वाधिक जोर बूथ क्षमता मजबूत करने पर देना है। क्योंकि हमारे राज्य में 27 में विधानसभा चुनाव भी होने हैं जिसको लेकर हम सबका एक ही मूल मंत्र होना चाहिए “बूथ जीता चुनाव जीता”। पार्टी को राजनीतिक क्षेत्र में अजर अमर बनाने की जिम्मेदारी भी हम सभी कार्यकर्ताओं की है, जिसके क्रम में मजबूत संगठन के साथ चुनावी दृष्टि से सक्रिय एवं सक्षम बीएलए 1, बीएलए 2 की जिम्मेदारी हमने सौंपी है। ये बहुत संतुष्टि जताई कि उत्तराखंड में हम शत प्रतिशत बीएलए 1 के साथ शीघ्र सभी बीएलए 2 बनाने वाले हैं।

वहीं इस अवसर पर बोलते हुए प्रदेश प्रभारी दुष्यन्त गौतम ने मुख्यमंत्री धामी को 4 वर्ष पूरे करने वाले पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बनने की बधाई दी। उनके कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए कहा, वे आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप राज्य का निर्माण कर रहे हैं। वे जनता के मन जीतने का तो काम कर ही रहे हैं, साथ ही पीएम मोदी के कहे अनुशार उत्तराखंड का दशक लाने के लिए जी जान से जुटे हैं। उनके नेतृत्व में आपदा का भी समाधान निकालकर, राज्य आज विकसित भारत के मिशन में सर्वोपरि नामों में शुमार है। वहीं उन्होंने वर्तमान सत्र में पार्टी के विधायकों की कार्यशैली की जबरदस्त प्रशंसा करते हुए, उनका जोश और तैयारी बताती है कि नए उत्तराखंड का निर्माण हो रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनता भाजपा की राष्ट्रवादी सांस्कृतिक विचारधारा के साथ है। उन्हें केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के कामों पर पूरा भरोसा है। उन्होंने विपक्ष की पोल खोलते हुए कहा, जो लोग आपतकाल लगाने के साथ साथ अनेकों लोकतांत्रिक हत्या की घटनाओं के दोषी हैं, वहीं आज सभी संवैधानिक संस्थाओं और प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं। कभी ये सनातन निर्णय के खिलाफ न्यायधीशों पर महाभियोग लाते हैं, कभी लोकसभा अध्यक्ष और अब मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाते हैं। इसी तरह जो अपने ऊपर सीबीआई जांच का विरोध करते हैं वहीं राज्य में बार बार राजनीति के लिए सीबीआई जांच की मांग करते हैं। देश भर के आए चुनावी परिणामों में दिखा है कि जनता झूठ और भ्रम की राजनीति करने वालों को बुरी तरह नकार रही है। हम सब कार्यकर्ताओं को हमेशा की तरह सभी संवैधानिक प्रक्रियाओं में खुलकर सहयोग करना है, ताकि मजबूत और स्वास्थ्य लोकतंत्र का निर्माण हो।

इस पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने अपने सम्बोधन में कहा कि लोकतंत्र में जनादेश का बड़ा महत्व होता है, जिसके लिए कार्यकर्ता निर्माण से लेकर चुनावी रणनीति बेहद अहम होती है। आज प्रदेश में संगठन उस स्थिति में है कि में आप सब कार्यकर्ताओं के सामर्थ्य के आधार पर विश्वासपूर्वक कह सकता हूं कि हम तीसरी बार लगातार सरकार बनाने जा रहे हैं। जिसके लिए हमें कमल चुनाव चिन्ह और भारत माता की जय के लिए काम करते हुए आगे बढ़ना है।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री अजेय कुमार ने संगठन की सभी गतिविधियों और कार्ययोजनाओं की बारीकी से समीक्षा ली। साथ ही उन्होंने बताया कि किस तरह से हमें सहयोगात्मक भूमिका में संवैधानिक प्रक्रियाओं में जनता की प्रतिभागिता को बढ़ाना है। उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों से शीघ्र संगठनात्मक ढांचा सौ फीसदी गठन के निर्देश दिए।

संगठनात्मक बैठक में राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल, पूर्व सीएम एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व सीएम डाक्टर रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अजय भट्ट, सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महराज, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बंशीधर भगत, मदन कौशिक, राजकुमार पोरी,  राम सिंह कैड़ा, सरिता आर्य, सविता कपूर,  विनोद चमोली,  प्रदीप बत्रा, विनोद कंडारी,महंत दिलीप रावत,  दुर्गेश्वर लाल आदि विधायक शामिल हुए। इसके अतिरिक्त प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल,  कुंदन परिहार,  दीप्ति रावत, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान समेत प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सह प्रभारी एवं सभी नवनियुक्त बीएलओ भी मौजूद रहे।


दून में अंतरराष्ट्रीय जूनियर टेनिस टूर्नामेंट शुरू

खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया उद्घाटन

देहरादून- दून में अंतरराष्ट्रीय जूनियर टेनिस टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में आठ से अधिक देशों के 100 से ज्यादा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

डालनवाला स्थित शांति टेनिस अकैडमी में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास की भावना विकसित करता है तथा युवाओं को नई दिशा देता है।

रेखा आर्या ने कहा कि देवभूमि में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन होना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आयोजित हुए 38th नेशनल गेम्स ने साबित किया है कि राज्य बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी करने में सक्षम है।

उन्होंने कहा कि भारत आने वाले समय में कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 के ओलंपिक गेम्स की मेजबानी की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में उत्तराखंड भी खेल अवसंरचना को मजबूत कर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के केंद्र के रूप में अपनी पहचान बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।

खेल मंत्री ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा को निखारकर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।

कार्यक्रम में अकादमी के अध्यक्ष पूर्व डीजीपी अशोक कुमार, संरक्षक प्रदीप कुमार वालिया, महासचिव सुमित गोयल व अंतरराष्ट्रीय अंपायर और खिलाड़ी उपस्थित रहे।


डाइट में ये छोटे बदलाव करने से घटा सकते हैं तेजी से वजन, जानिए एक्सपर्ट की सलाह

उत्तर भारत में गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है और तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर लोगों की दिनचर्या और खान-पान पर भी पड़ रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि गर्मियों का मौसम वजन घटाने के लिए काफी अनुकूल होता है। इसी विषय पर डॉक्टर मल्हार गणला ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में बताया है कि अगर सही खान-पान और कुछ आसान आदतों को अपनाया जाए तो इस मौसम में तेजी से वजन कम किया जा सकता है।

डॉक्टर मल्हार गणला के अनुसार सर्दियों के मुकाबले गर्मियों में शरीर की ऊर्जा जरूरतें अलग होती हैं। ठंड के मौसम में जब तापमान कम होता है, तब शरीर को सामान्य तापमान बनाए रखने के लिए ज्यादा ऊर्जा और भोजन की आवश्यकता पड़ती है। जबकि गर्मियों में बाहरी तापमान अधिक होने के कारण शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा खर्च नहीं करनी पड़ती।

ऐसी स्थिति में शरीर सूरज की गर्मी से भी ऊर्जा प्राप्त करता है, जिससे भोजन की मात्रा स्वाभाविक रूप से कम की जा सकती है। डॉक्टर का कहना है कि अगर गर्मियों में खान-पान और पानी के सेवन को सही तरीके से संतुलित रखा जाए तो वजन कम करना काफी आसान हो जाता है। उन्होंने इसके लिए तीन अहम आदतों को अपनाने की सलाह दी है।

पहला कदम: भारी और तले भोजन से दूरी
डॉक्टर के मुताबिक गर्मियों में तैलीय और डीप फ्राइड भोजन से बचना चाहिए। अधिक तेल और भारी कार्बोहाइड्रेट वाले खाद्य पदार्थ शरीर को सुस्त बनाते हैं और वजन बढ़ाने का कारण बन सकते हैं। इसके बजाय हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन लेना चाहिए, जिससे पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।

दूसरा कदम: डाइट में फलों की मात्रा बढ़ाएं
वजन कम करने के लिए भारी कार्बोहाइड्रेट की जगह फलों को डाइट में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है। फल शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ ऊर्जा भी प्रदान करते हैं। डॉक्टर मल्हार के अनुसार दिन के समय स्नैक्स के रूप में ताजे फलों का सेवन करने से वजन घटाने की प्रक्रिया को तेज किया जा सकता है।

तीसरा कदम: सही हाइड्रेशन और शुगर कंट्रोल
गर्मी के मौसम में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है। डॉक्टर सलाह देते हैं कि चाय और कॉफी का अधिक सेवन करने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है। इसके बजाय ताजे फलों का जूस लिया जा सकता है। जूस में अतिरिक्त चीनी डालने के बजाय थोड़ा सा नमक मिलाने से शरीर को बेहतर हाइड्रेशन मिलता है और अतिरिक्त कैलोरी से भी बचाव होता है।

डॉक्टर की सलाह
डॉक्टर मल्हार गणला का कहना है कि अगर गर्मियों में हल्का भोजन, पर्याप्त फल और सही मात्रा में पानी को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाए तो वजन कम करना आसान हो सकता है। शरीर को हल्का और संतुलित रखने से मेटाबॉलिज्म बेहतर रहता है और वजन घटाने में मदद मिलती है।

नोट: यह जानकारी विभिन्न स्वास्थ्य रिपोर्ट्स और विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर तैयार की गई है।

(साभार)


किसान केवल अन्नदाता ही नहीं बल्कि राष्ट्र के सच्चे नायक भी हैं- मुख्यमंत्री धामी

पंतनगर में 119वाँ अखिल भारतीय किसान मेला आयोजित, मुख्यमंत्री धामी ने किया किसानों को संबोधित

ऊधम सिंह नगर। पंतनगर में आयोजित 119वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कार्यक्रम में उपस्थित किसानों व लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कृषि से जुड़ी नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी भी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं बल्कि राष्ट्र के सच्चे नायक हैं, जिनका परिश्रम और समर्पण पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से राज्य सरकार किसानों की समृद्धि और कृषि के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में किसानों को तीन लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज के उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही फार्म मशीनरी योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद पर सब्सिडी दी जा रही है। सरकार किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए भी विभिन्न योजनाएं चला रही है।

उन्होंने कहा कि शहद उत्पादन के क्षेत्र में उत्तराखंड देश में आठवें स्थान पर पहुंच चुका है और मौन पालन के क्षेत्र में भी प्रदेश में व्यापक संभावनाएं हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों को सशक्त बनाते हुए कृषि को अधिक समृद्ध, आधुनिक और लाभकारी बनाना है।

इस अवसर पर विधायक तिलकराज बेहड़, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


राजकुमार राव की नई फिल्म ‘रफ्तार’ का ऐलान, रिलीज तारीख भी आई सामने

बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव एक बार फिर नए अंदाज़ में बड़े पर्दे पर नजर आने की तैयारी में हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म ‘रफ्तार’ का ऐलान हो गया है, जिसे लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह देखा जा रहा है। फिल्म में उनके साथ साउथ की मशहूर अभिनेत्री कीर्ति सुरेश लीड रोल में दिखाई देंगी। मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म की आधिकारिक घोषणा की है।

फिल्म ‘रफ्तार’ का निर्देशन आदित्य निंबालकर कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण राजकुमार राव की पत्नी पत्रलेखा अपने प्रोडक्शन हाउस कम्पा फिल्म के बैनर तले कर रही हैं। यह फिल्म आधुनिक स्टार्टअप कल्चर और कॉर्पोरेट दुनिया की तेज रफ्तार जिंदगी पर आधारित बताई जा रही है।

कहानी एक महत्वाकांक्षी युवक और युवती के इर्द-गिर्द घूमती है, जो तेजी से आगे बढ़ती बिजनेस और स्टार्टअप की दुनिया में अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। सफलता की दौड़ में जब पैसा, ताकत और महत्वाकांक्षा बढ़ती है, तब उनके रिश्तों और मूल्यों की असली परीक्षा शुरू होती है। फिल्म के जरिए यह भी दिखाने की कोशिश की गई है कि किस तरह कई बार शिक्षा और ज्ञान से ज्यादा मुनाफे को प्राथमिकता दी जाती है।

फिल्म को भारत के कॉमर्शियल एजुकेशन सिस्टम पर एक व्यंग्यात्मक नजरिए से भी पेश किया गया है। कहानी यह सवाल उठाती है कि सफलता हासिल करने की कीमत आखिर कितनी बड़ी होती है और क्या हर कीमत चुकाना वाकई सही फैसला होता है।

फिल्म की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। फिल्म के नाम ‘रफ्तार’ को देखकर कुछ लोग इसे मशहूर रैपर रफ्तार की बायोपिक मान रहे हैं और कमेंट में अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं। हालांकि अभी तक मेकर्स की ओर से ऐसी कोई पुष्टि नहीं की गई है कि फिल्म किसी रियल लाइफ पर्सन पर आधारित है।

इस फिल्म में राजकुमार राव और कीर्ति सुरेश के अलावा तान्या मानिकतला, रजत कपूर, अनुराग ठाकुर और रोहन वर्मा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 24 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

(साभार)


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp