Sunday, March 8th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

आईसीसी टी20 विश्व कप 2026- भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला आज

Daily Archives: 08/03/2026

आईसीसी टी20 विश्व कप 2026- भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला आज

अहमदाबाद में खिताबी जंग, मेजबान भारत तोड़ सकता है 19 साल का रिकॉर्ड

नई दिल्ली। आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां भारत और न्यूजीलैंड खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे होगा। भारतीय टीम के पास इस बार इतिहास रचने का बड़ा मौका है, क्योंकि यदि टीम फाइनल जीतती है तो वह लगातार दो टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी।

भारत ने 2024 में ICC Men’s T20 World Cup 2024 का खिताब जीतकर लंबे इंतजार के बाद ट्रॉफी अपने नाम की थी। अब टीम लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने से सिर्फ एक कदम दूर है। वहीं न्यूजीलैंड की टीम पहली बार टी20 विश्व कप का खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

मेजबान टीम के सामने रिकॉर्ड तोड़ने की चुनौती

टी20 विश्व कप के करीब 19 साल के इतिहास में अब तक कोई भी मेजबान टीम चैंपियन नहीं बन सकी है। कई बार मेजबान टीम टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में ही बाहर हो गई, जबकि 2012 में श्रीलंका ही ऐसी टीम रही जो मेजबान रहते हुए फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन उसे वेस्टइंडीज से हार का सामना करना पड़ा था।
इस बार भारत के पास यह रिकॉर्ड तोड़ने और पहली बार मेजबान देश को चैंपियन बनाने का मौका है।

सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में पहुंची टीमें

भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में सात रन से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई। वहीं न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को एकतरफा मुकाबले में हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया।

टूर्नामेंट में भारत का सफर

भारत ग्रुप-ए में शामिल था और उसने ग्रुप स्टेज में अमेरिका, नामीबिया, पाकिस्तान और नीदरलैंड को हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद सुपर-8 में भारत को पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका से हार मिली, लेकिन जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराकर टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर भारत ने फाइनल का टिकट पक्का किया।

न्यूजीलैंड का सफर

न्यूजीलैंड ग्रुप-डी में था और उसने ग्रुप चरण में अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा को हराया, जबकि दक्षिण अफ्रीका से हार झेली। सुपर-8 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द हो गया, लेकिन श्रीलंका को हराकर टीम ने सेमीफाइनल की दौड़ में बढ़त बनाई। इंग्लैंड से हार के बाद न्यूजीलैंड के बाहर होने का खतरा था, लेकिन अन्य परिणामों के चलते वह सेमीफाइनल में पहुंच गया। इसके बाद टीम ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में जगह बना ली।

टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड

टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत अब तक न्यूजीलैंड को नहीं हरा सका है। दोनों टीमों के बीच खेले गए तीनों मुकाबलों में न्यूजीलैंड को जीत मिली है। ऐसे में फाइनल में भारतीय टीम के सामने इस रिकॉर्ड को बदलने की चुनौती भी होगी।

ओवरऑल टी20 में भारत का पलड़ा भारी

हालांकि टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के कुल आंकड़ों में भारत का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के खिलाफ बेहतर है। दोनों टीमों के बीच अब तक 30 मैच खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 18 और न्यूजीलैंड ने 11 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है।

मौसम और रिजर्व डे

फाइनल मुकाबले के लिए आईसीसी ने रिजर्व डे भी रखा है। यदि आठ मार्च को बारिश के कारण मैच पूरा नहीं हो पाता है तो मुकाबला नौ मार्च को पूरा कराया जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दिन अहमदाबाद में बारिश की संभावना बेहद कम है और मौसम साफ रहने का अनुमान है।

अब सभी की नजरें अहमदाबाद के मैदान पर टिकी हैं, जहां भारतीय टीम के पास इतिहास रचने और लगातार दूसरा टी20 विश्व कप जीतने का सुनहरा अवसर होगा।

भारत बनाम न्यूजीलैंड फाइनल का कार्यक्रम-

भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच का टॉस भारतीय समयअनुसार शाम 6 बजकर 30 मिनट पर होगा। वहीं मैच की पहली गेंद शाम 7 बजे फेंकी जाएगी।

कहां देखें मुकाबला

मैच का सीधा प्रसारण Star Sports नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।


फिल्म ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ का रोमांटिक गाना ‘छाप तिलक सब छीनी’ हुआ रिलीज

रोमांटिक फिल्म ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ का पहला गाना ‘छाप तिलक सब छीनी’ रिलीज कर दिया गया है। गाने के रिलीज होते ही यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस गाने में अभिनेता अविनाश तिवारी और अभिनेत्री मेधा शंकर की केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आ रही है।

फिल्म ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ का पहला गाना रिलीज

फिल्म के इस गाने को संगीतकार हीर ने कंपोज किया है, जो इस प्रोजेक्ट के जरिए बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे हैं। उन्होंने अमन नूर के साथ मिलकर गाने को तैयार किया है, जबकि इसके बोल भी अमन नूर ने लिखे हैं। पारंपरिक रंग लिए यह गाना शादी के सीजन के लिए एक शानदार डांस ट्रैक माना जा रहा है।

गाने को लेकर अविनाश तिवारी की प्रतिक्रिया

अभिनेता अविनाश तिवारी ने कहा कि किसी भी रोमांटिक फिल्म में संगीत कहानी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। उनके अनुसार, ‘छाप तिलक’ भी फिल्म की कहानी के लिए बेहद खास गाना है और उन्हें उम्मीद है कि यह गाना दर्शकों की प्लेलिस्ट में जगह बनाएगा।

मेधा शंकर ने जताई खुशी

अभिनेत्री मेधा शंकर ने भी गाने को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि फिल्म का पहला गाना होने के कारण इसमें खास ऊर्जा है और इसकी धुन ऐसी है कि इस पर थिरकने से खुद को रोक पाना मुश्किल है। उन्होंने संगीतकार हीर और अमन नूर की भी सराहना की।

क्लासिक गीत से लिया गया है प्रेरणा

गीतकार अमन नूर ने बताया कि यह गाना मशहूर सूफी कवि अमीर खुसरो के क्लासिक गीत ‘छाप तिलक सब छीनी’ से प्रेरित है। उन्होंने इसे नए अंदाज में पेश करने की कोशिश की है, जबकि मूल भाव को बरकरार रखा गया है।

कब रिलीज होगी फिल्म

फिल्म ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ को जी स्टूडियोज और सौंदर्या प्रोडक्शंस ने प्रोड्यूस किया है। इसका निर्माण विनोद बच्चन और उमेश कुमार बंसल ने किया है। फिल्म की कहानी और निर्देशन प्रशांत झा ने किया है। यह रोमांटिक फिल्म 24 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

(साभार)


हरिद्वार कार्यक्रम में धामी ने गिनाईं केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने सभी मिथकों को तोड़कर प्रचंड बहुमत से सरकार को दुबारा आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर एक भारत, श्रेष्ठ भारत के स्वप्न को साकार किया गया है। नागरिकता संशोधन अधिनियम को लागू कर वर्षों से उपेक्षित हिन्दू शरणार्थियों को सम्मान और सुरक्षा का अधिकार दिलाया गया। भारतीय न्याय संहिता सहित तीन नए कानूनों के माध्यम से न्याय व्यवस्था को भारतीय आत्मा के अनुरूप बनाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा गृह मंत्री के नेतृत्व में देश में आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है। जिन क्षेत्रों में अशांति और भय होता था, आज वो क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। कश्मीर के लाल चौक पर कभी तिरंगा फहराना, एक चुनौती माना जाता था, आज वहां गर्व और सम्मान के साथ तिरंगा लहरा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा गृह मंत्री के नेतृत्व में देश, सहकारिता के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सनातन का जयघोष चारों दिशाओं में गूंज रहा है। अयोध्या जी में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरीडोर, उज्जैन में महाकाल लोक, बद्रीनाथ धाम और केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने केंद्र द्वारा हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ के लिए 500 करोड़ रुपए स्वीकृत करने पर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा निश्चित ही आगामी कुंभ सनातन का गौरव बढ़ाने वाला कुंभ होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के समग्र विकास के साथ समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन पर कार्य किया जा रहा है। राज्य में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी सहित सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है।

वर्ष 2023 में ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन कर राज्य में 3.56 लाख करोड़ के निवेश समझौते किए। जिसमें 1 लाख करोड़ से ज्यादा के ग्राउंडिंग हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। राज्य में पहली बार जी-20 जैसे वैश्विक सम्मेलन का आयोजन, राज्य में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन, जिसमें राज्य के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक मैडल प्राप्त कर राज्य को अंक तालिका में 7वां स्थान प्राप्त हुआ।

राज्य में पहली बार वर्षभर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शीतकालीन यात्रा प्रारम्भ, जैसे कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा राज्य में बीते चार सालों में आर्थिकी में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है, बीते वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है और प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

बीते 4 वर्षों में राज्य बजट का आकार ₹ 60 हजार करोड़ से 1 लाख करोड़ से अधिक हो गया है, राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। बीते चार वर्षों में राज्य में स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर साढ़े 1700 हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग द्वारा जारी वर्ष 2023-24 के सतत् विकास के इंडेक्स में देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। राज्य में पर्यटन, एविएशन और खेल के विकास से जुड़े क्षेत्रों में भी बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम तथा बेस्ट विलेज, बेस्ट डिस्ट्रिक्ट जैसे राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा उत्तराखंड को नेशनल लॉजिस्टिक्स इंडेक्स, स्टेट स्टार्टअप इकोसिस्टम, ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस, स्टेट एनर्जी एंड ग्रीन इंडेक्स जैसे कई राष्ट्रीय सूचकांकों में भी विभिन्न पुरुस्कार प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने कहा हमें गर्व है कि हमने UCC को लागू कर उसे प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने का कार्य भी किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा गृहमंत्री की प्रेरणा से राज्य में ऑपरेशन कालनेमी और सघन सत्यापन अभियान के माध्यम से घुसपैठियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। सख्त भू-कानून बनाकर हमारे पहाड़ी क्षेत्रों में जमीनों की अवैध खरीद फरोख्त पर लगाम लगाकर भू माफियाओं पर अंकुश लगाया है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूडी, राज्य सभा सांसद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट़्ट, हरिद्वार सांसद और पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत, पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल, पूर्व सीएम विजय बहुगुणा, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, सौरभ बहुगुणा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित कई विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए।

नव नियुक्त आरक्षियों को मिले नियुक्ति पत्र

इस मौके पर गृहमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस में नव नियुक्त आरक्षियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए, जिसमें से अमन सिंह, आकाश, अभय चौहान, अर्जुन नाथ गोस्वामी, योगेश नाथ ने मंच से नियुक्ति पत्र प्राप्त किए।

नागरिकता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए

आयोजन के दौरान पाकिस्तान, अफगानिस्तान से आए 162 शरणार्थियों को भारत की नागरिकता का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। इसमें पाकिस्तान के बलूचिस्तान स्थित सि‌द्धपीठ हिंगलाज माता मंदिर के पुजारी परिवार से जुड़े शैलेश, भट्टाग्राम, पाकिस्तान से आए जसपाल कुमार, कराची, पाकिस्तान में महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न से तंग आकर भारत आने वाले दुर्गानाथ टी. राजपूत और अफगानिस्तान से आई हंसेरी बाई को मंच पर नागरिकता का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।

ई जीरो एफआईआर का शुभारंभ

इस मौके पर गृहमंत्री ने उत्तराखंड में ई जीरो एफआईआर प्रणाली का भी शुभारंभ किया। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 173 के अंतर्गत शुरू की जा रही ई-जीरो एफआईआर प्रणाली विशेष रूप से एक लाख से अधिक की वित्तीय साइबर धोखाधड़ी के पीड़ितों को त्वरित सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित की गई है। अब 1930 हेल्पलाइन या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतें, देहरादून स्थित राज्य साइबर पुलिस स्टेशन में ई-जीरो एफआईआर के रूप में पंजीकृत होंगी और तत्पश्चात सीसीटीएनएस के माध्यम से संबंधित थाने को तत्काल प्रेषित की जाएंगी।

इससे पुलिस को गोल्डन ऑवर में तुरंत कार्रवाई करने, साक्ष्य संकलन प्रारम्भ करने तथा संदिग्ध लेन-देन को फ्रीज़ करने में सहायता मिलेगी, जिससे ठगे गए धन की अधिक से अधिक रिकवरी की संभावना बढ़ेगी।

विकल्प रहित संकल्प पुस्तक का विमोचन

इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भाषणों के संकलन पर आधारित गिरजा शंकर जोशी की पुस्तक ‘विकल्प रहित संकल्प’ का विमोचन किया गया। आयोजन के दौरान राज्य सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक फैसलों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp