Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

पूर्व सीएम के बेटे को जिंदा होते हुए किया गया मृत घोषित, अदालत में की झूठी रिपोर्ट पेश 

Category Archives: अंतर्राष्ट्रीय

पूर्व सीएम के बेटे को जिंदा होते हुए किया गया मृत घोषित, अदालत में की झूठी रिपोर्ट पेश 

पाकिस्तान। एक हैरान करने वाले घटनाक्रम के तहत पूर्व सीएम के बेटे को जिंदा होते हुए भी मृत घोषित कर दिया गया है। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, सिंध के पूर्व सीएम कायम अली शाह के बेटे लियाकत अली शाह को जीवित होने के बावजूद आधिकारिक दस्तावेजों में मृत घोषित कर दिया गया है। पाकिस्तान के स्वास्थ्य सचिव, डीजी स्वास्थ्य और अतिरिक्त स्वास्थ्य सचिव सहित विभाग के अधिकारियों ने लियाकत अली शाह की मृत्यु का दावा करते हुए अदालत में एक झूठी रिपोर्ट पेश की।

घर में मृत पाया गया पुलिसकर्मी
लियाकत अली शाह खैरपुर के सरकारी नेत्र अस्पताल में प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं। उन पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान 161 से अधिक कर्मचारियों को अवैध रूप से नियुक्ति देने का आरोप है। 10 फरवरी कराची में लियाकत अली शाह के आवास पर एक पुलिसकर्मी मृत पाया गया। पुलिस ने बताया कि पुलिसकर्मी दरखशान पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले एक घर से मृत पाया गया और प्रारंभिक जांच के बाद पता चला कि यह घर पीपीपी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सैयद कायम अली शाह के बेटे का था। हालांकि ये पता नहीं चल पाया कि पुलिसकर्मी की मौत के बाद आधिकारिक दस्तावेज में लियाकत अली शाह का नाम कैसे दर्ज हुआ।

लियाकत अली शाह ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने पुलिसकर्मी को यह जगह किराए पर दी थी और उन्हें उसकी मौत की वजह के बारे में नहीं पता है। बाद में, एएसपी दरखशान पुलिस स्टेशन राणा दिलावर ने कहा कि पुलिसकर्मी की मौत स्वाभाविक लग रही है क्योंकि यह पता चला है कि उसकी मौत दौरे पड़ने के बाद हुई।

(साभार)


अंतरिक्ष में फंसी अंतरिक्षयात्री सुनीता विलियम्स को वापस धरती पर लाने के लिए भेजेंगे अंतरिक्षयान- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 

अमेरिका। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अंतरिक्ष में फंसी अंतरिक्षयात्री सुनीता विलियम्स की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि हम जल्द ही उन्हें वापस धरती पर लाने के लिए अंतरिक्षयान भेजेंगे। इस दौरान ट्रंप ने सुनीता विलियम्स के बालों की भी तारीफ की और कहा कि उनके बाल काफी मजबूत हैं। ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्होंने और उनकी सरकार ने सुनीता विलियम्स और उनके सहयोगी बुच विल्मोर को अंतरिक्ष में बेसहारा छोड़ दिया और दोनों आठ दिनों के अंतरिक्ष मिशन पर गए थे और अब दोनों को नौ महीने से ज्यादा का वक्त बीत गया है।

डोनाल्ड ट्रंप ने सुनीता विलियम्स की तारीफ की
ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि ‘हमारे दो अंतरिक्षयात्री स्पेस में फंसे हुए हैं। बाइडन ने उन्हें ऊपर ही छोड़ दिया। मैंने मस्क (एलन मस्क) से कहा है कि क्या वे दोनों को धरती पर ला सकते हैं? जिस पर मस्क ने भी सहमति दे दी है और वे दो हफ्ते में अपने अंतरिक्षयान को स्पेस में भेजने की तैयारियों में जुट गए हैं।’ इसके बाद मजाकिया अंदाज में ट्रंप ने कहा कि ‘मैंने बड़े और मजबूत बालों वाली महिला (सुनीता विलियम्स) को देखा है। उनके बाल बहुत मजबूत हैं। अब हम उन्हें वापस लाने की तैयारी कर रहे हैं और हम उनसे प्यार करते हैं।’

बीते साल अंतरिक्ष गए थे अंतरिक्षयात्री
ट्रंप ने कहा कि ‘जो बाइडन इस देश के इतिहास के सबसे खराब राष्ट्रपति रहे हैं और उन्होंने दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में फंसने दिया और कुछ नहीं किया।’ एलन मस्क ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में लिखा कि ‘अंतरिक्षयात्रियों को अब आठ दिन और अंतरिक्ष में रहना पड़ेगा। स्पेसएक्स का ड्रैगन अंतरिक्षयान छह महीने पहले ही उन्हें वापस ला चुका होता, लेकिन बाइडन और व्हाइट हाउस ने ऐसा नहीं करने दिया।’ उल्लेखनीय है कि बुच विल्मोर और सुनीता विलियम जून 2024 में बोइंग के स्टारलाइनर विमान पर सवार होकर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन स्टारलाइनर में तकनीकी खराबी और हीलियम गैस के लीक के चलते यान को दोनों अंतरिक्षयात्रियों की वापसी के लिए अनफिट घोषित कर दिया गया, जिसके बाद सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर बीते कई महीनों से अंतरिक्ष में फंसे रह गए।

(साभार)


स्कैम सेंटर में बंधक बनाए गए 48 भारतीयों समेत 215 विदेशी नागरिकों को कराया गया मुक्त 

थाइलैंड। थाइलैंड व कंबोडिया पुलिस के साझा अभियान में एक स्कैम सेंटर में बंधक बनाए गए 48 भारतीयों समेत 215 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया गया। अपराधी गिरोह तस्करी के जरिये इन्हें कंबोडिया के सीमावर्ती शहर ले आया था और बंधक बना लिया था। स्कैम सेंटर के जरिये पूरे दक्षिण एशिया में ऑनलाइन ठगी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा था।

थाइलैंड पुलिस ने दी जानकारी
थाइलैंड के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह ऑनलाइन ठगी व धोखाधड़ी की वारदातों के खिलाफ चलाए जा रहे क्षेत्रीय अभियान का विस्तार था। कंबोडिया के बांतेय मींचे प्रांत के सीमावर्ती शहर पोइपेट में रविवार को तीन मंजिला इमारत में छापेमारी की गई। थाइलैंड सरकार के प्रवक्ता जिरायु होंगसुब ने बताया कि स्कैम सेंटर में थाइलैंड के 109, पाकिस्तान के 50, भारत के 48, ताइवान के पांच व इंडोनेशिया के तीन नागरिकों को बंधक बनाकर काम कराया जा रहा था।

फर्जीवाड़े से हर साल अरबों डॉलर की कमाई
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, अपराधी गिरोह हजारों लोगों को तस्करी के जरिये थाइलैंड, कंबोडिया व म्यांमार ले जाता है। इन देशों के स्कैम सेंटरों पर उनसे जबरन ऑनलाइन फर्जीवाड़ा कराया जाता है। ये लोग पूरे दक्षिण एशिया में ठगी व फर्जीवाड़े को अंजाम देते हैं। 2023 की यूएन रिपर्ट के अनुसार, अपराधी गिरोह ऑनलाइन फर्जीवाड़े के जरिये हर साल अरबों डॉलर की कमाई करता है।

दक्षिण एशिया में चल रहा व्यापक अभियान
दक्षिण एशिया के देशों ने स्कैम सेंटरों के खिलाफ व्यापक अभियान चला रखा है। हाल ही में थाइलैंड-म्यांमार सीमा पर बड़ा अभियान चलाया गया था। थाइलैंड सरकार ने उन क्षेत्रों की बिजली, ईंधन व जल आपूर्ति रोक दी थी, जहां स्कैम सेंटरों के होने की आशंका थी। इससे पहले शनिवार को थाइलैंड की सेना ने बताया था कि चीन ने स्कैम सेंटरों से मुक्त कराए गए उसके 621 नागरिकों को सौंप दिया है।

नौकरी का झांसा दे चीनी नागरिक ने शुरू किए स्कैम सेंटर
थाइलैंड व कंबोडिया के सीमावर्ती शहरों में स्कैम सेंटर कई वर्षों से संचालित किए जा रहे थे। थाइलैंड में स्कैम सेंटरों की शुरुआत चीनी नागरिक वांग जिंग ने की थी। उसने थाइलैंड के लोगों को नौकरी देने का वादा किया था। इस बीच उसका अपहरण हो गया और उसे म्यांमार स्थित एक स्कैम सेंटर ले जाया गया। इसके बाद से स्कैम सेंटरों की जांच की जा रही है।

(साभार)


पत्नी के सामने पीट-पीटकर की पति की हत्या, डंडों और एसएस पाइपों से पीटने के साथ ही निकाल दी दोनों आंखे 

बांग्लादेश। ढाका में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) नेता मोहम्मद बाबुल मिया की प्रतिद्वंदियों ने पत्नी के सामने पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपियों ने उसे डंडों और एसएस पाइपों से पीटा। उसकी दोनों आंखें तक निकाल दीं। हत्या के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।

बांग्लादेशी मीडिया के अनुसार, मोहम्मद बाबुल मिया बीएनपी की कुल्ला यूनियन इकाई के पूर्व उपाध्यक्ष थे। दोपहर वह और उनकी पत्नी धामराई उपजिला के अक्षिरनगर हाउसिंग के पास सरसों की कटाई कर रहे थे। इस दौरान उनकी हत्या कर दी गई।

कई दिनों से धमकी दे रहे थे आरोपी: यास्मीन 
बाबुल की पत्नी यास्मीन बेगम ने बताया कि रियल एस्टेट व्यवसाय अक्षिरनगर हाउसिंग को लेकर ग्रामीणों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय अधिकारी, अरशद और मोनिर हम दोनों को कई दिनों से धमका रहे थे, जबकि पति का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं था।

पति को डंडों और एसएस की पाइपों से पीटा: यास्मीन 
यास्मीन बेगम ने बताया कि आरोपियों ने पति को डंडों और एसएस पाइप से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इतना ही नहीं आरोपियों ने पति की दोनों आंखें भी निकाल लीं। जब मैंने और कुछ स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करने और उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें रोक दिया। यास्मीन ने बताया कि पति के बेहोश होने के बाद ही आरोपी वहां से गए।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बाबुल को मृत बताया 
पत्नी यास्मीन ने बताया कि आरोपियों के मौके से जाने के बाद, पति को सावर इनाम मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यास्मीन ने कहा कि वह घटना के बारे में तुरंत एफआईआर दर्ज कराएंगी।

पिछले विवाद के चलते हुई बाबुल की हत्या: पुलिस अधिकारी
धामराई पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी मोनिरुल इस्लाम ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि बाबुल की हत्या पिछले विवाद के चलते की गई है। शव को अस्पताल से बरामद कर पोस्टमॉर्टम हाउस भेजने की तैयारी की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


राष्ट्रपति ट्रंप के फैसलों और कार्यकारी आदेशों का लोगों ने शुरू किया विरोध

लोगों ने अप्रवासियों को बाहर करने, ट्रांसजेंडरों के अधिकारों को समाप्त करने के फैसले का किया विरोध

एलन मस्क और प्रोजेक्ट 2025 के विरोध में लहराए बैनर 

वॉशिंगटन। अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसलों और कार्यकारी आदेशों का विरोध शुरू हो गया है। अमेरिकी राज्य फिलाडेल्फिया, कैलिफोर्निया, मिनेसोटा, मिशिगन, टेक्सास, विस्कॉन्सिन, इंडियाना की राजधानियों में लोग सड़क पर उतरे। लोगों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, अरबपति एलन मस्क और प्रोजेक्ट 2025 के विरोध में बैनर लहराए। लोगों ने राष्ट्रपति ट्रंप के अप्रवासियों को बाहर करने, ट्रांसजेंडरों के अधिकारों को समाप्त करने और गाजा पट्टी से फलस्तीनियों को हटाने के फैसले का विरोध किया।

ओहायो में स्टेट हाउस के बाहर विरोध प्रदर्शन में मार्गरेट विल्मेथ ने कहा कि मैं पिछले दो सप्ताह से लोकतंत्र में किए जा रहे बदलावों को देख हैरान हूं। मैं इसका विरोध कर रही हूं। मिशिगन के लांसिंग में राज्य कैपिटल के बाहर सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया। एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि वे ट्रेजरी विभाग के डाटा तक एलन मस्क की पहुंच को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम इसको नहीं रोकते हैं और कांग्रेस से कुछ करने को नहीं कहते हैं तो यह लोकतंत्र पर हमला होगा। प्रदर्शनकारियों ने मस्क को ट्रंप की कठपुतली की तरह दिखाते हुए पोस्टर लहराए।

कई राज्यों में एलन मस्क और सरकारी दक्षता विभाग के खिलाफ नारेबाजी की गई। मिसौरी के जेफरसन सिटी में प्रदर्शनकारियों ने स्टेट कैपिटल की सीढ़ियों पर लिखा कि DOGE वैध नहीं है। एलन के पास हमारी सामाजिक सुरक्षा जानकारी क्यों है? प्रदर्शनकारियों ने टेक्सास के ऑस्टिन शहर में मार्च निकाला।  अटलांटा के सेंटेनियल ओलंपिक पार्क से जॉर्जिया के स्टेट कैपिटल तक मार्च किया गया। डेनवर में विरोध प्रदर्शन के दौरान आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंटों ने विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिरासत में लिया। फीनिक्स में प्रदर्शनकारियों ने एलन को निर्वासित करो और कोई नफरत नहीं, कोई डर नहीं, अप्रवासियों का यहां स्वागत है के नारे लगाए।

मिनेसोटा के सेंट पॉल में हजारों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। आयोवा के डेस मोइनेस स्थित कैपिटल में प्रदर्शनकारी घुस गए। प्रदर्शनकारियों ने रोटुंडा में लगे स्पीकर पर लगभग 15 मिनट तक चिल्लाया। इसके बाद कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने उन्हें बाहर धकेल दिया। हथकड़ी में बंधे चार प्रदर्शनकारियों को हटा दिया।

अलबामा में एलजीबीटीक्यू लोगों को निशाना बनाने वाली कार्रवाइयों का विरोध करने के लिए लोग स्टेटहाउस के बाहर एकत्र हुए। यूनिटेरियन यूनिवर्सलिस्ट मंत्री रेव. जूली कॉनराडी ने कहा कि राष्ट्रपति को लगता है कि उनके पास बहुत शक्ति है। उनके पास आपका लिंग निर्धारित करने की शक्ति नहीं है। उनके पास आपकी पहचान को परिभाषित करने की शक्ति नहीं है।


विदेश मंत्री ने ‘रायसीना मध्य पूर्व’ कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को किया संबोधित 

संपर्क और समुद्री सुरक्षा को लेकर बहुपक्षीय सहयोग की जरूरत – विदेश मंत्री एस. जयशंकर 

पश्चिम एशिया अब भारत का एक विस्तारित पड़ोसी बन चुका है – विदेश मंत्री

नई दिल्ली/अबू धाबी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ‘रायसीना मध्य पूर्व’ (पश्चिम एशिया) कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत के लिए पश्चिम एशिया क्षेत्र रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि भारत का खाड़ी देशों के साथ व्यापार करीब 160 से 180 डॉलर के बीच है। उन्होंने कहा, हमारी खाड़ी में बहुत व्यापक और अहम मौजूदगी है। यहां 90 लाख से अधिक भारतीय काम करते हैं और रहते हैं। इसके अलावा, खाड़ी देशों से भारत का संपर्क पश्चिम एशिया और उत्तरी अफ्रीका और भूमध्य सागर तक फैला हुआ है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत पश्चिम एशिया को एक महत्वपूर्ण मार्ग के रूप में देखता है, जो उसे दुनिया के अन्य हिस्सों से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में भारत और पश्चिम एशिया के बीच व्यापार, संपर्क और लोगों के आपसी संबंधों में तेजी से विस्तार हुआ है।

विदेश मंत्री ने यह भी बताया कि भारत का भूमध्य सागरीय देशों के साथ सालाना व्यापार करीब 80 अरब डॉलर है और यहां करीब पांच लाख प्रवासी भारतीय रहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत इस क्षेत्र में कई बड़ी परियोजनाओं पर काम कर रहा है, जिनमें हवाई अड्डे, बंदरगाह, रेल, हरित हाइड्रोजन, इस्पात आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा, भारत और पश्चिम एशिया के प्रयासों को अफ्रीका और यूरोप तक बढ़ाया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि संपर्क और समुद्री सुरक्षा को लेकर बहुपक्षीय सहयोग की जरूरत है।

उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम एशिया अब भारत का एक विस्तारित पड़ोसी बन चुका है और नई दिल्ली को इस क्षेत्र के साथ अपनी साझेदारी को और गहरा करना होगा। विदेश मंत्री जयशंकर ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति के राजनयिक सलाहकार अनवर गर्गश से भी मुलाकात की और दोनों देशों की विशेष साझेदारी पर चर्चा की।


अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पदभार संभालने के पहले ही दिन कई कार्यकारी आदेशों पर किए हस्ताक्षर 

सबसे बड़ी जांच और अभियोजन को किया समाप्त

अमेरिका के पेरिस जलवायु समझौते से बाहर होने की घोषणा की

वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीती रात (भारतीय समयानुसार) अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ग्रहण की, वहीं शपथ ग्रहण के बाद ही राष्ट्रपति ट्रंप ने कई कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किए। आइए विस्तार से जानते है उन आदेशों के बारे में-

सबसे पहले जानते हैं क्षमादान के बारे में
ट्रंप ने पदभार संभालने के पहले ही दिन अपनी व्यापक क्षमादान शक्तियों का इस्तेमाल किया और अमेरिकी न्याय विभाग के इतिहास में किसी मामले से जुड़ी सबसे बड़ी जांच और अभियोजन को समाप्त कर दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वह छह जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद भवन परिसर यूएस कैपिटल पर हुए हमले के आरोपियों एवं अपने लगभग 1,500 समर्थकों को क्षमादान दे रहे हैं। ट्रंप का यह कदम अपेक्षित था, क्योंकि उन्होंने अपने चुनाव प्रचार अभियान में इसका जिक्र किया था। संसद भवन परिसर पर ट्रंप के समर्थकों के हमले में 100 से अधिक पुलिस अधिकारी घायल हो गए थे और शांतिपूर्ण तरीके से सत्ता हस्तांतरण को लेकर आशंका पैदा हो गई थी।

टिकटॉक के संचालन को 75 दिन बढ़ाया
ट्रंप ने वीडियो साझा करने वाले मंच ‘टिकटॉक’ के संचालन को 75 दिन बढ़ाने संबंधी एक शासकीय आदेश पर हस्ताक्षर किए। अमेरिका में ‘टिकटॉक’ के 17 करोड़ उपयोगकर्ता हैं। ट्रंप की ओर से हस्ताक्षरित शासकीय आदेश में कहा गया, ‘मैं अटॉर्नी जनरल को निर्देश दे रहा हूं कि आज से 75 दिन की अवधि के लिए टिकटॉक पर प्रतिबंध को लागू करने के लिए कोई कदम न उठाए जाएं ताकि मेरे प्रशासन को उचित प्रस्ताव तैयार करने का अवसर मिले जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा हो साथ ही ऐसे मंच का संचालन अचानक बंद होने से रोका जा सके जिसका इस्तेमाल लाखों अमेरिकी करते हैं।’

अमेरिका को पेरिस जलवायु समझौते से बाहर निकालेंगे ट्रंप
ट्रंप ने कहा है कि वह एक बार फिर देश को ऐतिहासिक पेरिस जलवायु समझौते से बाहर निकालेंगे। उनकी इस घोषणा से वैश्विक तापमान वृद्धि से निपटने के लिए दुनिया भर के प्रयासों को झटका लगेगा और एक बार फिर अमेरिका अपने सबसे करीबी सहयोगियों से दूर हो जाएगा। ट्रंप के सोमवार को दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेने के समय व्हाइट हाउस की यह घोषणा 2017 में ट्रंप की कार्रवाइयों की याद दिलाती है, जब उन्होंने घोषणा की थी कि अमेरिका वैश्विक पेरिस समझौते से बाहर हो जाएगा।

विश्व स्वास्थ्य संगठन से अमेरिका के बाहर निकलने के आदेश पर हस्ताक्षर
ट्रंप ने सोमवार को अपने शपथ ग्रहण के कुछ ही घंटों बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन से अमेरिका के बाहर निकलने के आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए। कोरोना महामारी के वक्त ट्रंप इस संगठन पर काफी हमलावर थे। व्हाइट हाउस में आदेश पर हस्ताक्षर करते हुए ट्रंप ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र अमेरिका के साथ डब्ल्यूएचओ पक्षपात कर रहा है। यहां चीन को तवज्जो दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने हमें ठगा है।

पेरिस जलवायु समझौते से बाहर होने की घोषणा
ट्रंप ने शपथ लेने के तत्काल बाद अमेरिका के पेरिस जलवायु समझौते से बाहर होने की घोषणा की। व्हाइट हाउस ने एक बयान जारी कर कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप एक बार फिर अमेरिका को पेरिस जलवायु समझौते से बाहर करने जा रहे हैं। ट्रंप ने शपथ ग्रहण के कुछ घंटों बाद ही कैपिटल वन एरिना में कार्यकारी आदेशों के अपने पहले सेट पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान पेरिस जलवायु संधि से हटने के लिए कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए गए।
 
यूएस में मौत की सजा की फिर होगी शुरुआत
ट्रंप के बड़े कार्यकारी आदेशों में एक मौत की सजा से जुड़ा आदेश भी है। इस आदेश के तहत न्याय विभाग को कहा गया है कि गंभीर संघीय मामलों में दोषी ठहराए गए लोगों को मौत की सजा की मांग की जाए। साथ ही ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल को निर्देश दिया है कि वे ये सुनिश्चित करें कि सभी राज्यों के पास अपराधियों को मौत की सजा देने के लिए पर्याप्त घातक जहरीले इंजेक्शन हो।

अमेरिकी लोगों को अब अभिव्यक्ति की आजादी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शपथ लेने के तुरंत बाद ही अमेरिकियों की अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए। इस आदेश के तहत सरकारी एजेंसियां अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़े मामलों में लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर पाएंगी। आदेश में ट्रंप ने बाइडन सरकार की ओर से ऐसे मामलों में की गई कार्रवाईयों पर अटॉर्नी जनरल से रिपोर्ट मांगी है।

90 दिनों के लिए टाली यूक्रेन समेत सभी देशों की आर्थिक मदद
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने  एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करते हुए 90 दिनों के लिए यूक्रेन समेत सभी देशों की आर्थिक मदद निलंबित कर दी। आदेश के मुताबिक, सभी अमेरिकी विदेशी सहायता कार्यक्रमों को समीक्षा लंबित रहने तक 90 दिनों के लिए अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है, ताकि यह तय किया जा सके कि वे उनके नीतिगत लक्ष्यों पर खरे उतर रहे हैं या नहीं?

आव्रजन पर अंकुश-जीवाश्म ईंधन उत्पादन को बढ़ावा
इसके अलावा ट्रंप ने कई कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें प्रमुख थे आव्रजन पर अंकुश लगाना, जीवाश्म ईंधन उत्पादन को बढ़ावा देना और पर्यावरण संबंधी नियमों को वापस लेना शामिल था।

 

 


अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में आज शपथ लेंगे डोनाल्ड ट्रंप

पहले ही दिन डोनाल्ड ट्रंप 100 से अधिक कार्यकारी आदेशों पर करेंगे हस्ताक्षर 

राष्ट्रपति के तौर पर होगा उनका यह दूसरा कार्यकाल 

मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी ट्रंप के निजी बुलावे पर पहुंचे अमेरिका 

वाशिंगटन।  डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। राष्ट्रपति के तौर पर यह उनका दूसरा कार्यकाल होगा। पहले ही दिन वह अपने ओवल ऑफिस में 100 से अधिक कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर करेंगे। इनका मुख्य मकसद उनके चुनावी वादों को पूरा करना है। भारतीय समय के अनुसार रात  9:30 बजे 78 वर्षीय ट्रंप राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। उन्हें अमेरिका के चीफ जस्टिस जॉन रॉबर्ट्स शपथ दिलाएंगे। शपथ के दौरान ट्रंप दो बाइबल का इस्तेमाल करेंगे। इनमें एक उन्हें उनकी मां ने दी थी, जबकि दूसरी लिंकन बाइबल होगी। शपथ ग्रहण के बाद ट्रंप उद्घाटन भाषण देंगे। इसमें वह देश के लिए अपने दृष्टिकोण व आगामी प्रशासन की प्राथमिकताओं को सामने रखेंगे।

ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में दुनिया के शीर्ष नेताओं के साथ ही उद्योग जगत के बड़े नाम शामिल होंगे। ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में भारत की तरफ से विदेश मंत्री एस जयशंकर शामिल होंगे। साथ ही भारत के दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी ट्रंप के निजी बुलावे पर अमेरिका पहुंचे हैं। इनके अलावा क्वाड देशों के विदेश मंत्री, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई, हंगरी के राष्ट्रपति विक्टर ओर्बान भी शामिल होंगे। चीन के राष्ट्रपति को भी न्योता भेजा गया था, लेकिन उनकी जगह चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग अमेरिका पहुंचेंगे। इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी भी ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगी।


दक्षिणी कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स में लगी भयंकर आग, सैकड़ों पेड़ और जानवर जलकर हुए खाक 

राष्ट्रपति जो बाइडेन ने आर्थिक मदद की घोषणा की

मीलों तक फैली हुई आग की लपटें 

न्यूयॉर्क। दक्षिणी कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स में लगी भयंकर आग विकराल रूप ले चुकी है। हजारों लोगों को रिहायशी इलाकों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। लॉस एंजिल्स के पहाड़ी इलाकों में लगी आग को बुझाने के लिए अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। आग की लपटें मीलों तक फैली हुई हैं। तूफानी हवाओं के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है, जिससे राहत कार्यों में बाधा आ रही है। इस बीच राष्ट्रपति जो बाइडेन ने आर्थिक मदद की घोषणा की है।

लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट की फायर चीफ क्रिस्टिन क्राउली ने बताया कि 10,000 से अधिक घरों और 13,000 से अधिक इमारतों में रहने वाले करीब 26,000 लोग आग से प्रभावित हुए हैं। बड़ी तादात में लोग अपनी कारों को छोड़कर पैदल ही सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं, क्योंकि सड़कें भीषण आग के चलते अवरुद्ध हैं। आग को तेज हवाओं ने और बढ़ा दिया है। कैलिफोर्निया के लाखों लोगों के लिए चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही लोगों को आग के और फैलने का खतरे से आगाह किया गया है। इसके साथ ही बड़े इलाके की बिजली सप्लाई को बंद कर दिया गया है। जिसके चलते करीब पांच लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

पश्चिमी लॉस एंजिल्स के पैसिफिक पैलिसेड्स में आग ने लगभग 2 वर्ग मील से अधिक जंगल को जला दिया है। जिससे पूरे शहर में धुएं गुबार देखा जा सकता है। आग से न केवल संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर हानि हुई है।  सैकड़ों पेड़ और जानवर इस आग में जलकर खाक हो गए हैं। पैलिसेड्स जंगल में आग लगने की सूचना सबसे पहले मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे उत्तरी पिएड्रा मोराडा ड्राइव में आई।  अग्निशमन विभाग के अनुसार, तेज हवाओं के कारण दोपहर तक यह 200 एकड़ से अधिक क्षेत्र में आग फैल गई।

राष्ट्रीय मौसम सेवा ने कहा कि बुधवार को सुबह चलने वाली तेज हवाएं स्थिति को और बिगाड़ सकती है। लॉस एंजिल्स यूनिफाइड स्कूल डिस्ट्रिक्ट का कहना है कि आग के कारण पैसिफिक पैलिसेड्स क्षेत्र के तीन परिसरों से छात्रों को अस्थायी रूप से स्थानांतरित किया जा रहा है। बचाव दल लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। स्थानीय स्कूलों, सामुदायिक केंद्रों, और अन्य सुरक्षित स्थानों को आपात शेल्टर के रूप में तैयार किया गया है। खराब मौसम के कारण राष्ट्रपति जो बाइडन ने कैलिफोर्निया के रिवरसाइड काउंटी की यात्रा रद्द कर दी हैं। जहां उन्हें राज्य में दो नए राष्ट्रीय स्मारकों की स्थापना की घोषणा करनी थी। बाइडन रिवरसाइड काउंटी के बजाय लॉस एंजिल्स में अपना भाषण देंगे।


मुआन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान में लगी आग, 85 यात्रियों की मौत 

 175 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों को लेकर बैंकॉक से लौट रहा था विमान 

दक्षिण कोरियाई नागरिक थे अधिकांश यात्री

सियोल। दक्षिण कोरिया के मुआन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को एक विमान में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में कम से कम 85 यात्रियों की मौत होने की खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार, विमान बैंकॉक से लौट रहा था। फ्लाइट में 175 यात्रियों के सवार होने की बात कही जा रही है। साथ ही छह क्रू मेंबर भी सवार थे। आपातकालीन कार्यालय के अनुसार, विमान रनवे से उतरकर एक दिवार से टकरा गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। बता दें कि हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है।

जानकारी के अनुसार, यह विमान जेजू एयर का था और बोइंग 737-800 था। आग बुझाने के बाद बचाव अधिकारी विमान से यात्रियों को निकालने का प्रयास कर रहे थे। मामले में अधिकारियों ने कहा कि आग लगने के कारण की जांच की जा रही है। घटना सुबह 9:07 बजे हुई, जब जेजू एयर का एक विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से उतर गया और सियोल से लगभग 288 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में मुआन काउंटी के मुसान अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बाड़ से टकरा गया। 47 मृत शरीर विमान के पिछले हिस्से में पाए गए। कुल 85 शव बरामद किए जा चुके हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। अब तक दो व्यक्तियों को बचा लिया गया है। 175 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों को लेकर यह विमान बैंकॉक से लौट रहा था। अधिकांश यात्री दक्षिण कोरियाई नागरिक थे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp