सिमडेगा। महाराष्ट्र और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय अफीम तस्करी के बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। नागपुर ग्रामीण पुलिस की नारकोटिक्स विरोधी टीम और सिमडेगा पुलिस ने मिलकर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अफीम, नकदी और तस्करी में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की शुरुआत 20 मई को हुई, जब नागपुर ग्रामीण पुलिस नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक चालक को पकड़कर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से करीब 237 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में चालक ने खुलासा किया कि उसने यह मादक पदार्थ झारखंड के सिमडेगा स्थित एक होटल से खरीदा था।
जानकारी मिलने के बाद नागपुर पुलिस की टीम आरोपी को साथ लेकर 24 मई को सिमडेगा पहुंची। यहां स्थानीय थाना पुलिस के सहयोग से संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान होटल अंतरा के संचालक मनीष कुमार का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 33.767 किलोग्राम अफीम बरामद की। अधिकारियों के मुताबिक जब्त अफीम की सरकारी कीमत करीब 1.92 करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत पांच करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके से इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, पैकिंग सामग्री, रबर बैंड और 23.35 लाख रुपये नकद भी मिले। पुलिस ने आरोपी मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और उससे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।