Tuesday, November 17, 2026
5:25 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

दो रुपये के लालच में हजारों लोगों के मोबाइल बने साइबर ठगों का हथियार, 41 हजार फोन से भेजे फर्जी चालान के मैसेज

दो रुपये के लालच में हजारों लोगों के मोबाइल बने साइबर ठगों का हथियार, 41 हजार फोन से भेजे फर्जी चालान के मैसेज

दो रुपये के लालच में हजारों लोगों के मोबाइल बने साइबर ठगों का हथियार, 41 हजार फोन से भेजे फर्जी चालान के मैसेज

दिल्ली। साइबर अपराधी अब लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। डिजिटल अरेस्ट और निवेश के नाम पर धोखाधड़ी के बाद अब एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें साइबर ठगों ने आम लोगों के मोबाइल फोन को ही ठगी का माध्यम बना दिया। हैरानी की बात यह है कि महज दो से तीन रुपये कमाने के लालच में हजारों लोग अनजाने में इस साइबर अपराध का हिस्सा बन गए। दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरोह ने अब तक करीब 41 हजार लोगों के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर 600 से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाया है।

दक्षिण-पश्चिमी जिले की साइबर सेल पुलिस ने एक नवंबर को 2.21 लाख रुपये की साइबर ठगी से जुड़े मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान देशभर में सक्रिय एक बड़े साइबर ठग गिरोह का खुलासा हुआ। इस नेटवर्क के जरिए करीब 10 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुंबई, लखनऊ, दिल्ली, राजस्थान और पंजाब से मोती सिंह बघेल, हर्षपाल, विक्की, विशाल दास वैष्णव और बृजेश को गिरफ्तार किया था।

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी लोगों को निशाना बनाने के लिए ‘विंगो कैश’ नाम का एक मोबाइल एप इस्तेमाल कर रहे थे। इस एप को वॉट्सऐप और फेसबुक ग्रुप के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाता था। लोगों को एप डाउनलोड करने के बदले दो रुपये देने का लालच दिया जाता था। जैसे ही कोई व्यक्ति इसे इंस्टॉल करता, उसका मोबाइल करीब 30 सेकंड के लिए लॉक हो जाता था। इसी दौरान एप की मदद से उसके फोन से हजारों लोगों को फर्जी ट्रैफिक चालान के संदेश भेज दिए जाते थे।

ये संदेश एपीके फाइल के रूप में भेजे जाते थे। संदेश प्राप्त करने वाले लोग जब चालान की जानकारी लेने के लिए फाइल पर क्लिक करते थे, तो उनके मोबाइल की सुरक्षा प्रभावित हो जाती थी। इसके बाद साइबर अपराधी फोन में मौजूद महत्वपूर्ण जानकारियों का दुरुपयोग कर बैंक खातों तक पहुंच बनाते और रकम निकाल लेते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि जिन मोबाइल नंबरों से फर्जी संदेश भेजे जा रहे थे, वे किसी बड़े साइबर अपराधी के नहीं, बल्कि छात्रों, दुकानदारों और सामान्य नागरिकों के थे। जबलपुर में पुलिस को एक ऐसा मामला मिला, जिसमें नितेश पटेल के नाम पर जारी सिम कार्ड का इस्तेमाल उनका स्कूली छात्र भांजा कर रहा था। उसके मोबाइल में भी वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए विंगो कैश एप पहुंचा था। एप डाउनलोड करने के बाद उसके फोन से करीब 3,300 लोगों को फर्जी चालान के संदेश भेजे गए। इसके बदले उसे महज दो से तीन रुपये मिले थे।

पुलिस ने छोटे-छोटे भुगतानों की जांच की तो मुंबई की श्री बालाजी एंटरप्राइजेज का नाम सामने आया। इस कंपनी के बैंक खाते से महज तीन दिनों के भीतर दो से तीन करोड़ रुपये तक के छोटे भुगतान किए गए थे। इसी वित्तीय लेनदेन की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, ठगी से हासिल रकम को अलग-अलग फर्जी बैंक खातों के माध्यम से कुवैत के नेशनल बैंक में भेजा गया। इसके बाद रकम को बिटकॉइन में बदलकर भारतीय बैंकिंग नेटवर्क से बाहर ले जाने और लेनदेन की पहचान छिपाने की कोशिश की गई।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में कई राज्यों में छापेमारी की जा रही है। इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस को आशंका है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद ठगी के मामलों और इसमें इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन की संख्या में और इजाफा हो सकता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp