Friday, October 9th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज

Daily Archives: 09/10/2026

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज

नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार, 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले मैच में शानदार जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम की नजर अब दूसरा मुकाबला जीतकर सीरीज में अपनी स्थिति मजबूत करने पर होगी। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम पिछले मैच की हार को भुलाकर वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। मुकाबले से पहले भारतीय टीम की बल्लेबाजी, गेंदबाजी और रांची में उसके पिछले प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

रांची में भारत का रिकॉर्ड शानदार

रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय टीम का टी20 अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड अच्छा रहा है। टीम इंडिया ने इस मैदान पर अब तक चार मुकाबले खेले हैं, जिनमें से तीन में जीत दर्ज की है, जबकि एक मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा।

भारत ने वर्ष 2016 में श्रीलंका को 69 रन से हराया था। इसके बाद 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नौ विकेट से जीत हासिल की। वर्ष 2021 में न्यूजीलैंड को सात विकेट से शिकस्त देकर भारतीय टीम ने अपना दबदबा कायम रखा। हालांकि, 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए टी20 मुकाबले में भारत को 21 रन से हार झेलनी पड़ी थी।

ऐसे में भारतीय टीम इस बार घरेलू मैदान पर जीत के साथ अपने रिकॉर्ड को और बेहतर बनाने की कोशिश करेगी।

वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का वेस्टइंडीज के खिलाफ प्रदर्शन बेहतर रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 32 मुकाबलों में भारतीय टीम ने 21 मैच जीते हैं, जबकि वेस्टइंडीज को 10 मुकाबलों में सफलता मिली है। एक मैच का परिणाम नहीं निकल सका।

सीरीज के पहले मुकाबले में भी भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराकर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए थे। अब दूसरे मैच में कैरेबियाई टीम के सामने भारतीय बल्लेबाजी क्रम को रोकने की चुनौती होगी।

पहले मैच में श्रेयस अय्यर का शतक, भारत ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य

सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 171 रन बनाए थे। कप्तान शाई होप ने 37 गेंदों पर 52 रन की पारी खेली, जबकि शेरफेन रदरफोर्ड ने 34 गेंदों में 56 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 172 रन का लक्ष्य महज 14.4 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और छह छक्के शामिल रहे। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक था।

ईशान किशन ने भी नाबाद 37 रन बनाकर कप्तान का अच्छा साथ दिया। भारतीय टीम की इस आसान जीत ने दूसरे मुकाबले से पहले उसका आत्मविश्वास बढ़ाया है।

संजू सैमसन की फॉर्म पर नजर, वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है मौका

दूसरे टी20 मुकाबले से पहले भारतीय टीम के सामने सलामी बल्लेबाजी को लेकर अहम सवाल है। विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन पिछली चार पारियों में केवल 29 रन बना पाए हैं। इस दौरान उनका सर्वाधिक स्कोर 11 रन रहा है। उनकी लगातार नाकामी के कारण टीम को शुरुआती ओवरों में अपेक्षित गति नहीं मिल पा रही है।

ऐसे में टीम प्रबंधन युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने का मौका देने पर विचार कर सकता है। 15 वर्षीय सूर्यवंशी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और अलग-अलग तरह के शॉट खेलने की क्षमता के कारण चर्चा में हैं।

हालांकि, भारतीय टीम प्रबंधन ने अब तक अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की सलामी जोड़ी पर भरोसा जताया है। एशियाई खेलों में भी अभिषेक और सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत की थी, जबकि सैमसन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे।

सूर्यवंशी को लेकर टीम प्रबंधन को उनके हालिया प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभव को भी ध्यान में रखना होगा। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्होंने 14, 13 और 15 रन बनाए थे। वहीं, एशियाई खेलों में उनके बल्ले से 18 और 35 रन निकले। ऐसे में दूसरे मुकाबले में उनकी भूमिका को लेकर फैसला परिस्थितियों और टीम की रणनीति पर निर्भर करेगा।

गेंदबाजी संयोजन में भी बदलाव संभव

भारतीय टीम बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी संयोजन में भी बदलाव कर सकती है। पहले मुकाबले में तेज गेंदबाज मयंक यादव काफी महंगे साबित हुए थे। उन्होंने शुरुआती ओवर में ही 16 रन खर्च कर दिए थे। ऐसे में टीम प्रबंधन उनकी जगह या भूमिका में बदलाव करने पर विचार कर सकता है।

ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को शामिल करना भी एक विकल्प हो सकता है। हालांकि, टीम प्रबंधन को यह देखना होगा कि उनके शामिल होने से गेंदबाजी और बल्लेबाजी के संतुलन पर क्या असर पड़ेगा।

स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और अक्षर पटेल की जोड़ी ने पहले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था। दोनों गेंदबाजों ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं, युवा ऑलराउंडर नमन धीर ने ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हुए 31 रन देकर तीन विकेट झटके। उनका प्रदर्शन भारतीय टीम के लिए सकारात्मक रहा।

भारत-वेस्टइंडीज दूसरे टी20 मैच की लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी

भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टी20 मुकाबला  शुक्रवार, 9 अक्टूबर को खेला जाएगा।

दूसरा टी20 मैच  रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। टॉस शाम 6:30 बजे होने का कार्यक्रम है।

मुकाबले का टीवी प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।

दूसरे मुकाबले में भारत की नजर जीत पर

पहले टी20 में दमदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम दूसरे मुकाबले में भी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी। श्रेयस अय्यर की शानदार फॉर्म, स्पिन गेंदबाजों का प्रदर्शन और सलामी जोड़ी का चयन इस मैच के अहम पहलू होंगे। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज के लिए सीरीज में वापसी करने के लिए बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में बेहतर प्रदर्शन करना जरूरी होगा। रांची में होने वाला यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।


टीसीएस के मुनाफे में 15% का उछाल, दूसरी तिमाही में 13,884 करोड़ रुपये की कमाई

टीसीएस ने बाजार अनुमानों को पछाड़ा, तीन महीने में 4,258 नए कर्मचारी भी जोड़े

नई दिल्ली। देश की दिग्गज आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 15 प्रतिशत बढ़कर 13,884 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में टीसीएस को 12,075 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। वहीं, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी ने 13,349 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। इस तरह तिमाही आधार पर भी कंपनी के शुद्ध लाभ में करीब 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

कंपनी के वित्तीय नतीजों के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान परिचालन आय 11.22 प्रतिशत बढ़कर 73,188 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 65,799 करोड़ रुपये थी। कंपनी के सबसे बड़े बाजार उत्तरी अमेरिका में स्थिर मुद्रा आधार पर राजस्व में 1.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। दूसरी ओर, भारत छह प्रतिशत की वृद्धि के साथ कंपनी का सबसे तेजी से बढ़ने वाला बाजार रहा।

एआई कारोबार से भी बढ़ी कमाई

टीसीएस के कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) कारोबार में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का एआई राजस्व बढ़कर 3.1 अरब डॉलर हो गया, जबकि अप्रैल-जून तिमाही में यह 2.6 अरब डॉलर था। कंपनी के कारोबार में एआई से जुड़ी सेवाओं की बढ़ती भूमिका को इस प्रदर्शन का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

कंपनी ने अपने शेयरधारकों को लाभ पहुंचाने के लिए एक रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 12 रुपये के दूसरे अंतरिम लाभांश की घोषणा की है। बेहतर वित्तीय नतीजों के साथ लाभांश के इस फैसले से निवेशकों का ध्यान कंपनी के प्रदर्शन पर केंद्रित रहेगा।

तीन महीने में 4,258 नए कर्मचारी जुड़े

टीसीएस ने कर्मचारियों की संख्या के मोर्चे पर भी विस्तार किया है। पिछले तीन महीनों के दौरान कंपनी ने शुद्ध आधार पर 4,258 नए कर्मचारियों को जोड़ा। इसके साथ ही 30 सितंबर 2026 तक कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 5,98,056 हो गई।

कंपनी के आईटी सेवा कारोबार में कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने की दर 13.3 प्रतिशत पर स्थिर रही। टीसीएस के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी सुदीप कुन्नुमल ने कहा कि कंपनी कर्मचारियों के कौशल को बेहतर बनाने और उन्हें भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर लगातार काम कर रही है।


मुख्यमंत्री धामी से विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने की भेंट

कोटद्वार को जिला बनाने की मांग दोहराई, मोटर नगर गड्ढे के समाधान का विषय भी उठाया

नवनिर्मित बस अड्डे एवं अन्य विकास योजनाओं के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री को कोटद्वार आने का दिया निमंत्रण

देहरादून। विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। इस दौरान प्रदेश से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों के साथ ही कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

भेंट के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने मुख्यमंत्री के समक्ष कोटद्वार को जिला बनाए जाने की मांग को पुनः प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि कोटद्वार गढ़वाल के प्रवेश द्वार के रूप में महत्वपूर्ण भौगोलिक एवं प्रशासनिक केंद्र है। क्षेत्र की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए कोटद्वार को जिला बनाए जाने से आमजन को प्रशासनिक सुविधाएं और अधिक सुगमता से उपलब्ध हो सकेंगी।

विधानसभा अध्यक्ष ने कोटद्वार के मोटर नगर में लंबे समय से लंबित मल्टीलेवल पार्किंग (गड्ढे) से जुड़े विषय को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने मोटर नगर में वर्तमान स्थिति और क्षेत्र की जनता को हो रही असुविधा से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए इस विषय में आवश्यक कार्रवाई एवं समाधान का आग्रह किया।

इस अवसर पर ऋतु खण्डूडी भूषण ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कोटद्वार आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कोटद्वार में नवनिर्मित बस अड्डे सहित क्षेत्र में पूर्ण हुई विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं अन्य योजनाओं के शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री से कोटद्वार आने का आग्रह किया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोटद्वार के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों और जनहित के विषयों को राज्य सरकार के समक्ष निरंतर रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है।

भेंट के दौरान प्रदेश के विभिन्न समसामयिक विषयों एवं जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।


सिंगल यूज प्लास्टिक पर डीएम सख्त, सप्लाई नेटवर्क तोड़ने के निर्देश

अनधिकृत डंपिंग साइट चिन्हित कर तत्काल प्लास्टिक कचरा निस्तारित करने के निर्देश

सावधान! आप नजर में हैं, अनधिकृत डंपिंग साइट पर कचरा फेंका तो चालान के साथ होगी सख्त कार्रवाई

देहरादून। जनपद में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग एवं अनधिकृत डंपिंग पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने मा. उच्चतम न्यायालय एवं उच्च न्यायालय के आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध कार्रवाई केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसके उत्पादन, भंडारण, आपूर्ति और उपयोग की पूरी श्रृंखला पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।

राज्य कर विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि न्यायालय के आदेशों को गंभीरता से लेते हुए जिले में संचालित संबंधित औद्योगिक इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण किया जाए। उन्होंने प्लास्टिक सामग्री निर्माण में प्रयुक्त कच्चे माल की आपूर्ति, उपलब्ध स्टॉक, उत्पादन क्षमता एवं वितरण की तत्काल रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही बाजारों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क को चिन्हित कर उसके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को जिले में बल्क वेस्ट जनरेटर तथा कूड़े की अनधिकृत डंपिंग साइटों को तत्काल चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसी साइटों से प्लास्टिक कचरा उठवाकर उसका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने नगर निगम एवं सभी नगर निकायों को उपलब्ध मानव संसाधन एवं संसाधनों का सर्वाेत्तम उपयोग करते हुए अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संसाधनों की उपलब्धता के बावजूद यदि प्लास्टिक कचरे के निस्तारण में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

ब्लॉक एवं न्याय पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराई गई कॉम्पेक्टर मशीनों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की। उन्होंने निर्देश दिए कि कितनी कॉम्पेक्टर मशीनें संचालित हैं और अब तक कितनी मात्रा में प्लास्टिक कचरे का निस्तारण किया गया है, इसकी पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। कालसी क्षेत्र में कॉम्पेक्टर तक कूड़ा पहुंचाना संभव न होने तथा अधिक लागत आने की शिकायत पर उन्होंने साइट चयन में लापरवाही बरतने वाली टीम के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक की समस्या का स्थायी समाधान केवल कार्रवाई से नहीं, बल्कि व्यवहार परिवर्तन से संभव है। उन्होंने आमजन को सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण एवं मानव जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा वैकल्पिक उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया।

नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों के लिए तैनात सेक्टर अधिकारियों को सघन चेकिंग अभियान चलाने के साथ-साथ जनजागरूकता गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सेक्टर अधिकारी अपने-अपने वार्डों में अनधिकृत डंपिंग साइटों को चिन्हित कर उनकी सूचना तत्काल उपलब्ध कराएं तथा निगम के माध्यम से वहां विशेष सफाई अभियान चलाकर प्लास्टिक कचरे का निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। प्रतिबंधित प्लास्टिक की आपूर्ति करने वालों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर राज्य कर अजय कुमार सिंह, एमएनएसए डॉ. आनंद, डीपीओ जितेंद्र कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी एसके गिरी, एडीपीआरओ संजय बडोनी, एमएमए जिला पंचायत सतीश त्रिपाठी सहित खंड विकास अधिकारी, नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिकारी उपस्थित रहे।


सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जरूरी खबर, 9 अक्टूबर को कई भर्तियों की आवेदन प्रक्रिया होगी बंद

सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए 9 अक्टूबर 2026 महत्वपूर्ण तारीख है। विभिन्न विभागों और संस्थानों में चल रही कई भर्ती प्रक्रियाओं की आवेदन अवधि समाप्त होने वाली है। इनमें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC), ब्रह्मपुत्र क्रैकर एंड पॉलिमर लिमिटेड (BCPL), दिल्ली विश्वविद्यालय के मैत्रेयी कॉलेज और जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (JKSSB) की भर्तियां शामिल हैं। वहीं, भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) में पर्यटन मॉनिटर के पदों के लिए इसी दिन वॉक-इन इंटरव्यू निर्धारित है।

इन अवसरों के लिए पात्रता, चयन प्रक्रिया और आवेदन का तरीका अलग-अलग है। इसलिए उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित संस्थान की आधिकारिक अधिसूचना ध्यान से पढ़नी चाहिए।

1. NCRTC में 67 पदों पर भर्ती

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम ने संचालन एवं रखरखाव से जुड़े कुल 67 पदों के लिए भर्ती निकाली है। इनमें 43 पद सुपरवाइजर-I और 24 पद जूनियर मेंटेनर के हैं।

योग्यता: सुपरवाइजर पदों के लिए संबंधित इंजीनियरिंग डिप्लोमा या डिग्री, जबकि जूनियर मेंटेनर के लिए संबंधित ट्रेड में ITI जरूरी है।

आयु सीमा: सामान्यतः अधिकतम 28 वर्ष।

चयन प्रक्रिया: कंप्यूटर आधारित परीक्षा और मेडिकल फिटनेस।

अंतिम तारीख: 9 अक्टूबर 2026।

तकनीकी क्षेत्र में योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती एक अवसर है। आवेदन से पहले पद के अनुसार निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और अन्य शर्तों की पुष्टि कर लें।

2. मैत्रेयी कॉलेज में गैर-शिक्षण कर्मचारियों के 52 पद

दिल्ली विश्वविद्यालय के मैत्रेयी कॉलेज में गैर-शिक्षण श्रेणी के 52 स्थायी पदों को भरने की प्रक्रिया चल रही है। इनमें प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ सहायक, कनिष्ठ सहायक, पुस्तकालय परिचर, प्रयोगशाला सहायक और प्रयोगशाला परिचर जैसे पद शामिल हैं।

योग्यता: पद के अनुसार स्नातकोत्तर, स्नातक, 12वीं या संबंधित विषय एवं प्रमाणपत्र की आवश्यकता हो सकती है।

पदों की संख्या: 52।

आवेदन की समयसीमा: अधिसूचना के अनुसार 9 अक्टूबर 2026 या विज्ञापन प्रकाशित होने के दो सप्ताह के भीतर की तारीख, इनमें जो बाद में हो।

उम्मीदवारों को कॉलेज के आधिकारिक भर्ती पोर्टल पर प्रदर्शित अंतिम तारीख जरूर जांचनी चाहिए, क्योंकि आवेदन की समयसीमा पद या अधिसूचना की शर्तों के अनुसार स्पष्ट की जाती है।

3. JKSSB में 518 पदों पर भर्ती

जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड ने विज्ञापन संख्या 08/2026 के तहत 518 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के कनिष्ठ फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और विभिन्न तकनीकी पदों के अलावा अन्य विभागों के पद भी शामिल हैं।

कुल पद: 518।

पात्रता: जम्मू-कश्मीर के निर्धारित पात्र अधिवासी और संबंधित पद की योग्यता पूरी करने वाले उम्मीदवार।

आवेदन की अंतिम तारीख: 9 अक्टूबर 2026।

चयन प्रक्रिया: वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा।

इस भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अधिसूचना में दिए गए अधिवास, शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रता संबंधी नियमों को ध्यान से पढ़ना चाहिए।

4. IRCTC में पर्यटन मॉनिटर के छह पद

भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम के दक्षिण मध्य क्षेत्र में पर्यटन मॉनिटर के छह पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया के तहत 9 अक्टूबर 2026 को वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाना है।

पद: पर्यटन मॉनिटर।

रिक्तियां: 6।

इंटरव्यू: हैदराबाद/सिकंदराबाद में सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक।

योग्यता: पर्यटन में स्नातक या किसी अन्य विषय में स्नातक के साथ पर्यटन संबंधी डिप्लोमा अथवा स्नातकोत्तर योग्यता; संबंधित अनुभव भी मांगा गया है।

नियुक्ति अवधि: तीन साल की संविदा।

इच्छुक उम्मीदवारों को इंटरव्यू में शामिल होने से पहले IRCTC की आधिकारिक सूचना से स्थल, आवश्यक दस्तावेज और पात्रता की पुष्टि कर लेनी चाहिए।

5. BCPL में 21 नियमित गैर-कार्यकारी पद

ब्रह्मपुत्र क्रैकर एंड पॉलिमर लिमिटेड (BCPL) में नियमित गैर-कार्यकारी श्रेणी के 21 पदों पर भर्ती निकाली गई है। इसमें रासायनिक, सिविल और इंस्ट्रूमेंटेशन फोरमैन, मानव संसाधन कनिष्ठ अधीक्षक, रासायनिक ऑपरेटर और इलेक्ट्रिकल, इंस्ट्रूमेंटेशन तथा मैकेनिकल तकनीशियन के पद शामिल हैं।

पदों की संख्या: 21 नियमित पद।

योग्यता: पद के अनुसार डिप्लोमा, BSc, स्नातक या ITI और संबंधित अनुभव।

अंतिम तारीख: 9 अक्टूबर 2026, शाम 5 बजे।

अन्य अवसर: दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए तीन प्रशिक्षु पद भी अलग से अधिसूचित हैं।

तकनीकी और औद्योगिक क्षेत्र में करियर बनाने वाले उम्मीदवार पदवार योग्यता और अनुभव की शर्तें जांचकर आवेदन कर सकते हैं।

6. कोलकाता डॉक सिस्टम में 14 कार्यकारी सहायक पद

श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट, कोलकाता के कोलकाता डॉक सिस्टम में कार्यकारी सहायक के 14 पदों पर संविदा नियुक्ति की जानी है। नियुक्ति तीन साल के लिए होगी।

कुल पद: 14।

पारिश्रमिक: ₹26,000 प्रतिमाह।

योग्यता: नियमित पाठ्यक्रम से कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम श्रेणी में स्नातक डिग्री।

आयु सीमा: 1 सितंबर 2026 को 21 से 35 वर्ष।

आवेदन का तरीका: निर्धारित प्रारूप में हार्ड कॉपी जमा करनी होगी।

इस भर्ती में आवेदन ऑनलाइन नहीं, बल्कि संबंधित कार्यालय तक निर्धारित प्रारूप में दस्तावेज पहुंचाकर करना है। इसकी अंतिम तारीख और डाक से आवेदन भेजने की शर्तें आधिकारिक अधिसूचना में अवश्य जांचें।

आवेदन करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

अंतिम तारीख और आवेदन का तरीका आधिकारिक अधिसूचना से जांचें।

शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आयु प्रमाण और अन्य जरूरी दस्तावेज तैयार रखें।

ऑनलाइन आवेदन की स्थिति में अंतिम समय तक इंतजार न करें।

वॉक-इन इंटरव्यू के लिए निर्धारित समय, स्थल और जरूरी दस्तावेजों की पुष्टि करें।

हार्ड कॉपी से आवेदन वाली भर्ती में दस्तावेज समय पर कार्यालय पहुंचना सुनिश्चित करें।


देहरादून के जौनसार-बावर में दिल दहला देने वाली वारदात, पत्नी की हत्या के बाद पति फरार

कालसी (देहरादून)। जौनसार-बावर क्षेत्र के कचटा गांव में गुरुवार शाम घरेलू विवाद के बाद एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पत्नी पर पाठल (धारदार कृषि औजार) से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। राजस्व पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मनोज और उसकी पत्नी नीलम के बीच गुरुवार को किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कहासुनी के बाद नीलम कमरे से बाहर की ओर आई। इसी दौरान आरोपी पति ने बरामदे में रखे पाठल से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई।

नीलम की शादी करीब चार साल पहले मनोज से हुई थी। मनोज गांव में अपने परिवार के साथ खेती-बाड़ी का काम करता है।

घटना के समय घर में मौजूद 15 वर्षीय किशोरी पायल ने शोर सुनकर बाहर आकर देखा। इसके बाद उसने परिजनों और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद मनोज मौके से भाग निकला।

सूचना मिलने पर कालसी के नायब तहसीलदार रवींद्र असवाल और चकराता के नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने शव को कब्जे में लेकर जरूरी कार्रवाई की और मौके से वारदात में इस्तेमाल किया गया पाठल बरामद किया। घटना के समय मौजूद किशोरी के बयान दर्ज करने के साथ ही परिजनों और ग्रामीणों से भी पूछताछ की गई।

घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। राजस्व पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


मसूरी में अवैध होटल निर्माण पर एमडीडीए का शिकंजा, होटल के 12 कमरे और बेसमेंट सील

देहरादून – मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्रांतर्गत मसूरी क्षेत्र में अवैध व्यावसायिक निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए एक होटल के अवैध निर्माण को सील कर दिया। प्राधिकरण की टीम ने नियमों का उल्लंघन कर किए गए निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए होटल परिसर में निर्मित अवैध बेसमेंट और 12 कमरों को सील किया।

प्राधिकरण के अनुसार मसूरी के लाइब्रेरी रोड क्षेत्र में देवेन्द्र अग्रवाल द्वारा होटल अतिथि के नाम से किए गए निर्माण के संबंध में जांच के दौरान स्वीकृत मानचित्र एवं भवन निर्माण नियमों के विपरीत निर्माण पाए जाने पर कार्रवाई की गई। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से निर्मित बेसमेंट और होटल के 12 कमरों को सील कर दिया।

एमडीडीए की ओर से स्पष्ट किया गया कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। विशेष रूप से मसूरी जैसे संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्र में अनियोजित और अवैध निर्माण से यातायात, पार्किंग, जल निकासी, पर्यावरण और शहर की समग्र व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में प्राधिकरण द्वारा निर्माण गतिविधियों की निगरानी के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

प्राधिकरण ने भवन स्वामियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पूर्व सक्षम स्तर से मानचित्र स्वीकृत कराना सुनिश्चित करें। स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण अथवा बिना अनुमति किए गए निर्माण पर प्राधिकरण अधिनियम एवं संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदेश में सुनियोजित विकास और भवन निर्माण नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। मसूरी जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्र में अवैध व्यावसायिक निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। एमडीडीए द्वारा ऐसे निर्माणों की लगातार निगरानी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर के सुनियोजित और सुरक्षित विकास को सुनिश्चित करना है। भवन स्वामी निर्माण से पहले स्वीकृत मानचित्र और निर्धारित मानकों का पालन करें।

अवैध निर्माण पर लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। मसूरी क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान नियम विरुद्ध निर्माण पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भवन स्वामियों से अपील की कि वे बिना स्वीकृति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण न करें। प्राधिकरण की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


आज का राशिफल: 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा दिन?

आज का दिन सभी 12 राशियों के लिए अलग-अलग अनुभव लेकर आ सकता है। कहीं आर्थिक मामलों में सोच-समझकर फैसले लेने की जरूरत होगी, तो कहीं परिवार और कार्यक्षेत्र में नए अवसर मिलने के संकेत हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई से जुड़े अच्छे विकल्प मिल सकते हैं, जबकि कारोबार करने वालों को बड़े निर्णय लेने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए। आइए जानते हैं मेष से मीन तक सभी राशियों का आज का राशिफल।

मेष राशि- मेष राशि के जातकों को आज अपने बजट पर विशेष ध्यान देना होगा। अनावश्यक खरीदारी और बिना सोचे-समझे खर्च करने से आर्थिक संतुलन बिगड़ सकता है। नौकरी और कारोबार में जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाना जरूरी होगा, क्योंकि छोटी-सी चूक भी परेशानी पैदा कर सकती है। संतान के करियर को लेकर बातचीत करने से आपसी समझ बेहतर होगी। जीवनसाथी के साथ मतभेद बढ़ाने के बजाय शांति से बात करें।

 वृषभ राशि- वृषभ राशि वालों का रुझान आज धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों की ओर रह सकता है। किसी आयोजन में शामिल होने से मानसिक सुकून मिलेगा और मान-सम्मान बढ़ने की संभावना है। पुराने मित्र से मुलाकात होने पर पुरानी यादें ताजा हो सकती हैं। स्वास्थ्य से जुड़ी किसी पुरानी परेशानी में राहत मिलने के संकेत हैं। हालांकि कारोबार में बड़ा फैसला लेने या साझेदारी करने से पहले सभी पहलुओं की अच्छी तरह जांच कर लें।

मिथुन राशि- मिथुन राशि के विद्यार्थियों को पढ़ाई और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर मिल सकते हैं। आर्थिक लेन-देन में सतर्क रहें और पुराने कर्ज को चुकाने की योजना बनाएं। जीवनसाथी की ओर से कोई सुखद सरप्राइज मिल सकता है। आमदनी बढ़ाने के लिए नई योजनाओं पर मेहनत करनी होगी। परिणाम मिलने में थोड़ा समय लग सकता है, इसलिए धैर्य बनाए रखें। वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें।

कर्क राशि- कर्क राशि के जातकों को आज विवादों से दूर रहने की कोशिश करनी चाहिए। दूसरों के मामलों में अनावश्यक हस्तक्षेप करने से परेशानी बढ़ सकती है। नौकरी से संबंधित किसी काम के लिए यात्रा करनी पड़ सकती है। कोई पुरानी खोई हुई वस्तु मिलने से खुशी हो सकती है। महत्वपूर्ण काम शुरू करने से पहले योजना बनाएं। माता-पिता का सहयोग और आशीर्वाद आपको रुके हुए कार्य पूरे करने का हौसला दे सकता है।

सिंह राशि- सिंह राशि वालों का ध्यान आज अपने लक्ष्यों को हासिल करने पर रहेगा। रास्ते में कुछ बाधाएं आ सकती हैं, लेकिन मेहनत और संयम से उनका सामना किया जा सकता है। संतान से जुड़ी कोई जिम्मेदारी भी निभानी पड़ सकती है। दोस्तों के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा। अनजान लोगों पर आंख बंद करके भरोसा न करें। संपत्ति खरीदने या बेचने से संबंधित योजना बनाने के लिए दिन का उपयोग विचार-विमर्श में कर सकते हैं।

कन्या राशि- कन्या राशि के जातकों को आज अपने व्यवहार और बातचीत में संयम रखना होगा। कानूनी मामलों या कार्यक्षेत्र की परेशानियों के कारण तनाव हो सकता है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों को ध्यान से समझें और अपने काम की दोबारा जांच करें। मनचाहा अवसर न मिलने पर निराश होने के बजाय आगे की तैयारी जारी रखें। पारिवारिक मामलों में बाहरी लोगों की दखलंदाजी से बचें। भाई-बहनों का साथ आपको राहत दे सकता है।

तुला राशि- तुला राशि वालों के लिए आज पुरानी गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ना बेहतर रहेगा। परिवार में किसी सदस्य के विवाह या रिश्ते को लेकर चर्चा हो सकती है। ऐसे मामलों में अनुभवी लोगों की सलाह उपयोगी साबित हो सकती है। जिम्मेदारियों को टालने से काम का दबाव बढ़ सकता है, इसलिए समय पर कार्य पूरा करें। धन की बचत या किसी बेहतर योजना में निवेश करने पर विचार कर सकते हैं। संतान के करियर के कारण यात्रा की स्थिति भी बन सकती है।

वृश्चिक राशि- वृश्चिक राशि के जातकों को आज अपने काम और आर्थिक फैसलों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। कारोबार के सिलसिले में यात्रा करनी पड़ सकती है। किसी को उधार देने से पहले उसकी वापसी की संभावना पर विचार करें। जीवनसाथी से बातचीत करते समय शब्दों का चयन सावधानी से करें। परिवार की किसी समस्या को आपसी बातचीत से सुलझाने का प्रयास करें। दूसरों की सलाह पर आंख मूंदकर चलने के बजाय अपने विवेक का इस्तेमाल करें।

 धनु राशि- धनु राशि वालों की सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ सकती है। लोगों के बीच आपकी पहचान और प्रतिष्ठा मजबूत होने के संकेत हैं। आय के नए स्रोत तलाशने का मौका मिल सकता है। भाई-बहनों के साथ किसी मुद्दे पर मतभेद होने की आशंका है, इसलिए प्रतिक्रिया देने से पहले सोचें। परिवार के छोटे सदस्यों की खुशियों का ध्यान रखने से घर का माहौल खुशनुमा रहेगा। अपनों के साथ समय बिताना मन को सुकून देगा।

मकर राशि- मकर राशि वालों को आज आर्थिक मामलों में संतुलन बनाए रखना होगा। कारोबार में बदलाव की योजना बना रहे हैं तो पहले उसके संभावित फायदे और नुकसान समझ लें। विदेश से जुड़े काम करने वालों को कोई सकारात्मक सूचना मिल सकती है। अपनी पसंद की चीजों, कपड़ों या आभूषणों पर खर्च करने का मन हो सकता है, लेकिन बजट का ध्यान रखें। धार्मिक कार्यों और जरूरतमंदों की सहायता में रुचि बढ़ सकती है।

कुंभ राशि- कुंभ राशि के जातकों के लिए दिन मिला-जुला रह सकता है। धैर्य और समझदारी से आप मुश्किल परिस्थितियों को संभाल सकते हैं। सामाजिक या राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिल सकता है। नौकरी में लापरवाही से बचें, क्योंकि छोटी गलती भी वरिष्ठ अधिकारियों को नाराज कर सकती है। परिवार में किसी सदस्य के विवाह या रिश्ते से जुड़ी अच्छी खबर मिलने पर खुशी का माहौल बन सकता है।

मीन राशि- मीन राशि वालों को आज बातचीत और फैसलों में सोच-समझकर आगे बढ़ना चाहिए। आपकी कही कोई बात दूसरों को प्रभावित कर सकती है, इसलिए वाणी में संयम रखें। विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से संबंधित नए अवसरों की जानकारी मिल सकती है। किसी जरूरी काम में प्रगति होने की संभावना है। परिवार के किसी सदस्य की सेहत चिंता का कारण बन सकती है। सरकारी कामकाज में आगे बढ़ने का अवसर मिल सकता है, लेकिन जल्दबाजी में कोई बड़ा निर्णय लेने से बचें।


महाराष्ट्र के NDPS मामले में वांछित आरोपी हरिद्वार से गिरफ्तार, उत्तराखंड STF और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

हरिद्वार। महाराष्ट्र में दर्ज मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े एक मामले में वांछित आरोपी को उत्तराखंड एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने हरिद्वार से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय फैजान पुत्र फुरकान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के आनचोले थाने में दर्ज मामले में 268 ग्राम स्मैक बरामद की गई थी और इसी प्रकरण में फैजान की तलाश की जा रही थी।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए उत्तराखंड एसटीएफ के संपर्क में थी। इसके बाद दोनों राज्यों की टीमों ने मिलकर आरोपी की गतिविधियों और संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई। तकनीकी निगरानी और अन्य माध्यमों से मिले इनपुट के आधार पर उसकी लोकेशन हरिद्वार के गंगनहर थाना क्षेत्र में पता चली।

इसके बाद संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

आरोपी फैजान के खिलाफ महाराष्ट्र के आनचोले थाने में अपराध संख्या 421/2026 दर्ज है। यह मामला NDPS एक्ट की धारा 8, 21 और 29 के तहत पंजीकृत बताया गया है। संबंधित प्रकरण में 268 ग्राम स्मैक बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र पुलिस के सुपुर्द किया जा रहा है। अब संबंधित पुलिस टीम मामले में उसकी कथित भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच करेगी। उत्तराखंड एसटीएफ के मुताबिक, दूसरे राज्यों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर कार्रवाई की जा रही है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp